मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
कांग्रेस आलाकमान ने मप्र के नेताओं को दी हिदायत
22 Jun, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल।मप्र में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आता जा रहा है, टिकट के दावेदारों की दौड़ तेज होती जा रही है। खासकर कांग्रेस के नेता टिकट के लिए सबसे अधिक मारामारी कर रहे हैं। टिकट के दावेदार भोपाल से लेकर दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं। जिस समय नेताओं को अपने क्षेत्र में होना चाहिए तब अधिकांश नेता भोपाल या दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं। इसको देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने नेताओं को हिदायत दी है कि वे अपने क्षेत्र में चुनाव पर फोकस करें।
दरअसल, दिल्ली में मप्र के नेता डेरा डाले हुए हैं, जहां एआईसीसी में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े, केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल से कांग्रेस के 24 अकबर रोड दफ्तर में मिल रहे हैं, लेकिन दिल्ली के नेता मुलाकात करने वालों से दिल्ली दौड़ के बजाए चुनाव पर फोकस करने को कह रहे हैं। नई दिल्ली में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े से मिले और प्रदेश के राजनीतिक हालातों पर चर्चा की। खडग़े ने यादव से चुनाव पर फोकस करने को कहा है। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल भी दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं, जहां वे बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।
जिलाध्यक्षों का मामला दिल्ली पहुंचा
वहीं इंदौर, भोपाल और खंडवा जिले के अध्यक्ष की नियुक्त का मामला दिल्ली पहुंच गया है। इन जिलों में जिलाध्यक्षों की नियुक्ति संबंधी मामले को केसी वेणुगोपाल को सौंप दिया गया है, जो जल्द ही निर्णय लेंगे। भोपाल जिलाध्यक्ष के मामले में सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है, ताकि पार्टी का कोई भी निर्णय निकट में विधानसभा चुनावों पर न पड़े।
चुनावी तैयारी में जुटी राहुल की टीम
पिछले महीने दिल्ली में राहुल गांधी ने मप्र के सभी बड़े नेताओं को इंटरनल रिपोर्ट के आधार पर चौंका दिया था कि मौजूदा विधायकों में से 30 विधायक चुनाव हार रहे हैं, जिन्हें अपनी विधानसभा में फोकस करना होगा, तभी अपनी सीट बचा पाएंगे। उसी दिन राहुल मप्र में इंटरनल असिस्मेंट के आधार पर 150 सीटें जीतने की बात कह चुके हैं। इसके साथ ही केंद्रीय पर्यवेक्षकों की टीम पिछले पांच चुनावों में लगातार हार वाली सीटों पर पहुंच रही है, जहां से उम्मीदवारों के बायोडेटा लिए जा रहे हैं। कर्नाटक में जीत के बाद विधानसभा चुनाव के पांच महीने पहले राहुल गांधी की टीम ने मप्र में मोर्चा संभाल लिया है। टीम के सदस्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीट में पहुंचकर लोगों की राय जानकर चुनावी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। इसके साथ ही यह टीम जनता के बीच लोकप्रिय चेहरे जो टिकट के दावेदार हैं, उनके भी संपर्क में है। यह रिपोर्ट भी सीधे राहुल गांधी को सौंपी जाएगी। इस सर्वे रिपोर्ट के आधार पर ही मप्र में विधानसभा चुनाव की रणनीति और टिकट के बारे में तय होगा।
चुनाव में कांग्रेस का हिंदुत्व पर फोकस
22 Jun, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का फोकस हिंदुत्व पर रहेगा। प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए रणनीति बनाई है। संभाग स्तर पर कांग्रेस महारैली और रोड शो करेगी। इसके लिए प्रदेश में बड़े नेताओं का डेरा रहेगा। दौरे के दौरान इलाके के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर कांग्रेस नेता माथा टेकेंगे।
दरअसल, प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस पूरी तरह से हिंदुत्व की छवि को भुनाने में जुट चुकी है। पार्टी ने हिंदुत्व के एजेंडे पर काम कर शुरू कर दिया है। हाल ही में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर में मां नर्मदा की पूजा कर चुनावी शंखनाद किया।
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश कमलनाथ के बैनर-पोस्टर लगाए गए। जिसमें लिखा था हनुमान भक्त कांग्रेस पार्टी को कर्नाटक में आशीर्वाद मिला है।Ó वहीं 10 जून को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी एमपी दौरे पर आए। डीके शिवकुमार ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर समेत तीन धार्मिक स्थलों की यात्रा की थी। इस दौरान सॉफ्ट हिंदुत्व के मुद्दे के सवाल पर शिवकुमार ने कहा था कि हिंदुत्व पर किसी एक पार्टी का अधिकार नहीं है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करती है। बता दें कि कांग्रेस ने पिछले साल मध्य प्रदेश मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ बनाया था। इसके जरिए कांग्रेस की नजर ब्राह्मण वोट बैंक के साथ-साथ अपनी सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि को और मजबूत करने की है।
लगुन चढ़ाने के दौरान आपस में झगड़े, पत्थर पटककर की हत्या
