मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
महाराज का शिवपुरी गुना लोकसभा सीट से मोहभंग!
3 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर में तलाश रहे राजनीतिक जमीन
भोपाल । ज्योतिरादित्य सिंधिया अब ग्वालियर में अपनी चुनावी जमीन तलाश रहे हैं और लगातार ग्वालियर में सक्रिय हैं। लोकसभा चुनाव से पहले सिंधिया अलग-अलग समाजों के साथ बैठक कर रहे हैं। सिंधिया तीन दिवसीय दौरे पर ग्वालियर में है। ग्वालियर में अलग-अलग समाजों में अपनी पैठ बनाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने 3 दिन में खटीक समाज, पंजाबी समाज, बाल्मिकी समाज, रजक समाज, जैन समाज, ब्राह्मण समाज सहित अन्य समाजों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके अलावा वे ग्वालियर में हो रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण समय-समय पर कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि गुना शिवपुरी संसदीय क्षेत्र को ग्वालियर सिंधिया राजघराने का गढ़ माना जाता है। क्योंकि उपचुनाव सहित 20 चुनाव में सिंधिया राजघराने के प्रतिनिधियों को 14 बार जीत मिली। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की दादी विजया राजे सिंधिया 6 बार, पिता माधवराव सिंधिया चार बार और स्वयं ज्योतिरादित्य सिंधिया 4 बार चुनाव जीते हैं। इसके बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में ज्योतिरादित्य सिंधिया गुना शिवपुरी संसदीय सीट पर के पी यादव से चुनाव हारे थे। अब महाराज का गुना- शिवपुरी संसदीय क्षेत्र से मोहभंग होता हुआ नजर आ रहा है।
कांग्रेस में कोई बड़ा चेहरा नहीं
भाजपा के कद्दावर नेता जयभान पवैया से सिंधिया परिवार को खतरा बना था, लेकिन अब सिंधिया भाजपा में शामिल हो गए हैं ऐसे में जयभान पवैया उनके साथ हैं। सिंधिया के खिलाफ कांग्रेस में कोई बड़ा चेहरा चुनाव के लिए नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में कयास यही लगाया जा रहा है कि इस बार महाराज ग्वालियर से चुनाव लड़ सकते हैं।
कांग्रेस का आरोप- सिंधिया की जमीन नहीं बचेगी
उनके ग्वालियर में अलग-अलग समाजों की बैठक को लेकर कांग्रेस का बयान सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक सिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस कभी वर्गों को बांटने का काम नहीं करती बल्कि मिलकर देश को चलाने का काम किया है। भाजपा लोगों को जाति में बांटने का काम कर रही है, इसीलिए सिंधिया अलग-अलग समाज के लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि पहले वे 2023 के चुनाव में अपने समर्थक विधायकों को ही चुनाव जीता लें। सिंधिया के ग्वालियर से चुनाव लडऩे को लेकर कहा कि सिंधिया की जमीन नहीं बचेगी।
सिंधिया परिवार का सभी समाजों से पुराना संबंध
कांग्रेस के इस बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। सिंधिया ने कहा कि मैं उसमें रुचि नहीं रख रहा कि कांग्रेस क्या कर रही है। भारतीय जनता पार्टी की सोच है कि सबका साथ और सबका विकास और सब का प्रयास। उसी सोच और विचारधारा के आधार पर हमारा दायित्व है कि अलग-अलग समाज को प्रदेश और देश के विकास में जोड़ा जाए। भारत एक गुलदस्ता है और उस गुलदस्ते में हर समाज का प्रतिनिधित्व होना चाहिए। सिंधिया परिवार का ग्वालियर के लोगों से प्राचीन संबंध है। इन उद्देश्यों के साथ अलग-अलग समाजों के साथ बैठक कर रहे हैं। ग्वालियर सदैव एक गुलदस्ता रहा है और उसी गुलदस्ते को मजबूती प्रदान करना और सब को साथ में लेकर चलना हमारा दायित्व है।
पुराने नेताओं को एकजुट करने की चुनौती
माधवराव सिंधिया के विमान दुर्घटना में हुई मौत के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि ज्योतिरादित्य ग्वालियर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। लेकिन उन्होंने गुना शिवपुरी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और 2002 में चार लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की। वे अब लगातार ग्वालियर में सक्रिय हैं और अपनी चुनावी जमीन तलाश रहे हैं। अगर सिंधिया ग्वालियर से चुनाव लड़ते हैं। तो सबसे पहले उनके सामने भाजपा के पुराने नेताओं को एकजुट करने की चुनौती होगी।
ब्यूरोक्रेट्स के फॉर्मूले पर चुनावी मोर्चा संभालेंगे सियासतदान
3 Aug, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मप्र में पूर्व नौकरशाह बना रहे भाजपा-कांग्रेस की रणनीति
