मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
भाजपा ने उतारी स्टार प्रचारकों की फौज
15 Sep, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे है। इसके माध्यम से भाजपा कांग्रेस पर आक्रामक होने के साथ ही अपनी सरकार की उपलब्धियां गिना रही है। चुनाव आचार संहिता लगने में अभी एक माह का समय बाकी है। इससे पहले ही भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा में पूरी ताकत झोंक दी है। पांच रथों पर भाजपा 25 सितंबर से पहले ही करीब करीब सभी विधानसभा सीटों पर एक राउंड का प्रचार पूरा कर लेंगी। अब इन जन आशीर्वाद यात्रा में केंद्रीय मंत्री और दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल करने के कार्यक्रम बनाएं है।
भाजपा के स्टार प्रचारकों में 16 सितंबर को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सीहोर में यात्रा में शामिल होंगी। 21 सितंबर को उत्तरखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी छतरपुर आएंगे। 17 सितंबर को पन्ना में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस आएंगे। इसके अलावा असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा तीन दिन आशीर्वाद लेंगे। वे 16 से 18 सितंबर तक कटनी, नरसिंहपुर और हरदा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ग्वालियर और शिवपुरी में जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होंगे।
बता दें यह पांचों जन आशीर्वाद यात्राएं पूरे प्रदेश की विधानसभा सीटों पर भ्रमण करेंगे। इसमें जनता से घोषणा पत्र के लिए सुझाव भी लिए जा रहे है। यह सभी यात्राएं भोपाल पहुंच कर समाप्त होगी। यहां 25 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन होगा। जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे।
सैलाना से चुनाव लड़ सकते हैं सांसद डामोर
15 Sep, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । रतलाम झाबुआ सांसद गुमान सिंह डामोर के सैलाना से विधानसभा चुनाव लडऩे को लेकर चल रही अटकलो पर सांसद ने सैलाना से चुनाव लडऩे के संकेत दिए। दिशा समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे सांसद गुमान सिंह डामोर से जब पत्रकारों ने चुनाव लडऩे को लेकर सवाल किया तो सांसद ने कहा कि पार्टी के आदेश पर ही उन्होंने 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ा था जिसके बाद पार्टी के आदेश पर ही लोकसभा चुनाव लडक़र संसद बना हूं। पार्टी यदि विधानसभा चुनाव लडऩे का आदेश देगी तो चुनाव लड़ूंगा। हालांकि इससे पूर्व विधानसभा लडऩे के सवालों पर सांसद गुमान सिंह डामोर ने विधानसभा चुनाव नहीं लडऩे और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटे होने की बात कही थी। लेकिन अब प्रदेश में राजनीति के बदले समीकरणों के बाद संसद में सैलाना से विधानसभा चुनाव लडऩे का संकेत दिया है।
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में हारी हुई सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने की तैयारी में है। ऐसे में रतलाम जिले की सैलाना और आलोट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा उम्मीदवारों के नाम इस सूची में शामिल हो सकते हैं । सांसद गुमान सिंह डामोर की सैलाना विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रियता को देखते हुए। क्षेत्र में यह राजनीतिक चर्चा जोर पकड़ रही थी कि संसद सैलाना से विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। इसके बाद आज पत्रकारों से चर्चा में सांसद गुमान सिंह डामोर ने पार्टी के आदेश पर विधानसभा चुनाव लडऩे की बात कही है।
3 हजार से अधिक स्थानों पर विराजेंगे गजानन
15 Sep, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी भोपाल में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर है। 19 सितम्बर को विघ्नहर्ता की प्रतिमाएं विराजित होंगी। दस दिनी त्योहार की पूरे शहर में धूम रहेगी। लोग अपने घर-दफ्तर और पंडाल में आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित करेंगे। शहर में इस बार करीब तीन हजार से अधिक स्थानों में गजानन विराजित होंगे। इनकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस बार शहर के मूर्तिकार गणेश जी की तरह-तरह की सुंदर, कलात्मक व बड़ी-बड़ी प्रतिमाएं बना रहे हैं। माता-पिता के साथ, बाल स्वरूप व दक्षिणावर्ती सूंड वाले गणेश जी की प्रतिमाएं अधिक डिमांड में हैं। शहर से मूर्तियां बाहर भी जाएंगी तो कुछ पंडालो में बाहर से भी सुंदर प्रतिमाएं आएंगी। वहीं पर्यावरण के लिए घातक पीओपी की मूर्तियां प्रतिबंध के बावजूद बाजार में नजर आ रही हैं।
मूर्तिकारों को इस बार विभिन्न आकार की गनेश प्रतिमाएं बनाने के ऑर्डर मिले हैं। इस बार 5 फीट या उससे ऊंची मूर्तियों के ऑर्डर अधिक हैं। परम्परागत स्वरूप में प्रतिमाओं का निर्माण अधिक किया जा रहा है। दक्षिणावर्ती सूंड वाले गणेश जी की प्रतिमाएं लोग अधिक बनवा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस बार 501 रु से लेकर 50 हजार रु तक कीमत की मूर्तियां बनी हैं।
