मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
चुनाव में सपा-बसपा बिगाड़ेंगे भाजपा और कांग्रेस का गणित
1 Sep, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने है। दोनों पार्टियों के बीच हमेशा सीधा मुकाबला होता रहा है। लेकिन इसबार विधानसभा चुनाव में दूसरी या कहें वोट के हिसाब छोटी पार्टियां भी अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुटी हैं।भले ही समाजवादी पार्टी कांग्रेस के साथ वाली इंडिया गठबंधन का हिस्सा हो लेकिन वो भी मध्य प्रदेश में अलग से चुनावी मैदान में उतर रही है। वहीं बहुजन समाज पार्टी की बात करें तो वो भी पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में उतर रही है। लेकिन यहां सवाल यह उठता है कि क्या एसपी-बीएसपी के दखलंदाजी से भाजपा और कांग्रेस के वोट पर कोई असर पड़ेगा? क्या ये दोनों पार्टियां कांग्रेस और भाजपा का वोट काटने का काम करेंगी?
बसपा ने किस सीट पर किसे दिया मौका
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा के मामले में बसपा ने सबसे पहले बाजी मारी है। बीएसपी ने उत्तर प्रदेश से सटे 7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इसमें चंबल से एक, बुंदेलखंडे से दो और विंध्य क्षेत्र की चार सीटें शामिल हैं। उम्मीदवारों की लिस्ट में एक दलित वर्ग से, तीन ब्राह्मण, दो पटेल और एक ठाकुर वर्ग से हैं। बीएसपी ने जिन सात जनप्रतिनिधियों को उम्मीदवार बनाया है, उसमें पहला नाम रीवा जिले की सिरमौर सीट से पुलिस विभाग से रिटायर डीएसपी विष्णुदेव पांडेय का है। दूसरा नाम रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से पंकज सिंह पटेल का है। सतना जिले की रैगांव सीट से देवराज अहिरवार, खजुराहो की राजनगर विधानसभा सीट से रामराजा पाठक और निवाड़ी विधानसभा सीट से अवधेश प्रताप सिंह राठौर पर पार्टी ने विश्वास जताया है। वहीं मुरैना जिले की दिमनी सीट से बलवीर सिंह डंडौतिया और सतना जिले की रामपुर बघेलान सीट से रिटायर्ड तहसीलदार मणिराज सिंह पटेल प्रत्याशी बनाए गए हैं।
सपा ने इन्हें चुनावी मैदान में उतारा
समाजवादी पार्टी ने अब तक उम्मीदवारों की दो सूची जारी की है। पहली सूची में चार और दूसरी लिस्ट में दो उम्मीदवारों का नाम है। पहली लिस्ट में मध्यप्रदेश के निवाड़ी सीट से पूर्व विधायक मीरा दीपक यादव, राजनगर से बृजगोपाल पटेल, भांडेर से आरडी राहुल और मेहगांव से बृजकिशोर सिंह गुर्जर को मैदान में उतारा गया है। वहीं दूसरी सूची में, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विंध्य क्षेत्र के सिद्दी जिले में धौहनी से विश्वनाथ सिंह गौड़ मरकाम और चितरंगी से श्रवण कुमार सिंह गौड़ को मैदान में उतारा है। ये दोनों सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित हैं और यूपी की सीमा के करीब हैं।
मप्र में दोनों पार्टियों का प्रभाव
मध्यप्रदेश की राजनीति में एसपी-बीएसपी के प्रभाव की बात की जाए, तो ये दोनों राजनैतिक दल मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस का समीकरण कुछ हद तक बिगाड़ सकते हैं। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड और विंध्य क्षेत्र में दोनों पार्टियों की कुल मिलाकर अच्छी पैठ है। इन क्षेत्रों से कई बार एसपी-बीएसपी के उम्मीदवार चुनाव जीत चुके हैं। इसका एक मुख्य कारण है इन क्षेत्रों का उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा होना। उत्तर प्रदेश की प्रभावी पार्टियां होने की वजह से मध्यप्रदेश के इन इलाकों में बसपा और समाजवादी पार्टी का भी अच्छा प्रभाव रहता है। 2018 में भाजपा को सत्ता से बाहर करने में बीएसपी की बड़ी भूमिका रही थी। बीएसपी को 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में 5 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे। वर्तमान में, बीएसपी ही प्रदेश में तीसरे नंबर की पार्टी है।मौजूदा विधानसभा में बीएसपी के दो विधायक पथरिया से रामबाई और भिंड से संजीव सिंह हैं, जबकि जौरा, देवताल, ग्वालियर ग्रामीण, पौहारी, रामपुर बघेलान और सबलगढ़ में बीएसपी प्रत्याशी दूसरे नंबर पर थे। 36 सीटों पर बीएसपी तीसरे स्थान पर थी। इससे पहले राज्य में कभी बसपा, गौंडवाना गणतंत्र पार्टी और समाजवादी पार्टी को बड़ी सफलता मिली थी, मगर वर्तमान में इन दलों के पास कोई बड़ा चेहरा नहीं है।
समाजवादी पार्टी का प्रभाव
वहीं समाजवादी पार्टी की भूमिका की बात करें, तो उत्तरप्रदेश से लगे बुंदेलखंड इलाके में इसका कुछ हद तक प्रभाव है। 2018 के विधानसभा चुनाव में सपा मध्यप्रदेश में 1 सीट जीतने में सफल रही थी। पूरे प्रदेश में उसने 52 प्रत्याशी उतारे थे। उसे 1.3 प्रतिशत वोट शेयर प्राप्त हुआ था।इससे पहले, 2003 के विधानसभा चुनाव में एसपी का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा था। तब 161 सीटों पर एसपी ने चुनाव लड़ा था और उसके 7 प्रत्याशियों की जीत हुई थी। उस समय पार्टी को प्रदेश में 5 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे।
