मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
19 सितंबर गणेश चतुर्थी से जन आक्रोश यात्रा निकालेगी कांग्रेस, 11 हजार 400 KM नापेंगे कई दिग्गज
16 Sep, 2023 09:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के साथ अत्याचार, महिला उत्पीड़न, बदहाल कानून व्यवस्था जैसे जनता के मुद्दों को लेकर कांग्रेस 19 सितंबर गणेश चतुर्थी से जन आक्रोश यात्रा निकालेगी। प्रदेश के सात स्थानों से 11400 किलोमीटर की यात्रा एक साथ प्रारंभ होगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी सभा और अन्य कार्यक्रम होंगे। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता अलग-अलग स्थानों पर शामिल होंगे।
पटवारी परीक्षा घोटाले की भेंट
शनिवार को यात्रा की रूपरेखा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सामने रखी। इस दौरान सातों यात्रा के प्रभारी भी उपस्थित रहे। प्रदेश प्रभारी ने कहा कि जनता में शिवराज सरकार के विरुद्ध जो 18 वर्ष का असंतोष था, वो अब जन आक्रोश में बदल गया है। किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा तो युवाओं के भविष्य को व्यापम और पटवारी परीक्षा घोटाले की भेंट चढ़ा दिया गया।
फर्जी विवाह दिखाकर पैसे खाए
आदिवासी के मुंह पर पेशाब करके भाजपा नेता उन्हें अपमानित करते हैं तो तीन लाख 22 हजार के पट्टे निरस्त कर दिए। कुपोषित बच्चों के पोषण आहार में भ्रष्टाचार, स्कूली बच्चों के गणवेष, और तो और आयुष्मान योजना तक में घोटाला कर दिया। कन्यादान योजना में 50 हजार फर्जी विवाह दिखाकर पैसे खाए गए तो 18 सालों में मध्य प्रदेश में 58 हजार से अधिक दुष्कर्म, 67 हजार से अधिक अपहरण के प्रकरण सामने आए। जहां महिलाओं पर इतना अत्याचार हो रहा है, वहां मुख्यमंत्री को रात में नींद कैसे आ जाती है?
मध्य प्रदेश का निर्माण कैसे होगा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यहां आकर इनका जवाब क्यों नहीं देते हैं? इन सबसे उपजे जन आक्रोश का आवाज देने के लिए यह जन आक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने कहा कि आज सबसे बड़ी चुनौती बेरोजगार नौजवान की है। इनका भविष्य खराब होगा तो मध्य प्रदेश का निर्माण कैसे होगा।
स्थिति यह हो गई कि भाजपा को अपने 18 वर्ष के मुख्यमंत्री के नाम पर वोट मांगने में शर्म आ रही है, इसलिए जनता को भ्रमित करने के लिए नई-नई घोषणाएं की जा रही हैं। जनता समझदार है और बहकावे में नहीं आएगी। कार्यक्रम में यात्रा के थीम सांग चलो-चलो कांग्रेस के संग चलो-चलो लांच किया गया।
भाजपा के चार चेहरे, बनावटी, दिखावटी, मिलावटी सजावटी
कमल नाथ ने कहा कि भाजपा के चार नए चेहरे हैं जो बनावटी, दिखावटी, मिलावटी और सजावटी हैं। वास्तव में यही इनके असली चेहरे हैं। मध्य प्रदेश एक ग्रामीण प्रदेश है। हमारे प्रदेश की 70 प्रतिशत अर्थव्यवस्था कृषि क्षेत्र पर आधारित है। कांग्रेस ने इस बात को सबसे पहले पहचाना था। वर्ष 1947 से लेकर 1969 तक कांग्रेस पार्टी का चुनाव चिह्न दो बैलों की जोड़ी और 1969 से 1977 तक कांग्रेस पार्टी का चुनाव गाय-बछड़ा रहा। दो बैलों की जोड़ी मतलब खेती-किसानी और गाय-बछड़ा मतलब गोमाता यानी हमारी ग्रामीण भारत की संस्कृति। आज का हमारा जो चुनाव चिह्न है हाथ का पंजा, यह राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है।
कमल नाथ चुनाव लडेंगे या नहीं, यह संगठन तय करेंगा
एक प्रश्न के उत्तर में रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कमल नाथ चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह वे नहीं, संगठन तय करेगा। कमल नाथ ने भी यह बात दोहराई। उधर, कांग्रेस के बहुमत में आने पर मुख्यमंत्री के प्रश्न पर प्रदेश प्रभारी ने कमल नाथ की ओर इशारा करते हुए कहा कि क्या ये आपके दिखाई नहीं दे रहे हैं। पोस्टर में कहीं भी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नजर नहीं आने पर उन्होंने कहा कि आप चिंता न करें, हम सब एक हैं और सब यात्रा में नजर आएंगे।
कौन कितने किलोमीटर निकालेगा यात्रा
गोविंद सिंह - 1600 किमी
अरुण यादव - 1700 किमी
कमलेश्वर पटेल - 1900 किमी
अजय सिंह राहुल - 1400 किमी
सुरेश पचौरी - 1400 किमी
कांतिलाल भूरिया - 1700 किमी
जीतू पटवारी - 1700 किमी
जल प्रदाय योजनाओं का समय-सीमा में हो क्रियान्वयन : मुख्यमंत्री चौहान
16 Sep, 2023 09:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में आज मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के संचालक मंडल की बैठक हुई। बैठक में खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड के विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न नगरीय निकायों में संचालित जल प्रदाय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश की अग्रणी स्थिति के लिए उन्होंने विभाग के अधिकारियों को बधाई दी। बैठक में बताया गया कि आगामी 27 सितंबर को इंदौर में पुरस्कार कार्यक्रम प्रस्तावित है। बैठक में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना, मऊगंज जलप्रदाय परियोजना, पेटलावद जलप्रदाय, परियोजना खरगोन जलप्रदाय परियोजना, मिनी स्मार्ट सिटी परियोजना, सीधी सहित अन्य विषयों पर चर्चा हुई।
धरमपुरी में शत-प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन
बैठक में बताया गया की धरमपुरी की मल-जल योजना को पुरस्कार मिला है। धरमपुरी में शत-प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन हो चुके हैं। धरमपुरी की संपूर्ण आबादी लाभान्वित हो रही है। बैठक में प्रमुख सचिव नगरीय विकास श्री नीरज मंडलोई सहित अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
