देश
पीएम मोदी ने काजीरंगा में लिया जंगल सफारी का आनंद, हाथी पर बैठकर फोटोग्राफी करते आए नजर
9 Mar, 2024 10:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
काजीरंगा । प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार सुबह असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं बाघ अभयारण्य में हाथी और जीप सफारी की। पीएम मोदी ने काजीरंगा नेशनल पार्क की खूबसूरती को अपने कैमरे में भी कैद किया। संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल की अपनी पहली यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले उद्यान के ‘सेंट्रल कोहोरा रेंज’ के मिहिमुख क्षेत्र में हाथी की सवारी की और उसके बाद उसी रेंज के अंदर जीप सफारी की। काजीरंगा नेशनल पार्क में पीएम मोदी के साथ उद्यान निदेशक सोनाली घोष और अन्य वरिष्ठ वन अधिकारी भी मौजूद रहे। काजीरंगा नेशनल पार्क में पीएम मोदी ने हाथियों को संभालने वाले महावतों से भी मुलाकात की।
प्रधानमंत्री ने अपने कैमरे से नेशनल पार्क की तस्वीरें लीं।
प्रधानमंत्री असम के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार शाम को काजीरंगा पहुंचे थे। शनिवार सुबह-सुबह ही उन्होंने नेशनल पार्क का दौरा शुरू किया। काजीरंगा नेशनल पार्क में सूर्योदय के दौरान प्राकृतिक सुंदरता को निहारते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।अपने सफारी के दौरान पीएम मोदी ने काजीरंगा की महिला वन रक्षकों की टीम 'वन दुर्गा' के सदस्यों से भी मुलाकात की। नेशनल पार्क में इस टीम ने वन्यजीवों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाई है।
भारतीय सेना के जेसीओ का अपहरण
9 Mar, 2024 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इंफाल । मणिपुर के थौबल जिले में भारतीय सेना के जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) का शुक्रवार को असामाजिक तत्वों ने उनके घर से अपहरण कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेसीओ की पहचान चरंगपत ममांग लेईकाई निवासी कोंसम खेड़ा सिंह के रूप में हुई है। कोंसम खेड़ा सिंह शुक्रवार को छुट्टी पर थे। कुछ लोग सुबह नौ बजे उनके घर में घुस गए और उन्हें एक वाहन में ले गए। अधिकारियों ने बताया कि अपहरण क्यों किया गया है, इसकी वजह का पता नहीं चल पाया है। लेकिन पहली नजर में यह मामला जबरन वसूली का लग रहा है। सेना के अधिकारी के परिजनों पहले इस तरह की धमकियां मिल चुकीं थीं।सूचना मिलने पर सभी सुरक्षा एजेंसियों ने जेसीओ को बचाने के लिए साझा तलाशी अभियान शुरू किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर चलने वाले सभी वाहनों की जांच की जा रही है। अपहरण के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मणिपुर में संघर्ष शुरू होने के बाद से यह चौथी घटना है, जब छुट्टी या ड्यूटी पर तैनात सैनिकों या उनके रिश्तेदारों को असामाजित तत्वों ने निशाना बनाया है।
पिछले साल सितंबर में असम रेजिमेंट के एक पूर्व सैनिक सर्तो थांगथांग कोम का घाटी में एक सशस्त्र समूह ने अपहरण किया था और उनकी हत्या कर दी थी। वह मणिपर के लीमाखोंग में रक्षा सेवा कोर (डीएससी) में तैनात थे। दो महीने बाद एक हथियारबंद समूह ने चार लोगों का उस समय अपहरण कर लिया था, जब वे वाहन से पहाड़ी जिले चुराचांदपुर से लीमाखोंग जा रहे थे। चारों जम्मू-कश्मीर में तैनात भारतीय सेना के जवान के परिवार के सदस्य थे। पांचवें सदस्य (सैनिक के पिता) घायल हो गए थे और भागने में कामयाब रहे। बाद में सेना इलाज के लिए उन्हें दीमापुर ले गई। बाद में उन्हें असम के गुवाहाटी के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एएसपी के घर पर भी हुआ था हमला
इस साल 27 फरवरी को मणिपुर पुलिस के एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पर इंफाल शहर में उनके घर पर हमला किया गया था। इस मामले में हमलावर समूह की पहचान अरमबाई टेंगोल (एटी) के रूप में की गई थी। इस घटना के बाद मणिपुर पुलिस के कमांडो ने इफाल और अन्य इलाकों में हथियार डाल दिए थे।
बॉर्डर पर घुसपैठिए को मारी गोली