बहुत कम लोग ही मिट्टी और प्लास्टर आफ पेरिस (पीओपी) की प्रतिमा में फर्क कर पाते हैं। कलाकार मुनाफा अधिक बनाने के लिए पीओपी का इस्तेमाल करते हैं। जबकि पर्यावरण के लिहाज से पीओपी खतरनाक है। इससे जहां नदी-तालाब प्रदूषित होते हैं वहीं, मिट्टी की प्रतिमा निर्माण में वक्त और लागत अधिक लगने की वजह से कई मूर्तिकार इससे परहेज करते हैं। मूर्तिकार बताते हैं कि इस बार भी जिले के आसपास लगे इलाकों और बाहर के जिलों से पीओपी की प्रतिमाएं बिकने आ रही हैं। सस्ती होने के चलते लोग इनकी ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं। लेकिन पर्यावरण विदों व धर्माचार्यों ने पीओपी की प्रतिमाएं न स्थापित करने की सलाह दी है।
पीओपी की बनी प्रतिमा को विक्रेता मूर्तिकार अपनी कला से मिट्टी का बताने से भी नहीं चूकते हैं। इसके लिए पीओपी की प्रतिमा के कुछ भाग में मिट्टी का इस्तेमाल कर उसकी पहचान छुपाने की कोशिश की जा रही है। एक मूर्तिकार ने बताया कि अधिकारियों के पास पीओपी की प्रतिमा पहचान के लिए न कोई औजार है ना ही अनुभव। कई दुकानकार पीओपी की प्रतिमा को चाक मिट्टी की बताकर गुमराह करते हैं, जबकि असल में पीओपी के जरिए प्रतिमा बनाई जाती हैं। जांच अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति करके मूर्तिकारों से मिलकर लौट जाते हैं। वहीं शहर के अंदर जिन दुकानों में पीओपी की प्रतिमा का स्टाक आता है, वहां कोई अधिकारी कार्रवाई करने के लिए नहीं पहुंचता है।
प्रदेश में सरकारी वाहनों की नीलामी पर जल्द पूरी तरह से लगेगी रोक
15 Sep, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में स्क्रैप पालिसी लागू होने के बाद भी सरकारी विभाग कंडम वाहनों की नीलामी कर रहे हैं। एक तरह से इस दोहरे मापदंड को रोकने के लिए परिवहन मुख्यालय ने तैयारी शुरू कर दी है। स्क्रैप पालिसी में सरकारी वाहनों को भी शामिल कर शर्तें तय की गईं हैं लेकिन इसको लेकर अभी स्क्रैप पालिसी का पालन दूसरे विभाग नहीं कर रहे हैं, इसी कारण नीलामी भी की जा रही है।हाल में ग्वालियर में नगर निगम की ओर से 30 वाहन नीलाम किए जा रहे थे, जिसे परिवहन विभाग ने रूकवाया भी था। अब परिवहन मुख्यालय विभाग के प्रमुख सचिव के माध्यम से वित्त विभाग को इस परेशानी से अवगत कराएगा, जिससे वित्त विभाग की ओर से प्रदेश के लिए स्क्रैप पालिसी का पालन करने को लेकर एकरूपता का आदेश जारी हो सके। परिवहन आयुक्त मप्र ने इस संबंध में प्रक्रिया के लिए अधिकारियों को निर्देशित भी कर दिया। मध्य प्रदेश में सितंबर 2022 से स्क्रैप पालिसी लागू हो चुकी है। शासन ने 15 साल पुराने वाणिज्यिक वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी है।
इनकी फिटनेस भी नहीं हो रही है, इसके अलावा सरकारी विभागों में पुराने वाहनों का संचालन बंद हो गया है। निजी वाहनों के स्क्रैप को लेकर मामला अभी वैकल्पिक रखा गया है। यदि व्यक्ति वाहन चलाना चाहता है तो वह रजिस्ट्रेशन को रिन्यूवल करा सकता है। इंदौर, भोपाल के लिए लोग ही पुराने वाहन स्क्रैप कर पा रहे थे, क्योंकि मैसर्स महिंद्रा एमएसटीसी रिसाइकिलिंग प्राइवेट लिमिटेड इंदौर और मैसर्स इम्पीरियल कन्स्ट्रक्शन भोपाल में पुराने वाहन खरीद कर स्क्रैप कर रहे हैं। अब ग्वालियर में पुराने वाहन स्क्रैप हो सकेंगे। ग्वालियर में शिवम डिस्पोजल के आवेदन को मंजूरी मिली है और केंद्र भी जल्द सक्रिय होगा।
प्रदेश में एक करोड़ 55 लाख से ज्यादा वाहन रजिस्टर्ड हैं जिनमें 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों की संख्या लगभग 11 लाख से ज्यादा है। यह वाहन स्क्रैप की श्रेणी में हैं।
औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के लिए एम.पी. ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर
14 Sep, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : एम.पी. ट्रांसको (एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने इंदौर के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर सेक्टर-तीन के 220 के.व्ही. सबस्टेशन में नया 50 एम.व्ही.ए. क्षमता का एक अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि पीथमपुर क्षेत्र में औद्योगिक इकाईयों को उनकी मांग के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिये एम.पी. ट्रांसको (एम.पी. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने लगभग 6 करोड़ 40 लाख रूपये की अनुमानित लागत से इस अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर को स्थापित कर ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल की है। अब इस औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति प्राप्त होगी। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने इस सफलता के लिये एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों को बधाई दी है।