सिखों के खून से सनी है कमल नाथ की राजनीति, सज्जन व टाइटलर जैसा होगा हाल: मंत्री हरदीप
16 Sep, 2023 09:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कमल नाथ कहते हैं कि उनकी चार दशक की राजनीति में उन पर एक भी आरोप नहीं है, जबकि उनकी राजनीति उन असंख्य सिखों के खून से सनी हुई है, जो 1984 के नरसंहार में मारे गए थे। इस नरसंहार में सज्जन सिंह और जगदीश टाइटलर का जो हाल हुआ है, वही जल्द ही नाथ का होने वाला है। हरदीप सिंह डंग ने कहा कि उन्होंने मध्य प्रदेश का बुरा हाल कर रखा था। हम उनको भी नहीं भूल सकते हैं। तुष्टीकरण की राजनीति में डूबे लोगों की सच्चाई भी आज जरूर दोहराई जानी चाहिए। सनातन पर वार करने वाले लोगों (कांग्रेस) ने सिख समुदाय के साथ ही इसी प्रकार का दुर्व्यवहार, अत्याचार किया था। यह बात प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
डंग ने कहा कि सिखों के पांचवें गुरु अर्जुन देव ने 1604 में आज ही के दिन दरबार साहिब में पहली बार श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया था। सिखों में जीवंत गुरु के रूप में मान्य श्री गुरु ग्रंथ साहिब केवल सिख कौम ही नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए आदर्श व पथ प्रदर्शक हैं। भाजपा भी इसी सोच के साथ काम करती है। कांग्रेस की सरकार में हुए भेदभाव को भाजपा सरकार ने समाप्त किया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास को मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने साकार किया है।
सिख समाज को भ्रमित करना बंद करें
भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कौमी एकता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व सिख यूथ एसोसिएशन आफ इंदौर के अध्यक्ष सचप्रीत सच सलुजा ने कहा कि जब-जब चुनाव आते हैं, भाजपा धर्म, झूठ और गुमराह करने की राजनीति शुरू कर देती है। भाजपा हमेशा से ही कमल नाथ पर सिख दंगों में शामिल होने का आरोप लगाकर प्रदेश की जनता और सिख समाज को गुमराह करती आ रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि नाथ का इन दंगों से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं है।
विपक्ष पर रविशंकर प्रसाद का कटाक्ष, बोले- चुनाव आते ही कांग्रेस के मारीच घूमने लगे
16 Sep, 2023 09:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुना । विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही आपके आसपास कांग्रेस के मारीच घूमने लगे हैं। वोट लेने के लिए यह मारीच बड़े सपने दिखाएंगे, लेकिन आपको अंतर्आत्मा की आवाज को सुनते हुए वोट करना है। यह बात जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान ग्राम म्याना में सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सदस्य रविशंकर प्रसाद ने कही।
दिग्विजय सिंह की संगत में आए कमल नाथ
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कमल नाथ जब से दिग्विजय सिंह की संगत में आए हैं, वह भी उल्टी बयानबाजी करने लगे हैं। उन पर भी दिग्विजय सिंह की संगत का पूरा का पूरा असर हो गया है। प्रदेश के पूर्व मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि जिस तरह से जन आशीर्वाद यात्रा को प्रदेश के साथ गुना की जनता का आशीर्वाद मिल रहा है, उससे लग रहा है कि इस बार बीजेपी प्रदेश में 150 सीटें जीतकर सरकार बनाने वाली है।
फसल क्षति का सर्वें कराकर नुकसान की भरपाई की जाएगी - मुख्यमंत्री चौहान
16 Sep, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जिन किसानों की फसल क्षति हुई है, उनका सर्वें कराकर बीमा कम्पनी और सरकार नुकसान की भरपाई करेगी। वे आज सीहोर के अमलाहा में एक कार्यक्रम में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसान भाई चिंता न करें, उन्होंने कहा कि पहले पानी की कमी से किसानों की फसल खराब हो जाती थी और किसानों की लागत तक नही निकल पाती थी। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में पाइप-लाइन के माध्यम से नर्मदा का पानी पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसान पर्याप्त मात्रा में खेतों में सिचाई कर सकें और फसल का उत्पादन अच्छा हो सके।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनों के जीवन में लाडली बहना योजना उजियारा बनकर आई है। आज मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना से बहनें अपने साथ-साथ अपने बच्चों और परिवार की छोटी-छोटी आवश्यकताओं को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि हर महीने पैसे आने से बहनों को घर के साथ ही समाज में भी सम्मान मिला है। लाड़ली बहना योजना के तहत एक हजार रूपए प्रति महीने मिलने वाली राशि को अब 1250 रूपए कर दिया गया है। हर लाडली बहना को 250 रूपए के मान से बढ़ाते हुए 3000 रूपए की राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि बहनों की आंखों में कभी आँसू नही आने दूंगा। हर बहन की आमदनी 10 हजार रूपए हो, इसके लिए मैं निरंतर काम कर रहा हूँ। उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा 6000 रूपए दिए जाते है, अब प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 6000 रूपए की राशि प्रदान की जा रही है। इससे किसानों को प्रतिवर्ष 12000 रूपए की राशि मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास जमीन नहीं