मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
लाडली बहनों की खोज में लगी गैस कंपनियां
13 Sep, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। नवंबर माह में मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव होना है।मध्य प्रदेश सरकार ने लाडली बहना योजना से जुड़ी सभी महिलाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की मंजूरी दी है। राज्य सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है, कि इन्हें सब्सिडी कैसे और किस माध्यम से पहुंचाई जाए। राज्य सरकार ने लाडली बहना योजना का डाटा गैस और तेल कंपनियों को दिया है। सरकार ने लाडली बहना योजना में जो राशि दी जा रही है। उन्हें गैस सिलेंडर की सब्सिडी देने की जिम्मेदारी गैस कंपनियों को दी जा रही है। ताकि चुनाव के पहले सभी महिलाओं को 450 में गैस सिलेंडर प्राप्त हो।
खाद्य विभाग के सूत्रों का कहना है, कि इस काम में एक से डेढ़ माह का समय लग सकता है। सरकार की प्राथमिकता है, कि चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले इस काम को कर लिया जाए। ताकि बाद में कोई विवाद ना हो। इसके लिए गैस कंपनियों को लाडली बहना योजना का डेटा देकर सब्सिडी के लिए लाडली बहनाओं को चयनित करने की जिम्मेदारी तेल कंपनियों को सौंपी गई है।
प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश का अनुमान
13 Sep, 2023 04:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बंगाल की खाड़ी में आज और कल कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने जा रहा है। इसके असर से 15 सितंबर से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है। नई मौसम प्रणाली के प्रभाव से 21-22 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। मध्य प्रदेश में कोई मजबूत सिस्टम के सक्रिय न होने के चलते फिलहाल दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान रीवा, सागर, ग्वालियर, चंबल में भारी बारिश तो नर्मदापुरम, भोपाल सहित आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 14-18 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में विकसित होने वाले संभावित निम्न दबाव क्षेत्र की जानकारी दी है। इसके असर से मध्य प्रदेश में भारी मात्रा में नमी आने का अनुमान है। इससे कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने नर्मदा-ताप्ती, बेतवा और सोन घाटियों में तदनुसार बांध जलाशय प्रबंधन की योजना बनाने की सलाह दी है। इसके अलावा किसानों को गैर-धान फसलों वाले खेतों में जल जमाव रोकने को भी कहा है। मानसून भले ही अंतिम पड़ाव की ओर है, लेकिन इसके बाद भी प्री मानसून की तरह गरज-चमक वाली बारिश भी हो रही है। मौसम विभाग ने सिवनी, मंडला, बालाघाट और मुरैना जिलों के लिए मध्यम से भारी बारिश/वज्रपात का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही रीवा, सागर, शहडोल, भोपाल, नर्मदापुरम और ग्वालियर संभागों के जिलों में तथा छिंदवाड़ा, भिंड, डिंडोरी, श्योपुर कलां, बुरहानपुर और कटनी जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक और वज्रपात की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि गरज-चमक के दौरान संभव हो तो यात्रा से बचें। सुरक्षित आश्रय लें। पेड़ों के नीचे शरण न लें। कंक्रीट के फर्श पर न लेटें। कंक्रीट की दीवारों का सहारा न लें। इलेक्ट्रिकल उपकरणों का प्लग निकाल दें। हवा पानी के दौरान जल निकायों से तुरंत बाहर निकलें। मंगलवार को सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक भोपाल में 7.4 मिमी, पचमढ़ी में 6.0 मिमी, सतना में 4.0 मिमी, गुना में 0.8 मिमी और ग्वालियर-मंडला में 0.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
जन आशीर्वाद यात्रा में 21 और 22 सितंबर को भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
13 Sep, 2023 04:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा मध्य प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रही है। यह यात्रा 22 सितंबर तक चलेगी और 25 सितंबर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ होगा। महाकुंभ को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करेंगे।
भूपेंद्र यादव ने की समीक्षा
