उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
छह दिन पहले पति ने दी थी जान, अब कैंसर से पत्नी ने भी तोड़ा दम....
7 Aug, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छह दिन पूर्व कैंसर पीड़ित अपनी पत्नी इलाज कराने में असमर्थ होने पर प्रखंड के चपरख निवासी नंद किशोर मेहता ने कुआं में कूद कर अपनी जान दे दी थी। अभी नंद किशोर के चिता की अग्नि ठंडी भी नही हुई थी कि कैंसर पीड़ित पत्नी ने भी रविवार को दम तोड़ दिया।
छह साल से कैंसर से जूझ रही थी मनीषा
मनीषा पिछले सालों से कैंसर पीड़ित थी। नंद किशोर ने कई महीनों तक उसका इलाज कराया, लेकिन फिर वह आर्थिक तंगी से परेशान हो गया था। आंखों के सामने अपनी पत्नी को पल-पल तड़पता वह नहीं देख सका इसलिए मौत को गले लगा लिया। नंद किशोर की मौत के बाद अब मनीषा के चले जाने से एक बार फिर से घर में कोहराम मच गया।
बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
इनके तीन बच्चे हैं और तीनों नाबालिग हैं। महज एक हफ्ते के अंदर इनके सिर से मां-बाप दोनों का साया उठ गया। परिवार व गांव के लोग इन मासूम बच्चों को देखकर रो रहे हैं। नंद किशोर के वृद्ध माता-पिता का हाल देखते नहीं बनता है। रो-रोकर इनकी आंखों में आंसू सूख चुके हैं। एक साथ अपने बहू-बेटे को खोना, अपने नाती-पोतों को अनाथ होते देखना और अब इस उम्र में उनकी जिम्मेदारी की बातें सोचकर ये परेशान हैं।
कुएं में कूदकर नंद किशोर ने दी थी जान
ज्ञात हो कि आर्थिक तंगी के वजह से अपनी बीमार पत्नी मृतक मनीषा का इलाज नही करा पाने के कारण एक अगस्त को नंद किशोर कुमार मेहता ने मानसिक तनाव में आकर प्रखंड के हीं हदारी स्कूल के समीप कुएं में डूब कर जान दे दी थी।
पत्नी ने किया झगड़ा तो पति ने लगा ली फांसी
इसी दरमियान यहां के करियातपुर गांव निवासी स्व द्वारिका साव का 45 वर्षीय पुत्र संतोष कसेरा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है। घटना के कारणों का पता अभी ठीक से पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में मृतक की मां मीना देवी ने बताया कि घटना वाले दिन उसका पत्नी रीना देवी से मामूली विवाद हो गया था। इधर घटना की सूचना मिलते ही इचाक पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया। इधर पोस्टमार्टम के बाद शव के घर पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। पत्नी रीना देवी, बेटी अंजली कुमारी, बेटे अविनाश और रवि समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी में डूबने से 24 साल के एक युवक की मौत....
7 Aug, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में धनबाद के मुनीडीह भटिंडा फॉल में गहरे पानी में डूबने से 24 साल के एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान बिहार के गया के रहने वाले आकाश कुमार के रूप में हुई है। आकाश के साथ सोनू कुमार राय (17) और प्रवेश कुमार (10) भी भटिंडा आये थे। घटना रविवार दोपहर दोपहर करीब डेढ़ बजे की हैं। घटना की सुचना पाकर मुनीडीह ओपी प्रभारी सालो हेमब्रम मौके पर पंहुचे और स्थानीय गोताखोरो से आकाश को निकालने का आग्रह किया। करीब साढ़े चार बजे स्थानीय गोताखोरो की टीम ने शव को बाहर निकाला गया जिसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। आकाश के स्वजन भी बिहार से धनबाद के लिए निकल गए। घटना के पूर्व आकाश ने अपने मोबाइल से खूब बहुत फोटो खींचवाई थी और नहाने का वीडीओ भी बनाया था।
आकाश पर भारी पड़ी एक डुबकी
घटना के संबंध में आकाश के साथ गए सोनू ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे हम तीनों आकाश की बाइक से फॉल घूमने गए थे। मेरे नहाने के बाद आकाश भी नहाने के लिए नीचे उतरा था। इस दौरान प्रवेश फोटो और वीडीयो बना रहा था। जब मैंने उसे ऊपर आने को कहा तो उसने मुझे एक डुबकी लगाकर ऊपर आने की बात कही। इसी दौरान वो गहरे पानी में चला गया और बचाने के लिए आवाज देने लगा। उसकी आवाज सुनकर मैं उसे बचाने के लिए कूद गया और काफी प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वो काफी गहरे पानी में समा गया। काफी देर के बाद मुझे स्थानीय मुखिया रमेश कुमार सिंह ने मुझे रेस्क्यू कर दूसरे छोर से मुझे ले आए।
आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था आकाश
मृत युवक आकाश पिछले एक साल से अपने बालूडीह कॉलोनी में अपने मौसा बीसीसीएल कर्मी जितेंद्र पासवान के यहां रहकर जामाडोबा से आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। आकाश के पिता दयानंद कुमार गया में रहते हैं, तीन बेटों में सबसे बड़ा बेटा था जबकि एक पुत्री भी हैं। घटना के पश्चात परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
तेतुलमारी जनरल अस्पताल हुआ डॉक्टर विहीन, OPD में लटका ताला....
