मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
विधायक राजश्री ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां
25 Jun, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शमशाबाद : प्रधानमंत्री मोदी के 9 वर्ष के कार्यकाल के उपलक्ष्य में शमशाबाद की विधायक राजश्री सिंह ने प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इस अभियान में विधानसभा के एक हजार से अधिक विशिष्ट परिवारों से संपर्क और सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता संपर्क करेंगे। इसके साथ ही विधानसभा के सभी बूथों पर अलग- अलग कार्यक्रम होंगे।
विधायक ने कहा कि बीते 9 वर्ष भारत के नवनिर्माण के भारत के गरीब कल्याण के वर्ष रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना हर पल देश को महाशक्ति बनाने के लिए समर्पित कर दिया है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि 21 वीं सदी भारत की सदी है। बीते सालों में भारत ने पॉलिसी पेरालिसिस से डिसाइसिय पॉलिसी और अर्थव्यवस्था में फेजाइल फाइव से टॉप फाइव की यात्रा की है। भारत ने बीते 9 साल में एक पार्टी के अपना परिवार अपनी विकास नीति को दरकिनार कर सबका साथ सबका विकास की कहानी लिखी है। पहले भारत की आवाज अनसुनी कर दी जाती थी। आज जब भारत बोलता है, तो दुनिया सुनती है। पीएम मोदी ने जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को खत्म कर विकासवाद की राजनीति प्रतिष्ठित की है।
राज श्री सिंह ने कहा कि पहले योजनाएं कागजों की धूल फाफती रहती थी। आज एक ही कार्यकाल में योजनाएं बनती भी हैं और जमीन पर उतरती भी है। शिलान्यास और उद्घाटन दोनों एक ही कार्यकाल में होता है। पहले बिचौलिए लाभार्थियों का पैसा खाते थे, आज बिचौलिया संस्कृति को खत्म किया गया है। भ्रष्टाचार के दीमक को खत्म किया जा रहा है। पहले के प्रधानमंत्री कहते थे गरीबों को एक रूपया भेजता हूं तो केवल 15 पैसे जनता तक पहुंच पाते है न जाने कौन सा पंजा था कि रूपये में 85 पैसे को खा जाता था। आज नरेंद्र मोदी सरकार में 100 रू. भेजे जाते हैं तो 100 रू. पहुंचते हैं। भाजपा की उबल इंजन सरकार में तो इसमें और अधिक पैसा जुड़कर गरीबों तक पहुंचता है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों के 85 पैसा खाने वाले पंजे से अर्थव्यवस्था को निकालकर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया है।
राजश्री ने कहा कि बीते 9 सालों में भारत ने गुलामी की बेड़ियों तोड़ी हैं। राजपथ अब कर्तव्य पथ है, रेस कोर्स रोड अब लोक कल्याण मार्ग है और प्रधानमंत्री, प्रधानसेवक के रूप में जनता जनार्दन की सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने देश के सोचने के स्केल के ऊपर उठाया है। धारा 370 धाराशायी हुआ, ट्रिपल तलाक की कुप्रथा खत्म हुई और आतंकवाद पर सर्जिकल हुआ, एयर स्ट्राइक हुआ अयोध्या में राम जन्मभूमि पर प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण भी तेज गति से चल रहा है। इंडिया गेट पूरी तरह से बदल गया है। जहां पर जार्ज पंचम की मूर्ति थी आज यहां सुनाम चंद्र बोस की प्रतिमा है। वीरों की गाथा गाता हुआ नेशनल वॉर मेमोरियल है। उन्होंने कहा कि बीते 9 वर्षों में देश में लगभग 48 करोड़ और विधानसभा में हितग्राहियों के जन-धन एकाउंट खोले उज्जवला योजना के तहत साढ़े 9 करोड़ और विधानसभा में हितग्राहियों को गैस कनेक्शन वितरित किए गए, देश में लगभग साढ़े तीन करोड़ घरों में बिजली पहुंचाई गई। 11 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, 10 करोड़ से अधिक किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है और लगभग साढ़े 12 करोड़ घरों में नल से जल पहुंचाया गया है। पीएम आवास योजना के तहत तीन करोड़ से अधिक गरीबों का घर दिए गए, आवास निर्मित हुए है और हर घर में बिजली, पानी गैस, शौचालय और आयुष्मान कार्ड पहुंचाया गया। देश में लगभग 55 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।
सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने वाले नेता करेंगे घर वापसी
25 Jun, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी: विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में दल बदलकर का दौर जारी है। इसी कड़ी में शिवपुरी से भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। शिवपुरी के भाजपा नेता व ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक राकेश गुप्ता ने कांग्रेस ज्वाइन करने का ऐलान किया है। उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है। उनका कहना है कि जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा ज्वाइन की है, तब से खुद को ठगा सा महसूस कर रहे थे। भाजपा में उनका कोई सम्मान नहीं है।
राकेश गुप्ता 26 जून को भोपाल में कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस का हाथ थामेंगे। राकेश गुप्ता का कहना है कि भाजपा में आने के कारण उनका 40 साल का राजनीतिक करियर दागी हो गया। बीजेपी में उनके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची है। इसलिए उन्होंने इस्तीफा दे दिया है। वह अपनी घर वापसी कर रहे हैं और कांग्रेस में जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस में आने के बाद राकेश गुप्ता शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि टिकट को लेकर कांग्रेस ने ऐसी कोई आश्वासन नहीं दिया है। सूत्रों की मानें तो शिवपुरी में 30 हजार वैश्य वोटरों को साधने के लिए कांग्रेस उन्हें उम्मीदवार बना सकती है। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ और वर्तमान में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया विधायक हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर में खींचा भगवान श्री जगन्नाथ जी का रथ