9 Mar, 2024 09:13 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीगंगानगर । भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बीएसएफ ने एक पाक घुसपैठिए को मार गिराया। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तान से भारत सीमा में आने की कोशिश कर रहा था। उसे भारतीय सीमा में घुसते हुए बीएसएफ के जवानों ने देखा तो उसे मना किया गया। जब घुसपैठिया नहीं माना तो जवानों ने उसे मार गिराया। घटना श्रीगंगानगर जिले के केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा बीओपी में रात 1 बजे की है। वहीं सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह बीएसएफ और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार सुंदरपुरा बीओपी बफर जोन में आता है। रात 1 बजे बीएसफ के जवान गश्त कर रहे थे। बफर जोन के पास ये पूरा इलाका खेती का है। पाक घुसपैठिया फसलों के बीच से भारतीय सीमा में दाखिल हो रहा था।
मिस वल्र्ड फिनाले आज मुंबई में
9 Mar, 2024 08:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई। मिस वल्र्ड 2023 फिनाले शनिवार को मुंबई के जियो वल्र्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा। भारत में यह आयोजन 27 साल बाद हो रहा है। इससे पहले 1996 में बेंगलुरु में मिस वल्र्ड फिनाले हुआ था। इस बार मिस इंडिया 2022 सिनी शेट्टी भारत को रिप्रेजेंट करेंगी। मुंबई में पली-बढ़ीं 22 साल की सिनी अकाउंट और फाइनेंस ग्रेजुएट हैं। एक समय ऐसा भी था जब सिनी की मां हेमा शेट्टी नहीं चाहती थीं कि वो पढ़ाई से फोकस हटाकर मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखें। वो बेटी को एक सिक्योर्ड जॉब करते देखना चाहती थीं।
नाबालिग से यौन शोषण मामले में पुजारी गिरफ्तार
8 Mar, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरू। कर्नाटक पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से यौन शोषण के आरोप में कड़ी कार्रवाई करते हुए एक मठ के पुजारी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कुनिगल तालुक गांव में स्थित सुप्रसिद्ध मठ का मठाधीश है। आरोप है कि पुजारी ने मठ परिसर में नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया है। सूत्रों की मानें तो तुमकुरु साइबर पुलिस स्टेशन में आरोपियों ने भी काउंटर शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों की शिकायत में कहा गया है कि पुजारी ने त्वचा रोग के उपचार के लिए कपड़े उतारे थे, इसी दौरान कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया और उस पर यौन शोषण का आरोप लगा दिया है। पुजारी ने 6 लोगों पर वीडियो बनाने और झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने जांच में पाया कि नाबालिग लड़की का पुजारी ने यौन शोषण किया है, जिसके बाद आरोपी को पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर कार्रवाई की गई है।
महाशिवरात्रि पर केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को खुले
8 Mar, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देहरादून । उत्तराखंड में केदारनाथ के रावल भीमाशंकर के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को सुबह 7 बजे भक्तों के लिए खोल दिए । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज शुक्रवार को पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि पंचांग गणना से तय कर घोषित की गई है। तिथि तय होने के साथ ही बाबा केदार की पंचमुखी भोगमूर्ति के चल उत्सव डोली में विराजमान होकर शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से अपने धाम के लिए प्रस्थान का दिन भी तय हुआ बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डां हरीश चंद्र गौड़ ने बताया कि 8 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में सुबह नौ बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय की मौजूदगी में केदारनाथ के रावल भीमाशंकर के मार्गदर्शन में केदारनाथ धाम के कपाट खोलने की तिथि घोषित की गयी है।
