मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
भाजपा नेताओं के खिलाफ अभ्रद पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
7 Jul, 2023 04:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष समेत भाजपा के अन्य नेताओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।सभापुर थाना पुलिस ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, सतना सांसद गणेश सिंह और पूर्व मंत्री संजय पाठक समेत अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ अपशब्द लिखकर पोस्ट करने के मामले में अमितानंद सरस्वती उर्फ अमित कुमार तिवारी नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी अमितानंद सरस्वती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भाजपा नेताओं के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए चेतावनी भरी पोस्ट की थी। पोस्ट में उसने बेहद अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया था। बिरसिंहपुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभापुर थाना में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया था।उन्होंने अमितानंद की सोशल मीडिया आईडी पर की गई पोस्ट का स्क्रीन शॉट भी पुलिस को सौंपा था।अमितानंद सरस्वती के नाम से सोशल मीडिया पर आईडी बनाने वाले इस युवक का असली नाम अमित कुमार तिवारी है। वह सतना शहर के एमपी नगर का रहने वाला है। आरोपी एमपी टूरिज्म के सतना स्थित एक होटल में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर रह चुका है। सतना के डिग्री कॉलेज में हुई लैब टेक्नीशियन की हत्या के मामले में भी पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।
विक्की आत्महत्या केस की जांच सीआईडी ने की शुरू
7 Jul, 2023 03:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह के चर्चित विक्की रोहित सुसाइड केस में सीआईडी ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के करीबी को आरोपी बनाया था। इसे लेकर सियासत गरमा गई थी। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के निर्देश पर जांच सीआईडी को सौंपी गई, जिसने गुरुवार को दमोह पहुंचकर इस मामले से जुड़े कई लोगों के बयान लिए।
दमोह के बजरिया वार्ड क्रमांक तीन में रहने वाले सेल्समैन विक्की रोहित की बुआ के बेटे प्रमेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि सीआईडी की टीम ने उसे सर्किट हाउस पर बुलाया था। वहां उससे पूछा गया कि अस्पताल में जब विक्की रोहित को लाया गया था तो उसके जेब में से क्या निकला था। मैंने बताया कि कुछ कागज निकले थे। उसने वह कागज अस्पताल चौकी पुलिस को दे दिए थे। विक्की रोहित शराब पीता था या नहीं, यह भी पूछा था। प्रमेंद्र ने बताया कि उसके सामने न तो कभी उसने शराब पी और न कभी गुटखा खाया।
विक्की रोहित की आत्महत्या से जुड़े मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट में दर्ज चार लोगों के नामों के आधार पर उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धारा के तहत मामला दर्ज किया था। दो दिन बाद जब केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल दमोह पहुंचे तो यशपाल ठाकुर के समर्थन में धर्मपुरा वार्ड के दर्जनों लोग उनके बंगले पर पहुंच गए। लोगों की बात सुनने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री ने पुलिस पर गुस्सा निकाला था। मंत्री का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में जल्दबाजी की है। बिना जांच के एफआईआर दर्ज की है। न्याय मिलने तक मैं दमोह पुलिस की कोई भी सेवाएं नहीं लूंगा। इसके बाद प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मामले की जांच सीआईडी को दे दी थी।
विक्की के एक दोस्त का कहना है कि 22 जून की रात सुसाइड करने से पहले विक्की रोहित ने उसे व्हाट्सएप पर सुसाइड नोट भेजा था। टीम देर रात तक पूछताछ करती रही। 23 जून की सुबह राशन दुकान के कमरे में सेल्समैन विक्की रोहित का शव फंदे से लटका मिला था। उसके पास दो पेज का सुसाइड नोट भी मिला था। पुलिस उसे जब्त करती, उससे पहले ही वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। सुसाइड नोट में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के करीबी भाजपा नेता यशपाल ठाकुर, मोंटी रैकवार और दो सेल्समैन पर प्रताड़ना का आरोप लगाए थे। परिवार के लोगों ने अस्पताल चौराहे पर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ FIR की मांग की।
दस जुलाई को 'लाड़ली बहना योजना' की जारी होगी दूसरी किश्त....