24 Jun, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को ग्वालियर आगमन पर इस्कॉन सोसाइटी द्वारा जीवाएएमसी से निकाली गई भगवान श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भगवान जगन्नाथ जी की पूजा-अर्चना की और रथ के आगे झाड़ू लगाकर आम नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रथ को खींच कर रथ यात्रा प्रारंभ की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और हमारा प्रदेश और देश निरंतर प्रगति करता रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के साथ केंद्रीय कृषि और किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर, खाद्य एवं प्र-संस्करण राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह, सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर, मध्यप्रदेश बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुन्ना लाल गोयल सहित बड़ी संख्या में भक्त गण रथ यात्रा में शामिल हुए।
रथ यात्रा जीवायएमसी से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए छत्री बाजार पहुँच कर सम्पन्न हुई।
महिलाओं की आमदनी रू. 10 हजार प्रतिमाह करना हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री श्री चौहान
24 Jun, 2023 10:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं की जिंदगी बदलने का संदेश लेकर मैं अपनी बहनों के बीच आया हूँ। हम केवल लाड़ली बहना योजना तक ही सीमित नहीं रहेंगे, आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं की आमदनी 10 हजार रूपए प्रतिमाह करना हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ग्वालियर के मेला मैदान में भव्य मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन-सह-मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं विकास कार्यों के भूमि-पूजन/लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति को बहनों की ताकत का जागरण बताया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ लगभग 777 करोड़ 35 लाख रूपए लागत के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही प्रतीक स्वरूप महिलाओं को शासकीय योजनाओं के हितलाभ एवं मुख्यमंत्री अवासीय भू-अधिकार पत्र वितरित किए। लाड़ली बहना सेना को कार्यालय की चाबी सौंपी और विभिन्न क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। जिले की महिलाओं ने स्वयं के द्वारा बनाए गए उपहार भी मुख्यमंत्री श्री चौहान सहित अन्य अतिथियों को भेंट किये। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने एक हजार बिस्तर के अस्पताल में सेट्रलाइज्ड एसी सिस्टम लगवाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना सम्मेलन में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्र-संस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, लोक निर्माण राज्य मंत्री श्री सुरेश धाकड़, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष श्रीमती इमरती देवी, बीज एवं फॉर्म विकास निगम के अध्यक्ष श्री मुन्नालाल गोयल, मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष श्री सीताराम बाथम, नगर निगम सभापति श्री मनोज तोमर सहित अन्य जन-प्रतिनिधि मंचासीन थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि महिलाओं को सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिये सरकार ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना व लाड़ली बहना योजना जैसी क्रांतिकारी योजनाओं को मूर्तरूप दिया है। लाड़ली बहना योजना महिलाओं की जिंदगी बदलने के मंत्र की तरह है। प्रदेश की लगभग सवा करोड़ महिलाओं को 15 हजार करोड़ रूपए सरकार हर माह दे रही है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि धीरे-धीरे बढ़ा कर 3 हजार रूपए तक की जायेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अन्य अतिथियों ने कन्या-पूजन, वीरांगना दुर्गावती के चित्र पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने स्वागत उदबोधन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाने वाला बताया। उन्होंने योजना लागू करने के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान का धन्यवाद व्यक्त किया।
हर गाँव में गठित होंगीं लाड़ली बहना सेनाएँ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के हर गाँव में महिलाओं को लाड़ली बहना सेना में संगठित किया जायेगा। छोटे गाँव की लाड़ली बहना सेना में 11 महिला सदस्य और बड़े गाँव में 21 महिलाएँ शामिल की जायेंगीं।
शेष महिलाओं का भी होगा पंजीयन, 21 से 23 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को भी जोड़ेंगे
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में जो महिलाएँ पंजीयन नहीं करा पाई हैं, उनका पंजीयन किया जायेगा। साथ ही अब न्यूनतम 21 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को भी इस योजना से जोड़ा जायेगा। पहले इस योजना में 23 वर्ष न्यूनतम आयु थी।