है, उन्हें पट्टा दिया जाएगा और उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना और उज्जवला योजना के परिवारों को अब 450 रूपए में एलपीजी गैस सिलेण्डर प्रदान किया जाएगा। सभी पंचायतों के गांव-गांव में 17 सितम्बर से लाडली बहना के फॉर्म के लिए लगाए गए कैम्पों की तरह ही एलपीजी गैस सिलेण्डर के लिए फॉर्म भरवाए जाएंगे। बीमार होने पर आयुष्मान कार्ड की मदद से नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था भी सरकार द्वारा की गई है। आयुष्मान कार्ड की मदद से बड़े-बड़े निजी अस्पतालों में भी नि:शुल्क इलाज करा सकते है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि छठवीं और नवमीं कक्षा के दूसरे गांव स्कूल पढ़ने जाने वाले बच्चो को साइकिल खरीदने के लिए 4500 रूपए की राशि दी गई है, ताकि उन्हें स्कूल जाने में कोई परेशानी न हो। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25000 रूपए दिए गए हैं। अगले साल से 60 प्रतिशत लाने वाले बच्चों को भी 25000 रूपए लैपटॉप की राशि दी जाएगी। इसके साथ ही जो बच्चे 12वीं कक्षा में अपने स्कूल में टॉप आएंगे, उनमें बेटा और बेटी को स्कूटी दी गई है। अगले साल दो बेटा और दो बेटियों को स्कूटी दिलवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं की आईआईटी, मेडिकल और दूसरी उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार द्वारा भरी जाएगी।
मध्यप्रदेश ने देश में बनाई अपनी अलग पहचान-केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर
केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा किया है। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर जिले के आष्टा, कोठरी और अमलाहा में एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में विकास के साथ-साथ लोगो के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बेहतरीन कार्य हुआ है। श्री तोमर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनकी सराहना सम्पूर्ण देश में हो रही है। श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। केन्द्र सरकार की योजनाओं और मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश देश में अपनी अलग पहचान बना चुका है।
मुख्यमंत्री चौहान 17 सितंबर को करेंगे "मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना" का शुभारंभ
16 Sep, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 17 सितंबर को प्रातः 10 बजे भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना का शुभारंभ करेंगे। राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण समस्त जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत मुख्यालय पर किया जाएगा।
योजना में विभिन्न आवास योजनाओं में आवास सुविधा का लाभ मिलने से छूट गये परिवारों को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना में अपना आवास मिलेगा। योजना से 4 लाख 75 हजार से ज्यादा हितग्राहियों को लाभ मिलेगा। राज्य शासन ने योजना के हितग्राहियों के चयन करने संबंधी निर्देश जारी कर दिए हैं। हितग्राहियों से 17 सितम्बर से 5 अक्टूबर 2023 तक आवेदन पत्र प्राप्त किये जायेंगे।
इन हितग्राहियों को मिलेगा योजना का लाभ
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना में 3 लाख 78 हजार 662 उन परिवारों को लाभ मिलेगा जो प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में आवास प्लस एप पोर्टल पर पंजीकृत हैं और जिनके आवेदन भारत सरकार के एमआईएस पोर्टल पर स्वतः रिजेक्ट हो गये हैं। योजना का लाभ एमआईएस पोर्टल पर दर्ज होने से छूटे एवं चिन्हित 97 हजार परिवार को भी मिलेगा। लाड़ली बहना आवास योजना में उन परिवारों को भी लाभ मिलेगा, जो सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना 2011 एवं आवास प्लस की सूची में शामिल नहीं है और जिन्हें केन्द्र अथवा राज्य की किसी भी आवास योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है।
इन्हें भी मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना में वे परिवार शामिल होंगे जिनके पास पक्की छत वाले मकान नहीं है अथवा दो से कम कमरों वाले कच्चे मकानों में निवासरत हो, मोटरयुक्त चौपहिया वाहन स्वामी नहीं हो या जिनके परिवार का कोई सदस्य शासकीय सेवा में नहीं हो, उसकी मासिक आय 12 हज़ार या कम हो। साथ ही परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता नहीं हो और 2.5 एकड़ या इससे कम सिंचित भूमि हो अथवा 5 एकड़ से कम असिंचित कृषि भूमि हो।
ग्राम पंचायतों में जमा होंगे आवेदन
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना के आवेदन जनपद पंचायतों द्वारा ग्राम पंचायतों को उपलब्ध कराये जायेंगे। आवास योजना में निर्धारित पात्रता रखने वाले ऐसे हितग्राही ग्राम पंचायत द्वारा प्रदाय किये गये आवेदन-पत्र में सभी बिन्दुओं की जानकारी भरकर फार्म ग्राम पंचायत में जमा करायेंगे। सचिव / ग्राम रोजगार सहायक द्वारा उन्हें आवेदन की पावती दी जायेगी। आवेदन-पत्र के साथ समग्र आईडी, आधार नम्बर, बैंक खाता क्रमांक, जॉब कार्ड (अगर उपलब्ध है), लाड़ली बहना का पंजीयन क्रमांक (केवल लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के लिये), की स्वयं के द्वारा सत्यापित प्रति जमा करना होगा।
जनपद पंचायत में पंजीयन, जिला पंचायत में स्वीकृति