6 Aug, 2023 02:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हाईकोर्ट के आदेश को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अवहेलना कर रहे हैं। तेतुलमारी जनरल अस्पताल में हाईकोर्ट ने चिकित्सकीय सुविधाएं बहाल करने को कहा, लेकिन उसके विपरीत स्वास्थ्य विभाग ने यहां पर काम कर रहे एकमात्र चिकित्सक संतोष कुमार रजक को दूसरे जिले में तबादला कर दिया। अस्पताल के एकमात्र चिकित्सक संतोष कुमार रजक अस्पताल में सेवा दे रहे थे। अब डॉक्टर संतोष कुमार के स्थानांतरण के बाद अस्पताल में ओपीडी सेवा बंद हो गई है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी से अस्पताल खोलने की मांग की है।
कर्मचारियों का भी हुआ था तबादला
इससे पहले अस्पताल के कर्मचारियों को भी दूसरी जगह प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। 2014-15 में सरकार के विशेष निर्देश के बाद अस्पताल को खोलने की तैयारी की गई। तीन कर्मचारियों की यहां पर पदस्थापना की गई, लेकिन इन कर्मचारियों को कुछ दिनों के बाद सिविल सर्जन कार्यालय और दूसरे जगह पर प्रतिनियुक्ति कर दी गई। इसी बीच गांव के नरेश महतो समेत अन्य प्रतिनिधियों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। वर्ष 2022 में हाईकोर्ट ने अस्पताल को पूर्णत चालू करने का निर्देश दिया, लेकिन आदेश के बावजूद अस्पताल बंद हो गया।
5 बार हुआ अस्पताल का उद्घाटन
अस्पताल में जान फूंकने के लिए अब तक पांच बार उद्घाटन किया जा चुका है। हालांकि, इसके बावजूद अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधा अब तक बहाल नहीं हो पाई है। अस्पताल का नवीनीकरण कराकर पहली बार 18 नवंबर 2006 में उद्घाटन किया गया। उसके बाद फिर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री हेमलाल मुर्मू ने 2011 में इसका उद्घाटन किया। दो साल बाद एक बार फिर अस्पताल की मरम्मत करवाने के बाद 2013 में नए भवन और क्वार्टर बनाए गए। इसका भी उद्घाटन किया गया। वर्ष 2019 में भवन प्रमंडल विभाग की ओर से एक करोड़ रुपये की लागत से भवन की मरम्मत कराई गई, लेकिन पैसे पानी में बह गए।
युवक ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर की हत्या....
6 Aug, 2023 02:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जरमुंडी थाना क्षेत्र के विराजपुर गांव के एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। उसके बाद खुद को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर लिया। बजरंगबली मोड़ स्थित आम बगान के पास रविवार की सुबह गंभीर रूप से जख्मी युवक को ग्रामीणों ने देखा तो इसकी जानकारी जरमुंडी थाना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर चिकित्सा के लिए दुमका रेफर कर दिया, जबकि घर के अंदर मृत पड़ी युवक की पत्नी का शव कब्जे में लेकर पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस पूरी घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद बताई जा रही है। मामले में जरमुंडी थाना प्रभारी दयानंद साह ने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच की जिम्मेदारी एएसआई राजकुमार सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घायल युवक, मृतका के पिता-पुत्र समेत ग्रामीणों से घटना के संदर्भ में जानकारी लेने में जुटी है।
घायल पति ने परिवार पर लगाया आरोप
बता दें कि घटना को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही है। एक ओर घायल पति ने पत्नी की हत्या और खुद पर हुए हमले को लेकर गांव के ही अपने परिवार हरिश्चद्र दास, कटकी दास, देविया देवी द्वारा चाकू मारने की बात कह रहा है। जयकांत के मुताबिक उसकी पत्नी पर चाकू से वार करने के क्रम में जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा, तो उस पर भी चाकू से प्रहार किया गया। चाकू के प्रहार के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आखिर क्यों हुआ विवाद ?
