उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
नगर निकाय चुनाव में भाजपा की एकतरफा जीत
13 May, 2023 05:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | भाजपा ने यूपी निकाय चुनाव में एकतरफा जीत के बाद मीडिया को संबोधित किया और प्रदेश के सभी 17 नगर निगमों में भाजपा के मेयर प्रत्याशियों की जीत पर खुशी जताई। इस मौके पर उन्होंने भाजपा के सहयोगी दलों अपना दल व निषाद पार्टी के नेताओं को भी धन्यवाद दिया।उन्होंने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह पहली बार है जब भाजपा ने सभी नगर निगमों में जीत हासिल की है। यूपी में 200 नगर पालिकाएं हैं जिसमें से भाजपा ने 120 से ज्यादा पर जीत हासिल की है।
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर भाजपा के सभी समर्पित व कर्मठ कार्यकर्ताओं एवं सुशासन प्रिय उत्तर प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई!यह विराट विजय आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं डबल इंजन सरकार की जनपक्षीय, विकासपरक एवं सर्वसमावेशी नीतियों के प्रति प्रचंड जन-विश्वास को प्रदर्शित करती है।
बरेली नगर निगम के कई वार्डों में ओवैसी की पार्टी का भी खुला खाता
13 May, 2023 04:19 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बरेली जिले में कड़ी सुरक्षा के बीच नगर निकाय चुनाव की मतगणना जारी है। बरेली कॉलेज और परसाखेड़ा मतगणना स्थल पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। दोनों स्थानों पर पीएसी और पैरामिलेट्री फोर्स के साथ दो हजार पुलिसकर्मी भी तैनात किए हैं। विजय जुलूस पर पाबंदी है। नगर निगम के कई वार्डों के नतीजे आ चुके हैं। नगर निगम के 80 वार्डों से पार्षद पदों के लिए 521 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के प्रत्याशी ने भी एक वार्ड से जीत दर्ज की है।
अखिलेश यादव के गढ़ में भाजपा के दो प्रत्याशियों की बड़ी जीत
13 May, 2023 04:14 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के गढ़ मैनपुरी में निकाय चुनाव के परिणाम चौंकाने वाले मिल रहे हैं। नगर पंचायत कुरावली और कुसमरा में भाजपा प्रत्याशियों ने बड़ी जीत दर्ज की। ये दोनों ही नगर पंचायत समाजवादी पार्टी की बेहद खास मानी जातीं हैं। यहां से हार की खबर मिलने के बाद सपा के खेमे में मायूसी छाई हुई है।मैनपुरी की कुरावली नगर पंचायत से भाजपा के धर्मेंद्र वर्मा ने जीत हासिल की है। धर्मेंद्र वर्मा ने 1853 वोट से बसपा प्रत्याशी आलोक गुप्ता को हराया है। भाजपा प्रत्याशी को 6174 मत मिले, वहीं बसपा प्रत्याशी आलोक गुप्ता को 4321 मत मिले। हैरानी की बात तो ये है कि सपा प्रत्याशी अमृता गुप्ता यहां से 2652 मत प्राप्त करते हुआ तीसरे स्थान पर रहीं।
वहीं सैफई के सबसे नजदीक की नगर पंचायत कुसमरा में भी भारतीय जनता पार्टी की गायत्री सिसोंदिया ने जीत दर्ज की है। वहीं नगर पंचायत बरनाहल से भाजपा प्रत्याशी शशि गुप्ता 710 वोट से चुनाव जीतीं हैं। भाजपा प्रत्याशी को 3875 वोट मिले, वहीं प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी श्वेता राठी ने 3165 मत प्राप्त किए।भोगांव में भाजपा प्रत्याशी आगे नेहा तिवारी लगभग 2428 वोटो से आगे चल रही हैं। दूसरे नंबर पर सपा समर्थित नसरीन बानो। नेहा को अब तक 4131 मत मिले हैं और नसरीन बानो को 1703 मत मिले हैं।
बिहार : शिवहर में सरकारी स्कूल के छत का बच्चों पर गिरा प्लास्टर, हालत गंभीर....
