छत्तीसगढ़
जिला कलेक्टर ने दिए आदेश, आपदा से निपटने के लिए लोगों को करेंगे जागरूक
23 Feb, 2024 05:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जिले के कलेक्ट्रेट में अरपा सभाकक्ष में आपदाओं से निपटने के लिए टेबल टॉक का आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के द्वारा आपदाओं के दौरान राहत और बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई।राहत और बचाव कार्यों के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों और योजनाबद्ध तरीके से राहत कार्यों को अंजाम देने के संबंध में बताया गया। कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया ने कहा कि आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ टीम के साथ सभी विभागों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
इस टेबल टॉक में विभागीय अधिकारी उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों को बारीकी से समझा। आपदा कभी भी बताकर नहीं आती, इसलिए इसकी तैयारी पहले से ही होना चाहिए। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों और समुदायों के बीच विभिन्न प्रकार के आपदाओं से निपटने जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया ने एनडीआरएफ टीम के द्वारा किए जाने वाले मॉक अभ्यास के संबध में भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को मॉक अभ्यास हेतु आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डिप्टी कमांडेंट कन्हैया योगी ने बताया कि एनडीआरएफ टीम द्वारा आज सुबह 8 बजे से मलेनिया डैम में आपदा मॉक अभ्यास का आयोजन किया गया।
नक्सलियों ने की ग्रामीणों की हत्या
23 Feb, 2024 05:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार, सुकमा में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना करतूत को अंजाम दिया है।बता दें कि नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है। दोनों मृतक ग्रामीणों की पहचान सोड़ी हूंगा और माड़वी नंदा के रूप में की गई है।बताया जा रहा है कि नक्सलियों की पामेड़ एरिया कमेटी ने दोनों ग्रामीणों की हत्या की जिम्मेदारी ली है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वहीं नक्सलियों ने दोनों ग्रामीणों की मौत के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया है।
24 फरवरी को पीएम मोदी करेंगे विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद
23 Feb, 2024 04:28 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत 24 फरवरी को आयुष कॉलेज मैदान मरवाही में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल लोगों से जुड़ेंगे और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे।कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया ने कार्यक्रम की तैयारी के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था, मंच, टेंट, पेयजल, विद्युत, साउंड सिस्टम एवं माइक, एलईडी पैनल, बैठक व्यवस्था, मेगा स्वास्थ्य शिविर, हितग्राहियों को लाने ले जाने की व्यवस्था, इंटरनेट कनेक्टिविटी आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए है।उन्होने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी मरवाही दिलेराम डाहिरे को नोडल अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए के पी तेंदुलकर को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ मार्च को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आ सकते हैं। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को पहली किस्त जारी की जाएगी।
छत्तीसगढ़ में 24 फरवरी से शुरू होगा राजिम कुंभ मेला
23 Feb, 2024 04:17 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
देश-दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाला राजिम कुंभ कल्प इस वर्ष 24 फरवरी माघ पूर्णिमा से आठ मार्च महाशिवरात्रि तक आयोजित होगा। राज्य शासन ने इसे राजिम कुंभ कल्प का नाम दिया है। इस वर्ष राजिम कुंभ कल्प को रामोत्सव के रूप में मनाया जायेगा।इसके लिए राजिम त्रिवेणी संगम में भव्य तैयारियां की जा रही है। राजिम कुंभ कल्प की तैयारियों को लेकर धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने विगत देर रात्रि मेला स्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने मेला स्थल में मुख्य मंच, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के लिए सहायक सांस्कृतिक मंच, गंगा आरती स्थल, साधु संतो के निवास, पेयजल, शौचालय, कुलेश्वर महादेव मार्ग एवं लोमश ऋषि आश्रम तक जाकर मेला के संबंध में की गई आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
