छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
हाथियों ने ग्रामीण पर किया हमला, हालत गंभीर.....
21 Jun, 2023 11:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मरवाही वन मंडल में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। मरवाही परिक्षेत्र के नवाटोला में हाथियों ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। घायल पुरषोतम सोनवानी को गंभीर हालत इलाज के लिए मरवाही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। वहीं, पांच हाथियों के समूह ने ग्रामीणों के घरों को भी निशाना बनाया। वन विभाग लगातार हाथियों की निगरानी कर रहा है।
आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी का एक जवान हुआ घायल.....
21 Jun, 2023 11:18 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर के गंगालूर थाना क्षेत्र में जवानों की संयुक्त पार्टी के साथ नक्सलियों की मुठभेड हुई हैं। मुठभेड़ में पुलिस ने दो से तीन नक्सलियों के मारे जाने या घायल होने का दावा किया है। जवानों ने नक्सली कैम्प व स्मारक ध्वस्त कर वहां से बड़ी संख्या में समान बरामद किए है। वहीं, दंतेवाड़ा से आई पार्टी वापस लौट रही थी। तभी नक्सलियों द्वारा प्लांट की गई आईईडी ब्लास्ट होने से डीआरजी का एक जवान घायल हो गया हैं। घायल जवान को जिला अस्पताल बीजापुर लाया गया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजने की तैयारी चल रही है।
बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के मुगबिक सोमवार को कोबरा, एसटीएफ, डीआरजी दंतेवाड़ा व डीआरजी बीजापुर की संयुक्त पार्टी गंगालूर थाना क्षेत्र के पीडिया की तरफ नक्सली विरोधी अभियान पर निकली हुई थी। अभियान के दौरान मंगलवार को गंगालूर के पीडिया क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। घटना स्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो से तीन नक्सलियों के मारे जाने या घायल होने का दावा किया है।
मुठभेड़ के बाद जवानों ने नक्सलियों के डेरा से भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री, विस्फोटक, टेलरिंग टीम का सामान व दवाइयां बरामद की हैं। वही जवानों ने नक्सली स्मारक व डेरा को भी ध्वस्त कर दिया हैं। दंतेवाड़ा से आई डीआरजी जवानों की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान से वापस लौट रही थी। इसी बीच बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के पुसनार व गंगालूर के बीच कुरूस में नक्सलियों द्वारा प्लांट की गई आईईडी ब्लास्ट हो गई। इसकी जद में आने से डीआरजी जवान अजय मंडावी मामूली रूप से घायल हो गया है। बताया गया है कि जवान को पैर में और अंदुरुनी चोटें आई हैं। घायल जवान को गंगालूर से एम्बुलेंस में बीजापुर जिला अस्पताल लाया गया है। यहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है। फिलहाल जवान की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
गरियाबंद में 23 जून को 50 बेटियों की होगी शादी....
21 Jun, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सहायता राशि 25 हजार रूपए से बढ़ाकर 50 हजार रूपए कर दी गई है। इससे कई गरीब परिवारों की बेटियों की धूम-धाम से शादी करने का सपना पूरा हो रहा है। गरियाबंद में 23 जून को सामूहिक कन्या विवाह का आयोजन किया जायेगा। यह आयोजन शासकीय वीर सुरेन्द्र साय महाविद्यालय परिसर अंतर्गत इंडोर स्टेडियम गरियाबंद में आयोजित किया जायेगा। इस दिन 50 जोड़ो की शादी की जाएगी।
वधुओं को सहायता राशि के रूप में 21 हजार रूपये का चेक भी सौंपा जाएगा। शासन द्वारा शादी की अन्य जरूरी तैयारियों एवं व्यवस्थाओं के खर्च को मिलाकर कुल 50 हजार रूपये की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है। सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम जिले के प्रभारी मंत्री एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर वर-वधुओं को आशीर्वाद देंगे। साथ ही राजिम विधायक अमितेश शुक्ल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष स्मृति ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए 21 जून तक संबंधित क्षेत्र के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। विवाह के लिए लड़की की उम्र 23 जून 2023 तक 18 वर्ष एवं लड़के का उम्र 21 वर्ष होना जरूरी है। साथ ही लड़की छत्तीसगढ़ की मूल निवासी होनी चाहिए। विवाह पंजीयन के लिए लड़के-लड़की की शैक्षणिक योग्यता, आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र एवं माता-पिता की सहमति भी अनिवार्य होगी। योजनान्तर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वाले परिवार और मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना अंतर्गत कार्डधारी परिवार की 18 वर्ष से अधिक आयु की अधिकतम दो कन्याओं को आर्थिक सहायता दी जाती है।
इसमें वर-वधु की श्रृंगार सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग के सामान उपहार स्वरूप प्रदान करने के साथ बैंक ड्रॉफ्ट के माध्यम से रूपए भी दिए जाते हैं। योजनांतर्गत विधवा, अनाथ, निराश्रित कन्याओं को भी शामिल किया जाता है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत विकलांग कन्या को समाज कल्याण विभाग के अलावा महिला बाल विकास विभाग से भी इस योजना से लाभान्वित किया जाता है। इसके अलावा अंतर्जातीय विवाह का लाभ आदिम जाति विकास विभाग से दिया जाता है।
पुलिस का मुखबिर बताकर नक्सलियों ने की पिता की हत्या, दिया वारदात को अंजाम....