22 Jun, 2023 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिंड । नयागांव से बरासों के कुड़रियापुरा में बेटी की लगुन चढ़ाने गए ग्रामीण आपस में झगड़ गए। नशे में एक युवक ने दूसरे युवक की मारपीट कर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। रात में गश्त के दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई। शव को सड़क किनारे देखकर पता किया तो ग्रामीणाें ने बताया कि लगुन चढ़ाने वाले लाेगों में आपस में विवाद हुआ था। पुलिस ने एक संदेही को थाने में बैठा लिया है। गुरुवार सुबह 10 बजे शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार नयागांव निवासी राेशनलाल कुशवाह बुधवार शाम बेटी की लगुन-फलदान लेकर बरासों थाना क्षेत्र के कुड़रियापुरा गांव में राममहेश सिंह कुशवाह यहां गए थे। रात करीब एक बजे लगुन-फलदान चढ़ने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान लगुन में गए 40 वर्षीय सुरेंद्र जाटव पुत्र रामभरोसे जाटव निवासी नयागांव का साथ में आए पप्पू कुशवाह निवासी नयागांव से नशे की हालत में विवाद हो गया। दोनों के बीच जमकर हाथा-पाई हुई। इस दौरान पप्पू ने पत्थर उठाकर सुरेंद्र के सिर में मार दिया। जिससे सुरेंद्र मौके पर ही गिर गए। इधर रात में बरासों थाना प्रभारी सीपीएस चौहान गश्त के लिए निकले। गांव के पास सड़क किनारे शव देखकर उन्होंने पता किया तो ग्रामीणों ने बताया कि लगुन में आए लोग आपस में झगड़ गए थे। पुलिस ने लगुन चढ़ाने वाले लोगों से पूछताछ की तो बताया कि पप्पू कुशवाह का सुरेंद्र से विवाद हुआ था। पुलिस ने आरोपित को पकड़कर थाने लेकर आई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
24 और 25 जून को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राएं
22 Jun, 2023 12:12 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । शहर के पटेल नगर स्थित इस्कान मंदिर की ओर से 24 जून और इस्कान भेल की ओर से 25 जून को जगन्नाथ रथयात्रा निकाली जाएगी। ज्येष्ठ पूर्णिमा पर स्नान के साथ ही भगवान बीमार हो जाते हैं और भगवान की ज्वरलीला शुरू हो जाती है। इस दौरान 15 दिनों तक भगवान की देखभाल होती है और भगवान विश्राम करते हैं। इस दौरान भगवान को दवा, काढ़ा सहित गर्म वस्तुओं का भोग लगाया जाता है। अमावस्या के साथ भगवान की ज्वरलीला समाप्त हुई। इस्कान भोपाल बीवायसी के अध्यक्ष रसानंद दास ने बताया कि रथयात्रा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म क्रमांक एक के सामने से शुरू होगी। रथयात्रा का आकर्षण रूस और यूक्रेन के भक्त होंगे। रथयात्रा 25 जून, रविवार को दोपहर एक बजे रानी कमलापति रेलवे प्लेटफार्म क्रमांक एक के सामने से शुरू होगी, जो सात नंबर चौराहा, नेशनल अस्पताल, प्रियदर्शनी मार्केट, बिटटन मार्केट , 1100 क्वार्टर, गणेश मंदिर, शैतान सिंह चौराहा, शाहपुरा सेक्टर ए, ओरा माल, त्रिलंगा, गुलमोहर मार्केट, रेडिसन होटल, दानापानी से होती हुई दाना पानी स्थित इस्कॉन की राधेश्याम गो शाला पर समाप्त होगी। समापन स्थल इस्कान गो शाला में दस हजार लोगों का भंडारा रखा गया है। रथयात्रा के बाद वहां रथयात्रा में आए भक्त भगवान जगन्नाथ की महाप्रसादी वितरित की जाएगी।
यहां निकल चुकी की है रथयात्रा
शहर के हमीदिया रोड पर परंपरागत भगवानी जगन्नाथ की शोभा यात्रा निकल चुकी है। समाजसेवी प्रमोद नेमा ने बताया कि यह यात्रा पुरी की तर्ज पर निकलती है। इससे उसी दिन यात्रा निकाली जाती हैं, जो हमीदिया रोड घोड़ा नक्कास, मंगलवारा ,इतवारा ,चौक बाजार ,लखेरापूरा से सोमवार भवानी मंदिर निकलती है। इसके बाद शहर में अन्य स्थानों पर भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राएं निकाली जाती हैं। इस बार भेल के इस्कान मंदिर, पटेल नगर इस्कान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भगवान जगन्नाथ की रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।
महापौर सड़कों पर उतरी, फूलबाग पर दिया धरना
22 Jun, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । कांग्रेस की महापौर डा शोभा सिकरवार व भाजपा सरकार के बीच मुद्दों को लेकर टकराव शुरु हो गया। महापौर गुरुवार को फूलबाग चौराहे पर पांच हजार से अधिक लोगों के साथ धरने पर बैठ गई। महापौर का आरोप है कि कांग्रेस ने नगरीय निकाय चुनाव क्षेत्र की जनता से दो महत्वपूर्ण वादे किये थे। पहला विसंगति पूर्ण गर्वेज शुल्क को कम करने व नागरिकों पर वर्षों से बकाया जल कर माफ करने का। कांग्रेस ने अपने वादे को निभाते हुये एमआइसी में दोनों दोनों प्रस्तावों को पारित कर राज्य शासन के पास भेज दिया। किंतु राज्य शासन ने दोनों प्रस्तावों को महीनों से अटका रखा है। गर्वेज शुल्क का नगर के व्यापारी भी विरोध कर रहे है। धरने पर उमड़ी भीड़ से कांग्रेस भी उत्साहित है। कांग्रेस वक्ताओं का कहना है कि यह परिवर्तन की लहर है।
नगर निगम में महापौर और एमआइसी तो कांग्रेस की है। परिषद में बहुमत के कारण सभापति भाजपा का है। इस विषम परिस्थितियों में नगर के विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस व भाजपा के बीच टकराव तय माना जा रहा था। गर्वेज शुल्क क जलकर माफी को कांग्रेस मुद्दा बना रही है। दूसरी तरफ बीज निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल भी महापौर व उनके परिवार के खिलाफ मोर्चा खुले हुये हैं। केदारपुर में गरीबों के आवास को लेकर कांग्रेस विधायक पर हमलावर है।