ग्राम पंचायत में प्राप्त होने वाले सभी आवेदन-पत्रों की सूची प्रतिदिन एक्सल शीट में जनपद पंचायत को भेजी जायेगी। जनपद पंचायत द्वारा ग्राम पंचायतों से प्राप्त होने वाले सभी आवेदन-पत्रों को pmayg.nic.in पोर्टल पर लॉगिन कर "मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना" में हितग्राहियों को पंजीकृत किया जायेगा।
आवेदन-पत्र प्राप्त किये जाने की अंतिम तारीख के एक सप्ताह में सीईओ जनपद पंचायत द्वारा प्राप्त आवेदन-पत्रों की पंचायतवार सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को भेजी जायेगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, पंचायतवार प्राप्त सूची का परीक्षण करायेंगे। परीक्षण के बाद पात्र हितग्राहियों की ग्राम पंचायत/जनपद पंचायतवार जानकारी (सूची) राज्य शासन को प्रेषित करेंगे एवं राज्य शासन का अनुमोदन प्राप्त होने पर हितग्राहियों के आवास स्वीकृति की कार्यवाही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा की जायेगी।
"मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना" का अनुमोदन
16 Sep, 2023 08:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मुख्यमंत्री निवास 'समत्व भवन' में हुई। मंत्रि-परिषद द्वारा राज्य में कृषक / कृषकों के समूह को 3 हार्सपावर या अधिक क्षमता के स्थायी कृषि पंप कनेक्शन प्रदान करने के लिये "मुख्यमंत्री कृषक मित्र योजना" का अनुमोदन किया गया है। यह योजना लागू होने की तिथि से 2 वर्षों तक प्रभावशील रहेगी। प्रथम वर्ष में योजना अंतर्गत 10000 पंपों का लक्ष्य रखा गया है। योजना में कृषक / कृषकों के समूह को 3 हार्सपावर या अधिक क्षमता के स्थायी पंप कनेक्शन हेतु वितरण कंपनी द्वारा अधिकतम 200 मीटर दूरी तक 11 केव्ही लाईन का विस्तार एवं वितरण ट्रांसफार्मर स्थापित किया जायेगा एवं लाईन का विस्तार केबल के माध्यम से किया जायेगा। विद्युत अधोसंरचना विकास लागत की केवल 50 प्रतिशत राशि का वहन संबंधित कृषक / कृषकों के समूह द्वारा किया जाएगा तथा शेष 40 प्रतिशत राशि का वहन राज्य शासन एवं 10 प्रतिशत राशि का वहन विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किया जायेगा। योजना अंतर्गत अधोसंरचना विस्तार का कार्य, समस्त सामग्री सहित विद्युत वितरण कंपनी द्वारा किया जायेगा। साथ ही पंप कनेक्शन के लिये स्थापित लाईन, ट्रांसफार्मर आदि का संधारण (मेंटेनेंस) भी वितरण कंपनी द्वारा किया जायेगा।
1535 करोड़ से अधिक की राशि एकात्म धाम परियोजना के लिए स्वीकृत
मंत्रि-परिषद द्वारा ओंकारेश्वर में "एकात्म धाम परियोजना" अंतर्गत आचार्य शंकर संग्रहालय "अद्वैत लोक" एवं मांधाता पार्किंग के निर्माण के लिये राशि 1535 करोड़ 79 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। EPC-1 के लिये प्रयुक्त FIDIC डाक्यूमेंट आधारित निविदा प्रपत्र को एकात्म धाम परियोजना के अन्य चरणों में परियोजना घटकानुसार परिवर्तन कर "Quality and Cost" आधार पर EPC मोड में निविदा आमंत्रित करने की अनुमति प्रदान की गयी। आदि शंकराचार्य संग्रहालय "अद्वैत लोक" अंतर्गत निर्माण एवं संचालित की जाने वाली गतिविधियों यथा कला एवं प्रादर्शो का प्रदर्शन, डायरोमा, नौका विहार, श्रष्टि गैलरी, हाई स्क्रीन थिएटर, लाईट एवं साउंड शो इत्यादि के डिजाइन का कार्य पूर्ण होने के उपरांत इनका आयटम रेट अथवा अन्य प्रचलित मान्य पद्धति से निविदा आमंत्रित कर EPC-2 के अनुबंध में नोवेट (Novate) करने की अनुमति प्रदान की गयी।
मानदेय में वृद्धि
मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश में आंगनवाड़ी सहायिकाओं के मासिक मानदेय की राशि 5 हजार 750 रूपये से बढ़ाकर 6 हजार 500 रूपये एवं मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक मानदेय को 6 हजार 500 रूपये से बढ़ाकर 7 हजार 250 रूपये किया गया है। साथ ही राज्य मंत्रि-परिषद् द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जारी विभागीय आदेश क्रमांक 2204/1462724/2023/50-2 दिनांक 10.09.2023 का अनुसमर्थन किया गया है।
मंत्रि-परिषद द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में स्वीकृत प्राध्यापक/ सहायक प्राध्यापक/क्रीडा अधिकारी/ग्रंथपाल के रिक्त पदों पर अध्यापन कार्य के लिये आमंत्रित अतिथि विद्वानों की मानदेय वृद्धि को मंजूरी दी गई। इस पर होने वाले 65 करोड़ रुपये के अतिरिक्त वित्तीय भार की स्वीकृति भी मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदान की गई।
मुरैना में नवीन चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना
मंत्रि-परिषद द्वारा मुरैना जिलें में 100 एम.बी.बी.एस सीट प्रवेश क्षमता के नवीन चिकित्सा महाविद्यालय स्थापित किये जाने की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है। चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना से क्षेत्र की जनता को तृतीयक स्तर की चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध होने के साथ-साथ प्रदेश के छात्रों के लिये चिकित्सा क्षेत्र की 100 एम.बी.बी.एस. सीट की वृद्धि होगी।
ABPAS 3.0 पोर्टल की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा प्रदेश स्तर पर लागू ABPAS (ऑटोमेटेड बिल्डिंग प्लान एप्रूवल सिस्टम) परियोजना अंतर्गत एबीपीएएस पोर्टल के माध्यम से दी जा रही समस्त नागरिक सेवाओं और विभागीय कार्यों को डिजिटल माध्यम से रखे जाने एवं भविष्य के लिए आवश्यकताओं के अनुरूप विस्तार करने के उद्देश्य से एबीपीएएस 3.0 (वर्ष 2023- 2030) हेतु पोर्टल का विकास, क्रियान्वयन एवं संचालन हेतु मंत्रि परिषद द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। ABPAS 3.0 पोर्टल का विकास 1 वर्ष मे किया जायेगा तथा 06 वर्ष तक इसका संचालन एवं संधारण किया जायेगा, परियोजना की कुल समयावधि 07 वर्ष की होगी। इस निर्णय से नागरिकों को त्वरित एवं ऑनलाइन माध्यम से सेवायें प्राप्त होगी तथा विभागीय कार्यों को पारदर्शी एवं बेहतर प्रबंधन के साथ क्रियान्वित किया जा सकेगा।