प्रदेश के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भोपाल में जन आशीर्वाद यात्रा की समीक्षा की। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 21 और 22 सितंबर को यात्राओं के पांच स्थानों पर पहुंचने पर बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
ये नेता भी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा शर्मा, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस सहित अनेक केंद्रीय और राज्य के नेतागण शामिल होंगे।
अब तक 60 लाख लोगों से संपर्क
यात्रा में 11 सितंबर तक 60 लाख लोगों से संपर्क कर चुके हैं। प्रदेश के सभी मतदाता तक पहुंचने का लक्ष्य है। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के निवास पर मंगलवार को हुई बैठक को लेकर मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस में छह माह से स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चल रही है। हम सब जानते हैं कांग्रेस में नाटक-नौटंकी होती है।
जन-आशीर्वाद यात्रा में बुधवार को झारखंड के सांसद निशिकांत दुबे, दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा, उत्तरप्रदेश सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, गृह मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल और लोकसभा सांसद सहित अन्य जन-प्रतिनिधि विभिन्न स्थानों में शामिल हुए।
ट्रैफिक सुधारने भोपाल पुलिस की नई पहल, जारी किया वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर
13 Sep, 2023 03:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अब आम जनता भी पुलिस की मदद कर सकेगी। इसके लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को एक वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जिसमें आम जनता यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए अपने सुझाव दे सकेगी। वहीं शहर की सड़कों पर नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े हुए दिखाई देने पर मोबाइल से फोटो खींच कर यातायात पुलिस के इस वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकेंगे। इससे पुलिस फोटो के आधार पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित वाहन के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर सकेगी। डीसीपी यातायात पद्मविलोचन शुक्ला ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस हर स्तर पर अपने प्रयास कर रही है। वहीं स्कूल-कालेजों में यातायात जागरूकता अभियान भी चला रही है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को यातायात के नियमों के बारे में पता चले। विद्यार्थी वाहन चलाते समय ट्रैफिक के नियमों का पालन कर सकें। इस इस कड़ी में यातायात पुलिस ने बुधवार को एक व्हाट्सअप हेल्पलाइन नंबर 7587602055 भी जारी किया है। इस नंबर पर शहर के आमजन भी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए अपने सुझाव दे सकेंगे। हेल्पलाइन नंबर पर मिलने वाले सुझावों पर अमल किया जाएगा।
यातायात नियम तोड़ने वाले वाहनों के फोटो खींचकर भेजें
उन्होंने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में भी आम जनता पुलिस की मदद कर सकेगी। इसके लिए वाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 7587602055 पर यातायात को बाधित करने वाले जैसे, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करना, खतरनाक हालत में सड़क पर वाहन खड़ा करना, किसी भी तरह से यातायात नियमों का उल्लंघन करना और जाम की स्थिति आदि में आमजन अपने मोबाइल से फोटो खींच कर उक्त हेल्पलाइन नंबर पर भेज सकेंगे। जिससे पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
कांग्रेस युवाओं और महिलाओं पर लगाएंगी दांव
