छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
फागुन मंडई में शामिल होने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे दंतेवाड़ा
9 Mar, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज फागुन मंडई के समापन कार्यक्रम में शामिल होने दंतेवाड़ा पहुँचे। मुख्यमंत्री का कारली हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री के साथ उद्योग मंत्री कवासी लखमा, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेसी भी पहुंचे। हेलीपैड पर बस्तर सांसद दीपक बैज, विधायक देवती महेंद्र कर्मा, कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी सुंदरराज पी. कलेक्टर विनीत नंदनवार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
होली का रंगों भरा पर्व समूह की महिलाओं के लिए रहा बहुत खास
9 Mar, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजनांदगांव: इस बार होली का रंगों भरा पर्व समूह की महिलाओं के लिए बहुत खास रहा। उनका उल्लास और खुशी दुगुनी हुई है। समूह की महिलाओं ने फूल, पत्तियों, भाजियों से अनोखे प्राकृतिक रंग बनाये। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान से जुड़कर महिला समूह ने 1 हजार 524 किलोग्राम हर्बल गुलाल निर्मित किया। जिले में 1 हजार 451 किलो ग्राम हर्बल गुलाल की बिक्री हुई, जिससे समूह की महिलाओं को 4 लाख 14 हजार रूपए का फायदा हुआ। राजनांदगांव जिले में निर्मित बिहान हर्बल गुलाल से मुख्यमंत्री निवास में होली उत्सव मनाया गया। बिहान हर्बल गुलाल से समूह की महिलाओं के जीवन में खुशी के रंग बिखरे हैं। उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनी हैं। बिहान की महिलाओं ने गुलाल से गुलाबी, गेंदे से पीला, पलास से नारंगी, पालक एवं नीम से हरे रंग के बेहतरीन हर्बल गुलाल बनाये, जिनकी मार्केट में खूब डिमांड रही। समूह की महिलाओं ने मंदिर में चढ़ाये गये फूलों से उम्दा रंग बनाये। स्थानीय बाजार के साथ ही सी-मार्ट के माध्यम से बिहान हर्बल गुलाल की बिक्री हुई। इकोफ्रेंडली होने के कारण बिहान हर्बल गुलाल की मांग बढ़ी। रासायनिक रंगों के दुष्प्रभाव के कारण जनसामान्य ने भी हर्बल गुलाल की खरीदी की। कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में हर्बल गुलाल की बिक्री के लिये लगातार कार्य किया गया। जिला पंचायत सीईओ श्री अमित कुमार के निर्देशन में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की टीम ने बेहतरीन कार्य किया।
हर्बल गुलाल की आकर्षक पैकेजिंग ब्रांडिंग की गई। समूह की महिलाओं ने स्वयं पैकिंग का कार्य भी किया गया। शुद्ध हर्बल गुलाल तैयार कर आकर्षण पैकेजिंग ब्रांडिंग के साथ होली के अवसर पर सभी शासकीय अधिकारी, कर्मचारी, औद्योगिक संस्थाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विक्रय किया गया। छुरिया विकासखंड की गुलाब एवं माला आजीविका संकुल समूह की महिलाओं ने 875 किलो हर्बल गुलाल किया गया। जिसमें से 1 लाख 63 हजार रूपए के 815 किलो विक्रय किया। इसी तरह डोंगरगढ़ विकासखंड के जय सेवा जय बुढ़ादेव समूह की महिलाओं ने 175 किलोग्राम निर्माण किया गया, जिसमें से सभी का विक्रय कर 36 हजार रूपए प्राप्त किया। राजनांदगांव विकासखंड के स्वरधारा एफपीसी सुरगी समूह द्वारा 450 किलोग्राम निर्मित किया गया था, जिसमें से अब तक 437 किलोग्राम बिक्री कर 2 लाख 5 हजार रूपए प्राप्त किया। डोंगरगांव विकासखंड के खुशी उत्पादक गनेरी समूह की महिलाओं ने 24 किलो ग्राम हर्बल गुलाल निर्माण किया, जिसमें से 4 हजार 200 रूपए के 24 किलोग्राम की बिक्री की।
राज्यपाल हरिचंदन ने राजभवन सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारियों को होली की शुभकामनाएं दी
9 Mar, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन तथा प्रथम महिला सुप्रभा हरिचंदन ने आज होली के अवसर पर राजभवन सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारियों से भेंटकर उन्हें शुभकामनाएं दी और भगवान जगन्नाथ से सभी की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने माँ दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की
9 Mar, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज अपने दंतेवाड़ा प्रवास के दौरान माँ दंतेश्वरी का दर्शन और पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और ख़ुशहाली की कामना की। उन्होंने इस अवसर पर मंदिर के सेवादारों से भी मुलाकात की। इस अवसर पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा, लोकसभा सांसद दीपक बैज और विधायक देवती महेन्द्र कर्मा भी उपस्थित थे।
नगर निगम के राजस्व दफ्तर में आगजनी; ऑनलाइन रिकॉर्ड निकालने में लगे अफसर...