7 Jul, 2023 01:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 जुलाई को 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खाते में 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना' योजना की राशि डालेंगे। इसकी जानकारी सीएम के टि्वटर हैंडल से दी गई है। मुख्यमंत्री इंदौर से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक बहनों के खाते में राशि सिंगल क्लिक से डालेंगे। यह कार्यक्रम इंदौर के सुपर कारिडोर ग्राउंड में होगा। वह प्रदेश के सभी जिलों में मौजूद लाड़ली बहनों को वर्चुअली संबोधित भी करेंगे। सीएम ऑफिस के ट्वीट में लिखा गया है कि बहनों की जरूरतें पूरी हो रही हैं। उनके सपने साकार हो रहे हैं। हर बहन के खाते में फिर 1 हजार रुपये आएंगे। सीएम शिवराज ने कहा है कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रदेश की बहनों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की पहल है। अब बहनें विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को दिलवाने में भी जुटी है। उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और समाज में बदलाव के लिए प्रेरित करने के संबंध में ट्रेनिंग भी दी जाएगी, ताकि समाज अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाएं पहुंच सकें। इसके साथ ही सीएम 10 जुलाई को ही धार जिले में हो रहे लाड़ली बहना सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। उनको समाज में बदलाव का काम करने की शपथ भी दिलाई जाएगी। प्रत्येक जिले में गठित लाड़ली बहना सेना को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वह आगे आकर नेतृत्व कर सकें।
101 फीट लंबी राखी भेंट करेंगी बहनें
इस दौरान बहनों भी सीएम के प्रति अपना आभार जताएंगी। बहनों द्वारा इंदौर में सीएम को 101 फीट लंबी राखी भेंट की जाएगी। महिला स्वतंत्रता सेनानियों की जानकारी देने वाली चित्र प्रदर्शनी भी लगेगी। लाड़ली बहना सम्मेलन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इंदौर में जानकी बैंड की प्रस्तुति, भगोरिया लोक नृत्य, अन्य जनजातीय लोक नृत्य प्रदर्शित किए जाएंगे। चित्रकला और रंगोली की साज-सज्जा भी की जाएगी और साथ ही पिंक साइकिल रैली भी निकलेगी। सीएम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इसका लाभ मिले, इसी कारण से इसकी पात्रता में छूट भी प्रदान की गई है। लाड़ली बहना योजना में अभी 23 से 60 वर्ष आयु की महिलाओं को लाभ देने का प्रवधान है। लेकिन सीएम निर्देश दिए हैं कि 21 तक साल की महिलाओं भी इसका लाभ दिया जाए। वहीं जिन परिवारों के पास ट्रैक्टर हैं, उनकी महिलाओं को भी पात्र माना गया है।
अहाते बंद होने से 25 प्रतिशत कम हुई शराब की खपत....
7 Jul, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। आबकारी की नई नीति ने शराब की बिक्री घटा दी है। इस बार अहातों के बंद होने का असर यह हुआ कि पिछले साल की तुलना में शराब की खपत 25 प्रतिशत तक गिर गई है। देसी और विदेशी दोनों में यही हाल है। यहां तक कि ठेकेदारों की ओर से ठेके के समय जो राशि आबकारी को जमा कराई जाती है, वह तक कुछ ठेकेदार जमा नहीं कर सके हैं। यह माना जा रहा था कि अहाते बंद होने के बाद बीयर बार के लाइसेंस की डिमांड बढ़ जाएगी, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। एक और मौसम ने आबकारी की परेशानी बढ़ा दी है, क्योंकि इस बार बारिश बेमौसम हुई तो गर्मी में अपडाउन से बीयर की खपत भी सुस्त रही। अनाधिकारिक तौर पर अधिकारियों का कहना है कि इस साल राजस्व पर अहाते बंद होने का बड़ा असर पड़ेगा।