13 Sep, 2023 03:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इस बार जीतने की संभावनाओं वाले टिकट के दावेदार युवाओं और महिलाओं पर दांव लगा सकती है। ऐसे दावेदार जिनके नाम सर्वे के साथ पर्यवेक्षक की रिपोर्ट में जीतने की संभावना वाले दावेदार के रूप में आएंगे, उन्हें टिकट आवंटित किया जाएगा। प्रत्याशी चयन को लेकर दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में एक बार साफ कर दी गई कि प्रत्याशी कोई भी हो भी उसे जिताने की जिम्मेदारी सामूहिक होगी। यह चुनाव पार्टी के लिए बहुत अहम है। इसका असर वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव की संभावनाओं पर पड़ेगा इसलिए प्रत्याशी चयन में जातिगत और स्थानीय समीकरण को ध्यान में रखा जाएगा। बैठक में समिति अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, प्रदेश प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला पिछले दिनों भोपाल में जिला, ब्लाक, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों से दावेदारों को लेकर जो रायशुमारी की थी, उसके बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने प्रत्याशी चयन को लेकर अपनी बात रखी। दिल्ली में कांग्रेस के वार रूम में आयोजित बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, सुरेश पचौरी, नेता प्रतिपक्ष डा.गोविंद सिंह, अजय सिंह, अजय कुमार लल्लू, सप्तगिरि उल्का, कमलेश्वर पटेल, प्रदेश के प्रभारी सचिव सहित अन्य ने भाग लिया। देर रात तक चली बैठक में वर्तमान विधायकों और लगातार हारने वाली 66 सीटों की स्थिति को लेकर प्रारंभिक चर्चा की गई। प्रत्याशी चयन के लिए तीन सूचियां तैयार होगी। इसमें कमल नाथ और कांग्रेस द्वारा कराए गए सर्वे, पर्यवेक्षक के साथ प्रभारी व पदाधिकारियों की रिपोर्ट में जिन सीटों के लिए एक ही नाम होगा, उनकी अलग सूची बनेगी। वर्तमान विधायकों की एक सूची रहेगी और एक सूची उन सीटों की होगी, जहां दो या उससे अधिक दावेदार होंगे।बुधवार को भी बैठक होगी, जिसमें वर्तमान विधायक और लगातार हारने वाली सीटों के प्रत्याशियों को लेकर चर्चा होगी।
कांग्रेस का आदिवासी वोटरों पर फोकस
13 Sep, 2023 01:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । 2018 में जिस आदिवासी वोट बैंक के सहारे कांग्रेस सत्ता में आई थी, इस बार भी उसी वोट बैंक यानी आदिवासियों पर पार्टी का सबसे अधिक फोकस है। खासकर मालवा और निमाड़ की 37 सीटों पर कांग्रेस का विशेष फोकस हैं, क्योंकि इसी क्षेत्र में आने वाली 19 आदिवासी सीटों में से 14 सीटों पर कांग्रेस का कब्जा है। पिछले चुनाव में भाजपा को यहीं से बड़ी हार मिली थी। इसलिए कांग्रेस यहीं से प्रियंका गांधी की सभा की तैयारी कर रही हैं। 5 अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा में प्रियंका की एक बड़ी सभा रखी जा रही है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मालवा-निमाड़ में काफी सीटों का नुकसान किया था, लेकिन इस बार भाजपा ने इन क्षेत्रों में घुसपैठ शुरू कर दी है, हालांकि कांग्रेस भी इसमें पीछे नहीं है। कांग्रेस के बड़े नेताओं को इसकी जवाबदारी दी जा रही है। अभी से आदिवासी अंचलों में नेताओं के दौरे शुरू होने वाले हैं। मालवा और निमाड़ से प्रचार अभियान की शुरूआत धूमधड़ाके के साथ होगी, ताकि पूरे प्रदेश में इसका माहौल बन सके।
प्रदेश में कांग्रेस ने अपने चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। 5 अक्टूबर को कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा धार जिले के मोहनखेड़ा के दौरे पर आएंगी। प्रियंका यहां पर बड़ी रैली को संबोधित कर आदिवासी वोटरों को साधेंगी। प्रियंका का मध्य प्रदेश का यह तीसरा दौरा होगा। वहीं इससे पहले उन्होंने 12 जून को जबलपुर में रैली को संबोधित कर चुनाव का शंखनाद किया था। इसके बाद 21 जुलाई को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर में जनसभा की थी। अब प्रियंका जैन तीर्थ स्थल मोहनखेड़ा में रैली को संबोधित करने वाली है। धार जिले में आने वाला मोहनखेड़ा धार और झाबुआ जिले के बीच में स्थित है। ये दोनों जिले आदिवासी बहुल हैं।
मध्य प्रदेश में आदिवासी वोटरों को बिना कोई भी दल सरकार नहीं बना सकता। प्रदेश की 230 सीटों में से 47 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। वहीं, करीब 84 सीटों पर आदिवासी समाज का सीधा प्रभाव है। 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटरों के छींटने के चलते ही भाजपा की सरकार सत्ता से चली गई। इस वर्ष 47 में से 30 सीटें कांग्रेस ने जीती और 16 सीटें भाजपा के खाते में गई। एक सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी जीते। जबकि 2013 में भाजपा ने 31 सीटें जीती थी। आदिवासी वोटरों के चलते ही कांग्रेस की सत्ता में वापसी हुई थी। आदिवासी बहुल जिले से 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर रहा था। पार्टी आदिवासी बहुल क्षेत्र में फिर वहीं प्रदर्शन दोहराने की तैयारी में जुटी गई है। वहीं पिछले महीने आदिवासी स्वाभिमान यात्रा निकाली गई थी। अब झाबुआ में आदिवासी महासम्मेलन करने की तैयारी है, इसलिए धार में प्रियंका वाड्रा की जनसभा कराने की निर्णय लिया है।