900 मिलियन टन के आंकड़े को पार करके, कोयला उत्पादन ने एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की
8 Mar, 2024 11:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत में कोयला उत्पादन ने 6 मार्च 2024 तक 900 मिलियन टन (एमटी) के आंकड़े को पार करके एक अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल की है और यह 31 मार्च 2024 तक एक बिलियन टन (बीटी) के महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने की ओर अग्रसर है। विशेष रूप से, वर्तमान वित्तीय वर्ष यानी 2023-24 के दौरान देश ने सत्ताईस दिन पहले ही पिछले वर्ष के 893.19 एमटी कोयला उत्पादन के आंकड़े को पीछे छोड़कर एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
इसके अतिरिक्त, कोयला कंपनियों के पास लगभग 85 एमटी कोयले का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, जबकि घरेलू कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्रों के पास 5 मार्च, 2024 तक 43.28 एमटी कोयले का स्टॉक उपलब्ध था, जिससे देश भर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होती है। पर्याप्त कोयला भंडार और रिकॉर्ड-तोड़ कोयला उत्पादन बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद करता है, खासकर चरम खपत की अवधि के दौरान। इससे ऊर्जा क्षेत्र में स्थिरता को बढ़ावा मिलता है और आर्थिक विकास को समर्थन मिलता है।
कोयला उत्पादन में भारत की 900 एमटी से अधिक की उपलब्धि न केवल भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करती है बल्कि कोयला आयात पर निर्भरता को भी कम करती है, जिससे विदेशी मुद्रा की काफी बचत होती है।
प्रधानमंत्री के “आत्मनिर्भर भारत” के दृष्टिकोण के अनुरूप, ऊर्जा क्षेत्र में सतत विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में अपनी यात्रा को आगे बढ़ाने हेतु कोयला मंत्रालय द्वारा अथक प्रयास और रणनीतिक पहल की जा रही है।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पर भारत की माननीया राष्ट्रपति का संदेश
8 Mar, 2024 10:23 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली। भारत की माननीया राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने हर वर्ष 8 मार्च को मनाये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा है:-
‘अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेष रूप से महिलाओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।
यह दिवस महिलाओं की उपलब्धियों के सम्मान, महिला-पुरुष समानता और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए समर्पित है। यह दिवस महिलाओं के लिए अवसर की समानता तथा जीवन के सभी क्षेत्रों में उन्हें सशक्त बनाने के अभियान से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। महिलाओं को आज भी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन पर विचार करने और उनका समाधान करने की जरूरत है।
आज महिलाएं विज्ञान, प्रौद्योगिकी, चिकित्सा, अंतरिक्ष, सशस्त्र बलों और खेल सहित सभी क्षेत्रों में नए प्रतिमान स्थापित कर रही हैं। इसकी एक झलक इस वर्ष की गणतंत्र दिवस परेड में महिला शक्ति के भव्य प्रदर्शन और नेतृत्व में देखने को मिली।
मैं महिला दिवस के सफल आयोजन की कामना करती हूं और महिलाओं के स्वर्णिम भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करती हूं।
बैन होगी ईवीएम.....सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी वीडियो
8 Mar, 2024 09:22 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नई दिल्ली । आम चुनाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग जल्द ही लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इन तमाम चुनावी खबरों के बीच सोशल मीडिया पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन या ईवीएम को लेकर भी बड़े दावे हो रहे हैं। दावों में बताया जा रहा हैं देश में ईवीएम का इस्तेमाल बंद होने वाला है? इस रिपोर्ट में जानते हैं कि आखिर सच्चाई क्या है।