साथ ही मेला स्थल में सभी जरूरी तैयारियों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत सदस्य चंद्र शेखर साहू भाजपा नेता जितेंद्र सोनकर कलेक्टर दीपक अग्रवाल, एसएसपी अमित तुकाराम कांबले सहित गरियाबंद, रायपुर और धमतरी जिले के अधिकारीगण एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।मंत्री अग्रवाल ने मेला स्थल में तैयारियों का जायजा लेने के उपरांत मेला स्थल में ही अधिकारियों की बैठक लेकर सभी कार्यो को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कुंभ मेला स्थल में पर्याप्त चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लैब टेस्ट सुविधा, एंबुलेंस सहित आवश्यक एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाइयों का स्टॉक रखने के निर्देश दिए।
24 से 26 फरवरी तक कई जिलों में बारिश की संभावना
23 Feb, 2024 04:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। 24 से 26 फरवरी तक प्रदेश के कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई जा रही है। आज शुक्रवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। इसके बाद मौसम बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर में स्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम बदलेगा। यही कारण है कई आगामी दिनों में प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि 24 से 26 फरवरी तक हल्की बारिश होने की संभावना है। 24 फरवरी से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है। 24 और 25 फरवरी को प्रदेश के बस्तर संभाग, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में बारिश हो सकती है। 26 फरवरी को प्रदेशभर के कई जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं।प्रदेश में नमीयुक्त हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों में अगले 2 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद फिर से न्यूनतम तापमान में बढ़ने की संभावना है।
आठ साल बाद बस्तर पहुंचे राजनाथ सिंह, पार्टी नेताओं से की मुलाकात
22 Feb, 2024 03:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर।वर्ष 2016 में पहली बार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बस्तर पहुँचे थे, जहाँ चुनावी माहौल को देखने के साथ ही कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद एक चुनावी बिगुल की शुरुआत की थी, उस चुनाव के ठीक बाद 22 फरवरी 2024 को रक्षा मंत्री दोबारा बस्तर पहुँचे हैं। यहाँ पहुँचते ही पुराने कार्यकर्ताओं को देखने के बाद उनसे उनकी कुशलक्षेम पूछा और 15 मिनट की बातचीत के बाद ओड़िसा के लिए रवाना हो गए। दरअसल रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार की सुबह जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में हेलीकॉफ्टर बदलने के दौरान 15 मिनट रुक कर वहां उनका स्वागत करने के लिए आये कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। राजनाथ सिंह ने ओड़िसा में होने वाली क्लस्टर बैठक में शामिल होने की बात बताई साथ ही वहां एक ही दिन में तीन बैठक लेने के बाद दिल्ली रवाना होने की बात का जिक्र भी किया। इस 15 मिनट के बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत लगाकर भाजपा को मजबूत करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को विचारधारा से लेकर उन्हें मजबूत टीम तैयार करने की बात भी कही। जिस पर टीम लीडरों के द्वारा अपना सौ प्रतिशत देने की बात कही, इसके अलावा रक्षा मंत्री ने पुराने कार्यकर्ताओं को देखकर उनसे बातचीत की और आने वाले दिनों में होने वाले लोकसभा चुनाव में अपने लोगों को विजयी बनाने की बात कही। इस दौरान पूर्व सांसद से लेकर अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
बदला मौसम का मिजाज, तापमान 34 डिग्री से ऊपर पहुंचा