वहीं, इस घटना को लेकर मृतक के पिता ने अपने दामाद पर ही पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के पुत्र हरिशंकर दास ने भी पिता पर ही अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगाया। मृतक के पुत्र के मुताबिक कुछ दिनों पूर्व उसने एक मोबाइल खरीदा था। बाद में मोबाइल घर से ही कहीं गायब हो गया। इसको लेकर उसकी मां ओझा गुनी से मोबाइल के संदर्भ में पता करने के लिए जाती थी। यह बात पति जयकांत दास को नागवार गुजरती थी। पति का कहना था कि मोबाइल गुम हो गया अब उसकी परवाह मत करो, लेकिन लीला देवी अपने पुत्र के मोबाइल के घर से ही गुम हो जाने से काफी परेशान थी। वह लगातार ओझा गुनी से इस संदर्भ में पता लगाने का प्रयास कर रही थी। इसी बात को लेकर बीती रात पति-पत्नी में जमकर विवाद हुआ था। जिसके बाद पति ने पत्नी को चाकू मारकर हत्या कर दी और किसी का उस पर शक नहीं हो, इसलिए खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एमवाइ इकबाल की जमीन पर कब्जा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार....
6 Aug, 2023 02:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रांची के लोअर बाजार थाने की पुलिस ने शनिवार को जमेशदपुर के साकची स्थित आम बगान में छापेमारी कर सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज एमवाइ इकबाल की जमीन पर कब्जा करने के आरोप में पप्पू गद्दी उर्फ जमशेद गद्दी और अली हुसैन उर्फ तामो गद्दी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
काफी दिनों से तलाश में थी पुलिस
पुलिस को दोनों आरोपितों की तलाश काफी दिनों से थी। लेकिन दोनों बार-बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित पप्पू गद्दी मुहर्रम में रांची आया था। पुलिस को इसकी सूचना मिली थी। लेकिन वह किस इलाके में रह रहा था, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई थी। पुलिस ने हिंदपीढ़ी इलाके में छापेमारी की। आरोपित शहर छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। इस बीच मौके का फायदा उठाकर आरोपित जमशेदपुर पहुंच गया। लेकिन पुलिस की नजर उस पर थी। पुलिस टीम जमेशदपुर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपित वहां से भागने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया। इस मामले में हाई कोर्ट ने एसएसपी को निजी तौर पर शपथपत्र दाखिल करने का निर्देश दिया था। एसएसपी को रांची में भूमि पर अवैध कब्जे से संबंधित सभी मामलों का ब्योरा देने को कहा था।
पुलिसकर्मी के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
लोअर बाजार थाने में हवलदार जैनुल अंसारी के बयान पर जमीन पर कब्जा करने वाले आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। जैनुल ने बयान दिया था कि आरोपितों द्वारा बाउंड्री तोड़ी जा रही थी। उन्हें मना किया गया तो वे उलझ गए थे। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद आरोपित वहां से भाग निकले थे। कुछ आरोपितों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
सड़क हादसा, तेज रफ्तार रोडवेज की दो बसों में हुई टक्कर, 19 यात्री घायल....
6 Aug, 2023 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायबरेली-डलमऊ मार्ग पर बेंद नाला के पास रविवार की सुबह रायबरेली डिपो की दो अनुबंधित बसों में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बसों का सवार 19 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला यात्री का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
रायबरेली से डलमऊ जा रही रोडवेज बस पर 11 और डलमऊ से रायबरेली आ रही बस पर 8 यात्री सवार थे। बेद नाला के पास दोनों बसों में टक्कर हो गई। डलमऊ की ओर जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में चली गई। बस पर बैठे यात्री खुद ही किसी तरह बाहर निकले और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
लगभग एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बसों को कब्जे में ले लिया। दूसरी बस पर बैठे आठ लोग भी चोटिल हुए हैं, जिनमे से एक महिला जिला अस्पताल में भर्ती है। भदोखर थानेदार राजेश सिंह ने बताया कि दोनों बसों के चालकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
सड़क हादसा : अचानक ब्रेक लगाने से कार से टकराई स्कूटी, मौत....
