मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
स्कूल शिक्षा विभाग ने दिया आदेश, कल से फिर होंगे शिक्षकों के तबादले
15 Aug, 2023 11:46 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश के शिक्षकों के ट्रांसफर 16 अगस्त से फिर शुरू होंगे। इसको लेकर स्कूल शिक्षा विभाग की तरफ से आदेश जारी किए गए। ट्रांसफर की प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। विभागीय मंत्री के आदेश से शिक्षकों के ट्रांसफर हो सकेंगे।स्कूल शिक्षा विभाग के सोमवार को जारी आदेश के अनुसार विभागीय मंत्री को ट्रांसफर के जिले से जिले में, जिले से दूसरे जिले में ट्रांसफर के अधिकार हो सकेंगे। आदेश के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग की राज्य एवं जिला स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जारी स्थानांतरण नीति 2022 जारी की गई है। नीति की कंडिका 22 में उल्लेखित है कि जिला संवर्ग के अंर्तजिला (एक जिले से दूसरे जिले) एवं संभागीय संवर्ग के अंतरसंभागीय मानवीय दृषिकोण से अत्यावश्यक स्वैच्छिक स्थानांतरण विभागीय मंत्री के प्रशासकीय अनुमोदन के बाद विभागीय स्थानांतरण नीति 2022 के प्रावधान के अनुसार कंडिका 2.5 में शिथिलता प्रदान करते हुए कंडिका 2.1 में उल्लेखित अवधि के पश्चात किये जा सकेंगे।
मप्र के 21 जिलों में वज्रपात का यलो अलर्ट जारी
15 Aug, 2023 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्यप्रदेश में मानसून की गतिविधियां इन दिनों धीमी है। हालांकि तीन-चार दिनों बाद मौसम फिर बदल सकता है। कुछ इलाकों में धीमी बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट भी जारी किया है। संभावना जताई जा रही है कि पूर्वी मध्यप्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही है कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, इंदौर, उज्जैन, सागर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान परसवाड़ा में 40, नैनपुर-मंडला में 30, केवलारी में 20 मिलीमीटर तक पानी गिरा है।
अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान बता रहा है कि छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है। वहीं विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। जो बता रहा है कि छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, सागर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, शाजापुर, देवास जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। पूर्वी मध्यप्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।
तिरंगा यात्रा में शामिल हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
15 Aug, 2023 08:21 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मुख्यमंत्री शिवराज सोमवार को राजधानी के जीएडी चौराहे के समीप तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम जन-जन का कार्यक्रम है। इसके लिए 15 अगस्त को हर नागरिक अपने घर तिरंगा जरूर फहराएं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच-प्रण की शपथ भी लें।
तिरंगा झंडा देश-भक्ति, विकास और हमारे आत्म-सम्मान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों के बलिदान से देश को आजादी मिली है।हम प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रदेशवासी शिक्षित और समृद्ध प्रदेश बनाने का संकल्प लें।
यात्रा का समापन कर्फ्यू वाली माता चौराहे पर हुआ। कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा थीम पर आधारित फूलों, गुब्बारों तथा कपड़े से सजावट की गई।सोमवार को प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने भी नरेला विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली है। मंत्री विश्वास सारंग ने हजारों युवाओं के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में हजारों की संख्या में वाहन शामिल हुए। इस दौरान हर घर तिरंगा लगाने की भी अपील की गई है।
मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी मानसून की सक्रियता, 22 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