16 सितंबर तक भोपाल पहुंचेंगे मेट्रो ट्रेन के कोच
13 Sep, 2023 12:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गुजरात के सांवली, बड़ोदरा से भोपाल के लिए मेट्रो कोच रवाना हो चुके हैं। करीब 600 किमी दूरी तय करके 16 सितंबर तक कोच भोपाल पहुंच सकते हैं। कोच 28 पहियों के ट्राले में लाए जा रहे हैं। कोच आते ही उन्हें सुभाषनगर डिपो में अनलोड किया जाएगा। 25 सितंबर के बाद कभी भी मेट्रो का ट्रायल रन कर लिया जाएगा। इसके चलते मेट्रो स्टेशनों पर एस्केलेटर, सिविल वर्क समेत अन्य काम तेजी से किए जा रहे हैं।
भोपाल के एम्स से सुभाषनगर तक बिछाई गई 6.22 किमी ऑरेंज लाइन पर यह कोच दौड़ेंगे। हालांकि, ट्रायल रन सुभाषनगर डिपो से रानी कमलापति स्टेशन के बीच ही होगा। मई-जून 2024 में आम लोग मेट्रो में सफर कर सकेंगे। इंदौर में मेट्रो कोच 31 अगस्त को पहुंच चुके हैं। अब वहां ट्रायल रन की प्रोसेस चल रही है। मेट्रो कॉर्पोरेशन के अफसरों का कहना है कि हर कोच की चौड़ाई 2.9 मीटर और लंबाई 22 मीटर है। भोपाल आने पर कोच का पूजा-अर्चना कर ट्रैक पर लाया जाएगा। इस वजह से सुभाषनगर मेट्रो डिपो में प्लेटफार्म से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई है। बड़ोदरा से चलकर कोच यही पर आएंगे। भोपाल और इंदौर के मेट्रो प्रोजेक्ट पर 14 हजार करोड़ रुपए की लागत आई है।
मेट्रो के कोच भोपाल आने के बाद उसे सुभाषनगर डिपो में बने अनलोडिंग-वे पर अनलोड किया जाएगा। डिपो 80 एकड़ जमीन पर बन रहा है। यही से मेट्रो ट्रेनों का संचालन होगा। ट्रेनों का नाइट हॉल्ट भी यही पर होगा। प्रायोरिटी कॉरिडोर में कुल आठ स्टेशन हैं। इनमें एम्स हॉस्पिटल, अलकापुरी, डीआरएम ऑफिस, आरकेएमपी स्टेशन, सरगम टॉकीज, डीबी मॉल, केंद्रीय स्कूल और सुभाषनगर स्टेशन शामिल हैं। ट्रायल रन करीब साढ़े तीन किलोमीटर में सुभाषनगर स्टेशन से आरकेएमपी स्टेशन तक किया जाएगा। ट्रायल से पहले मेट्रो स्टेशनों पर लगे एस्कलेटर, लिफ्टस, स्ट्रक्चर/शेड, ट्रैक, अग्निशमन संबंधित कार्य चल रहे हैं। ट्रायल के लिए सभी जरूरी काम 20 सितंबर तक पूरे किए जाने का टारगेट है।
मेट्रो के ट्रायल रन के बाद दिल्ली से टीम आएगी, जो सेफ्टी ट्रायल एवं अन्य गतिविधियां करेंगी। इसके बाद अगले वर्ष मई-जून 2024 में कमर्शियल/पैसेंजर ऑपरेशन का संचालन किया जाएगा।
विदिशा में पूर्व राज्यसभा सदस्य सलीम के घर आयकर विभाग का छापा
13 Sep, 2023 11:25 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विदिशा । उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के करीबी रहे राज्यसभा के पूर्व सदस्य स्व. चौधरी मुनव्वर सलीम के डंडापुरा स्थित आवास पर बुधवार की सुबह आयकर विभाग की टीम ने छापा मारा है। इस आवास में अब उनका परिवार रहता है। छह वाहनों में सवार होकर पहुंची टीम में इंदौर और भोपाल के अधिकारी शामिल होना बताया जा रहा है। सीएसपी राजेश तिवारी ने इस छापे की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार बुधवार करीब साढ़े पांच बजे आयकर विभाग की टीम चौधरी सलीम के घर पहुंची। डंडापुरा स्थित आवास परिसर में सलीम के बेटों के अलावा उनके दो भाइयों के आवास भी है। आयकर की टीम उनके घर भी पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस टीम में 30 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी है। टीम ने स्थानीय पुलिस को सिर्फ शहर में आने की सूचना दी है। वे अपने साथ ही पुलिस बल भी लेकर आए है। करीब पांच घंटों से टीम आवास के भीतर ही है। बाहर के लोगों को आवास में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
2012 में बने थे राज्यसभा सदस्य
मालूम हो कि चौधरी मुनव्वर सलीम सपा नेता आजम खां के बेहद करीबी थी। उन्हीं के प्रयासों से सलीम वर्ष 2012 में राज्यसभा सदस्य चुने गए थे। वर्ष 2019 में 66 वर्ष की उम्र में किडनी और लीवर सहित अन्य बीमारियों के चलते उनका निधन हो गया था।