महिला हितैषी योजनाओं की वजह से प्रदेश में लिंगानुपात सुधरा : केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर
केन्द्रीय कृषि एवं किसान-कल्याण मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के के लिये क्रांतिकारी कदम उठाए हैं। प्रदेश सरकार द्वारा शुरू किये गये। इन कदमों से प्रदेश में महिला– पुरूष लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। महिला सशक्तिकरण के बिना देश का सशक्तिकरण असंभव है। इसे ध्यान में रखकर केन्द्र व राज्य सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिये कारगर योजनाएँ बनाई हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान जो कहते हैं उसे धरती पर उतारकर दिखाते हैं। महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए गए काम इस बात की पुष्टि करते हैं।
देश-प्रदेश में बेटियाँ अब बोझ नहीं रही : केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने महिला शक्ति को आगे करने का काम किया है, जिससे नारी शक्ति अपनी प्रगति का मार्ग स्वयं तय कर सकती है। देश-प्रदेश में बेटियाँ अब बोझ नहीं रही हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शुरू की गई लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह-निकाह योजना ने इसमें महती भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर बदल रहा है। यहाँ एक हजार बिस्तर का अस्पताल, अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डा और रेलवे स्टेशन का निर्माण, एलीवेटेड रोड, पेयजल के लिये चंबल प्रोजेक्ट इत्यादि बड़े-बड़े काम मूर्तरूप ले रहे हैं। श्री सिंधिया ने आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, घर-घर शौचालय सहित हर घर में नल से पानी पहुँचाने के लिये सरकार द्वारा स्थापित जल जीवन मिशन सहित अन्य योजनाओं से आए बदलाव को भी रेखांकित किया।
रेहट की “लाड़ली बहना सेना” को सौंपी कार्यालय की चाबी
मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं अन्य अतिथियों ने ग्वालियर जिले की जनपद पंचायत घाटीगाँव के ग्राम रेहट से आईं महिलाओं को “लाड़ली बहना सेना” के कार्यालय भवन की चाबी एवं भवन आवंटन पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यालय भवन में बैठकर गाँव की महिलायें अपनी तरक्की की नई इबारत लिख सकेंगीं। उन्होंने सेना को कार्यालय भवन उपलब्ध कराने के लिये जिला प्रशासन की प्रशंसा की।
लाड़ली बहन ने कुर्ता दिया, भैया शिवराज हुए भाव विभोर
मुख्यमंत्री श्री चौहान के लिये ग्राम सिकरोदी निवासी श्रीमती भावना मौर्य एवं श्रीमती सीमा स्वयं द्वारा तैयार सुंदर सा कुर्ता लेकर पहुँची थीं। उन्होंने जब यह उपहार मुख्यमंत्री श्री चौहान को भेंट किये तो वे भाव विभोर हो गए और कहा इसे हम अवश्य पहनेंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के 27 जून के कार्यक्रमों की तैयारियाँ देखीं
24 Jun, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 27 जून की यात्रा और उनके कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री श्री चौहान मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुँचे वहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वहाँ सुरक्षा व्यवस्था के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के रोड-शो मार्ग के सुरक्षा इंतजामों के बारे में पुलिस अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रोड-शो के दौरान नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुँचकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से कार्यक्रम के लिए की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान रेलवे यात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। प्रधानमंत्री श्री मोदी रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से 27 जून को भोपाल-इंदौर और भोपाल-जबलपुर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी इस मौके पर नागरिकों को संबोधित भी करेंगे। इस मौके पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, सांसद श्री वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री श्री हितानंद शर्मा, पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, जन-प्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
सफलता के लिए दीक्षांत शपथ का आचरण में 365 दिन पालन जरूरी
24 Jun, 2023 09:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने विद्यार्थियों से कहा है कि भावी जीवन में निरंतर ज्ञान के लिए प्रयास करते रहें। कार्य-क्षेत्र में अपने ज्ञान और मेधा का सर्वश्रेष्ठ उपयोग, समाज के वंचित वर्गों को मुख्य-धारा में साथ लेकर चलने और देश और समाज की सेवा में करना चाहिए। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि भावी जीवन की सफलता में अपने पालकों और शिक्षकों के त्याग और बलिदान को नहीं भूलें। माता-पिता के साथ दुर्व्यवहार के समाचारों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सदैव याद रखें कि आपकी वर्तमान सफलता आपके माता-पिता और गुरुजन के अतीत के त्याग और समर्पण का ही परिणाम है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत शपथ का 365 दिन आचरण में पालन करने वाला जीवन में कभी भी पीछे नहीं रहेगा। राज्यपाल श्री पटेल मानसरोवर ग्लोबल यूनिवर्सिटी के दीक्षांत और स्नातक दिवस समारोह को कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में संबोधित कर रहे थे।