20 Jun, 2023 05:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पुलिस का मुखबिर बताकर नक्सलियों ने एक ग्रामीण को अगवा करने के बाद उसकी निर्ममता पूर्वक हत्या कर दी। हत्या के बाद ग्रामीण के शव को जंगल में फेंक कर वहां पर्चा छोड़ा हैं। दो साल पहले नक्सलियों ने उक्त ग्रामीण के बेटे की भी हत्या की थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उसूर ब्लॉक के इलमिडी थाना क्षेत्र के आइपेंटा निवासी धुर्वा धमैया पिता किस्तैया उम्र 45 को नक्सली रविवार को अगवा कर अपने साथ ले गए थे। सोमवार को आइपेंटा के जंगल पहाड़ में ग्रामीण धमैया का शव पड़ा मिला। शव के पास नक्सली पर्चा मिला है। जिसमें ग्रामीण पर पुलिस मुखबिर का आरोप लगाकर हत्या करने की बात लिखी गई हैं। परिजनों ने हत्या की रिपोर्ट मंगलवार को इलमिडी थाना में दर्ज करवाई हैं। शव का पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। एएसपी चन्द्रकान्त गोवर्णा ने बताया कि वर्ष 2020 में मृतक ग्रामीण धुर्वा धमैया के बेटे रमेश धुर्वा की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।
बालोद के इस गांव में लू के चलते 50 से 60 बीमार हुए लोगो के आंकड़े बढ़ने लगे....
20 Jun, 2023 02:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालोद जिले के गुंडरदेही ब्लॉक के ग्राम खुटेरी में लू के चलते एक साथ 50 से 60 लोग अचानक बीमार पड़ गए। जिससे लोगों में भय व्याप्त हो गया। जिसके बाद प्रशासन और पंचायत ने मामला सम्हाला और हालत को काबू करने में लग गए। सरपंच नविता साहू ने बताया कि अचानक उनके गांव में प्रत्येक घरों में एक से दो फिर दो से तीन लोग बीमार पड़ने लगे और देखते ही देखते यह आंकड़ा बड़ने लगा। सरपंच ने बताया कि प्रशासन को अवगत कराने के बाद से स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां पर सक्रिय है। लगभग 50 महिला पुरुष और बच्चे सहित बुखार व सर दर्द से परेशान हैं। गुंडरदेही समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है। सरपंच ने भी सक्रियता दिखाते हुए पानी जांच के लिए लैब भेजा गया है।
एक परिवार से दो तीन लोग बीमार
सरपंच ने बताया कि एक परिवार से वर्तमान में दो से तीन लोग बीमार पड़े हैं। मैं स्वयं पूरे टीम के साथ गांव में दौरा कर रही हूं और हम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अचानक मौसम परिवर्तन के कारण हो सकता है लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच के लिए कहा गया है। वहीं विकासखंड चिकित्सा अधिकारी सत्येंद्र मारकंडे ने बताया कि लू का असर लग रहा है, कैंप गांव में लगाया गया है।
अज्ञात वाहन ने दो लोगों को मारी टक्कर, एक युवक की मौत दूसरा गंभीर रूप से घायल....
20 Jun, 2023 01:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर के राष्ट्रीय राजमार्ग 30 में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दो लोगों को टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घायल को भानपुरी अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे मेकाज रेफर किया गया है। मामले की जानकारी देते हुए कोंडागांव कोतवाली थाना प्रभारी प्रह्लाद यादव ने बताया कि मंगलवार की सुबह घोड़ागाव के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों के घायल होने की सूचना पर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची। जहां एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरा घायल था। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दिया है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
सहायक आरक्षक की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से वार की हत्या....