वाहनों से लाये भीड़ - कांग्रेस कार्यकर्ता और पार्षद सुबह से धरने के लिए भीड़ जुटाना शुरु कर दी थी। विक्रम और अन्य वाहनों से पार्षद भीड़ लेकर धरनास्थल पर पहुंचे। कांग्रेस ने धरने पर एकजुटता का प्रदर्शन करते हुये शहर जिला कांग्रेस डा देवेंद्र शर्मा, सुनील शर्मा साहब सिंह गुर्जर, अवधेश कौरव,महाराज सिंह पटेल सहित कई प्रमुख नेता मौजूद हैं। लेकिन धरने से दिग्विजय सिंह जुड़े नेता नजर नहीं आ रहै है।
पीएम का मेगा शो, मोदी को लाइव दिखाने एमपी में 64 हजार जगहों पर लगाएंगे विशाल स्क्रीन
22 Jun, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। पीएम नरेंद्र मोदी 27 जून को भोपाल आ रहे हैं। उनंके भोपाल दौरे को मप्र भाजपा मेगा शो की तरह प्रस्तुत करेगी। यहां आयोजित बूथ वर्कर कार्यक्रम का मेगा टीवी स्क्रीन पर देशभर में लाइव प्रसारण होगा। भोपाल में उनका रोड शो भी हाईटेक अंदाज में होगा। इसपर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। भोपाल में भाजपा का देश का सबसे बड़ा बूथ वर्कर कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। 2500 वर्कर भौतिक रूप से रहेंगे। 10 लाख वर्कर देश में और प्रदेश में करीब 38 लाख वर्कर डिजिटली प्रसारण देखेंगे। अन्य नेता, आम जनता भी प्रसारण देख सकेगी। 10 हजार नेता.कार्यकर्ता भी भौतिक रूप से कार्यक्रम में रहेंगे। इसके लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में तैयारी की जा रही है।
बूथ वर्कर कार्यक्रम को सूबे में मेगा टीवी स्क्रीन से दिखाने के इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके लिए 64 हजार से ज्यादा मेगा टीवी स्क्रीन का इंतजाम किया जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी इस भव्य कार्यक्रम में करीब ढाई घंटा बिताएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने हर स्तर पर इंतजाम के लिए बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। पीएम की अगवानी के लिए तीन मंत्रियों को मिनिस्टर इन वेटिंग बनाया गया है। इसके लिए भोपाल एयरपोर्ट पर भूपेंद्र सिंह, जबलपुर में गोपाल भार्गव और लालपुर एयरस्ट्रिप शहडोल में रामखेलावन पटेल को नामित किया है। 27 जून को भोपाल में आयोजित मेरा बूथ, सबसे मजबूतÓ कार्यक्रम हमारी सकारात्मक राजनीति को एक नया संकल्प और एक नई शक्ति प्रदान करने वाला है। यह दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए समर्पित भाजपा के लाखों ऊर्जावान कार्यकर्ताओं से संवाद का साक्षी बनेगा।
प्रदेश के 13 बांधों का होगा हाइड्रोलिक तकनीक से सर्वे
22 Jun, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्र सरकार देश के प्रमुख 87 बांधों का सर्वे कर इनमें जमा हो रही गाद और रेत को लेकर सर्वे कराने जा रही है। इसमें मध्यप्रदेश के 13 प्रमुख बांधों को शामिल किया गया है। केंद्र ने ये काम केंद्रीय जल आयोग और नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण को सौंपा है। इसके टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। हाइड्रोलिक तकनीक से सर्वे कर तलछट में जमा हो रही रेत-गाद को पता लगाया जाएगा। इसे लेकर सोमवार को दिल्ली में बैठक भी हुई, जिसमें देश के सभी राज्यों को बुलाया गया। बैठक में राज्यों ने डिसिल्टिंग पर अब तक कामों की रूपरेखा पेश की। मध्यप्रदेश ने बताया कि तवा, बाण सागर, बरगी और इंदिरा सागर से सिल्ट हटाने को लेकर टेंडर जारी किए थे, लेकिन किसी कंपनी ने इसमें दिलचस्पी नहीं दिखाई।
केंद्रीय जल आयोग और नर्मदा नियंत्रण प्राधिकरण 13 रिजर्व वायर में काम करेगा। इंदौर और दिल्ली में बैठे अफसर इसकी मॉनिटरिंग करेंगे। हाइड्रोग्राफी के जरिए ये पता लगाया जाएगा कि डैम में कितनी रेत और गाद जमा हो चुकी है। नदी में बहाव के साथ कितनी रेत और गाद आ रही है। इससे आगामी वर्षों में लाइव स्टोरेज और ग्रॉस स्टोरेज में कितनी बदलाव आएगा। इस तकनीक से लाइव स्टोरेज में आए बदलाव से गाद का पता लगाया जाता है। दोनों एजेंसियां गांधी सागर, तवा, बारना, अपर वेनगंगा, कोलार, तिघरा, मोहिनी पीकअप वायर, बरगी, हरसी, बनास सागर, सम्राट अशोक सागर और इंदिरा सागर में सर्वे करेगी।
हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी में रखे शव को चूहो ने कुतरा
22 Jun, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल के हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी में रखे एक शव को चुहो द्वारा कुतर दिये जाने की घटना सामने आई है। इसकी जानकारी मंगलवार दोपहर को उस समय लगी, जब मृतक के परिवार वाले पीएम के शव लेने यहॉ पहुंचे। हालत देख कर जब परिजनों ने यहॉ के कर्मचारियो से बातचीत कर आपत्ति जताई तब कर्मचारियो ने लापरवाह तरीके से कहा की यहां तो ऐसा होता रहता है। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने मर्चुरी पर ही हंगामा करना शुरु कर दिया। जानकारी के अनुसार परवलिया में रहने वाले 50 वर्षीय बीआर सिंह का सोमवार को निधन हो गया था। परिवार वालो ने पीएम के लिये शव को रात करीब 7 बजे मर्चुरी में रखवाया था। परिवार वालो का आरोप है कि अगली सुबह देखने पर शव के दोनों कानों से खून बहता नजर आया। इसके बाद जब उन्होनें इसकी शिकायत की तब कर्मचारियो ने लापरवाही से कह दिया की यहॉ ऐसा होता रहता है। मामला बढ़ता देख गुस्साये परिजनो को अधिकारियो ने उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर शांत कराया। चूहो द्वारा शव को कुतरने के मामले में गांधी मेडिकल कालेज के डीन डॉ अरविंद राय का कहना है, की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए 3 सदस्यीय टीम को जांच का जिम्मा सोपां गया है। डॉ अरविंद ने कहा कि ये मर्चुरी होम डिपार्टमेंट के अंतर्गत आती है। मेडिको लीगल संस्थान के जिम्मे है, हमने संबंधित विभाग को जानकारी दे दी है। सूत्रों के अनुसार यहां 20 डीप फ्रीजर हैं, जिनमें से 12 की खरीदी साल 2017 में हुई थी। इनके गेट ठीक से बंद नहीं होते हैं। इस वजह से ऐसी घटनाएं होती हैं।
भोपाल से जबलपुर की यात्रा सवा 5 घंटे में
22 Jun, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से जबलपुर के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल संपन्न हो गया है। 260 किलोमीटर की दूरी वंदे मातरम ट्रेन ने मंगलवार को सवा 5 घंटे में पूरी की है।
वंदे मातरम ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से जबलपुर के लिए चलेगी। यह ट्रेन भोपाल से चलकर इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर मे रुकते हुए जबलपुर पहुंचेगी। 260 किलोमीटर का सफर 4 घंटे में पूरा हुआ। स्टॉपेज और अन्य कारणों से इसका, टाइम टेबल के अनुसार 5 घंटा 15 मिनट में सफर पूरा होगा। इस ट्रेन का संभावित किराया 750 रूपये और एग्जीक्यूटिव क्लास मे 1150 रूपया निर्धारित किए जाने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 जून को रानी कमलापति स्टेशन से जबलपुर तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से इंदौर जाने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसको लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। रानी कमलापति स्टेशन से इंदौर जाने वाली ट्रेन के स्टॉपेज भोपाल, संत हिरदारामनगर, उज्जैन और इंदौर में स्टॉपेज होगा। इसका किराया भी ₹700 और एजुकेटिव क्लास का 1000 रुपये होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
झारखंड की महिला से सूरत एक्सप्रेस में छेड़छाड़, विरोध करने पर ग्वालियर के पास ट्रेन से फेंका
21 Jun, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । झारखंड की महिला से सूरत एक्सप्रेस में छेड़छाड़ के विरोध पर रिश्तेदार संग ट्रेन से फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 19 जून देर रात की है।
ट्रैक किनारे महिला और पुरुष बेहोश मिले थे
ग्वालियर से 15 किमी दूर बिलौआ का पास ट्रैक किनारे महिला और पुरुष बेहोश मिलने की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को उन्हें जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया था। होश आने पर पुलिस को दिए बयान से घटना सामने आई है। फिलहाल आरोपितों का पता नहीं चल सका है।
रिश्तेदार के साथ लखनऊ आया था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के पलामू जिले के चटकऊ गांव का रहने वाला 22 साल का युवक, 32 वर्षीय रिश्तेदार महिला के साथ लखनऊ आया था। यहां से दोनों सूरत जाने वाली ट्रेन से सवार हुए।
सीट के सामने आकर बैठ गए थे पांच लोग
पीड़ितों ने बयान में बताया कि सोमवार रात ट्रेन के ग्वालियर रेलवे स्टेशन से रवाना होते ही जनरल कोच में पांच लोग उनकी सीट के सामने आकर बैठ गए। इन लोगों ने कुछ देर बाद अभद्रता शुरू कर दी।
महिला के फोटो खींचने लगे, रिश्तेदार को पीटा
पीड़ितों ने बताया कि ये लोग महिला के फोटो खींचने लगे। रिश्तेदार ने विरोध किया तो उसे पीट दिया। दोनों जब सीट से उठकर ट्रेन के गेट के पास आकर खड़े हो गए। वहां भी अभद्रता की और साड़ी खींचने लगे।
विरोध पर ट्रेन से धक्का दिया
पीड़ितों ने बताया कि विरोध करने पर ट्रेन से धक्का दे दिया। थाना प्रभारी रमेश शाक्य ने बताया कि रात भर महिला और उसका रिश्तेदार ट्रैक के किनारे बेहोश पड़े रहे। सुबह लोगों ने लाइनमैन को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज
फिलहाल तीन अज्ञात लोगों पर धारा 323, 294 506 के तहत मामला दर्ज किया है। महिला के बयान के आधार पर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। महिला ने बताया कि युवक उनका रिश्तेदार है, हालाकि जब ट्रेन में जब आरोपित परेशान कर रहे थे तो रिश्तेदार ने बचाव के लिए पति बताया। महिला शादीशुदा है।
ग्वालियर स्टेशन पर लेट पहुंची थी ट्रेन
बताया जाता है कि सूरत एक्सप्रेस ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर शाम 6.31 पर आती है। उस दिन निर्धारित समय से लेट रात लगभग 11 बजे आई थी। पीड़ितों के अनुसार आरोपित ग्वालियर स्टेशन के बाद उनके सामने आकर बैठे थे। वे नशे में लग रहे थे। ट्रेन मुजफ्फरपुर से चलकर लखनऊ होते हुए ग्वालियर, झांसी, बीना, गुना, रतलाम होती हुई सूरत जाती है। पुलिस आरोपितों के सुराग के लिए ग्वालियर के अलावा अन्य स्टेशन के फुटेज भी चेक कर रही है।
योग आज वैश्विक पर्व बन गया है : उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़
21 Jun, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
