मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
भाई-बहनों के लिये साँची डेयरी मिष्ठान्न के साथ सेल्फी प्रतियोगिता 30 अगस्त को
24 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : दुग्ध महासंघ के साँची डेयरी द्वारा राखी पर्व पर भाई-बहनों के लिये 30 अगस्त 2023 तक सेल्फी प्रतियोगिता की जा रही है। साँची फेसबुक और साँची इंस्टाग्राम पर अपलोड की जाने वाली सर्वश्रेष्ठ चयनित सेल्फी को साँची का गिफ्ट हेम्पर दिया जायेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिये प्रतिभागी को साँची फेसबुक @sanchimilk और साँची इंस्टाग्राम @sanchidairy पर सेल्फी को टेग करना है। भाई-बहन की साँची मिष्ठान्न के साथ खींची गई गुणवत्ता, सुंदरता और रचनात्मकता वाली सेल्फी को पेज पर टेग करना होगा। प्रतिभागी को साँची डेयरी फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज का फॉलोअर होना चाहिये। कमेंट सेक्शन में भाई-बहन अपनी तस्वीर साझा करें।
प्रतिभागी विजेताओं का चयन साँची की विशेष टीम द्वारा किया जायेगा। किसी भी प्रतिभागी को चयन मानदण्ड पर आपत्ति उठाने का अधिकार नहीं होगा। विजेताओं को साँची की ओर से गिफ्ट हेम्पर उनके बताये घर के पते पर या नजदीक के साँची पॉर्लर या बूथ पर मिलेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने महिला जन-प्रतिनिधियों के साथ किया पौध-रोपण
24 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में मौलश्री, नीम, कदम्ब और गुलमोहर के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति निवासन, सांसद दर्शना सिंह, राज्य सभा सदस्य कविता पाटीदार, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य साल्वी शलाका, योगिनी देशपांडे सहित महिला मोर्चा की अन्य सदस्यों ने पौधा-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ पूरन चौरसिया और क्षमा त्रिपाठी ने परिजनों के साथ अपने जन्म-दिवस पर पौध रोपे।
मुख्यमंत्री चौहान ने अमर शहीद राजगुरु की जयंती और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. जेटली की पुण्य-तिथि पर किया नमन
24 Aug, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमर शहीद राजगुरु की जयंती और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. अरुण जेटली की पुण्य-तिथि पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान तथा केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय स्थित सभागार में अमर शहीद राजगुरु तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व. जेटली के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
अमर शहीद क्रांतिकारी राजगुरु का जन्म 1908 में महाराष्ट्र के पुणे जिले के खेड़ा में हुआ। वाराणसी में अध्ययन के दौरान उनका संपर्क क्रांतिकारियों से हुआ। वे जलियांवाला बाग हत्याकांड की नृशंसता से बहुत व्यथित और क्रोधित थे। अंग्रेज पुलिस अधिकारी साण्डर्स का वध करने में क्रांतिकारी राजगुरु ने शहीद भगत सिंह तथा क्रांतिकारी सुखदेव का पूरा साथ दिया था। क्रांतिकारी राजगुरू ने 23 मार्च 1931 को शहीद भगत सिंह तथा क्रांतिकारी सुखदेव के साथ लाहौर सेंट्रल जेल में फाँसी के तख्ते पर हँसते-हँसते झूलकर स्वतंत्रता संग्राम के प्रति लोगों के मन में अलख जगाई।
वरिष्ठ राजनीतिज्ञ अरूण जेटली का जन्म 28 दिसम्बर 1952 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने वकील से सफल राजनेता तक का सफर तय किया। वे भारत सरकार में वित्त और कॉर्पोरेट मामलों के मंत्री रहे। राजनीति में आने से पहले वे सुप्रीम कोर्ट में लॉ प्रैक्टिस कर रहे थे। जेटली का 24 अगस्त 2019 को 66 वर्ष की आयु में निधन हुआ।
पांढुर्णा प्रदेश का 55वां जिला बनेगा- मुख्यमंत्री चौहान