2020 में सियासी उलटफेर के बाद भाजपा की सरकार बनी
राज्य में विधानसभा की कुल 230 सीटें है, जिनमें से कांग्रेस का 96 पर कब्जा है, वहीं भाजपा के पास 127 विधायक हैं, इसके अलावा बीएसपी के दो, एसपी के एक और चार निर्दलीय विधायक हैं। 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी थी लेकिन 2020 में राज्य में सियासी उलटफेर के बाद भाजपा की सरकार बनी। फिलहाल मीडिया रिपोर्ट की हिसाब से प्रदेश में भाजपा में आंतरिक कलह का माहौल बना हुआ है। वहीं भाजपा का मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, यह सवाल भी लगातार उठ रहे हैं। इसको लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा था कि शिवराज सिंह चौहान अभी मुख्यमंत्री हैं, लेकिन चुनाव के बाद कौन होगा, इस बारे में पार्टी को तय करना है। वहीं जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे ही दलबदल का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। दीपक जोशी से शुरू हुआ दलबदल का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। निवाड़ी विधानसभा से चर्चा में रही रोशनी यादव ने हाल ही में भाजपा से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। रोशनी के साथ ही सागर जिले के राहतगढ़ से नीरज शर्मा और शिवपुरी जिले से जितेंद्र जैन (गोटू) भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। कुल मिलाकर कांग्रेस-भाजपा का खेल एसपी-बीएसपी और दल बदलने वाले नेता खराब कर सकते हैं।
अबकी बार महिलाओं के हाथ में सत्ता का भाग्य
1 Sep, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। वैसे तो महिलाओं को आधी आबादी के तौर पर पेश किया जाता है। लेकिन चुनावों में मतादाता के तौर पर महिलाओं को अहमियत कम ही मिलती है। हालांकि, धीरे-धीरे ही सही, लेकिन चुनावी राजनीति में महिलाओं को भी अब अहमियत मिलने लगी है। ये आधी आबादी अब सत्ता बनाने या बदलने का दमखम भी रखती है।
शायद यही वजह है कि अब महिलाओं को साधने वाले चुनावी वादे किए जाने लगे हैं। या उनके लिए योजनाएं लाई जाने लगीं हैं। कुछ ही महीनों में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। और चुनावों से पहले सत्ताधारी भाजपा और विपक्ष में बैठी कांग्रेस, दोनों ही महिलाओं को साधने में जुट गईं हैं। इसे ऐसे समझिए कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहना योजना शुरू की, तो इसके जवाब में कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी सरकार बनने पर नारी सम्मान योजना लागू करने का वादा कर दिया।
एमपी की भाजपा सरकार ने इसी साल मार्च में लाडली बहना योजना शुरू की थी। इसके तहत, महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दिए जाते हैं। अब चुनाव से पहले इसमें 250 रुपये और बढ़ा दिए गए हैं। सीएम शिवराज ने ऐलान किया है कि अक्टूबर से हर महीने 1,250 रुपये आने लगेंगे। इतना ही नहीं, महिलाओं को सस्ता गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन में 450 रुपये में गैस सिलेंडर देंगे। सरकार महिलाओं के खातों में हर महीने 600 रुपये डालेगी, जिससे उन्हें सिलेंडर 450 रुपये में पड़ेगा।इसके अलावा पुलिस और दूसरी भर्तियों में भी महिलाओं को 30 की बजाय 35त्न आरक्षण दिया जाएगा। शिक्षकों के पदों पर अब महिलाओं को 50त्न आरक्षण मिलेगा। बहनों की स्कूल फीस भी सरकार भरेगी। इन सबके अलावा, सीएम शिवराज ने ये भी ऐलान किया कि पात्र महिलाओं को आजीविका मिशन से लोन दिया जाएगा। इस पर ब्याज सरकार भरेगी। छोटे-मोटे उद्योग के लिए महिलाओं को इंडस्ट्रियल एरिया में प्लॉट मिलेगा। मकसद ये है कि महिलाओं की मासिक आमदनी कम से कम 10 हजार रुपये हो जाए।
सिर्फ भाजपा ही नहीं, बल्कि कांग्रेस की निगाहें भी महिला वोटरों पर हैं। मार्च में सीएम शिवराज ने जब लाडली बहना योजना की घोषणा की तो एमपी कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने भी नारी सम्मान योजना का ऐलान कर दिया। इतना ही नहीं, 27 अगस्त को शिवराज ने जब सारी घोषणाएं की तो थोड़ी ही देर बाद कमलनाथ ने भी घोषणाओं की झड़ी लगा दी। उन्होंने फिर नारी सम्मान योजना को दोहराते हुए ऐलान किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि शिवराज को 100 रुपये में बिजली दे रहे हैं, हम तो मुफ्त करने जा रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार बनने पर 100 यूनिट तक बिजली फ्री देने का वादा किया है।