प्रदेश सरकार ने इस बार जो आबकारी नीति लागू की है, उसमें अहाते बंद कर दिए हैं। अब दुकान से ही शराब खरीदने की व्यवस्था है। शराब दुकान के आसपास अब बैठकर पीने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। यही कारण है कि जो लोग अहातों में बैठकर शराब का सेवन करते थे, वह बिक्री घट गई है। इसका असर सेल पर पड़ा है। गर्मियों के सीजन में बीयर की खपत काफी पीक पर रहती है, उसमें भी बड़ी कमी आई है। पिछले सालों में यह भी स्थिति बनी थी कि बीयर की आपूर्ति दुकानदारों को नहीं हो पा रही थी, क्योंकि डिमांड काफी बढ़ गई थी।
अवैध शराब के ठिकाने बढ़ रहे अहाते बंद होने का एक असर यह है कि शहर की घनी आबादी से दूर जो रेस्टोरेंट, रिसोर्ट हैं, वहां शराब का सेवन बढ़ गया है। अवैध ढंग से ग्राहकों को शराब परोसी जाती है, जो हाल में आबकारी की जांच में भी आया था। मोहना में आबकारी ने अवैध शराब की दुकान को पकड़ा, जहां से एक लाख रुपये की शराब बरामद की गई थी। अवैध शराब पिलाने के पीछे पुलिस व आबकारी के निचले स्तर के अमले की साठगांठ भी सामने आती है।
शराब की खपत में पिछले साल से काफी गिरावट आई है। 25 प्रतिशत तक खपत कम हुई है। इस बार अहातों को बंद किया गया है। इसके कारण यह प्रभाव दिख रहा है।
पार्षद बोले-सड़कों का काम बंद...
7 Jul, 2023 12:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर। वार्डों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के उद्देश्य से नगर निगम मुख्यालय के सभागार में गुरुवार को पूर्व विधानसभा क्षेत्र के पार्षदों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में मुख्यत: की सीवर की समस्याएं गिनाईं। पार्षदों का कहना था कि अधिकारी फोन नहीं उठाते हैं और टालमटोल का रवैया अपनाते हैं। इसके चलते सीवर सफाई का काम ठप पड़ा हुआ है।
पार्षदों की शिकायत के आधार पर नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने पूर्व विधानसभा के सीवर संधारण के सहायक यंत्री हेमंत शर्मा और उपयंत्री राजेश शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। बैठक में महापौर डा. शोभा सिकरवार, सभापति मनोज तोमर की मौजूदगी भी रही। इस दौरान निगमायुक्त ने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि छोटे-छोटे कार्य शीघ्र कराए जाएं। पार्षदों के फोन आने पर तुरंत समस्या का निराकरण कराएं। उन्होंने पार्षदों को बताया कि स्ट्रीट लाइट के रखरखाव का टेंडर हो चुका है। एजेंसी शीघ्र ही कार्य चालू कर देगी। साथ ही कहा कि एक माह बाद सभी समस्याओं का रिव्यू किया जाएगा तथा संबधित अधिकारियों को समस्याओं का निराकरण समय सीमा में करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर आयुक्त विजय राज सहित सभी विभागों के प्रमुख मौजूद रहे।
निगम परिषद की बैठक 18 को
नगर निगम परिषद का साधारण सम्मेलन 18 जुलाई को दोपहर तीन बजे से जल विहार स्थित परिषद भवन में होगा। इसमें नौ बिंदुओं पर चर्चा होगी। गुरुवार को परिषद सचिव ने पत्र जारी कर दिया है। एयरपोर्ट की पेरीफरी पर 12.24 करोड़ रुपए से स्टोर्म वाटर ड्रेन निर्माण की स्वीकृति, 2023-24 में कलेक्टर गाइडलाइन से संपत्तिकर का निर्धारण करने, जियो साइंस म्यूजियम में सैलानियों के लिए टिकट दर तय करने सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा होगी।
पार्षदों ने अपने वार्ड में यह समस्या बताईं
- वार्ड 18 की पार्षद रेखा त्रिपाठी ने कहा कि सड़कों का काम बंद पड़ा है। पार्क में शौचालय की सुविधा नहीं हैं। सीवर समस्या बनी हुई है।