दरअसल प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) की तरफ से हाल ही में वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म यूटूयूब पर कुछ खास चैनलों का जिक्र किया गया है। जिसमें ईवीएम को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। हालांकि, पीईबी ने स्थिति साफ कर दी है।
कुछ वीडियोज में दावा किया जा रहा है, देशभर में ईवीएम होगी बंद, आंदोलन से झुका चुनाव आयोग। एक अन्य वीडियो में कहा जा रहा है, सुप्रीम कोर्ट का आ रहा फैसला, बैलेट पेपर से ही होगा 2024 का चुनाव।
पीईबी ने बताया है कि ये सभी दावे फर्जी हैं। चुनाव आयोग की तरफ से ईवीएम को बैन करने का फैसला नहीं लिया गया है। सुप्रीम कोर्ट और बैलेट पेपर से जुड़ी खबर को भी फर्जी बताया गया है। पीईबी का कहना है कि एक फर्जी वीडियो चलाया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने बैलेट पेपर से चुनाव कराने के निर्देश जारी किए हैं।
86 प्रतिशत महिलाएं वित्तीय मामलों को समझकर करना चाहती हैं कारोबार शुरु
8 Mar, 2024 08:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुंबई । एक सर्वें में सामने आया हैं कि 86 फीसदी वर्किंग महिलाएं चाहती हैं फाइनेंशल स्किल्स सीखना। महिलाएं वित्त मामलों में अपनी समझ बढ़कर अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने को लेकर भी इच्छुक हैं। लेकिन वे निवेश से जुड़े फैसले नहीं ले रही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि उसमें वित्तीय मामलों की समझ जानकारी के अभाव में विकसित नहीं हुई है, और वे कुछ झिझक भी रखती हैं।
सर्वे से साफ होता हैं कि यदि महिलाओं को वित्तीय मामलों पर सही शिक्षा, जानकारी और गाइडेंस मिल जाए तब वे इस दिशा में आगे बढ़ेंगी। रिपोर्ट के अनुसार 86 प्रतिशत महिलाएं बजटिंग, निवेश और बचत जैसे क्षेत्रों में समझ विकसित करना चाहती हैं। सर्वेक्षण में 24-55 आयु वर्ग की 10,000 से अधिक कामकाजी महिलाओं को शामिल किया गया। इसमें से 76 प्रतिशत ने अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने की इच्छा जाहिर की है। यह सर्वेक्षण देश के प्रमुख शहरों और उभरते हुए शहरों में किया गया था।
सर्वे में शामिल 69 प्रतिशत महिला उद्यमी निवेश करती हैं, जबकि केवल 51 प्रतिशत वेतनभोगी महिलाएं निवेश करती हैं। दिलचस्प यहां है कि 79 फीसदी निवेशक महिलाएं अपने वित्तीय निर्णय स्वयं लेती हैं, जबकि शेष 21 प्रतिशत महिलाएं अपने जीवनसाथी या माता-पिता से सलाह लेती हैं। गौरतलब है कि निवेश न करने के कारणों में 25 प्रतिशत महिलाओं ने आत्मविश्वास की कमी को बताया। वहीं 29 प्रतिशत महिलाओं ने वित्तीय साधनों की सीमित जानकारी के अभाव को इसकी मुख्य वजह बताया।
अध्ययन में शामिल महिलाओं में सबसे अधिक संख्या 25-34 आयु वर्ग की थी, जो कुल शामिल महिलाओं का 33.6 प्रतिशत थीं। इसके बाद 35-44 आयु वर्ग की महिलाएं 25.6 प्रतिशत थीं। सर्वेक्षण में शामिल महिलाओं में से 44.5 प्रतिशत वेतनभोगी महिलाएं थीं, वहीं सर्वें में शामिल 31.3 प्रतिशत खुद का कारोबार करने वाली महिलाएं थीं। वहीं, 12.3 प्रतिशत गृहिणी थीं और 4.4 प्रतिशत महिलाएं चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकील जैसी पेशे से जुड़ी थीं। वैवाहिक स्थिति के अनुसार, 67.2 प्रतिशत महिलाएं विवाहित थीं, जबकि 20.5 प्रतिशत अविवाहित थीं।
सर्वेक्षण में सामने आया कि 86 प्रतिशत महिलाएं बजटिंग, निवेश और बचत जैसे क्षेत्रों में काम आने वाले जरूरी हुनर सीखना चाहती हैं। इस सर्वे के बारे में बताया, यह बढ़ती हुई फाइनेंशल लिटरेस महिलाओं को निवेशकों और उद्यमियों के तौर पर सफल होने में मददगार साबित होगी।
बस-ट्रक की भिड़ंत में 3 की मौत, 42 घायल