1400 मेगावाट मुरैना एनर्जी स्टोरेज हाइब्रिड परियोजना की स्वीकृति
प्रधानमंत्री द्वारा COP-26 में लिए गए संकल्प अनुसार वर्ष 2030 तक देश में नवकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढाकर 500 गीगावाट करना लक्षित किया गया है। इस लक्ष्य को प्राप्त करने में प्रदेश की सहभागिता हेतु सौर परियोजनाओं की क्षमता वृद्धि आवश्यक है। वर्तमान में प्रदेश में लगभग 3000 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित हैं। प्रदेश में नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार की सौर ऊर्जा पार्क योजना के अंतर्गत अल्ट्रा मेगा रिन्यूएबल एनर्जी पावर पार्क मोड में स्वीकृत 1400 मेगावाट मुरैना एनर्जी स्टोरेज आधारित हाइब्रिड पार्क के लिए रम्स सौर पार्क परियोजना विकसित किये जाने हेतु मंत्रिपरिषद द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।
मुरैना एनर्जी स्टोरेज आधारित हाइब्रिड परियोजना से मुरैना क्षेत्र में सामाजिक तथा आर्थिक रूप से प्रगति के अतिरिक्त राज्य को कई प्रकार के लाभ होंगे। राज्य के RPO target को पूरा किया जा सकेगा। ऊर्जा क्षेत्र में आत्म-निर्भर बनने के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा। मुरैना हाइब्रिड परियोजना से राज्य की डिस्कॉम को विद्युत की आपूर्ति तापीय विद्युत परियोजनाओं के समकक्ष की जा सकेगी जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी के लक्ष्य को भी प्राप्त किया जा सकेगा। परियोजना से उत्पादित 400MW RE RTC विद्युत् MPPMCL व्दारा क्रय की जाएगी। परियोजना विकास के लिए 'सोलर एनर्जी कार्पोरेशन ऑफ इंडिया एवं राज्य शासन की "मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम की संयुक्त कंपनी "रीवा अल्ट्रा मेगा सोलर लिमिटेड" (रम्स) को मंत्रिपरिषद द्वारा अधिकृत किया गया।
10 सी.एम. राईज विद्यालय भवनों के निर्माण की स्वीकृति
मंत्रि-परिषद द्वारा जनजातीय कार्य विभाग में सी. एम. राईज योजना के अंतर्गत 10 सी. एम. राईज विद्यालय भवनों के निर्माण एवं अन्य कार्य के लिये राशि 323 करोड़ 13 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की।
नीमच में बायोटेक्नॉलॉजी पार्क की स्थापना
मंत्रि-परिषद द्वारा मध्यप्रदेश में जैव प्रौद्योगिकी उद्योगों के विकास के उद्देश्य से भारत सरकार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय, जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) द्वारा संचालित National Biotechnology Parks Scheme के तहत प्रदेश में जैव विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान प्रयोगशालाओं, अकादमिक उत्कृष्टता केंद्र उद्योग उन्मुख सार्वजनिक क्षेत्र की स्थापना कर संस्थागत मजबूती, क्षमता निर्माण और समग्र पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) बनाने एवं जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में निवेश प्रोत्साहित कर राज्य में युवा उद्यमियों के लिये रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश के जिला नीमच की तहसील जावद में बायोटेक्नोलॉजी पार्क की स्थापना किये जाने का निर्णय लिया गया।
अन्य निर्णय
मंत्रि-परिषद द्वारा जनजातीय कार्य विभाग अन्तर्गत तकनीकी पदों के पुनर्गठन का निर्णय लिया गया।मंत्रि-परिषद द्वारा जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र भवनों का निर्माण एवं आधुनिकीकरण योजना में 27 करोड़ रूपये का व्यय अनुमानित करते हुए योजना का क्रियान्वयन आगामी तीन वर्षो तक निरंतर किये जाने का निर्णय लिया गया है।
एलएनसीटी कॉलेज में ठेकेदार के पास मजदूरी कर रहे युवक की शुक्रवार को करंट लगने से मौत
16 Sep, 2023 06:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एलएनसीटी कॉलेज में ठेकेदार के पास मजदूरी कर रहे युवक की शुक्रवार को करंट लगने से मौत हो गई। उसका पांव एक कट लगे तार में उलझ गया था। इससे जोरदार शॉक लगा था। साथियों ने उसे पास के निजी अस्पताल में पहुंचाया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बिलखिरिया पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हादसे की जांच की जा रही है। शव को पीएम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया है। रिश्तेदार बॉडी को लेकर उनके गृह जिला विदिशा स्थित घोसुआ गांव ले गए हैं। वहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा।
15 साल पहले की थी लव मैरिज
बलराम उर्फ बल्लू दांगी (36) पुत्र रघवर सिंह दांगी मूलत: घोसुआ गांव विदिशा का रहने वाला था। बीते 15 साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से ही भोपाल में रहने लगा था। यहां वह पुष्पा नगर अशोका गार्डन में किराए का कमरा लेकर रहता था।
भाई ने यह बताया
उसकी बुबा के बेटे प्रेम ने बताया कि शुक्रवार की सुबह बलराम मजदूरी पर जाने का बोलकर निकला था। एक ठेकेदार के पास इन दिनों एलएनसीटी कॉलेज में चल रही साइट पर काम कर रहा था। इस दौरान मिक्सर मशीन चल रही थी। इसमें घोल बन रहा था, गिट्टी से भरी तगाड़ी लेकर इसमें डालने के लिए चल रहा था। तभी एक तार में उसका पांव उलझ गया। बारिश के कारण उसका बदन पहले ही गीला था। उससे उसे जोरदार शॉक लगा और वहीं गिर गया।