22 Feb, 2024 02:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब फिर मौसम बदलने वाला है। बढ़ते गर्मी के बीच न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा पहुंचा है। ऐसे में आने वाले दिनों में तेज धूप के साथ भारी गर्मी पड़ने की संभावना है। हालांकि अभी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। आज गुरुवार को मौसम साफ रहेगा।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य और उत्तरी भागों में आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। बढ़ते गर्मी के बीच तापमान में गिरावट होने से मौसम में बदलाव हो सकता है। कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि मौसम सामान्य है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसके प्रभाव से वातावरण में बदलाव हो रहा है।
आज गुरुवार को राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। रायपुर में सुबह से धूप खिली हुई है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ते ही जा रहा है। तेज धूप से लोग अभी से परेशान हो रहे हैं।बीते दिनों बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस डोंगरगढ़ में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। इसके साथ ही रायपुर में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो कि सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री ऊपर रहा।
बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलटी, कई लोग घायल
22 Feb, 2024 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर में बाराती बस दुर्घटना की शिकार हो गई। बारातियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे घटना से कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह पूरा मामला रायपुर के धरसीवां थाना क्षेत्र के सिलतरा इलाके का है।जानकारी के अनुसार, बारातियों से भरी बस दामाखेड़ा से रायपुर लौट रही थी। इस दौरान करीबन देर रात तीन बजे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।धरसीवां थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब घायल की स्थिति सामान्य है।
हाईवे पर लकड़ियों से भरा ट्रक पलटा, बाल-बाल बचा चालक
22 Feb, 2024 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राष्ट्रीय राजमार्ग 63 पर सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बीती रात पंडरीपानी मोड़ पर लकड़ियों से भरा ट्रक पलट गया। इस हादसे में चालक जहां सुरक्षित रहा, वहीं हेल्पर के हाथ में चोट लगने के कारण उसे उपचार के लिए मेकाज में भर्ती किया गया है।मामले के बारे में जानकारी देते हुए ट्रक चालक ने बताया कि वह लकड़ियों को भरकर केशलूर की ओर जा रहा था। तभी बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात एक बजे के लगभग ट्रक का लोहा टूटने से हादसा हो गया। ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरा।वहीं लकड़ियों को जिस रस्सी से बांधा गया था, वह भी टूटने से ट्रक मोड़ में पलट गया, जिसके चलते लकड़ियां खेत में जा गिरा, चालक तो सुरक्षित रहा पर हेल्पर घायल होने से अस्पताल ले जाया गया। वहीं सड़क के ऊपर ट्रक पलटने के कारण अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।पंडरीपानी के जिस मोड़ में यह घटना घटी है, वहां की बात करे तो इसी मोड़ में शहर के कुछ युवाओ की कार पेड़ में टकराने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है, वही एक घायल रहा। इसके अलावा इसी मोड़ पर बाइक सवार द्वारा मोड़ नहीं पाने के कारण वाहन समेत खेत में जा गिरा था। जिससे कि उसकी मौत हो गई थी।
गृहमंत्री अमित शाह आज करेंगे लोकसभा चुनाव का शंखनाद