6 Aug, 2023 12:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके में शनिवार को शहीद पथ एक तेज रफ्तार कार ने अचानक ब्रेक लगा दी। कार के पीछे स्कूटी से चल रहे प्रॉपर्टी डीलर काजी मोहम्मद सिबगतउल्लाह जमाल (45) कार में भिड़ गया और उछलकर पुल से 20 फीट नीचे जा गिरा। पुलिस ने घायल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
चिनहट के शंकरपुरी इलाके में प्रॉपर्टी डीलर काजी मोहम्मद सिबगतउल्लाह जमाल परिवार संग रहते थे। उनके परिचित असद ने बताया कि शनिवार दोपहर सिबगतउल्ला स्कूटी लेकर किसी काम से जा रहे थे। विभूतिखंड किसान बाजार के पास शहीद पथ पर उनकी स्कूटी के आगे एक कार चल रही थी। पुल पर अचानक तेज रफ्तार कार के चालक ने ब्रेक लगा दी। सिबगतउल्ला जब तक ब्रेक लगाते तब तक उनकी स्कूटी कार में पीछे से जा टकराई।
हादसा इतना जोरदार था कि काजी मोहम्मद उछलकर पुल से 20 फीट नीचे जा गिरे। लोगों ने जब पुल से नीचे झांका तो सिबगतउल्ला खून से लथपथ पड़े थे। लोगों ने उनको देख मदद के लिए शोर मचा दिया। विभूतिखंड पुलिस ने घायल सिबगतउल्लाह को लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हादसे की सूचना उनके परिजनों को दी और छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर विभूतिखंड अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कार का भी पता नहीं चल सका है, छानबीन की जा रही है। सिबगतउल्ला के परिवार में पत्नी रूमा और दो बच्चे हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक का अधिकारी बनकर की 64 लाख रुपये की ठगी, दो गिरफ्तार....
6 Aug, 2023 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एका के सर्राफ से अंतरराज्यीय गिरोह ने 64 लाख रुपये की ठगी कर ली। इसका सरगना उनसे भारतीय रिजर्व बैंक का अधिकारी बनकर मिलता था। पुलिस ने सरगना और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लाखों का माल बरामद कर लिया है। वहीं छह सदस्य भागे हुए हैं। इनमें एक सीआरपीएफ का जवान भी शामिल है।
ठगी की शुरूआत 27 मई से हुई। एका थाने के निकट रहने वाले राहुल गुप्ता की पास में ही आरजी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। गांव फरैंदा निवासी नरेश कुमार उनका ग्राहक है। उसी ने उन्हें एनजीओ बनवाने और फंडिंग कराने का लालच दिया। पहले कुछ लोगों से फोन पर बात कराई। फिर 28 जून को हाथरस के गांव अनगदा थाना सादाबाद निवासी दीपेश चौधरी और संजीव से मुलाकात कराई। इसके बाद तीन जुलाई को गुरुग्राम बुलाया।
वहां एक होटल में गिरोह के सरगना अमित कुमार मुटरेजा निवसी जवाहर नगर जयपुर, राजस्थान से यह कहकर बात कराई कि वह आरबीआइ में आइआरएस अधिकारी हैं। उसका नाम भी प्रद्मन सिंह बताया गया। 12 जुलाई को फिर से बुलाया गया। इस दौरान आरोपितों ने राहुल से 64 लाख रुपये की नगदी और आभूषण ले लिए थे। बदले में एनजीओ के फर्जी कागजात और कुछ चेक दे दिए।