- वार्ड 19 की पार्षद कमलेश तोमर ने कहा पेयजल समस्या है। कुंज विहार में पानी की टंकी डैमेज है। बिरला हास्पिटल ने नाले पर भवन बना लिया है, जिससे जलभराव है।
- वार्ड 20 की पार्षद मंजूलता सिंह कहा कि सीवर, सड़क व पेयजल के छोटे-छोटे कार्य नहीं हो रहे हैं। जनकार्य शीघ्र चालू कराएं, सफाई कर्मचारी भी कम हैं।
- वार्ड 21 के पार्षद ब्रजेश श्रीवास ने कहा कि नारायण विहार में रोड बनी नहीं है। संजीवनी क्लीनिक का कार्य चालू नहीं हुआ है।
- वार्ड 22 के पार्षद प्रमोद खरे ने कहा कि सीवर और नालों की सफाई नहीं हो रही है।
- वार्ड 23 के पार्षद सुरेश सोलंकी ने कहा कि सीवर की पुरानी लाइन डैमेज हो चुकी है, जिस कारण नलों में गंदा पानी आ रहा है।
- वार्ड 24 के पार्षद नागेंद्र राणा ने स्ट्रीट लाइट और सफाई कर्मचारियों के काम न आने की समस्या बताई।
- वार्ड 25 की पार्षद प्रीति परमार ने नाली सफाई व कचरा न उठाने आदि समस्याओं से अवगत कराया।
- वार्ड 26 की पार्षद ममता शर्मा ने नाला चौक होने की समस्या से अवगत कराया तथा स्ट्रीट लाइट की समस्या के बारे में बताया।
- वार्ड 27 की पार्षद लक्ष्मी गुर्जर सीवर लाइन चौक होने से सीवर चैंबर ओवरफ्लो होने और पेयजल की समस्या के बारे में बताया।
- वार्ड 28 की पार्षद गायत्री मंडेलिया ने कहा सीवर की समस्या क्षेत्र में बनी हुई है। पुरानी पानी की लाइन फूट चुकी है, जिसके कारण गंदा पानी आ रहा है।
- वार्ड 29 के पार्षद ने गिर्राज कंसाना ने कहा कि सफाईकर्मी कम होने से ठीक से सफाई नहीं हो रही है। क्षेत्र में तीन कुएं खुले हैं, जिन्हें बंद कराया जाए।
- वार्ड 30 की पार्षद रेखा अनिल त्रिपाठी ने कहा कि समय पर सीवर सफाई नही हो पा रही है।
- वार्ड 45 के पार्षद अंकित गुप्ता ने कहा कि पेयजल लाइनों का मिलान नहीं हो रहा है।
- वार्ड 56 के पार्षद सुरेंद्र साहू ने कहा कि सीवर लाइन खोद कर डाल दी है, जिससे बरसात के समय में आमजन को निकलने में समस्या हो रही है।
- वार्ड 57 के पार्षद अवधेश कौरव ने कहा कि क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या बनी हुई है।
- वार्ड 58 की पार्षद अपर्णा पाटिल ने कहा कि सामुदायिक भवन जर्जर हालत में है। कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है। जो ठेकेदार 30 प्रतिशत से ज्यादा बिलो रेट डाल रहा है उसकी जांच होनी चाहिए।
- वार्ड 60 के पार्षद केदार सिंह ने कहा कि कई क्षेत्रों में सीवर लाइन पूरी नहीं डाली है तथा कई जगह पर मिलान नहीं किए हैं। सिंधिया नगर में संजीवनी क्लीनिक शुभारंभ के बाद से बंद है।
सागर में खाद्य निरीक्षक के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू ने दी दबिश, जबलपुर, नरसिंहपुर में भी कार्रवाई की सूचना
7 Jul, 2023 11:57 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सागर । आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने शुक्रवार सुबह खाद्य एवं औषधि विभाग के निरीक्षक अमरीश दुबे के निवास पर छापामार कारवाई की। बताया जाता है कि ईओडब्ल्यू की टीम ने खाद्य निरीक्षक के जबलपुर, सागर एवं नरसिंहपुर स्थित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। अमरीश दुबे लंबे समय तक जबलपुर में पदस्थ रहे हैं, फिलहाल सागर में उनकी पोस्टिंग है। प्राथमिक जांच में ईओडब्ल्यू को बेहिसाब संपत्ति के सबूत मिले हैं। टीम अभी दस्तावेज खंगाल रही है। कार्रवाई सुबह से ही जारी है। गौरतलब है कि खाद्य एवं औषधि अधिकारी अमरीश दूबे की 2008 में नियुक्ति हुई थी। उसके बाद 2011 में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ज़िम्मेदारी उन्हें मिली थी।
भोपाल : पेशाब कांड के पीड़ित दशमत को पांच लाख की आर्थिक सहायता....