22 Feb, 2024 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर।केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। रायपुर में भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के बाद दोपहर में गृहमंत्री का जांजगीर चांपा जिले के हाईस्कूल मैदान पर आगमन होगा जहां से वह लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। इसको लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन के साथ तैयारियां पूरी कर ली हैं।चार लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी राजेश मूढ़त और जांजगीर चांपा लोकसभा प्रभारी गौरी शंकर अग्रवाल ने जिला भाजपा कार्यालय में लोकसभा स्तरीय बैठक की और पदाधिकारियों के साथ कार्यकर्त्ताओं में लोकसभा चुनाव को लेकर गृहमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री का छत्तीसगढ़ में यह पहला प्रवास होगा। इस कारण भी गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत में भाजपा कोई कसर न छोड़ना चाहती है। इस पर भाजपा नेताओं का विशेष ध्यान है और गृहमंत्री शाह छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीट जीत का उपहार देने का वादा कर पीएम मोदी के 'भाजपा 370 से इसबार 400 पार' के नारे को सफल बनने में अपनी अहम भूमिका निभाने के तैयारी में हैं। प्रदेश की राजनीति में अपना रोल रखने वाले दूसरी पार्टी के नेताओं को भी भाजपा अपनी ओर साधने की तैयारी में है।
विधायक ईश्वर साहू ने पुत्र की हत्या को लेकर सदन में मांगा न्याय
22 Feb, 2024 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक ईश्वर साहू ने अपने पुत्र की हत्या को लेकर बुधवार को सदन में न्याय मांगा। जब वह अपनी बात कह रहे थे तब पूरा सदन उन्हें मौन रहकर सुन रहा था। पीड़ा बताते समय ईश्वर साहू का गला रुंध गया। उन्होंने कहा कि पुत्र की हत्या में 34 लोग जिम्मेदार हैं, पर पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। केवल 12 लोगों की गिरफ्तारियां की गईं।उन्होंने सवाल किया- मैं भुनेश्वर साहू का पिता हूं, मुझे न्याय कब मिलेगा। उन्होंने सीबीआइ जांच की मांग की। प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मैं अभिभूत हूं कि ईश्वर साहू जैसे पराक्रमी पिता हमारे सामने इस सदन में उपस्थित हैं। मैं एक पिता के दुख को समझ सकता हूं। मैं मामले की जांच सीबीआइ से कराने की अनुशंसा करता हूं।बता दें कि बीते वर्ष आठ अप्रैल को साजा विधानसभा के बिरनपुर गांव में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी थी। इसके बाद क्षेत्र सांप्रदायिक हिंसा की आग में जलने लगा था। इस मामले में पुलिस-प्रशासन और तात्कालीन कांग्रेस सरकार और साजा के तत्कालीन विधायक और मंत्री रविंद्र चौबे पर मुस्लिम समुदाय को संरक्षण देने का आरोप लगा। इसके बाद विधानसभा चुनाव आ गए। तब भाजपा ने भुनेश्वर साहू के पिता, जोकि श्रमिक का काम करते थे, उनको साजा विधानसभा से प्रत्याशी बनाया।
कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में हुआ जनचौपाल का आयोजन
21 Feb, 2024 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आज कलेक्टोरेट परिसर के सभाकक्ष में जन चौपाल का आयोजन हुआ। जन चौपाल में संबंधित विभाग के अधिकारियों को आम जनों ने अपनी मांग और समस्याओं से संबंधित आवेदन दिए।
आज चौपाल में जिले के धरमपुरा गांव के सरपंच ने तालाब की सफाई हेतु राशि की किश्त प्रदान करने, धनेली निवासी सुधीर कुमार वर्मा ने अपने मकान के सामने वाले रास्ते को पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत, छछानपैरी के सरपंच ने गांव की शासकीय भूमि को आबादी घोषित भूमि घोषित करने, गुढ़ियारी निवासी मधु लहरे ने मजदूर कार्ड बनवाने, गुढ़ियारी के ही सुरेखा नागदेव ने अपने पति की मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने, प्रोफेसर कॉलोनी निवासी प्यारेलाल साहू ने कॉलोनी स्थित अपनी जमीन के बटांकन करने और समता कॉलोनी निवासी पल्लवी हरपाल ने अपना जाति प्रमाण पत्र बनवाने आवेदन दिया। इसी प्रकार अन्य लोगों ने भी अपनी मांग और समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। आज जनचौपाल में कुल 67 आवेदन आए जिन पर यथासंभव निराकरण करने के आदेश कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए।
काव्य भारती द्वारा बसन्तोत्सव पर भव्य आयोजन
21 Feb, 2024 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । काव्य भारती कला संगीत मंडल द्वारा संस्थापक दादा मनीष दत्त जी की स्मृति में भव्य आत्मीय आयोजन विकाश नगर 27 बिलासपुर स्थित पूर्व पार्षद अखिलेश बाजपेयी निवास में डॉ विनय पाठक पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ी राजभाषा आयोग एवं कुलपति के मुख्य अतिथि एवं काव्य भारती के अध्यक्ष पूर्व विधायक चन्द्र प्रकाश बाजपेयी की अध्यक्षता एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ट साहित्यकार डॉ विजय सिन्हा की उपस्थिति में सोत्साह सम्पन्न हुआ । कार्यक्रम में सबसे पहिले माँ सरस्वती का पूजन अर्चन व दीपप्रज्वलन के पश्चात दादा मनीष दत्त के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ ।