समारोह में कैंसर चिकित्सक सुरेश एच. आडवाणी, प्रख्यात लोक गायिका श्रीमती मालिनी अवस्थी, सिने कलाकार श्री पीयूष मिश्रा, पार्श्व गायिका सुश्री कविता सेठ, जीवा आयुर्वेद के संस्थापक प्रताप सिंह चौहान, जादूगर श्री आनंद अवस्थी, युवा गीतकार श्री अमन अक्षर, ड्रोन टेक्नोलॉजी के संचालक श्री निखिल और पार्श्व गायिका श्रद्धा पंडित को मानद उपाधि और 200 विद्यार्थियों को पूर्णता प्रमाण-पत्र एवं उपाधियाँ प्रदान की गईं।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षित विद्यार्थियों का दायित्व है कि वे अपनी योग्यता और संस्कारों की सुगंध सारी दुनिया में फैलाये। उन्होंने कहा कि ऋग्वेद में कहा गया है कि ज्ञानी लोग अज्ञानियों को भी ज्ञानवान बनाते हैं। महान व्यक्तियों ने इसी भाव से ज्ञान का अर्जन एवं उपयोग करके, इस धरती पर लंबे समय तक याद की जाने वाली ऊँचाइयों को पाया। शिक्षा के बिना व्यक्ति जीवन में सफल नहीं हो सकता। किसी भी कॅरियर में सफलता के मूल में निरंतर ज्ञान प्राप्त करने के प्रयास हैं। व्यक्तित्व को आकार देने, लोगों के साथ हमारे व्यवहार को सही करने के लिए भी ज्ञानवान होना बहुत महत्वपूर्ण है। ज्ञान केवल विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों से संबंधित नहीं है। जिसको हम पुस्तकों में पढ़ते हैं, यह निरंतर अनुभवों और घटनाओं से भी मिलता रहता है। ज्ञान व्यक्ति को अपनी ताकत और कमजोरियों को समझने का सामर्थ्य देता है और परिवेश और जीवन की परिस्थितियों के साथ समायोजन में भी सहयोगी होता है।
राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने कहा कि हम देख रहे हैं कि आज वही देश सबसे कामयाब है जिसके पास ज्ञान की अद्भुत शक्ति है। महात्मा बुद्ध ने भी शिक्षा को सबसे शक्तिशाली हथियार बताया है। हम सबका सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने राष्ट्रीय जीवन दर्शन पर आधारित राष्ट्रीय शिक्षा नीति के द्वारा भावी पीढ़ी और युवाओं को दुनिया को बदलने में सक्षम बनने का सुनहरा अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने का सामर्थ्य, कौशल और संस्कार प्रदान करने का केंद्र बनना चाहिए। विश्वविद्यालय को समाज के वंचित वर्गों और परिसर के निकट रहने वाले वंचित, गरीब परिवारों को स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी प्रयासों में सहयोग करना चाहिए। सामाजिक सरोकारों के साथ विद्यार्थियों को जोड़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि अपने व्यक्तित्व और आचरण के उदाहरण से विद्यार्थियों को जीवन में ज्ञान को सही तरीके से अपने और समाज के लिए उपयोगी बनाने की प्रेरणा दें। प्रारम्भ में राज्यपाल का पुष्प-गुच्छ भेंट कर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती मंजुला तिवारी ने स्वागत किया। स्मृति-चिन्ह के रूप में अयोध्या में निर्माणाधीन राम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की गई।
मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. भरत शरण सिंह ने दीक्षांत उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय के संरक्षित वातावरण से खुले जीवन की चुनौतियों का सामना करने के संकल्प का अवसर है। नौकरी की कतारों में खड़े होने के बजाए स्टार्ट अप के माध्यम से नौकरी देने वाला बन कर, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहयोगी बने। विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर इंजीनियर गौरव तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताई और विश्वविद्यालय के संस्थापक ब्रह्मलीन कमलकान्त तिवारी का स्मरण किया। कुलपति श्री अरुण कुमार पाण्डेय ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और विद्यार्थियों को महर्षि चरक शपथ का स्मरण कराया। प्रो. वाईस चांसलर कर्नल एच.आर. रोहिल ने आभार माना।
रोक हटने के बाद भी नहीं हो रहे तबादले
24 Jun, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मंत्रियों और विधायकों की डिमांड के बाद सरकार ने 15 जून से तबादलों पर से रोक तो हटा दी है, लेकिन अभी तक तबादले की सूची जारी नहीं हो रही हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि महिने के आखिरी दिनों में तबादलों की थोकबंद सूची जारी होगी। माना जा रहा है कि इस बार 45 हजार से ज्यादा ट्रांसफर होंगे। जानकारी के अनुसार विधायकों ने प्रस्ताव देने प्रारंभ कर दिए हैं। उधर संभावना है कि पीएम मोदी के मप्र दौरे के बाद तबादलों की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग मंत्रियों द्वारा की जा सकती है।
गौरतलब है कि प्रदेश में मंत्री और विधायक कब से तबादले पर से रोक हटाने की मांग कर रहे थे। उनकी मांग पर सरकार ने 15 से 30 जून तक तबादलों पर से रोक तो हटा दी है, लेकिन अभी तक किसी भी जिले में आदेश जारी नहीं हुए हैं। इसके पीछे बड़ा कारण माना जा रहा है कि मंत्रियों ने एक जिले से दूसरे जिले में ट्रांसफर किए जाने की डिमांड मुख्यमंत्री से की थी लेकिन यह मांग पूरी नहीं होने से उनकी दिलचस्पी कम हो गई है। संभावना है कि पीएम मोदी के मप्र दौरे के बाद तबादलों की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग मंत्रियों द्वारा की जा सकती है।