7 Jul, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर सीधी जिले के कलेक्टर साकेत मालवीय ने पेशाब कांड के पीड़ित आदिवासी युवक दशमत रावत को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और आवास निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है।
11 बजे जांच टीम पहुंचेगी सीधी
मुख्यमंत्री के द्वारा गठित चार सदस्यीय टीम आज सुबह करीब साढ़े 11 बजे सीधी पहुंचेगी। इस टीम में कोल प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेले, विधायक शरद कोल, विधायक अमर सिंह और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह शामिल हैं।
कांग्रेस ने किया पांच सदस्यीय टीम का गठन
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी आदिवासी युवक के ऊपर पेशाब करने के मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम को आठ जुलाई तक अनिवार्य रूप से अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। टीम में पूर्व सांसद मानिक सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष लाल चंद गुप्ता, पूर्व विधायक सरस्वती सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह और वरिष्ठ नेता बसंती कोल को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी युवक के धोए पैर
इससे पहले, गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित युवक के पैर धोए और उसे शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मेरे लिए जनता ही भगवान है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सीधी जिले में एक आदिवासी युवक पर पेशाब करने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। आरोपी का नाम प्रवेश शुक्ला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि वह भारतीय जनता पार्टी का नेता है। पेशाब कांड का वीडियो वायरल होने के बाद आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ एनएसए के तहत कार्रवाई की गई। उसके घर को भी बुलडोजर से गिरा दिया गया।
अब मंत्रियों के साथ टिफिन पार्टी करेंगे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कैबिनेट के बाद होगा कार्यक्रम
6 Jul, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को मंत्रियों के साथ टिफिन पार्टी करेंगे। इसमें सभी मंत्रियों को घर से रात्रि भोज के लिए अपना-अपना टिफिन लेकर आना होगा। भोजन से पहले से विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों पर चर्चा होगी। साथ ही कैबिनेट बैठक भी की जाएगी। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन पार्टियां की जा रही हैं। सांसद और विधायक इस तरह के आयोजन कर चुके हैं।
इसकी क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री कार्यालय से सभी मंत्रियों को सूचना दी गई है कि वे टिफिन बैठक के लिए अपने साथ घर से टिफिन लेकर आएं। सभी साथ मिलकर रात्रि भोज करेंगे। अभी तक मुख्यमंत्री आवास में जब भी देर शाम बैठकें होती हैं तो मुख्यमंत्री की ओर से भोज का प्रबंध किया जाता है। इस बैठक के पहले शाम साढ़े छह बजे से 11 जुलाई को प्रारंभ होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर चर्चा की जाएगी। इसमें विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले संभावित मुद्दों पर सत्ता पक्ष की ओर से उत्तर देने के लिए मंत्रियों को तैयारी करने के लिए कहा जाएगा। दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले यह अंतिम सत्र होगा, इसलिए इसमें कांग्रेस पक्ष की ओर से आरोप लगाए जाएंगे। सरकार की ओर से मंत्री तथ्यों के साथ पलटवार करेंगे।उधर, कैबिनेट बैठक में प्रथम अनुपूरक बजट पर चर्चा हो सकती है।
अब 11 जुलाई से होगा मप्र विधानसभा का मानसून सत्र, शनिवार को भी होगी बैठक
6 Jul, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र अब 10 के स्थान पर 11 जुलाई से होगा। शनिवार को भी बैठक होगी। विधानसभा सचिवालय ने गुरुवार को सत्र की बैठकों को लेकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अनुमोदन से संशोधित अधिसूचना जारी कर दी।