भोपाल । विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने में भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख पार्टियां पूर्व आइएएस अधिकारियों का सहयोग ले रही हैं। दोनों ही दलों ने घोषणा पत्र समिति में ऐसे अधिकारियों को शामिल किया है। भाजपा की घोषणा पत्र समिति में सेवानिवृत आइएएस अधिकारी कवींद्र कियावत और एसएनएस चौहान को सदस्य बनाया गया है। जबकि, कांग्रेस का घोषणा पत्र बनवाने में सेवानिवृत आइएएस अधिकारी वीके बाथम और अजीता वाजपेयी पांडे भूमिका निभा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र (वचन पत्र) लगभग तैयार कर लिया है। इसे बनाने में प्रमुख सचिव पद से सेवानिवृत्त अधिकारी वीके बाथम की बड़ी भूमिका बताई जा रही है। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ विचार-विमर्श कर विषय चिह्नित किए और उन पर समिति ने निर्णय भी लिया है। वर्ष 2018 के चुनाव में भी बाथम ने कांग्रेस का सहयोग किया था। सामाजिक सुरक्षा पेंशन तीन सौ रुपये से बढ़ाकर एक हजार रुपये करने का सुझाव उन्होंने ही दिया था। हालांकि, यह सरकार बनने पर पूरी तरह लागू नहीं हो पाया।
कमल नाथ सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन तीन सौ रुपये बढ़ाई थी और अगले चरण में चार सौ रुपये की वृद्धि प्रस्तावित थी, लेकिन अल्पमत में आने के कारण सरकार गिर गई। वहीं, अजीता वाजपेयी पांडे ने अपर मुख्य सचिव रहते हुए योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकीय विभाग में काम किया है। उन्होंने विभिन्न योजनाओं पर काम करके रिपोर्ट दी है। अब यही भूमिका भाजपा के लिए कवींद्र कियावत और एसएनएस चौहान निभाएंगे। कियावत भोपाल कमिश्नर रह चुके हैं, जबकि चौहान पन्ना कलेक्टर थे। दोनों को मैदानी स्तर पर काम करने का लंबा अनुभव है। संगठन घोषणा पत्र तैयार करने के लिए इन्हें विभिन्न क्षेत्रों से फीडबैक लेने और उनकी अपेक्षाओं पर सुझाव देंगे। सूत्रों का कहना है कि दोनों दलों ने सेवानिवृत अधिकारियों को घोषणा पत्र समिति से इसलिए भी जोड़ा है, ताकि वे अपने प्रशासनिक अनुभवों के आधार पर घोषणा पत्र को प्रभावी बनाने में सहयोग कर सकें।
सोशल मीडिया पर जमकर हो रहा इलेक्शन वॉर
3 Aug, 2023 09:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाजपा-कांग्रेस में रोज तय हो रहे हैं मुद्दे, हर बूथ पर वॉलंटियर
भोपाल । मप्र विधानसभा में अब करीब 3 माह का समय बचा है। इसलिए चुनावी संग्राम तेज हो गया है। खासकर भाजपा और कांग्रेस में फील्ड के साथ ही इंटरनेट मीडिया पर भी जमकर चुनाव प्रचार और एक-दूसरे पर इलेक्शन वॉर किया जा रहा है। इसके लिए रोज नए-नए नारे गढ़े जा रहे हैं। रोज नए-नए मुद्दे उछाले जा रहे हैं। इससे इस बार का विधानसभा चुनाव काफी रोचक होता जा रहा है।
गौरतलब है कि मिशन 2023 के लिए भाजपा और कांग्रेस ने 2020 से ही तैयारी शुरू कर दी थी। अब इस साल चुनाव होना है, इसलिए धार तेज हो गई है। मैदान में भले ही बैनर, पोस्टर और कार्यकर्ताओं की हलचल नहीं दिख रही हो, लेकिन सियासी रणनीतिकार सोशल मीडिया पर जंग का मैदान सजा चुके हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर अकाउंट और वाट्सएप ग्रुपों पर डिस्प्ले हो रहे राजनीतिक मैसेज इसी प्लानिंग की उपज हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने बड़ी-बड़ी कंपनियों को इस काम के लिए आउटसोर्स किया है। इनके रणनीतिकार कॉर्पोरेट कंपनी की तर्ज पर काम करते हैं। रोजाना सुबह असाइनमेंट मीटिंग होती है तो शाम को रिव्यू। भाजपा में ये हर दिन तय किया जाता है कि आज ट्वविटर पर कौन सा हैशटेग ट्रेंड कराना है। इसका समय सुबह 9 बजे से शुरू होता है। कांग्रेस भी इसी तर्ज पर काम करती है। पार्टी के 2 हजार से ज्यादा वॉट्सएप ग्रुप हैं। ये ग्रुप्स हर जिले में हैं। हर बूथ पर 15 से 20 वॉलंटियर होने का दावा है।
भाजपा के 1.25 लाख डिजिटल योद्धा
भाजपा दूसरी पार्टियों की तुलना में हमेशा सोशल मीडिया पर आगे रही है। साल 2014 में जब कोई सियासी पार्टी सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं थी, उसी समय भाजपा ने इसकी ताकत को समझ लिया था और पार्टी सफल भी रही। इस बार मध्यप्रदेश चुनाव के लिए प्रदेश में एक अलग टीम का गठन किया गया है। यह टीम राज्य में सोशल मीडिया के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने की तैयारी में है। प्रदेश में भाजपा के 1.25 लाख डिजिटल योद्धा हैं। एक प्रोफेशन टीम भी है, जो सैलरी पर काम करती है। ये लोग ग्राफिक्स डिजाइनर, वीडियो एडिटर, रिसर्चर और कंटेंट राइटर हैं। इनका इंटरव्यू अभिषेक शर्मा लेते हैं। अभिषेक भाजपा एमपी सोशल मीडिया विभाग के को-ऑर्डिनेटर हैं। वे 2014 में भाजपा