एक और मजदूर को लगा करंट
बचाने के प्रयास में एक अन्य मजदूर को भी शॉक लगा है। घटना के बाद तत्काल बलराम को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरा मजदूर मामूली रूप से झुलसा था। मामले में अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप
प्रेम का आरोप है कि बलराम की जान ठेकेदार की लापरवाही के कारण गई है। एक मशीन का तार खुला हुआ था, जिसकी जानकारी मजदूरों ने ठेकेदार को दी थी। ठेकेदार ने इस तार पर ध्यान नहीं दिया और इसी कारण उनके भाई की जान चली गई।
राजधानी भोपाल में शनिवार को हुई शिवराज कैबिनेट की बैठक
16 Sep, 2023 06:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भोपाल में शनिवार को हुई शिवराज कैबिनेट की बैठक में किसानों के हित में फैसला लेते हुए बिजली की उपलब्धता को लेकर किसान मित्र योजना शुरू होगी। इसके अलावा अब प्रदेश की जनता को 24 घंटे के भीतर बिल्डिंग बनाने की परमिशन मिलेगी। अतिथि विद्वानों और अतिथि शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने समेत कई अहम फैसलों पर मुहर लगी है। आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 5200 रुपए से बढ़ाकर 6500 रुपए और मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अतिरिक्त मानदेय 6500 रुपए से बढ़ाकर 7200 रुपए के लिए कैबिनेट में मुहर लग गई है। किसानों को 200 मी. दूरी तक के लिए बिजली के नए कनेक्शन आसानी से दिए जाएंगे।
शिवराज कैबिनेट के बड़े फैसले...
सरकारी कॉलेज के प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, खेल अधिकारी, लाइब्रेरियन का काम करने वाले अतिथि विद्वानों को 50 हजार रुपए तक मानदेय दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2023 के तहत महिलाओं को मुख्यमंत्री आवासीय योजना का लाभ मिलेगा।
मुरैना में मेडिकल कॉलेज को मंजूरी मिली है। और हाईब्रिड पार्क बनाने पर सहमति हुई है।
वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत जीएसटी संशोधन अध्यादेश 2023 को मंजूरी दी गई।
एमएसएमई के अंतर्गत जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र भवनों का निर्माण और आधुनिकीकरण योजना को मंजूरी दी गई है।
एबीपीएस के तीसरे चरण को मंजूरी
बैठक में नगरीय विकास और आवास विभाग के अंतर्गत राज्य स्तर पर एबीपीएस (ऑटोमेटेड बिल्डिंग परमिशन सिस्टम) के तीसरे चरण को मंजूरी मिली है। इसके लिए तैयार किए गए पोर्टल के माध्यम से 24 घंटे में बिल्डिंग परमिशन मिल सकेगी। सिवनी शहर से गुजरने वाले पुराने एनएच 7 पर 630 मीटर रेलवे ओवर ब्रिज और 12.67 किलोमीटर लंबी फोर-लेन सड़क का निर्माण कराया जाएगा।
इन अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्णय
कैबिनेट की बैठक में लोक निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त तत्कालीन कार्यपालन यंत्री एचएल वर्मा के खिलाफ पेंशन वसूली के संबंध में निर्णय लिया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के नारायण मालवीय सहायक शिक्षक की पेंशन वापस लिए जाने और तत्कालीन प्रभारी संयुक्त संचालक शांति बावरिया के 20% पेंशन स्थाई रूप से वापस लिए जाने पर फैसला लिया गया। जल संसाधन विभाग के अशोक कुमार सक्सेना रिटायर कार्यपालन यंत्री के खिलाफ विभागीय जांच संबंध करने को लेकर फैसला किया गया।
भोपाल से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में आई तकनीकी खामी, साढ़े तीन घंटे बाद हुई रवाना
16 Sep, 2023 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कोई बिजनेस मीटिंग में नहीं पहुंच पाया तो किसी की कनेक्टिंग फ्लाइट मिस हो गई, कोई फ्लाइट स्टॉफ को बार बार सवाल कर रहा था तो कोई हंगामा कर रहा था, कुछ इस तरह का नजारा शनिवार सुबह भोपाल एयरपोर्ट पर नजर आया। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर एआई 436 जो कि सुबह ,8 बजे रवाना होनी थी वह 11:39 पर रवाना हुई। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि फ्लाइट रवाना हो चुकी है, किन्हीं तकनीकी कारणों से उड़ान में देरी हुई है।
3.39 घंटे फ्लाइट में बैठे रहे पैसेंजर
फ्लाइट में मौजूद पैसेंजर्स ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सभी पैसेंजर्स से बोर्ड कर लिया, फ्लाइट टेक ऑफ के लिए रवने पर भी आ गई, मगर यहां से फ्लाइट को वापस लिया गया और इसकी तकनीकी खामियों को दूर किया गया। जिसके बाद करीब 3 घंटे 39 मिनट बाद फ्लाइट रवाना हुई।
कनेक्टिंग फ्लाइट भी हुई मिस
इस दौरान एक पैसेंजर राजेंद्र अगल ने बताया कि हमें बताया गया है कि फ्लाइट में कोई तकनीकी खामी है, करीब तीन घंटे हो गए हैं फ्लाइट अभी तक रवाना नहीं हुई है। मेरी साढ़े दस बजे दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट थी। मगर वह भी छूट गई है। हम सभी लोग यहां बहुत परेशान हो रहे हैं। हमारे अलावा कई अन्य परिवार भी हैं जो कि बहुत परेशान हो रहे हैं।
एक नजर
इंडिया की फ्लाइट नंबर एआई 436 सुबह 8 बजे आई खामी।
दोपहर 11:39 बजे हो रवाना हो सकी फ्लाइट।
कुल 154 पैसेंजर हैं सवार।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बोलीं- सारी दुनिया ने माना भारत का लोहा