13 जुलाई की सुबह गुरुग्राम के होटल में ही दूसरी बैठ हुई तो उसमें शातिरों ने फिर से रुपयों की मांग की तो उन्हें शक हो गया। उन्होंने दिल्ली में रहने वाले एक रिश्तेदार को बुलाकर कागजात दिखाई तो उन्होंने भी संदेह जताया। इस दौरान आरोपित वहां से निकल गए। राहुल ने बताया कि वे आरबीआइ गई तो असलियत सामने आ गई। एका लौटकर उन्होंने इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसपी ग्रामीण कुमार ने बताया कि सर्विसलांस टीम लगाकर अमित मुटरेजा, सुनील और दीपेश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके पास से 35 लाख रुपये सामान पकड़ा है, जिनमें दो लग्जरी कारें और चार लाख नगद शामिल हैं। गिरोह की सदस्य देवयानी उर्फ वंदना निवासी दिल्ली, नरेश, संजीव, राजस्थान के चुरु निवासी रामदेव जाट उसके भाई ओमप्रकाश और अलवर निवासी ओमकार को भी नामजद किया गया है।
इन्हें भी जल्द पकड़ा जाएगा। गिरोह इससे पहले दिल्ली में फर्जी नौकरी के नाम पर ठगी कर चुका है। अमित पर मेरठ के थाना कंकरखेड़ा में वर्ष 2021 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। दीपेश दिल्ली में उसके यहां कंप्यूटर की कोचिंग करने गया था। बाद में दोनों मिलकर फर्जीवाड़ा करने लगे। तीन-चार दिन में ही 12-13 लाख रुपये खर्च कर दिए।
गाजियाबाद की सोसायटी में 2o मिनट तक लिफ्ट में फंसी बच्ची समेत दो महिला....
6 Aug, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनगर एक्सटेंशन की आफिसर सिटी-2 सोसायटी में शनिवार को देर रात एक बच्ची समेत एक परिवार की दो महिला लिफ्ट में फंस गई। मौके पर सिक्योरिटी गार्ड ने होने की वजह से उन्हें काफी देर तक मदद नहीं मिल सकी। इस संबंध में मेंटेनेंस टीम से भी शिकायत की।
लिफ्ट नीचे आने पर अचानक हो गई स्विच ऑफ
ऑफीसर सिटी-2 केएफ टावर में 11वीं फ्लोर पर रहने वाली विदुषी अपनी बेटी समेत परिवार के दो लोगों के साथ अपने फ्लैट में जाने के लिए ग्राउंड फ्लोर से लिफ्ट में चढ़ी। साथ में तीसरी मंजिल पर रहने वाले कोई अन्य अभी लिफ्ट में चढ़े। लिफ्ट तीसरी मंजिल पर रुकने के बाद कुछ ऊपर गई और फिर धीरे-धीरे अपने आप ग्राउंड फ्लोर पर आ गई। लिफ्ट नीचे आने पर अचानक स्विच ऑफ हो गई।
विदुषी ने मेंटेनेंस विभाग को दी शिकायत ने बताया कि उनके लिए 20 मिनट लिफ्ट में गर्मी व उमस के बीच में रहना काफी मुश्किल था। उस दौरान वहां सिक्योरिटी गार्ड ने होने से उन्हें काफी देर तक मदद नहीं मिल सकी।
इसके बाद सोसाइटी में रहने वाले कुछ लोगों ने लिफ्टमैन बुलाकर मदद की। जिसके बाद वह बाहर आ सकीं। विदुषी का कहना है कि यह घटना किसी छोटे बच्चे बुजुर्ग के साथ भी हो सकती है। सोसायटी के लोगों का कहना है कि पहले भी लिफ्ट फसने की घटनाएं होती रही है।
युवक को गलत वीजा पर सऊदी भेज की धोखाधड़ी, मुकदमा दर्ज....