7 Mar, 2024 10:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीना । सागर में गुरुवार सुबह बस और ट्रक की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक महिला समेत दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। 42 यात्री घायल हैं। सभी को खुरई सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। तीन की हालत गंभीर होने पर सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा खुरई के खिमलासा रोड पर धांगर गांव के मेनसी तिराहा पर सुबह करीब 9.30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, सागर ट्रांसपोर्ट की बस बीना से सागर जा रही थी। 32 सीटर बस में 70 से ज्यादा लोग थे। खुरई से कुछ ही दूरी पर सामने से आ रहे ट्रक में बस जा घुसी। बसाहारी गांव निवासी यात्री सावित्री कुर्मी, चंदामऊ निवासी ट्रक चालक अनीस खान और सागर निवासी बस ड्राइवर इकबाल की मौत हो गई। घायलों ने बताया कि ड्राइवर ने बस को बचाने का प्रयास किया लेकिन रास्ता संकरा होने की वजह से एक्सीडेंट हो गया। बस में सवार अधिकांश यात्री खिमलासा और बसाहरी गांव के बताए जा रहे हैं।
जांच के बाद स्पष्ट होगा
बस के ओवरलोड होने पर खुरई एसडीओपी सचिन परते ने कहा- मामले की जांच की जा रही है। किसकी गलती है, जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। खुरई बीएमओ डॉ. शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि सिविल अस्पताल में 38 घायलों को लाया गया था। प्रेमबाई पटेल (70), सुधा समैया (63) और घुमनी बाई गौड़ (55) को हालत गंभीर होने पर सागर जिला अस्पताल रेफर किया है। खुरई देहात थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि घायल विजय सिंह लोधी निवासी पथरिया जेगन की रिपोर्ट पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बस का फिटनेस और बीमा दोनों हैं
सागर आरटीओ अधिकारी विसू शुक्ला ने बताया कि बस क्रमांक एमपी 04 पी ए 2360 की फिटनेस 20 दिसंबर 2024 तक है। इंश्योरेन्स 15 दिसंबर 2024 तक है। परमिट 31 मई 2024 सागर से मुंगावली तक है। पीयूसी 13 जुलाई 2024 तक है। सागर यातायात डीएसपी अखलेश तिवारी ने बताया, घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई है। पोर्टल में बस का फिटनेस और बीमा दोनों दर्शाया गया है। स्थानीय एसडीओपी और थाना प्रभारी समय-समय पर कार्रवाई करते हैं।
बेंगलुरु ब्लास्ट के संदिग्ध की बेसबॉल टोपी मिली? संदिग्ध की नहीं हुई पहचान
7 Mar, 2024 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। बेंगलुरु ब्लास्ट की ताजा तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि संदिग्ध व्यक्ति बिना टोपी और मास्क के बस में यात्रा कर रहा है। संदिग्ध की बेसबॉल वाली टोपी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एक मस्जिद के करीब से बरामद की है। ऐसे में संदिग्ध की खोज और मामले की जांच एनआईए के लिए चुनौती बनी हुई है।
बेंगलुरु ब्लास्ट पर सामने आ रहीं नई तस्वीरों को लेकर सूत्रों ने दावा किया है कि संदिग्ध जो टोपी पहने हुए सीसीटवी फुटेज में दिखाई दिया है, वह बेसबॉल वाली टोपी एक मस्जिद के करीब से मिली है। वहीं सूत्रों ने कहा कि बेंगलुरु विस्फोट के संदिग्ध ने काम को अंजाम देने के बाद टोपी फेंक कर अपने कपड़े भी बदल लिए होंगे, ताकि वह आसानी से गायब हो सके। गौरतलब है कि 1 मार्च के सीसीटीवी ट्रेल के माध्यम से वीडियो फुटेज सामने आए थे, जब बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में द रामेश्वरम कैफे में बम विस्फोट में 9 लोग घायल हो गए थे। इन फुटेज में एक बस स्टॉप पर एक सार्वजनिक बस में संदिग्ध को आते हुए देखा गया। इसके बाद वह कैफे में एंट्री करता हुआ नजर आया और चंद मिनट बाद ही वह बाहर निकलता दिखा है। इसके बाद वह करीब एक किलोमीटर दूर तक पैदल चलकर एक बस स्टॉप पर पहुंचता दिखाई दिया है। यह तमाम गतिविधियां कैमरे में कैद हुईं, जिस पर जांच की गई, लेकिन संदिग्ध की शिनाख्त और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसके चलते एनआईए ने संदिग्ध के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा भी कर दी है।
अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीर दौरे पर हैं
7 Mar, 2024 04:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रीनगर । अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने के बाद पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कश्मीर दौरे पर हैं। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में 'विकसित भारत, विकसित जम्मू कश्मीर' कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6400 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ व लोकार्पण किया और जनसभा को संबोधित किया।
परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर जमकर बरसे पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, जम्मू कश्मीर में पहले की सरकारों के समय में भ्रष्टाचार और परिवारवाद का बोलबाला रहा। प्रदेश परिवारवाद का सबसे प्रमुख निशाना रहा। परिवारवादी लोग मोदी पर व्यक्तिगत हमले कर रहे हैं। देश के हर कोने में लोग कह रहे हैं- मैं हूं मोदी का परिवार। कश्मीर के लोग भी कह रहे- मैं हूं मोदी का परिवार।
कांग्रेस और उसके साथियों ने 370 के नाम पर जम्मू-कश्मीर को गुमराह किया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, क्योंकि जम्मू-कश्मीर आज खुलकर सांस ले रहा है। बन्दिशों से ये आज़ादी आर्टिकल 370 हटने के बाद आई है। दशकों तक सियासी फायदे के लिए कांग्रेस और उसके साथियों ने 370 के नाम पर जम्मू कश्मीर के लोगों को गुमराह किया, देश को गुमराह किया। 370 से फायदा जम्मू कश्मीर को था या कुछ राजनीतिक परिवार ही इसका लाभ उठा रहे थे? जम्मू कश्मीर की आवाम ये सच्चाई जान चुकी है कि उनको गुमराह किया गया था। कुछ परिवारों के फायदे के लिए जम्मू कश्मीर को जंजीरों में जकड़ दिया गया था। आज 370 नहीं है, इसलिए जम्मू कश्मीर के युवाओं की प्रतिभा का पूरा सम्मान हो रहा है, उन्हें नए अवसर मिल रहे हैं। आज यहां सबके लिए समान अधिकार भी है, समान अवसर भी है।
झीलों से लेकर जेकेसीए के लोगो तक में कमल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यहां की झीलों में जगह-जगह कमल देखने को मिलते हैं। 50 साल पहले बने जम्मू कश्मीर क्रिकेट एशोसिएशन के लोगो में भी कमल है। ये सुखद संयोग है या कुदरत का कोई इशारा कि भाजपा का चिन्ह भी कमल है और कमल के साथ तो जम्मू कश्मीर का गहरा नाता है।
अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब इरादे नेक हों, संकल्प को सिद्ध करने का जज्बा हो तो फिर नतीजे भी मिलते हैं। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू कश्मीर में G20 का शानदार आयोजन हुआ। आज यहां जम्मू कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही 2 करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं...जम्मू कश्मीर में पर्यटन के साथ ही कृषि और कृषि उत्पादों की ताकत भी है। जम्मू कश्मीर की केसर, सेब, यहां के मेवे, जम्मू कश्मीरी चेरी, जम्मू कश्मीर अपने आप में ही इतना बड़ा ब्रांड है।
इस प्यार के कर्ज को चुकाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जम्मू कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है। जम्मू कश्मीर भारत का मस्तक है, और ऊंचा उठा मस्तक ही विकास और सम्मान का प्रतीक होता है। इसलिए विकसित जम्मू कश्मीर, विकसित भारत की प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने कहा कि आपके इस प्यार से मैं जितना खुश हूं, उतना ही कृतज्ञ भी हूं। मोदी प्यार के इस कर्ज को चुकाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगा। 2014 के बाद मैं जब भी आया, मैंने यही कहा कि मैं ये मेहनत आपका दिल जीतने के लिए कर रहा हूं। और मैं दिनों-दिन देख रहा हूं कि आपका दिल जीतने की सही दिशा में मैं जा रहा हूं।
एक जमाना था जब देश के कानून कश्मीर में नहीं लागू होते थे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'एक जमाना था जब देश में जो कानून लागू होते थे वे कश्मीर में नहीं लागू हो पाते थे। एक जमाना था जब गरीब कल्याण की योजनाएं पूरे देश में लागू होती थी लेकिन जम्मू-कश्मीर के मेरे भाई बहन उनका लाभ नहीं ले पाते। अब देखिए वक्त ने कैसे करवट बदली है। आज श्रीनगर से आपके साथ ही पूरे भारत के लिए योजनाओं को आरंभ हुआ है।'
पीएम मोदी ने 'वेड इन इंडिया' की अपील की
प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का मस्तक है। ऊंचा उठा शीश ही विकास-सम्मान का प्रतीक होता है। उन्होंने लोगों से 'वेड इन इंडिया' की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि आप बाहर दूसरे देशों में शादी करते हैं, जिससे उस देश की इकोनॉमी मजबूत होती है।
