मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
कांग्रेस विधायक आरिफ अकील की तबीयत बिगड़ी, एयर लिफ्ट किया
26 Jun, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक आरिफ अकील की तबीयत रविवार रात अचानक बिगड़ गई।
गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल भेजा
आरिफ अकील को सोमवार सुबह राज्य सरकार ने एयर लिफ्ट करके गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया।
लंबे समय से अस्वस्थ हैं आरिफ अकील
उल्लेखनीय है कि आरिफ अकील का लंबे समय से स्वास्थ्य खराब रहा है। डाक्टरों के अनुसार उनके हार्ट में ब्लाकेज हैं। आपरेशन के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया है।
तबीयत अधिक बिगड़ गई
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विधायक अकील की अचानक ज्यादा तबीयत खराब से सरकार ने एयर एंबुलेंस से गुरुग्राम भेजा है। वो उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं।
पांच बार विधानसभा चुनाव जीते, तीन बार मंत्री रहे
आरिफ अकील ने पांचवीं बार विधानसभा चुनाव जीता है। वहीं तीन बार कांग्रेस की सरकार में मंत्री रहे हैं। कांग्रेसियों ने उनका स्वास्थ्य अच्छा होने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की विवादित सभी 16 भर्तियां होंगी निरस्त
26 Jun, 2023 05:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छतरपुर में महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया ने साफ शब्दों में कहा है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के द्वारा निकाली गईं भृत्य और चौकीदारों की 16 भर्तियों को अब निरस्त किया जा रहा है। सभी विवादित भर्तियों को EC समिति के द्वारा निरस्त कराया जाएगा।इस मामले में गठित जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट कुलपति प्रोफेसर शुभा तिवारी को सबमिट कर दी है।
मीडिया के माध्यम से भर्ती में चयनित लोगों पर उठे सवाल, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों का चयनित होना।साथ ही आरक्षण के नियमों को दरकिनार कर भर्ती ही जाना शामिल था, जिस पर नई कुलपति प्रोफेसर शुभा तिवारी ने कड़ा एक्शन लेने की बात कही है। इन भर्तियों को निरस्त करने की पैरवी की है, जल्द ही औपचारिक आदेश आ जाएंगे, क्योंकि अभी एक्जीक्यूटिव काउंसिल की मीटिंग होना बाकी है।
सीएम शिवराज के लगे आपत्तिजनक पोस्टर
26 Jun, 2023 05:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव है। राजनीतिक पार्टियों के बीच बयानबाजी के बाद अब पोस्टर वॉर से सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। पूर्व सीएम कमलनाथ और सीएम शिवराज के आपत्तिजनक पोस्टर लगने के तीन दिन बाद फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल और सिंगरौली में 50% वाले पोस्टर लगे है।भोपाल के प्लेटिनम प्लाजा के आसपास समेत अलग-अलग इलाकों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पोस्टर लगे है। इनमें फोन पे स्कैनर के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तस्वीर लगी हुई है। इसके ऊपर लिखा है 50 प्रतिशत लाओ, काम कराओ।
यह पोस्टर किसने लगाए अभी पता नहीं चल सका है। बता दें इससे पहले 23 जून को पूर्व सीएम कमलनाथ के पोस्टर लगे थे। जिसमें उनको वांटेड और करप्शननाथ बताया गया था। इसमें कांग्रेस सरकार के 15 महीने के अधूरे वादों को गिनाया गया था। इसे कांग्रेस ने भाजपा की चाल बताया था। इसके बाद शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घोटाला राज के पोस्टर सामने आए थे। वहीं, भाजपा ने आरोप लगाया था कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के अपने ही लोगों ने जिस तरह से उनके भ्रष्टाचार का कच्चा चिट्ठा खोला है, उससे बौखलाई कांग्रेस मुख्यमंत्री पर अनर्गल आरोप लगा रही है
महाकाल की सवारी को लेकर प्रशासन चौकन्ना, महाकाल घाटी पर बन रहा सीसी रोड
26 Jun, 2023 05:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन | बाबा महाकाल की सवारी धूमधाम से पूर्ण वैभव के साथ निकल सके। इसको लेकर शुक्रवार से प्रशासन ने महाकाल घाटी मार्ग पर सीसी रोड निर्माण शुरू कर दिया है। लेकिन यह मार्ग सावन के पहले आवागमन के लिए तैयार हो जाएगा। इस पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। याद रहे कि महाकाल मंदिर जाने के लिए महाकाल घाटी का मार्ग प्रमुख माना जाता है।
दो जुलाई यानी ठीक दस दिन बाद सावन का महीना शुरू हो जाएगा और 15 दिन बाद 10 जुलाई को महाकालेश्वर की पहली सवारी है। यानी प्रशासन के पास अधिकतम 15 दिन हैं। शुक्रवार से तो निर्माण कार्य शुरू हुआ है। अगर बारिश नहीं होती है तो भी पूरा मार्ग बनाने में कम से कम 5-6 दिन लगेंगे और इसके बाद सड़क को आवागमन के लिए तैयार करने के लिए प्रशासन के पास तकरीबन 4-5 दिन का ही समय बचता है।