9 Mar, 2023 04:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नगर निगम | नगर निगम आयुक्त ने उपायुक्त को आगजनी की घटना में क्षति हुए दस्तावेजों की जांच कर सूची पंजीबद्ध कर पंचनामा बनाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद पूरे मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई गई है। राजस्व निरीक्षक ने बताया की वही आग लगने के बाद नगर निगम के राजस्व टीम ऑनलाइन डाटा निकाल रही है।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव नगर निगम के राजस्व विभाग में बुधवार शाम किसी ने आग लगा दी। इसके चलते तमाम दस्तावेज जलकर खाक हो गए हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फायरब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी की जानकारी मिलने पर निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी राजस्व विभाग पहुंच गए। आयुक्त ने दस्तावेजों का पंचनामा तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। वहीं पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, नगर निगम के राजस्व कार्यालय में बुधवार शाम के समय आगजनी की घटना हुई। दफ्तर में आग लगी देख चौकीदार ने इसकी सूचना नगर निगम आयुक्त डॉ आशुतोष चतुर्वेदी, उपायुक्त सुनील अग्रहरी और निगम के अधिकारी और राजस्व अमले को दी। इसके बाद निगम आयुक्त सहित अन्य अधिकारी पहुंच गए। दमकल की गाड़ियों ने जबतक आग पर काबू पाया तमाम दस्तावेज खाक हो चुके थे। प्रथम दृष्टया जांच में आगजनी की घटना मिली है। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
नगर निगम के राजस्व कार्यालय में आग लगने की सूचना पर त्वरित फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया गया। इसमें कुछ रिकॉर्ड जले हुए पाए गए हैं। फिलहाल आगजनी की घटना में क्षति हुए दस्तावेजों की सूची पंजीबद्ध कर पूरे मामले में अपराध पंजीबद्ध कराया गया है और जांच की जा रही है। आग किसने लगाई और कैसे लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। शिकायत के बाद पुलिस द्वारा पूरे मामले में जांच की जा रही है।
पूर्व सांसद सोहन पोटाई का निधन: लंबे समय से कैंसर से लड़ रहे थे जंग; चार बार कांकेर सीट का किया प्रतिनिधित्व...