13 May, 2023 03:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत विशंभरपुर वार्ड तीन स्थित प्राथमिक विद्यालय के छत का प्लास्टर गिर गया। इस हादसे में दो बच्चे जख्मी हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्कूल का छत गिरने से दस साल की रूपा कुमारी का सिर फट गया है और उसे चोटें आई है। जबकि 11 साल के सुजीत कुमार को गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद मुखिया पति मनोज कुमार सिंह दोनों को इलाज के लिए तरियानी पीएचसी ले गए, जहां से दोनों को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद मुखिया पति मनोज कुमार सिंह दोनों को इलाज के लिए तरियानी पीएचसी ले गए, जहां से दोनों को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। मुखिया पति दोनों बच्चों को अपने निजी वाहन से लेकर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रवाना हो गए।
इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. ओमप्रकाश ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित की हैं। साथ ही जांच रिपोर्ट मांगी है। उधर, बीडीओ भगवान कुमार झा ने स्कूल पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। लोग निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।
कक्षा चलने के दौरान प्लास्टर गिरा
जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय विशंभरपुर वार्ड तीन स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार की सुबह तेज आवाज के साथ छत गिरने से अफरातफरी मच गई। वहां बैठे दूसरी कक्षा के दर्जनभर बच्चें और शिक्षक बाल-बाल बच गए। हालांकि, इसकी जद में आने से रूपा और सुजीत जख्मी हो गए।
घटना के बाद बच्चे कमरे से निकल कर भागने लगे। स्कूल के प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार समेत शिक्षकों के सहयोग से बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
डीईओ डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मामला गंभीर है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता है। मामले की जांच बाद हर हाल में दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पांच महीने पहले कराया गया था मरम्मत
प्राथमिक विद्यालय विशंभरपुर की अपनी भूमि और भवन नहीं है। इसे उत्क्रमित हाईस्कूल से टैग किया गया है। हाईस्कूल के कमरों में ही प्राथमिक विद्यालय का संचालन हो रहा है।
बता दें कि जिस कमरे में प्राथमिक विद्यालय का संचालन हो रहा है, उसका पांच महीने पहले ही 15वीं वित्त आयोग की राशि से मरम्मत और रंग-रोगन कराया गया था। पंचायत के तत्कालीन पंचायत सचिव अविनाश कुमार पांडेय ने बतौर अभिकर्ता काम कराया था।
मेयर रुझानों में भाजपा उम्मीदवार 70 हजार से अधिक वोटों से आगे
13 May, 2023 02:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गाजियाबाद मेयर पद के लिए मतगणना जारी है। शुरुआत से ही इस पद के लिए भाजपा की मेयर प्रत्याशी सुनीता दयाल बढ़त बनाए हुए हैं। वह इस वक्त 70 हजार से ज्यादा वोटों से अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रही हैं।हालांकि मेयर पद का चुनाव लड़ पाना सुनीता दयाल के लिए बहुत आसान नहीं रहा था। पार्टी की ओर से 34 उम्मीदवार चुनाव लड़ने के लिए तैयार थे जिनमें पूर्व मेयर आशा शर्मा भी शामिल थीं। ऐसे में सुनीता दयाल के उम्मीदवार घोषित किए जाने और उससे पहले का उनका राजनीतिक सफर बेहद दिलचस्प रहा है।
भाजपा ने इस बार मेयर चुनाव के उम्मीदवार का चुनाव करने में बड़ी देरी दिखाई। नामांकन खत्म होने से एक दिन पहले ही पार्टी ने सुनीता दयाल का नाम फाइनल किया। सुनीता दयाल का नाम दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व की मुहर के बाद तय हुआ।मेयर पद के लिए भाजपा में कुल 34 उम्मीदवार दावेदार थे और निवर्तमान मेयर आशा शर्मा भी इसमें शामिल थीं। हालांकि पार्टी ने अंतिम दो नाम सुनीता दयाल और यशोदा अस्पताल के एमडी दिनेश अरोड़ा की पत्नी शशि अरोड़ा का शॉर्टलिस्ट किया लेकिन सबकी सहमति से सुनीता दयाल का नाम चुना गया।
सुनीता दयाल एक लंबी राजनीतिक पारी खेल चुकी हैं। उनके राजनीतिक करियर की शुरुआत एबीवीपी से हुई और वह वर्तमान में भाजपा की प्रदेश (यूपी) उपाध्यक्ष हैं। ऐसा नहीं है कि सुनीता दयाल यह पहला चुनाव लड़ रही हैं। इससे पहले वह 2004 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा उपचुनाव लड़ चुकी हैं।
बिहार : खगड़िया कोर्ट परिसर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखो का हुआ नुकसान...