प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो के बाद शहडोल का दौरा भी स्थगित
26 Jun, 2023 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर मध्य प्रदेश आ रहे हैं। भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए भोपाल में रोड शो और शहडोल का दौरा स्थगित कर दिया गया है। भोपाल में प्रधानमंत्री दो वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे और भाजपा बूथ विस्तारक कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस बीच भोपाल में राजभवन से पुलिस कंट्रोल रूम तक मोदी के प्रस्तावित रोड शो में मौसम ने खलल डाला और रोड शो स्थगित कर दिया गया है। दो महीने में यह दूसरा मौका है जब प्रधानमंत्री का रोड शो भोपाल में रद्द हुआ है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शाम को कहा कि 27 जून को भारी वर्षा की संभावनाओं के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शहडोल का कार्यक्रम स्थगित किया जा रहा है। हजारों की तादाद में जनता का समर्थन लालपुर में उमड़ने वाला था। भारी बारिश के पूर्वानुमान की वजह से माननीय प्रधानमंत्री नहीं चाहते कि लोगों को किसी तरह की परेशानी हो। भारी बारिश हुई तो जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए दौरा स्थगित किया जा रहा है। दौरा रद्द नहीं हुआ है। जल्द ही मौसम की स्थिति को देखते हुए नई तिथि तय की जा रही है।
प्रधानमंत्री संवेदनशील हैं। जनता को निराश होने की आवश्यकता नहीं है। हमारे बीच में जल्द ही प्रधानमंत्री आने वाले हैं। हमारे टेंट, पंडाल और सारी व्यवस्थाएं यथावत खड़ी रहेंगी। अतिशीघ्र माननीय प्रधानमंत्री आएंगे और जल्द ही हम तिथि बताएंगे। भोपाल में प्रधानमंत्री का दौरा यथावत रहेगा। शहडोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर का भोजन आदिवासी समाज के लोगों के साथ आम के पेड़ों के नीचे ‘अमराई‘ में बैठकर करने वाले थे। पेड़ों के नीचे तख्त लगाए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री 100 स्वयं सहायता समूह की 100 लखपति दीदियों से भी संवाद करने वाले थे।
सिंधिया के सामने जब ऊर्जा मंत्री के सिर से लगाते ही जल उठा बिना बिजली का बल्ब
26 Jun, 2023 01:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । सीएफएल या एलईडी बल्ब को जलाने के लिए बिजली चाहिए होती है। यदि बिना बिजली के ही बल्ब जलने लगे, वह भी प्रदेश के ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सिर से लगाते ही, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने तो आश्चर्य का विषय ही है। यह सब कोली समाज के सम्मेलन में जब कार्यक्रम में शिरकत करने गए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के सामने एक समाज के ही जादूगर ने किया। जादूगर द्वारा ऊर्जा मंत्री के सिर से बल्ब लगाते ही वह बिना बिजली के ही जलने लगा। इस बात का वीडियो भी वायरल हो गया। जिसे देखकर लोगों ने कमेंट किया कि बढ़ती बिजली दरों व अघोषित कटौती के बीच ऐसे ही बगैर बिजली के जलने वाले बल्ब की आज आवश्यकता है। हुआ यूं कि रविवार को कोली समाज का सम्मेलन था। इसमें भाग लेने के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पहुंचे। तभी मंच पर एक समाज का व्यक्ति आया, वह जादूगर था। उसके हाथ में एक एलइडी बल्ब भी था। उसने बल्व को ऊर्जा मंत्री के सिर से लगाया तो वह जलने लगा। इस पर सभी हंसने लगे और मौजूद लोग कहने लगे, बिजली की लाइनों में बेशक करंट समय पर न आए, लेकिन ऊर्जा मंत्री में करंट है। इसलिए बल्व उनसे लगाते ही जल गया।
सिंधिया ने भी किया ट्राई
ऊर्जा मंत्री के सिर पर बल्व लगाते ही जलने लगा तो ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जादूगर के हाथ से बल्ब लेकर उसके सिर पर लगाकर बल्व लगाकर जलाने का प्रयास किया। लेकिन बल्ब नहीं जला। पर लोगों का कहना था कि ऊर्जा मंत्री में ही करंट है। इसलिए बल्व जल रहा है। इस घटना से काफी देर तक कार्यक्रम में हंसी ठहाके लगते रहे।
भोपाल में प्रधानमंत्री का रोड शो हुआ कैंसिल, खराब मौसम बना वजह
26 Jun, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 27 जून को भोपाल शहर में होने वाला रोड शो खराब मौसम की वजह से रद कर दिया गया है। भाजपा ने इसकी पुष्टि की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भोपाल प्रवास के दौरान 27 जून को विकास की नई गाथा लिखेंगे। वे मध्य प्रदेश को दो नई वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देंगे। जिसमें इंदौर से भोपाल और भोपाल से जबलपुर ट्रेनें शामिल हैं। इसमें मध्य प्रदेश के मन में हैं मोदी का भाव दिखेगा। यह जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को दी। उन्होंने बताया कि भोपाल के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री शहडोल जाएंगे, जहां रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का समापन करेंगे और आयुष्मान हितग्राहियों को कार्ड बांटेंगे। वे मेरा बूथ सबसे मजबूत अभियान के अंतर्गत मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में मोदी के नौ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया प्रदर्शनी में भाजपा के बूथ सशक्तिकरण अभियान की झलक भी दिखेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 8.35 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे
- 9.50 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे
- 10.15 बजे भोपाल एयरपोर्ट से बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे
- 10.30 बजे बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन के लिए रवाना होंगे
- 11.00 बजे तक रानी कमलापति स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
- 11.05 बजे सड़क मार्ग से लाल परेड मैदान के लिए पीएम मोदी रवाना होंगे
- 11.15 से 12.15 तक मेरा बूथ सबसे मजबूत बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करेंगे
- 12.30 बजे भोपाल की लाल परेड मैदान से हवाई मार्ग से भोपाल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे
- 12.55 बजे भोपाल से जबलपुर एयरपोर्ट के लिए पीएम मोदी रवाना होंगे
10 लाख बूथ कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद
अमेरिका यात्रा के बाद प्रधानमंत्री का देश में यह पहला दौरा है। वे कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में देशभर के 34 राज्यों के बूथों के तीन हजार चयनित कार्यकर्ताओं सहित देश के 10 लाख कार्यकर्ताओं से वर्चुअल संवाद करेंगे। इन्होंने बूथ सशक्तीकरण अभियान में योगदान दिया है। कार्यक्रम का मध्य प्रदेश के 1082 मंडल, 64,100 बूथों के साथ देशभर के सभी मंडलों व बूथों पर सीधा प्रसारण होगा।
मध्य प्रदेश पर छाया मानसून, छिंदवाड़ा और सिवनी में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
26 Jun, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मानसून ने मध्यप्रदेश में प्रवेश के कुछ ही घंटों में पूरे प्रदेश को अपने आगोश में ले लिया है। रविवार को पूरे प्रदेश में मानसून छा गया है। इसके साथ ही राजधानी सहित कई शहरों में झमाझम वर्षा का दौर भी शुरू हो गया है। सोमवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज-चमक के साथ झमाझम वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। रविवार को जबलपुर, ग्वालियर, उमरिया, भिंड, गुना, खजुराहो, रायसेन, शिवपुरी, मंडला और सागर समेत कई जिलों में बारिश हुई है। सोमवार को छिंदवाड़ा और सिवनी में अति भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम केंद्र की रिपोर्ट कह रही कि बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, इंदौर व उज्जैन संभाग के जिलों में अधिकांश स्थानों पर, भोपाल, चंबल व शहडोल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर, ग्वालियर व सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर, जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई। चुरहट में 10, माडा, बीना, भिंड में 7, मेहगांव, चौरई में 6, मनगवां, रानापुर में 5 सेमी तक पानी गिरा है।
अगले 24 घंटों के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान कहना है कि सागर, नर्मदापुरम, शहडोल, रीवा, भोपाल, उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर व चंबल संभागों के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी। विभाग की ओर से जारी ऑरेंज अलर्ट बता रहा है कि छिंदवाड़ा, सिवनी जिलों में अतिभारी बारिश हो सकती है। यहां 200 मिलीमीटर तक बारिश की आशंका है। वहीं यलो अलर्ट के मुताबिक बालाघाट, डिंडौरी, अनूपपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया व सिवनी जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक की संभावना है। मौसम विज्ञानियों की मानें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश में आ चुका है। वर्तमान में उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी एवं उससे लगे ओडिशा एवं पश्चिम बंगाल पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। चक्रवात बिपरजाय कमजोर पड़ने के बाद हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में दक्षिणी उत्तर प्रदेश पर बना हुआ है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ उत्तरी पंजाब से ओडिशा के आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र तक बना है, जो उत्तर प्रदेश, उत्तर-पश्चिमी मप्र और छत्तीसगढ़ से होकर ओडिशा तक जा रहा है। अरब सागर एवं उससे लगे गुजरात पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है।
150 किलो मोगरे से महका महाकाल का दरबार......
