छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
मवेशियों को टक्कर मारते हुए पलटा तेज रफ्तार ट्रक.....
23 Jun, 2023 01:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र के टाटा मोटर्स के पास बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक कुछ मवेशियों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे खेत में जा पलटा। इस हादसे में चालक, परिचालक दोनों ही सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ट्रक दंतेवाड़ा से रायपुर जा रहा था, जिसमें लौह अयस्क भरा हुआ था। लेकिन जैसे ही ट्रक पंडरीपानी के पहुंचा तो सड़क पर बैठे कुछ मवेशियों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे जा पलटा। घटना की जानकारी लगते ही देर रात पुलिस मौके पर आ पहुंची। जहां चालक परिचालक से पूछताछ करने के बाद चली गई।
बताया जा रहा है कि जिस जगह यह घटना हुई इससे पहले भी यहां कई बड़े हादसे हो चुके हैं। जहां एक बाइक सवार मोड़ में अपना नियंत्रण गवाने के चक्कर में अपनी जान गवां बैठा, जबकि एक बाइक सवार को एक बड़ी वाहन ने टक्कर मारी थी, जिससे उसकी भी मौत हो गई थी।
परिवारिक विवाद में बहू ने सास पर चाकू से किया हमला......
23 Jun, 2023 12:59 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरबा: कोरबा में बहू ने सास पर पारिवारिक विवाद के कारण चाकू से हमला कर दिया। जिसे महिला घायल हो गई। जिसके बाद जब महिला की बेटी और दामाद तत्काल शिकायत कराने थाने पहुंचे तो पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया। महिला के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। जिसके बाद पुलिस और परिजनों के बीच जमकर बहस हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, 62 वर्षीय मूलचंद की पत्नी राजकुमारी के साथ दीपका स्थित आवासी कॉलोनी में निवास करते हैं। उसके बेटा बहू और नाती साथ में रहते हैं लेकिन पिछले कुछ सालों से सास बहू का झगड़ा बढ़ गया है। जिसके चलते दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहता है। बुधवार बहू किचन में काम कर रही थी। इसी दौरान सास के साथ उसका विवाद हो गया। जिसके बाद बहू ने चाकू से हाथ पर हमला कर दिया। जिसके बाद खून से लहूलुहान हो गए और बेटी दामाद और पति के साथ दीपका थाना पहुंचे। जहां शिकायत दर्ज करने को लेकर पुलिस के साथ उनका विवाद हो गया और थाने परिसर पर हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई। परिजन और आक्रोशित हो गए और मोबाइल पर पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाते हुए तमाम आरोप लगाए हैं।
थाने में हंगामा और आरोप-प्रत्यारोप का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। महिला के पति ने बताया कि पिछले कुछ सालों से उसकी बहू प्रताड़ित करते आ रही है झूठे मामले में फंसा देने और घर पर ताना मारती रहती है। जिससे वह और उसकी पत्नी बहुत परेशान हैं। इससे पहले भी मारपीट और वाद विवाद की स्थिति पैदा हो चुकी है। जिसकी शिकायत दीपका थाने में भी की जा चुकी है। इस बार विवाद बढ़ा और उसकी बहू उस पर चाकू से हमला कर दिया। दीपका थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता मूलचंद राजकुमारी की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। दूसरे पक्ष ने भी शिकायत दर्ज कराई है।
विधायक विद्यारतन भसीन का 76 साल की उम्र में हुआ निधन....