13 May, 2023 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के खगड़िया में शनिवार सुबह खगड़िया कोर्ट परिसर के विधिज्ञ संघ की लाइब्रेरी में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। आग की वजह से वहां रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल कर राख हो गए। वहीं, आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। जहां फायर ब्रिगेड के जवानों ने आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह का वक्त होने की वजह से कोर्ट परिसर में बहुत कम लोग थे। इस वजह से काफी देर तक किसी की नजर आग पर नहीं पड़ी। जब सुबह सफाईकर्मी साफ-सफाई करने कोर्ट आया तो उसकी नजर आग पर पड़ी। उसके हो हल्ला मचाने से आसपास के लोगों को आग लगने का पता चला। इसके बाद लोगों ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां कोर्ट परिसर पहुंच गईं। जहां दमकल की टीम ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझा दिया।
खगड़िया विधिज्ञ संघ के संयुक्त सचिव अंबुज कुमार ने बताया कि लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। लाइब्रेरी में पच्चीस अलमारी और हजारों किताबें रखी थीं। एक-एक किताब की कीमत लगभग 1,500 से 2,000 रुपये थी। सब पूरी तरह जल कर राख हो गया। साथ ही उन्होंने बताया कि वहां पानी का प्लांट भी था। मोटर, पानी की टंकी समेत पूरा प्लांट जल कर खराब हो गया।
निकाय चुनाव के नतीजे तय करेंगे शहरों में सियासी दलों की पकड़
13 May, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | नगरीय निकाय चुनाव में प्रदेश के शहरी मतदाताओं की कसौटी पर हुई राजनीतिक दलों की परीक्षा का परिणाम आज सामने आएगा। यह चुनाव परिणाम ना केवल शहरी सत्ता में राजनीतिक दलों की भागीदारी तय करेगा बल्कि एक साल बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में शहरी मतदाताओं का मिजाज भी बताएगा।प्रदेश में 17 नगर निगम, 199 नगर पालिका परिषद और 544 नगर पंचायतों सहित 760 नगरीय निकाय चुनावों में दो चरणों में हुए मतदान के नतीजे शनिवार को आएंगे। चुनाव में भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस जैसे बड़े दलों के साथ अपना दल (एस), रालोद, एआईएमआईएम, निषाद पार्टी सहित तमाम दलों ने भी किस्मत आजमाई है।
भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों ने निकाय चुनाव को लोकसभा चुनाव का पूर्वाभ्यास माना है। चुनाव में छोटे कस्बों से लेकर महानगरों के तक मतदाताओं ने मतदान किया है। जानकारों का मानना है कि इस चुनाव के नतीजों से छोटे कस्बों से लेकर महानगरों तक शहरी जनता का रुझान सामने आएगा।करीब 110 नगर पंचायतें नई होने के कारण वहां की आबादी अभी भी ग्रामीण परिवेश से बाहर नहीं है। लिहाजा कुछ हद तक चुनाव के नतीजे ग्रामीणों का रुझान भी बताएंगे। चुनाव के नतीजे बताएंगे कि शहरी जनता सत्तारूढ़ दल की केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, दावों और वादों से संतुष्ट है या विपक्ष सत्तारूढ़ दल पर लगाए आरोपों को जनता की अदालत में साबित करने में सफल रहा है। नतीजे बताएंगे कि शहरी क्षेत्रों में किस राजनीतिक दल की कितनी पकड़ है। चुनाव के नतीजे राजनीतिक दलों की ब्राह्मण, ठाकुर, वैश्य समाज के साथ अगड़ी और पिछड़ी जातियों में जनाधार का संदेश भी देंगे।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गुरु के निधन के बाद श्रद्धांजलि देने पहुंचे