मुख्य अतिथि डॉ विनय पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि मनीष दत्त ने काव्य को संगीत बद्ध करके जो अनुपम कार्य कर दिखाया है,वह स्मारक व धरोहर के रूप में हमारे समक्ष है । डॉ पाठक ने आगे कहा कि काव्य को जब संगीत का पुट मिलता है तब वह जन जन के मन -मन में बसकर लोकप्रियता की दलहीज पर प्रभावी बन जाता है । इस परम्परा को प्रौन्नत करना आज की आवश्यकता है । इसी दृष्टि से बसंत पंचमी को मनीष दादा के स्मरण में प्रत्येक वर्ष उत्सव धर्मिता के रूप में मनाये जाने की परम्परा प्रचलित है ।
संस्था के महासचिव डॉ. विजय सिन्हा जी ने दादा के संस्मरणों को याद करते हुये संस्था का प्रतिवेदन रखा उन्होंने कहा कि मनीष दत्त संत थे तथा उनका आवास गुरुकुल व आश्रम के रूप में अवस्थित था । अव्हान किया जो भी साथी दादा की कार्ययोजना को करना चाहते है उन्हें हर स्तर पर सहयोग दिया जावेगा । उन्होंने समाज सेवी बाजपेयी परिवार के योग्यदान की भूरी भूरी प्रशंसा की । संस्था के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश बाजपेयी पूर्व विधायक ने आश्वस्त किया की मनीष दादा की इच्छा अनुसार हम सब मिलकर कार्य करेंगे । इस वर्ष का मनीष दत्त पुरस्कार गेड़ी कलाकार अनिल गढ़ेवाल को देने की घोषणा की ।
काव्य भारती के वरिष्ठ कलाकार प्रो डॉक्टर किरण बाजपेयी, उपाध्यक्ष डॉ.सुप्रिया भारतीयन,श्रीमती सविता कुशवाहा,डॉक्टर अजिता मिश्रा,कान्हा सोनी,इच्छित मुखर्जी, कनक लता मिश्रा ,रीना पाल,एवं एस भारतीयन ने मनीष दत्त जी द्वारा संगीतबद्ध किये गए काव्य गीत-सखि बसंत आया,पिया आया बसंत,हाथ वीणा, आ रही हिमालय से पुकार ।वीरों का कैसा हो बसंत सुभद्रा कुमारी चौहान,सरस्वती वंदना सूर्यकांत त्रिपाठी निराला, प्रिया आया बसंत फूल रस के झरे,गिरजा कुमार माथुर,विद्या पति,शिव मंगल सिंह सुमन हम उपवन का तुम जन मन का मधु कण कण देखो मालिन मुझे न तोड़ो,मेरे आँगन में भीड़ लगी है किसको कितना प्यार करूँ डॉ किरण बाजपेयी,सुमित्रा नंदन पंत रचित बना मधुर मेरा जीवन एवं शहीदों के श्रद्धांजलि गीत श्री कृष्ण सरल,महादेवी वर्मा,डॉक्टर सियाराम सक्सेना द्वारा रचित उपासमयी गायता एवं आओ आओ हे सत्य जैसे गीतों से बसंतोत्सव कार्यक्रम को भावमय कर दिया।इस अवसर पर पच्चीस बच्चों ने बसंत गीतों पर अभिनय,नृत्य की अनुपम प्रस्तुति बिखेर दी । काव्यभारती के सदस्यों से काव्यभारती के यूट्यूब चैनेल काव्य भारती मनीष दत्त को सब्सक्राइब करने की बात कही गयी।
अंत में संस्था के सदस्यों ने एक साथ पूजा,अर्चना,पुष्पांजलि कर पुलाव,झोझो पापड़ भोजन का आनंद लिया। अंत में आभार संस्था के कार्यालय सचिव गौरव गुलहरे ने व्यक्त किया । उक्त अवसर पर संस्था के अनेक सद चन्द्र शेखर बाजपेयी,जे पी सिंग,प्रभात मिश्रा.डॉ उषा किरण बाजपेयी,योगेश तिवारी,भुवनेश्वर चंद्राकर,रिखेंद्र तिवारी,अखिलेश चन्द्र प्रदीप बाजपेयी,मनोज शुक्ला,राजीव दीक्षित,रूपेश त्रिवेदी,मनहरन पूरी,ओम प्रकाश,डॉ रश्मि बाजपेयी,भावना बाजपेयी,श्रीमती उर्मिला सिन्हा,अंजली बाजपेयी,सुनील चिपड़े,अमितेश त्रिवेदी,चन्द्र शेखर देवांगन,एस कपूर,देवेंद्र सिंह ठाकुर,अभिषेक जायसवाल.बद्री प्रसाद कैवत्र्य,अर्पिता मुखर्जी, पूर्वी यादव, पल्लवी, साक्षी, आराधना, लावण्या, प्रज्ञा, सृष्टि, स्पर्शी, सुहास पाल, शेलेश सिंह चौहान, जितेन्द्र सिंह, रिया, प्रिया, रागनी,सरस्वती,रीती,आशी,बी पी सिंह. पंकज, आनंद,आँचल श्रीवास्तव,धीरेंद्र तिवारी,धरम कुमार सहित काफ़ी संखिया में कला प्रेमी नगर वासी उपस्थित रहे । उपस्थित जन समुदाय ने ऐसे साहित्यिक आयोजन की भूरी भूरी प्रशंसा की ।
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी दूर-दराज से आए लोगों की समस्याएं