मप्र-राजस्थान जल विवाद पर 15 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
13 Sep, 2023 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच जल विवाद के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। सुप्रीम कोर्ट में मजबूती से मध्य प्रदेश का पक्ष रखने के लिए जल संसाधन विभाग के अफसर तैयारी में जुटे हुए है। वहीं केंद्र सरकार दोनों राज्यों के बीच समझौते को लेकर बातचीत का दौर शुरू कर चुकी है।
मध्य प्रदेश की सहमति के बगैर राजस्थान में कालीसिंध नदी पर नवनेरा बैराज के निर्माण ने दोनों राज्यों में जल के बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति पैदा कर दी है। बैराज का निर्माण 50 प्रतिशत निर्भरता पर जल की उपलब्धता के आधार पर बन रहा है। इसी को लेकर मध्य प्रदेश ने आपत्ति जताई है। वहीं जब राजस्थान सरकार ने केंद्र सरकार की भी नहीं सुनी तो मध्य प्रदेश ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर दी है। वहीं चंबल और उसकी सहायक नदियों के पानी बंटवारे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में 15 सितंबर को सुनवाई होगी। बतादें कि चंबल और उसकी सहायक नदियों पार्वती कालीसिंध और कूनो नदी के पानी बंटवारे को लेकर यह विवाद चल रहा है। केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों के बीच समझौते को लेकर बीती 6 सितंबर को दिल्ली में दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच चर्चा करवाई। इस चर्चा में कोई हल नहीं निकल सका। अब सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई होगी।
पीएम मोदी कल पेट्रोकेमिकल प्लांट की रखेंगे आधारशिला
13 Sep, 2023 10:59 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड बीना रिफाइनरी में 50 हजार करोड़ की लागत से पेट्रोकेमिकल हब तैयार करने जा रहा है। पेट्रोकेमिकल हब के भूमि पूजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 सितंबर को सागर के बीना आएंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम लगाया जा रहा है। सबसे ज्यादा पार्किंग व्यवस्था बनाने पर अधिकारियों का ध्यान है, जिससे कि जाम जैसी स्थितियां निर्मित ना हों। पार्किंग में 4000 वाहनों की क्षमता को देखते हुए पार्किंग तीन जगह तैयार की जा रही है। वीआईपी पार्किंग रिफाइनरी के पास बनाई जा रही है। कार्यक्रम स्थल तक रोड तैयार किया जा रहे हैं, अधिकारियों के द्वारा लगातार सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारी पर नजर रखी जा रही है।
पेट्रोकेमिकल हब बनने से दो सौ नई कंपनियां होंगी स्थापित
बीना पेट्रोकेमिकल हब बनने से बीसीपीएल द्वारा 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश करते हुए पेट्रोकेमिकल प्लांट तैयार किया जाना है, इसमें बीना और आसपास के क्षेत्र का विकास होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रखेंगे। विकास के क्षेत्र में और रोजगार के लिए यह प्लांट वरदान साबित होगा। बीसीपीएल द्वारा पेट्रोकेमिकल प्लांट तैयार किया जाएगा, पेट्रोकेमिकल हब के अंतर्गत प्रशासन की मदद से छोटे-छोटे उद्योग लगाए जाएंगे और यह उद्योग पेट्रोकेमिकल प्लांट से मिलने वाले पदार्थ से पक्का माल तैयार करेंगे। प्लांट तैयार होने के बाद उद्योगों में प्लास्टिक, पेंट सहित कई प्रकार के स्पेशल केमिकल तैयार होंगे। कच्चा माल पेट्रोकेमिकल प्लांट से मिलने से बीना सहित आसपास के क्षेत्र में विकास तो होगा ही साथ ही लोगों को रोजगार भी मुहैया होगा। पेट्रोकेमिकल हब बनने से उद्योग नगरी के रूप में बीना विकसित होगा, इसको लेकर कई बाहर की कंपनियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
पेट्रोकेमिकल हब बनने से मिलेगा रोजगार
पेट्रोकेमिकल हब बनने के बाद बीना और आसपास के क्षेत्र के पेट्रोकेमिकल परिसर से 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से और दो लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीसीपीएल फैक्ट्री में प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे उसके बाद सभा स्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे। पेट्रोकेमिकल हब बनने से इकाईयां शुरू होंगी। परियोजना से कच्चा माल यही कम दर पर मिलने के चलते कई बड़े सेगमेंट के निवेश आएंगे।
