छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
छत्तीसगढ़ : उद्योगपति नवीन जिंदल को धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार...
28 Feb, 2023 01:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायगढ़ : उद्योगपति नवीन जिंदल को पत्र भेजकर धमकी देने वाले आरोपी को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उसे बिलासपुर से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पहुंची। आरोपी को कोर्ट में पेश कर 15 दिन की रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रायगढ़ जेल में आना चाहता था। इसके चलते उसने ऐसा किया।
कोतरा रोड थाना प्रभारी गिरधारी साव ने बताया कि आरोपी पुष्पेंद्र चौहान के खिलाफ कई मामले चल रहे हैं। कुछ में उसको सजा हो चुकी है। इसी में वह पिछले 14 साल से बिलासपुर केंद्रीय जेल में सजा काट रहा है। जेल से ही आरोपी पुष्पेंद्र चौहान ने पत्र भेजकर उद्योगपति नवीन जिंदल से फिरौती मांगी थी और जान से मारने की धमकी दी थी।
इसके बाद रायगढ़ स्थित जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के जीएम की ओर से 23 जनवरी को थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पुष्पेंद्र चौहान ने बताया है कि, वह रायगढ़ जेल आना चाहता था। इसीलिए उद्योगपति नवीन जिंदल को धमकी दी। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर सही कारण जानने का प्रयास करेगी।
छत्तीसगढ़ : शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, जैसलमेर से जवान गिरफ्तार...
28 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : पेंड्रा पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले सेना के जवान को राजस्थान के जैसलमेर से गिरफ्तार किया। मामले में आरोपी सेना के जवान ने पीड़िता से चोरी छिपे दूसरी जगह सगाई कर ली थी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
दरअसल पेंड्रा थाना क्षेत्र में रहने वाली 23 वर्षीय युवती ने 20 फरवरी को पेंड्रा थाना पहुंचकर एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि पेंड्रा थाना क्षेत्र के झाबर गांव में रहने वाला सीताराम सोनवानी जिसे यह 2018 से जानती है और वह इसे शादी का झांसा देकर दुष्कर्म किया था। और वह जब भी उससे शादी करने को कहती तो कुछ ना कुछ बोलकर टाल देता और उसके बाद उसे कहीं से पता चला कि वो चुपके से दूसरी लड़की के साथ सगाई कर लिया है।
पुलिस ने तत्काल पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सीताराम सोनवानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई। इधर आरोपी की पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी मगर आरोपी सेना का जवान था और राजस्थान में कही ड्यूटी भी कर रहा था। पुलिस के उच्च अधिकरियों के निर्देश पर साइबर सेल से आरोपी सेना के जवान सीताराम सोनवानी की लोकेशन लेकर राजस्थान के जैसलमेर से गिरफ्तार कर पेंड्रा लेकर आई और आरोपी सीताराम सोनवानी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
रायपुर में अनुकंपा नियुक्ति नहीं मिलने पर दिवंगत शिक्षक की पत्नी ने कराया मुंडन...
28 Feb, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर में 20 अक्टूबर 2022 से जारी अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ का धरना-प्रदर्शन अपने चरम पर है। आज सोमवार को दिवंगत शिक्षकों की विधवा महिलाएं बूढ़ातालाब धरना स्थल पर अपनी मांग को मनवाने के लिए प्रदर्शन का नया तरीका अपनाया। प्रदर्शन के दौरान अपना मुंडन कराकर विरोध जताया
इतना ही नहीं दिवगंत शिक्षकों की विधवा महिलाए सीएम हॉउस का घेराव कर चुकी हैं। आत्मदाह की कोशिश भी कर चुकी हैं। बावजूद इसके सत्ता में बैठे हुक्मरानों के कानों पर जू तक नहीं रेंग रही है। मामले में राज्य सरकार उदासीन हैं। उनकी मांगे अभी तक धरी की धरी हैं। राजधानी में प्रदर्शन करते हुए 133 दिन बीत चुके हैं। प्रदर्शनकारी महिलाएं अपनी मांगों को सरकार से पूरा कराने के लिए हर तरीका अख्तियार कर रही हैं, जिससे उनकी मांगें पूरी हो सके। संगठन से जुड़ी ये महिलाएं 20 अक्टूबर 2022 से अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रही हैं।
महिलाओं का कहना है कि वो 20 अक्टूबर 2022 से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं पर सरकार हमारी ओर ध्यान नहीं दे रही है। जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती वे प्रदर्शन करती रहेंगी। आज बीजेपी नेता ने मौके पर पहुंचकर अनुकंपा नियुक्ति शिक्षाकर्मा कल्याण संघ छत्तीसगढ़ का समर्थन किया।
छत्तीसगढ़ में नाबालिग को बहला फुसलाकर भगा ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार.