9 Mar, 2023 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आपातकाल के दौरान सोहन पोटाई सहायक पोस्ट मास्टर की नौकरी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पोटाई को किसी समय संघ का काफी करीबी माना जाता था। हालांकि फिर उनकी दूरी बढ़ती गई और बाद में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
छत्तीसगढ़ की कांकेर सीट से लोकसभा सांसद रह चुके सोहन पोटाई का गुरुवार सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जंग लड़ रहे थे। उनके निधन से आदिवासी समाज और प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर पैदा हो गई है। सोहन पोटाई ने भाजपा के टिकट पर कांकेर लोकसभा सीट का चार बार प्रतिनिधित्व किया था।
जानकारी के मुताबिक, पूर्व सांसद पोटाई ने गुरुवार सुबह माहुरबंधपारा स्थित अपने पैतृक निवास में अंतिम सांस ली है। पोटाई आदिवासी हित के लिए सदैव संघर्ष करते रहे। उन्होंने इसी वजह से अपनी मूल पार्टी भाजपा से इस्तीफ़ा दे दिया था। हालांकि आपातकाल के दौरान सोहन पोटाई सहायक पोस्ट मास्टर की नौकरी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। पोटाई को किसी समय संघ का काफी करीबी माना जाता था। हालांकि फिर उनकी दूरी बढ़ती गई और बाद में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
29 अप्रैल 1958 को जन्में सोहन पोटाई ने 1998 में चुनाव मैदान में कांग्रेस के कद्दावर नेता महेंद्र कर्मा को पराजित कर पहली बार भाजपा की झोली में सीट डाली। हालांकि केंद्र में सरकार गिरने और फिर से चुनाव होने के कारण एक साल ही सांसद रह सके। इसके बाद 1999 में छबिला अरविंद नेताम को पराजित किया। 2004 में सोहन पोटाई ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही गंगा पोटाई ठाकुर को पराजित कर तीसरी बार जीत दर्ज की थी। फिर साल 2009 में कांग्रेस की फूलोदेवी नेताम को शिकस्त दी थी।
शासन के पक्ष में फैसला, तीन साल के नए नियम से ही मिलेगी पदोन्निति...
9 Mar, 2023 03:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
याचिका में कहा गया था कि पंचायत शिक्षक को संविलियन कर एलबी कैडर का गठन किया गया है। जबकि एलबी कैडर के शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारण करने का कोई प्रावधान नहीं बनाया गया। इससे सीनियर शिक्षक जूनियर और जूनियर शिक्षक सीनियर हो गए हैं।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से पदोन्नति के मामले में शिक्षकों को बड़ा झटका मिला है। कोर्ट ने बहुप्रतीक्षित मामले में गुरुवार को निर्णय सुनाते हुए शिक्षकों की याचिका को खारिज कर दिया है। अब शासन के नियमानुसार तीन साल में ही शिक्षकों को पदोन्नति मिलेगी। शिक्षकों ने इसी नियम के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस अरूप कुमार गोस्वामी और जस्टिस पीपी साहू की डिवीजन बेंच में हुई।
दरअसल, सरकार ने शिक्षक भर्ती और पदोन्नति नियम 2019 में संशोधन किया था। इसके तहत शिक्षक एलबी संवर्ग को पदोन्नति के लिए पांच साल के स्कूल शिक्षा विभाग में अनुभव का प्रावधान में संशोधन किया गया था। शासन ने कैबिनेट बैठक कर इसके अनुभव की सीमा तीन साल कर दी थी। इसके बाद प्रदेश भर में पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू हुई। इसके खिलाफ कुछ नियमित शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिका लगा दी।
याचिका में कहा गया था कि पंचायत शिक्षक को संविलियन कर एलबी कैडर का गठन किया गया है। जबकि एलबी कैडर के शिक्षकों की वरिष्ठता निर्धारण करने का कोई प्रावधान नहीं बनाया गया। इसके चलते वरिष्ठता के निर्धारण में दिक्कतें हो रही हैं। इससे सीनियर शिक्षक जूनियर और जूनियर शिक्षक सीनियर हो गए हैं। इस पर कोर्ट ने कहा कि शासन को नियम बनाने का अधिकार है। यह कहते हुए याचिका निराकृत कर दी गई।
सक्ती में दो भीषण सड़क हादसे: आमने-सामने भिड़ी दो बाइक, तीन युवकों की मौत; छह घायल...