33 के.व्ही. के 18 फीडरों से होती है औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में विद्युत सप्लाई
एम.पी. ट्रांसको इंदौर के कार्यपालन अभियंता श्री विश्वप्रिय श्रीवास्तव ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से पीथमपुर सेक्टर-तीन सबस्टेशन की क्षमता बढकर 759 एम.व्ही.ए. की हो गई है। एम.पी. ट्रांसकों इंदौर क्षेत्र के इस महत्वपूर्ण सबस्टेशन से औद्योगिक क्षेत्र के लिये अपने 33 के.व्ही. के 18 फीडरों के माध्यम से विद्युत आपूर्ति करती है। यह म.प्र. का पहला अति उच्च दाब सबस्टेशन है, जिसमें 132 के.व्ही. के 5 ट्रांसफार्मर लगाये गए हैं।
78278 एम.व्ही.ए. हो गई है कुल स्थापित क्षमता
एम.पी. ट्रांसको की कुल स्थापित ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर अब 78278 एम.व्ही.ए. की हो गई है, जिसमें 400 के.व्ही. में 11095 एम.व्ही.ए., 220 के.व्ही. में 32595 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. में 34588 एम.व्ही.ए. क्षमता विद्यमान है। एम.पी. ट्रांसको मध्यप्रदेश में 415 अति उच्चदाब सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है। इसमें 400 के.व्ही. के 14, 220 के.व्ही. के 88 तथा 132 के.व्ही. के 313 सबस्टेशन शामिल हैं।
युवाओं का हवा में उड़ने का सपना हुआ साकार
14 Sep, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : नीमच की प्रगति में एक अध्याय और जुड़ गया है। अब नीमच में युवाओं के हवा में उड़ने का सपना पूरा हुआ है। नीमच में नवीन हवाई पट्टी के विस्तार के साथ ही यहाँ चाइम्स एविएशन प्रायवेट लिमिटेड की मदद से नये पायलेट की ट्रेनिंग का सेंटर स्थापित किया गया है। इस सेंटर को शुरू करने में नीमच क्षेत्र के विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार ने ठोस प्रयास किये हैं। नीमच में नये पायलेट की ट्रेनिंग की शुरूआत भी हो चुकी है।
नीमच की पहचान सारे देश मे सीआरपीएफ ट्रेनिंग सेंटर के रूप में होती रही है। अब पायलेट ट्रेनिंग सेंटर की वजह से भी नीमच की पहचान होगी। हिंगोरिया स्थित नवीन हवाई पट्टी में बनाये गये ट्रेनिंग सेंटर में युवा कामर्शियल पायलेट का लायसेंस प्राप्त कर सकेंगे। इस ट्रेनिंग सेंटर में देश-विदेश के युवा हवाई जहाज उड़ाना सीख रहे हैं। वर्तमान में 100 से अधिक युवक-युवतियाँ हॉस्टल में रह कर पायलेट की ट्रेनिंग ले रहे हैं। विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार बताते हैंकि उन्होंने नीमच में पायलेट ट्रेनिंग सेंटर खोलने के लिये केन्द्रीय विमानन मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से आग्रह किया था। इसके बाद नीमच में ट्रेनिंग सेंटर खुल सका है।
मुख्यमंत्री ने किया था पायलेट ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले दिनों अपने नीमच प्रवास के दौरान पायलेट ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ किया।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को एमसीयू के 21 विद्यार्थियों को देंगे उपाधि, नए परिसर का करेंगे लोकार्पण
14 Sep, 2023 09:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बिशनखेड़ी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू) के नए परिसर में पहली बार दीक्षा समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ होंगे। अध्यक्षता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इसमें जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल होंगे।
जनसंपर्क मंत्री ने ली समीक्षा बैठक
जनसंपर्क मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरुवार को विवि परिसर पहुंचकर समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने समारोह स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान समारोह का रिहर्सल भी करवाया गया। विवि परिसर में उपराष्ट्रपति एक घंटा 40 मिनट तक रुकेंगे। इस दौरान वे पौधारोपण भी करेंगे। साथ ही वे नवीन परिसर का लोकार्पण भी करेंगे।
21 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि
उपराष्ट्रपति 21 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करेंगे, जिनमें 18 पीएचडी स्कालर हैं। तीन विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। समारोह में स्नातकोत्तर व पीएचडी के 443 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी।
पारंपरिक परिधान में नजर आएंगे विद्यार्थी
कार्यक्रम में विद्यार्थी पारंपरिक परिधान में नजर आएंगे। समारोह में धारण किए जाने वाले अंग वस्त्र केरल से मंगाए गए हैं। कुलपति प्रो. केजी सुरेश ने बताया कि समारोह के दौरान सभी अतिथियों और डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विवि के लोगो वाले वस्त्र प्रदान किए जाएंगे। छात्राओं को सफेद या क्रीम रंग के सलवार सूट या साड़ी में आना है। वहीं, छात्रों को इसी रंग का कुर्ता-पायजामा पहनना होगा।