28 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने नाबालिग को शादी के बहाने बहला फुसलाकर भगा ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नाबालिग को बरामद कर लिया है। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 363, 366, 376 और पास्को एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पूरा मामला पेंड्रा थाना इलाके का है। इलाके की 17 वर्षीय बच्चे के पिता ने थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 फरवरी को उनकी नाबालिग बेटी सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई है। आसपास और रिश्तेदारी में पता किया लेकिन कुछ पता नहीं चला।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। थाना पेंड्रा की पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसालकर ले जाने वाले आरोपी सूरज पुरी(20) पिता शिव प्रसाद पुरी निवासी आमाडांड थाना पेंड्रा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने नाबालिग को भी पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।
बिलासपुर में 20 किलो गांजा के साथ चार तस्कर गिरफ्तार...
27 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर में अलग-अलग जगहों पर गांजा बेचने आए नाबालिग समेत चार तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से 20 किलो गांजा बरामद किया गया है। एक तस्कर मध्यप्रदेश से गांजा बेचने आया था। इधर, पुलिस की सख्ती को देखकर ग्राहक मुखबिर बन गया और तस्कर के आने की सूचना पुलिस को दे दी। मामला सरकंडा और तोरवा थाना क्षेत्र का है।
एसपी संतोष कुमार के आने के बाद शहर के साथ ही जिले में नशे का सामान बेचने वालों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी कड़ी में सरकंडा टीआई फैजूल शाह को जानकारी मिली कि बहतराई स्थित निखिल आश्रम के पास एक युवक गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। खबर मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर मल्हार के वार्ड क्रमांक एक निवासी मन्नू लहरे (32) को बाइक (क्रमांक सीजी 10 एए 7409) के साथ पकड़ लिया। उसके पास रखे थैले की तलाशी लेने पर दो किलो 400 ग्राम गांजा मिला। वहीं, पुलिस ने राजकिशोर नगर के बजरंगबली मंदिर के पास ऋषि कपूर (26) निवासी बकरकुदा मस्तूरी को पकड़ लिया। उसके बैग से पुलिस को दो किलो 210 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
15 किलो गांजा के साथ नाबालिग सहित दो पकड़े गए
तोरवा पुलिस ने 15 किलो गांजा के साथ नाबालिग सहित दो लोगों को पकड़ा है। पुलिस को पता चला कि बापूखोली के पास दो संदिग्ध लोग घूम रहे। पुलिस मौके पर पहुंची और एक नाबालिग सहित दो लोगों को पकड़ लिया। उनके पास से बैग में 15 किलो गांजा मिला। पूछताछ में युवक की पहचान प्रेमप्रकाश माझी (40) निवासी रायपुरा चौकी बिलहरी जिला कटनी के रूप में हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
कोरबा में ट्रांसफार्मर फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी...