24 Aug, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पांढुर्णा प्रदेश का 55वां जिला बनेगा। नवीन जिले में पांढुर्णा, सौंसर तहसील और नांदनवाड़ी उप तहसील को मिलाया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि महाकाल लोक की तर्ज पर जामसांवली हनुमान मंदिर में "हनुमान लोक" का निर्माण किया जाएगा। लगभग 26.50 एकड़ क्षेत्र में प्रथम चरण में 35 करोड़ रुपये से अधिक लागत से "हनुमान लोक" के निर्माण का कार्य आरंभ होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर जाम सांवली में हनुमान लोक का विधि-विधान से भूमि पूजन कर यह घोषणा की। उन्होंने मंदिर में बजरंगवली के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। कृषि मंत्री तथा छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी कमल पटेल साथ थे।
मराठवाड़ा वास्तु-कला से प्रेरित होगा भव्य प्रवेश द्वार - हनुमान जी के बाल स्वरूप का होगा मनोहारी चित्रण
छिंदवाड़ा में बन रहे "हनुमान लोक" में प्रथम चरण में मराठवाड़ा वास्तु-कला से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार से भगवान के विराट स्वरूप की छवि दिखेगी। मुख्य प्रवेश द्वार से प्रथम प्रांगण तक 500 मीटर लंबा चिरंजीवी पथ बनेगा। पथ और प्रथम प्रांगण के 90 हजार वर्गफुट क्षेत्र में कलाकृतियों से अंजनी पुत्र हनुमान जी के बाल स्वरूप का मनोहारी चित्रण होगा। लगभग 62 हजार वर्गफुट क्षेत्र में मूर्तियों एवं कलाकृतियों के माध्यम से भक्त - शिरोमणि हनुमान जी के भक्ति स्वरूप का चित्रण होगा। रामलीला एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के लिए जलाशय के तट पर 12 हजार वर्गफुट क्षेत्र में मुक्ताकाशी मंच बनेगा, संजीवनी बूटी लाने वाले भगवान के संकटमोचक स्वरूप से प्रेरणा लेकर परिसर में आयुर्वेदिक चिकित्सालय बनाया जाएगा।
नदी तट का सौंदर्यीकरण और जन-सुविधाओं की व्यवस्था होगी
हनुमान लोक के समीप बहने वाली नदी तट के सौंदर्यीकरण एवं लैंडस्केपिंग के माध्यम से श्रद्धालुओं के बैठने आदि की व्यवस्था बनाई जाएगी। कम्युनिटी सेंटर, जन सुविधाएँ, ट्रस्ट ऑफिस, प्रशासनिक कार्यालय एवं कंट्रोल रूम आदि 37 हजार वर्गफुट में निर्मित किए जाएंगे। प्रसाद-पूजन सामग्री और भोजन आदि की व्यवस्था के लिए 120 दुकान एवं फूड कोर्ट बनेंगे। लगभग 400 चार पहिया एवं 400 दो पहिया वाहन क्षमता की डेढ़ लाख वर्गफुट क्षेत्र में पार्किंग विकसित की जाएगी।
द्वितीय चरण में होगा संजीवनी पथ का विकास
द्वितीय चरण में रामटेकरी पर्वत की परिक्रमा के लिए संजीवनी पथ का विकास, अष्टसिद्धि केंद्र एवं संस्कृत विद्यालय, योगशाला प्रवचन हॉल एवं ओपन एयर थियेटर, जाम नदी पर घाट निर्माण, वॉटर फ्रंट पाथ वे एवं सिटिंग एरिया, भक्त निवास, भोजनालय तथा गौ-शाला का निर्माण होगा।
मुख्यमंत्री चौहान से रेल मंत्री वैष्णव ने की सौजन्य भेंट
24 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान ने रेल मंत्री वैष्णव के मुख्यमंत्री निवास आगमन पर पुष्प-गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने मंत्री वैष्णव को प्रदेश में जारी विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा प्रदेश में रेल सुविधाओं के विस्तार के संबंध में चर्चा की।
वर्दी समाज और देश के सम्मान का प्रतीक - राज्यपाल मंगुभाई पटेल
24 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि वर्दी समाज और देश के सम्मान का प्रतीक है। वर्दी जनता के मन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करती है। राज्यपाल पटेल गुरूवार को राजभवन में सशस्त्र सीमा बल के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सशस्त्र सीमा बल के प्रशिक्षु अधिकारियों को धैर्यवान, तनावरहित रहने, अच्छे स्वास्थ्य के लिए नियमित योग, व्यायाम करने और पौष्टिक खान-पान की सलाह दी। सशस्त्र सीमा बल के महा निरीक्षक संजीव शर्मा द्वारा राज्यपाल को पौधा एवं स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा भी उपस्थित थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा, नागरिकों के सुख-चैन का आधार होती है। जब परिवार से दूर रहकर हमारी सीमाओं की रक्षा के लिए सीमा