सत्र की बैठक अब 11 जुलाई से प्रारंभ होंगी
विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह ने बताया कि सत्र की बैठक अब 11 जुलाई से प्रारंभ होंगी। सत्र पांच दिवसीय ही रहेगा और शनिवार को भी बैठक होगी। इसमें दस जुलाई के लिए निर्धारित प्रश्न लिए जाएंगे। हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए विधेयक सत्र में सरकार हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए विधेयक प्रस्तुत करेगी। वहीं, वर्तमान वित्तीय वर्ष का प्रथम अनुपूरक बजट भी प्रस्तुत किया जाएगा।
इस बार शीतकालीन सत्र नहीं
यह 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का हो सकता है क्योंकि विधानसभा चुनाव के कारण इस बार शीतकालीन सत्र नहीं हो पाएगा। यही कारण है कि वित्त विभाग ने सभी विभागों से वर्षभर की आवश्यकता का आकलन करते हुए प्रस्ताव मांगे थे।
मध्य प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादले, मनीष सिंह अब जल संसाधन विभाग प्रमुख सचिव
6 Jul, 2023 09:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। आदेश के अनुसार मनीष सिंह अब जल संसाधन विभाग प्रमुख सचिव होंगे। जीवी रश्मि को कार्मिक सामान्य प्रशासन विभाग का सचिव बनाया गया है।
राहुल गांधी मप्र में आदिवासी जिले से शुरू करेंगे चुनाव प्रचार
6 Jul, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर काम कर रही है। इसके तहत नेताओं के दौरे भी तय किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के दौरे भ्ीा तय हो रहे हैं। जिसमें राहुल गांधी मप्र के आदिवासी जिले से चुनाव प्रचार की शुरूआत कर सकते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक जुलाई को शहडोल जिले के लालपुर और पकरिया गांव में आदिवासी वोटरों को साधने की कोशिश की थी और बड़ा कार्यक्रम हुआ था।
कांगे्रस सूत्रों ने बताया कि अगस्त में राहुल गांधी शहडोल में एक बड़ी सभा कर सकते हैं। जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में यह सभा हो सकती है। कांग्रेस ने अंदर ही अंदर इस कार्यक्रम को लेकर तैयारियों को शुरू भी कर दिया है। मध्य प्रदेश में आगमाी नवंबर में चुनाव होना है जिसको लेकर अब कांग्रेस पूरी ताकत के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मध्य प्रदेश के दौरे की शुरूआत कर सकते हैं। जहां भारतीय जनता पार्टी आदिवासी वोटर्स को साधने के लिए नए नए कार्यक्रम लेकर आ रही है तो वही कांग्रेस भी खुद को पीछे रखने के मूड में नहीं है।
बताया जा रहा है कि राहुल गांधी अगस्त में शहडोल आ सकते हैं जिसकी तारीख तय होना है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं को भी राहुल गांधी की सभा की तैयारियों निर्देश दे दिए गए हैं।
प्रदेश सरकार ने महिला कर्मचारियों को दी बड़ी सौगात
6 Jul, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । चुनावी साल में राज्य सरकार ने अपने महिला कर्मचारियों को बडी सौगात दी है। प्रदेश की महिला कर्मचारियों को अब 20 दिनों का आकस्मिक अवकाश(सीएल) मिलेगा। अब तक इन्हें 13 दिनों का आकस्मिक अवकाश की पात्रता थी। इस का लाभ प्रदेश की ढाई लाख महिला कर्मचारियों को मिलेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर घोषणा की थी कि अब महिलाओं का सात दिनों का अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा। इस आधार पर सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को आदेश जारी किए। यह आदेश सभी नगरीय निकाय, पंचायत, निगम- मंडल और आयोग में भी लागू होंगे। वहीं पुरूष कर्मचारियों को पहले की तरह 13 दिनों के आकस्मिक अवकाश की ही पात्रता होगी। संविदा कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसकी प्रति उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल को भी भेजी गई है ताकि वहां कार्यरत महिला कर्मचारियों को भी राज्य सरकार की यह सौगात मिल सके। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आठ मार्च 2023 को घोषणा की थी कि महिलाओं पर मातृत्व और घर संभालने की जिम्मेदारी भी होती है इसलिए उन्हें अतिरिक्त आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।मध्य प्रदेश सरकार ने आकस्मिक अवकाश के नियमों में लगभग 59 वर्ष बाद बदलाव किया है। 11 दिसंबर 1964 को राज्य सरकार ने सभी कर्मचारियों के लिए आकस्मिक अवकाश के नियम बनाए थे। इसके तहत सभी कर्मचारी वर्ष भर में 13 आकस्मिक अवकाश ले सकते थे, लेकिन अब किए गए बदलाव के बाद पुरूष कर्मचारियों को 13 और महिलाओं को 20 आकस्मिक अवकाश की पात्रता होगी। उधर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राज्य सरकार ने चुनाव के ऐन पहले प्रदेश की ढाई महिला कर्मचारियों को रिझाने के लिए यह घोषणा की है। प्रदेश सरकार द्वारा चुनाव में इस घोषणा का फायदा उठाना का प्रयास किया जाएगा।
चार दिन में जारी होगा राज्य सेवा परीक्षा-2022 का परिणाम
6 Jul, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र राज्य सेवा परीक्षा-2022 का परिणाम चार दिन में जारी होने वाले हैं। वर्तमान में इस परीक्षा के लिए पदों की संख्या में नहीं बढाई जाएगी। मप्र लोकसेवा आयोग ने पूर्व घोषित 457 पदों को दो भागों में बांट दिया है। मुख्य सूची में सिर्फ 405 पदों का रिजल्ट ही जारी किया जाएगा। मालूम हो कि मप्र लोकसेवा आयोग द्वारा आयोजित इस परीक्षा में दो प्रश्नों पर राजनीतिक बखेड़ा भी हो चुका है। 21 मई को आयोजित परीक्षा में ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ और ‘राज्य निर्वाचन आयोग की तारीख’ पर प्रश्न पूछे गए थे। बाद में दोनों प्रश्न डिलीट कर दिए गए।राज्यसेवा परीक्षा-2022 की अंतिम उत्तरकुंजी 12 जून को ही जारी कर दी गई थी। इस आधार पर मूल्यांकन होकर परिणाम अब तक जारी हो जाना था। प्रश्नों पर विवाद और रिजल्ट में हो रही देरी के बाद अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि शासन परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ा सकता है। दरअसल, चुनावी मौसम में सरकार तमाम मोर्चों पर राहत देने लगी है। पीएससी ने राज्यसेवा में घोषित 457 पदों को ओबीसी आरक्षण के लंबित विवाद के चलते दो भागों में बांट दिया था। 405 पदों को मुख्य सूची में जबकि 52 पदों को प्रावधिक सूची में रख दिया। ऐसे में 52 पदों पर नियुक्ति कोर्ट से आरक्षण विवाद पर अंतिम निर्णय नहीं आने तक नहीं हो सकेगी। इसके चलते अभ्यर्थियों को उम्मीद थी कि सरकार परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ा सकती है, ताकि प्रावधिक सूची में गए पदों की भरपाई हो सके। इस पर पीएससी ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल पद बढ़ाने को लेकर शासन की ओर से किसी तरह का कोई प्रस्ताव आयोग को नहीं मिला है। परीक्षा के नतीजे लगभग तैयार हैं। स्क्रूटनी का अंतिम दौर पूरा होते ही परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। इस बारे में एमपी पीएससी के ओएसडी रविंद्र पंचभाई का कहना है कि राज्यसेवा-2022 प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट चार दिन में जारी होने की संभावना है। शल्य क्रिया विशेषज्ञ के इंटरव्यू पूर्ण हो चुके हैं। उसका परिणाम भी दो-चार दिनों में आने की उम्मीद है। इसके बाद राज्यवन सेवा परीक्षा-2020 का अंतिम परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।
सीधी पेशाब कांड : मुख्यमंत्री ने आदिवासी के पैर धोए, आरती उतारी और माफी मांगी
6 Jul, 2023 05:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पीडि़त दशमत रावत को सुदामा कहकर सीएम ने धोए पैर, शॉल ओढ़ाकर बोले- तुम मेरे दोस्त हो
भोपाल । सीधी पेशाब कांड के पीडि़त आदिवासी दशमत आज सुबह मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पीडि़त दशमत को कुर्सी पर बैठाकर पैर धोए, आरती उतारी और तिलक लगाया। शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने दशमत से कहा कि ‘इस घटना से दुखी हूं। मैं आपसे माफी मांगता हूं। आप जैसे लोग मेरे लिए भगवान जैसे हैं। दशमत से सीएम बोले ‘सुदामा, तुम अब मेरे दोस्त।