इसकी सबसे बड़ी वजह है मध्य प्रदेश की चुनावी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढऩा। बीते कुछ सालों में न सिर्फ महिला वोटरों की संख्या बढ़ी है, बल्कि चुनावों में इनका वोटिंग प्रतिशत भी बढ़ा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस समय प्रदेश में 5.39 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें से 2.60 करोड़ यानी 48 फीसदी से ज्यादा महिला वोटर्स हैं। आंकड़े बताते हैं कि पांच साल में 35 लाख से ज्यादा वोटर्स बढ़े हैं। इनमें 19 लाख महिला और 16 लाख पुरुष वोटर्स हैं। इतना ही नहीं, प्रदेश के 52 में से 41 जिले ऐसे हैं, जहां महिला वोटर्स की संख्या पुरुषों से ज्यादा है। इसके अलावा, कुछ साल पहले तक हर एक हजार पुरुष वोटर्स पर 926 महिला वोटर्स हुआ करती थीं। अब ये आंकड़ा 931 महिलाओं का हो गया है। इन सबके अलावा, अगर चुनावों में महिला वोटर्स की भागीदारी के आंकड़े देखें तो वो भी हैरान करने वाले हैं। 2018 में 74त्न महिला वोटर्स ने वोट डाला था। 2013 के चुनावों के वक्त 70त्न महिला वोटर्स ने वोटिंग की थी। यानी, पांच साल में ही महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 4 फीसदी तक बढ़ गया था।
रीवा सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल के पदों की वृद्धि के प्रस्ताव बनाएँ
31 Aug, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : जनसंपर्क तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने आज मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रीवा सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल के पदों की वृद्धि किये जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मंत्री शुक्ल ने पदों की वृद्धि के प्रस्ताव को मंत्रि-परिषद के समक्ष रखे जाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मो. सुलेमान, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा कैरलिन खोंगवार, आयुक्त स्वास्थ्य सुदाम खाड़े, मिशन संचालक पंकज जैन, संचालक चिकित्सा शिक्षा अरूण श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व राष्ट्रपति स्व. मुखर्जी को किया नमन
31 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न स्व. प्रणब मुखर्जी की पुण्य-तिथि पर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय के सभागार में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
पूर्व राष्ट्रपति स्व. मुखर्जी का जन्म 11 दिसम्बर 1935 में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले में हुआ। वे भारत के तेरहवें राष्ट्रपति थे। उन्हें 26 जनवरी 2019 को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। प्रणब मुखर्जी ने "द कोलिएशन ईयर्स: 1996-2012" पुस्तक भी लिखी। उन्होंने प्रमुख आर्थिक और रणनीतिक मंत्रालयों में लंबे समय तक योगदान दिया।
मुखर्जी अपने शुरुआती जीवन में वकालत और अध्यापन कार्य सहित पत्रकारिता के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे। उनका निधन दिल्ली में 31 अगस्त 2020 को हुआ।
सीमा पर तैनात जवानों की पत्नी के लिये स्वास्थ्य शिविर 2 सितम्बर तक
31 Aug, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : शुरुआती चरण में बीमारी का पता लगने से जिंदगी बचती है" के ध्येय के साथ सैन्य अस्पताल भोपाल में 31 अगस्त से 2 सितम्बर 2023 तक महिला स्वास्थ परीक्षण एवं जागृति शिविर का आयोजन सभी सैनिकों की पत्नियों के लिए कराया जा रहा है। मुख्यत: ब्रेस्ट एवं सरवाइकल कैंसर पर केन्द्रित शिविर का उद्देश्य भोपाल मिलिट्री स्टेशन में सेवारत सैनिकों और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की पत्नियों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। शिविर के पहले दिन 186 महिलाओं ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाये। शिविर 2 सितम्बर 2023 तक जारी रहेगा और यदि जरुरी हुआ तो 05 सितम्बर 2023 तक के लिए बढ़ाया जाएगा।
पश्चिम मध्यप्रदेश सब एरिया की आवा अध्यक्ष फराह डी'कुनहा की उपस्थिति में चांदनी शिंघल क्षेत्रीय अध्यक्षा आवा, डॉ. रीनी मलिक, गाँधी मेडिकल कॉलेज भोपाल की पैथालॉजी विभागाध्यक्ष और डॉ राजेश पसरिचा एम्स भोपाल रेडियोथैरेपी विभागाध्यक्ष ने सभी को कैंसर के लक्षण तथा निदान से संबंधित तथ्यात्मक जानकारी सरल शब्दों में दी। शिविर का मकसद मुख्यत: ब्रेस्ट और सरवाइकल कैंसर के बारे में जानकारी पहुँचा कर महिलाओं को इन रोगों से बचाना है।
अन्य महत्वपूर्ण रोगों का भी परीक्षण
शिविर में हड्डियों के घनत्व की जाँच की सुविधा भी मुहैया कराई गई, जो कि रजोनिवृत्ति के पूर्व या पश्चात की अस्थि सुषिरता (Osteoporosis) नामक सामान्यतः महिलाओं में होने वाली बिमारी को चिन्हित करके समुचित उपचार प्रदान करवाना है। दंत चिकित्सा दल ने भी दाँतों और मुँह के रोगों की जाँच की। रेडियोलॉजिकल और पैथोलॉजिकल जाँच के साथ ही महिलाओं को मल्टीस्पेशलिटी परामर्श भी प्रदान किया गया। इससे आगामी फॉलोअप में चिकित्सक और मरीज दोनों का आसानी होगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने बरगद, जामुन और कदम्ब के पौधे रोपे