के प्रहरी जागते है तभी हम देशवासी चैन और शांति की नींद सो पाते है। किसी भी देश के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण होती है। प्रशिक्षु अधिकारी निष्ठा, ईमानदारी एवं राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर-सैनिकों की गाथाओं से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल पर नेपाल और भूटान जैसे मित्र राष्ट्रों की सीमाओं की सुरक्षा की संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारी है। सीमा की सुरक्षा के लिए असामाजिक तत्वों एवं राष्ट्र विरोधी ताकतों का पूरी कठोरता के साथ दमन करें। साथ ही सीमाओं पर रहने वाले आमजनों को सदैव सुरक्षित महसूस कराएं। कभी किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने पाए।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि आप लोग कठिन प्रशिक्षण के पश्चात “आजादी के अमृतकाल” के महत्वपूर्ण प्रसंग में देश की सीमाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को देश के प्रतिष्ठित और गौरवशाली सुरक्षा बल का सदस्य बनने पर शुभकामनाएं दीं।
स्वागत उद्बोधन में महानिरीक्षक एस.एस.बी. अकादमी भोपाल शर्मा ने संघ लोक सेवा आयोग से चयनित 23 प्रशिक्षु अधिकारियों के 52 सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम की संक्षिप्त जानकारी दी। महिला प्रशिक्षु अधिकारी रौनक त्यागी ने समस्त प्रशिक्षु अधिकारियों की ओर से प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल के उप-सचिव स्वरोचिष सोमवंशी, उप-महानिरीक्षक एस.एस.बी. सोमित जोशी एवं सशस्त्र सीमा बल के सम्बंधित अधिकारी उपस्थित थे।
चुनावी साल में बड़ी भर्ती परीक्षाओं पर ब्रेक
24 Aug, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेशभर में एक लाख भर्तियों की बाट जोह रहे बेरोजगारों को अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है। इसकी मुख्य वजह यह है कि दिसंबर तक प्रदेश में अब कोई बड़ी भर्ती परीक्षा प्रस्तावित नहीं है। इधर, पटवारी परीक्षा का रिजल्ट घोषित होने के बाद भी अब तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी गई है। घोटाले के आरोप लगने के बाद इसे होल्ड पर रखा गया है। इसी तरह प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती का नोटिफिकेशन भी अब तक नहीं जारी किया गया है।
इधर, पीएससी की असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए होने वाली भर्ती परीक्षा की भी तारीख तय नहीं हो सकी है। इसके आवेदन में अगर कोई त्रुटि सुधार करवाना है तो उसकी तारीख ही 2 नवंबर निर्धारित की गई है। इस दौरान चुनाव होना भी प्रस्तावित है। इसके बाद अगले साल लोकसभा चुनाव होना है।
स्कूल शिक्षा में प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के लिए 8454 पदों पर भर्ती की जानी है। इनके लिए मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा दो अलग-अलग चयन परीक्षाएं आयोजित कराई जाएंगी। जिनके नोटिफिकेशन जुलाई अंतिम सप्ताह तक जारी होना थे। इसमें माध्यमिक शिक्षक की छह विषयों में 6332 पदों पर भर्ती होगी। लेकिन अब तक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। इसका मुख्य वजह पटवारी परीक्षा में गड़बड़ी आना है। दूसरा नोटिफिकेशन 2122 पदों पर खेल, नृत्य और गायन-वादन के माध्यमिक और प्राथमिक शिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए जारी होना था। लेकिन, यह अब तक नहीं हुआ। इस तरह से साढ़े आठ हजार से ज्यादा पदों का मामला भी अधर में है।
स्कूल शिक्षा में ही शिक्षकों के अलग-अलग वर्गों के एक लाख से ज्यादा पद रिक्त हैं। इसी तरह उच्च शिक्षा में भी चार हजार से ज्यादा पद खाली हैं। जनजातीय कार्य और कृषि विभाग में भी 3-3 हजार पद रिक्त हैं। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों ने बताया कि 15 अगस्त तक एक लाख नियुक्तियां की जानी हैं, लेकिन अब भी करीब 60 हजार नियुक्ति ही हुई हैं। ऐसे में अब भी विभिन्न विभागों में 40 हजार पद खाली हैं। खासकर स्कूल शिक्षा, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग मेंं विभिन्न पद अब तक नहीं भरे गए हैं।