9 Mar, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ | छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में आज बुधवार को होली त्योहार के दिन दो अलग-अलग थाना इलाकों में दो बाइक आपस मे भिड़ गईं। पहले हादसे में 3 युवकों की मौत हो गई है और दो लोग घायल हो गए है। घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
वहीं दूसरे हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसौद लाया गया था। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है। घटना मालखरौदा और हसौद थाना क्षेत्र की है।
मालखरौदा थाना प्रभारी ललित चंद्रा के अनुसार, होली ड्यूटी के दौरान सूचना मिली की सकर्रा-आमनदुला मुख्य मार्ग मे दो तेज रफ्तार मोटोसाइकल की आमने-सामने भिडंत हो गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को 112 और पेट्रोलिंग वाहन की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालखरौदा ले जाया गया, यहां डॉक्टर ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दो घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। मृतकों का नाम रामकुमार केंवट (32), उजितराम बरेठ (30) और दुर्गेश साहू(28) हैं। तीनों मृतक मालखरौदा थाना इलाके के आमनदुला गांव के रहने वाले है।
वहीं दूसरी घटना हसौद थाना इलाके की है। हसौद थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि हसौद में मंडी चौक के पास दो तेज रफ्तार बाइक की आपस में टक्कर हो गई है। हादसे में चार लोग घायल हो गए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। चारों घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसौद ले जाया गया था, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है।
होली खेलने के बाद दोस्तों के साथ नहाने गए दो बच्चे एनीकट में डूबे, मौत...
9 Mar, 2023 12:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
किसी तरह दोनों बच्चो को एनीकट से निकालकर बाहर लाया गया। दोनों को जिला अस्पताल लाए जहां पर डॉक्टरों ने जांच उपरांत बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चों के शवों को परिजनों को सौंप दिया है।
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बुधवार को 12 साल के दो बच्चों की एनीटक में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद नहाने के लिए गए थे। इस दौरान गहरे पानी में चले गए। अन्य बच्चों ने उन्हें डूबते देखा तो परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद बच्चों को एनीकट से निकालकर अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने वहां दोनों को मृत घोषित कर दिया। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, लालपुर गांव के कुछ बच्चे होली खेलने के बाद नहाने के लिए जंगल के पास बने हर्राटोला स्टॉप डेम में नहाने के लिए गए थे। सभी बच्चे मस्ती करते हुए नहा रहे थे। इसी दौरान निखिल राठौर (12) साल और राहुल प्रजापति (12) साल भी नहाने के लिए एनीकट में उतरे। कुछ देर तक दोनों डेम के किनारे नहा रहे थे। उसके बाद वे थोड़ा आगे बढ़ गए। वहां पर गहराई अधिक थी, जिसके चलते दोनों डूबने लगे।
दोनों को डूबता देख आसपास नहा रहे बच्चों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वे आंखों से ओझल हो गए। इसके बाद गांव में घटना की जानकारी मिली तो लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह दोनों बच्चो को एनीकट से निकालकर बाहर लाया गया। दोनों को जिला अस्पताल लाए जहां पर डॉक्टरों ने जांच उपरांत बच्चों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों बच्चों के शवों को परिजनों को सौंप दिया है। गांव में होली के दिन दो बच्चों की मौत से मातम पसरा हुआ है।
रुपये के विवाद में गुलाल लगाने क बहाने कटर से रेत दिया दोस्त का गाला...