50 हजार करोड़ रुपये होंगे पेट्रोकेमिकल प्लांट में निवेश
बीना में पेट्रोकेमिकल हब प्लांट स्थापित होने जा रहा है। बीना में स्थापित हो रहे पेट्रोकेमिकल प्लांट का बजट देश के आठ राज्यों के सालाना बजट से भी ज्यादा है। 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश पेट्रोकेमिकल प्लांट में किया जाएगा। देश के आठ राज्य अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर मेघालय, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा का सालाना बजट भी इतना नहीं है, जिससे कई गुना ज्यादा निवेश पेट्रोकेमिकल प्लांट के निर्माण में किया जा रहा है।
अब 27-28 सितंबर को होगी पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की हनुमंत कथा
13 Sep, 2023 09:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल. मौसम विभाग द्वारा 14 से 19 सितंबर तक तेज बारिश के अलर्ट के मद्देनज़र भोपाल में बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्री हनुमंत कथा की तिथि में बदलाव किया गया है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। मंत्री सारंग ने बताया कि अब यह कथा 27 और 28 सितंबर को होगी। कथा से पहले 26 सितंबर को शोभायात्रा निकलेगी, जबकि 28 सितंबर को दिव्य दरबार लगेगा। इसी दिन अनंत चतुर्दशी उत्सव भी मनाया जायेगा।
भारी बारिश की संभावना के कारण आगे बढ़ाई तारीख
मंत्री सारंग ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा 14 से 19 सितंबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते हनुमंत कथा की तारीख में बदलाव किया गया है। पहले 14 से 17 सितंबर तक कथा और शोभायात्रा का आयोजन होना था। अब 26 से 28 सितंबर के बीच यह आयोजन होगा। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को शोभायात्रा निकलेगी, जबकि 27 और 28 सितंबर को करोंद के पीपुल्स मॉल परिसर में कथा होगी। 28 सितंबर को दिव्य दरबार लगेगा। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के सानिध्य में अनंत चतुर्दशी का कार्यक्रम भी होगा। गणेश पूजन और विसर्जन किया जाएगा।
26 सितंबर को निकलेगी विशाल शोभायात्रा
मंत्री सारंग ने बताया कि कथा के पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में 26 सितंबर को दोपहर 3 बजे से अन्ना चौराहे से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा अन्ना नगर से प्रारंभ होकर कैलाश नगर, रचना नगर, ओल्ड सुभाष नगर, पंजाबी बाग, परिहार चौराहा, अशोक विहार, महामाई बाग, स्टेशन, चांदबड़, सेमरा मंडी, सुभाष कॉलोनी, सम्राट कॉलोनी, विवेकानंद पार्क अशोका गार्डन समेत कई इलाकों से गुजरेगी। इस दौरान 5000 वाहनों का काफिला चलेगा। वहीं 1500 स्थानों पर स्वागत होगा।
तैयारियां रहेंगी जारी
मंत्री सारंग ने बताया कि तारीख में परिवर्तन के बावजूद तैयारियां चलती रहेंगी। करोंद में पीपुल्स मॉल परिसर के 55 एकड़ के क्षेत्र में कथा होगी। यहां 10 से 12 बड़े पंडाल बनाए जाएंगे। वहीं, श्रद्धालुओं के लिए 10 गेट और गाड़ियों के लिए 10 पार्किंग बनेगी। हालांकि, पंडाल, पार्किंग और गेट को लेकर तैयारियां पहले से चल रही थीं। उन्होंने बताया कि पं. शास्त्री की कथा में देशभर से श्रद्धालु जुटते हैं। इसलिए तैयारियां भी उसी हिसाब से की जा रही हैं। हमारी तैयारियां जारी रहेंगी।
जारी हो सकती है भाजपा की 64 प्रत्याशियों की दूसरी सूची
13 Sep, 2023 08:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मप्र विधानसभा चुनाव- प्रत्याशियों के नामों पर मंथन के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति के बैठक 13 सितंबर को
भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा की 39 सीटों पर प्रत्याशियों के ऐलान के बाद बची सीटों के प्रत्याशियों के लिए भारतीय जनता पार्टी में गहन चिंतन-मंथन शुरू हो गया है। प्रत्याशियों के नामों पर मंथन के लिए भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति की कल 13 सितंबर को दिल्ली में बैठक होने जा रही है। इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मप्र विधानसभा चुनाव के कंट्रोल एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मप्र के चुनाव प्रभारी भूपेन्द्र यादव, सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव, मप्र चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सीएम शिवराज सिंह चौहान, मप्र भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित मप्र के पांचों प्रभारी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में मप्र विधानसभा के लिए बची बाकी 191 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों के अंतिम रूप दिया जाएगा।