वर्तमान में आरक्षक भर्ती परीक्षा चल रही है। यह 12 सितंबर तक चलेगी। वहीं उम्मीदवारों को पुलिस एसआई परीक्षा का बीते 5 साल से इंतजार है, लेकिन भर्ती नहीं आ सकी। आगे की परीक्षाओं के लिए कोई शेडयूल जारी नहीं किया है। आगे अगली बड़ी भर्ती परीक्षाएं कब होगी, यह अब तक तय नहीं है। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के बाद केवल पूर्व प्रस्तावित परीक्षाओं का ही शेड्यूल जारी हो सकता है।
चुनावी साल में बीजेपी को बड़ा झटका, पांच नेता कांग्रेस में हुए शामिल
24 Aug, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में मिशन 2023 की तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव की तैयारी के बाच नेताओं का दलबदल का क्रम भी जारी है। इसी कड़ी में चुनावी साल में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। सत्ताधारी बीजेपी के पांच नेता कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सभी नेताओं को पीसीसी चीफ एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सदस्यता दिलाई है। बीजेपी में शामिल होने वालों में रोशनी यादव, नीरज शर्मा, राजू दांगी, देवराज बागरी और जितेंद्र जैन है। सभी बीजेपी नेता प्रदेश के सागर, निवाड़ी, दतिया, सतना और शिवपुरी जिले के है। शिवपुरी जिले से एक बार फिर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है।
जितेंद्र जैन उर्फ गोटू पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके है। वे बीजेपी के पूर्व विधायक के भाई है। इसी तरह निवाड़ी के जिला पंचायत सदस्य रोशनी यादव और राहतगढ़ के पूर्व जनपद अध्यक्ष नीरज शर्मा भी कांग्रेस में शामिल हुए है। इन्हें सैकड़ों समर्थकों के साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ ने सदस्यता दिलाई है। रेगांव से बीजेपी के पूर्व विधायक जुगल किशोर बागरी के बेटे और बहू भी कांग्रेस में शामिल हुए है। देवराज बागरी और वंदना बागरी ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। दतिया के भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष राजू दांगी भी कांग्रेस में शामिल हुए है।
इस अवसर पर कमलनाथ ने कहा कि सिर्फ चार महीने बचे है याद रखना। ये 2018 का कमलनाथ नहीं, 2023 का कमलनाथ वाला मॉडल होगा। जिनके साथ अन्याय हुआ उनकी रक्षा मैं करूंगा। रिपोर्ट कार्ड नहीं रेट कार्ड जारी करना चाहिए। प्रदेश सरकार में बिना पैसे कोई काम नहीं होता है। मेरे जिले में झूठी घोषणा करने गए हैं। 4 साल पहले हो चुकी है जो घोषणा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज आपको जनता ने पहचान लिया है। आपको बहुत प्यार से मध्यप्रदेश की जनता विदा करेगी। कहा कि 4 महीने बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहराएगा।
वंदे भारत के बाद शताब्दी एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी
24 Aug, 2023 01:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर ।दिल्ली से रानी कमलापति स्टेशन जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर बुधवार को कुछ लोगों ने पत्थरबाजी कर दी। यह घटना ग्वालियर के नजदीक सिथोली संदलपुर के मध्य हुई। इस दौरान किसी यात्री को चोट तो नहीं आई लेकिन ट्रेन का कांच पूरी तरह से टूट गया। जानकारी के अनुसार नई दिल्ली से रानी कमलापति के लिए रवाना हुई शताब्दी एक्सप्रेस जब ग्वालियर से क्रॉस हुई तो संदलपुर और सिथोली के मध्य इस पर पत्थरबाजी की गई।