14 Aug, 2023 09:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ रही है, इसके असर से बड़े हिस्से में एक बार वर्षा का दौर शुरू होने वाला है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने 22 जिलों में भारी वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव सोमवार से दिखने लगा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में अच्छी वर्षा देखने को मिलेगी। सोमवार सुबह 8.30 से शाम को 5.30 बजे तक भोपाल में 2.8 मिमी ,सागर में दो, दमोह में एक, पचमढ़ी में एक मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं उज्जैन और नर्मदापुरम हल्की बौछारें पड़ी जिससे वर्षा दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला,बालाघाट,सागर, विदिशा, रायसेन,सीहोर,भोपाल, नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा, खरगौन बड़वानी,अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास जिलों में भारी वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है।
इसके बाद वर्षा का एक और दौर
वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा.वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि आने वाले कुछ दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं। सोमवार से ही परिवर्तन आना शुरू हो गया है। शर्मा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक नई मौसम प्रणाली बनने जा रही है। इसके बाद प्रदेश में एक बार फिर से तेज वर्षा का दौर शुरू होगा। इसका असर ग्वालियर चंबल संभाग में अधिक देखने को मिल सकता है। नई प्रणाली 16 अगस्त तक ताकतवर हो जाएगी जिससे प्रदेश में कई जगह वर्षा मिलने लगेगी। इसके सिस्टम के चक्रवात में बदलने की भी संभावना है, जिससे कई जगहों पर भारी वर्षा की स्थिति भी बन सकती है।
नौ जिलों में अभी कम वर्षा
प्रदेश के नौ जिलों में अभी कम वर्षा वाले क्षेत्र बना हुआ है, वर्षा यह 1 जून से 14 अगस्त तक हुई वर्षा के आधार पर हुआ। इस सूची में सतना, रीवा, सीधी, गुना, अशोक नगर, भोपाल,मंदसौर, खरगौन और खंडवा के नाम हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल में अभी तक 613.3 एमएम होना चाहिए था। लेकिन 444.8 एमएम वर्षा दर्ज हुई है। ऐसे ही सतना में 593.8 के स्थान पर 389.2 एमएम, रीवा में 612.8 के स्थान पर 474.4,सीधी में 630.7 में से 477 एमएम , गुना में 612.9 में से 475.1 एमएम, अशोकनगर में 554.2 में से 371.8, मंदसौर में 531.8 में से 380.2,खरगौन में 461.9 में से 326 एमएम और खंडवा में 514.6 में से 390.6 एमएम वर्षा हुई।
मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व राज्यमंत्री अहिरवार को दी श्रद्धांजलि
14 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज छतरपुर जिले के महाराजपुर पहुँचकर पूर्व राज्य मंत्री रामदयाल अहिरवार के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की और अंतिम दर्शन कर स्व. अहिरवार की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री चौहान ने ईश्वर से स्वर्गीय अहिरवार की आत्मा को शांति देने और परिवारजन को इस असहनीय दुख को सहन करने की क्षमता प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर ढाँढस बंधाया। पूर्व राज्य मंत्री का कल रविवार को बीमारी के कारण निधन हो गया था।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि रामदयाल अहिरवार सरल, सहज और सौम्य स्वभाव के थे। राजनीतिज्ञ के साथ वे समाजसेवी भी थे। महाराजपुर में उनकी स्मृति को अक्षुण्ण रखने का प्रयास किया जाएगा। पूर्व राज्यमंत्री अहिरवार का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस अवसर पर सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पूर्व मंत्री ललिता यादव, अन्य जन-प्रतिनिधि, मलखान सिंह, कलेक्टर छतरपुर संदीप जी.आर., पुलिस अधीक्षक अमित सांघी भी उपस्थित थे।
मंत्री डॉ. चौधरी ने सागर अस्पताल में भर्ती मरीजों से किया वर्चुअली संवाद
14 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सोमवार को वीडियो-कॉल से सागर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों से वर्चुअली संवाद किया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