जानकारी के अनुसार विधायकों ने प्रस्ताव देने प्रारंभ कर दिए हैं। माना जा रहा है कि 27 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा खत्म होने के बाद जिलों में तबादलों की थोकबंद सूचियां जारी होंगी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने राज्य की वित्तीय स्थिति को देखते हुए सिर्फ जिले के अंदर ही ट्रांसफर किए जाने की सहमति दी है। जीएडी ने नई तबादला नीति जारी करते हुए 15 से 30 जून तक रोक हटाने के निर्देश जारी किए हैं। तबादलों को लेकर एक भी जिले में लिस्ट बनने की शुरुआत नहीं हुई है। कहीं-कहीं विधायकों ने पटवारी, आरक्षक, राजस्व निरीक्षक, शिक्षक, लिपिक, नर्सों और निकाय कर्मचारियों को हटाने और पदस्थ करने संबंधी आवेदन मंत्रियों के पास भेजे हैं। ऐसे में संभावना है कि पीएम मोदी के मप्र दौरे के बाद तबादलों की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग मंत्रियों द्वारा की जा सकती है। दरअसल, मुख्यमंत्री की मंशा है कि जिलों में लंबी लिस्ट जारी नहीं की जाए। इसलिए कि प्रशासनिक आधार पर तबादले होने पर शासन के खजाने पर अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। पूर्व मंत्री रामपाल सिंह कहते हैं कि जिले के अंदर ही तो होना है। एक घंटे में लिस्ट जारी हो जाएगी। मैने ऐसे कर्मचारियों के नाम भेजे हैं जिनका तबादला आवश्यक है। उन्हीं के तबादले करने को प्राथमिकता दी है जो पारिवारिक कारणों से जरूरी है। मुरैना और श्योपुर के प्रभारी मंत्री भरत सिंह कुशवाह ने कहा कि अभी और सात दिन हैं। जिले के अंदर उन्हीं कर्मचारियों के तबादले करेंगे, जिनका आवश्यक होगा। उनके पास आवेदन आने लगे हैं परंतु किसी को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा। सीएम से डेट आगे बढाने की मांग मेरे द्वारा नहीं की जाएगी। वे कहते हैं कि इसे पहले भी उन्होंने तबादलों पर से रोक हटाने की मांग नहीं की थी।
चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, प्रदेश में उन मैदानी अफसरों के तबादले भी करने हैं जो पिछले 3 साल से एक ही स्थान पर पदस्थ है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मध्य प्रदेश दौरे के बाद सरकार कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के तबादले करेगी। इसमें उन अधिकारियों को प्राथमिकता में रखा जाएगा, जिनके एक स्थान पर तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसमें दतिया, पन्ना और टीकमगढ़ के कलेक्टर शामिल हैं। इसी तरह गृह विभाग भी अधिकारियों को हटाएगा। यद्यपि, पुलिस अधीक्षक केवल एक ही ऐसे हैं, जिन्हें तीन वर्ष पूरे हो चुके हैं। सामान्य प्रशासन और गृह विभाग ने तबादला करने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री की अनुमति पर आदेश जारी कर दिए जाएंगे। चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए 31 जनवरी 2024 को एक स्थान पर पदस्थ रहते तीन वर्ष पूर्ण करने वाले अधिकारियों का तबादला करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य प्रशासन गृह सहित अन्य विभागों को 31 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर चुनाव आयोग को सूचित करना है। सामान्य प्रशासन, राजस्व सहित अन्य विभागों की ओर से मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और गृह विभाग की ओर से पुलिस महानिदेशक प्रतिवेदन देंगे कि ऐसा कोई भी अधिकारी उस स्थान पर पदस्थ नहीं है, जिसे तीन वर्ष एक स्थान पर पूरे हो गए हैं या फिर गृह जिले में पदस्थ है। सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दतिया में संजय कुमार सिंह, टीकमगढ़ सुभाष कुमार द्विवेदी और पन्ना में संजय कुमार मिश्रा वर्ष 2020 से कलेक्टर हैं। आयोग के निर्देशानुसार इनका तबादला होगा। उधर, गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बुरहानपुर के पुलिस अधीक्षक राहुल कुमार लोढ़ा जून 2020 से पदस्थ हैं। इन्हें स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त और उप पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों के तबादले होंगे। पुलिस मुख्यालय ने सूची तैयार करके गृह विभाग को दे दी है।
चार प्रतिशत बढ़ेगा कर्मचारियों का महंगाई भत्ता
24 Jun, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कल एक समारोह में ऐलान किया कि मध्य प्रदेश के साढ़े सात लाख कर्मचारियों का महंगाई भत्ता चार प्रतिशत बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान कल सीहोर जिले की भैरुंदा तहसील के गिल्लौर ग्राम में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह में शामिल होने आए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों में चार प्रतिशत महंगाई भत्ते का अंतर है। अब इसे समाप्त किया जाएगा। रोजगार सहायकों की समस्या के समाधान को लेकर भी उन्होंने आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के लागू होने पर कर्मचारियों को 38 के स्थान पर 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। सीएम की घोषणा से कर्मचारियों को हर महीने प्रथम श्रेणी अधिकारियों को न्यूनतम 16 सौ से छह हजार तक का लाभ होगा। वित्त विभाग जुलाई से बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता दे सकता है।कर्मचारी संगठन लंबे समय महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। केंद्र सरकार जनवरी 2023 से कर्मचारियों को 42 प्रतिशत महंगाई भत्ता दे रही है। जबकि, प्रदेश के कर्मचारियों को 38 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता मिल रहा है। इसमें वृद्धि की मांग कर्मचारी संगठन लंबे समय से कर रहे थे। चार प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ने से सरकार पर प्रतिवर्ष एक हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा। यद्यपि, उन्होंने इस वृद्धि का लाभ कब से दिया जाएगा, इसका उल्लेख नहीं किया।