योग भारत की गरिमा एवं महिमा को अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति
योग जीरो प्रीमियम पर फुल हेल्थ इंश्योरेंस
योग के माध्यम से दुनिया भर में अच्छा केरियर
योग भारत की वसुधैव कुटुंबकम् की संस्कृति और विश्व-कल्याण की सोच का प्रतीक
योग से स्वस्थ रहें, सुखी रहें और देश को हर हाल में सर्वोपरि रखें
योग आज वैश्विक आंदोलन, ग्लोबल स्पिरिट बन गया है: प्रधानमंत्री मोदी का वीडियो संदेश
योग से शारीरिक, मानसिक और वैचारिक स्वास्थ्य: राज्यपाल मंगुभाई पटेल
आज पूरा विश्व योगमय : मुख्यमंत्री चौहान
उप राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए
हजारों लोगों के साथ किया योगाभ्यास
भोपाल : उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि हमारा योग आज वैश्विक पर्व बन गया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज विश्व के हर कोने में यह जीवंत हो रहा है, यह हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है। उप राष्ट्रपति ने योग की इस महिमा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया है, जिन्होंने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा, जिसका समर्थन विश्व के 193 देशों ने किया। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 11 दिसंबर 2014 को यह घोषणा की गई कि हर वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा और इसी के साथ योग के लिए प्रधानमंत्री मोदी का भागीरथी प्रयास सफल हुआ।
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि आज हम 9वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी आज अमेरिका में यहाँ के समय के अनुसार शाम 5:30 बजे संयुक्त राष्ट्र संघ के प्रांगण में सामूहिक योग कार्यक्रम में भाग लेंगे, जिसमें दुनिया के 180 देश शामिल होंगे। यह भारत की गरिमा एवं महिमा को अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति है। यह सारी दुनिया के लिए भारत के प्रति सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
9वें अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस पर आज देश का मुख्य कार्यक्रम जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड में हुआ। यहॉं उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की गरिमामय उपस्थिति में करीब 15 हजार लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से जारी किया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का वीडियो संदेश
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि योग आज वैश्विक आंदोलन, ग्लोबल स्पिरिट बन गया है। उन्होंने कहा कि आज ऐतिहासिक और अभूतपूर्व अवसर है, जब भारत के आह्वान पर विश्व के 180 से अधिक देश संयुक्त राष्ट्र संघ के योग दिवस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। आज समूचे विश्व में योग का कार्यक्रम "ओशन रिंग ऑफ योगा" किया जा रहा है, जिसमें करोड़ों लोग शामिल हो रहे हैं। पृथ्वी के दो ध्रुव जुड़ रहे हैं, जो पूरे विश्व को एक साथ जोड़े वह योग है। यह हमारी "वसुधैव कुटुंबकम्" अर्थात सारा विश्व एक परिवार की संस्कृति है। योग से स्वास्थ्य, दीर्घायु, बल और सुख की प्राप्ति होती है। योग की उर्जा से चारों तरफ कल्याण होता है। योग हमें जीव मात्र की एकता का एहसास कराता है। यह प्राणी मात्र के प्रेम का आधार है। योग के जरिए हम अंतर्विरोधों, गतिरोध और प्रतिरोधों को खत्म कर सकते हैं। कर्मों में कुशलता ही योग है। अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण से योगसिद्धि मिलती है, योग के जरिए निष्काम कर्म होते हैं। प्रधानमंत्री ने पूरी दुनिया को योग दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि योग स्वस्थ जीवन की पूंजी है और स्वास्थ्य हमारी पूंजी। योग जीरो प्रीमियम पर फुल हेल्थ इंश्योरेंस है। हमें अपनी क्षमता को पूर्ण रूप से मानवता की सेवा के लिए लगाने के लिए स्वस्थ रहना आवश्यक है और स्वस्थ रहने के लिए योग आवश्यक है। पहला सुख निरोगी काया है. योग शरीर मन और आत्मा की एकता का प्रतीक है।
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि योग किसी एक जाति के लिए नहीं बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण के लिए है। आज अच्छे स्वास्थ्य के साथ यह एक महत्वपूर्ण हुनर भी बन गया है, जिसके माध्यम से दुनिया भर में अच्छा केरियर बनाया जा सकता है। आज सारी दुनिया को अच्छे योग प्रशिक्षकों की आवश्यकता है।
उप राष्ट्रपति ने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माँ नर्मदा और रानी दुर्गावती की भूमि में योग कर मैं अभिभूत हूँ। मेरे जीवन के ये सबसे यादगार पल है। योग एक दिन का नहीं है बल्कि हर दिन का है। यह विश्व एकता का प्रतीक है। यह भारत की वसुधैव कुटुंबकम् की संस्कृति और विश्व के कल्याण की सोच का प्रतीक है। योग हजारों साल से हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। भारत में हो रही जी-20 समिट की थीम हमारी संस्कृति पर आधारित है "वन अर्थ, वन फ्यूचर एंड वन फैमिली।"