नेशनल आईटी सेल के हेड अमित मालवीय के साथ काम कर चुके हैं। भाजपा पिछले डेढ़ साल से एमपी चुनाव के लिए तैयारी कर रही है। पार्टी ने प्रदेश को अपने हिसाब से जोन और जिलों में बांटा है। प्रदेश 10 जोन में बंटा हंै। यह हैं- चंबल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, शहडोल, नर्मदापुरम, भोपाल, इंदौर, उज्जैन और सागर। हर संभाग का एक प्रभारी होता है, जिसके अंतर्गत एक सपोर्टिंग हेड है। वही हर जिले से को-ऑर्डिनेट करते हैं। हर टीम में प्रत्येक प्लेटफॉर्म के लिए एक-एक व्यक्ति इंचार्ज है यानी 4 लोग। यह टीम जिला लेवल पर काम करती है। उसके नीचे विधानसभा है। हर विधानसभा का एक इंचार्ज और एक को-इंचार्ज है। प्रदेश में 1070 मंडल हैं। हर मंडल में 2 लोगों की टीम काम करती है। 64,100 बूथ हैं।
कांग्रेस का भी सोशल मीडिया पर फोकस
कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम साल 2017 से मध्यप्रदेश में एक्टिव है। मप्र सोशल मीडिया उपाध्यक्ष अभिनव बरोलिया के अलावा अभय तिवारी, रुचिरा चतुर्वेदी और शोभा ओझा टीम में हैं। सुप्रिया श्रीनेत इसे हेड करती हैं। कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम हर रोज सुबह 6:30 से रात 11:45 तक सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती है। एमपी स्टेट टीम में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव और सचिव हैं। 29 जिलों में सोशल मीडिया प्रभारी भी हैं। हर विधानसभा को मिलाकर 230 सोशल को-ऑर्डिनेटर हैं। ब्लॉक लेवल पर भी टीमें हैं। इंस्टाग्राम, यूट्यूब, फेसबुक और वॉट्सएप के माध्यम से आम लोगों को पार्टी से जोड़ा जा रहा है। कांग्रेस के पास 2000 वॉट्सएप ग्रुप हैं। हर बूथ पर पार्टी के 15-20 वॉलंटियर एक्टिव हैं। अभिनव ने कहा- कांग्रेस ने ढाई साल पहले सोशल मीडिया वॉरियर नाम से एप लॉन्च किया था। हम इसके जरिए एमपी के हर जिले से 3 हजार लोगों को जोडऩे में कामयाब हुए हैं। इस अभियान में हमारे समर्थकों के कई मिस्ड कॉल आए। ये वो लोग हैं, जो सोशल मीडिया विभाग के जरिए पार्टी को अपना श्रम देना चाहते हैं। भाजपा के लोग भी हमारी प्लानिंग जानने के लिए सेंधमारी करते हैं। इससे बचने के लिए इनका फेसबुक अकाउंट चेक किया जाता है। वेरिफिकेशन और जांच होती है। जिलाध्यक्ष अपने लेवल पर पड़ताल करते हैं। किसी भी सहयोगी की पूरी जांच होती है, तभी उसे ऐप में एंट्री मिलती है। अब हमने रीच-100 की शुरूआत की है। 53 जिलों में 100 ऐसे लोगों को जोड़ा, जो सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। रीच-100 अभियान से हर जिले में जुडऩे वालों की संख्या 400- 500 रही है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे को लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
3 Aug, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज सुबह 11 बजे पहुंचेगी राजधानी, अलर्ट मोड पर पुलिस
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए है। भोपाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू करीब पांच घंटे रहेंगी। 3 अगस्त को सुबह 11 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू भोपाल आएंगी। जिसके बाद सडक़ मार्ग से रवींद्र भवन में होने वाले समारोह में शामिल होंगी।
महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 अगस्त को सुबह 11 बजे भोपाल आएंगी। फिर सडक़ मार्ग से रवींद्र भवन में होने वाले कार्यक्रम उत्कर्ष और उन्मेष कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। इस कार्यक्रम में 75 से अधिक लगभग 100 भाषाओं के 575 से अधिक लेखन भाग लेंगे। इसके अलावा 13 अन्य देखों के लेखक भी उत्सव में शामिल होंगे। वहीं शाम को 4 बजे भोपाल से रवाना हो जाएंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुरक्षा के मद्देनजर कारकेट तैयार कर लिया गया है। प्रेसिडेंट सिक्यूरिटी फोर्स भी भोपाल आ गया है। सडक़ मार्ग पर चलने के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। सुरक्षा के लिए लगभग डेढ़ सौ पुलिस अफसर तैनात होंगे। इसमें दो दर्जन से ज्यादा आईपीएस अफसर हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर प्रदेश भर से पुलिस के अधिकारी बुलाए गए हैं।
पुलिस विभाग हुआ अलर्ट
राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के भोपाल दौरे को लेकर पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर ने आदेश जारी किया है। निर्देश अनुसार, रविंद्र भवन के 3 किलोमीटर तक नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इसके साथ ही हॉट बैलून और ड्रोन पर बैन किया गया है। उल्लंघन करने पर धारा 188 तहत कार्रवाई होगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल भोपाल आएंगी, करेंगी अंतरराष्ट्रीय साहित्य और कला उत्सव का शुभारंभ
2 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एशिया के सबसे बड़े साहित्य उत्सव उन्मेष और लोक व जनजातीय अभिव्यक्तियों के कला उत्सव उत्कर्ष का शुभारंभ गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोपहर 12 बजे करेंगी। आयोजन शुभारंभ की पूर्व संध्या पर देशभर के कलाकारों ने शहर में कला यात्रा निकाली। यह यात्रा रवींद्र भवन से रोशनपुरा होते हुए वापस रवींद्र भवन पर सम्पन्न हुई। इस दौरान करीब 900 कलाकारों ने करतब दिखाए और देश की सतरंगी संस्कृति की झलक पेश किया। भव्य उद्घाटन सत्र में रवींद्र सभागम के हंसध्वनि सभागार में देश भर के करीब 900 कलाकार राष्ट्रपति के समक्ष अपनी कला की झलक दिखाएंगे। इस मौके पर मप्र के राज्यपाल मंगु भाई पटेल, केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई राज्यों के राज्यपाल भी उपस्थित रहेंगे।
इधर उन्मेष और उत्कर्ष को लेकर बुधवार को कलाकारों ने रवींद्र सभागम में रिहर्सल की और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। यह पहला मौका है जब भोपाल में कला और साहित्य का इतना बड़ा उत्सव हो रहा है। गत वर्ष से शुरू हुए रवींद्र सभागम में ऐसा पहली बार होगा, जबकि सभी सभागारों में अलग-अलग समांतर सत्र चार दिन तक चलेंगे।
75 से अधिक सत्रों में 575 से अधिक लेखक
उन्मेष में 75 से अधिक सत्रों में 575 से अधिक लेखक भागीदारी करेंगे। इसमें तीन राज्यों के राज्यपाल और 13 विदेशी भाषाओं के लेखक भी होंगे।चिकित्सकों का साहित्य, सागर साहित्य जैसे नए विषयों पर विमर्श होगा। इसके अंतर्गत बहुभाषी कविता पाठ, लेखन पाठ, आदिवासी कवि सम्मेलन, साहित्य के विषयों पर परिचर्चा, आजादी का अमृत महोत्सव पर कविता पाठ और साहित्य के उत्थान संबंधी विभिन्न विषयों पर प्रबुद्धजनों द्वारा विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही "पुस्तक मेला" में साहित्य अकादमी और अन्य प्रकाशकों की
स्कूली बच्चों द्वारा सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान की मनमोहक प्रस्तुति
2 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : आयुक्त निशक्तजन कल्याण संदीप रजक के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के बिला बांग हाई इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों द्वारा सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुति के साथ भाषण एवं कविता गायन प्रतियोगिताएँ हुई। मध्यप्रदेश में पहली बार होने वाले इस तरह के पहले आयोजन के लिये निशक्तजन कल्याण आयुक्त ने स्कूल और बच्चों की सराहना की। स्कूल द्वारा सौंपे गये काम के रूप में बच्चों ने ग्रीष्म कालीन अवकाश में साइन लेंग्विज न केवल सीखी बल्कि उसमें योग्यता भी हासिल की।
रजक ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार साइन लेंग्विज में भाषण और कविता गायन की प्रतियोगिता हुई है, जो अन्य लोगों और स्कूलों के लिये आदर्श बनेगी। सांकेतिक भाषा का प्रसारण होने से श्रवण बाधित दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा में शामिल होने में मदद मिलेगी। प्रतिभागियों द्वारा स्वर रहित अभिव्यक्ति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मध्यप्रदेश में पहली बार हो रहे स्वर रहित राष्ट्रगान ने भी विद्यार्थियों में जोश और उत्साह का संचार किया। रजक ने सांकेतिक भाषा को पाठ्यक्रम में शामिल करने का शासन से अनुरोध करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन अन्य स्कूलों में भी किये जा सकते हैं।
प्रतीकात्मक शैली में हुए कार्यक्रम में हुई प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डेफ केन फाउंडेशन की सचिव प्रीति शाह सोनी, भाषा अनुवादक प्रदीप लूथरा और सहायक संचालक आयुक्त निशक्तजन सुनील शर्मा थे। विद्यालय के प्राचार्य आशीष अग्रवाल ने बच्चों की सशक्त भाव-भंगिमा और अभिव्यक्ति की भूरी-भूरी प्रशंसा की एवं कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन तनुजा दधीचि, मेघा भट्ट और श्वेता जैन द्वारा किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल, बरगद और करंज के पौधे रोपे
2 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पीपल, बरगद और करंज के पौधे रोपे। पौध-रोपण में संस्कृति तथा पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर शामिल हुईं। मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत चौहान और राजेंद्र पाठक ने अपने जन्म-दिवस पर पौधे लगाए। बालक रेहल मालवीय ने भी अपने जन्मदिवस पर पौधा रोपा। बघेली फिल्मों में सक्रिय अविनाश तिवारी भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
आंखों की बीमारी, मरीजों की लापरवाही बन रही जानलेवा
2 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मानसूनजनित बीमारियों का प्रकोप बढ़ा
भोपाल । बारिश के चलते इस बार आंखों की बीमारी यानि कंजेक्टिव वाइटिस ने पूरे शहर में आतंक मचा रखा है। कई शहरों से भोपाल होकर आई इस बीमारी ने मरीजों का तांता लगा दिया है। हमीदिया में हर दिन जहां सैकड़ों मरीज पहुंच रहे हैं, वहीं निजी अस्पतालों और डाक्टरों के क्लिनिक पर भी मरीजों की भरमार है। सामान्य तौर पर तीन से चार दिन तक आंखों में खटकने वाली यह बीमारी एक व्यक्ति से शुरू होकर पूरे परिवार को निशाना बना रही है।कुछ लोगों का मानना है कि कंजेक्टिव वाइटिस भोपाल से ही शुरू हुआ, जबकि डाक्टरों का मानना है कि यह बाहर से आई हुई बीमारी है। आंख आने की इस बीमारी में जहां आंखे बुरी तरह लाल हो जाती हैं, वहीं आंखों में कंकर खटकने जैसी स्थिति से मरीज परेशान रहते हैं। आम तौर पर यह बीमारी तीन से चार दिन में ठीक होती है, लेकिन लापरवाही के चलते पूरे परिवार को निशाना बना लेती है। इस बीमारी का वैसे तो कोई इलाज नहीं है, लेकिन आई ड्राप के जरिए कुछ राहत पाने की कोशिश चलती रहती है।
पांच में से चार दवाइयां नहीं कर रही असर
आमतौर पर फंगल इन्फेंक्शन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवाइयां भी अब कारगर साबित नहीं हो रही है। डाक्टर खरे के अनुसार दवाइयों का इस्तेमाल बीच में ही छोड़ देने के कारण इन दवाइयों के प्रति इन्फेक्शन की प्रतिरोधकता निर्मित हो गई है। इसके कारण कई दवाइयां अब कारगर साबित नहीं हो रही हैं। हालांकि कई नई दवाइयां मार्केट में उपलब्ध हैं, लेकिन इनकी कीमत अधिक होने के कारण आमजन की पहुंच से दूर है। स्किन रोग विशेषज्ञ डा. सुकेन दशोरे के अनुसार पांच में से चार दवाइयों में रेजिस्टेंस पैदा कर लिया है और अब एक ही दवाई है, जिसके कारण स्कीम ट्रीटमेंट किया जा रहा है।
देखने से नहीं आंखों पर हाथ लगाने से होती है बीमारी
इन्फेक्टेड आंखों को देखने से नहीं, यह बीमारी आंखों से निकल रहे पानी के संपर्क में आने से होती हैं। सबसे ज्यादा इन्फेक्शन बच्चों में तेजी से फैल रहा है। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप गोयल के अनुसार कांटेक्ट लैंस ना लगाएं, मेकअप ना लगाएं, अच्छी डाइट रखें। 8 दिन के अंदर बिना दवाइयों के भी कंजेक्टि वाइटिस अपने आप ही ठीक हो जाता है, लेकिन अन्य संक्रमण से बचाव के लिए आई ड्राप का इस्तेमाल आवश्यक हो जाता है।
चर्म रोग भी बढ़ा... त्वचा में जहां नमी वहां बढ़ जाते हैं रोग
आमतौर पर मानसून के दौरान फंगल पैदा करने वाले जीवाणु कई गुना तेजी से फैलते हैं। वर्षा के मौसम के चलते शरीर पर चट्ठे, इन्फेक्शन, चमड़ी से जुडी बीमारियों के साथ-साथ फंगल इन्फेक्शन तेजी से फैल रहा है। पैर की अंगुलियों के बीच, कमर के निचले हिस्से, बालों और त्वचा के वह हिस्से जहां नमी बनी रहती है, वहां यह इन्फेक्शन तेजी से फैल रहा है। बारिश में गीले होने और कपड़े नहीं बदलने के कारण यह संक्रमण बहुत तेजी से फैलता है।
रेलवे स्टेशन प्रबंधक पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए
2 Aug, 2023 08:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लोकायुक्त की टीम ने बुधवार सुबह भोपाल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 के रेल विभाग के स्टेशन प्रबंधक (कमर्शियल) राजेश रायकवार को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। लोकायुक्त की कार्रवाई के दौरान उन्होंने बचकर भागने की भी कोशिश की ,लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाए। वह पेट कांट्रेक्टर से एक खाने पीने की कैंटीन के नाम पर दबाव बनाकर छह हजार रुपये मांग रहे थे। बात पांच हजार में तय होने पर वह रुपये देने गया। पुलिस आरोपित रेलवे के स्टेशन प्रबंधक पर केस दर्ज कर लिया है। लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक मनु ब्यास ने बताया कि एक अगस्त को सुखबीर सिंह भदौरिया पिता विजय राम सिंह भदौरिया ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय में आकर लिखित शिकायत की दिया कि वह एक पेटी कांट्रेक्टर है और भोपाल रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर उसकी खान पान की कैंटीन है।
रेल विभाग के स्टेशन मैनेजर (कमर्शियल) राजेश रायकवार हर माह किस्त के लिए उसे छह हजार रुपये की बंदी रिश्वत के रूप में देने के लिए कई दिनों से दबाव बना रहे हैं । रुपये नहीं देने पर अनावश्यक चालान करके परेशान करते हैं। वह अब बुरी तरह से परेशान हो गए। उनकी शिकायत सत्यापन उपरांत दो अगस्त को पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त भोपाल के निर्देशन में डीएसपी वीरेंद्र सिंह, ट्रेपकर्ता अधिकारी इंस्पेक्टर मयूरी गौर, निरीक्षक विकास पटेल एवं अन्य टीम के साथ भोपाल स्टेशन प्लेटफार्म नंबर एक पर स्थित रेल विभाग के स्टेशन मैनेजर (कमर्शियल) के कार्यालय में सुखवीर भदौरिया को भेजा। जहां उसने जैसे राजेश रायकवार स्टेशन मैनेजर कमर्शियल को पांच हजार रुपये की रिश्वत दी और उसने जैसे रुपये लिए , उसी दौरान पहले से तैयार खड़ी लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। उसके बाद उसने लोकायुक्त टीम से भागने की कोशिश की,लेकिन वह कामयाब नहीं हो पाया। बाद में लोकायुक्त टीम मिन्नतें करता रहा,लेकिन पुलिस ने उस पर एफआइआर दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया।
54 लाख किसानों की फसल का बीमा कराएगी एमपी सरकार
2 Aug, 2023 08:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाजपा का मास्टरस्ट्रोक... कृषि विभाग ने तैयार किया प्रस्ताव
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के अब कुछ ही महीने बचे है। चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। महिला और युवाओं के बाद अब भाजपा किसानों को सौगात देगी। भाजपा सरकार 54 लाख किसानों की फसल का बीमा कराएगी।
चुनाव के बीच महिला, युवाओं के बाद अब भाजपा किसानों को राहत देने वाली है। 54 लाख लघु और मध्यम किसानों की फसल का बीमा भाजपा सरकार भरेगी। कृषि विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार किया है। भाजपा इसे घोषणा पत्र में भी शामिल कर सकती है। कृषि मंत्री कमल पटेल का बयान सामने आया है। कमल पटेल ने कहा कि, किसानों की फसल बीमा का प्रस्ताव कृषि विभाग ने तैयार किया है। उन्होंने कहा कि, 54 लाख किसानों के बीमा की राशि भरने का यह प्रस्ताव है। बता दें कि, प्रदेश में एक करोड़ 6 लाख किसान है। जिसमें से करीब 54 लाख किसानों की फसल का बीमा नहीं होता है।
छिंदवाड़ा में नवनिर्मित पेट्रोल पंप निर्माण में काम करते समय चार श्रमिकों को लगा करंट, एक की मौत
2 Aug, 2023 07:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
तामिया । थाना क्षेत्र के पांडुपिपारिया से जूनापानी के पास नवनिर्मित पेट्रोल पंप के निर्माण कार्य में करंट लगने से एक नाबालिग श्रमिक की मौत हो गई, तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहीं पुलिस भी अस्पताल पहुंची। जूनापानी मार्ग के पास क्रेशर संचालक राजू साहू के पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्य के दौरान करंट लगने से अरविंद पिता दलपत भारती (17) भौडियापानी निवासी की मौके पर ही मौत हो गई। पाण्डुपिपारिया के आगे जूनापानी मार्ग के पास नव निर्मित पेट्रोल पंप में बिजली मोटर वाली मिक्सर मशीन में करंट आने से युवक की मौत हो गई वही करंट लगने से मोहन पिता दर्शनलाल (28), आशीष पिता मन्नूलाल भारती (22), निवासी केराढाना घायल हुए।तामिया थाने के सहायक उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह जगेत ने बताया मामले की जांच की जा रही है। तामिया तहसील के ग्राम पाण्डुपिपारिया मुख्यमार्ग में पास बन रहे नव निर्मित पेट्रोल पंप पर काम करते समय अचानक बिजली मोटर वाली मिक्चर मशीन में अचानक करंट आ जाने से चार मजदूरों को करंट लग गया, जिन्हें तत्काल ही 108 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया लाया गया।
इसमें पायलट सत्यम पवार, डा. दुर्गेश साहू, पायलट रणधीर सिंह वेस, डा. लक्ष्मण पवार,जहां डाक्टर ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया वही 3 मजदूर घायल बताए जा रहे है। मृतक अरविंद पिता दलपति भारती निवासी भोडियापानी बताया है। सभी घायल राकेश पिता पिटलू भारती, आशीष पिता मंगलू भारती, मोहन पिता दर्शनलाल भारती, जिनका प्राथमिक इलाज तामिया हास्पिटल में करने के बाद जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। तामिया मुख्यालय से लगभग 7 किमी पर नव निर्मित पेट्रोल पंप पर पंप संचालक की लापरवाही से यह घटना का शिकार हुए युवको को मिलने संचालक नहीं आया वही मृतक के स्वजन अस्पताल में रोते बिलखते रहे।
5 एचपी तक का मिलेगा मुफ्त बिजली कनेक्शन!
2 Aug, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
किसानों को मिलेगी सरकार की तरफ से बड़ी सौगात
भोपाल । चुनावी साल में प्रदेश सरकार किसानों को एक बड़ी सौगात दे सकती है। यह सौगात है किसानों को 5 एचपी तक फ्री बिजली। यह योजना किसानों को उनके कृषि कार्यों के लिए बिजली की आसान उपलब्धता प्रदान करने का उद्देश्य रखती है। अब पात्र किसान इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं और अपने कृषि कामों को सुगमता से निभा सकते हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पहले ही ये बात कह चुके हैं कि विधानसभा चुनाव तक उनके तरकश में अभी बहुत तीर बचे हैं। इसी कड़ी में अब एक बार फिर मुख्यमंत्री प्रदेश के किसानों को 5 हार्सपावर तक के पंप को मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर सकते हैं।
जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, मप्र में चुनाव के केंद्र में महिला और किसान हैं। यही दो बड़े वोट बैंक हैं, जो कि किसी को सत्ता की दहलीज पर पहुंचा सकता है। कांग्रेस की नारी सम्मान योजना की काट में प्रदेश में पहले ही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना लागू की जा चुकी है। जिसके तहत बहनों को प्रतिमाह 1000 रुपए मिलने लगे हैं। मुख्यमंत्री बार-बार ये दोहरा रहे हैं कि राशि को क्रमश: बढ़ाकर 3000 रुपए तक करेंगे। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2023-24 की अवधि के लिए बिजली पर कुल सब्सिडी 24 हजार 196 करोड़ 47 लाख रुपए देने जा रही है। किसी विभाग द्वारा दी जा रही ये सबसे बड़ी सब्सिडी राशि है। अटल गृह ज्योति योजना में 5842.73 करोड़, 10 एचपी तक कृषि उपभोक्ताओं को 12687.13 करोड़ 10 एचपी तक मासिक प्रभार में छूट और ऊर्जा प्रभार में रियायत पर 538.8 करोड़ और अजा-जजा के 5 एचपी तक कृषि उपभोक्ता पर 5142.89 करोड़ खर्च हो रहे हैं।
ऊर्जा विभाग जुटा मंथन में
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ऊर्जा विभाग ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है। इस बात की भी चर्चा हो रही है कि इसे इसी सीजन से लागू किया जाए, या फिर रबी सीजन के लिए एक अक्टूबर से लागू किया जाए। इस घोषणा से मुख्यमंत्री चौहान विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के हाथ से एक और बड़ा चुनावी वादा छीनना चाह रहे हैं। यदि प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार ने इस सीजन से ही इसे लागू कर दिया तो कांग्रेस को किसानों को साधने के लिए फिर कोई नई घोषणा का सहारा लेना पड़ेगा। हालांकि कांग्रेस पार्टी किसानों की कर्जमाफी की घोषणा पहले ही कर चुकी हैं, लेकिन भाजपा सरकार किसानों को यह समझाने में कुछ हद तक सफल हुई है कि कांग्रेस का वादा झूठा था और किसानों का कर्ज माफ नहीं किया गया, बल्कि कर्जमाफी के इंतजार में प्रदेश के 11 लाख से अधिक किसान डिफाल्टर हो गए, जिनके ब्याज की लगभग 2200 करोड़ रुपए की राशि भरकर सरकार ने उन्हें डिफाल्टर के दंश से बाहर निकाला।
अभी अजा-अजजा को मिल रहा लाभ
अभी अजा-अजजा वर्ग के 5 एचपी वाले कृषि उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है। प्रदेश में इस वर्ग के लगभग 9.50 लाख कृषि उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली का फायदा मिल रहा है, लेकिन बाकी किसानों को 10 एचपी तक स्थाई कृषि पंप वालों को प्रति एचपी 750 रुपए प्रतिमाह देना होता है, वहीं अस्थायी कृषि पंप वालों को 1500 रुपए प्रति एचपी देना पड़ता है। इसी श्रेणी में सबसे अधिक कृषि उपभोक्ता हैं। प्रदेश में स्थाई कृषि पंप वाले उपभोक्ताओं की संख्या 33 लाख 24 हजार से अधिक है, वहीं अस्थाई कृषि पंप वाले कृषि उपभोक्ताओं की संख्या 22 लाख 74 हजार से अधिक है। राज्य सरकार यदि किसानों को 5 एचपी तक बिजली फ्री करने सहित अन्य रियायत देती है। तो सरकार के खजाने पर प्रतिवर्ष 3000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। ऐसे में अगले वित्तीय वर्ष में बिजली पर कुल सब्सिडी का आंकड़ा 30 हजार करोड़ रुपए को पार कर सकता है।
मप्र के 19 जिलों में बनेंगे 30 पुल
2 Aug, 2023 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लोक निर्माण विभाग जल्द जारी करेगा टेंडर
भोपाल । मप्र में लोक निर्माण विभाग 361 करोड़ रुपये से 30 पुलों का निर्माण कराएगा। ये पुल रायसेन, इंदौर, सागर, बालाघाट व भिंड समेत 19 जिलों में बनाए जाएंगे। इसके लिए मप्र शासन से स्वीकृति मिल गई है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसकी डीपीआर भी फाइनल कर ली गई है। इसमें मंदसौर में नाहरगढ़ से बिल्लोद मार्ग में शिवना नदी पर 15.50 करोड़ रुपये से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कराया जाएगा, जबकि शाजापुर में 45 करोड़ रुपये से आरओबी का निर्माण किया जाएगा।