मप्र में अगले 24 घंटे में पहुंचेगा मानसून
24 Jun, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार दिन भर से वर्षा जारी है जो मानसून के जल्द आगे बढ़ने के संकेत दे रही हैं। मौसम विभाग की शनिवार की बैठक में मानूसन के और आगे बढ़कर प्रदेश में दस्तक दे देने की संभावना बन रही है। मानसून के अगले 24 घंटे में मप्र में दस्तक देने की पूरी उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की बंगाल की खाड़ी की शाखा इस वर्ष प्रदेश में मानसून की दस्तक देने जा रही है। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात ताकतवर होकर आगे बढ़ चुका है, वर्तमान में यह उत्तरी उड़ीसा और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे इलाकों में बना हुआ है। वहीं बिपर्जय अब हवा के ऊपरी भाग में प्रणाली के रूप में बनकर वर्षा की गतिविधियों को जारी रखे हुए हैं।इन दोनों प्रणालियों सहित एक द्रोणिका भी आकार लेने जा रही है। मौसम की विभिन्न प्रणालियों के असर से मानसून को ताकत मिल रही है। मौसम विभाग ने शुक्रवार दोपहर तक मानसून को आगे बढ़ाकर छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में पहुंचने की घोषणा कर दी है।प्रदेश में शुक्रवार को वर्षा की गतिविधियों का केंद्र पूर्वी इलाके और मध्य क्षेत्र के इलाके रहे। दिन भर में सबसे ज्यादा वर्षा राजधानी भोपाल में 23.6 मिमी दर्ज की गई। इसके अतिरिक्त सिवनी में 21 तो मंडला में 18 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वर्षा का इंतजार कर रहे सिवनी, मंडला, छिंदवाड़ा, खजुराहो सहित जबलपुर में बौछारें पड़ीं। मौसम विभाग ने शुक्रवार शाम जारी बुलेटिन में रायसेन, सीहोर, हरदा, खंडवा, अनूपपुर, डिंडौरी, सिवनी एवं शाजापुर में वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, राजगढ़,बुरहानपुर, धार, इंदौर, खरगौन,नर्मदापुर, बड़वानी, बैतूल, विदिशा, देवास, शहडोल, मंडला, बालाघाट, सागर, जबलपुर, उमरिया, पन्ना , सतना, कटनी एवं छिंदवड़ा में आरेंज अलर्ट जारी किया है। पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी गुरुदत्त मिश्रा ने बताया कि मानसून छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में आ चुका है। यह 24 से 48 घंटे में आगे बढ़ेगा। शुक्रवार को भोपाल संभाग एवं जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में अच्छी वर्षा हुई है। ऐसे में अगले एक से दो दिनों में मानसून के छत्तीसगढ़ को कवर कर जबलपुर संभाग के छत्तीसगढ़ से लगे हिस्सों में पहुंच जाने का अनुमान है।
प्रदेश की 13 जेलों में सुधारे जाएंगे बंदी, छुड़ाई जाएगी नशे की लत
24 Jun, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । जेल के अंदर बंदियों में नशे की लत छुड़ाने का इंतजाम हो रहा है। प्रदेश में 11 सेंट्रल और दो सर्किल (शिवपुरी और रतलाम) जेल में नशामुक्ति केन्द्र तैयार हो रहे हैं। दरअसल अपराध विशेषज्ञ मानते हैं ज्यादातर अपराध नशे में होते हैं। जेल में अपराधियों की नशे की आदत छूटेगी तो सलाखों के बाहर निकल कर अपराध से भी बचेंगे।
ऐसे बंदी जो नशे के बिना नहीं रह सकते उन्हें नशामुक्ति केंद्र में रखा जाएगा। जेल के चिकित्सक, मनोरोग चिकित्सक और काउंसर उनका इलाज करेंगे। कोशिश की जाएगी बंदी जेल से बाहर निकल भी नशा नहीं करें।
बंदियों को नशा मुहैया कराने में तमाम जेलकर्मी पकड़े गए हैं। यह लोग टोपी को उधेडकऱ उसमें नशा भरकर, जूते में रखकर, अंडरगारमेंट के अलावा टिफिन और जेल में आने वाले राशन और सब्जियों के बीच में भी नशा छिपाकर लाते रहे हैं।
बंदी नशा छोड़ेंगे तो जेल में नशा तस्करी का धंधा भी बंद होगा। जेल के अंदर नशे की डिमांड है। कुछ जेलकर्मी बंदियों की लत से पैसा कमा रहे हैं। उनके लिए दो नंबर में गांजा, चरस, स्मैक, बीडी, तंबाकू की तस्करी कर रहे हैं। हाल में जेल का सिपाही विपिन लोधी बंदी से डील होने पर उसके लिए सीटी में गांजा भरकर लाया था, लेकिन पकड़ा गया तो सस्पेंड किया गया।
सेंट्रल जेल (ग्वालियर) के पुराने अस्पताल में नशामुक्ति सेंटर बन रहा है। इसमें 25 बिस्तर रहेंगे। शुरुआत 15 बिस्तर से होगी। इसमें ग्वालियर के अलावा भिंड, मुरैना और दतिया की उपजेल से भी नशेडिय़ों को लाकर उनका नशा छुड़ाया जाएगा। जेल अधिकारी कहते हैं जेल में 3200 बंदी हैं। वैसे तो आधे से ज्यादा बंदी नशेबाज हैं। इनमें कुछ ऐसे हैं जो नशे के बिना नहीं रह सकते हैं। उनमें सुधार जरूरी है। क्योंकि इन्हें जेल में नशा नहीं मिलता तो उत्पात मचाते हैं। दूसरे बंदियों पर हमला करते हैं। सुसाइड की धमकी देते हैं।