26 Jun, 2023 11:38 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर को रविवार शाम जयपुर के श्रद्धालु द्वारा 150 किलो मोगरे से आकर्षक रूप से सजवाया गया। यह श्रद्धालु गत 10 वर्षों से इसी प्रकार बाबा महाकाल का दरबार सजाते आ रहे हैं। जो कि आज मंदिर की सजावट के दौरान बाबा महाकाल का पूजन अर्चन अभिषेक करने के लिए मंदिर भी पहुंचे थे।
राजस्थान के जयपुर शहर में रहने वाले शेखर अग्रवाल द्वारा महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह से लेकर नंदीमंडपम तक को 150 किलो मोगरे के फूलों से श्रंगारित करवाया गया। मंदिर में की गई मोगरे की आकर्षक सजावट को देखकर यहां पहुंचे श्रद्धालु खुश नजर आए और यह समझ नहीं पाए कि आखिर आज ऐसा कौन सा विशेष पर्व है, जब बाबा महाकाल का दरबार मोगरे की महक से सुगंधित हो रहा है।
बाबा महाकाल के दरबार को मोगरे से सजवाने वाले श्रद्धालु शेखर अग्रवाल ने बताया कि बाबा महाकाल का ही आशीर्वाद है कि मुझे और मेरे परिवार को उत्तरोत्तर उन्नति मिल रही है। मैंने 10 वर्षों पूर्व बाबा महाकाल का दरबार मोगरे से सजवाया था जिसके बाद में प्रतिवर्ष मंदिर आता हूं और इसी प्रकार मंदिर की सजावट करवाता हूं। आज भी जयपुर से मोगरे के 150 किलो फूल लाकर मैंने यह सजावट करवाई है।
सरकारी गोदाम में रखी लाखों रुपए मूल्य की शराब कराई नष्ट
26 Jun, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रदेश के सिवनी जिले में आबकारी विभाग ने मंडला रोड स्थित सरकारी गोदाम (वेयर हाउस) में रखी करीब 61 लाख रुपये मूल्य की हजारों लीटर शराब विभाग ने नष्ट कर बहा दिया है। करीब चार साल बाद यह शराब नष्ट कराई गई। तय समय तक स्प्रिट (ब्रांडेड शराब) का रजिस्ट्रेशन व उठाव नहीं करने पर इसे नष्ट करने के आदेश आबकारी विभाग के ग्वालियर आयुक्त ने दिए थे। जेसीबी व पोकलेन की मदद से बोतलों में भरी शराब की हजारों पेटियों को नष्ट किया गया। छह माह की तय समय अवधि के बाद गोदाम में रखी बीयर को एक्सपायरी डेट का मान लिया जाता है।वहीं लेबल पंजीयन नहीं कराने व किसी इकाई का पंजीयन समाप्त होने पर उस इकाई में निर्मित विदेशी शराब अर्थात स्प्रिट (ब्रांडेड शराब) को बेचने के लिए गोदाम से बाजार नहीं भेजा जाता है। गौरतलब है कि साल 2019 के जून माह में आबकारी विभाग ने करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की एक लाख लीटर शराब के विनिष्टीकरण की कार्रवाई की थी। विदेशी मदिरा भंडारगृह के प्रभारी अधिकारी प्रमोद कुमार धुर्वे ने बताया कि मंडला रोड स्थित शराब गोदाम में सालों से रखी अनावश्यक शराब का विनीष्टीकरण शनिवार को किया गया। 61 लाख रुपये मूल्य की शराब को जेसीबी व पोकलेन मशीन के मदद से परिसर में रखकर शराब के भरी बोतलाें को चकनाचूर किया गया। वहीं बोतलों में भरी बीयर को गड्ढे में डालकर नष्ट किया गया। आबकारी आयुक्त ग्वालियर के आदेश पर विदेशी मदिरा भंडारगृह में अनावश्यक रूप से संग्रहित, अविक्रित व अमानक विदेशी मदिरा का नष्टीकरण समिति की उपस्थिति में कराया गया। 24 जून की दोपहर में प्रारंभ हुई कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। कार्रवाई के लिए समिति में शामिल शैलेश जैन जिला आबकारी अधिकारी, तहसीलदार रविन्द्र पारधी, प्रमोद कुमार धुर्वे प्रभारी अधिकारी विदेशी मदिरा भंडारगृह, रविन्द्र लिल्हारे आबकारी उपनिरीक्षक वृत शहर की उपस्थिति में शराब विनिष्टीकरण की कार्रवाई की गई।भंडारगृह में भंडारित में 11 विभिन्न कंपनियों की 2170 पेटियां स्प्रिट व 6 कंपनियों की 4042 पेटियां बीयर इस तरह कुल 6212 पेटियां विदेशी शराब को नष्ट किया गया।इसका अनुमानित मूल्य 61 लाख रुपये बताया गया है।
कांग्रेस के पांच किलों पर अमित शाह तय करेंगे रणनीति