हमारे ईएमएस के दिल्ली संवाददाता के अनुसार इसके लिए पहले सोमवार को भी मप्र विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों के नामों को लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर पार्टी की बैठक हुई। इस बैठक में अमित शाह भी मौजूद थे। इस बैठक मेंं प्रत्याशियों की दूसरी सूची को लेकर भाजपा नेताओं ने चिंतन-मंथन किया। भाजपा सूत्रों के अनुसार आज शाम को फिर जेपी नड्डा के निवास पर प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा नेताओं की बैठक होगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि भाजपा कल 13 सितंबर को मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची ऐलान कर सकती है। इसमें भाजपा प्रदेश की उन 64 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर सकती, जिन पर 2018 के चुनाव में उसे हार का सामना कर पड़ा था।
दिग्विजय को आंशका प्रदेश में हमारे नेताओं पर ईडी और इनकम टैक्स के छापे पड़ सकते
13 Sep, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कांग्रेस को आशंका है कि केंद्र की बीजेपी सरकार हमारे नेताओं पर ईडी और इनकम टैक्स के छापे पड़वा सकती है। पार्टी नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि हम डरने वाले नहीं। दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश में विपक्ष के नेताओं पर आईटी और ईडी की रेड होने की आशंका जाहिर की है। उनका कहना है मध्य प्रदेश में जगह-जगह ईडी और आईटी दफ्तर खोले जा रहे हैं। अधिकारियों को नियुक्त किया जा रहा है. इसी तरह छत्तीसगढ़ में भी हमारी सरकार के मंत्रियों, कर्मचारी और स्टाफ मेंबर्स पर ईडी आईटी की कार्रवाई की जा रही है। लेकिन हम लोग डरने वालों में से नहीं हैं। स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के पहले एआईसीसी इंचार्ज केसी वेणुगोपाल, मध्य प्रदेश प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, कमलनाथ के साथ पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक के बाद सिंह ने कहा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हर संसदीय क्षेत्र में अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया है। चुनाव के नतीजे आने तक सभी पर्यवेक्षक जिलास्तर तक संगठन के साथ काम करने वाले हैं। सभी पर्यवेक्षक चुनाव तक एआईसीसी को अपनी रिपोर्ट सौंपने वाले हैं। आज पूरे प्रदेश में आम राय बन चुकी है इस चुनाव में कांग्रेस की सरकार बन रही है।
मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा अभी ऑब्जर्वर की बैठक हुई है। सभी से चर्चा की है सबको समझाया है कि किसका क्या दायित्व है। यह सब जाकर एक-एक जिले में काम करने वाले हैं। एक-एक विधानसभा लोकसभा क्षेत्र में काम करने वाले हैं। कांग्रेस की टिकट लिस्ट को लेकर कमलनाथ ने कहा जब हमें उचित लगेगा हम लिस्ट जारी होगी। आज की बैठक के बाद अब दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी। यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि अब कांग्रेस जल्द ही अपनी पहली सूची जारी कर सकती है।
कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के बाद शिवराज सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा मध्यप्रदेश में कांग्रेस कन्फ्यूजन में है। गुट और गिरोह में बंटी हुई है। टिकट किसे दे इसका कंफ्यूजन है। कांग्रेस को बहुत सारी सीटों पर उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। कांग्रेस की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। दिल्ली से लेकर भोपाल तक और सभी जिलों में 10-10 गुट काम कर रहे हैं। कमलनाथ , दिग्विजय सिंह ,अरुण यादव, सुरेश पचौरी सबका अपनी ढपली अपना राग है। कांग्रेस की स्क्रीनिंग बे-नतीजा रहेगी।