13 May, 2023 10:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बुलंदशहर | अब मुझे गुरु का आशीर्वाद नहीं मिल सकेगा, मेरी प्राथमिक शिक्षा के गुरु द्वारा दिए गए संस्कारों के दम पर ही मैं आज इस मुकाम पर पहुंच पाया हूं। इतना कहकर केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान फफक कर रो पड़े। नौ मई की रात को राज्यपाल के गुरू सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक पूरन चंद शास्त्री का निधन हो गया था। शुक्रवार को आरिफ मोहम्मद खान उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
शुक्रवार को केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद अपने शिक्षा गुरु पूरन चंद शास्त्री के निधन के बाद अपने गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर पहुंचे। वहां मौजूद सभी लोगों को हाथ जोड़कर नमस्कार करते हुए अपने गुरू पूरन चंद शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जब गुरू मां शारदा देवी राज्यपाल के गले लगकर रोने लगीं तो आरिफ मोहम्मद खान भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। उन्होंने गुरु को ढांढस बंधाया। राज्यपाल ने कहा कि वह आजीवन गुरू के ऋणी रहेंगे। इसके बाद आरिफ मोहम्मद खान ने नरसेना पहुंचकर अमर सिंह और मंगल सेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
बिहार : बैंक से रुपये निकाल कार से घर जा रही महिला से लूटे 65 हजार....
12 May, 2023 04:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के हाथी चौक के समीप शुक्रवार की दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवती से रुपयों से भरा बैग लूट लिया है। शोर मचाने पर स्थानीय लोग दौड़े। तब तक बाइक सवार बदमाश मिठनपुरा चौक से शेरपुर की ओर भाग निकले। कुछ लोगों ने पीछा भी किया, लेकिन बदमाशों को पकड़ नहीं सके।
सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला, जिनमें बाइक सवार दो बदमाशों की तस्वीरें कैद हुई हैं। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, सबा परवीन नामक युवती चंदवारा एसबीआई से रुपये निकालकर स्कार्पियो से मिठनपुरा की ओर जा रही थी। इसी क्रम में हाथी चौक के समीप किसी काम से रुकी। गाड़ी का गेट खुलते ही बाइक सवार बदमाश उनके हाथ से रुपये वाला बैग लूटकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग इकट्ठे हुए, तब बदमाश भाग निकले। बैग में 65 हजार नकदी, डेबिट कार्ड समेत अन्य कागजात था।
बता दें कि बाइक सवार बदमाशों द्वारा लगातार लूटपाट व छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा हैं। बावजूद पुलिस की ओर से बाइक सवार बदमाशों पर नकेल कसने को लेकर ठोस रणनीति नहीं तैयार की जा रही हैं। न बाइक सवार बदमाशों को गिरफ्तार किया जा रहा है। दो दिनों के भीतर सदर व अहियापुर थाना क्षेत्र में लूटपाट व छिनतई की चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
बिहार : दर्दनाक हादसा; मुजफ्फरपुर में घर में भीषण आग लगने से झुलसे तीन लोग....