25 Jun, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । ग्वालियर-चंबल अंचल में कांग्रेस के 5 ऐसे गढ़ हैं जिन्हें फतेह करना भाजपा के लिए सपना बना हुआ है। 1990 की राम लहर, 2003 की उमा लहर, 2008 की शिवराज लहर और 2013 की मोदी-शिवराज लहर में भी भाजपा को इन किलों पर मुंह की खानी पड़ी है। खुद शिवराज सिंह चौहान यहां हार का सामना कर चुके हैं। यही वजह है कि इन किलों पर चढ़ाई के लिए इस बार भाजपा के शाह खुद सियासी बिछात बिछाएंगे। इन गढ़ों पर जीत के सहारे ही भाजपा 2023 में कामयाबी का रास्ता बना पाएगी।
शिवराज सिंह चौहान को एमपी भाजपा में वन मैन आर्मी माना जाता है। मामा के नाम से मशहूर शिवराज ने लोकसभा से लेकर विधानसभा तक जीत का जलवा कायम रखा है। लेकिन क्या आप जानते हैं शिवराज खुद विधानसभा चुनाव में शिकस्त झेल चुके हैं। 2003 की उमा लहर में शिवराज दिग्विजय सिंह का राघौगढ़ का किला भेदने मैदान में उतरे थे। लेकिन दिग्गी राजा के आगे शिवराज चुनाव हार गए थे। राघौगढ़ ही नहीं ग्वालियर-चंबल अंचल के 5 ऐसे किले हैं जिन्हें भेदना भाजपा के लिए कहीं मुश्किल तो कहीं नामुकिन बना हुआ है। आइए आपको बताते है कौन से गढ़ है जिन्हें जीतना भाजपा का सपना बना हुआ है।
किला नंबर 1- राघौगढ़ ( जिला गुना )
राघोगढ़ का किला जीतना आज भी भाजपा के लिए सपना बना हुआ है। राघोगढ़ से 1990 और 1993 में लक्ष्मण सिंह जीते। 1998 और 2003- दिग्विजय सिंह जीते। 2003 के चुनाव में दिग्विजय सिंह ने तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान को करारी शिकस्त दी थी। 2008 में कांग्रेस के मूल सिंह जीते। 2013 और 2018 में जयवर्धन सिंह जीते।
किला नंबर 2- लहार (जिला भिंड)
भिंड जिले की लहार विधानसभा सीट भी कांग्रेस का वो किला है, जिसे भाजपा बीते 33 साल से भेद नहीं पाई है। इस सीट पर कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. गोविंद सिंह अंगद के पैर की तरह जमे हुए हैं। गोविंद सिंह ने लहार सीट पर 1990 की राम लहर, 2003 की उमा लहर, 2008 की शिवराज लहर और 2013 की शिवराज- मोदी लहर के बावजूद कामयाबी दिलाई है। डॉ गोविंद सिंह ने सन 1990 से 2018 तक के सभी 7 विधानसभा चुनाव लगातार जीते हैं।
किला नंबर 3 पिछोर ( जिला शिवपुरी )
कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। इस सीट पर कांग्रेस के केपी सिंह बीते 30 साल से जमे हुए हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले 6 चुनाव में केपी सिंह ने लगातार जीत दर्ज की हैं। भाजपा कड़ी मशक्कत के बाद भी इस सीट पर जीत का सपना संजोए हुए हैं। केपी सिंह ने इस सीट पर प्रदेश की मुख्यमंत्री रही उमा भारती के भाई स्वामी प्रसाद लौधी और समधी प्रीतम लोधी को भी हराया है। केपी सिंह ने पिछोर सीट पर 1993 से 2018 तक के लगातार छह विधानसभा चुनाव जीते हैं।
किला नंबर 4 भितरवार ( जिला ग्वालियर)
2008 में भीतरवार सीट के अस्तित्व में आने के बाद से भाजपा के लिए ये सीट सपना बनी हुई है। इस पर कांग्रेस के लाखन सिंह यादव जमे हुए हैं। बीते एक दशक में शिवराज लहर और शिवराज मोदी लहर के बावजूद भाजपा भितरवार में कांग्रेस के लाखन सिंह यादव को शिकस्त नहीं दे पाई है। 2013 और 18 में इस सीट पर कद्दावर नेता अनूप मिश्रा शिकस्त झेल चुके हैं। 2008 से लाखन सिंह यादव ने लगातार तीनों चुनाव जीते हैं।
किला नंबर 5 डबरा ( जिला ग्वालियर )
डबरा में पिछले डेढ़ दशक से कांग्रेस का कब्जा है। 2008 , 2013 और 2018 के तीन विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की इमरती देवी ने जीत दर्ज कर कब्जा जमाया। 2020 के उपचुनाव में जब इमरती देवी सिंधिया के साथ दलबदल कर भाजपा में गयीं। तब भी डबरा सीट कांग्रेस के खाते में गई। भाजपा में जाकर इमरती देवी के हाथ से ये सीट निकल गयी। कांग्रेस के सुरेश राजे ने भाजपा के टिकट पर उतरी इमरती देवी को हराया था। आंकड़ों पर गौर करें तो डबरा सीट पर 2008, 2013, 2018 में कांग्रेस की इमरती देवी जीतीं। 2020 उपचुनाव में कांग्रेस के सुरेश राजे जीते।