नए परिसर में काफी सुविधाएं उपलब्ध
बिशनखेड़ी के पास 50 एकड़ में विश्वविद्यालय का माखनपुरम परिसर बसा हुआ है, जिसमें दो अकादमिक भवन तक्षशिला एवं विक्रमशिला हैं। विश्वविद्यालय के चार-चार मंजिला भव्य इन दो ब्लाक में कुल 10 विभाग संचालित होते हैं। इस साल विश्वविद्यालय द्वारा सिनेमा अध्ययन विभाग शुरू किया गया है। यहां भारतीय भाषा विभाग की भी स्थापना की गई है।
बड़े भवन में नालंदा पुस्तकालय
परिसर में ही एक बड़े भवन में नालंदा पुस्तकालय है, जो कि केंद्रीय पुस्तकालय है, जिसमें 42 हजार से ज्यादा पत्रकारिता, मीडिया, जनसंचार, प्रबंधन, विज्ञापन, जनसंपर्क, कम्प्यूटर आदि अन्य विषयों की महत्वपूर्ण पुस्तकें हैं। साथ ही सभी विभाग की अपनी लाइब्रेरी भी है। हर विभाग का अपना सभागार एवं कांफ्रेंस हाल है। परिसर में गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम से एक बड़ा सभागार भी है, जिसमें एक साथ 800 से अधिक लोग बैठ सकते हैं। यहां पर तानसेन मुक्ताकाश मंच भी है। विद्यार्थियों के लिए छात्रावास भी है।
जन जातीय कार्य मंत्री ने उमरिया के ग्राम बरबसपुर में तेंदूपत्ता संग्राहकों को वितरित की सामग्री
14 Sep, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : जन जातीय कार्य मंत्री सुश्री मीना सिंह ने उमरिया जिले के विकासखण्ड मानपुर के ग्राम बरबसपुर में तेंदूपत्ता संग्राहकों को जूता, चप्पल, पानी की बाटल तथा महिलाओं को साड़ी वितरित की। मंत्री सुश्री सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, लाड़ली बहनों के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, बेटियों के लिए लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पीएम स्व-निधि योजना, मुख्यमंत्री पथ विक्रेता, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्व-सहायता समूहों का गठन आदि योजनाओं का संचालन कर सभी वर्गों को विकास की राह से जोड़ने का कार्य कर रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण जन एवं जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
क्षेत्रीय सियासी तालमेल बनाने में उलझी कांग्रेस
14 Sep, 2023 08:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विंध्य में जातिवाद की राजनीति करना पड़ा भारी, मालवा-निमाड़ साधने की डगर भी है बेहद कठिन
भोपाल । मुद्दा जब स्थानीय स्तर पर नेताओं के चयन करने का हो तो क्षेत्र की राजनीति को भी ध्यान में रखा जाता है। मध्यप्रदेश भी इस सियासी तालमेल से अछूता नहीं है और विधानसभा चुनाव में इस बात को ध्यान रखा भी जाएगा कि क्षेत्रीय स्तर पर किस कांग्रेस नेता का क्षेत्र में कितना वर्चस्व है। लेकिन कांग्रेस के लिए ये सूची तैयार करना थोड़ी टेढ़ी खीर है।
जातिवाद का दांव पड़ा उल्टा
दरअसल, बात विंध्य क्षेत्र की हो रही है। इस क्षेत्र के लिए कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं की आपस में ही जंग छिड़ गई है। विंध्य के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह राहुल का नाम प्रस्तावित है, जबकि एक नाम कमलेश्वर पटेल का भी है जो कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति में सदस्य भी हैं। दोनों ही नेता विंध्य क्षेत्र पर फतेह चाहते हैं, जबकि विंध्य क्षेत्र में सिद्धार्थ कुशवाहा का वर्चस्व भी है। कांग्रेस अब इसी पसोपेश में है कि कुर्मी पटेल, कुशवाहा और ठाकुर में से आखिर किस नेता को साधा जाए कि बात बन जाए? कांग्रेस विंध्य क्षेत्र पर वर्चस्व स्थापित करने के लिए तीनों बड़े नेताओं को साथ लेकर चलना चाह रही थी, लेकिन तीनों की आपसी खींचतान में कांग्रेस खुद उलझकर रह गई है और एक परिवार की तरह दिखने वाले विंध्य में जातिवाद की राजनीति करने का कमलनाथ का दांव उल्टा पड़ गया।
बहुत कठिन है डगर विंध्य और मालवा-निमाड़ की
एक ओर विंध्य क्षेत्र की चुनौतियां खत्म होने का नाम ले नहीं रही तो दूसरी ओर कांग्रेस के लिए मालवा निमाड़ में एक अलग तरह की चुनौती है। दरअसल, मालवा-निमाड़ की लगभग 66 विधानसभा सत्ता पाने की चाबी मानी जाती हैं। कांग्रेस की ओर से इस क्षेत्र में अरूण यादव का वर्चस्व है और दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह इस क्षेत्र से प्रभारी हैं। ऐसे में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और अरूण यादव में आपसी सहमति न बन पाना भी इस क्षेत्र में कांग्रेस के लिए बड़ी चुनौति है। कहा ये भी जा रहा है कि अरूण यादव के आगे दिग्विजय सिंह अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के नाम लेने में भी संकोच कर रहे हैं, ऐसे में टिकट के लिए उम्मीदवारों की अंतिम सूची का निर्णय करना आलाकमान के लिए खासा मुश्किल भरा होगा।
हिन्दी के सम्मान के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध - मुख्यमंत्री चौहान