नशा नहीं मिलने पर बंदी सलाखों में भागते, दीवारों से सिर पटकते हैं। दवाई के ट्यूब की नोंक को धारदार कर हाथ पैर काटने की कोशिश करते हैं। करीब 15 दिन पहले जेल में राहुल सहित तीन बंदियों ने स्मैक नहीं मिलने पर ब्लैड गुटकने की धमकी देकर खलबली मचा दी। इन तीनों बंदियों को ग्वालियर जेल से हटाकर दूसरी जेल भेजा गया है।
पाल बघेल समाज के सम्मेलन में शिरकत करने मुख्यमंत्री पहुंचे बेहटा गांव
24 Jun, 2023 01:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पाल समाज के सम्मेलन में भाग लेने के लिए बेहटा गांव पहुंच गए हैं। कार्यक्रम में पहुंचने पर उन्होंने कन्या पूजन किया। साथ ही लोगों का अभिवादन भी किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित प्रभारी मंत्री सहित अन्य मंत्रीगण व विधायक मौजूद थे।
1500 एकड़ में बन रहे टेक्सटाइल्स मित्रा पार्क में 6 उद्योग 565 करोड़ का निवेश
24 Jun, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पीएम मित्रा पार्क में टेक्सटाइल्स व गारमेंट्स इंडस्ट्रीज के नामचीन और बड़े 15 टेक्सटाइल्स ग्रुप जहां 6397 करोड़ रुपये का निवेश कर 20 हजार 570 को रोजगार देंगे, वहीं इंदौर-पीथमपुर से जुड़े 6 उद्योग 565 करोड़ रुपये का निवेश कर 4400 बेरोजगारों को रोजगार देंगे।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पीएम मित्रा पार्क के लिए देश के 7 राज्यो को चुना गया गया है, जिसमें मध्यप्रदेश भी शमिल है। धार जिले के भैंसोला गांव में बनने जा रहे पीएम मित्रा पार्क के लिए इंदौर एमपीआईडीसी ने 1563 एकड़ जमीन चिन्हित करके दी है। इस पार्क में देशभर के 15 उद्योग 6397 करोड़, वहीं इंदौर-पीथमपुर के 6 उद्योग 565 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इस तरह इस टेक्सटाइल्स गारमेंट्स पार्क में 21 उद्योगों के माध्यम से 6962 करोड़ रुपये का निवेश होने जा रहा है। यह 21 उद्योग संयुक्त रूप से 24 हजार 970 लोगों को रोजगार देंगे। यह जानकारी दिल्ली में हुई टेक्सटाइल्स मिनिस्ट्री की बैठक में केंद्र सरकार के अधिकारियों को उद्योग प्रमुख सचिव पीएस मनीष सिंह, एमपीआईडीसी के एमडी नवनीत कोठारी, एमपीआईडीसी इंदौर ईडी रोहन सक्सेना ने दी।
पीएम मित्रा पार्क में निवेश करने वाले उद्योग
उद्योग निवेश करोड़ में रोजगार
बायो स्पिनिंग 250 1000
मोहिनी हेल्थ 125 600
प्रतिभा सिंथटेक्स 55 1000
वेदांत 50 300
बॉन्ड्स मोर 50 1000
विनर वेंचर्स 35 500
कुल योग 565 करोड़ 4400
किन्नर बनकर महिला को लूटने का प्रयास, ग्रामीणों ने बांधकर की पिटाई
24 Jun, 2023 11:51 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
शिवपुरी । शिवपुरी में कुछ बदमाशों ने किन्नर का भेष बनाया और एक महिला के घर में घुस गए। यहां पर उसे पहले झांसा दिया। बाद में उसे सम्मोहित कर लूटने का प्रयास किया। लेकिन महिला अचानक होश में आ गई और शोर मचा दिया। इससे बदमाशों को भागना पड़ा। लेकिन ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया और पेड़ से बांधकर पिटाई कर दी। बाद में बदमाशों को पुलिस को सौंप दिया।
पोहरी थाना क्षेत्र के गांव मारौरा खालसा गांव में चार युवक, जिनमें से दो युवक किन्नर का रूप बनाए हुए थे पहुंचे। बदमाशों ने पहले गांव का एक चक्कर लगाया। इसके बाद वे गांव में एक घर में महिला को अकेलाा देख उसके घर में घुस गए। पहले उससे उसके बच्चों के बारे में पूछा और आशीर्वाद दिया। महिला ने भी उन्हें सौ रुपए दिए। लेकिन किन्नर बने बदमाशों ने महिला के ऊपर पानी छिड़का। जिससे वह सुधबुध खो बैठी। इसके बाद आरोपितों ने उसके गहने उतारने शुरू कर दिए। लेकिन इसी दौरान कोई गहना महिला को चुभ गया। जिससे वह होश में आ गई। उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर बदमाश भागने लगे। लेकिन महिला का शोर सुन ग्रामीण आ गए और उन्होंने दौड़कर आरोपितों को दबोच लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने पेड़ बदमाशों को पेड़ से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपितों को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया।
90 करोड़ तक की सब्सिडी प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने पर मिलेगी
24 Jun, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । आज-कल एक नई तरह की राजनीति फिल्मों के जरिए भी देश में शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष अपनी पसंदीदा फिल्मों का जोर-शोर से प्रमोशन तो करता ही है, वहीं मुफ्त में भी कश्मीर फाइल्स से लेकर द केरला स्टोरी जैसी फिल्मों को दिखाया गया। दूसरी तरफ मध्यप्रदेश फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दी जा रही है। यहां तक कि हजार-पांच सौ करोड़ रुपए लगाकर कोई भव्य-विशाल फिल्म सिटी बनाता है, जहां शूटिंग की सारी सुविधाएं उपलब्ध रहती है तो उसे 90 करोड़ रुपए तक की सब्सिडी दी जा सकती है। इतना ही नहीं, फीचर फिल्म से लेकर वेब सीरीज, टीवी शो के लिए भी एक से दो करोड़ रुपए, तो डॉक्यूमेंट्री के लिए 40 लाख रुपए की सब्सिडी और किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के लिए तो 10 करोड़ और सिनेमा हॉल बनाने पर 1 करोड़ की सब्सिडी के प्रावधान किए हैं।