भाजपा को उम्मीद- इस बार कांग्रेस के गढ़ ढहा देंगे
इन सीटों पर इस बार भाजपा नेता अमित शाह की नजर है। भाजपा के आला नेताओं ने मंथन किया था उसमें ये निकलकर आया कि कांग्रेस के इन गढ़ पर भाजपा वॉक-ओवर देने के हिसाब से कमजोर उम्मीद्वार उतारती है। यही वजह है कि जब बात शाह तक पहुंची तो इस बार इन सीटों पर उम्मीद्वार उनकी मोहर लगने के बाद तय होंगे। मप्र के उद्यानिकी मंत्री भारत सिंह कुशवाहा का कहना है जिन सीटों पर हमें लगातर हार का सामना करना पड़ा उन सीटों पर हम मजबूत उम्मीदवार उतारेंगे।
कट्टर समर्थक राकेश गुप्ता ने छोड़ी भाजपा, कमलनाथ का हाथ थामा
25 Jun, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । ग्वालियर चंबल संभाग में ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों के पार्टी छोडऩे का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अब शिवपुरी के एक सिंधियानिष्ठ भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने भाजपा से नाता तोड़ लिया है। सिंधिया समर्थक राकेश गुप्ता 26 जून को भाजपा छोडक़र कांग्रेस में जा रहे हैं। 26 जून को वह भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। राकेश गुप्ता ने भाजपा से अपना इस्तीफा दे दिया है। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक रहे राकेश गुप्ता का कहना है कि वह भाजपा में जाने के बाद अपने आपको ठगा महसूस कर रहे थे। भाजपा में उनका कोई सम्मान नहीं था।
भाजपा से इस्तीफा देने वाले सिंधिया समर्थक राकेश गुप्ता शिवपुरी में कांग्रेस के कार्यकारी जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ वर्ष 2020 में उन्होंने कांग्रेस छोडक़र भाजपा में जाने का निर्णय लिया था, लेकिन अब उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। राकेश गुप्ता का कहना है कि सिंधिया के साथ में वह भाजपा में तो गए लेकिन वहां पर उन्हें कोई सम्मान नहीं मिला। इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ गए कुछ चुनिंदा विधायक और मंत्रियों को ही लाभ मिला, जबकि दूसरे सिंधिया समर्थक नेता जो कांग्रेस छोडक़र भाजपा में गए थे, उन्हें भाजपा में कुछ नहीं मिला और सम्मान को ठेस पहुंची। भाजपा छोडऩे वाले राकेश गुप्ता का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी कई सिंधियानिष्ठ भाजपा छोडक़र कांग्रेस में आएंगे। शिवपुरी के राकेश गुप्ता का परिवार पुराना कांग्रेसी परिवार रहा है, उनके पिता स्वर्गीय सांवलदास गुप्ता शिवपुरी नगर पालिका के तीन बार अध्यक्ष रहे हैं और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भी रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में 30 हजार वैश्य वोटरों को देखते हुए कांग्रेस उन्हें उम्मीदवार बना सकती है। शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र से ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ और वर्तमान में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया कई सालों से इस विधानसभा सीट पर जीतते हुए आ रही हैं। कांग्रेस के पास शिवपुरी विधानसभा क्षेत्र में जिताऊ चेहरे का अभाव है इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि भविष्य में कांग्रेस राकेश गुप्ता को यहां से टिकट दे सकती है।
मप्र में बालाघाट के रास्ते मानसून का प्रवेश