14 Sep, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिन्दी दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होने कहा कि राज्य सरकार हिन्दी के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री चौहान ने आज "राष्ट्रीय हिन्दी दिवस" पर अपने ट्वीट में कहा कि यह दिवस विशिष्ट और अप्रतिम गर्व का पर्याय है। मातृ भाषा उन्नति का सशक्त आधार है। कोई भी व्यक्ति अपनी भाषा में अपने विचारों को श्रेष्ठ ढंग से अभिव्यक्त कर सकता है। प्रदेश में हिन्दी को प्रोत्साहित किए जाने की नीति है। इस पर गंभीरता पूर्वक अमल किया गया है।
हिन्दी विश्वविद्यालय एक महत्वपूर्ण कदम
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश हिन्दी भाषा बहुल प्रांत है। देश के हिन्दी राज्यों में मध्यप्रदेश ही ऐसा एक मात्र राज्य है जिसने अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी विश्वविद्यालय की स्थापना की। वर्ष 2011 में भोपाल में स्थापित इस विश्वविद्यालय का विधिवत शिलान्यास वर्ष 2013 में हुआ। प्रथम शिक्षण सत्र 60 विद्यार्थियों से प्रारंभ हुआ। वर्ष 2017-18 में विद्यार्थी संख्या बढ़कर लगभग 500 हो गई। वर्तमान में यह संख्या 800 से अधिक है। विश्वविद्यालय में अनेक पाठ्यक्रम संचालित हैं। प्रदेश के अनेक नगरों में अध्ययन केंद्र भी संचालित हैं। इस विश्वविद्यालय के माध्यम से विद्यार्थियों में हिन्दी कौशल बढ़ाने का कार्य हुआ है। यहां सभी शिक्षण पद्धतियां और शोध हिन्दी में किए जाते हैं।
मेडिकल और इंजीनियरिंग की शिक्षा भी हिन्दी में
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में अंग्रेजी भाषा बच्चों के सपनों की राह में कोई बाधा न बन सके, इसलिए मध्यप्रदेश में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की व्यवस्था भी हिन्दी में प्रारंभ करने की पहल की गई है।
विश्व हिन्दी सम्मेलन और हिन्दी को प्रोत्साहन
मध्यप्रदेश में 2015 में विदेश मंत्रालय के सहयोग से विश्व हिन्दी सम्मेलन किया गया था। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 10वें विश्व हिन्दी सम्मेलन में अनेक राष्ट्रों के हिन्दी प्रेमी उपस्थित हुए थे। विशेषज्ञ वक्ताओं के व्याख्यान से नागरिक, शिक्षकगण और विद्यार्थी लाभान्वित हुए थे। शासन स्तर पर हिन्दी में कार्य को प्रोत्साहित करने के लिए सदैव प्रयास किए गए हैं। संस्कृति विभाग द्वारा हिन्दी सेवियों को पुरस्कृत और सम्मानित भी किया जाता है। मध्यप्रदेश में स्वाभाविक रूप से हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग की परंपरा है। मध्यप्रदेश हिन्दी की प्रतिष्ठा को कायम रखते हुए राष्ट्र भाषा की लोकप्रियता को बढ़ाने में निरंतर सक्रिय है।
नागरिकों के जीवन में खुशियाँ लाने के लिए मैं सरकार को परिवार की तरह चला रहा हूँ- मुख्यमंत्री चौहान
14 Sep, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैं सरकार को परिवार की तरह चला रहा हूँ। लोगो की जिन्दगी में खुशियाँ लाने के लिए मैं दिन-रात काम कर रहा हूँ। मुख्यमंत्री सीहोर जिले के भैरूंदा जनपद के ग्राम निमोटा में जनसंवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ग्राम निमोटा में 6 करोड़ 30 लाख 31 हजार रूपए के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन और विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नि:शुल्क राशन, मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का लाभ आज हर व्यक्ति को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी मेरा परिवार हैं। आपकी तकलीफों को दूर करना, आपके चेहरों पर सदैव मुस्कुराहट बनाए रखना और आपकी आँखो में कभी आँसू नहीं आने देना मेरा फर्ज है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बहनों के कल्याण के साथ ही उन्हें समाज और परिवार में सम्मान दिलाने का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि यह बहनों को आत्म-निर्भर बनाने वाली योजना है। इस योजना से बहनों के चेहरे पर मुस्कान आई है। पहले बहनों को योजना में एक-एक हजार रूपए की राशि प्रदान की गई, अब 1250 रूपए खाते में डाले जा रहे हैं और धीरे-धीरे 250 रुपए के मान से यह राशि बढ़ाकर 3000 रूपये प्रति माह की जायेगी। लाड़ली बहना और उज्ज्वला योजना के परिवारों को अब 450 रूपए में एलपीजी गैस सिलेण्डर दिया जाएगा। सभी पंचायतों में लाड़ली बहना के फॉर्म के लिए लगाए गए केम्पों की तरह ही एलपीजी गैस सिलेण्डर के लिए फॉर्म भरवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की किसी भी योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे, इसके लिए मैं दिन-रात प्रयासरत हूँ। जिन लोगों के पास जमीन नहीं है, उन्हें पट्टा और मुख्यमंत्री आवास योजना में पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे। किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान-कल्याण