सीधी जिले में आदिवासी दशमत रावत पर एक भाजपा कार्यकर्ता के बेशर्मी से पेशाब करने की घटना के बाद से सियासत गरमाई हुई है। गुरुवार को पीडि़त दशमत रावत भोपाल मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। यहां सीएम शिवराज ने दशमत के पैर धोकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। सीएम शिवराज ने कहा कि मन दुखी है। मेरे लिए जनता ही भगवान है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीडि़त से बात की। सीएम ने पूछा कि बच्चे पढ़ रहे हैं? छात्रवृत्ति मिलती है? कोई परेशानी हो तो मुझे बताना है। बेटी लाडली लक्ष्मी है। पत्नी को लाडली बहना का लाभ मिल रहा है? आवास योजना का लाभ मिल रहा है? सीएम ने कहा कि बेटी को पढ़ाना है। बेटियां आगे बढ़ रही हैं। दशमत ने सीएम को बताया कि वह पल्लेदारी का काम करता है। मुख्यमंत्री ने पीडि़त से कहा कि मुझे बहुत दुख हुआ। मैं माफी चाहता हूं। मेरे लिए जनता ही भगवान समान है। सीएम ने दशमत को सुदामा कहते हुए कहा कि तुम अब मेरे दोस्ते हो।
ये है मामला
बता दें सीधी में भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला का दशमत रावत के ऊपर पेशाब करते वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद प्रदेश का सियासी पारा चढ़ गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही मामले में जांच के लिए जांच कमेटियां बनाई हैं। सीधी विधायक पंडित केदारनाथ शुक्ला के पूर्व विधायक प्रतिनिधि प्रवेश शुक्ला को आदिवासी युवक पर पेशाब करने के मामले में मंगलवार रात करीब दो बजे गिरफ्तार कर लिया गया था। प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को सीधी पेशाब कांड पर कहा कि कृत्य बहुत घृणित और निंदनीय बताया था। कानून अपना काम कर रहा है। ये भाजपा की सरकार है यहां कानून का राज है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद तत्काल मुख्यमंत्री के कहने पर एनएसए की कार्रवाई और कानूनी कार्रवाई कर दी गई थी। आरोपी को रात में गिरफ्तार कर लिया गया था। उसे रीवा जेल में रखा जाएगा। प्रशासन ने उसका घर भी तोड़ दिया है।
प्रदेश के अधिकांश जिलों में छाए बादल
6 Jul, 2023 05:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं बौछारें भी पड रही है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ छिटपुट वर्षा का सिलसिला अभी दो-तीन दिन तक बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के आगे बढ़ने पर शनिवार बाद झमाझम वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्तमान में मानसून द्रोणिका राजस्थान से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। बंगाल की खाड़ी में आंध्र तट पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के मध्य में और दक्षिणी गुजरात पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बने हुए हैं। गुजरात तट से लेकर केरल के तट तक एक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है। पाकिस्तान और उससे लगे पंजाब पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ भी मौजूद है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अपेक्षाकृत नमी नहीं मिलने के कारण अभी प्रदेश में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं छिटपुट बौछारें ही पड़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में आंध्र कोस्ट के पास बने चक्रवात के आगे बढ़ने के बाद ही प्रदेश में लगातार अच्छी वर्षा होने की उम्मीद है।उधर, बुधवार को सुबह साढ़े पांच बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक खजुराहो में 24.4, रतलाम में 22, भोपाल में 20, उज्जैन में आठ, गुना में पांच, सतना में पांच, उमरिया में एक, धार में एक, इंदौर में 0.2, पचमढ़ी में 0.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। नौगांव में बूंदाबांदी हुई।