23 Jun, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भिलाई जिले के वैशाली नगर के भाजपा विधायक विद्यारतन भसीन का आज निधन हो गया। विधायक भसीन 76 साल के थे जो पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ के चलते रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में भर्ती थे। जहां उन्हें वेंटिलेटर में रखा गया था। उन्हें यूरिनल इंफेक्शन की समस्या के चलते दो महीने पहले भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विधायक ने गुरुवार की रात 2 बजकर 44 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली। विधायक का अंतिम संस्कार भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम में शुक्रवार यानी आज किया जाएगा। उनके निधन से शहर और भाजपा संगठन में शोक की लहर है।
विद्यारतन भसीन का जन्म 27 दिसम्बर 1947 को हुआ था। उनकी तीन बेटियां हैं, विधायक विद्यारतन भसीन अपने शुरुआती दिनों में कॉन्ट्रेक्टर और ट्रांसपोर्टर रहे। उसके बाद वे भाजपा के महामंत्री बने। उनके पिता चुन्नीलाल भसीन संघ से जुड़े थे। विद्यारतन भसीन ने वर्ष 2005 से वर्ष 2009 तक भिलाई नगर निगम के महापौर रहे और दो बार वैशाली नगर विधानसभा से विधायक थे। वर्ष 2013 और वर्ष 2018 में विद्यारतन भसीन वैशाली नगर से भाजपा के विधायक बने। इसके बाद से भिलाई निगम में भाजपा ने अपना महापौर नहीं बना पाई है।
विद्यारतन भसीन भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। वर्ष 1984 में भाजपा के जिला महामंत्री बने। 1995 में भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2006 में भिलाई नगर निगम के महापौर बने। वर्ष 2013 में पहली बार विधायक चुने गए। वर्ष 2015 में विद्यारतन भसीन को फिर से एक बाद महापौर का प्रत्याशी बनाया गया। लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार देवेंद्र यादव से उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लेकिन वर्ष 2018 में प्रदेश भर में कांग्रेस की लहर के बाद भी दुर्ग संभाग में भाजपा का एक मात्र विधायक विद्यारतन भसीन ने वैशालीनगर विधानसभा सीट को बचाए रखी और कांग्रेस प्रत्याशी बदरुद्दीन कुरैशी से 18080 वोट से जीत हासिल की। वहीं 2013 में भी उन्होंने 25 हजार वोटो से निकटम प्रतिद्वंदी भजन सिंह निरंकारी को हराया था।
चुनावी साल में भाजपा नेताओं की फांस बनेगा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाला.....
23 Jun, 2023 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। चुनावी साल में भाजपा नेताओं के लिए इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाला गले की फांस बन सकता है। कांग्रेस सरकार की अपील के बाद न्यायालय ने 2006 में हुए बैंक घोटाले के मामले में फिर से जांच के आदेश दे दिए हैं। बैंक के तत्कालीन मैनेजर उमेश सिन्हा ने नार्को टेस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बृजमोहन अग्रवाल आदि बड़े नेताओं का नाम लिया था।
मामले में उप महाधिवक्ता ने साफ कर दिया है कि वैज्ञानिक जांच के आधार पर नार्को टेस्ट में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनसे पूछताछ की जाएगी। 56 करोड़ रुपये के इस घोटाले में नार्को टेस्ट अभी भी कांग्रेस सरकार के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकता है।
भाजपा का आरोप- कांग्रेस का राजनीतिक षड्यंत्र
कोर्ट का आदेश आने के बाद कांग्रेस ने पूर्व सीएम डा रमन, बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम और राजेश मूणत को सह अभियुक्त बनाने की मांग की है। वहीं, भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि बैंक घोटाले की जांच भाजपा सरकार ने ही कराई थी, इसलिए हम किसी भी जांच से डरने वाले नहीं है। यह कांग्रेस का राजनीतिक षड्यंत्र है।