योजना में केन्द्र सरकार द्वारा 6000 रूपए दिए जाते हैं, अब प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना में दी जा रही 6000 रूपए की राशि मिलाकर किसानों को प्रतिमाह 12000 रूपए की राशि मिल रही है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी भांजे-भांजिया मन लगाकर पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि कक्षा 6 और 9 कक्षा के दूसरे गाँव स्कूल पढ़ने जाने वाले बच्चो को साइकिल खरीदने के लिए 4500 रूपए की राशि दी जा रही है। कक्षा 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक लाने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप के लिए 25000 रूपए दिए गए हैं। अगले साल से 60 प्रतिशत अंक लाने वाले बच्चों को भी 25000 रूपए दिए जाएंगे। साथ ही जो बच्चे इस वर्ष अपने स्कूल में टॉप आये हैं, उनमें एक बेटा और एक बेटी को स्कूटी दी गई है। अगले साल से स्कूल के टॉपर दो बेटों और दो बेटियों को स्कूटी दी जाएगी। मेधावी विद्यार्थियों की आईआईटी, मेडिकल और दूसरी उच्च शिक्षा की फीस भी सरकार भरेगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पिछली सरकार ने अनेक जन-कल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया था, जिन्हें हमने पुन: शुरू किया है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना सहित कई योजनाएँ दोबारा से शुरू की गई है। अब बुजुर्गों को रेल से ही नहीं बल्कि हवाई जहाज से भी तीर्थ-यात्रा कराई जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा हर किसान के खेत तक पाइप लाइन के माध्यम से पानी पहुँचाने का काम किया जा रहा है, जिससे किसान पर्याप्त मात्रा में खेतों में सिंचाई कर पा रहे हैं। प्रदेश के गाँव-गाँव में सड़कों का जाल बिछाया गया है। खेत सड़क के लिए दो-दो सड़क हर पंचायत में सुदूर सड़क के नाम से पंचायत और सरपंच खुद बनवायेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि क्षेत्र में पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निमोटा में सब स्टेशन स्थापित किया जायेगा। गाँव-गाँव में मंगल भवन बनाए जाएंगे, जिससे गाँव के कार्यक्रम गाँव में ही सुविधाजनक ढंग से हो सके। खेतों में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अनुदान योजना इसी माह शुरू की जाएगी। कार्यक्रम को सांसद रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। स्थानीय जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने निर्माण कार्यों का किया भूमि-पूजन
मुख्यमंत्री चौहान ने 4 करोड़ 75 लाख 70 हजार रूपए की लागत से ग्राम छापरी से सुआपानी तक बनाये जाने वाले 4.50 किलोमीटर लम्बे मार्ग और एक करोड़ 54 लाख 61 हजार रूपए की लागत से रामानंद आश्रम, हनुमान कुटी, वासुदेव में दिवस बसेरा सहित अन्य कार्यों का भूमि-पूजन किया।
सीएम शिवराज ने सीहोर जिले में किया 6 करोड़ के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, कही ये बात
14 Sep, 2023 06:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । मैं सरकार को परिवार ही तरह चला रहा हूं। लोगो की जिन्दगी में खुशियां लाने के लिए मैं दिनरात काम कर रहा हूं। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भैरुंदा जनपद के ग्राम निमोटा में आयोजित जनसंवाद एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम में कही। भारी वर्षा के बीच मुख्यमंत्री चौहान निमोटा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने निमोटा में 6 करोड़ 30 लाख 31 हजार रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया और विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि निश्शुल्क राशन, मुख्यमंत्री आवास, आयुष्मान कार्ड जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आज हर व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। आप सभी मेरा परिवार हो, आपकी तकलीफों को दूर करना, आपके चेहरों पर सदैव मुस्कुराहट बनाए रखना और आपकी आंखो में कभी आसूं नहीं आने देना मेरा फर्ज है।
बहनों के कल्याण की योजना
चौहान ने कहा कि प्रदेश में चलाई जा रही लाडली बहना योजना बहनों के कल्याण के साथ ही उन्हें समाज और परिवार में सम्मान दिलाने का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि लाडली बहना योजना प्रदेश की बहनों को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजना है। इस योजना से बहनों के चेहरे पर मुस्कान आई है।
उन्होंने बहनों से कहा कि पहले बहनों को एक-एक हजार रुपये की राशि प्रदान की गई, अब 1250 रुपये खाते में डाले जा रहे हैं और धीरे-धीरे 250 रुपये के मान से इस राशि को बढ़ाकर 3000 प्रति महीने करूंगा। लाडली बहना योजना और उज्जवला योजना के परिवारों को अब 450 रुपये में एलपीजी गैस सिलिंडर प्रदान किया जाएगा। सभी पंचायतों में लाडली बहना के फार्म के लिए लगाए गए कैम्पों की तरह ही एलपीजी गैस सिलिंडर के लिए फार्म भरवाए जाएंगे।