27 Feb, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा के रिसदी आवासीय इलाके में नियम विरुद्ध संचालित हो रही एक ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में आगजनी की घटना हुई। यहां लगी आग को देख आनन-फानन में दमकल को सूचना दी गई। कुछ देर में यहां पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर नियंत्रण कर लिया। अब लोग मांग कर रहे है इस इलाके से फैक्ट्री को बंद किया जाना चाहिए।
पिछले दिनों खरमोरा औद्योगिक क्षेत्र में जिला उद्योग केंद्र के द्वारा उपलब्ध कराए गए भूखंड पर संचालित हो रही एटूजेड ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में ओवरहीटिंग के कारण आगजनी हो गई थी। इस घटना में एक कर्मचारी किसी तरह बच गया था जबकि हादसे में फैक्ट्री संचालक को लाखों की चपत लगी थी। इस हादसे को लोग भूले भी नही थे कि रिसदी बस्ती में फिर आगजनी हो गई।
यहां बीच बस्ती में संचालित ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में लगी आग ने लोगों को भयभीत कर दिया। इस बीच मिली सूचना पर इलाके के पार्षद के द्वारा अग्निशमन विभाग को अवगत कराया गया। विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर आग बुझाने का काम शुरू किया। पार्षद ने सवाल उठाया कि आवासीय क्षेत्र में इस तरह का खतरनाक काम आखिर कैसे हो रहा है।
पार्षद अजय गोंड़ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वह खुद मौके पर पहुंचा उसके बाद बस्ती वासियों की मदद से आग पर काबू पाने प्रयास किया गया इस फैक्ट्री को हटाने इससे पहले भी कलेक्टर को आवेदन दिया जा चुका है, क्योंकि बस्ती के बीच में इस तरह का फैक्ट्री का संचालन काफी खतरा हो सकता है लेकिन अब तक इसे नहीं हटाया गया। जिसके चलते आज आगजनी हुई और और बड़ा हादसा होने से टल गया।
नजदीकी इलाके में आग लगने की जानकारी मिलने पर चन्द्रलोक सिंह, पत्थरिपारा वार्ड के पार्षद भी यहां पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पार्षद ने बताया कि जल्द ही इस यूनिट को यहां से हटाने के साथ औद्योगिक क्षेत्र में शिफ्ट किया जाना चाहिए।
बालोद में पुलिस अधीक्षक के बंगले से थोड़ी दूर लटकती मिली सड़ी गली लाश, जांच में जुटी पुलिस...
27 Feb, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बालोद में जिला पुलिस अधीक्षक बंगले से कुछ दूर सड़ी गली अवस्था में पेड़ से लटकी लाश मिली है। रविवार रात आठ बजे पुलिस को सूचना मिली। जानकारी के अनुसार, बालोद थाना इलाके के जुर्री पारा में पेड़ से लटका शव मिला है। बालोद थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने बताया कि लाश मिलने की सूचना मिली थी जिस पर बालोद थाने की टीम गई थी।
रात होने के कारण लाश के बारे में किसी तरह का कोई जानकारी नहीं मिली। फांसी पर लटकी हुई मिली लाश लगभग सड़ गई है, जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह लाश लगभग एक सप्ताह पुरानी है, हालांकि यह साफ नहीं है कि यह हत्या है या आत्महत्या।
फिलहाल बालोद थाना इलाके के अंतर्गत आत्महत्या के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। सुबह होते ही पुलिस द्वारा लाश के संदर्भ में जांच-पड़ताल किया जाएगी।
कोरबा में बेटी को बचाने जंगली सूअर से भिड़ी महिला की मौत...
27 Feb, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कोरबा में खेत से मिट्टी की खुदाई कर रही एक महिला और उसकी पुत्री पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तेलियामार में सामने आए इस घटना में पुत्री को बचाने के लिए मां जंगली सुअर से भिड़ गई। करीब आधे घंटे तक दोनों के बीच संघर्ष हुआ जिसमें महिला और सुअर दोनों की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने जांच शुरु कर दी है।
पसान थाना क्षेत्र के ग्राम तेलियामार में45 वर्षीय दुवसिया बाई अपनी 11 वर्षीय पुत्री सुनीता के साथ पास के ही गांव के खेत में मिट्टी लेने गई हुई थी। मिट्टी खुदाई के दौरान दोनों पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। बेटी को बचाने के लिए दुवसिया ने अपनी जान की भी परवाह नहीं की और सुअर से भिड़ गई। दोनों के बीच करीब आधे घंटे तक चले संघर्ष में दुवसिया की सांसे थम गई वहीं सुअर ने भी मौके पर दम तोड़ दिया।