इस दौरान ट्रेन के सी-9 कोच का एक कांच पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कोच सी-9 में 28 29 नंबर की सीट के पास का शीशा जब पत्थर लगने से क्षतिग्रस्त हुआ, तो यहां बैठी सवारी अचानक से सक्ते में आ गई।यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। रेलवे झांसी मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह का कहना है कि इस घटना में किसी को भी कोई चोट नहीं आई है। ट्रेन का जो शीशा क्षतिग्रस्त हुआ था उसे झांसी स्टेशन पर बदलवाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया था।तेज रफ्तार ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटना कोई पहली घटना नहीं है।
अभी कुछ दिन पहले ही ग्वालियर रेलवे स्टेशन के नजदीक से ही कुछ नाबालिगों को पकड़ा किया गया था। जो की ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों पर पत्थर फेंका करते थे और रेलवे ट्रैक पर पत्थर रखा करते थे। इसी तरह का मामला एक और भी सामने आया था, जिसमें एक शख्स केवल वंदे भारत ट्रेन पर ही पत्थर बाजी किया करता था। जब उसे पकड़ा गया और पूछताछ की गई। तो उसने बताया कि वह केवल अपने शौक के लिए ऐसा किया करता था। लेकिन यह सभी घटनाएं दर्शाती हैं कि रेलवे पुलिस की सुरक्षा में कितनी कमियां है।
मानसिक रुप से बीमार युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
24 Aug, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। शहर के ऐशबाग थाना इलाके में रहने वाले युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। बताया गया है कि मृतक मानिसक रुप से बीमार था, और काफी इलाज के बाद भी उसे आराम नहीं मिलने से काफी तनाव में रहता था। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र में स्थित माली मार्केट मे रहने वाले अवधनारायण राय पान की दुकान संचालित करते है। उनका 30 वर्षीय बेटा वीरेंद्र पिता की दुकान पर बैठता था। बीती शाम करीब चार बजे वीरेंद्र ने अपने मकान के ऊपर वाले कमरे में पंखे के हुक पर नायलोन की रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। हादसे की जानकारी लगने पर परिवार वालो ने पुलिस को सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया जहॉ से बाद में शव परिवार वालो को सौंप दिया गया। जॉच टीम ने बताया की मौके से कोई सुसाइड नोट या ऐसा सुराग नहीं मिला है जिससे खुदकुशी के कारणो का खुलासा हो सके। शुरुआती जॉच में मृतक के परिवार वालो ने पुलिस को बताया की साल 2011 से वीरेंद्र मानसिक रुप से बीमार चल रहा था। परिवार वाले उसका इलाज डॉक्टर टंडन से करा रहे थे। बीते समय परिवार वालो ने उसका इलाज जबलपुर में भी कराया था, लेकिन कई सालो के इलाज के बाद भी वो ठीक नहीं हो पा रहा था। अपनी बीमारी को लेकर वह काफी डिप्रैशन में रहने लगा था। पुलिस को आंशका है की बीमारी के कारण ही तनाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
शराब दुकान बंद कराने पहुंचे पुलिस कर्मी को शराब कारोबारी के गुर्गो ने सरेराह पाइप से पीटा
24 Aug, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अयोध्या नगर थाना इलाके में रात के समय खुली शराब की दुकान को बंद कराने पहुंचे डायल-100 पर तैनात एक पुलिस आरक्षक और ड्राइवर के साथ शराब कारोबारी के गुर्गो ने आरक्षक की सरेराह पाइप से जमकर पिटाई कर दी। आरक्षक के हाथ में गंभीर चोट आई है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने एक बर्खास्त एसआई को भी आरोपी बनाया है, जो पुलिस की नौकरी छोड़कर शराब कंपनी में काम कर रहा है। पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है, जिसमें तीन आरोपी नजर आ रहे है, जिनमें दो मारपीट कर रहे है। अजीत दुबे, सचिन शांडिल्य और अमित पांडे नामक तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओ में मामला दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियो अजीत और सचिन को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियो का कहना है कि जांच के बाद आरोपियो की संख्या बढ़ सकती हैं। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी ने थाना प्रभारी रितेश शर्मा को सस्पेंड कर दिया है। टीआई को तय समय के बाद थाना इलाके में शराब दुकान खुली रहने के लिए जिम्मेदार माना गया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 42 वर्षीय आरक्षक कल्याण सिंह अयोध्या नगर थाना में पदस्थ हैं, और इन दिनों एफआरवी डायल-100 पर तैनात हैं। 