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विश्व के सर्वोच्च शिखर पर होगा, विश्व गुरु होगा। इस दशक के अंत तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी शक्ति होगा। वर्ष 2022 में विश्व के बड़े देशों की तुलना में भारत में लगभग 4 गुना डिजिटल ट्रांसफर हुआ। भारत में आज 70 करोड़ इंटरनेट यूजर हैं और हमारा डाटा कंजम्शन अमेरिका और चीन से भी अधिक है। उन्होंने संदेश दिया कि योग के माध्यम से स्वस्थ रहें, सुखी रहें और देश को हर हाल में सर्वोपरि रखें।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि योग से शारीरिक, मानसिक और वैचारिक स्वास्थ्य मिलता है। योग शरीर, मन, आत्मा को जोड़ने का विधान है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को विकसित कर बीमारियों की रोकथाम करता है। इसने हमें वैश्विक आपदा कोविड से उबरने में मदद की है। यही वजह है कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने इसे स्वीकार करके इसकी उपयोगिता सिद्ध की है। आज योग की पहचान पूरे विश्व में है। उन्होंने युवाओं से कहा कि उनके कैरिअर और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए योग सशक्त माध्यम साबित होगा। योग को अपने जीवन में अंगीकार करें, सात्विक एवं संतुलित आहार ग्रहण करें। योग के नियमित अभ्यास से विचारों में दुनिया के प्रति सकारात्मक बदलाव आयेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज संस्कारधानी जबलपुर, प्रदेश, देश ही नहीं बल्कि संपूर्ण विश्व योगमय हो गया है और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है, जो आज स्वयं संयुक्त राष्ट्र संघ में दुनिया के लिए योग का नेतृत्व कर रहे हैं। योग की इस विधा को जन-जन तक पहुँचने का कार्य प्रधानमंत्री द्वारा किया जा रहा है। भारत की यह प्राचीन विधा विश्व-कल्याण के लिए है। हज़ारों वर्ष पूर्व से अपनाई जा रही हमारी वसुधैव कुटुंबकम् की अवधारणा संदेश देती है कि सारी दुनिया हमारा परिवार है। मनुष्य को हमने जियो और जीने दो का संदेश दिया है, हमारे ऋषि-मुनियों ने सर्वे भवन्तु सुखिनः के माध्यम से बताया है कि पहला सुख निरोगी काया है और इसके लिए योग से बड़ा साधन कोई नहीं है। उन्होंने महर्षि पतंजलि को प्रणाम करते हुए उनके अष्टांग योग का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में सभी का आह्वान किया कि हमें केवल योग दिवस पर योग नहीं करना है, बल्कि इसे अपनी जीवन-शैली का हिस्सा बनाना है। यही ऊर्जा देश के विकास में लगानी है। स्वस्थ रहकर ही हम देश की सेवा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी और मैं प्रतिदिन योग करते है। प्रदेश सरकार ने सभी विद्यालयों में योग की शिक्षा को अनिवार्य किया गया है।
केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि आज योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई यह योग यात्रा आज भी जारी है। इस यात्रा की उपलब्धि यह है कि इसमें जन सहभागिता अप्रत्याशित रूप से बढ़ी है। अब यह जन -आंदोलन का रूप धारण कर चुका है। सोनोवाल ने कहा कि इस बार का अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कई मायनों में विलक्षण है। इसमें ओशन रिंग, योग भारतमाला, योग सागरमाला जैसे कार्यक्रम भी होंगे। आर्कटिक से लेकर अंटार्कटिका महासागर तक के क्षेत्र में योग प्रदर्शन और प्रमुख मेरिडियन लाइन (Prime Meridian Line), उस पर पड़ने वाले और उस लाइन के आसपास के 40 से अधिक देशों में योग प्रदर्शन होगा।
केंद्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, केंद्रीय जल शक्ति एवं खाद्य प्र-संस्करण उद्योग राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, केंद्रीय आयुष तथा महिला-बाल विकास मंत्री डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई, प्रदेश के आयुष (स्वतंत्र प्रभार) तथा जल संसाधन राज्य मंत्री रामकिशोर "नानो" कावरे, सांसद द्वय वीडी शर्मा और राकेश सिंह, राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मिकी, विधायक अजय विश्नोई एवं अशोक रोहाणी, रामचन्द्र मिशन के अध्यक्ष कमलेश पटेल "दाजी" भी गणमान्य अतिथियों में शामिल थे।
गैरीसन ग्राउंड में देश के मुख्य योग कार्यक्रम का शुभारम्भ सुबह 6 बजे राष्ट्र-गान से हुआ। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन के जरिये मंच से योग प्रशिक्षकों के प्रसारित सन्देश पर एक साथ योगाभ्यास हुआ। कार्यक्रम में भारत सरकार द्वारा तय कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योग की विभिन्न मुद्राओं एवं प्राणायाम का अभ्यास किया गया। गैरीसन ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम के साथ पूरे प्रदेश में सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम सभी सार्वजनिक स्थलों, खुले मैदानों, उद्यानों, स्कूल-कॉलेजों एवं ऐतिहासिक तथा पुरामहत्व के स्थलों में भी हुए। ग्राम पंचायत स्तर तक गैरीसन ग्राउंड के राष्ट्रीय कार्यक्रम से दूरदर्शन और आकाशवाणी से प्रसारित संदेशों पर योगाभ्यास किया गया। इनमें समाज के सभी वर्ग, सभी समुदाय और हर आयु वर्ग के लोग शामिल हुए। लोगों ने घर और आंगन में भी योग का अभ्यास किया।