पिछले कुछ समय से मध्यप्रदेश में फिल्मों के साथ-साथ वेब सीरीजों की शूटिंग बढ़ गई। भोपाल इसके लिए आदर्श माना जा रहा है। भोपाल से लेकर मांडव-महेश्वर में भी बीते दिनों कई फिल्मों व सीरीज की शूटिंगें हुई हैंं, जिनमें जाने-माने फिल्म कलाकारों ने हिस्सा भी लिया। इतना ही नहीं, शासन ने फिल्म शूटिंग परमिशन को लोकसेवा गारंटी के तहत जोड़कर मात्र 15 दिन में और आपातकालीन स्थिति में ऑफलाइन परमिशन की सुविधा भी दी है। प्रमुख सचिव पर्यटन और संस्कृति तथा प्रबंध संचालक टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला के मुताबिक प्रदेश में फिल्म निर्माण को सुगम और सफल बनाने के लिए कई तरह की सुविधाएं और सब्सिडी दी जा रही है।
प्रदेश में फिल्मांकन को बढ़ावा देने के लिए फिल्म मेकर को विभिन्न क्षेत्रों में आकर्षक सब्सिडी दी जाती है। फीचर फिल्म्स के लिए दो करोड़ रूपये तक, वेब सीरीज और टीवी शो के लिए एक करोड़ तक, डॉक्यूमेंट्री के लिए 40 लाख रूपये तक सब्सिडी दी जाती है। अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के लिए तो 10 करोड़ तक की सब्सिडी दिए जाने का प्रावधान है। फिल्म आधारित अधो-संरचना विकास के लिए 90 करोड़ रूपये तक और सिनेमा हॉल बनवाने के लिए एक करोड़ तक की सब्सिडी दी जाती है। साथ ही स्थानीय आर्टिस्ट को काम देने पर 35 लाख तक, राज्य को प्रमुखता से दिखाने के लिए 50 लाख तक अतिरिक्त सब्सिडी और राज्य स्वामित्व के होटल और रिसॉर्ट का उपयोग करने पर रूम टैरिफ पर 40 प्रतिशत की छूट दी जाती है। जनजातीय संग्रहालय में दर्शित स्थानीय संस्कृति की झलक और साँची स्तूप में पुरातात्विक वैभव ने सभी फिल्म विशेषज्ञों का मन मोह लिया।
आज निकलेगी भगवान श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
24 Jun, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पटेल नगर स्थित इस्कॉन मंदिर द्वारा शनिवार को विश्व प्रसिद्ध श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव मनाया जा रहा है। भोपाल में यह रथयात्रा उत्सव इस्कॉन मंदिर द्वारा दसवी बार आयोजित होने जा रहा है। शहर के मुख्य मार्गों से निकलने वाली यह रथयात्रा भोपाल टॉकीज से शाम 4 बजे प्रारंभ होगी। यात्रा हमीदिया रोड, भारत टाकीज, रोशनपुरा चौराहा से होते हुए माता मंदिर के पास प्लेटिनम प्लाजा पहुंचेगी, जहां पर समापन होगा। यात्रा में लगभग 20 हजार भक्तों के सामिल होने की संभावना है। यात्रा में भाग लेने हेतु होने देश-विदेश से भी भक्तगण पधारेंगे ।
रथयात्रा में होंगे दिव्य दर्शन
इस बार रथयात्रा के लिए एक भव्य रथ का निर्माण किया गया है। इसकी बनावट पुरी में स्थित श्रीजगन्नाथ भगवान के नंदीघोष रथ के आधार पर की गई है। रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी विराजमान होंगे।
श्रद्धालु अपने हाथों से खीचेंगे रथ
रथयात्रा के दौरान, श्रद्धालु अपने हाथों से रस्सी द्वारा रथ को खींचेंगे। पूरे रथयात्रा के समय पारंपरिक हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन तथा प्रसाद वितरण होता रहेगा। मंदिर के गृहस्थ भक्तों द्वारा 300 किलो खाजा प्रसाद बनाया गया है, जो यात्रा के समय वितरित किए जाएंगे। भगवान जगन्नाथजी की संध्या आरती के साथ उत्सव का समापन होगा और उसके बाद 5000 भक्तों के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया है।
3 माह में तैयार हुआ विशेष रथ
रथयात्रा के लिए एक विशेष रथ का निर्माण 3 माह की अवधि में किया गया है। रथ की ऊंचाई 27 फीट, चौड़ाई 17 फीट और लंबाई 24 फीट है। रथ का फाउंडेशन लोहे से एवं बेस और कैनोपी के लिए सागौन की काष्ठ का उपयोग किया गया है। जिसमें लगभग 2 टन लोहा और 50 घन फिट सागौन की काष्ठ लगी है। लकड़ी पर सुंदर नक्कासी एवं कैनोपी में कपड़े का कार्य भी मनमोहक होगा। रथ में काष्ठ से बने 6 फिट के विशालकाय पहिया लगे हैं । रथ की उच्चता को हाइड्रोलिक लीवर के माध्यम से कम या ज्यादा किया जा सकता है।
रथयात्रा का महत्व
श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा उत्सव हजारों हज़ारों वर्ष पुरानी परंपरा है। इसका वर्णन स्कंध पुराण, पद्म पुराण तथा अन्य कई पुराण में मिलता है। शास्त्र में वर्णन है, कि रथारूढ़ भगवान जगन्नाथ के दर्शन मात्र से जीव जन्म मृत्यु के चक्र से मुक्त हो जाता है। रथयात्रा एक विशेष उत्सव है, जहां स्वयं भगवान अपने भक्तों की प्रसन्नता के लिए, उनसे प्रेम की आदान प्रदान करने हेतु, मंदिर के बाहर दर्शन देने आते हैं। उनके दिव्य दर्शन पाकर भक्त तृप्त होते हैं और भगवान की शुद्ध प्रेमभक्ति और सेवा के लिए प्रार्थना करते हैं।
इस्कॉन संस्था द्वारा पूरे विश्व में रथयात्रा
आज विश्व के हर देश, हर बड़े शहरों में श्री जगन्नाथ रथयात्रा उत्सव मनाया जाता है। इसका विशेष श्रेय अंतराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के संस्थापक आचार्य अभय चरणारविन्द भक्तिवेदांत स्वामी श्रील प्रभुपाद जी को जाता है। जिन्होंने पहली बार भारत के बाहर, अमेरिका के सानफ्रांसिस्को सहर में सन् 1967 में रथयात्रा उत्सव का आयोजन किया था। आज इस्कॉन संस्था का परिचय एक विशाल अंतराष्ट्रीय भक्ति संगठन के रूप में है, जिसमे सैकड़ों मंदिर, आश्रम, कृषि समुदाय तथा वैदिक गुरुकुल सम्मिलित हैं। आज पूरे विश्व में, इस्कॉन के 1000 से भी ज्यादा श्री श्री राधा कृष्ण मंदिर हैं। इस्कॉन श्रीमद भगवद गीता तथा श्रीमद भागवतम की शिक्षाओं पर आधारित हैं। समस्त विश्व में, प्रेमावतार श्री चैतन्य महाप्रभु के द्वारा प्रदर्शित मार्ग द्वारा शुद्ध कृष्णभक्ति का प्रचार करना इस्कॉन का लक्ष्य है।