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद न्याय की उम्मीद जगी है। कांग्रेस पार्टी शुरुआत से ही इंदिरा बैंक के खातेदारों को न्याय दिलाने के लिए संघर्षरत है। हमारा इरादा इस मामले के दोषियों को सजा दिलाने का है। हमारे लिए यह राजनीति का विषय नहीं है और न ही राजनीतिक बदला भांजने का अवसर है। बैंक घोटाले की बड़ी रकम भाजपा के बड़े नेताओं के पास घूस के रूप में पहुंची। भाजपा नेताओं से इस रकम की वसूली की जानी चाहिए। नार्को टेस्ट में आरोपित उमेश सिन्हा ने स्वीकार किया कि उसने भाजपा नेताओं को पैसा दिया है।
इस मामले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोपित उमेश सिन्हा के नार्कों टेस्ट का वीडियो ट्वीट किया था। इसके जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री डा रमन सिंह ने कहा कि सबसे बड़ा झूठ तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है। मुख्यमंत्री दिखाए कि कौन से हाइकोर्ट ने क्या कहा है? ये सिर्फ भ्रम फैलाने का काम करते हैं। न कोई हाइकोर्ट का फैसला आया है, न ही निर्देश हैं, वो सिर्फ मनगढ़ंत बात कर रहे। दरअसल, मुख्यमंत्री बघेल ने ट्वीट किया था कि उच्च न्यायालय का आदेश आया है, जिसे तत्काल सुधार करते हुए स्पष्ट किया था कि उच्च न्यायालय को न्यायालय पढ़ा जाए।
में आज से शुरू होगी वीएचपी की बड़ी बैठक, देशभर के नेता मतांतरण पर करेंगे चर्चा
अभिमत के बाद आगे बढ़ेगी पुलिस की जांच
विशेष लोक अभियोजक व राज्य सरकार के उप महाधिवक्ता संदीप दुबे ने कहा कि न्यायालय से आदेश की प्रति प्राप्त हो गई है। अभिमत के बाद पुलिस को जांच की दिशा आगे बढ़ानी होगी। प्रकरण हैंडओवर करने संबंधी प्रक्रिया कुछ वक्त लगेगा। वैज्ञानिक जांच पालिग्राफिक टेस्ट, ब्रेन मैपिंग और नार्काें टेस्ट की फोरेसिंक रिपोर्ट जांच में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी।
कांग्रेस बताएं बैंक के पदाधिकारी किस पार्टी के हैं : राजेश मूणत
पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने कहा कि कांग्रेस बताएं कि इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक में पदाधिकारी किस पार्टी के थे। इसमें अध्यक्ष से लेकर निदेशक तक कांग्रेस पार्टी से ताल्लुक रखते हैं। पदाधिकारियों ने ही लाखों रुपये का लोन लेकर गबन किया। भाजपा किसी भी जांच के लिए तैयार है।\B क्या है इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाला\B
इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाला वर्ष 2006 में सामने आया था। 56 करोड़ रुपये के इस घोटाले में बैंक मैनेजर का नार्कों टेस्ट 2007 में बंगलुरू में कराया गया था। नार्कों टेस्ट की फोरेसिंक रिपोर्ट वर्ष 2019 में आई थी। बैंक के संचालक मंडल में तब 19 सदस्य थे, जिसमें से 11 सदस्यों की गिरफ्तारी भी हुई थी। राज्य सरकार ने वर्ष 2019 में बैंक के संचालक मंडल सदस्यों से रिकवरी के भी आदेश दिए थे।
नन्हें तैराकों का टूट रहा ओलंपियन बनने का सपना......
23 Jun, 2023 11:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक ओर जहां खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के तमाम प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर 12 बच्चों का ओलंपियन बनने का सपना टूटने लगा है। ये बच्चे छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पुरई गांव के हैं। इन्हें ओलंपिक का सपना दिखाने के बाद भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) भूल गया है। स्थानीय स्तर पर भी कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है।
बता दें भारतीय खेल प्राधिकरण ने बच्चों का जिम्मा उठाया था। अंतरराष्ट्रीय स्वीमिंग पूल से लौटकर एक बार फिर वह गांव के तालाब में तैराकी सीख रह हैं। वहीं बासी भात खाने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं प्रतियोगिता करीब आने के दौरान ये बच्चे 25 किलोमीटर दूर पिकअप वाहन बुक कर जाते हैं। वहीं उस समय डाइट को मेंटेन करने के लिए उधारी और चंदे के पैसे से चना सहित अन्य चीजें खरीद रहे हैं।
दरअसल, इन बच्चों को साई द्वारा गुजरात गांधी नगर अंतरराष्ट्रीय आवासीय अकादमी के लिए 2018-2019 में चयनित किया था। जहां केंद्रीय खेल मंत्री ने उनकी तारीफ भी की थी। गांधी नगर में एक वर्ष तक बच्चे वहां ट्रेनिंग लिए। इसके बाद कोरोना के दौरान सभी खेल और अकादमी को बंद करने की घोषणा कर दी गई। सब को घर भेज दिया गया। सब कुछ ठीक होने के बाद फिर से वापस बुलाया जाना था। लेकिन लगभग तीन वर्ष से ज्यादा समय बीत गया इनकी सुध लेने के लिए कोई नहीं आया।
2018 में बच्चों को चयन के बाद लेकर गई थी टीम
बतादें कि दिल्ली की साई की टीम ने बच्चों का सलेक्शन किया था। इसके बाद उन्हें गुजरात गांधी नगर अंतरराष्ट्रीय आवासीय अकादमी भेजा गया। जहां एक साल से ज्यादा समय तक बच्चों ने अभ्यास किया। कोराेना की वजह सभी को वापस गांव भेज दिया गया।
ओलंपिक के लिए करवाई जा रही थी तैयारी
अंतरराष्ट्रीय अकादमी में बच्चों को ओलंपिक के स्तर की तैयारी करवाई जा रही थी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच ट्रेनिंग दे रहे थे। खिलाड़ियों के परफार्मेंस में भी काफी सुधार हुआ था। लेकिन अब एक बार फिर उनके लिए बड़ी चुनौती है।
क्या कहना है खिलाड़ियों का
खिलाड़ी लोकेश रिगरी ने कहा, गुजरात में जाने के बाद उम्मीद जगी थी कि देश के लिए कुछ करेंगे। पदक जीतेंगे। अब सुविधाएं नहीं हैं और न ही कोई सुध लेने वाला।
खिलाड़ी भूमिका ओझा ने कहा, रोजाना तालाब में अभ्यास करते हैं। प्रतियोगिता करीब आने पर चंदा इक्ट्ठा कर फीस जमा करते हैं, तब जाकर हिस्सा ले पाते हैं। अब ओलंपियन बनने का सपना टूटने लगा है।
खिलाड़ी चंद्रकला ओझा ने कहा, गुजरात गांधी नगर से कोरोना के समय सभी को घर भेज दिया गया था। सब कुछ सही होने के बाद भी साई की ओर से अब तक किसी ने सुध नहीं ली है।
छत्तीसगढ़ तैराकी संघ के सचिव साई राम जाखड़ ने कहा, साई से बात की गई है। बच्चों प्रतियोगिताओं के लिए जो सुविधा हो सकती है वह उपलब्ध करवाई जा रही है। भारतीय खेल प्राधिकरण को पत्र लिख कर बच्चों की मदद करने का प्रयास किया जाएगा।
ये हैं खिलाड़ी:
चन्द्रकला ओझा
भूमिका ओझा
सिद्धार्थ ओझा
धंनु ओझा
लक्की ओझा
रवि ओझा
सम्राट ओझा
हेमलता ओझा
लोकेश रिगरी
लोभ रिगरी
डोमन देवांगन
312 स्कूल बसों पर पांच करोड़ का रोड टैक्स बकाया.....
23 Jun, 2023 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 12 साल से अधिक पुरानी 312 स्कूल बसें बिना रोक-टोक के सड़कों पर दौड़ रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इन बसों पर पांच करोड़ का रोड टैक्स तक बकाया है।परिवहन विभाग न तो इन बसों का संचालन बंद करवा पा रहा है न ही टैक्स वसूल पा रहा है। इन बसों का पंजीयन स्कूल प्रबंधन ने भी रद नहीं कराया है।
30 जून तक सुनवाई का मौका, इसके बाद होगी सीज
पिछले दिनों पुलिस परेड ग्राउंड में स्कूल बसों की मैकेनिकल जांच शिविर में नहीं आने वाली बसों की जब परिवहन और यातायात पुलिस विभाग ने जानकारी खंगाली तब यह जानकारी सामने आई। अब परिवहन विभाग ने बकाया पांच करोड़ का रोड टैक्स वसूलने 312 स्कूल बसों के संचालकों को नोटिस जारी कर 30 जून तक बकाया टैक्स जमा करने का समय दिया है।
जारी नोटिस में केंद्रीय मोटरयान अधिनियम का हवाला देते हुए इनका उपयोग स्कूलों बसों के रूप में नहीं करने की चेतावनी भी दी गई है। निर्धारित अवधि में टैक्स जमा नहीं कराने पर भू राजस्व संहिता के तहत बसों के साथ ही अन्य चल-अचल संपत्तियों को सीज करने की चेतावनी दी गई है। विभाग ने इन बसों को यात्री बस के रूप में संचालित करने की भी सलाह शैक्षणिक संस्थानों को दी है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पांच करोड़ से अधिक का बकाया रोड टैक्स जमा नहीं करने वाले 312 बस मालिकों और स्कूल प्रबंधन को नोटिस तामिल होने के बाद सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ रायपुर आरटीओ कार्यालय में 30 जून तक उपस्थिति दर्ज कराने कहा गया है। इसके बाद भी कार्यालय नहीं आने वाले बस मालिकों को टैक्स चोरी करने का दोषी मानते हुए एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
पांच साल से जमा नहीं किया टैक्स
स्कूलों में चलाई जा रही 312 बसों का तीन से पांच साल का रोड टैक्स जमा नहीं किया गया है।प्रत्येक बस का औसतन 1.25 लाख रुपए से लेकर 2.50 लाख रुपए तक बकाया है।इन सभी की गणना करने के बाद प्रत्येक बस मालिक और स्कूल प्रबंधन को टैक्स जमा करने के सख्त निर्देश दिए गए है।30 जून तक टैक्स जमा नहीं करने पर बसों को सीज करने की कार्रवाई की जायेगी।
स्कूल बस का केवल 12 वर्ष तक संचालन
केंद्रीय मोटरयान अधिनियम के तहत बसों का संचालन स्कूल में केवल 12 वर्ष तक करने की अनुमति है।इसके बाद इसे यात्री बसों और अन्य निजी उपयोग में किया जा सकता है।वहीं यात्री बसों को अधिकतम 15 वर्ष तक चलाने की छूट है। निर्धारित अवधि के बाद फिटनेस जांच कराने और वाहन की स्थिति को देखते हुए विशेष परिस्थितियों में दो वर्ष तक की अनुमति दी जाती है।अधिकारियों के मुताबिक यात्री बसों का संचालन करने के लिए परमिट लेना अनिवार्य है,इसके बगैर संचालन करने पर जुर्माना का प्रावधान है।
सहायक परिवहन आयुक्त शैलाभ साहू ने कहा, 11 और 18 जून को स्कूल बसों के की जांच करने लगाए गए मैकेनिकल शिविर में जिले के 98 शैक्षणिक संस्थाओं की कुल 722 स्कूल बसें जांच के लिए आई थीं। शिविर में नहीं आने वाली बसों की जानकारी खंगालने पर 312 बसें पुराने निकलीं। कुछ बसों की लाइफ तो 40 साल हो गई।
उन बसों के संबंध में विभाग को कोई सूचना नहीं दी गई। ऐसे बसों पर पांच करोड़ का रोड टैक्स भी बकाया है।उनका पंजीयन भी रद नहीं कराया गया है। 30 जून तक बस मालिकों को बकाया टैक्स जमा करने के साथ सुनवाई करने नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद बसों को जब्त करने की कार्रवाई करेंगे।
फैक्ट फाइल
-11 जून को 71 शैक्षणिक संस्थानों की 599 स्कूल बसे मैकेनिकल जांच शिविर में पहुंची,29 बसों में मिली थी खामियां 46 हजार जुर्माना वसूला।
-18 जून को 123 बसों की जांच हुई,सभी फिट पाई गई।
-722 स्कूल बसों की हो चुकी है जांच,1400 बसे जिले में रजिस्टर्ड।
-8 चालक-परिचालकों को बीपी,सुगर की शिकायत।
-312 बसे हो चुकी है काफी पुरानी।
सुकमा में एक लाख की इनामी नक्सली महिला ने किया आत्मसमर्पण.....
22 Jun, 2023 12:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस के अनुसार समर्पण करने वाली महिला की पहचान हेमला गंगी के रूप में हुई है। वह पिछले 12 सालों से प्रतिबंधित संगठन से जुड़ी हुई थी।
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार....
22 Jun, 2023 12:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा में कार सवार दो लोगों को गम्भीर चोटें भी आई हैं। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना तोरवा चौक की है, जहां तेज रफ्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। जिससे कार में सवार दो लोगों को काफी चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों के द्वारा घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया। जिनका इलाज जारी है। वहीं, इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
सड़क हादसे में एनएमडीसी कर्मचारी की हुई मौत....
22 Jun, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर के नगरनार थाना क्षेत्र के सेमरा में बीती रात एक तेज रफ्तार बड़ी वाहन ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक एनएमडीसी में काम करता था।
नगरनार थाना प्रभारी ने बताया कि रायपुर के गौरव चौक निवासी रॉबिन कुमार 45 वर्ष रात में एनएमडीसी में नाइट ड्यूटी में घर से कार्यालय जा रहा था कि उसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने रात करीब 10 बजे के लगभग उसको अपने चपेट में ले लिया। इस हादसे में कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाज भिजवाया। वहीं आरोपी वाहन चालक को पकड़े जाने की बात भी कही जा रही है।
अमित शाह के दुर्ग दौरे पर सीएम भूपेश बघेल ने कसा तंज.....
22 Jun, 2023 11:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दुर्ग दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तंज कसते हुए कहा कि दुर्ग कांग्रेस का गढ़ है। अमित शाह सरोज दीदी का जन्मदिन मनाने आ रहे हैं। सरोज पांडेय का 22 जून को जन्मदिन है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे अमित शाह की कार्यकारिणी में सरोज पांडेय राष्ट्रीय महामंत्री रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्ग हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। भले ही बीच में थोड़ी कमजोर हुई थी, लेकिन दुर्ग हमेशा से कांग्रेस का रहा है।
कांग्रेस ने अमित शाह से पूछे 17 तीखे सवाल
वहीं, कांग्रेस ने शाह से 17 सवाल किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने पूछा है कि मणिपुर जल रहा है, केंद्र सरकार मौन क्यों है? चुनाव के लिए हेमंता विश्वशर्मा और राम माधव ने उग्रवादियों से मदद ली थी, उसकी जांच कब कराएंगे? पहलवान बेटियों के शोषण करने के आरोपित बृजभूषण सिंह को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? आदिपुरूष फिल्म पर केंद्र ने बैन क्यों नहीं लगाया? फिल्म बनाने वाले को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया? चीन भारतीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण करवा रहा है, केंद्र सरकार मौन क्यों है? अदाणी की सेल कंपनी में लगे 20 हजार करोड़ रुपये किसके है? इस पर केंद्र सरकार चुप क्यों है? नौ साल में देश पर कर्जभार 150 लाख करोड़ कैसे बढ़ गया? छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों को कोल का आवंटन कब होगा? रेलगाड़ी की लेटलतीफी, निरस्तीकरण कब बंद होगा? छत्तीसगढ़ के नान घोटाले, चिटफंड घोटाले की जांच ईडी कब करेगी? पनामा पेपर वाले अभिषाक सिंह पर भाजपा मौन क्यों है, इसकी जांच कब होगी? राजभवन में लंबित आरक्षण संशोधन विधेयक पर हस्ताक्षर कब होगा? नक्सल मोर्चे पर तैनात केंद्रीय बटालियन के खर्च का 11 हजार करोड़ रुपये केंद्र कब वापस करेगा?
मुंतशिर का भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री विरोध क्यों नहीं करते
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मनोज मुंतशिर कहते हैं कि हनुमान भगवान नहीं हैं। वो कहते हैं कि गैर भाजपा शासित मुख्यमंत्री विरोध कर रहे हैं, इसका मतलब वो खुद को भाजपा का बता रहे हैं। भगवान राम और हनुमान का इतना अपमान हो गया, लेकिन भाजपा के मुख्यमंत्री इसका विरोध नहीं कर रहे। यहां आकर भले ही कुछ लोग बयान दे रहे हैं, लेकिन अपने प्रदेश में इस फिल्म को बैन क्यों नहीं कराते।
छत्तीसगढ़ में आज से बदलेगा मौसम का मिजाज....
22 Jun, 2023 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसूनी हवा और प्रबल हो गई है। इसके साथ ही मानसून की आहट आने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और अधिकतम तापमान में गिरावट का दौर शुरू होगा। अगले दो दिनों में चार डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अंधड़ चलने के साथ ही वर्षा भी होगी। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि इस सप्ताह के आखिर तक प्रदेशभर में मानसून सक्रिय हो जाएगा और लगातार बारिश का दौर चलेगा।
दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज
बुधवार सुबह भी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तपिश रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया और बादल छाने के साथ ही ठंडी हवाएं भी चलीं। राजनांदगांव, धमतरी, बिलासपुर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। रायपुर में भी बादल छाने और हवाएं चलने से लोगों को राहत मिली।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। अब लोगों को बीते कुछ दिनों से आ रही भारी गर्मी से राहत मिलने लगेगी। प्रदेश में वर्षा की मात्रा और क्षेत्र दोनों बढ़ने वाली है। रायपुर का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अब आने वाले कुछ दिनों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगेगी। प्रदेश भर में लगातार वर्षा होने के आसार बन रहे है,साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिरेगी।
यह बन रहा सिस्टम
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसूनी हवा और प्रबल हो गई है। एक द्रोणिका दक्षिण पंजाब से पश्चिम विहार तक 0.9 किमी ऊंचाई तक फैला है। इसके प्रभाव से गुरुवार को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चल सकती है और बिजली भी गिरेगी।
यह रहा तापमान
रायपुर 41.6 28.9
बिलासपुर 41.4 29.7
जगदलपुर 37.7 24.0
अंबिकापुर 40.1 28.7
पेंड्रा रोड 37.7 27.6
दो दिन रद रहेंगी ये सात ट्रेनें, रेलवे ने जारी किया लिस्ट.....
22 Jun, 2023 11:41 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के भिलाई नगर-भिलाई के मध्य ट्रैफिक कम पावर ब्लाक शुक्रवार 23 जून को एक बजे से 6.40 बजे तक लिया जाएगा। इस दौरान गर्डर लांचिंग व रोड अंडर ब्रिज के बाक्स पुशिंग का कार्य किया जाएगा।
रेलवे मंडल के अधिकारियों ने बताया कि अपग्रेडेशन का यह काम समपार फाटक सुपेला गेट पर किया जाएगा।इसके चलते सात ट्रेनों को रद कर दिया गया है। रद की गई ट्रेनों में ट्रेन नंबर 08701 रायपुर-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल 23 जून को रायपुर से रद रहेगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 08702 दुर्ग-रायपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल 23 जून को दुर्ग से, ट्रेन नंबर 18109 टाटा-इतवारी एक्सप्रेस गुरुवार 22 जून को टाटानगर से, ट्रेन नंबर 18239 कोरबा-इतवारी एक्सप्रेस 22 जून को कोरबा से, ट्रेन नंबर 18240 इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस 22 जून को इतवारी से, ट्रेन नंबर 18110 इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस 23 जून को इतवारी से और ट्रेन नंबर 08730 रायपुर दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल 23 जून को रद रहेगी। जबकि ट्रेन नंबर 12808 निजामुद्दीन-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस को 22 जून को निजामुद्दीन स्टेशन से तीन घंटे रीशेड्यूल किया जाएगा।
ट्रेन नंबर 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस 22 जून को गोंदिया से चलकर परिवर्तित मार्ग नैनपुर-जबलपुर-कटनी होते हुए जाएगी। यह ट्रेन गोंदिया-उसलापुर-कटनी के मध्य रद रहेगी।
रायगड़ा-विजयनगरम सेक्शन भी दो ट्रेनें रद
ईस्ट कोस्ट रेलवे के विशाखापट्नम रेल मंडल के रायगड़ा-विजयनगरम सेक्शन ट्रैफिक कम पावर ब्लाक लेकर अधोसंरचना का काम बुधवार और गुरूवार को किया जाएगा। इसके चलते 22 जून को रायपुर एवं विशाखापटनम से रवाना होने वाली ट्रेन 08227/08528 रायपुर-विशाखापटनम-रायपुर पैसेजर स्पेशल और बुधवार 21 जून को दुर्ग एवं विशाखापटनम से रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 18530/18529 विशाखापटनम-दुर्ग-विशाखापटनम एक्सप्रेस रद की गई है। जबकि 22 जून को विशाखापटनम से रवाना होने वाली ट्रेन 12807 विशाखापटनम-निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस दो घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी।रेलवे मंडल के अधिकारियों ने बताया कि इस काम के पूरा होते ही ट्रेनों की रफ्तार बढ़ने से समय पर आ जा सकेगी।
सीएम बघेल बोले - बारिश में विलंब से घबराएं नहीं.....
21 Jun, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की देरी राज्य के लोगों के साथ किसानों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच मानसून की देरी पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बारिश में देरी ने किसानों की चिंता जरूर बढ़ाई है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। इस वर्ष बारिश में विलंब हो रहा है, लेकिन उम्मीद है कि आने वाले समय में अच्छी बारिश होगी और फसल भी भरपूर होगी। छत्तीसगढ़ सरकार हर कदम पर किसानों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हर तरह की तैयारी रखें। किसानों को खेती-किसानी के काम में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सीएम बघेल ने गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बयान दिया था।
गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में 12.72 करोड़ लाख रुपये का भुगतान किया गया। योजना के तहत एक जून से 15 जून तक गौठानों में पशुपालकों, ग्रामीणों, किसानों, भूमिहीनों से क्रय किए गए 2.40 लाख क्विंटल गोबर के एवज में चार करोड़ 79 लाख रुपये का आनलाइन अंतरण किया।
इसी तरह गौठान समितियों को 4.67 करोड़ रुपये और महिला समूहों को 3.26 करोड़ रुपये की लाभांश राशि का भुगतान किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर खरीदी में स्वावलंबी गोठानों की हिस्सेदारी 60 से 70 प्रतिशत तक बढ़ी है। गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को अब तक 488 करोड़ 67 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
महिला स्व-सहायता समूह भी आगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 15 जून 2023 तक गौठानों में 121.04 लाख क्विंटल गोबर की खरीदी की गई है। इसके एवज में गोबर विक्रेताओं को 242 करोड़ सात लाख रुपये का भुगतान किया गया है। इसी तरह गोठान समितियों एवं महिला स्व-सहायता समूहों को 231 करोड़ 53 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। स्वावलंबी गोठानों द्वारा क्रय किए गए गोबर के एवज में अब तक 61.69 करोड़ रुपये का भुगतान स्वयं की राशि से किया गया है।
जैविक खेती की ओर बढ़ रहा किसानों का रूझान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जैविक खेती की ओर किसानों का रूझान बढ़ रहा है। इसमें गोधन न्याय योजना का भी प्रमुख योगदान है। योजना के तहत खरीदे गए गोबर से गौठानों में महिला समूहों द्वारा 35 लाख छह हजार क्विंटल से अधिक वर्मी कम्पोस्ट का उत्पादन किया गया, जिसमें से लगभग 16 लाख 56 हजार क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट का उपयोग किसान अपनी खेतों में कर चुके हैं। राज्य के 7300 गोठानों में छह लाख 34 हजार क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट तैयार है। किसानों को वर्मी कम्पोस्ट की आपूर्ति निरंतर होती रहेगी।
राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने उठाया किसान सम्मान निधि का मुद्दा....
21 Jun, 2023 12:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने दिल्ली में हुई वित्त सलाहकार समिति की बैठक में किसान सम्मान निधि योजना में किसानों से पैसे वसूली के लिए जारी नोटिस का मुद्दा उठाया। शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के बस्तर से लेकर सरगुजा तक किसानों को पैसा वापस करने का नोटिस जारी किया गया है। किसानों से उस पैसे की मांग नहीं की जाए। शुक्ला ने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने कहा कि उनको इस मामले की जानकारी नहीं है। वह पूरी जानकारी लेने के बाद किसानों के हित में फैसला करेंगी।
शुक्ला ने बैठक में कहा कि यह किसानों की गलती नहीं है, इसलिए उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए। प्रदेश के उन किसानों को नोटिस जारी किया गया है, जो योजना के लिए पात्र नहीं थे। नईदुनिया ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में छत्तीसगढ़ के 47 हजार से ज्यादा किसानों ने गरीब बनकर लाभ उठाया है। आधार नंबर मिलाने के बाद पता चला कि ये किसान आयकर दाता हैं और उन्हें किसान सम्मान निधि नहीं दी जा सकती है। वसूली करने के लिए प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। प्रदेश में 47 हजार 432 आयकर दाता किसानों से 46 करोड़ 56 लाख की वसूली करनी है। अभी तक केवल तीन हजार किसानों ने 2.23 करोड़ ही राशि लौटाई है।
छत्तीसगढ़ में इतने अपात्र
छत्तीसगढ़ में 40 लाख 89 हजार 725 किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए पंजीयन कराया है। इनमें 15 लाख 56 हजार 770 अपात्र घोषित हो चुके हैं। अपात्रों में से 86, 694 किसानों की माैत भी हो चुकी है। इनमें 47 हजार 632 आयकर दाता किसान हैं। बाकी पेंशनधारी या शासकीय सेवा में होने के कारण अपात्र हुए हैं।
रायपुर के निजी अस्पताल में लगी आग......
21 Jun, 2023 12:43 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर स्थित रिम्स अस्पताल में आग लगने की खबर आ रही है। आग की खबर से अस्पताल में अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। फिलहाल राहत और बचाव का कार्य जारी है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
दरअसल, यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी स्थित रिम्स अस्पताल का है, जहां बुधवार सुबह अस्तपाल के चौथे मंजिल पर आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग अस्पताल के रिकार्ड रूम में लगी। आग लगने के बाद अस्पताल में अफरातफरी मच गई।
अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सबसे पहले खाली कराया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने लगभग आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। इस आगजनी की घटना में किसी प्रकार की जनहानि की खबर अब तक नहीं आई है। हालांकि आग लगने की वजह अब तक पता नहीं चल सकती है।
मंदिर हसौद थाना प्रभारी वीरेंद्र चंद्रा ने बताया कि अस्पताल में आग लगने की सूचना के बाद तत्काल पुलिस और फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले अस्पताल को खाली कराया गया। वहीं फायरब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।