कार्यक्रम का देश भर में तथा विश्व के कई देशों में सीधा प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र, योग से जुड़ी संस्थाओं के योगाभ्यासी तथा सेना एवं होमगार्ड के जवानों ने सहभागिता की। श्रवण एवं अस्थि-बाधित दिव्यांग छात्र-छात्राओं, ट्रांसजेंडर्स तथा कैंसर एवं थैलीसीमिया की बीमारी से मुक्त हुए रोगियों ने भी समूह में योगाभ्यास किया। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिव्यांग योगाभ्यासी संजय चक्रवर्ती और मनोज कश्यप से मुलाकात भी की।
आदिपुरुष फिल्म का युवाओं ने किया विरोध, मुंडन कराया
21 Jun, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नारेबाजी करते हुए बैनर पोस्टरों को हटाया, टाकीज पर ताला जडा
भोपाल । प्रदेश के अशोकनगर जिले में युवाओं ने आदिपुरुष फिल्म का विरोध किया। विरोध के क्रम में युवाओं ने मुंडन कराया, विवेक टाकीज में फिल्म के पोस्टर फाड दिए, इतना ही नहीं, टाकीज पर ताला भी जड दिया। युवाओं ने यह विरोध प्रदर्शन सोमवार की शाम को किया, जब टाकीज में आखिरी शो के लिए दर्शकों का आना शुरू हो गया था तभी युवाओं ने पहुंचकर वहां नारेबाजी करते हुए बैनर पोस्टरों को हटाना शुरू कर दिया। विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने टाकीज में टिकिट लेकर बैठे दर्शकों के हाथ जोड़कर उनको वापस कराया और फिर टाकीज पर ताला जड़ दिया। मंगलवार को भी टाकीज में आदिपुरुष के सभी शो बंद रहे। प्रदेश में वैसे तो आदिपुरुष फिल्म अधिकांश शहरों के टाकीजों में लग चुकी है, लेकिन मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को लेकर जिस तरह से फिल्म बनाई है उसका सनातनी समाज में विरोध होना शुरू हो गया है। इस विरोध की चिंगारी सोमवार को अशोकनगर टाकीज में उठते हुए देखी गई जब करीब आधा सैकड़ा से अधिक युवा जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा बबलू यादव के नेतृत्व में विवेक टाकीज पहुंचे। जहां आखिरी शो शुरू होने से पहले पहुंचकर नारेबाजी करते हुए युवाओं ने फिल्म के पोस्टर बैनर हटा दिए। इसके बाद अंदर जो दर्शक आ चुके थे उनके हाथ जोड़कर जो टिकिट खरीदे उनको वापस कराए। फिर टाकीज प्रबंधन को इस फिल्म को न दिखाने की अपील करते हुए टाकीज के मेेन गेट पर ताला जड़ दिया। इसका असर मंगलवार को भी रहा। युवाओं की चेतावनी को लेकर टाकीज में सभी शो बंद रहे। युवाओं में आक्रोश इतना था कि मौके पर ही टाकीज गेट पर बैठकर तीन युवाओं ने मुंडन करा दिया। इस दौरान युवा भगवान श्री राम के जयकारे लगाते हुए नजर आए। टाकीज में प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने स्पष्ट लहजे में टाकीज प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर फिल्म चालू की तो इसके दुष्परिणाम उठाना पड़ेंगे। युवाओं ने कहा कि सनातन संस्कृति पर प्रहार करती हुई मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम को लेकर बनाई फिल्म आदिपुरुष के अलावा इस तरह की कोई भी फिल्म शहर में चलने नहीं दी जाएगी। इधर टाकीज प्रबंधन द्वारा मंगलवार को फिल्म चालू कराने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत का प्रयास किया गया लेकिन युवा नहीं माने। युवाओं का कहना है कि अगर फिल्म चालू होती है तो आगे की घटना के लिए टाकीज प्रबंधन जवाबदार होगा। इस बारे में भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष बबलू यादव ने कहा कि भगवान राम हमारे आराध्य हैं। उनको मर्यादापुरुषोत्तम कहा जाता है। लेकिन फिल्म में जिस तरह से वस्त्र पहनाएं हैं। उसमें मर्यादा की झलक तक नहीं दिख रही है। ऐसी फिल्मों का निर्माण राम के चरित्र को न दिखाते हुए खुद को आइकोन बनाने के लिए किया जाता है। हम इस फिल्म का विरोध करते हैं। ऐसी कोई भी फिल्म जो सनातन के खिलाफ होगी उसका विरोध होता रहेगा।
किशोरी को पेट दर्द हुआ तो अस्पताल ले गए, पता चला दुष्कर्म हुआ
21 Jun, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी में 14 वर्षीय पीड़ित किशोरी के साथ चार महीने पहले दुष्कर्म होने का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी को पेट दर्द हुआ तो अभिभावक अस्पताल लेकर गए, वहां जांच में पता चला कि किशोरी तो गर्भवती है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही पुलिस टीम बैतूल रवाना होगी। यह घटना टीटीनगर इलाके की है, जहां एक नाबालिग रिश्तेदार के घर तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने आई थी। वहीं उसकी 18 साल के एक युवक से पहचान हो गई। युवक उसे घुमाने के बहाने एक सुनसान जगह पर ले गया। यहां पर उसने डरा-धमकाकर नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। कुछ दिन पहले नाबालिग के पेट में दर्द होने पर उसकी मां उसे डाक्टर के पास ले गई तो पता चला कि वह गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद मां ने उससे इस बारे में पूछा, तब नाबालिग ने रोते-रोते उसे पूरी घटना बताई। इस पर उसने स्वजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपित पर एफआईआर दर्ज कराई। आरोपित बैतूल का रहने वाला है। टीटी नगर पुलिस के मुताबिक किशोरी जहांगीराबाद इलाके में रहती है। गत फरवरी के महीने में टीटी नगर इलाके में रहने वाले एक रिश्तेदार की मौत हो गई थी। यहां पर आयोजित तेरहवीं के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किशोरी भी अपने स्वजनों के साथ गई थी। वहां पर बैतूल निवासी अंशु पटवा नाम का युवक भी आया था। नाबालिग की युवक से पहचान हो गई। बातचीत होने के बाद अंशु किशोरी को घुमाने के बहाने टीटी नगर दशहरा मैदान में ले गया। यहां पर उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। उसने किशोरी को धमकी दी कि इसके बारे में किसी को बताने पर वह उसे जान से मार देगा। पुलिस ने दुष्कर्म, पोस्को एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