31 Aug, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट सिटी पार्क में बरगद, जामुन और कदम्ब के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ बालक सक्षम चौहान और वृतांशु भारद्वाज ने भी अपने जन्म-दिन पर पौध-रोपण किया। सक्षम के साथ उनके पिता बृजेन्द्र सिंह चौहान और वृतांशु के साथ उनके परिजन मनु देव भारद्वाज, कामना चतुर्वेदी और वंदना शुक्ला ने भी पौधे लगाए।
शत-प्रतिशत परिवारों तक नल-जल उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दें : मंत्री शुक्ल
31 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जनसंपर्क मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि शत-प्रतिशत परिवारों तक नल-जल योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि जल प्रदाय योजनाओं का सुचारू संचालन हो। मंत्री शुक्ल ने आज मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का कार्यभार ग्रहण कर विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव संजय कुमार शुक्ल, प्रमुख अभियंता संजय कुमार अंधवान, जल निगम के परियोजना निदेशक ए.के. जैन सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मंत्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि जिन समूह नल-जल योजनाओं से जल प्रदाय प्रारंभ हो गया है, उनमें जल प्रदाय के सुचारू रूप से संचालन हेतु ठेकेदार द्वारा पर्याप्त मात्रा में वाल्व ऑपरेटर आदि लगाये जायें, जिससे ग्रामीणों को नियमित रूप से निर्धारित मात्रा में शुद्ध पेय जल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि समूह योजना से लाभान्वित जिन ग्रामों में शत-प्रतिशत परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त पाइप लाइन की आवश्यकता है उन ग्रामों के लिए तत्काल कार्य योजना क्रियान्वित कर संपूर्ण ग्राम को नल से जल उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता पर करें।
मंत्री शुक्ल ने कहा कि वे सितंबर माह में विभागीय कार्यों की संभागवार समीक्षा संभागीय मुख्यालय पर मैदानी अधिकारियों के साथ करेंगे, इसके लिये विभाग द्वारा आवश्यक तैयारी की जाये। प्रमुख सचिव संजय शुक्ला ने मंत्री शुक्ल को विभाग एवं जल निगम द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
आयुष आपके द्वार योजना
31 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में एक अगस्त से "आयुष आपके द्वार" योजना संचालित की जा रही है। आयुष विभाग की इस योजना में नागरिकों को उपचार की सुविधा उनके घर पर ही सुलभ तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है। यूनानी चिकित्सा पद्धति से नागरिकों का उपचार किया जा रहा है।
भदभदा क्षेत्र के ग्रामों में यूनानी पद्धति से उपचार सुविधा
शासकीय हकीम सैयद जियाउल हसन यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय के स्वास्थ्य दल ने भदभदा क्षेत्र के रहवासियों को वर्षा जनित रोगों से बचाव के लिये उपचार सुविधा उपलब्ध कराई है। नागरिकों को निशुल्क दवा का वितरण भी किया गया है। वर्षा ऋतु में प्रमुख रूप से मलेरिया, डेंगू, पीलिया और डी-हायड्रेशन की दिक्कत होती है। नागरिकों को वर्षा ऋतु के अनुरूप आहार, साफ-सफाई की सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही यूनानी महाविद्यालय के डॉक्टरों ने अर्जुन नगर, पंचशील नगर, आयुष ग्राम बरखेड़ा नाथू में भी ग्रामीणों को परामर्श दिया। पिछले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों के करीब 1000 परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी समझाइश और आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाई वितरित की गई।
यूनानी महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया बेहतर प्रदर्शन
भोपाल के आयुष परिसर नेहरू नगर कोलार बायपास रोड पर स्थित हकीम सैयद जियाउल हसन सरकारी यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय के क्षात्रों ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की अखिल भारतीय आयुष स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा 2023 में शानदार प्रदर्शन किया है। महाविद्यलाय की छात्रा तजीन नवेद ने 28वां, छात्र नजीम ने 34वां और रमशा अरशद ने 45वां स्थान प्राप्त किया है। कुछ छात्रों का राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान बैंगलुरू में भी चयन हुआ है।
मुख्यमंत्री चौहान ने नव-नियुक्त मंत्रियों को दी बधाई