चलती ट्रेन में चढ़ रहा यात्री फिसला, आरपीएफ जवानों ने बचाई जान
12 Sep, 2023 09:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
इटारसी । मंगलवार शाम 4:40 मिनट पर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक बुजुर्ग यात्री कोच के पायदान पर फिसल गया। चंद सेकंड में यात्री कोच के नीचे पहियों की चपेट में आ सकता था, लेकिन यहां मौजूद आरपीएफ जवान देवदूत बनकर बुजुर्ग को बचाने के लिए दौड़े। काफी दूरी तक यात्री घिसटते हुए जा रहा था, लेकिन जवानों ने दौड़कर उसे ट्रैक पर गिरने से बचा लिया। प्लेटफार्म पर लगे खुफिया कैमरों में यह पूरी घटना कैद हुई है। थाना प्रभारी एसके बाजपेयी ने बताया कि 19483 अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन पर ठहराव के बाद शाम को चलने के लिए रवाना हुई थी।
इस ट्रेन के एस-3 कोच में बुजुर्ग यात्री कोच में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से गिर गया। दरअसल यात्री का संतुलन बिगड़ गया था। गिरने के बाद यात्री अचानक पायदान के नीचे पहियों की चपेट में आने लगा। तभी यहां मौजूद आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक अरविंद गौतम, आरक्षक अमित बामने ने अपनी जान की परवाह न करते हुए तत्काल बुजुर्ग यात्री को खींचकर पहियों की चपेट में आने से बचाया। हादसे में यात्री को मामूली चोट पहुंची थी, जिन्हें बाद में एबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। बचाव के दौरान आरपीएफ जवानों को भी चोट पहुंची है, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
घायल यात्री का नाम पारस नाना तिवारी उम्र 60 साल निवासी सासाराम है। तिवारी ने बताया कि वे अपनी पत्नी पार्वती के साथ भगवान द्वारकाधीश के दर्शन कर वापस सासाराम जा रहे थे। स्टेशन पर पानी लेने के लिए उतरे थे, तभी ट्रेन चल दी। जल्दबाजी में वह सामने आए कोच पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह पायदान पर फिसल गए। हादसे में उनके पैर में गंभीर चोट पहुंची है। जख्मी हुए आरक्षक अमित बामने ने बताया कि यात्री को बचाने के दौरान वे भी प्लेटफार्म पर घिसट गए थे, दौड़ने में उनके पैर में भी चोट आई है।
स्कूल से घर पहुंची मासूम की मौत, न्याय की मांग करने टावर पर चढ़ा पिता
12 Sep, 2023 08:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर । स्कूल से घर पहुंचने के बाद तबीयत बिगड़ने से 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। अपनी बेटी की मौत से व्यथित पिता न्याय की मांग करने के लिए सोमवार-मंगलवार की रात 2 बजे टावर पर चढ़ गया। साढ़े पांच घंटे बाद पुलिस ने समझाइश देकर उसे टावर से नीचे उतार लिया है।
भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत
सीहोर जिले के ग्राम खामलिया निवासी मुकेश मेवाड़ा की बेटी परी शनिवार को स्कूल गई थी। इसी दौरान भोजन करने के बाद उसको उल्टियां होने लगी तो वह लगभग 3.30 बजे अपने घर आ गई।
जिला अस्पताल ले गए
घर आने के बाद तबीयत लगातार बिगड़ती गई तो उसके पिता उसे जिला चिकित्सालय ले गए। डाक्टर गौरव ताम्रकार ने बालिका का चेकअप किया और कुछ जांच भी कराई। जांच में इन्फेक्शन सामने आया, लेकिन इससे पहले की बालिका का पूरा इलाज होता उसकी मौत हो गई।
पुलिस से की जांच की गुहार
मुकेश मेवाड़ा ने बताया कि वह लगातार दौराहा थाने जाकर पुलिस से गुहार कर रहा था कि उसकी बेटी की मौत की जांच की जाए, लेकिन जांच नहीं की गई। इसलिए वह सोमवार-मंगलवार की रात को 2 बजे घर के सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
पुलिस को बुलाया और टावर से उतारा
ग्रामीणों को इसकी सूचना मिल गई। तब पुलिस को बुलाया गया और मंगलवार को सुबह 7.30 बजे पुलिस ने उसे टावर से उतारा।
दूसरी की छात्रा थी परी
मुकेश ने बताया कि पुलिस ने अंतिम संस्कार स्थल से अस्थियां इकट्ठी की हैं और उसकी जांच करके बालिका की मौत का कारण पता किया जाएगा। उसकी मांग थी कि उसकी बेटी को न्याय मिले और गांव के स्कूल की व्यवस्था सुधरे। मुकेश खेती किसानी करके अपने और परिवार का जीवन यापन करते हैं। मुकेश के तीन बच्चे हैं। जिनमें सात वर्षीय परी सबसे छोटी है। उससे बड़ी नौ वर्षीय अनुष्का और 13 साल का अंशु है। परी ग्राम के ही सरकारी स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी।