मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
चाट विक्रेता की अनोखी पहल, चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर फ्री में खिलाई पानी पुरी
24 Aug, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । मिशन चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर जहां देशभर में उत्साह का माहौल है और लोग पूरे देश में अलग अलग तरह से जश्न मना रहे हैं और सेलिब्रेट कर रहे हैं, लेकिन सबसे अनोखे अंदाज में ग्वालियर के एक चाट विक्रेता ने इस जश्न को सेलिब्रेट किया। चंद्रयान की सफलता पर अपने ग्राहकों को फ्री में पानी पुरी खिलाई इस दौरान दुकान पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली और उत्साह भी नजर आया।
ग्वालियर के द्वारकाधीश मंदिर के पास चाट का कारोबार करने वाले अशोक कुमार प्रजापति ने चंद्रयान की सफलता पर देश के वैज्ञानिकों को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए बुधवार को अपने चाट सेंटर पर लोगों को फ्री में पानी पूरी खिलाई और इस जश्न को सेलिब्रेट किया। अशोक कुमार ने कहा कि मैं किसी व्यक्तिगत दल से जुड़ा हुआ नहीं हूं।
लेकिन देश के वैज्ञानिकों ने जो उपलब्धि देश को दी है इसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। मुझे बेहद ही खुशी है कि आज हम चंद्रमां पर पहुंच चुके हैं, इसलिए आज मैंने ग्राहकों के लिए पानी पुरी की सेवा को फ्री रखा है हमारे वैज्ञानिकों ने जो इतिहास रचा है इसकी जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है और देश के 140 करोड़ देशवासी आज वैज्ञानिकों की इस उपलब्धि पर गौरवांवित हैं।
Chandrayaan-3 की सक्सेस में भोपाल के सचिन और नितिन का भी रहा मेन रोल
24 Aug, 2023 10:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के पीछे भोपाल के दो युवाओं का भी अहम योगदान रहा है।इसरो की अपार सफलता पर अयोध्या नगर निवासी सचिन कुमार मालवीय ने भी इसरो के वैज्ञानिक के रूप में कमाल का योगदान दिया है। इसरो के मिशन चंद्रयान-3 के क्रियान्वयन में उन्होंने सहयोग प्रदान किया।वहीं, अरेरा कॉलोनी निवासी नितिन भारद्वाज ने चंद्रयान-3 की क्रियान्वयन टीम के सदस्य के रूप में अपनी उपयोगिता साबित की।चांद तक अभी केवल अमेरिका, रूस और चीन लैंडर को उतार सके हैं। लैंडर विक्रम के चांद की सतह पर उतरने के साथ ही भारत ऐसा करने वाला दुनिया का चौथा देश बन चुका है, जबकि चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जाने वाला भारत पहला देश बन चुका है।भारत ने पहले भी चंद्रयान-2 मिशन के तहत लैंडर उतारने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी खामी के चलते वो क्रैश हो गया था।
सोलर सिटी बनने से सांची के लोगों को होगी सालाना सात करोड़ की बचत
23 Aug, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : विश्व प्रसिद्ध सांची शहर के नागरिकों के घरों और सरकारी कामों में होने वाले बिजली खर्च में सालाना सात करोड़ की बचत होगी। सांची की पहचान विश्व धरोहर स्थल के रूप में है। अब सांची को प्रदेश की पहली सोलर सिटी की नई पहचान मिल गई है। सांची अब रात में भी जगमगाने लगा है। यह रोशनी का का शहर बन गया है।
चाय की दुकान चलाने वाले अनिकेत कुशवाह कहते हैं कि सड़क पर लगी सोलर लाइट से हमारी दुकान में भी रोशनी रहती है। सांची शहर के वार्ड दस में रहने वाले मनोज राजपूत का कहना है कि मुख्य मार्ग पर सब जगह सोलर लाईट लग गई है। सौर ऊर्जा का महत्व अब समझ में आ रहा है। हमारे बच्चों का भी ज्ञान बढ़ रहा है। सोलर लाइट के बारे में वे कई सवाल करते हैं।
सीएम राईज स्कूल सांची में कक्षा 9 के छात्र राजीव ठाकुर कहते हैं कि - हम बिलौरी गांव में रहते हैं । अक्सर रात में सांची आना जाना पड़ता है। पहले अंधेरा रहता था। अब सड़कों पर काफी रोशनी है। हमने सौर ऊर्जा के बारे में पढ़ा था। अब हमारे सामने पूरा सिस्टम लगा है। जिला कलेक्टर और सभी अधिकारियों को हम हमारे दोस्तों की ओर से धन्यवाद देना चाहते हैं।
अन्य छात्र आर्यन साहू इस बात से खुश है कि कोचिंग से घर जाने में लेट भी हो जाते है समस्या नहीं होती। वार्ड 10 के किराना व्यापारी गौरव सिंह कहते हैं कि पहले बिजली जाने पर हमें परेशानी होती थी। दुकान और घर के सामने अंधेरा हो जाता था। अब शाम होते ही सोलर लाईट चालू हो जाती है।
वार्ड 7 में रहने वाले विमल धानक कहते हैं कि सांची में आने वाले पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिल गई है। सब जगह रोशनी हो गई है। स्तूप जाने वाली रोड पर लोगों के बैठने के लिए चेयर लग गई है यहां सौर ऊर्जा से मोबाईल भी चार्ज कर सकते हैं। हमारे शहर में ऐसा बदलाव देखकर हम बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं।
मेडिकल दुकान के संचालक सत्येंद्र सोनी कहते हैं सौर ऊर्जा को किताबों में ही पढ़ा था। अब देख भी लिया। घरों में सौर ऊर्जा से उपकरण चलेंगे तो बिजली खर्च में कमी आयेगी।
श्रीमती सुनीता देवी गृहिणी हैं और उन्होने सांची सोलर सिटी बनते ही ठान लिया कि टीवी, पंखा सब सोलर से ही चलायेंगे। वे बताती हैं कि उनके वार्ड 12 में सौर ऊर्जा लाईट के कारण रात में भरपूर उजाला रहता है। वार्ड 12 की ही रहने वाली हेमलता वर्मा गृहिणी हैं। वे कहती हैं कि सांची का मध्यप्रदेश की पहली सोलर सिटी बनना हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। इसी वार्ड की निधि राजपूत एवं ईशु राजपूत बताती हैं कि हमारी और हमारे शहर की पहचान बढ़ गई है।
स्कूटी पाकर अभिभूत है दिव्यांग ममता
23 Aug, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री स्कूटी वितरण कार्यक्रम में आज स्कूटी पाने के बाद भोपाल के शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ममता यादव बहुत खुश हैं। ममता के माता-पिता मजदूरी करते हैं। ममता, मामा शिवराज सिंह चौहान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहती हैं कि वह शासकीय सहायता से अपनी पढ़ाई जारी रखेंगी। ममता अपनी शिक्षिका कल्पना मिश्रा की भी शुक्रगुजार हैं, जिन्होंने लायसेंस बनवाने से लेकर हर कदम पर बहुत मदद की।
योजना में स्कूल में प्रथम आने वाले 12वीं कक्षा की ममता यादव और विकास राजपूत का चयन हुआ है। विकास को दृष्टिबाधित होने के कारण आज स्कूटी नहीं मिल पाई। उनको स्कूटी देने की प्रक्रिया जारी है। दृष्टिबाधित बच्चों को एक अटेंडर प्राप्त होता है। अटेंडर के लायसेंस द्वारा ही अटेंडर हितग्राही को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाता है।
शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भोपाल का संचालन सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा किया जाता है। विद्यालय में प्री-प्रायमरी से 12वीं तक कक्षाएँ संचालित हैं। श्रवणबाधित बच्चों को सांकेतिक और दृष्टिबाधित बच्चों को ब्रेल लिपि में पढ़ाया जाता है।
सत्संग, संकीर्तन, समर्पण और सेवा का अद्भुत संगम है स्नेह यात्रा
23 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश के सभी जिलों में स्नेह यात्रा ने पिछले आठ दिनों में सेवा, संकल्प और संतों के प्रति सेवा भाव का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। प्रदेश के हजारों गांवों की सेवा बस्तियों में स्नेह यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत हुआ है। स्नेह यात्रा के स्वागत की इस पुनीत बेला में गांवों की सेवा बस्तियों में समाज के सभी वर्गों ने अपनी सहभागिता दी है। संतों के स्वागत और सत्संग में बढ़चढ़ कर भाग लिया गया है। स्नेह यात्रा सत्संग, संकीर्तन, सेवा, समर्पण और संकल्प का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर रही है।
प्रदेश के इतिहास में यह पहला अवसर है जब यात्रा के माध्यम से देशभर से यात्रा का नेतृत्व कर रहे पूज्य संत वंचित समाज के लोगों की चौखट पर दस्तक दे रहे हैं। संतों का सानिध्य पाकर लोग अपने आपको सौभाग्यशाली मान रहे हैं।
दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही यात्रा की लोकप्रियता
स्नेह यात्रा ने इन आठ दिनों में अपनी लोकप्रियता और भव्यता को चरम पर पहुंचा दिया है। लोगों की सक्रिय सहभागिता ने यात्रा को सार्थकता प्रदान की है। यात्रा की दिन-प्रतिदिन बढ़ती लोकप्रियता से पूज्य संतजनों में भी उत्साह और उमंग का भाव प्रकट हो रहा है। साथ ही लोग भी संतजनों के स्नेह और आत्मीयता को आत्मसात करते हुए सत्संगों और संकीर्तन में बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं। साथ ही सहभोज में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।
70 से अधिक संतों को मिला सानिध्य
स्नेह यात्रा में पिछले आठ दिनों में 70 से अधिक संतों का सानिध्य प्राप्त हो चुका है। इसके अलावा 500 से अधिक स्थानीय संत भी यात्रा में सम्मिलित हो चुके हैं। पूज्य संतों के जन-संवादों से जन-जन का जुड़ाव बढ़ता जा रहा है। गाँवों के सभी वर्ग के पुरूष, महिलाएँ और युवा इन संवादों का श्रवण करने के लिए संवाद स्थल पर पहुँच रहे हैं। संतों के संवाद कार्यक्रम और सेवा बस्तियों में भ्रमण यात्रा का आकर्षण का केन्द्र हैं। जिसमें अब तक 7 लाख लोगों से अधिक प्रयत्क्ष सहभागिता हो चुकी है।
जन-जन से जुड़ाव, गाँव-गाँव में प्रवास
स्नेह यात्रा का प्रमुख आधार गाँव हैं। गाँव की सेवा बस्तियों में संतों का आगमन निरंतर हो रहा है। आगे-आगे संत चल रहे हैं और उनके पीछे गाँववासी जयकारों के साथ चल रहे हैं। मार्गों में संतजन लोगों को रक्षा सूत्र बांधकर स्नेहता का संदेश दे रहे हैं और समाज में व्याप्त भेदभाव को मिटाने का संकल्प दिलवा रहे हैं। यात्रा मार्गों में संतजनों का फूलमालाओं से स्वागत हो रहा है। यात्रा में अब तक 3 हजार 980 से अधिक बस्तियाँ और ग्राम शामिल हो चुके हैं।
सार्थकता की ओर स्नेह यात्रा
प्रदेश में स्नेह यात्रा एक उददेश्य और एक भाव को लेकर संचालित की जा रही है। अभी तक यात्रा से मिले फीडबैक को देखते हुए कहा जा सकता है कि यात्रा अपने उददेश्य और भाव में सार्थकता प्रदान कर रही है। लोगों की सहभागिता और संतजनों का सानिध्य यात्रा को सफल बनाने में एक महत्वपूर्ण पहलू है। निरंतर यात्रा में हो रही भागीदारी दर्शाती है कि शासन ने जो प्रयास किये हैं वह सफल साबित होंगे।
योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 16 अगस्त से 26 अगस्त तक निकाली जा रही स्नेह यात्रा का संयोजन म.प्र. जनअभियान परिषद के माध्यम से किया जा रहा है। यात्रा में सहभागी संगठन अखिल विश्व गायत्री परिवार, रामचंद्र मिशन, योग आयोग संस्थान, पतंजलि योग पीठ एवं आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास हैं। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर कार्यरत धार्मिक सांस्कृतिक संगठन भी यात्रा में बढ़चढ़ कर यात्रा में सहभागिता कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने गोस्वामी तुलसीदास की जयंती पर किया नमन
23 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रामचरित मानस के रचयिता महाकवि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में गोस्वामी तुलसीदास के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री चौहान ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि "अपनी साहित्य साधना, अपने सांस्कृतिक-लोकजतन से समाज में स्वतंत्र चेतना की लौ को तुलसीदास जी ने प्रज्ज्वलित रखा। सनातन संस्कृति के अद्वितीय लोकनायक के रूप में उनका ओजस्वी व्यक्तित्व हमें सदैव लोक-कल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।"
मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों के साथ किया पौध-रोपण
23 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में नीम, करंज और जामुन के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के 25वें स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष सुनील गुप्ता तथा विद्यार्थियों नें पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री के साथ निधि जोशी, सिद्धांत मीणा और वीणा सिंधु ने अपने जन्म-दिवस पर पौधे लगाए। सौमित्र जोशी, कुमारी आर्या जोशी, कविता अनुरागी, शुभेंद्र सिंधु, बृजेश मीणा, कल्पना मीणा भी पौध-रोपण में शामिल हुईं। तीन वर्षीय बालिका कुमारी अद्विका जैन के जन्म- दिवस पर परिजन अर्पित जैन और राशि जैन ने भी पौधे रोपे।
ओबीसी आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिका निरस्त
23 Aug, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रदेश में पटवारी परीक्षा में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण को चुनौती देने वाली याचिका मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने निरस्त कर दी। जबलपुर निवासी शिवम शुक्ला ने याचिका दायर कर पटवारी ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ता की ओर से कहा गया था कि पिछले तीन वर्षों में हाई कोर्ट कई प्रकरणों में शासन को अंतरिम निर्देश दिए हैं कि ओबीसी को 27 नहीं वरन 14 प्रतिशत आरक्षण ही दिया जाए। इसके बावजूद सरकार ने जनवरी में विज्ञापन जारी कर पटवारी सहित अन्य पदों पर होने वाली नियुक्तियों में ओबीसी को 27 प्रतिशत का आरक्षण दिया है। हाई कोर्ट को अवगत कराया गया कि पटवारी परीक्षा के बाद चयन सूची जारी कर दी गई है, लेकिन नियुक्ति नहीं दी गई है। ओबीसी की ओर से विशेष अधिवक्ता रामेश्वर सिंह ठाकुर व विनायक शाह ने पक्ष रखा। उन्होंने याचिका निरस्त करने पर बल दिया। प्रशासनिक न्यायाधीश शील नागू व जस्टिस अमरनाथ केसरवानी की युगलपीठ ने साफ किया याचिकाकर्ताओं ने पात्रता के लिए न्यूनतम अंक हासिल नहीं किए हैं। लिहाजा, याचिका पोषणीय नहीं है।
अगस्त में मानसून पडा कमजोर, कम बारिश से बढेगी परेशानी
23 Aug, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बारिश के चालू सीजन में मानसून कमजोर पड गया है। अगस्त महीने में बारिश कम होने से हालात बिगड़ने लगे हैं। अच्छी बारिश नहीं होने से किसान चिंतित है। चालू सीजन में जहां अभी तक प्रदेश में अभी तक औसत से सात प्रतिशत कम बारिश हुई है। 52 में से 11 जिलों में सामान्य से 40 प्रतिशत तक कम वर्षा हुई है। सिर्फ चार जिलों में ही सामान्य से अधिक बारिश हुई है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में उत्तरी मप्र के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात काफी कमजोर पड़ चुका है। मानसून द्रोणिका भी अपनी सामान्य स्थिति से ऊपर उठकर उत्तर प्रदेश से गुजर रही है। इसके दो दिन में हिमालय की तलहटी में जाने के आसार हैं। इस वजह से मानसून की गतिविधियां एक बार फिर थम सकती हैं। उधर मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक ग्वालियर में 3.6, खंडवा में दो, मलाजखंड में 0.6, उज्जैन में 0.4, इंदौर एवं भोपाल में 0.2 मिलीमीटर बारिश हुई। नर्मदापुरम में बूंदाबांदी हुई। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण में नमी बरकरार रहने के कारण आंशिक बादल बने रहेंगे। बुधवार को ग्वालियर, सागर, रीवा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। शेष संभागों के जिलों में मौसम साफ होने लगेगा। किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के नहीं रहने से मानसून की गतिविधियों में अब कमी आने लगेगी। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तरी मप्र के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में बना चक्रवात कमजोर पड़ गया है। इसके बुधवार को समाप्त होने के आसार हैं। मानसून द्रोणिका राजस्थान, उत्तर प्रदेश, झारखंड से होकर मणिपुर तक बनी हुई है।
चंद्रयान 3 पर बोले सीएम शिवराज- लगातार सिद्ध हो रहा है कि भारत सबसे आगे है
23 Aug, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । इसरो द्वारा प्रक्षेपित चंद्रयान 3 आज चंद्रमा की सतह पर लैडिंग करने जा रहे है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसको लेकर कहा कि सारा देश आज गर्व से भरा हुआ है। मन आनंद और प्रसन्नता से सरोबार है। सीएम शिवराज ने कहा, मैं भारत के वैज्ञानिकों को हृदय से धन्यवाद देता हूं, जिनकी बुद्धिमत्ता और परिश्रम के कारण यह क्षण आए हैं।
देश के लिए गौरव और आनंद का दिन
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को भी प्रमाण करता हूं। जिनके नेतृत्व में भारत लगातार असाधारण उपलब्धियां हासिल कर रहा है। आज का देश के लिए गौरव, आनंद और प्रसन्नता का दिन है। यह लगातार सिद्ध होता जा रहा है कि भारत अब सबसे आगे है। यह हमारे लिए एक नया कीर्तिमान है।
एमपी के स्कूलों में दिखाया जाएगा चंद्रयान की लैंडिंग का लाइव प्रसारण
मध्य प्रदेश के सभी स्कूलों में चंद्रयान 3 की लैंडिंग का लाइव प्रसारण बच्चों को दिखाया जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को इसके लि निर्देश दिए गए हैं। शाम 5.27 से 6.30 तक स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए विशेष सभा के आयोजन की तैयारी है। इसके साथ ही जो विद्यार्थी आज लाइव प्रसारण नहीं देख पाएंगे उनके लिए गुरुवार को इसकी रिकार्डिंग दिखाने की व्यवस्था की गई है।
गुटखे के पैसै मांगने पर चार युवको ने पान गुमठी संचालक पर चाकू से कर दिया हमला
23 Aug, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कटारा हिल्स थाना इलाके में गुटखा लेने पर जब गुमठी संचालक ने पैसै देने को कहा तब आरोपी ने अपने साथियो के साथ मिलकर उससे जमकर मारपीट कर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार लहापुर बागमुगालिया कटारा हिल्स में रहने वाले 52 वर्षीय श्याम सिंह राजपूत पिता मुल्लू सिंह राजपूत लहारपुर मार्केट में पान की दुकान चलाते हैं। रात करीब 10 बजे वे दुकान बंद कर रहे उसी दौरान पास में मोबाइल की दुकान चलाने वाला मनोज वर्मा आया और उसने गुटखा देने को कहा। श्याम सिंह ने उसे गुटखा दे दिया, जिसे लेकर मनोज बिना पैसै दिये जाने लगा। श्याम ने उससे पैसै देने को कहा तब उसने गालियां देनी शुरु कर दी। पिता से गाली गलौच होती देख बेटे अजय ने मनोज का विरोध करते हुए गाली देने से मना किया। हंगामे की आवाज सुनकर मनोज के तीन साथी भी वहां आ गए। इसके बाद चारों ने श्याम से मारपीट शुरु कर दी। मारपीट के बीच एक आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाल कर श्याम सिंह के पैर पर वार कर उसे घायल कर दिया। मौके पर मौजूद बेटे अजय ने मदद के लिए शोर मचाया जिसे सुन अन्य लोग वहां पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी मनोज श्याम को मार डालने की धमकी देकर अपने दोस्तो के साथ वहां से भाग गया। वारदात में श्याम को पैर में गंभीर घाव आये है, उसका बागसेवनिया स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
हाइवे पर बैठी गाय को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दंपत्ति हादसे का शिकार, पत्नी की मौत
23 Aug, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मिसरोद थाना इलाके में रात के समय मेन रोड पर बैठी गाय को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दंपत्ति हादसे का शिकार होकर गंभीर रुप से घायल हो गये। इलाज के दौरान पत्नि की हॉस्पिटल में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार औबेदुल्लागंज के बरखेड़ा पिपलानी में रहने वाले दीप सिंह ने बताया की वह रविवार रात वह पत्नी रेखा सिंह (38) को बाइक से लेकर सीहोर में रहने वाले अपने बेटे के पास जा रहे थे। मिसरोद इलाके में स्थित राधापुरम कॉलोनी के सामने सड़क पर अचानक गाय नजर आने पर उसे बचाने के प्रयास में उन्होनें बाइक मोड़ी तो सामने गड्ढा आ गया। गड्ढे में जाकर बाइक बेकाबू होकर गिर गई। घटना में दीप सिंह को कम लेकिन चेहरे के बल गिरने से उनकी पत्नी को मुंह और सिर में गंभीर चोट आई थी। जैसै-तैसै दोनो को इलाज के लिये मंडीदीप के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां रेखा सिंह की हालत बिगड़ती देख उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हमीदिया में इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार नाजूक होती गई, आखिरकार बीती सुबह उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है।
मप्र में रुक-रुककर वर्षा का दौर जारी
23 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। सोमवार को राजधानी में भी पूरे दिन बादल छाए रहे और रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। इसके कारण तापमान बढ़ा तो नहीं, लेकिन वर्षा की मात्रा बेहद कम होने के बीच उमस ने जरूर सताया। मंगलवार से राजधानी सहित कई इलाकों में मौसम खुल जाएगा। वहीं, विभाग ने ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और शहडोल में बारिश के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो मध्य प्रदेश में वर्तमान में तीन मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इसके कारण वर्षा के आसार बन रहे हैं। सोमवार को गुना में चार, इंदौर 2.4, सतना दो, मालाजखंड में दो, धार में दो, शिवपुरी में दो, उज्जैन में 0.6 और सागर में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रदेश के पूर्व-उत्तर और छत्तीसगढ़ के हिस्से में निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय था। साथ ही चक्रवाती घेरा भी था। एक दिन पहले यह चक्रवाती घेरा प्रदेश के मध्य क्षेत्र में आ गया। इससे प्रदेश के मध्य क्षेत्र में वर्षा के आसार बने। विभाग का अनुमान है कि यह प्रणाली महज 24 घंटे के लिए बनी थी। यह स्वत: कमजोर पड़ रही है, इसके बाद से मंगलवार से मौसम खुलेगा। वहीं उत्तरी मध्यप्रदेश में अगले दो दिन वर्षा के आसार बने हुए हैं। सिंह ने बताया कि कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में उत्तरी मध्य प्रदेश के मध्य में बना हुआ है। मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा से मप्र में बने कम दबाव के क्षेत्र से होकर रायपुर, गोपालपुर से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अतिरिक्त पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ भी बना हुआ है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश में कहीं-कहीं मध्यम स्तर की वर्षा हो रही है। हालांकि कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ गया है। इसके ऊपरी हवा के चक्रवात के रूप में परिवर्तित होकर आगे बढ़ने की संभावना है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सेवढ़ावासियों को दी सौगात
23 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दतिया । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सेवढ़ा के लिए सौगात की झड़ी लगा दी। शिवराज सिंह ने लाडली बहना कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सेवढ़ा के लिए सीएम राइज स्कूल इसी साल बनाने की घोषणा की। रतनगढ़ माता पर अद्भुत लोक, बस स्टैंड, नपा भवन कार्यालय एवं नगर विकास के लिए पांच करोड़ ओर रतनगढ़ माता मन्दिर पर चल रहे विकास के लिए अतिरिक्त पांच करोड़ की राशि की घोषणा की है। जिससे पूरा सभा स्थल शिवराज सिंह चौहान के जयकारों से गूंज उठा।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीच में सवा साल की कांग्रेस की सरकार रही थीं। कांग्रेस की सरकार ने मेरी सभी योजनाओं को बंद कर दिया था, तीर्थ योजना बंद कर दी। जच्चा बच्चा के चार हजार रुपये बंद कर दिए। ऐसी कई योजनाएं जो जनता से जुड़ी थी, वो सब बंद कर दी थी। अब भाजपा की सरकार में जनता सभी योजनाओं का लाभ ले रही है। सेवढ़ा में पहले न सड़क थी, न बिजली। अब सब मिल रहा है।
स्वतंत्रता सेनानियों को मिलने वाली सम्मान राशि बढ़ाई गई
23 Aug, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लोकतंत्र सेनानी की सम्मान निधि अब 30 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है। इसके साथ ही जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और लोकतंत्र सेनानी एक माह से कम निरुद्ध रहे हैं। उनकी सम्मान निधि 10 हजार रुपये प्रतिमाह की गई है।
वहीं, मध्य प्रदेश में लोकतंत्र सेनानियों को प्रदेश स्थित रेस्ट-हाउस अथवा विश्राम-गृहों में अधिकतम दो दिन तक ठहरने की सुविधा भी दी गई है। यह सुविधा उन्हें 50 प्रतिशत राशि भुगतान करने पर उपलब्ध रहेगी। लोकतंत्र सेनानियों को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के समान नई दिल्ली स्थित मध्य प्रदेश भवन में ठहरने की सुविधा दिए जाने के संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्देश जारी किए हैं।
सरकार द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि लोकतंत्र सेनानी के शासकीय कार्यालयों में पहुंचने पर सम्मानपूर्वक व्यवहार किया जाए। मंत्रालय सहित अन्य कार्यालयों में अधिकारियों से मुलाकात के लिए प्रवेश-पत्र संबंधी सुविधा दी जाए। लोकतंत्र सेनानी के दिवंगत होने पर उनके परिवार को दी जाने वाली निधि राशि आठ हजार रुपये की गई है।