9 Mar, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
थाना प्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव | थाना प्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शुभम और आरोपी सेवक निषाद होली पर रंग गुलाल खेल रहे थे। इस दौरान दोनों में पुराने पैसे के विवाद को लेकर विवाद हो गया। दोनों में गाली गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान सेवक निषाद ने अपने पास रखे धारदार हथियार से शुभम पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप घायल कर दिया।
छत्तीसगढ़ के भिलाई में एक युवक ने बुधवार को रुपये को लेकर हुए विवाद में अपने ही दोस्त की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी गुलाल लगाने के बहाने दोस्त के करीब पहुंचा और कटर से उसके गले पर वार कर भाग निकला। आसपास के लोगों ने देखा पुलिस को सूचना दी और युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, मोची मोहल्ला निवासी शुभम राजपूत (27) और सेवक निषाद समेत अन्य लोग होली पर रंग गुलाल खेल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सेवकर राम गुलाल लगाने के बहाने शुभम के करीब पहुंचा और जेब से कटर निकालकर उसका गला रेत दिया। इसके बाद वहां से भाग निकला। हमला होने के बाद शुभम खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा तो आसपास के लोगों की नजर पड़ी। इसके बाद उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन आशीष को बचाया नहीं जा सका।
थाना प्रभारी वीरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शुभम और आरोपी सेवक निषाद होली पर रंग गुलाल खेल रहे थे। इस दौरान दोनों में पुराने पैसे के विवाद को लेकर विवाद हो गया। दोनों में गाली गलौज शुरू हो गई। इसी दौरान सेवक निषाद ने अपने पास रखे धारदार हथियार से शुभम पर ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप घायल कर दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया आरोपी सेवक राम को हिरासत में ले लिया गया है। वारदात में प्रयुक्त कटर भी बरामद हो गया है।
मंत्री कवासी लखमा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया
8 Mar, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा प्रभारी मंत्री एवं वाणिज्य कर आबकारी मंत्री कवासी लखमा को जिला मुख्यालय स्थल पहुंचने पर पुलिस लाइन कारली हैलीपैड स्थल पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर विधायक देवती महेंद्र कर्मा, वरिष्ट जनप्रतिनिधिगण अवधेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा, कांग्रेस कमेटी सदस्य छबिन्द्र कर्मा, खाद्य आयोग सदस्य विमल सुराना, जिला पंचायत सदस्य सुलोचना कर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
सोलर पंप से बदले नजारे, लहलहा रहे खेत हमारे
8 Mar, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर बस्तर कांकेर: जिले के अधिकांश क्षेत्र सुदूर पहुंचविहीन एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्र है, इन क्षेत्रों में आसानी से पहुंच पाना भी संभव नहीं है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के लिए सौर सुजला योजना प्रारंभ की गयी है। यह योजना राज्य शासन की महत्वाकांक्षी और प्राथमिकता वाली योजना है। जिले के सैकड़ों किसान अपने खेतों में सौर ऊर्जा से सोलर पंप लगाकर खेतों की सिंचाई कर रहे है। सौर ऊर्जा से पंप चलने से किसानों को विद्युत विभाग के चक्कर लगाने की तथा लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिल रही है। साथ ही बार-बार बिजली गुल जैसी समस्या तथा भारी भरकम बिजली बिलों से छुटकारा मिल रहा है। ऐसे गांव तथा खेतों में सोलर पंप लगाने प्राथमिकता दी जा रही है, जहां बिजली पोल पहुंचना संभव नहीं है।