6 Aug, 2023 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक युवक को सऊदी अरब में नौकरी के लिए भेजने के नाम पर धोखा हो गया। युवक को आजाद वीजा के बजाए गुलाम (स्टेपल) वीजा पर सऊदी अरब भेज दिया गया। अब युवक वहां परेशान है। युवक की मां ने मामले में आरोपित दंपती के विरुद्ध नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। नगर कोतवाली थानाक्षेत्र के रहमानिया मोहल्ला फात्मा मस्जिद निवासी नसरीन ने बताया, भोपा थानाक्षेत्र के खेड़ी गांव निवासी रिश्तेदार जान मोहम्मद सउदी अरब में नौकरी करता है।
एक दिन उसने घर आकर बताया था कि वह उसके बेटे साहिल को आजाद वीजा पर सउदी अरब में नौकरी के लिए भेज देगा, जिसमें दो लाख रुपये खर्च होंगे। पीड़िता ने बताया, रिश्तेदार की बातों पर विश्वास कर उसने वर्ष 2022 में जान मोहम्मद को डेढ़ लाख रुपये दे दिए। सउदी अरब जाकर बेटे को पता चला कि वह आजाद वीजा पर काम करने नहीं आया, बल्कि उसे गुलाम वीजा पर नौकरी करने के लिए भेजा है। पीड़िता ने बताया, बेटा विदेश में परेशान है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया, जान मोहम्मद वर्तमान में सउदी से घर आया हुआ है। इस संबंध में पीड़िता जब जान मोहम्मद और उसकी पत्नी से मोबाइल पर बात करती है तो आरोपित जान से मारने की धमकी देते हैं। नगर कोतवाल ने बताया, पीड़िता की तहरीर पर जान मोहम्मद और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
झारखंड में शनिवार को दिनदहाड़े युवक पर हुई फायरिंग....
6 Aug, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में शनिवार को हजारीबाग शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना घटी। पांडेय गिरोह का एक शूटर हाथ में पिस्टल लहराता और फायरिंग करता हुआ बड़कागांव के बादम निवासी राजेश राम नामक एक युवक को लगभग 200 मीटर तक खदेड़ता गया। इस दौरान उसने आठ फायरिंग की, परंतु यह संयोग ही रहा कि गोली युवक को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। इस बीच गोली खत्म होते ही शूटर अपने एक सहयोगी के साथ बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इस घटना को शहर में पांडेय गिरोह की सक्रियता और आतंक से जोड़कर देखा जा रहा है। यह गिरोह रामगढ़, पतरातु, गिद्दी, उरीमारी और बड़कागांव में सक्रिय है।
घटना के बाद फैली दहशत
बहरहाल, इस घटना के बाद हजारीबाग में दहशत का माहौल है। इधर, पुलिस ने राजेश को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार राजेश ने स्वयं बताया है कि पांडेय गिरोह का शूटर उसे मारना चाहता है। फिलहाल, इसे पूरे प्रकरण में हजारीबाग के एसपी मनोज रतन चौथे के अनुसार प्रथम दृष्ट्या यह अपराधियों के बीच आपसी विवाद का मामला प्रतीत होता है। शूटर राजेश की हत्या क्यों करना चाहता था, अनुसंधान जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दिन के लगभग तीन बजे की है। मिशन अस्पताल से लेकर करीब 200 मीटर दूर विनोद स्टील रोड तक राजेश शूटर की गोली से स्वयं को बचाने के क्रम में छिपता और भागता रहा।
क्या है पूरी कहानी
घटना की शुरुआत शहर के इमली कोठी चौक के समीप मेडिकल दुकान से हुई। राजेश तब दवा खरीद रहा था कि उसे लक्ष्य कर गोली चलाई गई। हालांकि, गोली मिस कर गई। इसके बाद राजेश भागने लगा और इसी क्रम में वह बचाओ-बचाओ चिल्लाता रहा और शूटर उस पर फायरिंग करता रहा। इस बीच राजेश सीमेंट की दुकान में जा छिपा। इधर, दुकानदार जबतक कुछ समझ पाता अपराधी दुकान में प्रवेश कर गया और सामने आए दुकानदार पर भी गोली चला दी, हालांकि, वह भी संयोग से बच गया। इसके बाद गोली खत्म हो जाने का अहसास होते ही वह पैदल ही भाग निकला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर गोली खत्म नहीं होती तो राजेश के चक्कर में दुकानदार मारा जाता।
राजेश का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
राजेश का आपराधिक रिकार्ड रहा है और पूर्व में वह आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है। उसे अपराधी क्यों मारना चाहते हैं, यह जानने का प्रयास पुलिस कर रही है। पुलिस पांडेय गिरोह के बीच आपसी विवाद के एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने 2016 में श्रीवास्तव गिरोह के लखन साव पर सरदार चौक पर दिन दहाड़े फायरिंग की घटना की याद ताजा कर दी है।
शूटर पर पत्थर से हमला
फायरिंग की घटना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और इस दौरान लोगों ने भागते शूटर को पत्थर से मारकर पकड़ना चाहा, परंतु सफलता नहीं मिली। वह भाग निकला। घटना से कुछ दूर शूटर का सहयोगी बाइक लेकर खड़ा था। वह उस पर सवार होकर भागने में सफल रहा। इससे पहले राजेश जिस दुकान में छिपकर जान बचाने का प्रयास किया, दुकानदार ने उसे अपराधी समझकर लाठी से जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पुल से नदी में गिरी बस, तीन लोगों की मौत 24 घायल....