किसान कल्याण योजना
उन्होंने कहा कि किसान भाइयों को प्रधानमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा 6 हजार रुपये दिए जाते है, अब प्रदेश सरकार की ओर से भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 6 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। इससे किसानों को प्रतिमाह 12 हजार रुपये की राशि मिल रही है।
निमोटा में बनेगा सब स्टेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निमोटा में सब स्टेशन स्थापित करेंगे, ताकि बिजली व्यवस्था में कोई परेशानी न हो और आसानी से बिजली मिल जाए। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में मंगल भवन बनाए जाएंगे, जिससे गांव के कार्यक्रम गांव में ही सुविधाजनक ढंग हो सके। उन्होंने कहा कि खेतों में ट्रांसफार्मर लगाने के लिए अनुदान पर खेतों में ट्रांसफार्मर लगाने की योजना इसी महीने शुरू की जाएगी। ट्रांसफार्मर लग जाने से किसान भाइयों केा सिंचाई में सुविधा होगी। कार्यक्रम में सांसद रमाकांत भार्गव ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर गुरू प्रसाद शर्मा, रघुनाथ भाटी, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि मालवीय, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह राजपूत सलकनपुर ट्रस्ट अध्यक्ष महेश उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
निमोटा में इन कार्यों का किया भूमि पूजन
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निमोटा में 6 करोड़ 30 लाख 31 हजार रुपये के निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। उन्होंने 4 करोड़ 75 लाख 70 हजार रुपये की लागत से ग्राम छापरी से सुआपानी तक बनाए जाने वाले 4.50 किलोमीटर लम्बे मार्ग का भूमि पूजन किया। इसका लाभ ग्राम-छापरी एवं सुआपानी के साथ साथ आस पास के क्षेत्र के नागरिकों को भी लाभ मिलेगा। इसके साथ ही एक करोड़ 54 लाख 61 हजार रुपये की लागत से रामानंद आश्रम, हनुमान कुटी, वासुदेव में दिवस बसेरा एवं टायलेट ब्लाक (आंतरिक विद्युतीकरण सहित) के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया।
कांग्रेस पहुंची चुनाव आयोग, लगाया जाति देखकर पोस्टिंग करने का आरोप
14 Sep, 2023 05:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस की एक टीम गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग पहुंची और जिलों में जाति देखकर अधिकारियों की पोस्टिंग किए जाने के संबंध में अपनी शिकायत दर्ज करवाई। टीम ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा। सीईओ राजन से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि भिंड जिले में थानेदारों की जाति देखकर पोस्टिंग की जा रही है।
सिंह ने आरोप लगाए कि मेरी विधानसभा में ब्राह्मण थानेदारों की पोस्टिंग की गई है। जबकि अटेर में क्चछ्वक्क के मंत्री अरविंद भदौरिया की सीट पर राजपूत थानेदार तैनात किया गया है।
एसपी की भूमिका पर सवाल
शिकायती आवेदन में कांग्रेस ने आरोप लगाए कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों पर झूठे मुकदमें दर्ज किये जा रहे हैं। उनके ऊपर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, भाजपा नेताओं पर प्रकरण दर्ज होने के बावजूद उस पर कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। भिंड एसपी मनीष खत्री के रहते भिंड जिले में निष्पक्ष चुनाव होना संभव नहीं है। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह मांग भी उठाई कि एसपी मनीष खत्री की ओर से की गईं थाना प्रभारियों की पोस्टिंग की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए।
हरदा के शिक्षक ने मंत्री पर लगाया शैल कंपनियों में करोड़ों का हवाला करने का आरोप , मंत्री ने कहा - आरोप झूठे
14 Sep, 2023 05:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरदा । कृषि मंत्री कमल पटेल पर एक प्राइवेट शिक्षक ने हजारों करोड़ रुपए की शैल कंपनियों के संचालन का आरोप लगाया है। प्राइवेट शिक्षक ने इसकी शिकायत ईडी और सीबीआई को भी की है। वहीं मंत्री पटेल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनकी कोई भी कंपनी नहीं है। इधर, गुरुवार को शिकायतकर्ता शिक्षक के खिलाफ इंदौर के भंवरकुंआ पुलिस थाना में दर्ज धोखाधड़ी केस की एफआईआर सोशल मीडिया में वायरल हुई है। यह मामला इंदौर में शिक्षक द्वारा संचालित ओशो आईएएस अकादमी की छात्रा ने दर्ज कराई थी। हरदा के रहने वाले शिक्षक आनंद जाट ने बताया कि कृषि मंत्री कमल पटेल तीन कंपनी (अमृता फर्टीलाइजर, प्रत्युषा फार्मर प्रोड्यूसर, दिव्यांका टेक्नो सॉल्युशन) का संचालन कर रहे हैं। रजिस्ट्रेशन में कंपनियों का जो काम बताया गया है वह काम संबंधित कंपनियों में नहीं हो रहा है। जाट का आरोप है कि मंत्री पटेल के परिजन, संबंधित कंपनियों में बतौर डायरेक्टर रजिस्टर्ड हैं।