बता दें कि पीडब्ल्यूडी द्वारा इन सभी पुलों की डीपीआर तैयार कर ली गई है। अब राशि की स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। इसमें सबसे अधिक पुल रायसेन जिले में बनेंगे। इसके साथ ही बालाघाट में दो, इंदौर में दो, सागर में तीन पुलों का निर्माण होगा। भिंड में बहादुरा कालिका माता मंदिर पर सिंध नदी में 36 करोड़ रुपये से क्षतिग्रस्त हिस्से का अतिरिक्त निर्माण और अटेर-जैतपुर मार्ग में चंबल नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल के अतिरिक्त बाक्स का निर्माण 56 करोड़ रुपये से होगा। इसके साथ ही शाजापुर में रेलवे फाटक की जगह पर 45 करोड़ रुपये आरओबी बनाया जाएगा।
रायसेन में 45 करोड़ रुपये से बनेंगे पुल
सबसे अधिक सात पुल रायसेन जिले के लिए स्वीकृत हुए हैं। इनमें करीब 45 करोड़ रुपये खर्च होंगे। ये पुल सेमरी नदी, नकटी नदी, इक्यावन नदी, गजंदा नदी, संयोगिनी नदी और छेका नाले पर बनाए जाएंगे।
75 प्रतिशत प्रस्तावों को मिली स्वीकृत
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन से 40 पुलों के निर्माण व मरम्मत के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा था। अनुपूरक बजट में केवल 75 प्रतिशत पुलों के लिए ही बजट का आवंटन हुआ है। ऐसे में प्राथमिकता वाले 30 पुलों का चयन किया गया है।
इनका कहना
उक्त पुलों की डीपीआर फाइनल है। बजट का आवंटन भी हो गया है। जल्द ही इन पुलों के लिए टेंडर जारी कर निर्माण व मरम्मत का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
- संजय खांडे, मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी सेतु शाखा
सभी नगरीय निकायों में बनेगी मॉनिटरिंग कमेटी, हर महीने 10 तारीख काम की देनी होगी जानकारी
2 Aug, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों को आवारा पशुओं पर नियंत्रण के निर्देश जारी किए गये हैं। 10 दिन में मॉनिटरिंग कमेटियां बनाई जाएंगी। सडक़ों और सार्वजनिक जगहों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के साथ कुत्तों की रोकथाम के निर्देश जारी किए गए है। सभी निकायों में रजिस्ट्रीकरण और आवारा पशुओं का नियंत्रण नियम 2023 को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कहा गया है।
प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास नीरज मंडलोई ने नगरीय प्रशासन और विकास विभाग के संभागीय संयुक्त संचालकों और समस्त नगर निगमों के आयुक्तों को नगरीय निकायों के मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं तथा कुत्तों की रोकथाम के निर्देश जारी किए हैं।
मंडलोई ने कहा है कि सभी निकायों में रजिस्ट्रीकरण तथा आवारा पशुओं का नियंत्रण नियम 2023 को प्रभावी ढंग से लागू किया जाये। यह सुनिश्चित किया जाये कोई आवारा पशु सार्वजनिक मार्गों और स्थानों पर विचरण करते हुए न पाया जाये। अवारा कुत्तों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए भी प्रत्येक निकाय में 10 दिवस में मॉनिटरिंग समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए है।
संभागीय संयुक्त संचालक और आयुक्त नगर निगम ने इस संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी हर महीने की 10 तारीख तक आयुक्त नगरीय प्रशासन और विकास कार्यालय भेजा जायेगा ताकि माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जा सके। गौरतलब है कि आयुक्त नगरीय प्रशासन और विकास को अद्र्धमासिक आधार पर होने वाली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस विषय को शामिल कर नियमित रूप से समीक्षा के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रश्न पत्र लीक करने वाले छात्रों ने मोबाइल से मिटा दिया था डाटा, पुलिस जांच में जुटी
2 Aug, 2023 02:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से संबद्ध एक कालेज में बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस परीक्षा के पेपर आउट के मामले में गोविंदपुरा पुलिस ने चारों आरोपितों की गिरफ्तारी कर ली है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि इन आरोपितों ने पुलिस के हाथ आने से पहले अपने मोबाइल का डाटा पूरी तरह से मिटा दिया था इसलिए पुलिस को उनके मोबाइल से वह कड़ी नहीं मिल सकी, जिसने उनको प्रश्न पत्र भेजा था। अब पुलिस ने उस डाटा की रिकवरी के लिए चारों आरोपितों के मोबाइल फोन को जब्त कर साइबर क्राइम के पास भेजा है।
बता दें कि कैरियर कालेज में 20 जुलाई को सुबह 11 बजे बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस की परीक्षा थी। लेकिन परीक्षा का समय शुरू होने के बाद भी दो छात्र और दो छात्राएं परीक्षा कक्ष में बैठने को तैयार नहीं थे। वह बाहर ही लंबे समय तक बाहर बैठे अपने-अपने मोबाइल को ही ताक रहे थे। जब शिक्षकों ने उनको परीक्षा देने के लिए बुलाया तो वह अंदर नहीं आए। इससे शिक्षकों को इन विद्यार्थियों पर संदेह हुआ। उन्होंने इन छात्रों को बुलाकर जब इनके मोबाइल फोन चेक किए तो उसमें बीबीए फाइनेंशियल मार्केट एंड फाइनेंशियल सर्विस का प्रश्नपत्र था। इस पर पेपर आउट का संदेह जताया गया है। इस मामले में कैरियर कालेज की प्राचार्य चरणजीत सिंह कौर के साथ सहायक प्राध्यापक एसएस राजपूत की शिकायत पर चार विद्यार्थियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। इसमें दो छात्राएं हैं और दो छात्र हैं।