6 Aug, 2023 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के गिरडीह में पांच अगस्त को शनिवार रात एक बस के पुल से नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और 24 अन्य घायल हो गए। 20 घायल निकाले गए, मरने वालों में कृषि विभाग का अकाउंटेंट, गिरिडीह का ठेकेदार व बस खलासी शामिल सभी घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज, बस में सवार थे 30 यात्री। आगे जा रही बस को ओवरटेक करने में हुआ हादसा, चालक ने खोया नियंत्रण पुल की रेलिंग तोड़कर गिरी बस। पीटीआई के अनुसार गिरिडीह उपमंडल पुलिस अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 8.40 बजे गिरिडीह डुमरी रोड पर हुई है। पीरटांड़ में रांची से गिरिडीह जाते समय बस बराकर नदी में गिर गई। अधिकारी ने कहा, "अभी अधिक विवरण का आकलन नहीं किया जा सकता क्योंकि बचाव और राहत अभियान चलाया जा रहा है।" गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ. एसपी मिश्रा ने बताया, "घटना में तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि 24 लोग घायल हैं।"
CM सोरेन ने हादसे पर जताया दुख
इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस बचाव कार्य में लगी हुई है। झारखण्ड के गिरिडीह में रांची से गिरिडीह आ रही बस की बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार मिला है। जिला प्रशासन और झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा बचाव कार्य किया जा रहा है। हेमंत सोरेन ने ट्वीट करते हुए कहा, "दुखद समाचार प्राप्त हुआ है कि रांची से गिरिडीह जा रही एक बस झारखंड के गिरिडीह में बराकर नदी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिला प्रशासन द्वारा बचाव कार्य किया जा रहा है..."गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा ने कहा कि वह मौके पर हैं और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। बस में यात्रियों की सही संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।
बन्ना गुप्ता ने की सबके सुरक्षित होने की कामना
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस दुर्घटना को लेकर ट्वीट कर बताया है कि राहत-बचाव कार्य जारी है। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया है कि इस रेस्क्यू में कोई कोताही न बर्ती जाए और उन्होंने सुरक्षित होने की कामना की है।
कलेक्टर का बयान आया सामने
इस दुखद हादसे को लेकर अब गिरडीह डीसी नमन प्रियेश का बयान सामने आया है। उन्होंने बताया है कि नवजीवन में 6 से 8 लोगों के भर्ती होने की सूचना है। इसके अलावा 14 का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है और एक गोवर्धन में इलारत है। वहीं मृतकों की संख्या 3 बताई है।
ट्यूशन जा रही नाबालिग छात्रा का अपहरण....
6 Aug, 2023 11:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड में सिमडेगा स्थित उर्सुलाइन कॉन्वेंट की 10वीं की छात्रा का अपहरण कर लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। स्वजन ने बच्ची को ढूंढ निकालने की गुहार पुलिस से लगाई है। घटना सदर थाना क्षेत्र के खिजरी की है। बताया गया कि शुक्रवार को वह ट्यूशन पढ़ने आरके कोचिंग जा रही थी। इसी दौरान पुरनापानी के पास से बाइक से आए अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर लिया।
कभी-कभी स्कूल जाती थी छात्रा
चूंकि छात्रा ट्यूशन से ही कभी-कभी स्कूल चली जाया करती थी और वहां से शाम चार बजे अपने घर लौटती थी। ऐसे में जब वह शाम तक घर नहीं पहुंची तो स्वजन चिंतित होकर उसे ढूंढने निकले। इस दौरान उन्हें जानकारी मिली कि छात्रा न तो कोचिंग पहुंची थी और न ही स्कूल। इस बीच पुरनापानी के पास उसकी साइकिल पड़ी मिली।
अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज
वहां पूछताछ करने पर लोगों ने बताया कि बाइक पर आए कुछ लोग लड़की को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। इसके बाद स्वजन ने शनिवार की सुबह सदर थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी और अज्ञात के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कराया।
उफान पर गंगा, बनारस में पाबंदी के बाद भी नौकायन जारी....