दवा कंपनियों से मांगते हैं कमीशन
आनंद जाट ने मंत्री पटेल पर पेस्टीसाइड बनाने वाली दवा कंपनियों से कमीशन मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि इंदौर की दवा कंपनियों के संचालकों से हुई चर्चा के अनुसार कमीशन में मोटी रकम देने के कारण वह प्रोडक्ट की क्वालिटी कमजोर कर देते हैं। इससे किसानों को फसल पर कीटनाशक का उपयोग करने के बाद भी पेस्ट कंट्रोल नहीं हो पाता।
मंत्री पटेल बोले - मेरी कोई कंपनी नहीं …
कृषि मंत्री कमल पटेल ने शिक्षक आनंद जाट के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा - मेरी कोई कंपनी नहीं है। अपने क्षेत्र में किए गए कामों के कारण चुनाव जीतता आ रहा हूं। चुनाव के लिए कभी किसी से चंदा तक नहीं लेता। मंत्री पटेल कहते हैं कि अभी जो भी आरोप लग रहे हैं। वह राजनैतिक हैं। हर बार चुनाव के समय लोग आरोप लगाते हैं। जब राजस्व मंत्री था जब भी आरोप लगे थे। तब भी कोई शिकायतकर्ता एक भी आरोप साबित नहीं कर सका।
शिकायतकर्ता शिक्षक जाट पर इंदौर में दर्ज है धोखाधड़ी का केस
कृषि मंत्री कमल पटेल के समर्थकों ने बताया कि आनंद जाट , आदतन शिकायतकर्ता है। वह निराधार शिकायतें करते रहते हैं। आनंद जाट के खिलाफ इंदौर के भंवरकुंआ पुलिस थाना में करीब 8 साल पहले उनके द्वारा संचालित ओशो आईएएस अकादमी की छात्रा केस दर्ज करा चुकी है। छात्रा ने जनसुनवाई में शिकायत की थी। इसके बाद भंवरकुंआ पुलिस ने जांच के बाद आनंद जाट के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। छात्रा ने शिकायत में आनंद जाट पर , कोचिंग में एडमिशन के समय बताई गई फेक्ल्टी द्वारा टीचिंग नहीं कराने और एक महीने तक क्लास संचालित करने के बाद अचानक बंद करने का आरोप लगाया गया था।
युवक ने आरक्षक पर ब्लेड से किया जानलेवा हमला, भागने की कोशिश में खुद भी हुआ घायल
14 Sep, 2023 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । बुधवार की रात एक युवक ने आपरेशन ब्लेड मारकर पुलिसकर्मी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद भागने की कोशिश में युवक खुद भी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मंडी तिराहे से पकड़ लिया। पुलिसकर्मी व आरोपित युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां दोनो का उपचार चल रहा है। इतना ही नहीं, जिला अस्पताल में भर्ती आरोपित ने स्टाफ नर्स से भी अभद्रता की है। मंडी थाने में पुलिसकर्मी की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ हत्या का प्रयास सहित गाली-गलौज की धारा के तहत मामला दर्ज किया है।
हमले में पुलिसकर्मी गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात फूटीबावड़ी निवासी विष्णु मालवीय ने धारदार ब्लेड से पुलिसकर्मी कमलेश माली पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मी गम्भीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग निकला था, जिसे पुलिस ने मंडी तिराहे से दबोच लिया। भागने के प्रयास में वह गिरकर घायल हो गया था। पुलिस ने उसे व घायल पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
नर्स से की बदसलूकी
बताया जाता है कि देर रात लगभग तीन बजे आरोपित ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स से भी गाली:गलौज की। नर्स ने आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में आवेदन दिया है। पुलिस कर्मी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपित के खिलाफ मंडी थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। मंडी थाना प्रभारी जगदीश सिंह सिद्धू ने बताया कि धारा 307 व 294 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपित पुलिस कस्टडी में है। इधर कोतवाली थाना प्रभारी विकास खींची ने बताया कि मामले में नर्स द्वारा आवेदन दिया गया है, जिसकी जांच की जा रही है।
माथे, गाल व गले पर मारी ब्लेड
आरक्षक कमलेश माली पिता हरिशंकर माली उम्र 35 साल ने बताया कि रात नौ बजे करीब घटना स्थल अरविंद राठौर की चाय की दुकान के सामने माता मंदिर मण्डी सीहोर आरक्षक शैलेन्द्र व नरोत्तम केन के साथ खड़ा था। हम तीनों माता मंदिर पर अरविन्द राठौर की चाय की दुकान में चाय पीकर निकल रहे थे। मैं अपनी गाड़ी स्टार्ट करने को हुआ कि तभी बिजौरी का विष्णु जिसे मैं पहले से पहचानता हूं, आकर मुझसे उलझने लगा। मैने समझाने की कोशिश की और कहा कि तुम अपने घर जाओ नशे मे लग रहे हो, तो विष्णु ने अपनी पैंट से आपरेशन वाली ब्लेड निकालकर जान से मारने की नीयत से मेरी गर्दन पर प्रहार किया। मैने अपने आप को बचाने की कोशिश की तो ब्लेड मेरे माथे पर लगी और खून निकलने लगा। उसने दूसरा वार किया तो ब्लेड मेरे गाल पर लगी। मेरे साथियों व आसपास के लोगो ने बचाने की कोशिश की तो विष्णु ने तीसरा वार मेरे गले पर किया। गनीमत रही कि मेरे साथ वालों नहीं बचा लिया नहीं तो वह मुझे जान से मार देता।