25 Jun, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून बालाघाट जिले से प्रवेश कर चुका है। अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर चलने का अनुमान है। शनिवार दोपहर दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बालाघाट, अनूपपुर जिलों के रास्ते प्रदेश में दस्तक दे दी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर तीन मौसम प्रणालियां बनी हुई हैं। अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिलने से अगले 48 घंटों के दौरान मानसून प्रदेश के आधे हिस्से को कवर कर सकता है। शनिवार को मानसून बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, सिंगरौली जिलों में पहुंच गया है। लगातार नमी मिलने के कारण मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां भी काफी अनुकूल हैं। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सागर, नर्मदापुरम, शहडोल, रीवा, भोपाल, उज्जैन, इंदौर एवं जबलपुर संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला पांच दिनों तक चल सकता है। इस दौरान आलीराजपुर, झाबुआ एवं सागर में भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ मौसम विज्ञानी ममता यादव के अनुसार, पूरे प्रदेश में वर्षा का सिलसिला शुरू होने की संभावना है। रुक-रुक कर वर्षा का सिलसिला चार-पांच दिन तक बना रह सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है। 26 जून तक राजधानी सहित प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में मानसून छा सकता है। उधर, शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक रतलाम में 25, सतना में 24, गुना में 18, छिंदवाड़ा में 12, धार में सात, इंदौर में 4.9, खरगोन में तीन, उज्जैन में दो, भोपाल में 1.5, सागर में 0.8, ग्वालियर में 0.3 मिलीमीटर वर्षा हुई। राजगढ़ में बूंदाबांदी हुई।
रेत फिर होगी महंगी, खदानें तीन माह के लिए होंगी बंद
25 Jun, 2023 05:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश भर की रेत खदानें बारिश की वजह से पुन: बंद हो जाएगी, इससे रेत के दामों में फिर उछाल आएगा। सभी रेत खदाने आगामी एक जुलाई से तीन महीने के लिए बंद हो जाएगी। मालूम हो कि नई रेत नीति अक्टूबर से लागू की जा रही है। इसमें प्रविधान किया गया है कि अब पर्यावरण, उत्खनन सहित अन्य सभी अनुमतियां लेकर ही खदानें ठेकेदारों को सौंपी जाएंगी। ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि पिछली बार के अनुभव खराब रहे हैं। ठेकेदार दो-दो साल भटकने के बाद भी अनुमतियां नहीं ला पाए। इसलिए कुछ ने खदानें छोड़ दीं, तो कुछ के ठेके रायल्टी की राशि नियमित जमा न करने के कारण निरस्त कर दिए गए। उधर रेत ठेकेदार वर्षा के मौसम को देखते हुए भंडारण में व्यस्त हैं। उनकी इस बार ज्यादा रेत का भंडारण करने की कोशिश है, क्योंकि उनका ठेका भी खत्म होने वाला है। यदि पर्यावरणीय और उत्खनन अनुमति लेने में देरी हुई तो नए ठेकेदार अक्टूबर में उत्खनन शुरू नहीं कर पाएंगे। ऐसे में अभी भंडारित की गई रेत ही बिकेगी। ज्ञात हो कि वर्तमान में एक डंपर रेत 43 से 45 हजार रुपये में मिल रही है। लोगों को एक डंपर रेत (650 से 700 घनफीट) पर आठ से दस हजार रुपये अधिक खर्च करने पड़ सकते हैं।
‘दुनिया की कोई ताकत कार्यक्रम होने से नहीं रोक सकती’ डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे की प्रशासन को खुली चुनौती, चुनाव लड़ने के सवाल पर कही ये बात
25 Jun, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बैतूल : छतरपुर जिले के लवकुशनगर से डिप्टी कलेक्टर के पद से इस्तीफा देने के बाद निशा बांगरे बैतूल पहुंची। जहां प्रेस वार्ता में उन्होंने जिला प्रशासन को चेतावनी दी। साथ ही साथ अपना इस्तीफा देने की वजह भी बताई। निशा बांगरे ने कहा कि दुनिया की ताकत कार्यक्रम होने से नहीं रोक सकती। कार्यक्रम की अनुमति न देकर प्रशासन द्वारा मुझे टारगेट किया है। इसलिए मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