बिपर्जय का दिखा असर, हुई झमाझम बारिश
21 Jun, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ पडी बौछारें
भोपाल । तूफान बिपर्जय का असर अब प्रदेश में दिखाई देने लगा है। बिपर्जय के प्रभाव प्रदेश के कई हिस्सों में मंगलवार दोपहर बाद झमाझम बारिश हुई। प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में कई स्थानों पर तेज वर्षा हुई। भोपाल संभाग में भी गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने से गर्मी से राहत मिली। हालांकि प्रदेश के कुछ पूर्वी हिस्सों तक इसका असर नहीं पहुंचने के चलते गर्मी का प्रकोप रहा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार को भी सागर और ग्वालियर संभाग के जिलों में इसका असर दिखेगा और कई स्थानों पर मद्धम से लेकर कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। मौसम विभाग के वरिष्ठ विज्ञानी वेदप्रकाश ने बताया कि बिपर्जय का प्रभाव इस समय दक्षिण-पश्चिम उप्र में एवं उससे लगे उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश के हिस्सों में है। यह कमजोर हो चुका है, लेकिन इसके असर से बुधवार और गुरुवार को तेज हवाओं के साथ वर्षा की गतिविधियां दिखती रहेंगी। बुधवार को इसका सबसे ज्यादा असर सागर एवं उससे लगे ग्वालियर, चंबल संभाग पर दिखेगा। गुरुवार को भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वर्षा होगी और तेज हवाएं चलती रहेंगी। इन दो दिनों में तेज हवाओं एवं नमी के चलते प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी इसका असर पहुंचने और तीखी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। बिपर्जय चक्रवात के असर से ग्वालियर चंबल अंचल मानसून से पहले ही तरबतर हो गया है। लगातार वर्षा जारी रहने से मुरैना व भिंड में कई मकान गिरे गए हैं। मुरैना में जहां बारिश के पानी से भरे ईट भट्टे के गड्ढे में गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई वहीं भिंड के गोरमी में छत गिरने से पति-पत्नी घायल हो गए। गोरमी में क्वारी नदी का जलस्तर बढ़ने से बुधारा पुल के पास स्टाप डैम डूब गया। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए आगामी 48 घंटों तक 40 से 50 किमी रफ्तार से आंधी चलने व तेज वर्षा की संभावना जताई है। बीते 24 घंटे में 101 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के पूर्व मौसम विज्ञानी एसके नायक ने बताया कि 21 से 24 जून के दौरान उत्तरी मध्यप्रदेश में कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा के साथ साथ कहीं कहीं भारी वर्षा की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बिपर्जय के कमजोर पड़ने के बीच मानसून को गति मिल गई है। यह ओडिशा तक आ गया है। बंगाल की खाड़ी में सिस्टम बने हुए हैं। अगले दो दिनों में बिपर्जय पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इस बीच मानसून ओडिशा से पूर्वी उत्तरप्रदेश की ओर बढ़ेगा वहीं छत्तीसगढ़ को भी कवर जाएगा। अगले चार-पांच दिनों में छत्तीसगढ़ को पार करते हुए इसके मध्यप्रदेश में पहुंचने का अनुमान है।
योग दिवस पर कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन गैस की टंकी पर बैठकर कांग्रेसियों ने किया योगा
21 Jun, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मध्यप्रदेश में सियासत का रंग भी चढ़ा नजर आया। कांग्रेस ने योग दिवस के मौके पर अनूठे अंदाज में प्रदर्शन कर केंद्र और राज्य सरकार पर हमला बोला। योग दिवस के दिन प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने कांग्रेसियों ने हाथों में तख्तियां और गैस सिलेंडर पर बैठकर बढ़ती हुई महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। इस बीच कांग्रेस प्रवक्ता विक्की खोंगल गैस की टंकी पर बैठकर योगा करते हुए नजर आए तो वहीं अन्य कांग्रेस नेताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर योगा किया। कांग्रेस नेताओ ने कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार का योगा चल रहा है, मध्यप्रदेश में व्यापम घोटाले से लेकर बड़े-बड़े घोटाले हुए हैं, जिसमें प्रदेश सरकार की नाकामियों को हम आज बता रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने कहा कि बीते 18 सालों की निष्क्रिय सरकार ने महाकाल तक को नहीं छोड़ा और महाकाल लोक में भी घोटाला किया। उसको लेकर हमने आज सांकेतिक प्रदर्शन करतेह हुए घोटाले के खिलाफ हमने आवाज उठाते हुए आमजन को यह संदेश दिया है, कि प्रदेश की घोटालों वाली सरकार सोई हुई है। यह सरकार अपनी नींद से जागे। बरोलिया ने आगे कहा कि आज महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार को उनकी कोई फिक्र नहीं है, हमारी मांग है की बढ़ती महंगाई से जनता की सुध लेते हुए सरकार जल्द ही उन्हें इससे राहत दिलाये।