महिला और जंगली सुअर की मौत की खबर ईलाके में जंगल में लगी आग की तरफ फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का हुजूम इकट्ठा हो गया। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। महिला के शरीर पर जख्म के कई निशान पाए गए हैं वहीं सुअर भी मौके पर लहुलुहान पड़ा हुआ पाया गया। मौके पर ही जिस तरह से दोनों की मौत हुई है उससे यह अंदाजा लगाना कठिन नही है, कि दोनों के बीच संघर्ष कितना तगड़ा हुआ होगा।
पसान रेंजर रामनिवास दहायत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे जहां देखा गया कि सुअर और महिला दोनों की मौत हो चुकी थी इस मामले में पंचनामा कार्रवाई करते हुए आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों को शुरुआती दौर में 25 हजार रुपयों का मुआवजा दिया गया है। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर महिला की लाश पीएम के लिए भेज दी गई है। वहीं, पशु चिकित्सक के माध्यम से जंगली सुअर का पीएम कराया जाएगा जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
सक्रिय राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी सोनिया गांधी, आगे भी देती रहेंगी पार्टी को मार्गदर्शन : अलका लांबा
27 Feb, 2023 09:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । कांग्रेस प्रवक्ता अलका लांबा ने रविवार को स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी सक्रिय राजनीति से सेवानिवृत्त नहीं हुई हैं। वह अपना आशीर्वाद और मार्गदर्शन पार्टी को आगे भी देती रहेंगी। अलका लांबा ने कांग्रेस अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा मुझे सोनिया जी के साथ दो मिनट बात करने का मौका मिला। उनकी भावुकतापूर्ण टिप्पणी को राजनीति से संन्यास लेने के अर्थ में समझा गया। लेकिन यह सच नहीं है। उन्होंने साफ कहा है कि वह आगे भी काम करना जारी रखेंगी। भविष्य में उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन पार्टी को प्राप्त होता रहेगा।
अलका लांबा ने कहा कि यह प्रतिनिधियों और देश को सूचित करना है कि सोनिया गांधी राजनीति से संन्यास नहीं ले रही हैं। सोनिया गांधी ने रायपुर में पार्टी के 85वें पूर्ण अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा था 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हुई। उन्होंने कहा यह यात्रा कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आई है। उन्होंने कहा इससे साबित हो गया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं।
सोनिया गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा था, इस यात्रा ने जन संपर्क कार्यक्रम के माध्यम से हमारी पार्टी और जनता के बीच संवाद की समृद्ध विरासत को नवीनीकृत किया है। इसने हमें दिखाया है कि कांग्रेस लोगों के साथ खड़ी है और उनके लिए लड़ने के लिए तैयार है। सोनिया गांधी ने सभी नेताओं और देश के लोगों को यात्रा में भाग लेने और प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा मैं विशेष रूप से राहुल जी को धन्यवाद देती हूं, जिनके दृढ़ संकल्प और नेतृत्व ने यात्रा की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रियंका का पैगाम, हमें एकजुट होकर लड़ना होगा...
26 Feb, 2023 05:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के अंतिम दिन आज पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने संबोधित करते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से सफलता मिलेगी। हमें एकजुट होकर लड़ना होगा। हमें गिले-शिकवे दूर करने होंगे। कांग्रेस को मजबूत करना होगा।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी बहुत बड़ा मुद्दा है। इस मुद्दे पर हमें एकजुट होकर काम करना होगा। प्रधानमंत्री मोदी अपने उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुँचा रहे हैं। देश के किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। देश के किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ है। अब हमारे पास एक साल का वक्त है। जनता को हम से उम्मीद है। इस उम्मीद के लिए हमें जी-जान से लग जाना होगा। देश को आज कांग्रेस की जरूरत है। कांग्रेस की विचारधारा जन-जन तक लेकर जाना होगा। विकास के मुद्दों पर काम करना होगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देश का माहौल नकारात्मक है। भविष्य के लिए हमें सकारात्मक होना होगा। पार्टी के लिए आप सब की जरूरत है आप निडर हैं। छत्तीसगढ़ में ईडी के छापे पड़े लेकिन हमारे नेता डरे नहीं, लड़े हैं। वे डट कर खड़े हैं। देश के संविधान के लिए हम सबको मिलकर लड़ना है।