16 Sep, 2023 04:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । भारत को जी20 की अध्यक्षता मिली तो देश भर में 200 सहरो को जोड़ा भारत का लोहा सारी दुनिया ने माना, पहली बार महिला के माध्यम से देश का विकास हो सकता है ये मुद्दा पहली बार बना और चर्चा हुई। विश्व ने देश की काबिलियत को।सलाम किया। कांग्रेस के समूह ने सनातन का विरोध किया तो ये आश्चर्य नहीं है जब कांग्रेस की सरकार पहले थी तो राम का अस्तित्व ही नकारा था। अगर कमल नाथ हिंदू समर्थक है तो राहुल गांधी से कहे कि वो डीएमके का साथ छोड़ दे। गैस का दाम बड़ने को लेकर कहा कि 2009 में एक लाख करोड़ से ज्यादा ऑयल बॉन्ड जारी किया था, इसके एवज में 3 लाख करोड़ वापस किया और उज्ज्वला योजना के 9 करोड़ ने कनेक्शन मिले।
कांग्रेस ने झूठ बोला, सीएम ने नौजवान के लिए रोजगार का प्रयास किया है
14 पत्रकारों को बैन करने को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि ये इमरजेंसी जैसी स्थिति बन रही है। राजनीति में है तो सच का सामना करना पड़ेगा। उक्त उद्गार शनिवार को निजी होटल में पत्रकारों से चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं को झूठा बयान दिया कि बेरोजगारों को रोजगार मिल रहा है। सीएम ने नौजवान के लिए रोजगार का प्रयास किया है।
जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का मौका पार्टी ने दिया, ये मेरा सौभाग्य है
उन्होंने कहा कि प्रदेश काफी पिछड़ा हुआ था, ये हमारा सौभाग्य है की सीएम शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश तरक्की कर रहा है। गरीब को।सालाना पांच लाख उपचार के लिए केंद्र सरकार ने पहल की। जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने का मौका पार्टी ने दिया, ये मेरा सौभाग्य है। पोषण आहार के कम बजट को लेकर प्रयास किए जाएंगे। लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना योजना बहुत अच्छी योजना है।
कांग्रेस के कल में 130 स्कूल होते थे अब 1200 से ज्यादा स्कूल हैं
भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा कि पत्रकारों को अभी प्रतिबंधित किया गया, लेकिन छिंदवाड़ा में पहले भी होता रहा है बहिष्कार, पूर्व सीएम कमल नाथ गिने चुने लोगों को आमंत्रित करते थे, लेकिन हम हर सवाल का जबाव देते है। कांग्रेस के कल में 130 स्कूल होते थे अब 1200 से ज्यादा स्कूल है। पीएम श्री सीएम राइस स्कूल है। कमल नाथ जिले के नोजावन की चर्चा करते है, लेकिन इनकी 22 बड़ी कंपनी है लेकिन किसी युवा को रोजगार नहीं दिया जाता था।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सभा से पहले कांग्रेस -भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद
16 Sep, 2023 02:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की सभा से पहले कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं में जमकर विवाद हो गया। राजीव भवन के सामने कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रही थी। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विवाद हो गया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष किरण चौधरी ने आरोप।लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने विवाद किया।
कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई
कांग्रेस कार्यालय के सामने पहुंचकर कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की है। कुछ महिलाओं के साथ भाजपा नेताओं ने मारपीट की।भाजपा कार्यकर्ता खुलेआम गुंडागर्दी पर उतरे। वहीं संगठन प्रभारी अशोक यादव ने आरोप लगाए कि स्मृति ईरानी की सभा को खराब करने के लिए ये प्रदर्शन किया गया। एसपी विनायक वर्मा से उन्होंने कहा कि अब कमल नाथ की सभा होगी तो और ज्यादा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। एसपी ने दोनो पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं को महिलाओं से लड़वाया जा रहा है।
बैरसिया में बनेगा 50 बिस्तर का सिविल अस्पताल, आयुष्मान मेले में दो हजार लोगों को मिला स्वास्थ्य लाभ
16 Sep, 2023 02:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बैरसिया विकासखंड में शुक्रवार को आयोजित हुए आयुष्मान मेले में दो हजार लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिला। वहीं बैरसिया में नये सिविल अस्पताल बनाए जाने को लेकर भूमिपूजन भी किया गया। यहां पर 24 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तर का अस्पताल बनाया जाएगा। इसके बनने से बैरसिया सहित आसपास की 222 ग्राम पंचायतों के लगभग पांच लाख लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। भूमि पूजन कार्यक्रम में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी, स्थानीय विधायक विष्णु खत्री भी उपस्थित थे। जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य शिविर में मेडिकल कालेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कैंसर, बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी, श्वास रोग, नेत्र रोग, ईएनटी, त्वचा रोग, मानसिक रोग, अस्थि रोग सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत हितग्राहियों की विशिष्ट स्वास्थ्य आईडी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा आईडी) बनाई गई। शिविर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए ।