इस योजना अंतर्गत अंतागढ़ विकासखड के ग्राम तुनसनार निवासी बुजारूराम अपने खेतों में सौर सुजला योजना के तहत् सोलर पंप स्थगित कर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से मक्का, भिण्डी, टमाटर जैसी साग-सब्जियों के साथ-साथ दलहन तिलहन फसलों का उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उनके आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ अपनी पहचान उन्नत कृषक के रूप में बना रहे है।
स्वरोजगार स्थापित कर सुमन मंडावी हुई आत्मनिर्भर
8 Mar, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर बस्तर कांकेर : अनुसूचित जाति, सफाई कामगार, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्गों के आर्थिक विकास के लिए व्यक्तिगत योजनाओं का संचालन स्वरोजगार हेतु वित्तीय ऋण सहायता एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण दिलाकर स्वावलंबी बनाने का कार्य राज्य शासन द्वारा किया जा रहा है। इस कार्य को जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति द्वारा क्रियान्वित किया जाता है। बेरोजगार युवकों में व्यवसायिक मानसिकता विकसित करने, जागरूक बनाने के उद्देश्य से व्यवसाय स्थापना के पूर्व कौशल विकास के प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।
दुर्गूकोंदल विकासखण्ड के ग्राम कपाली बरहेली निवासी सुमन मण्डावी द्वारा इस योजना का लाभ लेकर सरंगपाल रोड पंडरीपानी में कपड़ा दुकान सह बुटिक और फैन्सी स्टोर्स का संचालन किया जा रहा है।
सुमन मण्डावी बताती है कि मैं गरीब परिवार से हूॅ। मेरी पारिवारिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उच्च शिक्षा प्राप्त नहीं कर सकी। मेरी इच्छा थी कि अंत्यावसायी द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनान्तर्गत ऋण लेकर व्यवसाय करना चाहती थी। जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति कांकेर द्वारा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति वित्त एवं विकास निगम के सहयोग से संचालित आदिवासी महिला सशक्तीकरण योजना में प्राप्त लक्ष्य की पूर्ति हेतु स्थानीय समाचार पत्रों में विज्ञप्ति प्रकासित किया गया था। मैं जिसे पढ़कर अंत्यावसायी कार्यालय से सम्पर्क कर आवेदन की, चयन समिति की बैठक में 02 लाख रूपये का इकाई लागत के लिये मेरा चयन एवं ऋण स्वीकृत किया गया। आवश्यक दस्तावेज जमा करने उपरान्त मैं पसंद अनुसार कपड़ा दुकान सह बुटिक, फैन्सी स्टोर्स सामग्री क्रय किया। ऋण के रूप में सिलाई मशीन, कपड़ा एवं फैन्सी स्टोर्स सामाग्री क्रय कर सलवार सूट, पेटी कोट, ब्लाउज इत्यादि तैयार कर रही हूॅ, साथ ही कढ़ाई का कार्य सरंगपाल रोड पंडरीपानी चौंक में किराये से दुकान लेकर संचालित कर रही हूॅं तथा प्रतिमाह 13 से 15 हजार रूपये का कमाई हो रही है। परिवार में मेरे माता जी एवं एक बहन है, उनके पालन पोषण के साथ ही साथ प्रतिमाह 3550 रूपये ऋण राशि नियमित रूप से जमा कर रही हूॅ। व्यवसाय प्रारंभ करने से पारिवारिक स्थिति में सुधार हो गया है, जिसके लिए मैं राज्य शासन एवं अंत्यावसायी विभाग की बहुत-बहुत आभारी हूँ, जिन्होंने मेरा सपना साकार किया।
अंकिरा व दोकड़ा में नए विद्युत वितरण केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों को मिल रही बड़ी राहत
8 Mar, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जशपुरनगर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घोषणा अनुरूप जिले के कांसाबेल विकासखण्ड के दोकड़ा एवं फरसाबहार के अंकिरा में नवीन विद्युत वितरण केंद्र प्रारंभ होने से ग्रामीणों को बिजली संबंधी शिकायतों के निराकरण में राहत मिल रही है। कलेक्टर डॉ रवि मित्तल ने विगत दिवस वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से नवीन विद्युत वितरण केंद्रों में आए उपभोक्ताओं से उक्त केंद्र के शुरू होने से मिल रहे सुविधाओं के बारे में चर्चा की।