मजबूत कांग्रेस, बुलंद भारत : मल्लिकार्जुन
26 Feb, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन सत्र में अपने संबोधन में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आतिथ्य के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जोरदार तारीफ की। श्री खड़गे ने कहा कि जिस शानदार तरीके से छत्तीसगढ़ में उन्हें प्यार मिला और डेलिगेट्स का ख्याल रखा गया, उसके लिए उन्हें बधाई देते हैं। अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को मजबूत कांग्रेस, बुलंद भारत का नारा दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि भाजपा के खिलाफ विचारधारा की लड़ाई तेज करनी होगी। कांग्रेस एकजुट होकर लड़ने तैयार है। भारत जोड़ो यात्रा से यही संदेश मिला है। श्री खड़गे ने कहा कि निजीकरण, महंगाई, बेरोजगारी का मुकाबला करना होगा। मिश्रित अर्थव्यवस्था पर चलना होगा। पूंजीवादी शक्तियों से देश को बचाना है। किसानों के आर्थिक उत्थान पर जोर देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कृषि क्षेत्र में और आर्थिक निवेश करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अधिवेशन में किसानों के लिए जो प्रस्ताव यहां रखा गया था, उसका वे समर्थन करते हैं। उन्होंने जातिगत जनगणना को जरूरी बताते हुए कहा कि आर्थिक समानता के लिए जनगणना जरूरी है।
बालोद में कुत्ता नोच के ले गया महिला के शव का हाथ, ग्रामीणों ने देखा तो मचा हड़कंप...
26 Feb, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जवाहर पारा की एक महिला ने आत्महत्या कर ली। महिला का शव ग्राम देऊरत राई में नहर किनारे पड़ा मिला। शव का एक हाथ कुत्ता पकड़कर ले गया, गांव वालों ने इसे देखा तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। महिला का नाम किरण बाई नेताम बताया जा रहा है। महिला ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाकर आत्महत्या की है।
ग्रामीण चंद्रिका लाल सिन्हा ने बताया कि यह घटना करीब 2 दिन पहले की बताई जा रही है और लाश को बच्चों ने देखा इससे पहले लाश का हाथ दूसरे गांव में कुत्तों द्वारा ले जाया गया था। उन्होंने भी पुलिस को इसकी सूचना दी थी परंतु शव का पता नहीं चल पाया था। रविवार को जब बच्चे खेलते-खेलते नहर किनारे पहुंचे तो उन्होंने लाश को देखा उसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी।
हत्या या आत्महत्या, पुलिस कर रही जांच
पूरा मामला हत्या है या फिर आत्महत्या दोनों एंगल से पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई है। फिलहाल शव को पुलिस द्वारा ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला 23 फरवरी को अपने घर से अपने मामा घर जाने की बात कहकर निकली थी। लेकिन उसकी जली हुई अवस्था में लाश मिली है। उसके बाद उसके मामा गांव में रात को फोन लगाकर संपर्क किया गया तो पता चला कि महिला वहां पहुंची ही नहीं है। जिसके बाद खोजबीन शुरू की गई और अगले दिन थाने में इसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई।
मिट्टी के तेल की शीशी और पानी की बोतल मिली
जिस जगह पर महिला की लाश मिली है उस जगह पर मिट्टी तेल की शीशी पानी की बोतल सहित कुछ कपड़े मिले हैं। जिसे पुलिस द्वारा जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा पंचनामा किया गया है। पता लगाया जा रहा है कि जो डिब्बा मिला है वह उसके घर का है की नहीं। जिस जगह पर महिला की लाश मिली है वह उसका ही खेत बताया जा रहा है और वह उसका मायका है इस कारण शव को पहचानने में ज्यादा समय नहीं लगा दो तरह से मामले में शिकायत हुई थी।
कोरबा में दुकान के बाहर महिला ने खाया जहरीला पदार्थ, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल..