5 Aug, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गंगा में उफान आने के बाद वाराणसी में जल पुलिस ने गंगा में नौका संचालन अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। बावजूद इसके नाविक पर्यटकों को गंगा की सैर करा रहे हैं। शनिवार दोपहर बाद राजघाट से दशाश्वमेध घाट के बीच नौकायन होता दिखा। इतना ही नहीं छोटी नावों पर बिना लाइफ जैकेट और क्षमता से अधिक सवारियों को बैठा कर नावें चलाई जा रही थीं। वहीं दूसरी और गंगा के वेग में इजाफा होने और नौका संचालन से रोक के बाद तट पर नौकाओं ने लंगर डाल दिए। नाविकों ने भी सुरक्षा के लिहाज से कुछ दिनों तक नौका का संचालन बंद करने का फैसला लिया है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शनिवार दोपहर दो बजे से जिला प्रशासन की ओर से गंगा नदी में मोटर बोट और नाव संचालन पर रोक लगा दिया गया। इस बाबत दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस परिसर में एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पाण्डेय ने नाविकों के साथ बैठक कर सर्वसम्मति से नौका संचालन पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगाने की बात कही और नाविकों को नियम का पालन करने की बात कही। हालांकि शनिवार को कई नाविक आदेश का उल्लंघन करते नजर आए।
नमो घाट पर गंगा का जलस्तर
गंगा के जलस्तर में तीन सेंटीमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ोतरी हो रही है। बीते 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 60 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गंगा के जलस्तर बढ़ने के कारण अस्सी से राजघाट के बीच कई घाटों पर दुश्वारियां बढ़ गई हैं। सीढ़ियों पर भी पानी चढ़ने के कारण हरिश्चंद्र और मणिकर्णिका घाट पर शवदाह में परेशानी होने लगी है। नमो घाट का रैंप पूरी तरह से डूब चुका है। दशाश्वमेध घाट पर होने वाली गंगा आरती पहले से ही छत पर हो रही है।
सांप के काटने से किसान की मौत....
5 Aug, 2023 05:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शाहजहांपुर जिले में सर्पदंश के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मिर्जापुर थाने के बहेरिया गांव निवासी किसान रामभजन (65) को सांप ने डस लिया। सांप डसने के बाद आधे घंटे तक तख्त के पास बैठा रहा। उसके जाने के बाद रामभजन घर गए। फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। शुक्रवार को रामभजन अपने खेत में झोपड़ी में लेटे थे। तभी छप्पर से सांप गिरा और उनके दायें हाथ में डस लिया। सांप के काटने पर रामभजन ने जोर से हाथ को झटका। इसके बाद सांप झोपड़ी के गेट पर फन फैला कर बैठ गया। 30 मिनट तक सांप बैठा रहा। उसके हटने के बाद रामभजन घर गए। उन्होंने परिवार के लोगों को बताया। परिजन आनन-फानन उन्हें लेकर फर्रुखाबाद के जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना था कि सांप के डसने के बाद रामभजन अगर तुरंत ही घर पहुंच जाते तो शायद उनकी जान बच सकती थी।
बारिश में बढ़ी सर्पदंश की घटनाएं
बारिश का मौसम में सर्पदंश की घटना बढ़ी हैं। जिले में सर्पदंश से कई लोगों की जान जा चुकी है। कई लोग झाड़ फूंक में लगे रहते हैं। जबकि जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी पर एंटी स्नेक बाइट इंजेक्शन उपलब्ध रहते हैं। अगर लोगों को समय से उपचार मिल जाए तो उनकी जान बच सकती है।
पीड़ित को तुरंत ले जाएं अस्पताल
चिकित्सकों के मुताबिक कि जहरीले सांप के काटने से काटने वाली जगह पर दर्द, अकड़न, एलर्जी, जलन, लाल होना, त्वचा के रंग में बदलाव, दस्त, बुखार, पेट दर्द, मांसपेशियों की कमजोरी, प्यास लगना, लो बीपी आदि लक्षण होते हैं। सांप के काटने पर झाड़ फूंक के चक्कर में बिल्कुल न पड़े, नहीं तो मरीज की जान जा सकती है। सांप काटने पर तुरंत पीड़ित को इमरजेंसी ट्रीटमेंट के लिए अस्पताल ले जाएं।