22-23 अगस्त मंगलवार की दरम्यानी रात क़रीब डेढ़ बजे अयोध्या नगर में एफआरवी पैट्रौलिंग के दौरान उन्हें काकड़ा अयोध्या नगर स्थित शराब दुकान का शटर आधा खुला हुआ नजर आया साथ ही दुकान के बाहर ही दुकान के कर्मचारी खुले स्थान पर स्कॉर्पियो गाड़ी के ऊपर रखकर शराब पीते दिखे। आरक्षक कल्याण सिंह ने शराब दुकान के कर्मचारी अमित पांडे, अजीत द्विवेदी और सचिन शांडिल्य को शराब पीने से मना करते हुए दुकान बंद करने को कहा। इसे लेकर आरोपी सचिन, अजीत और अमित ने उसके साथ दुर्व्यवहार करना शुरु कर दिया। कॉन्स्टेबल ने एफआरवी के ड्राइवर अजय को साक्ष्य के तौर पर फोटो खींचने को कहा। इससे अमित गुस्सा हो गया और उसने गालियां बकते हुए धमकाते हुए कहा कि रोज दुकान बंद कराने आ जाता है, तुझे आज जान से खत्म कर देता हूं। इतना कहते हुए अमित गाड़ी से डंडा निकालकर लाया और आरक्षक पर हमला करते हुए उसके सिर पर डंडा मार दिया बचाव करने पर डंडा कल्याण सिंह के हाथ में लगा। इसके बाद आरोपी अजीत ने भी डंडे से वार किया जो कल्याण सिंह के चेहरे पर लगा। इससे कल्याण के मुंह से खून आने लगा। कल्याण सिंह के साथ मारपीट होती देख ड्राइवर अजय उसे बचाने बीच में आया तब आरोपियो ने लाठी-डंडों से आरक्षक और ड्राइवर के साथ मारपीट की। मारपीट में आरक्षक कल्याण सिंह और ड्रायवर अजय घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। पुलिस बल देख आरोपी अमित वहॉ से भाग गया। जबकि पुलिस ने अजीत और सचिन को पकड़ लिया। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिये जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से आरक्षक कल्याण सिंह को हाथ और सिर में गंभीर चोट होने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहॉ उनके हाथ की सर्जरी की जायेगी। अफसरो ने बताया की इस हमले में बर्खास्त एसआइ पुष्पेंद्र सेंगर को भी आरोपी बनाया है। वह पुलिस की नौकरी छोड़कर शराब कंपनी में काम कर रहा है। पुलिसकर्मी के साथ सरेराह मारपीट होती देख वहॉ से गुजर रहे एक कार चालक ने घटना का वीडियो बना लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि शराब दुकान के कर्मचारी बुरी तहर से आरक्षक के साथ मारपीट कर रहे हैं। अधिकारियो का कहना है, कि बताया अभी तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जांच के बाद अन्य आरोपियों पर भी प्रकरण दर्ज किया जा सकता है। साथ ही शराब दुकान पर कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग को चिट्ठी पत्र लिखकर दुकान के खिलाफ नियमों के उल्लंघन के तहत कार्रवाई करने को कहा जाएगा।
प्रदीप मिश्रा - भारत पहले से ही हिन्दू राष्ट्र है और रहेगा
24 Aug, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में 19 अगस्त से शिवमहापुराण कथा सुना रहे पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के अंतिम दिन यानी की 23 अगस्त को कथा के समय में परिवर्तन किया गया था, जिसका समय सुबह 9 बजे से 12 बजे तक के लिए निर्धारित किया गया था। कथा में शामिल होने के लिए राजगढ़ सहित प्रदेश के अन्य जिलों से शामिल होने के लिए श्रद्धालु देर रात से ही डेरा जमाए हुए थे।
वहीं, बुधवार को सुबह से ही पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में शामिल होने के लिए भक्तों की भीड़ कथा स्थल पर रवाना होती हुई नजर आई और कथा के अंतिम दिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।पिछले चार दिनों से आयोजित की जा रही शिवमहापुराण कथा में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे थे। बुधवार को कथा के अंतिम दिन भक्तों ने पिछले चार दिनों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