मंत्री डॉ. चौधरी ने जिला अस्पताल सागर में भर्ती मरीज उमा से बात की। उमा ने बताया कि उन्हें पेट दर्द और बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। अब उन्हें आराम है। इलाज नि:शुल्क मिल रहा है। अस्पताल में पर्याप्त साफ-सफाई है। मंत्री डॉ. चौधरी ने सागर जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ढाना की व्यवस्थाओं के संबंध में मेडिकल ऑफिसर डॉ. अंकित बोहरे से बात की। डॉ. बोहरे ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ढाना में रोजाना 80 से 100 मरीज की ओपीडी होती है। मंत्री डॉ. चौधरी ने सागर जिले के रहली विकासखण्ड के उप स्वास्थ्य केन्द्र पटना बुजुर्ग में पदस्थ सीएचओ फिजा खान से भी बात की। फिजा खान ने बताया कि उप स्वास्थ्य केन्द्र में प्रतिदिन 25 से 30 मरीज आते हैं। उप स्वास्थ्य केन्द्र में टेली-कंसलटेशन के माध्यम से मरीजों का उपचार किया जाता है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने सागर जिले के निजी अस्पताल डॉ. राय आयुष्मान अस्पताल में भर्ती मरीज हुकुम सिंह लोधी से बात की। हुकुम सिंह ने बताया कि उन्हें हार्ट अटेक के कारण अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनका उपचार आयुष्मान कार्ड से हुआ है। उन्हें निजी अस्पताल में कोई राशि व्यय नहीं करना पड़ी। आयुष्मान योजना सरकार की बहुत अच्छी योजना है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि वह प्रत्येक सोमवार को शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में भर्ती मरीजों से वीडियो-कॉल पर बात कर उन्हें मिल रहे उपचार और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ भोपाल की करीब 100 लाड़ली बहनों ने लगाए पौधे
14 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल शहर के विभिन्न मोहल्लों की निवासी करीब 100 लाड़ली बहनों के साथ आज स्मार्ट उद्यान में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं। बहनों के साथ न सिर्फ पौधे लगाए बल्कि उनके घर-परिवार के हालचाल भी पूछे। मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों से पूछा, राखी की तैयारी कैसी चल रही है घर पर सब कुशल हैं न। उन्होंने लाड़ली बहनों से कहा "खुश रहो और प्रगति करो।" लाड़ली बहनों में नीलम शर्मा, रेखा सिंह, कुसुम ठाकुर, कंचन, शबनम, आरती शर्मा, फरजाना, अर्चना, गौरी, स्वाति, सुधा सोनी, माधुरी दास, निर्मला, रशीदा खा, उमा चौहान, स्वर्णलता, शकुंतला, उर्मिला, शोभा, ज्योति, कविता, किरण, रजनी, राजकुमारी शर्मा, राजदुलारी, राखी, माया, राधा पांडे, अंजली, अर्चना आदि शामिल हैं। अनेक सामाजिक कार्यकर्ता भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ लेने वाली बाणगंगा भोपाल निवासी लक्ष्मी बाई ने कहा कि उसके कठिन समय में मुख्यमंत्री चौहान ने इस योजना के माध्यम से सहारा दिया है। भावुक लक्ष्मीबाई ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक दिक्कतों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने भोपाल शहर की लाड़ली बहना सेना की कुछ सदस्यों से चर्चा में कहा कि वे मुख्यमंत्री नहीं, लाड़ली बहनों के भाई हैं। आगामी 27 अगस्त को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का उपहार देने के लिए विशेष कार्यक्रम हो रहा है। बहनों को इस कार्यक्रम की प्रतीक्षा है। रक्षाबंधन पर भाई अपनी लाड़ली बहनों को उपहार देने वाले हैं।
प्राकृतिक कृषि से जुड़े प्राण सिंह माथुर, सोनीलाल माथुर, दत्ताराम कुशवाह, वेताल कुशवाह और रामसेवक कुशवाह ने भी पौध-रोपण में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ जबलपुर के जिला पंचायत सदस्य सत्येन्द्र सिंह राजपूत, संतोष पटेल, महेन्द्र जैन, अमित शर्मा, अमित राजपूत, अनुसूचित जाति मोर्चा सिंगरौली के अध्यक्ष दिलशरण सिंह ने भी आज पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान को डाक विभाग द्वारा हर घर तिरंगा अभियान में तिरंगा भेंट
14 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को "हर घर तिरंगा" अभियान अंतर्गत डाक परिमंडल मध्यप्रदेश के भोपाल संभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री निवास में भेंट कर तिरंगा भेंट किया। डाक विभाग द्वारा 13 से 15 अगस्त तक "हर घर तिरंगा" अभियान में विभिन्न डाकघर में 25 रूपए प्रति तिरंगा उपलब्ध करवाया गया है। डिप्टी सुपरिटेंडेंट सुनीता सिंह और अभिषेक पाठक ने अभियान में दिए जा रहे सहयोग की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने "हर घर तिरंगा" अभियान का आहवान किया है। हमारे देश के नागरिक इस अभियान को सहयोग और समर्थन दे रहे हैं। प्रदेश में हर घर तिरंगा फहराया जा रहा है। मध्यप्रदेश में अभियान में व्यापक जन-भागीदारी दिखाई दे रही है।