मेले में संचारी एवं असंचारी बीमारियों की रोकथाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता, बीमारियों के प्रारंभिक स्तर पर पहचान हेतु स्क्रीनिंग एवं निदान हेतु बुनियादी जांच, दवाइयां, टेलीकंसल्टेशन सेवा प्रदान की जावेगी। शिविर में मेडिकल बोर्ड द्वारा दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए। मेले में आयुष विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टाल भी लगाए गए। इसके साथ ही जनरल मेडिसिन, रक्तचाप, मधुमेह राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जन्मजात विकृति की जांच, कुष्ठ रोग, टीबी, मलेरिया, मानसिक रोग, परिवार कल्याण परामर्श सेवाएं, गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सोनोग्राफी ,रेडियोलाजी , ईसीजी, इको टेस्ट, पैथोलाजी जांच एवं दवाइया निश्शुल्क दी गई।अतिथियों द्वारा आयुष्मान कार्ड, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत जन्मजात हृदय विकृति के इलाज के स्वीकृति पत्रक, युविन पोर्टल से जारी टीकाकरण सर्टिफिकेट, प्रसूति सहायता योजना, आभा आईडी, तेंदूपत्ता संग्राहकों को जूते चप्पल एवं अन्य सामग्री का वितरित किए गए।
इनको दिया गया स्वाथ्स्य लाभ
स्वास्थ्य मेले में मेडिकल बोर्ड द्वारा 72 दिव्यांगता सर्टिफिकेट जारी किए गए। 112 लोगों के आभा आइडी, 42 आयुष्मान कार्ड, 252 उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह, 4 कैंसर, 18 ह्रदय रोग, दंत रोग के 22, ईएनटी 52, मानसिक रोग के 15, बर्न के 5, आयुर्वेद में 90, यूनानी में 72, होमियोपैथी में 111, महिला रोग के 98 सहित अन्य विभागों के दो हजार से अधिक हितग्राही लाभान्वित किए गए।
860 उपस्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन किया गया
स्वास्थ्य मेला एवं भूमि पूजन के अवसर पर मंत्री लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग डा. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। प्रदेश में 860 उपस्वास्थ्य केंद्रों का उन्नयन किया गया है। नवीन क्रियाशील हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में 126 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध है । इन केंद्रों में असंचारी रोगों के उपचार की सुविधा के साथ वेलनेस गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। विगत कुछ वर्षों में ही 37 नवीन क्रिटिकल केयर यूनिट, 291 पी एच यू, 35 मॉड्यूलर ओटी, 51 जिला अस्पतालों में एलएमओ प्लांट स्थापित किए हैं।
विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा सिविल अस्पताल बैरसिया का उन्नयन कर नवीन 50 बिस्तर स्वीकृत किए गए हैं। जो कि इस क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर करेंगे। हेल्थ एंड वेलनेस केंद्रों से लोगों को उपचार की मूलभूत सुविधाएं घर के नजदीक ही मिल रही हैं। आयुष्मान निरामयम योजना से सभी पात्र हितग्राहियों को जोड़ा गया है।
भोपाल में बूंदाबांदी के बीच अमरूद तोड़ते समय हाइटेंशन लाइन को छू गया पाइप, वृद्धा की करंट से झुलसकर मौत
16 Sep, 2023 01:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अशोका गार्डन इलाके में शुक्रवार शाम एक 72 साल की महिला की हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के समय वह बूंदाबांदी के बीच लोहे के पाइप से घर की पहली मंजिल से अमरूद तोड़ रही थी। उसी दौरान लोहे का पाइप हाइटेंशन लाइन को छू गया, जिससे महिला करंट से बुरी तरह झुलस गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में अकेली थी बुजुर्ग महिला
अशोका गार्डन थाने एएसआइ फूल सिंह ने बताया कि अशोक बिहार कालोनी में वृद्धा फूलवती मालवीय अपने बेटी-दामाद के साथ पिछले कुछ दिनों से रह रही थी। उनके दामाद संजू विश्वकर्मा और बेटी दोनों पुलिस में नौकरी करते हैं। वह दोनों सुबह अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। घर में फूलवती अकेली थी। उनके घर के बगल में अमरूद का पेड़ लगा हुआ है। शाम के वक्त बूंदाबादी हो रही थी। उसी दौरान फूलवती घर में रखे लोहे के लंबे पाइप से अमरूद तोड़ने की कोशिश करने लगी। इसी कोशिश में घर के पास से गुजरी हाइटेंशन लाइन में उनका पाइप जाकर टकराया। इससे हल्के धमाके के साथ जोरदार चिंगारी उठी और फूलवती करंट से बुरी तरह से झुलस गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग घर से बाहर निकल आए। उन्होंने तुरंत महिला के दामाद और बेटी को इस घटना की जानकारी दी। पुलिस को भी सूचना दी गई।
दो बेटे हैं, पति बिजली विभाग में थे
एएसआइ फूल सिंह ने बताया कि महिला के दो बेटे हैं, वह झागरिया और खजूरी सड़क में रहते हैं। दोनों निजी काम करते हैं। उनके पति बिजली विभाग में नौकरी करते थे। वह अपने दामाद और बेटी के घर आ जाया करती थी।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दो घंटे देरी से पहुंचीं छिंदवाड़ा, जन आशीर्वाद यात्रा में होंगी शामिल
16 Sep, 2023 12:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छिंदवाड़ा । केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने के लिए छिंदवाड़ा पंहुच गई है। बारिश के कारण वे दो घंटे देरी से पहुंची हैं। इमलीखेड़ा हवाई पट्टी पर उनका भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद पोला ग्राउंड में सभा का आयोजन है। स्मृति ईरानी से मिलने और फोटो लेने के लिए युवाओं में खासा क्रेज देखा गया। कलेक्टर मनोज पुष्प, एसपी विनायक वर्मा और भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने उनकी आगवानी की।
दौरे को लेकर कांग्रेस की महिला नेत्रियों ने प्रदर्शन किया
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के दौरे को लेकर कांग्रेस की महिला नेत्रियों ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेत्रियों ने आरोप लगाया कि गैस के दाम बड़ गए हैं लेकिन स्मृति ईरानी कुछ नहीं कह रहींं।