बुधवार को कथा स्थल महाकुंभ का अनुभव करा रहा था। सड़क पर निकलने के लिए जगह नहीं थी। ब्यावरा से राजगढ़ व राजगढ़ से ब्यावरा जाने वाले वाहनों के मार्गों को भी परिवर्तित किया गया था। मीडिया से चर्चा के दौरान पंडित प्रदीप कुमार मिश्रा ने भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाये जाने वाले सवाल पर बढ़े ही सरल शब्दों में जवाब देते हुए कहा कि,भारत पूर्व से ही हिन्दू राष्ट्र था, है और रहेगा, अलग से हिन्दुराष्ट्र बनाकर हम क्या करेंगे।
मांगों को लेकर अड़े सरकारी कर्मचारी, कल सामूहिक अवकाश लेकर करेंगे हड़ताल
24 Aug, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बैतूल। अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के बैनर तले कल जिले के अधिकारी-कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश लेकर एक दिवसीय आंदोलन करेंगे।संयुक्त मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल कापसे ने बताया कि अधिकारी कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। अनेकों बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद आज दिनांक तक मांगों को पूर्ण नहीं किया गया है, इसके विरोध में समस्त विभागो के अधिकारी व कर्मचारी 25 अगस्त को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
संयुक्त मोर्चा के द्वारा मांग की जा रही है कि समस्त विभागों के लिपिक को मंत्रालय के समान समयमान दिया जाए। एक जनवरी 2005 के पश्चात नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन दी जाए। वर्ष 2016 से बंद पदोन्नति प्रारंभ की जाए। महंगाई भत्ते का एरियर की राशि देय तिथि में दिया जाए।सहायक ग्रेड 3 का पद नाम परिवर्तित किया जा कर सहायक ग्रेड तीन कम डाटा एंट्री ऑपरेटर करते हुए ग्रेड पे 2400 जाए। अधिकारी-कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मंत्री परिषद के आदेश चार अप्रैल 2020 के संदर्भ में किया जाए।
भ्रत्य का नाम परिवर्तित किया जा कर कार्यालय सहायक किया जाए, साथ ही ग्रेड पे 1300 से 1800 किया जाए।विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाए।अनुकंपा नियुक्ति सहायक ग्रेड-3 को निर्धारित समय अवधि सीपीसीटी परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाने के कारण सेवा समाप्त ना किया जाए। वाहन चालक का पद नाम परिवर्तित कर पायलट/व्हीकल/ऑपरेटर किया जाए, प्राथमिक शिक्षक-माध्यमिक शिक्षक-उच्च माध्यमिक शिक्षकों को प्रथम एवं द्वितीय क्रमोन्नति का लाभ दिया जाए।
वन विभाग के कर्मचारियों को बिना जांच के आपराधिक प्रकरणों में किसी भी प्रकार की गिरफ्तारी न की जाए, पटवारी संवर्ग का ग्रेड पे 2800 किया जाए, आरक्षक पुलिस का ग्रेड पे 1900 के स्थान पर 2400 किया जाए, सीधी भर्ती के पदों पर दिए जा रहे स्टाइपेंड और 70, 80 एवं 90 प्रतिशत के स्थान पर नियुक्ति दिनांक से संबंधित पद का वेतनमान दिया जाए।सभी कर्मचारियों को एक हायर पे स्केल का लाभ प्रदान किया जाए।
28 अगस्त को CM शिवराज करेंगे सुविधाओं का लोकार्पण
24 Aug, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । हमीदिया अस्पताल का आकस्मिक वार्ड 28 अगस्त को नए भवन में शिफ्ट हो जाएगा। यहां मरीजों को अत्याधुनिक बेहतर उपचार की सभी सुविधाएं मिलेंगी।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में लगभग 727 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन करेंगे।
इससे पहले चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बुधवार को विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गांधी चिकित्सा महाविद्यालय के नवीन भवन में तैयारियों को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।मंत्री सारंग ने व्यवस्थाओं को लेकर चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं जीएमसी के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक भी ली।