31 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मुख्यमंत्री निवास कार्यालय ‘समत्व’ में 'वंदे-मातरम्' गान के साथ प्रारंभ हुई। मुख्यमंत्री चौहान ने नव नियुक्त मंत्री गौरी शंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ल तथा राज्य मंत्री राहुल लोधी का स्वागत किया और उन्हें बधाई व शुभकामनाएँ दीं।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की कनेक्शनधारी बहनों को गैस रिफिल 450 रूपये में उपलब्ध कराने का निर्णय
31 Aug, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री निवास 'समत्व भवन' में मंत्रि-परिषद की बैठक हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की कनेक्शनधारी बहनों को 4 जुलाई 2023 से 31 अगस्त 2023 तक की अवधि प्राप्त की गई गैस रिफिल 450 रूपये में उपलब्ध करने का निर्णय लिया गया। लगभग 40 लाख गैस रिफिल प्राप्त करने वाली बहनों के आधार लिंक बैंक खाते में प्रति रिफिल लगभग 500 रूपये के मान से राशि का भुगतान किया जाएगा। इस पर लगभग 200 करोड़ रूपये का व्यय संभावित है।
1200 करोड़ रूपये की “कायाकल्प योजना" की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश के नगरीय निकायों की सड़कों के उन्नयन और निर्माण के लिये 1200 करोड़ रूपये की “कायाकल्प योजना" की स्वीकृति प्रदान की गई। नगरीय क्षेत्रों में नागरिकों के सुलभ आवागमन हेतु अच्छी, मजबूत और आरामदेह सड़कों का नेटवर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इस योजना में निकाय की प्रमुख सड़कों के नवीनीकरण, मजबूतीकरण और निर्माण का कार्य, समयबद्ध कार्यक्रम अनुसार गुणवत्तापूर्ण किया जायेगा। योजना के कार्यों की गुणवत्ता नियंत्रण के लिये नगरीय राज्य क्वालिटी मॉनिटर की नियुक्ति के साथ ही, राज्य, संचालनालय एवं संभाग स्तर पर त्रि-स्तरीय मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गयी है।
मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना में वार्षिक आय सीमा अब 8 लाख
मंत्रि-परिषद ने मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना अन्तर्गत विद्यार्थी के पिता/पालक की वार्षिक आय सीमा 6 लाख रूपये से बढ़ा कर 8 लाख रूपये करने की स्वीकृति प्रदान की।
पश्चिम भोपाल बायपास के निर्माण के लिये 2,981 करोड़ 65 लाख की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद ने भोपाल शहर के पश्चिम-दक्षिण हिस्से में 40.90 कि.मी. लम्बे पश्चिम भोपाल बायपास का निर्माण 2 हजार 981 करोड़ 65 लाख रूपये लागत से हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल पर किये जाने का निर्णय लिया। इस बायपास मार्ग का चार लेन मय पेव्हड शोल्डर में मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा निर्माण किया जायेगा। परियोजना में चार लेन मार्ग के साथ 6 लेन स्ट्रक्चर एवं दोनों ओर दो लेन सर्विस रोड का निर्माण किया जायेगा। मार्ग के एकरेखण में आने वाले 1 आरओबी, दो फ्लाई ओवर, पंद्रह अंडरपास एवं दो वृहद जंक्शन का निर्माण किया जायेगा। प्रस्ताव के अनुसार निवेशकर्ता एजेंसी को निर्माण कार्य के दौरान ठेके की 40 प्रतिशत राशि का भुगतान 5 किश्तों में किया जायेगा। शेष 60 प्रतिशत राशि का भुगतान छ: माही एन्यूटी के रूप में अगले 15 वर्षों तक किया जायेगा।
प्रतिवर्ष "खेलो एम.पी. यूथ गेम्स" होंगे
मंत्रि-परिषद द्वारा मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप "खेलो इण्डिया यूथ गेम्स" की तर्ज पर "खेलो एम.पी. यूथ गेम्स" को प्रदेश में प्रतिवर्ष आयोजित करने और आयोजन व्यय 200 करोड़ रूपये की सहमति प्रदान की गई।
नवीन अनुविभाग जवा का सृजन
मंत्रि-परिषद द्वारा जिला रीवा में नवीन अनुविभाग जवा का सृजन करने का निर्णय लिया गया। नवीन अनुभाग में तहसील जवा के समस्त पटवारी हल्का 01 से 87 तक कुल 87 पटवारी हल्के शामिल होंगे। जवा अनुविभाग के गठन के बाद अनुविभाग त्योंथर में तहसील त्योंथर के पटवारी हल्के 01 से 100 तक, कुल 100 पटवारी हल्के शेष रहेंगे। जवा के संचालन के लिये अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) का 1, स्टेनो टायपिस्ट का 1, सहायक ग्रेड-2 के 2, सहायक ग्रेड-3 के 3, वाहन चालक का 1 और भृत्य के 4 पद इस प्रकार कुल 12 पद स्वीकृत किये गये है।
आशा तथा शहरी आशा कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि
मंत्रि-परिषद द्वारा आशा तथा शहरी आशा कार्यकर्ताओं को उनके द्वारा संपादित की जाने वाली रूटीन गतिविधियों की प्रोत्साहन राशि प्रतिमाह 2 हजार से बढ़ाकर प्रतिमाह 6 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया। साथ ही प्रतिवर्ष उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के अनुसार (अधिकतम 1000 रूपये की सीमा में ) प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है। इसके साथ आशा पर्यवेक्षकों को दी जाने वाली दैनिक प्रोत्साहन राशि बढ़ाकर 500 रूपये प्रतिदिन (अधिकतम रुपये 15000 रूपये प्रतिमाह ) की गई तथा प्रतिवर्ष समुचित बढ़ोतरी के निर्णय लेने के लिए विभाग को अधिकृत किया गया है। आशा, शहरी आशा और आशा पर्यवेक्षकों की सेवानिवृत्ति के समय दी जाने वाली राशि बढ़ाकर एक लाख रूपये की गई है। आशा, शहरी आशा एवं आशा पर्यवेक्षकों के परिवारों को उनकी कर्त्तव्य अवधि में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का पात्र परिवार भी माना गया है।
रतलाम और छतरपुर में 2 समूह जल-प्रदाय योजना स्वीकृत
मंत्रि-परिषद द्वारा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा मध्यप्रदेश जल निगम के माध्यम से रतलाम और छतरपुर के लवकुशनगर में 2 नवीन समूह जल-प्रदाय योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं। इसके लिये 967 करोड़ 52 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
'मध्यप्रदेश देव नारायण बोर्ड' के गठन का अनुसमर्थन
मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश में गुर्जरों के कल्याण, उनके सामाजिक, आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने, रोजगार, कौशल विकास एवं शिक्षा / प्रशिक्षण के लिये राज्य सरकार को आवश्यक सुझाव एवं अनुशंसाएँ दिये जाने के लिये 'मध्यप्रदेश देव नारायण बोर्ड के गठन आदेश 28 सितम्बर 2020 का अनुसमर्थन किया गया।
विशेष पिछड़ी जनजातियों को भी मिलेगा अब लाड़ली बहना योजना की राशि वृद्धि का लाभ
मंत्रि-परिषद द्वारा जनजातीय कार्य विभाग द्वारा विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, भारिया एवं सहरिया परिवारों को कुपोषण से मुक्ति दिलाने के लिये संचालित आहार अनुदान योजना की पात्र महिला हितग्राहियों को महिला-बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली बहना योजना में समय-समय पर होने वाली राशि वृद्धि का लाभ समान रूप से देने का निर्णय लिया गया है। साथ ही हितग्राहियों द्वारा योजना का दोहरा लाभ लेने पर रोक के लिये आहार अनुदान योजना का लाभ लेने वाली हितग्राही महिला को लाड़ली बहना योजना का लाभ नहीं देने का भी निर्णय लिया गया।
एम्स भोपाल को भूमि आवंटन
मंत्रि-परिषद द्वारा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) साकेत नगर भोपाल को ग्राम बर्रई स्थित खसरा क्रमांक 11 रकबा 8.0100 हेक्टेयर शासकीय भूमि को शासन की शर्तों के अधीन निःशुल्क प्रब्याजि और 1 रूपये वार्षिक भू-भाटक पर आवंटित करने का निर्णय लिया गया।
अन्य निर्णय
मंत्रि-परिषद द्वारा सतपुड़ा भवन और विंध्याचल भवन के उन्नयन के लिये 167 करोड़ 59 लाख रूपये की राशि की स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रि-परिषद द्वारा कपास पर मण्डी शुल्क घटाकर 31 मार्च 2024 तक 0.50 रूपये किये जाने के निर्णय का अनुसमर्थन किया गया है। यह निर्णय कपास व्यापारी एवं जन-प्रतिनिधियों की कपास पर मण्डी शुल्क कम करने की मांग तथा कपास व्यापार को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लिया गया।
5 सितंबर को मप्र आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
31 Aug, 2023 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आगामी 5 सितंबर को श्योपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे चुनावी शंखनाद करके पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी में जोश भरेंगे। इसके साथ वह शहर में रोड शो कर क्षेत्र की जनता को संबोधित और भाजपाके लिए वोट मांगेंगे।
बताया गया है कि आगामी 5 सितंबर को अमित शाह हेलीकॉप्टर द्वारा सुबह 11 बजे श्योपुर पहुंचेंगे। सबसे पहले वह शहर के प्रसिद्ध राम तलाई हनुमान मंदिर पर जाएंगे और हनुमान जी की पूजा आराधना करेंगे। इसके बाद वह शहर में रोड शो करेंगे और फिर आखिरी में वीर सावरकर स्टेडियम पहुंचकर जन सभा को संबोधित करेगे। केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा, आला अधिकारी व्यवस्थाएं बनाने में जुट गए हैं। अधिकारियों के द्वारा कार्यक्रम स्थल का चयन भी किया जा रहा है और रोड शो के दौरान किस तरह से व्यवस्थाएं बनाई जाएगी यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
प्रशासन और पुलिस के साथ भाजपा के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी तैयारी में जुट गए हैं। श्योपुर भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह जाट ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 5 तारीख को आएंगे उनका कार्यक्रम बहुत ही भव्य होने वाला है। पहली जन आशीर्वाद यात्रा श्योपुर से शुरू होगी। भाजपाकार्यकर्ताओं ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है।
बता दें कि एमपी में निकाली जाने वाली जन आशीर्वाद यात्रा को हरी झंडी दिखाने वाले नेताओं के प्रोग्राम में फेरबदल हुआ है। जन आशीर्वाद यात्रा का आगाज विंध्य क्षेत्र के चित्रकूट से अब राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। पूर्व में तय कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री शाह 3 सितंबर को चित्रकूट से हरी झंडी दिखाने वाले थे, लेकिन किसी वजह से उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया है। गृह मंत्री अमित शाह अब पांच सितंबर को मंडला से महाकौशल क्षेत्र और श्योपुर से ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की यात्राओं का शुभारंभ करेंगे।
सीएम शिवराज सिंह चौहान सभी पांच जन आशीर्वाद यात्राओं में आधे दिन के लिए शामिल होंगे। इन यात्राओं का समापन 25 सितंबर को राजधानी भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में कार्यकर्ता महाकुंभ से होगा। भाजपा की पांचों जन आशीर्वाद यात्रा प्रदेश में 10 हजार 643 किमी की दूरी तय करेंगी। इस दौरान 230 विधानसभा सीटों में 678 रथ सभाएं और 211 बड़ी सभाएं होंगी।
भोपाल में नए बायपास निर्माण समेत कई अहम प्रस्तावों को शिवराज कैबिनेट ने दी मंजूरी
31 Aug, 2023 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार को मंत्रालय में कैबिनेट की अहम बैठक हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव अंतिम निर्णय के लिए रखे गए। इस बैठक में भोपाल के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में नया बायपास बनाने के प्रस्ताव पर शिवराज कैबिनेट की स्वीकृति दी गई। इसके अलावा कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ता और पर्यवेक्षकों की प्रोत्साहन राशि में वृद्धि, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की निजी स्थापना में लवीना फूलवानी की संविदा नियुक्ति, रीवा की मझगंवा तहसील को अनुविभाग का दर्जा देने, भारतीय जनता पार्टी मंडल अशोक नगर को कार्यालय निर्माण के लिए भूमि आवंटन, मेधावी विद्यार्थी योजना में संशोधन, कपास पर मंडी शुल्क कम करने, खेलो एमपी यूथ गेम्स सहित अन्य विषयों पर आए प्रस्तावों को भी शिवराज कैबिनेट ने मंजूरी प्रदान की। निर्णय के अनुसार सितंबर में बिजली बिल शून्य आएगा।
खाते में अंतरित होगी एलपीजी सिलेंडर प्रतिपूर्ति की राशि
मुख्यमंत्री शिवराज ने कैबिनेट बैठक में कहा कि सावन माह के सिलेंडर की राशि की प्रतिपूर्ति डीबीटी के माध्यम से अकाउंट में की जाएगी, आज कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय ले रहे हैं। सावन के माह में प्राप्त की गई गैस रिफिल को 450 में उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। रिफिल कराने वाली बहनों के आधार से लिंक खाते में लगभग 500 रुपए प्रति रिफिल के मान से राशि का भुगतान किया जाएगा।
आदिवासी बहुल क्षेत्रों में चौपाल की तैयारी में कांग्रेस
31 Aug, 2023 11:44 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र में आदिवासी मतदाता चुनावों में अहम भूमिका निभाते हैं। माना जाता है कि जिस पार्टी की ओर आदिवासियों का रुझान हो, मप्र में सत्ता की चाबी उसी के हाथ आती है। चूंकि विधान सभा चुनाव का माहौल है, इसलिए भाजपाऔर कांग्रेस अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को रिझाने के प्रयास में जुटे हैं। इसी कड़ी में अब कांग्रेस आदिवासी मतदाताओं का गणित बैठाने की तैयारी में लगी है। इसके लिए कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी आदिवासियों के बीच पहुंच सकते हैं। यही नहीं कांग्रेस अपनी स्वाभिमान यात्रा के बाद मप्र के गांवों में चौपाल लगाने की तैयारी कर रही है।
दरअसल कांग्रेस इस बार कोई कोर-कसर नहीं छोडऩा चाहती कि उसे सत्ता में वापसी की उम्मीद से निराश हाथ लगे। पार्टी अपने स्तर पर हर संभव प्रयास करने में जुटी है। यही बड़ा कारण भी है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सागर में अपनी पहली चुनावी सभा में भी आदिवासी अत्याचार का मुद्दा उठाया और साफ कर दिया कि यह चुनाव अभियान में कांग्रेस का प्रमुख मुद्दा रहेगा।
आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में आदिवासियों का झुकाव कांग्रेस की ओर था। यही कारण था कि कांग्रेस ने एसटी के लिए सुरक्षित 47 सीटों में से 30 सीटें जीतीं और 15 वर्ष बाद सत्ता में वापसी की थी। ऐसे में कांग्रेस इस बार भी अपना वही प्रदर्शन दोहराने के प्रयास में लगी है। बताया जा रहा है कि पार्टी की ओर से प्रियंका गांधी आदिवासियों के बीच पहुंचेंगी और उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की याद दिलाएंगी। वहीं राहुल गांधी के लिए मालवांचल में कार्यक्रम की प्लानिंग की जा रही है।
प्रदेश में एसटी के लिए सुरक्षित 47 सीटें तो हैं हीं, वहीं आदिवासी मतदाता 82 सीटों पर निर्णायक भूमिका में हैं। इसीलिए आदिवासी बहुल क्षेत्रों में पार्टी अपनी कार्ययोजना बनाकर उन्हें साधने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस ने आदिवासी बहुल जिलों में प्रियंका गांधी वाड्रा के कार्यक्रम और सभा आयोजित करने की तैयारी कर ली है। माना जा रहा है कि पार्टी प्रियंका के माध्यम से पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की आदिवासी हितैषी छवि को भुनाना चाहती हैं। इसीलिए प्रियंका जल्द ही छिंदवाड़ा आ सकती हैं। यहां से सिवनी, बालाघाट, बैतूल और नरसिंहपुर जिले लगे हुए हैं। वहीं आदिवासी मतदाता प्रभावी भूमिका में हैं।
विस चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की ओर से राहुल गांधी की सभा मालवा अंचल में प्रस्तावित की गई है। इसके साथ ही राहुल गांधी विंध्य में भी कार्यक्रम करेंगे।
कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
31 Aug, 2023 11:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी । जिले की कोलारस विधानसभा से भाजपा विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस निर्णय से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। कोलारस विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने पार्टी छोड़ने की घोषणा कर कई आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सिंधिया के आने के बाद भाजपा की रीतिनीति ही बदल गई है। ग्वालियर-चंबल में मूल कार्यकर्ताओं को कुचला जा रहा है।
अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर भी नाराज
रघुवंशी का कहना है कि साढ़े 3 साल से सीएम को अपनी पीड़ा बता रहा हूं, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही। उनका आरोप है कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ आई टीम भ्रष्टाचार में डूबी है। अधिकारियों की पोस्टिंग को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की है।
फर्जी एफआईआर की बात भी कही
वीरेंद्र का आरोप है कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न तोमर और प्रभारी मंत्री महेंद्र सिसोदिया विकास में बाधक बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे भूमि पूजन तक नहीं करने दिया जा रहा है। पूरी ताकत से सिंधिया के मंत्री विकास कार्यों को क्षति पहुंचा रहे हैं। इन लोगों ने मुझ पर फर्जी एफआईआर करने का भी पूरा प्रयास किया।
सिंधिया के साथ की थी राजनीति की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि रघुवंशी ने सिंधिया के साथ राजनीति की शुरुआत की थी, लेकिन सिंधिया से नाराजगी के बाद भाजपा में आ गए थे। माना जा रहा है कि अब वे शिवपुरी से यशोधरा के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
कमलनाथ अब पंडित प्रदीप मिश्रा से कथा कराएंगे
31 Aug, 2023 10:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अब भाजपा की तर्ज पर हिंदुत्व कार्ड खेलने में पीछे नहीं है। पीसीसी चीफ कमलनाथ छिंदवाड़ा में अब पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा करवा रहे हैं। सिमरिया हनुमान मंदिर में 42 एकड़ मैदान में 5 से 9 सितंबर तक कथा आयोजित की जाएगी। इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है। इससे पहले, 5 से 7 अगस्त तक कमलनाथ ने सिमरिया में ही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आयोजन करवाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जामसांवली के हनुमान मंदिर में 314 करोड़ से हनुमान लोक बनाने की घोषणा की थी।
मारुति नंदन सेवा समिति के संयोजक आनंद बख्शी ने बताया कि कथा का समय दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक रहेगा। कथा स्थल से कुछ दूर हैलीपेड भी बनाया गया है। नागपुर रोड स्थित जिस लॉन में पंडित धीरेंद्र शास्त्री रुके थे, उसी लॉन में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी टीम के साथ ठहरेंगे।
कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति का रोडमैप तैयार है। एक दिन पहले यानी 4 सितंबर की सुबह पंडित प्रदीप मिश्रा विशेष विमान से पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ छिंदवाड़ा पहुचेंगे। यहां सांसद नकुलनाथ उनकी अगवानी करेंगे। दोपहर 3 बजे से वे खुली जीप में नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान कई जगह उनका स्वागत भी किया जाएगा। सांसद नकुलनाथ भी राजीव गांधी भवन के सामने स्वागत करेंगे।
कथा के लिए करीब ढाई लाख वर्गफीट में तीन वाटर प्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को बैठने के लिए लकड़ी प्लाई वाली फ्लोरिंग लगाई गई है। इसके अलावा, एक लाख वर्ग फीट में फ्लोरिंग रहेगी, ताकि बैठने में परेशानी ना आए।