20 Jun, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर के भद्रकाली थाना में पदस्थ एक सहायक आरक्षक की बीती रात पाता कुटरू में कुछ अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। जवान इन दिनों छुट्टी पर चल रहा था और वह अपने रिश्तेदारों के यहां पाता कुटरू गया हुआ था। जहां उसकी हत्या हो गई। पुलिस हत्या की वजह आपसी रंजिश, पारिवारिक विवाद व अन्य कारणों की जांच कर रही हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक भद्रकाली थाना में पदस्थ सहायक आरक्षक संजय कुमार वेड़ना 11 जून 2023 से छुट्टी पर चल रहा था और रक्षित केंद्र बीजापुर से सम्बद्ध था। वह बीजापुर मुख्यालय में ही रह रहा था। सोमवार को वह अपने परिजनों से मिलने कुटरू थाना क्षेत्र के पाता कुटरू गया था और रात वहीं रुका हुआ था। इसी बीच मंगलवार की तड़के चार से पांच अज्ञात व्यक्तियों के द्वारा धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। कुटरू पुलिस जवान की हत्या को लेकर पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश व अन्य कारणों के संबंध में जांच कर रही हैं।
दो ट्रक और पिकअप आपस में टकराने से लगी आग, तीनों वाहन जलकर हो गए खाक....
20 Jun, 2023 12:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांकेर में एनएच 30 खालेमुरवेंड में दो ट्रकों और पिकअप के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि देखते ही देखते दोनों ट्रक और पिकअप में आग लग गई। तीनों वाहन जलकर खाक हो गए। एक ट्रक का चालाक बुरी तरह से इस आग में झुलस गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खालेमुरवेंड लिमदरहा मिडवे रिसोर्ट के सामने रात दो बजे एक ट्रक रायपुर से जगलपुर जा रही थी और एक ट्रक जगदलपुर से रायपुर जा रही थी, पिकअप वाहन जो कि जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रही थी लापरवाही पूर्वक वाहन चालक ने ओवर टेक करने की कोशिश की और तीनों गाड़ियों में टक्कर हो गई। जगदलपुर से रायपुर की ओर जा रहे ट्रक में लौह अयस्क भरा हुआ था। उसमें पहले आग लगी उसने दोनों गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। लेकिन दो घंटे लेट पहुंचने के चलते तीनों गाड़ियां खाक हो गई। इस दौरान नेशनल हाइवे 30 में वाहनों की लंबी कतार भी लग गई।
फिल्म "आदिपुरुष" को लेकर छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया....
20 Jun, 2023 11:37 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। देश भर में फिल्म आदिपुरुष को लेकर जारी विवाद के बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने बड़ा बयान दिया है। सीएम बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार को देश भर में इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ छत्तीसगढ़ में फिल्म को बैन करने से कुछ नहीं होगा।
पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री ने की थी मांग
बता दें कि केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी और पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने फिल्म आदिपुरुष को छत्तीसगढ़ में बैन करने की मांग की थी। इस पर सीएम बघेल ने कहा कि लोगों ने जब इस फिल्म को प्रतिबंधित करने की मांग की, तब ये कहते हैं कि इसको बैन किया जाना चाहिए।
पूरे देश में आदिपुरुष को करना चाहिए बैनः सीएम बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी और पूर्व सीएम रमन सिंह इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की बात कर रहे हैं तो केंद्र सरकार को पूरे देश में इस फिल्म को बैन कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि वे लोग राम भक्त बनते हैं और उन्हीं की सहमति से तो ये सब हुआ है।
सीएम ने गिनाई फिल्म की कमियां
सीएम बघेल ने कहा कि भाजपा के लोग मर्यादा पुरुषोत्तम राम को युद्धक राम बना दिया है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी ज्ञान, शक्ति और भक्ति के लिए जाने जाते हैं, जिन्हें एंग्री बर्ड बना दिया है। उन्होंने कहा कि क्रोनोलॉजी ये है कि जो बातें पहले बजरंग दल के लोग बोलते थे, अब वही बातें बजरंगबली से बुलवा रहे हैं। उनका चेहरा लोगों के सामने बेनकाब हो चुका है। उन्होंने फिल्म के निर्माता और निर्देशकों पर निशाना साधते हुए कहा कि फिल्म बनाने वाले कौन लोग हैं...उनकी फोटो किनके साथ है यह सबको पता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई दूसरे निर्माता-निर्देशक होते तो अब तक बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के लोग सड़क पर होते। सीएम बघेल ने कहा कि ये लोग इसलिए चुप हैं, क्योंकि निर्माता-निर्देशक इनके अपने हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को राम और सीता से कोई आस्था नहीं है। वे लोग सिर्फ राजनीति करते हैं।
आज मंदिरों में मनाया जाएगा नेत्रोत्सव, निकलेगी रथयात्रा......