इस दौरान अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान, भोपाल कलेक्टर आशीष सिंह, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा गोपाल चंद्र डाड, अपर आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा डॉ पंकज जैन, अधिष्ठाता गांधी चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. सलील भार्गव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जीएमसी के पूर्व डीन और चिकित्सक भी होंगे शामिल बैठक के दौरान मंत्री सारंग ने गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में होने जा रहे कार्यक्रम में पूर्व अधिष्ठाताओं, पूर्व चिकित्सा शिक्षकों, पूर्व अधीक्षकों व हमीदिया अस्पताल में अपनी सेवाएं दे चुके विशेषज्ञ चिकित्सकों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गांधी चिकित्सा महाविद्यालय व है।
गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में दो हजार बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण कार्य लागत 482.5 करोड़ रुपये - नवीन ओपीडी. भवन का निर्माण लागत 17.52 करोड़ रुपये -नर्सिंग कालेज एवं हास्टल तथा ओपीडी रजिस्ट्रेशन काउंटर लागत 27.04 करोड़ रुपये -गांधी चिकित्सा महाविद्यालय में 150 से 250 सीट एवं पीजी सीट वृद्धि परियोजना के कार्य लागत 199.11 करोड़ रुपये
रोशनी का शहर बन गया विश्व प्रसिद्ध सांची
24 Aug, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। विश्व प्रसिद्ध सांची शहर के नागरिकों के घरों और सरकारी कामों में होने वाले बिजली खर्च में सालाना सात करोड़ की बचत होगी। सांची की पहचान विश्व धरोहर स्थल के रूप में है। अब सांची को प्रदेश की पहली सोलर सिटी की नई पहचान मिल गई है। सांची अब रात में भी जगमगाने लगा है। यह रोशनी का का शहर बन गया है।
चाय की दुकान चलाने वाले अनिकेत कुशवाह कहते हैं कि सड़क पर लगी सोलर लाइट से हमारी दुकान में भी रोशनी रहती है। सांची शहर के वार्ड दस में रहने वाले मनोज राजपूत का कहना है कि मुख्य मार्ग पर सब जगह सोलर लाईट लग गई है। सौर ऊर्जा का महत्व अब समझ में आ रहा है। हमारे बच्चों का भी ज्ञान बढ़ रहा है। सोलर लाइट के बारे में वे कई सवाल करते हैं।
सीएम राईज स्कूल सांची में कक्षा 9 के छात्र राजीव ठाकुर कहते हैं कि - हम बिलौरी गांव में रहते हैं । अक्सर रात में सांची आना जाना पड़ता है। पहले अंधेरा रहता था। अब सड़कों पर काफी रोशनी है। हमने सौर ऊर्जा के बारे में पढ़ा था। अब हमारे सामने पूरा सिस्टम लगा है। जिला कलेक्टर और सभी अधिकारियों को हम हमारे दोस्तों की ओर से धन्यवाद देना चाहते हैं।
अन्य छात्र आर्यन साहू इस बात से खुश है कि कोचिंग से घर जाने में लेट भी हो जाते है समस्या नहीं होती। वार्ड 10 के किराना व्यापारी गौरव सिंह कहते हैं कि पहले बिजली जाने पर हमें परेशानी होती थी। दुकान और घर के सामने अंधेरा हो जाता था। अब शाम होते ही सोलर लाईट चालू हो जाती है।
वार्ड 7 में रहने वाले विमल धानक कहते हैं कि सांची में आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिल गई है। सब जगह रोशनी हो गई है। स्तूप जाने वाली रोड पर लोगों के बैठने के लिए चेयर लग गई है यहां सौर ऊर्जा से मोबाईल भी चार्ज कर सकते हैं। हमारे शहर में ऐसा बदलाव देखकर हम बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं।
मेडिकल दुकान के संचालक सत्येंद्र सोनी कहते हैं सौर ऊर्जा को किताबों में ही पढ़ा था। अब देख भी लिया। घरों में सौर ऊर्जा से उपकरण चलेंगे तो बिजली खर्च में कमी आयेगी।
श्रीमती सुनीता देवी गृहिणी हैं और उन्होने सांची सोलर सिटी बनते ही ठान लिया कि टीवी, पंखा सब सोलर से ही चलायेंगे। वे बताती हैं कि उनके वार्ड 12 में सौर ऊर्जा लाईट के कारण रात में भरपूर उजाला रहता है। वार्ड 12 की ही रहने वाली हेमलता वर्मा गृहिणी हैं। वे कहती हैं कि सांची का मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी बनना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। इसी वार्ड की निधि राजपूत एवं ईशु राजपूत बताती हैं कि हमारी और हमारे शहर की पहचान बढ़ गई है।