मोरबी में आदिवासी पर गोली चलाने के बाद फरार भाजपा विधायक का बेटा विवेकानंद गिरफ्तार
14 Aug, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पुलिस ने 3 अगस्त को एक आदिवासी व्यक्ति को गोली मारने के आरोप में भाजपा विधायक रामलल्लू वैश्य के बेटे विवेकानंद वैश्य को गिरफ्तार कर लिया। रामलल्लू वैश्य सिंगरौली से विधायक हैं। विवेकानंद ने मोरबी इलाके में बूढ़ी माई माता मंदिर के पास लोगों के एक समूह के साथ बहस के बाद सूर्या खैरवार पर गोली चला दी थी। एसडीओपी कृष्ण कुमार पांडे ने कहा कि विवेकानंद वैश्य को रविवार देर रात 1 बजे मोरबा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत चटका बस्ती इलाके से गिरफ्तार किया गया। गोलीबारी के बाद से विवेकानंद फरार था।
पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 10 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास धमकी और एससी/एसटी अधिनियम के तहत अन्य अपराधों के आरोप में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने बताया कि पिछले साल जून में विवेकानंद ने संजीव शुक्ला नाम के वन रक्षक के साथ मारपीट की थी।
प्रियंका व कमल नाथ पर एफआइआर के बाद और आक्रामक हुई कांग्रेस
14 Aug, 2023 06:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । 50 प्रतिशत कमीशन संबंधी ठेकेदार एसोसिएशन का कथित पत्र प्रसारित करने के मामले में मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ समेत कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एफआइआर पंजीकृत कराए जाने के बाद कांग्रेस और भी आक्रामक हो गई है। भाजपा सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस भ्रष्टाचार के मुद्दे को और प्रभावी तरीके से उठाने की बात कह रही है। इसके लिए केंद्र सरकार की विभिन्न रिपोर्टों को भी आधार बनाया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना की गड़बड़ी, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के आंकडों को लेकर तैयारी की जा रही है। कुछ मामलों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ आगे आएंगे तो कुछ को केंद्रीय नेता उठाएंगे। प्रदेश सरकार के मंत्रियों के विरुद्ध विभागवार आरोपपत्र जारी करने की बात पार्टी पहले ही कह चुकी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि पार्टी ने तय किया है कि भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रमुखता के साथ हर मंच से उठाया जाएगा। प्रदेश में हो रही गड़बड़ियों के प्रमाण केंद्र सरकार की रिपोर्ट ही हैं। आयुष्मान भारत योजना को लेकर हाल ही में आई रिपोर्ट में बताया गया कि प्रदेश में किस तरह से भ्रष्टाचार हुआ है और यह सरकार की शह के बिना संभव नहीं है।
प्रदेश में महिलाओं और बच्चियों से अपराध किसी से छुपे नहीं हैं। आदिवासियों की भूमि को बेचे जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं। पूरक पोषण आहार और किसानों को बंटने वाले मुआवजे में गड़बड़ी नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक पकड़ चुके हैं। सड़क, पुल-पुलिया निर्माण को लेकर भी गंभीर आपत्ति कैग ने ही उठाई है। अलग-अलग मंचों से इन्हें उठाने के बाद भी सरकार चुप्पी साधकर बैठी है जो यह प्रमाणित करता है कि गड़बड़ियां हो रही हैं। पटवारी से लेकर आइएएस-आइपीएस अधिकारी तक जांच के घेरे में हैं। इन सब मुद्दों को जनता के सामने लाया जाएगा। मंत्रियों के विरुद्ध विभागवार आरोप पत्र भी जारी होगा। इसकी तैयारी भी कर ली गई है। इसमें पार्टी प्रमाण सहित अपनी बात रखकर सरकार से उत्तर मांगेगी।
चुनाव के मुद्दे में भी घोटाला कर रहे कांग्रेसी
भाजपा के प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल का कहना है कि यह तो चोरी और सीनाजोरी वाली बात है। कांग्रेस नेता घपले-घोटाले करने की आदी रहे हैं, इसलिए चुनाव के मुद्दे में भी घोटाला कर रहे हैं। यदि आरोप सत्य हैं तो व्यक्ति, संस्था कौन है, उसे सामने लाएं। कांग्रेस की साख बची नहीं इसलिए झूठ प्रपंच का सहारा लेकर फर्जीवाड़ा कर रहे हैं। एफआइआर हो चुकी है तो कानून का सामना करें। सच्चाई इनका पीछा नहीं छोड़ेगी। मध्य प्रदेश की जनता और कानून इनको जवाब देगा।