12 May, 2023 03:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले में कथैया थाना क्षेत्र के जसौली गांव में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक घर में आग लगने से तीन लोग जिंदा जल गए। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि आगजनी में परिवार के अन्य सदस्य भी झुलस गए हैं। आग इतनी भीषण लगी थी कि आग की लपटें आसामान छू रहे थी। लपटें देख स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने फौरन इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान फिजा मियां, उसकी पत्नी और बहू के रूप में हुई है।
घर का सामान निकालने के चक्कर में झुलसे
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब 11 बजे दिन में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी से झोपड़ीनुमा घर में आग लगी। इसके बाद परिजन जान बचाकर भागने लगे। कहा जा रहा कि घर से सामान निकालने के दौरान ये सभी लोग आग की चपेट में आ गए। आग की लपेट तेज होने के कारण कुछ ही समय में सभी सामान जलकर राख हो गया।
झारखंड : 40 डिग्री के पार हुआ कई जिलों का तापमान, ये जगह सबसे गर्म....
12 May, 2023 01:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तापमान में बढ़ोतरी के साथ-साथ प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम पारा 40 डिग्री पहुंच गया है। कई जिलों में तो 40 के पार पहुंच गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड के 16 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार रहने की उम्मीद है।
गोड्डा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे की बात करें तो राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का जबकि सबसे कम न्यूनतम 20 डिग्री गढ़वा का रिकार्ड किया गया है। वहीं राजधानी का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है।
राहत भरी खबर यह है कि 12 से 16 मई तक दोपहर या शाम के समय आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। जबकि 15 मई को राज्य में कहीं कहीं गर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मोचा का झारखंड में कम रहेगा असर
बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव एक चक्रवाती तूफान मोचा में बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि मोचा के उत्तर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 11 मई की देर रात एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तीव्र होने की संभावना है।
इसके बाद 12 मई की सुबह से उत्तर और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर 12 मई की शाम के आसपास गंभीर चक्रवाती तूफान के और तेज होने की संभावना है। यह 13 मई की शाम अपनी चरम तीव्रता पर पहुंच जाएगा। 14 मई की सुबह से कमजोर होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि मोचा का झारखंड में कम असर पड़ेगा। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं होगा। हालांकि दोपहर और शाम के वक्त आसमान में आंशिक बादल छाए रहने की भी संभावना है।
बिहार : जमुई में सड़क पार करते समय ऑटो ने दो को रौंदा, एक मौत और एक घायल....
12 May, 2023 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार में पिछले साल सड़क दुर्घटना में 16 फीसदी मौतें हुई हैं। फिर भी रफ्तार का कहर जारी है। जमुई में तेज रफ्तार ऑटो ने पोता और दादा को टक्कर मार दी। हादसे में पोते की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा कटौना पेट्रोल पंप के पास हुआ। दादा-पोता सड़क पार कर रहे थे, इसी दौरान तेज गति से आ रही ऑटो ने टक्कर मार दी। हादसे में 10 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। वहीं, दादा घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि दोनों लखीसराय जिले के इटौन गांव से धमना बरात जा रहे थे, तभी हादसे के शिकार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है और फरार ऑटो चालक को पकड़ने में लगी है।
हरदोई के मुरौली कठेरिया गांव में घुसा तेंदुआ, ग्रामीणों में फैली दहशत