डिप्टी कलेक्टर पद से इस्तीफा देकर सुर्खियों में आने वाली निशा बांगरे ने जिला प्रशासन को चेतावनी दी है कि कुछ भी हो जाए अंतरराष्ट्रीय सर्वधर्म कार्यक्रम आयोजित होगा। दुनिया की कोई ताकत कार्यक्रम होने से नहीं रोक सकती। उन्होंने प्रशासन पर अनुमति नहीं देने पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब रेलवे ने अपनी जमीन कार्यक्रम के लिए दी है, फिर प्रशासन आखिर किसके दबाव में अनुमति नहीं दे रहा है। बांगरे ने दावा कि कार्यक्रम पूर्ववत आयोजित होगा और इसमें सभी सम्मानीय अतिथि पहुंचेंगे।
बता दें कि गुरूवार देर रात अपर जिला दण्डाधिकारी बैतूल द्वारा जारी आदेश में एसपी बैतूल के प्रतिवेदन का हवाला देकर निशा बांगरे द्वारा आयोजित कार्यक्रम को अनुमति देने से इंकार कर दिया था। अपर जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश में पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन का उल्लेख किया कि उक्त कार्यक्रम में श्रीलंका के न्याय मंत्री एवं 11 देशों के शांतिदूत व थाईलैण्ड के वरिष्ठ बौद्ध भिभु सम्मिलित होने वाले हैं। लेकिन अंतराष्ट्रीय सर्वधर्म शांति केंद्र आमला के द्वारा जो सूचना पत्र प्रस्तुत किया है। उसमें वीजा की अनुमति व प्रकृति के संबंध में प्रपत्र संलग्न नहीं किया है। साथ ही विदेशी नागरिकों की सुरक्षा श्रेणी के संबंध में शासन से दिशा निर्देश भी प्राप्त नहीं हुए है। आदेश में उल्लेख किया है कि कार्यक्रम स्थल हवाई पट्टी आमला एयरफोर्स स्टेशन है जो कि सामरिक दृष्टि से संवेदनशील है। ऐसी स्थिति में दस्तावेजों के अभाव में विदेशी नागरिकों की उपस्थिति में 25 जून को बैतूल जिले के आमला में आयोजित होने वाले अंतराष्ट्रीय सर्वधर्म शांति सम्मेलन एवं विश्व शांति पुरस्कार कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अनुमति दिया जाना उचित नहीं है। कार्यक्रम की अनुमति रद्द होने के बाद निशा बांगरे ने डिप्टी कलेक्टर पद से रात को ही इस्तीफा दे दिया। वे प्रशासन के इस निर्णय से काफी आहत दिखाई दे रही है।
25 जून को होने वाले कार्यक्रम की अनुमति रद्द करने के बाद निशा बांगरे ने शुक्रवार कमानी गेट स्थित होटल पंजाब में आयोजित पत्रकारवार्ता में जिला प्रशासन के अधिकारियों को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि दुनिया की ताकत कार्यक्रम होने से नहीं रोक सकती। कार्यक्रम की अनुमति न देकर प्रशासन द्वारा मुझे टारगेट किया जा रहा है, इसलिए मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। अब कार्यक्रम तय समय और तय तिथि पर ही होगा। बांगरे ने कहा कि मैं अपने घर का उद्घाटन कर रही हूं, इसमें किसी की अनुमति लेने की जरूरत नहीं है।
निशा बांगरे ने आरोप लगाया है कि पूर्व में ही कार्यक्रम की अनुमति के लिए सारी प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके बावजूद शासन, प्रशासन द्वारा जानबूझकर विदेशों मेहमानों के दस्तावेज अधूरे बताकर सुरक्षा की दृष्टि का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रशासन को पहले ही पूरे दस्तावेज दिए जा चुके हैं। यह कार्यक्रम को रोकने के लिए षडय़ंत्र रचने की साजिश है। बांगरे ने कहा कि जब कार्यक्रम के लिए रेलवे ने अपनी अनुमति दे दी है, फिर शासन और प्रशासन अनुमति नहीं देकर ओछी मानसिकता दिखा रहा है। हालांकि पत्रकारों के प्रश्र पर उन्होंने एक बार फिर चुनाव लड़ने की बात टाल दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई पार्टी चुनाव लड़ने के लिए संपर्क करती है तो विचार किया जाएगा।