पहले पांच लाख लाना फिर घर आना
14 Aug, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। महिला थाना पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर उसके पति के खिलाफ दहेज में पॉच लाख कि डिमांड को लेकर प्रताड़ित किये जाने मामला दर्ज किया है। आरोपी पति ने मांग पूरी न होने पर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस के मुताबिक फिजा अपार्टमेंट कोहेफिजा में रहने वाली 29 वर्षीय उजेमा अब्बासी पति दानिश ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया की शादी के थोड़े समय बाद से ही उसका पति दहेज में पॉच लाख की मांग करने लगा था। डिमांड पूरी न होने पर पति उन्हे मानिसक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित करने लगा। बीते दिनो आरोपी ने पॉच लाख लाने की बात कहते हुए उसे घर से निकाल दिया। पीड़ीता अपने परिजनो के पास जाकर रहने लगी। विवाहिता के परिवार वालो उसके पति को समझाइश देने के प्रयास किये लेकिन जब वह अपनी मांग पर अड़ा रहा तब विवाहिता थाने जा पहुचीं। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ दहेज एक्ट का मामला कायम कर लिया है।
महिला से पुरुष बनेगी रतलाम की पुलिस आरक्षक, मप्र गृह विभाग ने दी अनुमति
14 Aug, 2023 05:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । रतलाम में पदस्थ पुलिस की एक महिला आरक्षक अब पुरुष बनेगी। दो वर्ष पहले उसने पुलिस मुख्यालय से लिंग परिवर्तन की अनुमति मांगी थी।
गृह विभाग ने लिंग परिवर्तन की अनुमति दी
मुख्यालय के प्रस्ताव पर गृह विभाग ने लिंग परिवर्तन की अनुमति सोमवार को दे दी है। पुरुष बनने के साथ ही उसे महिला पुलिसकर्मी के तौर पर शासन से मिलने वाली सभी सुविधाएं छिन जाएंगी।
दो वर्ष के भीतर दूसरा मामला
दो वर्ष के भीतर किसी महिला आरक्षक द्वारा लिंग परिवर्तन का यह दूसरा मामला है। इसके पहले निवाड़ी में पदस्थ एक आरक्षक को गृह विभाग ने अनुमति दी थी। दिल्ली के एक मनोचिकित्सक ने महिला को जेंडर आइडेंटिटी डिसआर्डर से पीड़ित बताते हुए लिंग परिवर्तन की सलाह दी थी।
मेडिकल बोर्ड से महिला का परीक्षण कराया
मप्र गृह विभाग ने रतलाम जिला अस्पताल के जिला मेडिकल बोर्ड से भी महिला का परीक्षण कराया। बोर्ड ने लिंग बदलने की सलाह दी। इसके बाद भी बड़ी अड़चन यह थी शासकीय कर्मचारी के लिंग परिवर्तन के संबंध में अभी तक शासन के कोई नियम नहीं हैं।
गृह विभाग ने विधि विभाग से राय ली
ऐसे में गृह विभाग ने मामले में विधि विभाग से राय ली। विधि विभाग ने सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय का संदर्भ देते हुए महिला आरक्षक को लिंग परिवर्तन की सलाह गृह विभाग को दी थी, जिसके आधार पर विभाग ने स्वीकृति दी है।
इनका कहना है
जेंडर आइडेंटिटी डिसआर्डर में व्यक्ति प्राकृतिक रूप से अपने जेंडर के प्रति सहज नहीं रहता। उसके भाव और क्रियाकलाप विपरीत लिंग की तरह होते हैं। यह बीमारी नहीं है, इसलिए इसका कोई उपचार नहीं है। लिंग परिवर्तन कराना ही एकमात्र विकल्प है। कई बार लोग इसे मान्यता नहीं देते, जिससे व्यक्ति अवसाद में आकर खुदकुशी जैसा कदम उठाने की सोचता है।
डा. सत्यकांत त्रिवेदी, मनोचिकित्सक भोपाल
प्रियंका सहित अन्य नेताओं की अभी नहीं होगी गिरफ्तारी
14 Aug, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश सरकार द्वारा 50 प्रतिशत कमीशन लेने के आरोपों पर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज मामले को लेकर क्राइम ब्रांच की पुलिस उपायुक्त श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि जिन धाराओं में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत जिन कांग्रेस नेताओं पर एफआइआर दर्ज की है, उन सभी में सजा सात साल से कम की है, इसलिए उनकी सामान्य गिरफ्तारी नहीं होगी। एक नोटिस दिया जाएगा। उसके बाद कोर्ट में कार्रवाई पूरी की जाएगी। आगे की कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा की जा रही है। उसके बाद तय करेंगे कि उनको नोटिस देना है या सूचना देकर बुलाया जाना है। पुलिस उपायुक्त ने जानकारी दी कि ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगे जाने का पत्र लिखने वाले ज्ञानेंद्र अवस्थी के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल रही, इसी कारण पत्र को फर्जी बताया जा रहा है। पत्र पर लघु एवं मध्यम श्रेणी संविदाकार नामक जिस संघ का उल्लेख है उसका पंजीयन भी नहीं नहीं मिला है। भाजपा नेताओं ने शनिवार को आरोप लगाया था कि मप्र में अधिकारियों ने ठेकेदारों से 50 प्रतिशत कमीशन मांगने का पत्र इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। उसे कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश व अरुण यादव, कांग्रेस नेत्री शोभा ओझा ने ट्वीट कर साझा किया था, जो कि भाजपा की छवि धूमिल करने का प्रयास है। इसी मामले में एफआइआर दर्ज की है। इसी मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।
राजधानी में 12 दिन में तीन करोड़ की ठगी
14 Aug, 2023 01:35 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी की इन दिनों संपत्ति संबंधित अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। 12 दिन में करीब 11 एफआइआर धोखाधड़ी की धाराओं में दर्ज हो चुकी है। लोगों से करीब तीन करोड़ की राशि जालसाजी कर हड़पी गई हैं।। जबकि पहली बार संपत्ति संबंधित के मामलों में पुलिस तेजी से कार्रवाई करती नजर आइ, हालांकि जिन थानेां में यह एफआइआर दर्ज की है। उन सभी थाना प्रभारी तबादला होने के बाद अपनी रवानगी लेने की तैयारी में थे। जबकि इससे पहले साइबर अपराध के आनलाइन ठगी के मामलों में ही तेजी नजर आ रही थी। संपत्ति संबंधित मामलों अचानक से तेजी देखी गई है। जबकि कुछ घटनाएं दो साल से भी ज्यादा पुरानी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में एफआइआर दर्ज मामले जांच लिए गए हैं। जो तत्व आएंगे, उस हिसाब से कार्रवाई की जाएगी।
हम बता दें कि टीटीनगर थाने में 2019 में हुई ठगी की वारदात में पुलिस ने चार साल पुरानी वारदात पर एफआइआर हुई है। इसमें ठगी की राशि 50 लाख थी। इसी तरह से 2022 में एक एमपीनगर में जांच के बाद करीब सवा दो करोड़ की एफआइआर दर्ज की गई है। इसी तरह से अगस्त माह के 12 दिन में करीब 11 एफआइआर संपत्ति संबंध की दर्ज हो की गई है। इनमें तीन करोड़ की राशि आरोपितों ने पीडित पक्ष को अलग- अलग तरीके से हड़पी है। इनमें अधिकांश मामले में दो से तीन साल से लंबित थी। अचानक इन मामलों में तेजी दिखाई गई है। जबकि छह मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है। इससे एक बात तो साफ है कि जिन थानों में जल्दी - जल्दी ठगी के लंबित मामलों का निराकरण किया गया है।वहां के थाना प्रभारी तबादला होने के बाद अपने दूसरी पोस्टिंग पर जाने की तैयारी में थे।जबकि पहले इस प्रकार के मामलों में आला अधिकारियों की निगरानी के बाद ही मामले दर्ज हो रहे थे।
पांच लाख विद्यार्थियों को मिलेगी साइकिल
14 Aug, 2023 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले छठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों को 17 अगस्त को साइकिल और 23 अगस्त को प्रत्येक स्कूल के एक टापर छात्र व छात्रा को स्कूटी मिलेगी। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी के महात्मा गांधी उमावि में आयोजित समारोह में प्रदेश के पांच लाख नौ हजार विद्यार्थियों को साइकिल के लिए करीब साढ़े चार हजार रुपये और सात हजार 800 विद्यार्थियों को स्कूटी के लिए आनलाइन राशि खातों में ट्रांसफर करेंगे।
विद्यार्थियों के पास इलेक्ट्रिक या पेट्रोल वाली स्कूटी लेने का विकल्प रहेगा, इलेक्ट्रिक स्कूटी के लिए प्रत्येक को एक लाख 20 हजार और पेट्रोल वाली स्कूटी के लिए 90 हजार रुपये उनके बैंक खाते में प्रदान किए जाएंगे। दोनों कार्यक्रम महात्मा गांधी उमावि पर होंगे। इसके संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआइ) की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सभी विद्यार्थियों का बैंक खाता भी अपडेट किया जा रहा है।
डीपीआई के अपर संचालक डीएस कुशवाहा ने बताया कि राजधानी में होने वाले कार्यक्रम में नौ हजार विद्यार्थियों को बुलाया गया है। साइकिल और स्कूटी के लिए राशि उनके खाते में राशि प्रदान की जाएगी। बता दें कि भोपाल जिले के 1986 विद्यार्थियों को साइकिल व 132 को स्कूटी की राशि प्रदान की जाएगी।