विद्युत वितरण केंद्र दोकड़ा में उपस्थित उपभोक्ता चमशीला सिंह, रोशन कुजूर, करलीना कुजूर, माधुरी केरकेट्टा एवं अंकिरा केंद्र के पीताम्बर साव सहित अन्य ग्रामीणों ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में नवीन विद्युत वितरण केंद्र की स्थापना हो जाने से लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल भुगतान, अधिक बिजली बिल की शिकायत, क्षेत्र में उच्च या निम्न वोल्टेज की समस्या सहित अन्य समस्याओं के निराकरण में बड़ी राहत मिल रही है। पहले उन्हें बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान हेतु लगभग 20 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। जिसमें समय भी अधिक लगता था और खर्च भी अधिक होता था। साथ ही निराकरण होने में लंबा वक्त लगता था।
ग्राम पंचायत कटंगखार की निवास चमशीला सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि उनका बिजली बिल सामान्य से अधिक आया था जिसके सुधार हेतु उन्होंने आवेदन किया था। विभाग द्वारा उनकी आवेदन को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उन्हें राहत पहुँचाया गया। सुधार के बाद उनका बिल 2930 रुपए आया है। जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। इसी प्रकार अंकिरा केन्द्र में आए पीताम्बर ने बताया कि पहले उन्हें बिजली की शिकायतो के लिए कोतबा जाना पड़ता था, परंतु अब अंकिरा में ही केंद्र खुल जाने से क्षेत्र वासियों की समस्या का तत्परता से समाधान हो रहा है। सभी ग्रामीण उपभोक्ताओं ने ग्रामीणों के समस्याओं को ध्यान में रख कर क्षेत्र में नए विद्युत वितरण केंद्र प्रारंभ कराने हेतु छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
बस्तर की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने वाली उर्मिला महिलाओं के लिए हैं मिसाल
8 Mar, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर : बस्तर की उर्मिला नाग पर्णिकर महिलाओं के लिए एक मिसाल हैं। धुरवा समाज से संबंध रखने वाली उर्मिला बस्तर के एक छोटे से गांव माझीपाल की रहने वाली है। उन्होंने सिर्फ प्राथमिक शिक्षा ही ली है, बावजूद इसके आज उर्मिला की पहचान विदेशों तक हैं। दरअसल उर्मिला अपने पति रजनीश के साथ मिलकर आमचो-लाडी नामक होम स्टे चलाती हैं। जहां वे बस्तर घूमने पहुंचे पर्यटकों को बस्तर की संस्कृति, खान-पान और पहनावे से परिचित करवाती हैं। खास बात ये है कि कभी हिंदी तक नहीं समझने वाली उर्मिला आज विदेशी पर्यटकों से सहजता से बातचीत कर लेती हैं। होम-स्टे के जरिए उर्मिला बस्तर की संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचा रही हैं। इसका सबसे शानदार उदाहरण है उनके हाथ के बने बस्तरिया व्यंजन जिसकी तारिफ दुनिया के जाने-माने शेफ गॉर्डन रामसे तक उनके हाथ से बने खाने की तारीफ कर चुके हैं। उर्मिला की पहचान होम-स्टे चलाने के इतर भी कुछ और है, उर्मिला अपने होम-स्टे के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ रही हैं।
बातचीत के दौरान उर्मिला कहती हैं, कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे ऐसा कुछ कर पाएंगी जिससे दुनिया में बस्तर को लोग जानेंगे। उन्हें अच्छा लगता है कि बस्तर के बारे में विदेशी बात करते हैं। उनकी संस्कृति को बारे में जानने लिए उत्सुक रहते हैं।
उर्मिला बातचीत के दौरान ये भी कहती हैं कि उन्हें खुशी होती है कि वे अपनी संस्कृति को बचाने की दिशा में काम कर रही हैं। उनका होम-स्टे सिर्फ एक रुकने की जगह नहीं बल्कि बस्तर की आदिवासी संस्कृति को करीब से जानने का एक माध्यम है। हाल ही में उर्मिला को बस्तर की संस्कृति को सहेजने के लिए ‘छत्तीसगढ़ महतारी सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। उर्मिला आगे चलकर अपने क्षेत्र की महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती हैं। नारी सशक्तिकरण पर बात करते हुए उर्मिला कहती हैं कि महिलाएं अपने रास्ते खुद चुनती हैं, मैंने भी चुना, मुझे मेरे पति और परिवार का पूरा साथ मिला। अगर मैं आगे बढ़ सकती हूं तो हर वह वो महिला आगे बढ़ सकती है जो कुछ करने का जज्बा रखती हैं।