कैफे ब्लास्ट मामला: संदिग्ध की तस्वीर जारी, सुराग देने वाले को मिलेंगे दस लाख
7 Mar, 2024 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बेंगलुरु। बीते 1 मार्च को रामेश्वरम कैफे में बड़ा धमाका हुआ और कई लोग घायल हो गए। इसकी जांच एनआईए और सीबीआई की स्पेशल विंग कर रही है। आरोपियों को तलाशने के लिए एजेंसियों ने कई लोगों से पूछताछ कर दबिश दी है। इसके बाद भी संदिगध अभी तक हाथ नहीं लगे हैं। आरोपियों के संबंध में पुख्ता जानकारी देने वाले को दस लाख का इनाम घोषित किया गया है। संदिग्ध की एक तस्वीर भी जारी की है।
जांच एजेंसी ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर लिया, जिसके बाद उसकी तस्वीर सार्वजनिक कर दी गई है। हालांकि अब तक आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सका है और उसकी तलाश अभी भी जारी है। एनआईए ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोपी की फोटो पोस्ट कर लिखा- बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट मामले में एनआईए ने हमलावर के बारे में जानकारी देने वाले को 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बेंगलुरु के कैफे में ब्लास्ट के बाद कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बीते 1 मार्च को स्पष्ट कर दिया था कि आरोपी को चंद घंटों में ही पकड़ लिया जाएगा। हालांकि अभी तक आरोपी की तलाश जारी है। सूत्रों ने बताया कि कम तीव्रता वाले इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट को अंजाम देने वाला आरोपी जांच एजेंसियों को भ्रमित करने के लिए आते-जाते समय 10 बीएमटीसी बस में चढ़ा और उतरा था। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी अब विस्फोट स्थल से तीन किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रहे हैं। कर्नाटक के गृहमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि जांच एजेंसी को मामले की जांच के दौरान एक अहम सुराग हाथ लगा है। इस मामले की जांच एनआईए और सीसीबी की स्पेशल विंग मिलकर कर रही है।
कोलकाता में पानी से 13 मीटर नीचे चलेगी मेट्रो
7 Mar, 2024 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोलकाता । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कोलकाता में देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो का उद्घाटन किया। यह मेट्रो जमीन से 33 मीटर नीचे और हुगली नदी के तल से 13 मीटर नीचे बनी ट्रैक पड़ दौड़ेगी। 1984 में देश की पहली मेट्रो ट्रेन कोलकाता उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर (ब्लू लाइन) में दौड़ी थी। 40 साल बाद एक बार फिर यहीं से देश की पहली अंडरवाटर मेट्रो रेल चलेगी।
इसके लिए हावड़ा स्टेशन से महाकरण स्टेशन तक 520 मीटर लंबी टनल बनाई गई है, जिसमें दो ट्रैक बिछाए गए हैं। मेट्रो ट्रेन इस टनल को 80 किमी/घंटे की रफ्तार से सिर्फ 45 सेकेंड में पार कर लेगी। इससे हावड़ा और कोलकाता की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। रोज 7 से 10 लाख लोगों का सफर आसान होगा।
कुछ अंडरवॉटर मेट्रो रूट ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (ग्रीन लाइन) का हिस्सा हैं। इनमें हावड़ा मैदान से एस्प्लनेड तक 4.8 किमी रूट बनकर तैयार है। इसमें 4 अंडरग्राउंड स्टेशन हैं- हावड़ा मैदान, हावड़ा स्टेशन, महाकरण और एस्प्लनेड। हावड़ा स्टेशन जमीन से 30 मीटर नीचे बना है। यह दुनिया में सबसे गहराई में बना मेट्रो स्टेशन है। अभी पानी के नीचे मेट्रो रूट लंदन और पेरिस में ही बना है। कोलकाता मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के डायरेक्टर (प्रोजेक्ट एंड प्लानिंग) सैयद मो. जमील हसन बताते हैं कि 2010 में टनल बनाने का कॉन्ट्रैक्ट एफकॉन्स कंपनी को दिया। एफकॉन्स ने जर्मन कंपनी हेरेनकनेक्ट से टनल बोरिंग मशीन मंगाईं। इन मशीनों के नाम प्रेरणा और रचना हैं, जो एफकॉन्स के एक कर्मचारी की बेटियों के नाम पर हैं।