21 Feb, 2024 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । कलेक्टर अवनीश शरण ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में जिले के दूर-दराज से आए ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं एवं बुजुर्गो की समस्याओं को इत्मीनान से सुना। इस दौरान उन्होंने जनदर्शन में आयी महिलाओं से महतारी वंदन योजना के फार्म भरने की जानकारी ली। उन्होंने महिलओंं से पूछा कि फार्म भरने में किसी प्रकार की दिक्कत तो नही आ रही है। जनदर्शन में आज लगभग सवा सौ लोगो ने कलेक्टर से मुलाकात कर निजी और सामुदायिक मांग एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन दिया।
जनदर्शन में चिंगराजपारा शासकीय स्कूल में पढऩे वाले बच्चों के पालक शिकायत लेकर पंहुंचे। पालकों का कहना था कि स्कूल में न ही पढ़ाई हो रही है और न ही किसी तरह का अनुशासन है स्कूल में बच्चों के लिए शौचालय की भी व्यवस्था नहीं है जिससे बच्चे परेशान हैं। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर तत्काल प्रतिवेदन सौपने के निर्देश दिए है। ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित गांव आमकोनी के ग्रामीणों ने जनदर्शन में अपने गांव को ग्राम पंचायत का दर्जा देने की मांग की है। ग्राम खजुरी थाना हिर्री के मनीराम यादव ने बेटे को पंजाब में बंधुआ मजदूर बनाए जाने की शिकायत करते हुए मदद की गुहार लगाई। आवेदक का कहना है कि अच्छी मजदूरी का झांसा देकर बेटे को ले जाने के बाद उसका शोषण किया जा रहा है और उसे मजदूरी तो दूर ठीक से खाने को भी नही दिया जा रहा, न ही उसे छत्तीसगढ़ आने दिया जा रहा। कलेक्टर द्वारा प्रकरण को पुलिस अधीक्षक के पास जांच के लिए भेजा गया है।
घोंघा जलाशय बांध के डूब प्रभावित गांव परसदा, मानपुर, कोरी के ग्रामीणों ने गरीबों की भूमि पर असामाजिक तत्वों के जबरिया कब्जे की शिकायत कलेक्टर से करते हुए अवैध कब्जा रोकने की मांग की है। तखतपुर ब्लॉक के विचारपुर गांव के किसान नारद प्रसाद ने सहकारी बैंक के खाते से अवैध तरीके से राशि आहरण की शिकायत कर कलेक्टर से मदद मांगी है। कलेक्टर ने मामले को जिला सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी को सौंप कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
स्कूलों में अब दो बार होगी हाजिरी, कलेक्टर ने दिए आदेश
21 Feb, 2024 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । समय सीमा बैठक में कलेक्टर अवनीश शरण ने स्कूलों में हो रहे हादसों को गंभीरता से लिया। उन्होने इस दौरान लापरवाही करने वालों पर सख्त कदम उठाने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि अब स्कूली बच्चों की हाजिरी दिन में दो बार होगी। दूसरी हाजिरी मध्यान्ह भोजन के समय लिया जाएगा। कलेक्टर ने दो टूक कहा महतारी वंदन योजना में मिले लाखो आवेदनों की सूची हर सूरत में 21 फरवरी को प्रकाशित किया जाएगा।
साप्ताहिक समय सीमा बैठक मे कलेक्टर ने स्कूली बच्चों की विशेष सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होने शिक्षकों आदेश दिया कि स्कूलों में बच्चों की अब दो बार हाजिरी होगी। पहली हाजिरी परम्परानुसार स्कूल खुलने पर प्रथम पीरियड में लिया जाएगा। दूसरी बार मध्यान्ह भोजन के बाद ली जायेगी। कलेक्टर अवनीश शरण ने साप्ताहिक टीएल बैठक में शिक्षकों को निर्देश दिया कि स्कूल अवधि में एक-एक बच्चे की निगरानी समुचित तरीके से किया जाए। इस दौरान अवनीश शरण ने लंबित मामलों के साथ ही सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति को विचार विमर्श किया। इस दौारन बैठक में नगर निगम आयुक्त अमित कुमार समेत विभागीय वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
कलेक्टर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन लेने का सिर्फ एक ही दिन बचा है। प्रथम चरण के लिए आवेदन लेने की अंतिम तारीख 20 फरवरी है। 18 फरवरी तक जिले में योजना के तहत 3 लाख 38 हजार आवेदन मिल चुके हैं। 90 प्रतिशत की आनलाईन एण्ट्री हो चुका है। आज तक प्राप्त आवेदन सहित सभी आवेदनों की सौ फीसदी एण्ट्री कर लेने को कहा। अन्होने बताया कि बताया कि 21 तारीख को आवेदनों की सूची प्रकाशित कर दावा-आपत्ति मंगायी जाए। सूची को गांव एवं वार्डों में सार्वजनिक स्थलों पर चस्पा करने को कहा। मुनादी का निर्देश भी दिया। कलेक्टर ने बताया कि 24 फरवरी को विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के तहत कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगायी जायेगी।