19 Jun, 2023 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। लगभग 15 दिनों पहले ज्येष्ठ पूर्णिमा पर भगवान जगन्नाथ अत्यधिक स्नान से अस्वस्थ हो गए थे। भगवान को स्वस्थ करने के लिए औषधियुक्त काढ़ा पिलाने की रस्म निभाई जा रही है। अमावस्या तिथि पर भगवान को अंतिम काढ़ा पिलाने की रस्म निभाई गई। काढ़ा का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में वितरित किया गया। आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को भगवान स्वस्थ हो जाएंगे और नेत्र खोलेंगे। मंदिरों में नेत्रोत्सव मनाया जाएगा। नेत्रोत्सव के अगले दिन द्वितीया तिथि पर 20 जून को भगवान अपनी प्रजा से मिलने रथ पर सवार होकर भ्रमण करेंगे और मौसी के घर जाकर विश्राम करेंगे।
काढ़ा का प्रसाद लेने पहुंचे श्रद्धालु
स्वर्ण भस्म, केसर, इलायची, अदरक, आमी हल्दी, सौंठ, कालीमिर्च, जायफल, अजवाइन, करायत के मिश्रण से काढ़ा तैयार किया गया। पुजारी ने काढ़ा का भोग अर्पित किया। काढ़ा का प्रसाद लेने अनेक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। ऐसी मान्यता है कि भगवान को लगाए गए काढ़ा के भोग का प्रसाद ग्रहण करने से व्यक्ति निरोगी होता है। भगवान की उस पर कृपा होती है।
20 जून को रथयात्रा की तैयारी
राजधानी के लगभग 10 जगन्नाथ मंदिरों में 20 जून को निकाली जाने वाले रथयात्रा की तैयारी जोरशोर से चल रही है। गायत्री नगर, सदरबाजार, टुरी हटरी पुरानी बस्ती, लिली चौक, आमापारा, अश्विनी नगर, पुराना मंत्रालय परिसर, आकाशवाणी कालोनी, गुढ़ियारी, कोटा के मंदिरों से रथयात्रा निकाली जाएगी। भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भैय्या बलदेव और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर अपनी मौसी के घर जाकर विश्राम करेंगे। भगवान के विश्राम स्थल को गुंडिचा मंदिर कहा जाता है।
प्रदेश के मुखिया पूजा करके करेंगे यात्रा का शुभारंभ
गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर के संस्थापक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि रथयात्रा के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश के मुखिया रथ के आगे सोने से निर्मित झाड़ू से बुहारने की रस्म निभाकर रथयात्रा को रवाना करेंगे। भगवान 10 दिनों मौसी के घर विश्राम करके 29 जून को देवशयनी एकादशी पर वापस मूल मंदिर में लौटेंगे। रथयात्रा की वापसी को बहुड़ा यात्रा कहा जाता है।
छत्तीसगढ़ में दो दिन बाद प्री-मानसून बारिश के आसार.....
19 Jun, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी सहित प्रदेशभर के लोगों को गर्मी से राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है। आंकड़ों के अनुसार रविवार को पिछले तीस वर्षों में रायपुर के औसत तापमान से सात डिग्री तक ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी औसत से पांच डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, प्रदेशभर के औसत तापमान में राजनांदगांव में अधिकतम तापमान सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। वहीं, अगले दाे दिनों तक गर्मी से लोगों को राहत मिलती नहीं दिखाई दे रही है।
21-22 जून से लगभग प्रदेशभर में प्री-मानसून की बारिश होना संभव
मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। जबकि दो दिनों के बाद प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में प्री मानसून की बारिश होने की संभावना। इसी बीच रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक तापमान सक्ती और रायगढ़ में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान नारायणपुर में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के एक-दो स्थानों में हल्की वर्षा भी देखने को मिली। जिसमें सर्वाधिक वर्षा बस्तर के तोकापाल में तीन सेमी वर्षा दर्ज की गई।
मानसून की गतिविधियां दो दिनों में होंगी तेज
वर्तमान में मानसून दक्षिण की ओर से और दक्षिण-पश्चिम की ओर से प्रवेश कर रहा है। ऐसे में दोनों ही दिशाओं से मानसून के आने की वजह से प्रदेश के सभी हिस्सो में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। इसकी वजह से पूरे प्रदेशभर में मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ ही बारिश के आसार भी बन रहे हैं।
जगदलपुर में लगातार दो दिनों से प्री मानसून हावी
मानसून दक्षिण की ओर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करता ही है, लेकिन अब तक आंध्रप्रदेश और तेलंगाना को मानसून ने पूरी तरह से कवर नहीं किया है। फिर भी मानसून की गतिविधियां तो वहां तेज हो ही गई हैं और दो दिनों से यानी कि शनिवार और रविवार को बारिश देखने को मिल रही है। ऐसे में जल्द ही प्रदेश के लोगों को भी इससे राहत मिलने की संभावना है।
इन जिलों में चली ग्रीष्म लहर
अधिकतम तापमान में वृद्धि की वजह से प्रदेश के कई जिलों में ग्रीष्म लहर चली। जिसमें राजनांदगांव, रायपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर, दुर्ग, पेंड्रा रोड, बलौदा बाजार, महासमुंद, रायगढ़, जांजगीर, मुंगेली, जशपुर भी शामिल है।
बिहार, झारखंड से आगे बढ़ेगा मानूसन
मौसम विज्ञानियों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत, पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों से दक्षिणी मानसून आगे बढ़ने की संभावना है और परिस्थितियां भी पूरी तरह से मानसून के अनुकूल हैं। वहीं, एक चक्रवाती परिसंचरण पूर्वोत्तर बिहार और उसके आसपास स्थित है। साथ ही एक ट्रफ झारखंड, छत्तीसगढ़ एवं पूर्वी मध्यप्रदेश होते हुए समुद्र तल से 0.9 किमी ऊंचाई पर बना हुआ है। इसकी वजह से आगामी भविष्य में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
ऐसा रहेगा आज का तापमान
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
रायपुर 43.0 30.0
बिलासपुर 43.6 30.5
दुर्ग 43.4 27.4
राजनांदगांव 44.5 28.7
जगदलपुर 39.3 27.1
आम महोत्सव में दुनिया के सबसे महंगे मियाजाकी आम की एंट्री......
19 Jun, 2023 02:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पहली बार आयोजित आम महोत्सव में जबरदस्त भीड़ देखने को मिल रही है। 300 से अधिक आमों की वैरायटी देखने और उसका स्वाद चखने शहरवासी जोरा स्थित पंजाब केसरी भवन पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी में आम की एक ऐसी वैरायटी शामिल हुई, जिसने सभी को अचंभित कर दिया है। उस आम का नाम है "मियाजाकी जापान आम"।
मियाजाकी आम दुनिया का सबसे मंहगा आम है, जो जापान में उगाया जाता है। इसकी कीमत 2 लाख 70 हजार रुपये प्रति किग्रा तक है। प्रकृति की और सोसाइटी के सचिव मोहन वार्ल्यानी ने जानकारी बताया कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित आम का वजन 640 ग्राम है, जिसकी कीमत 1,82,000 रुपए है।
उन्होंने बताया कि यह आम आसानी से उत्पादित नहीं किया जा सकता। जापान की मिट्टी और वातावरण मियाजाकी आम के उत्पादन के लिए अनुकूल है। इसलिए आम की कीमत बहुत ज्यादा है। आरपी गुप्ता रिटायर्ड, महाप्रबंधक कोल इंडिया, आम महोत्सव में आयोजन के दूसरे दिन स्वयं अपनी प्रविष्टियां लेकर आए।
सूरजपुर के सिलफिली निवासी आरपी गुप्ता शौकिया रूप से आम की खेती करते हैं। उनके पास मियाजाकी आम के दो पेड़ हैं, जिसमें से एक पेड़ से चौदह आम फले थे। 14 में से बहुत सारे आम वातावरण के अनुकुल नहीं होने के कारण बेकार हो गए। अन्य विदेशी प्रजातियाें की बात करें तो चाइना की नाम डाक मइ, फिलीपींस की आल टाइम मैंगो, अमेरिका की जंबो रेड, थाईलैंड की भस्तारा किस्मों ने भी लोगों को आकर्षित किया।
मैंगो फेस्टिवल का आज अंतिम दिन
मैंगो फेस्टिवल में छत्तीसगढ़ की विभिन्न किस्मों के आम समेत अन्य राज्यों अहमदाबाद, लखनऊ, महाराष्ट्र, हैदराबाद इत्यादि से लगभग 200 वैरायटी के आमों की सजी हुई है। वहीं खास लखनऊ के आम और आम के पौधे दोनों ही विक्रय के लिए उपलब्ध है। प्रदर्शनी में रेशमी, बारहमासी, चौसा, कृष्णाभोग, केशर, चंदा, लंगड़ा, अंबिका, आम्रपाली, केसर, लालबाग, हिमायत, मल्लिका, दशहरी, खस उल खस सहित विभिन्न आमों की प्रदर्शनी देखने को मिल रही है।
मैंगो फेस्ट में प्रदेश, और देश के साथ विदेश के मुख्य उत्पादन किए जाने वाले आम की भी प्रदर्शनी लगाई गई है। इसके अलावा मैंगो फेस्टिवल में महिलाओं के लिए भी खास तरह के आयोजन किए जा रहे हैं। महोत्सव में आए लोगों के मनोरंजन के लिए स्पेशल फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, युवाओं के लिए सिंगिंग प्रतियोगिता और महिलाओं के लिए आम से व्यंजन बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन का आज सोमवार को अंतिम दिन है।
छत्तीसगढ़ में भाजयुमो ने किया बड़ा प्रदर्शन.....
19 Jun, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। पीएससी घोटाले के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ सरकार के खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) आज रायपुर में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। इसके तहत भाजयुमो आज मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी। इस प्रदर्शन में शामिल होने भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या सोमवार को रायपुर पहुंचे। तेजस्वी का सुबह नौ बजे एयरपोर्ट पहुंचे, जहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद तेजस्वी फुंडहर चौक पर जैतखाम के लिए रवाना हो गए। बताया जाता है कि इसके बाद सूर्या राजधानी के श्रीराम मंदिर में पूर्जा-अर्चना करने जाएंगे। दोपहर में नालंदा परिसर में युवाओं से बातचीत करेंगे।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने बताया कि युवा मोर्चा लगातार अलग-अलग माध्यमों से युवाओं और अभ्यर्थियों से संपर्क कर रहा है, जिनके साथ पीएससी में धोखा किया गया है। आंदोलन आज बिजली आफिस चौक, सप्रे मैदान के पास से शुरू होकर मुख्यमंत्री निवास की तरफ जाएगा। जिसमें हज़ारों की संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
भाजयुमो के सीएम घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर जवान तैनात
पीएससी घोटाले के विरोध में आज सोमवार को भाजयुमो के द्वारा किए जा रहे सीएम हाउस घेराव को लेकर पुलिस अलर्ट है। घेराव प्रदर्शन के दौरान सीएम हाउस की तरफ जाने वाले सभी मार्गों को सीलबंद करने के साथ ही चौक-चौराहों पर बैरिकैट्स लगा दिए गए हैं। इस दौरान पांच सौ से अधिक पुलिस जवानों की जगह-जगह तैनाती की गई है। यातायात पुलिस ने लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो इसे ध्यान में रखकर वाहनों की पार्किंग, सड़क डायवर्ट करने के साथ मुख्य मार्गों को प्रतिबंधित किया है।
एएसपी यातायात जयप्रकाश बढ़ई, डीएसपी गुरजीत सिंह ने बताया कि सोमवार को भाजयुमों की सप्रे शाला के सामने सभा होगी। इसके बाद रैली के रूप में कार्यकर्ता सीएम हाउस का घेराव करने निकलेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था सुगम बनाने पार्किंग स्थल, डायवर्सन और कुछ मार्गों को प्रतिबंधित किया गया है।
यहां होगे वाहन पार्क
प्रदर्शन स्थल में दुर्ग,भिलाई,बेमेतरा जिले से आने वाले वाहन टाटीबंध चौक,रायपुरा,कुशालपुर,भाठागांव चौक से चांदनी चौक होकर मारवाड़ी शमशान घाट पार्किंग, कैलाश पुरी ढाल पार्किंग और आउटडोर स्टेडियम पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।
इसी तरह कबीरधाम, बिलासपुर की ओर से आने वाले वाहन चालक टाटीबंध चौक से महोबा बाजार,जीई रोड होकर हिंद स्पोर्ट मैदान पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।जगदलपुर, गरियाबंद और महासमुंद की ओर से आने वाले वाहन चालक पचपेड़ी नाका चौक होकर पुजारी पार्क पार्किंग, दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कालेज पार्किंग स्थल में अपना वाहन पार्क कर सकेंगे।बलौदा बाजार की ओर से आने वाले विधानसभा चौक.पंडरी बस स्टैंड,शास्त्री चौक,महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक होकर दानी गर्ल्स स्कूल और डिग्री गर्ल्स कालेज में वाहन पार्क कर सकेंगे।
यहां से न गुजरे होगी परेशानी
यातायात पुलिस ने घेराव प्रदर्शन को देखते हुए महिला थाना चौक से ओसीएम चौक,काली माई चौक,कबीर चौक,केनाल रोड,पंचशील नगर चौक से छत्तीसगढ़ क्लब चौक,इंकम टैक्स कालोनी टर्निंग से एसआरपी चौक,न्यू सर्किट हाउस चौक से सीएम हाउस चौक,सिविल लाइन बिजली आफिस तिराहा से स्वर्ण जयंती तिराहा और बुढ़ेश्वर चौक से बुढ़ापारा बिजली आफिस चौक होकर महिला थाना चौक तक को प्रतिबंधित मार्ग घोषित किया है।लिहाजा परेशानी से बचने के लिए वाहन चालक इन मार्गों को छोड़कर दूसरे मार्ग से आना-जाना करें।
यहां से सुरक्षित निकले
यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकते हैं।जैसे महिला थाना चौक से ओसीएम चौक, काली माता मंदिर की ओर जाने वाले महिला थाना चौक से सीधे बंजारी चौक,शास्त्री चौक,खजाना चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
बुढ़ेश्वर चौक से श्याम टाकीज तिराहा, बिजली आफिस की ओर आने वाले वाहन चालक बुढ़ेश्वर चौक, कैलाशपुरी, चांदनी चौक, पुलिस लाइन गेट, कालीबाड़ी होकर आवागमन कर सकते हैं। खजाना चौक से काली माता मंदिर, ओसीएम चौक की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालक खजाना चौक से शास्त्री चौक, बंजारी चौक, महिला थाना होकर या फिर राजभवन चौक, सिविल लाइन, पुलिस कंट्रोल रूम, पीडब्ल्यूडी चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।पीडब्ल्यूडी चौक से सीएम हाउस, भगत सिंह चौक की ओर आवागमन करने वाले वाहन चालक पीडब्ल्यूडी चौक,नेताजी चौक, कटोरा तालाब, केनाल रोड, आनंद नगर चौक होकर आवागमन कर सकते हैं।
रायपुर के अखिलेश अग्रवाल ने जेईई एडवांस्ड में हासिल की 155वीं रैंक.....
19 Jun, 2023 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी ने जेईई एडवांस- 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया है। रायपुर के टाटीबंध में रहने वाले अखिलेश अग्रवाल ने 275 अंक के साथ आल इंडिया रैंक-155 हासिल कर छत्तीसगढ़ टापर बने हैं। वहीं विराज विजय कुमार लिल्हारे ने 459 रैंक, नमन शर्मा ने 518 रैंक और नीलाक्ष मलिक ने 1080 रैंक हासिल करने में कामयाब रहे हैं।
इनके अलावा चैतन्य धवन, लक्ष्य खिलवानी, जसमीत सिं, स्वपनिल मदान, ताहेर हुसैन भी जेईई परीक्षा क्रैक में सफल हुए हैं। सफल छात्रों ने पढ़ाई करने में मन लगे और एकाग्रता बढ़े इसके लिए मेडिटेशन का सहारा लिया। 10 से 12 घंटे की प्रतिदिन पढ़ाई करने बाद सफलता मिली हैं। टापर्स ने बताया कि बिना हार्डवर्क के जेईई जैसी परीक्षा में सफल होना बहुत मुश्किल है।छत्तीसगढ़ से जेईई एडवांस परीक्षा में हजारों छात्रों ने हिस्सा लिया है।
सफल उम्मीदवारों के लिए जोसा कांउसलिंग आज से
जिन उम्मीदवारों को जेईई एडवांस्ड 2023 के कट-ऑफ अंक के बराबर या उससे अधिक अंक मिले हैं, वे जोसा द्वारा आयोजित होने वाली आईआईटी प्रवेश काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रोसेस कल 19 जून से josaa.nic.in पर शुरू होगी।
फाइनल आंसर-की भी जारी
आईआईटी गुवाहाटी ने जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे चेक कर सकते हैं।
प्रैक्टिस से मिली अच्छी रैंक
न्यू राजेंद्र नगर में रहने वाले विराज विजय कुमार लिल्हारे ने 244 अंकों के साथ देशभर में 459 रैंक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि 11वीं से ही जेईई की प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू कर दिया था। शुरू में तो बहुत अच्छे अंक नहीं आते थे, लेकिन थ्योरी पर ध्यान दिया। प्रैक्टिस बहुत किया। इससे सुधार हुआ। प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करता था, कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसे घर जाकर अच्छे से रिवीजन करता था। बिना कोचिंग के भी सफल हो सकते है लेकिन उसके लिए बहुत हार्डवर्क की जरूरत है। पढ़ाई में जब मन नहीं लगता था तो साइक्लिंग किया।पापा विजय कुमार लिल्हारे बीएसएनएल में जनरल मैनेजर है। मम्मी रत्ना लिल्हारे गृहणी हैं।
एकाग्रता बढ़ाने मेडिटेशन किया, माक टेस्ट दिए
हास्टल में रहकर जेईई की तैयारी करने वाले नमन शर्मा ने बताया कि 11वीं कक्षा से ही तैयारी शुरू कर दिया था। रात में पढ़ने के बजाय दिन में ही पढ़ाई किया। सुबह प्रतिदिन 10 से 15 मिनट तक मेडिटेशन करता था। कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसे उसी दिन ही पूरा कर लेता था।बाद के लिए कुछ नहीं छोड़ता था। चैप्टर के हिसाब से टारगेट सेट किया। उसी के आधार पर तैयारी की। माक टेस्ट बहुत ज्यादा साल्व किया। पढ़ाई में जब भी मन नहीं लगता था तो बैडमिंटन खेलता था।बिना मेहनत के सफलता हासिल करना बहुत मुश्किल है। पिता कौशल शर्मा जिंदल में यूनिट हेड है। मां सुमन शर्मा गृहणी हैं।
डाउट क्लियर करने में पैरेट्स ने किया सहयोग
आनंद वर्ल्ड सिटी में रहने वाले नीलाक्ष मलिक ने भी 11वीं कक्षा से ही जेईई की तैयारी शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि 10 से 11 घंटे पढ़ाई किया। जो भी डाउट होते थे तो सर से क्लियर करता था, कई बार सर से संपर्क नहीं होने पर पैरेंट्स ने इंटरनेट से ढूंढ़ कर हल करवाया। कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसको उसी दिन ही पढ़ लेता था। रात में पढ़ने के बजाय दिन पर ही पढ़ता था। टीचर्स की गाइडेंस में अच्छी तैयारी होती है। बिना गाइडेंस के तैयारी करने में बहुत मुश्किल होता है। सुबह प्रतिदिन आधे घंटे मेडिटेशन किया, जिसका भी बहुत लाभ मिला। कोचिंग के लिए क्रिकेट खेलना और संगीत सीखना छोड़ना पड़ा। पिता नितिन मलिक और मां शर्मिष्ठा मलिक दोनों डाक्टर हैं।
फिल्म बेन करने पर सीएम भूपेश बघेल बोले.....
19 Jun, 2023 11:42 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। आदिपुरुष को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में कहा कि सबसे अच्छा तरीका है कि लोग फिल्म को देखने ही न जाएं। फिल्म के बारे में सब कुछ सुन लेने के बाद जबरदस्ती देखने जाना सही नहीं है। पैसा आपका, समय आपका है। इस तरह से हमारी भावनाओं को ठेस पहुंचाने की बात होती है, तब सेंसर बोर्ड को देखना चाहिए था कि हमारे आराध्य के मुख से इस तरह के डायलाग बुलवाना सही नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की
इधर, छत्तीसगढ़ में फिल्म आदिपरूष के विरोध में कांग्रेस और भाजपा एक सुर में बोल रहे हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिल्म के संवादों पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने सवाल किया था कि हिंदुत्व के ठेकेदार राजनेता इस पर मौन क्यों हैं। रविवार को केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने भी फिल्म में भगवान श्रीराम के अपमान का मुद्दा उठाते हुए मुख्यमंत्री से फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।
उन्होंने ट्वीट किया है कि फिल्म में हमारे आराध्य प्रभु श्रीराम, माता जानकी, वीर हनुमान एवं अन्य चरित्रों का फिल्मांकन जिस तरह से किया गया है, पात्रों के मुंह से जिस प्रकार से भद्दे डायलाग बुलवाए गए हैं इससे करोड़ों लोगों की भावना आहत हुई है। मैं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आशा करती हूं कि श्रीराम के ननिहाल में इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाने का जल्द ही आदेश देंगे। वहीं, जगदलपुर में हिंदू संगठनों ने टाकीज से फिल्म के पोस्टर हटा दिए हैं। दृश्यों और संवाद को बदहने की मांग की है। संभावना जताई जा रही है कि छत्तीसगढ़ में फिल्म को बैन कर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के मंत्री ने फिल्म के बहाने पर भाजपा पर साधा निशाना
छत्तीसगढ़ के शिक्षा मंत्री प्रेससाय सिंह टेकाम ने ट्वीट करके कहा कि आदिपुरुष एक ऐसी फिल्म जो भारतीय जनता पार्टी का दोहरा चरित्र दिखाती है, जो एक तरफ भगवान श्रीराम में अपनी आस्था बताते हैं और दूसरी तरफ भगवान का मजाक उड़ाते हैं। टेकाम ने कहा कि कैसे इस फिल्म में हमारे आराध्य बजरंगबली को अभद्र भाषा बोलते हुए दिखाया गया? कैसे इस फिल्म में रामायण की कथाओं को गलत तरीके से पेश किया गया? आखिरकार कैसे सेंसर बोर्ड इस फिल्म को पास कर सकती है? हमर भांचा राम का यह अपमान हम नहीं सहेंगे, जिम्मेदारों को माफी मांगना पड़ेगा।
आदिपुरुष के बहाने कांग्रेस को सिलेंडर की दिलाई याद
आदिपुरुष पर मुख्यमंत्री के बयान के बाद पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने ट्वीट करके गैस सिलेंडर की याद दिलाई है। चंद्राकर ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ (कांग्रेस शोषित) "आदिपुरुष" पर बयान देकर इधर-उधर ध्यान भटकाने की कोशिश मत कीजिए। सीधे बताइए ग्रामीणों को चार मुफ्त गैस सिलेंडर कब से दे रहे हैं? अब बात सिर्फ मुद्दों पर होगी।