26 Feb, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा के दर्री रोड में सुबहएक महिला ने दुकान के बाहर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद ही महिला की हालत बिगड़ गई। यहां से मिली सूचना पर कोतवाली थाना की महिला आरक्षक मौके पर पहुंची और तत्काल ऑटो के जरिए पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया।
व्यस्ततम दर्री रोड इलाके में महिला के द्वारा अपने एक एक रिश्तेदार की दुकान के सामने उसने इस घटना को अंजाम दिया गया । किसी व्यक्ति ने घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर लिया। कुछ देर में उसकी हालत बिगड़ते देख पुलिस को जानकारी दी गई। कोतवाली थाना की महिला आरक्षक रेहाना फातिमा तुरंत यहां पहुंची और एक ऑटो के जरिए पीड़िता को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उपचार देने के बाद महिला खतरे के बाहर बताई जा रही है।
आरक्षी रेहाना फातिमा ने बताया कि उसे जैसे ही जानकारी वो तत्काल मौके पर पहुंची और पीड़ित महिला को ऑटो में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे अगर थोड़ी देर भी होती तो महिला की जान जा सकती थी।
महिला ने पूछताछ में बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते उसने जहरीला पदार्थ खाया है। जिला अस्पताल के फीमेल वार्ड में पीड़िता भर्ती किया गया है जहां पर चिकित्सक उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार जनार्दन ने बताया कि इस मामले में मेमो प्राप्त नहीं हुआ है। पूछताछ के साथ घटनाक्रम और वास्तविक पहलू सामने आ सकते हैं। बारीकी से विवेचना करने के साथ कार्रवाई की जाएगी।
नारायणपुर में नक्सली हमला, आइईडी ब्लास्ट में एक जवान शहीद...
26 Feb, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़: नारायणपुर में सुबह करीब 7 बजे DRG और CAF की संयुक्त टीम नक्सलियों द्वारा बैनर पोस्टर लगाने की सूचना मिलने पर ओरछा थाना से गश्त के लिए निकली थी। तभी बटुमपारा के टेकरी पर IED ब्लास्ट होने से 16वीं वाहिनी का प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा निवासी जिला जशपुर ब्लास्ट में घायल हो गया तत्काल क्षेत्रको सुरक्षित करके जवान कोप्राथमिक उपचार हेतु ओरछा अस्पताल तक पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इलाके में सर्चिंग जारी है।
लगातार नक्सलियों द्वारा जवानों को टारगेट किया जा रहा है। शनिवार को नक्सली हमले में 3 जवान शहीद हुए थे। रविवार की सुबह गश्त पर निकले जवान आईडी की चपेट में आ गए, जहां प्रधान आरक्षक की मौत हो गई, जबकि एक जवान घायल बताया जा रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने बताया की नारायणपुर जिले में रविवार की सुबह करीब 7 बजे DRG और CAF की संयुक्त टीम नक्सलियों द्वारा बैनर पोस्टर लगाने की सूचना मिलने पर ओरछा थाना से गश्त सर्चिंग के लिए निकली थी। उसी दौरान बटुमपारा के टेकरी पर IED ब्लास्ट होने से 16वीं वाहिनी का प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा निवासी जिला जशपुर ब्लास्ट में घायल हो गया, तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित करके जवान को प्राथमिक उपचार हेतु ओरछा अस्पताल तक पहुंचाया गया। जहां उसे उपचार के दौरान डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया। क्षेत्र के आसपास सर्चिंग जारी है।
बता दें कि कल भी जवानों और नक्सलियों के बीच सुकमा में मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में तीन जवानों की मौत हुई थी। वहीं जवाब में जवानों ने भी 6 नक्सलियों को मार गिराए जाने की बात सामने आई है।
कांकेर में नक्सलियों ने सेना के जवान की गोली मार की हत्या...
26 Feb, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ : कांकेर जिले के अति संवेदनशील इलाके के आमाबेड़ा थाना इलाके उसेली के मुर्गा बाजार में सेना के जवान को नक्सलियों ने शनिवार शाम करीब साढ़े 5 बजे गोली मार कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, उसेली में बाजार स्थल के पास मुर्गा बाजार लगता है। बड़े तेवड़ा निवासी सेना का जवान मोतीराम आंचला पिता बालसाय आंचला सप्ताहभर पहले छुट्टी पर आया था। शनिवार को उसेली बाजार में मुर्गा बाजार देखने पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नक्सलियों ने सेना के जवान को तीन गोली मारी, जिससे सेना के जवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनते ही अफरा तफरी मच गई।