12 May, 2023 12:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । सांडी क्षेत्र में एक बार फिर तेंदुआ को लेकर ग्रामीणों में खौफ छा गया है। गुरुवार की शाम मुरौली कठेरिया गांव में चारा काटने गए तीन लोगों पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।तेंदुआ ने गांव के बाहर एक महिला समेत तीन अन्य पर हमला किया, जिससे दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर अभियान चलाया। तेंदुआ का तो कुछ पता नहीं चल सका लेकिन गांव में दशहत है। मुरौली कठेरियान गांव के भगवान सहाय, गोविंद व रामू खेत पर चारा काटने के लिए गए थे।इसी बीच अचानक आए एक तेंदुआ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें दो लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को इसकी जानकारी दी है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने देखा कि तेंदुआ ही है और कुत्ते उसका पीछा भी करते रहे। वर्ष 2021 में जंगली जानवर ने कस्बे के एक घर में घुसकर कई लोगों को घायल कर दिया था। बताया कि एक सप्ताह पूर्व बघराई गांव में जंगली जानवर के पंजों के निशान देखे गए थे।
सीबीएसई के छात्रों का इंतजार खत्म, 12वीं का रिजल्ट हुआ जारी
12 May, 2023 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर । केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं के परिणाम आ गए हैं। छात्र अपना रिजल्ट बोर्ड के आधिकारिक वेबसाइट https://www.cbse.gov.in/ पर जाकर चेक कर सकते हैं। गोरखपुर में बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए हजारों छात्रों की धुकधुकी बुधवार से ही बढ़ रही थी। रिजल्ट को लेकर वे सुबह से टीवी चैनलों व समाचार पत्रों से पल-पल की अपडेट चेक कर रहे थे।
बोर्ड ने बुधवार को ही सूचना जारी कर बताया था कि परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थी अपने अंकपत्र व प्रमाण पत्र की डिजिटल कॉपी डिजिलाकर एप से डाउनलोड कर सकेंगे। डिजिलाकर एप से डिजिटल कापी डाउनलोड करने के लिए विद्यार्थियों को एक सिक्योरिटी पिन की आवश्यकता होती है, जिसे बुधवार को बोर्ड ने जारी करते हुए जिले के सभी स्कूलों को उपलब्ध करा दिया। स्कूलों ने संबंधित विद्यार्थियों को दिया, जिसके बाद वह उसका उपयोग कर सके।
बोर्ड की तरफ से स्पष्ट किया गया है कि सिक्योरिटी पिन और उसके इस्तेमाल के बारे जानकारी सभी विद्यार्थियों को अलग-अलग विद्यालय की ओर से दिया जाएगा। सिक्योरिटी पिन मिलने के बाद छात्र-छात्राएं कुछ आसान निर्देशों का पालन कर अंकपत्र व माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड कर सकेंगे। अंकपत्र और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डाउनलोड करने के लिए विद्यार्थियों को छह अंकों का सिक्योरिटी पिन व अन्य जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर दर्ज करनी होगी।
कैबिनेट की बैठक में आज 20 से अधिक प्रस्तावों पर होगी चर्चा
12 May, 2023 11:53 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को लोकभवन में कैबिनेट की बैठक होगी। नगर निकाय चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद यह पहली कैबिनेट बैठक है। सरकार ने निकाय चुनाव के दोनों चरण के मतदान संपन्न होने के बाद यह बैठक बुलाई है। इसमें 20 से अधिक प्रस्तावों पर निर्णय की संभावना है।सूत्रों ने बताया कि चार निजी विश्वविद्यालयों के आशय पत्र जारी करने, शृंगवेरपुर धाम के विकास, निवेशकों को नीतियों के तहत दिए जाने वाले लाभ की मंजूरी, किसानों में दलहन व तिलहन की मिनी किट बांटने और हीरो मोटो क्रॉप्स की लीज बढ़ाने जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।
कुछ विभागों के पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण की मंजूरी के प्रस्ताव भी शामिल हैं।इसके अलावा औद्योगिक विकास एवं रोजगार प्रोत्सान नीति-2022 में संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट में मंजूर हो सकता है। कैबिनेट से प्रस्ताव पारित होने के बाद पहले से जमीन खरीदने वाले निवेशकों को स्टांप ड्यूटी की शत प्रतिशत प्रतिपूर्ति की जाएगी। इसके अलावा एमएसएमई विभाग के जरिये बुनकरों को विद्युत बिल में राहत देने का प्रस्ताव भी मंजूर किया जा सकता है।