मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
वन मुख्यालय में अधिकारियों की चाकरी से हटाए जाएंगे वनरक्षक-वनपाल
4 Apr, 2023 08:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । वन मुख्यालय में अधिकारियों की चाकरी में लगे वनरक्षकों और वनपालों को अब जंगल की सुरक्षा करनी पड़ेगी। मैदानी स्तर पर बल की कमी और लकड़ी कटाई, वनभूमि पर अतिक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते यह निर्णय लिया गया है। वन बल प्रमुख आरके गुप्ता ने सभी प्रधान मुख्य वनसंरक्षक और अपर प्रधान मुख्य वनसंरक्षकों को वनरक्षक-वनपाल को कार्यालयीन कार्य में संलग्न न करने को कहा है। वन बल प्रमुख ने कहा है कि वनरक्षक और वनपाल किसी भी स्तर के कार्यालय में कार्यालयीन कार्य नहीं करेंगे। उनकी ड्यूटी बीट, जांच नाकों, उड़नदस्ता सहित वन सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लगाई जाए। बता दें कि बुरहानपुर में भूमाफिया पेड़ काटकर जंगल को बर्बाद कर रहा है। यहां दो साल से लगातार पेड़ों की कटाई चल रही है। माफिया से सामना करने के लिए दूसरे जिलों से वनकर्मियों को भेजना पड़ा है। वहीं श्योपुर में भी चीता की सुरक्षा करने के लिए कर्मचारियों की जरूरत है। यहां के लिए चार माह पहले भी ऐसे ही वनरक्षक और वनपाल से आवेदन बुलाए गए थे।
बुरहानपुर और श्योपुर में काम करने के इच्छुक वनरक्षकों से मांगे आवेदन
बुरहानपुर में लकड़ी चोर एवं भू-माफिया से जंगल को बचाने और श्योपुर में चीतों की सुरक्षा के लिए वनरक्षकों की जरूरत है। अपर प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (प्रशासन-दो) एचएस मोहंता ने सभी मुख्य वनसंरक्षक और वनमंडल अधिकारियों को पत्र लिखकर इन क्षेत्रों में जाने के इच्छुक वनरक्षकों से आवेदन कराने को कहा है। ये अधिकारी इच्छुक वनरक्षकों से आवेदन लेंगे और अपनी अनुशंसा के साथ वन मुख्यालय को प्रस्ताव भेजेंगे। उनका प्रशासकीय आधार पर तबादला किया जाएगा।
जिलों और ब्लाक इकाइयों में कांग्रेस नियुक्त करेगी कार्यकारी अध्यक्ष
4 Apr, 2023 08:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । जिला और ब्लाक इकाइयों के गठन में स्थान नहीं मिलने से नाराज नेताओं और कार्यकर्ताओं को कांग्रेस मनाएगी। इसके लिए अब जिला और ब्लाक इकाइयों में कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने सभी प्रभारियों को स्थानीय और जातिगत समीकरणों को देखते हुए नियुक्तियां करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला व ब्लाक इकाइयों में भी कार्यकर्ताओं को समायोजित करने के लिए कहा है, ताकि किसी भी तरह का असंतोष न रहे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करने के बाद इंदौर, सागर और खंडवा में शिकायतें सामने आई थीं। इसे देखते हुए इंदौर और फिर खंडवा जिला इकाइयों के अध्यक्षों की नियुक्ति पर रोक लगा दी गई। इसी तरह खंडवा जिले में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर विरोध हो रहा है। नवंबर में विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का यह विरोध कहीं पार्टी की चुनावी तैयारी पर भारी न पड़ जाए, इसलिए जिला और ब्लाक स्तर पर कार्यवाहक अध्यक्ष बनाने का निर्णय लिया गया है। कमल नाथ ने सभी जिला प्रभारी और सह प्रभारियों से कहा है कि वे स्थानीय राजनीतिक, सामाजिक समीकरणों के आधार पर कार्यकारी अध्यक्ष बना सकते हैं। इसी तरह जिला और ब्लाक इकाइयों की कार्यकारिणी भी बनाई जाए, ताकि असंतोष को थामा जा सके।
प्रदेश इकाई में भी होगी नियुक्ति
उधर, प्रदेश इकाई में भी नियुक्ति की तैयारी चल रही है। अभी प्रदेश इकाई में केवल उपाध्यक्ष और महामंत्री नियुक्त किए गए हैं। सचिव, सह-सचिव सहित कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किए जाने हैं। इसके लिए सभी वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करके अगले माह तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एमबीबीएस की हिंदी में किताबें तैयार करने में देरी पर संचालक चिकित्सा शिक्षा को हटाया
4 Apr, 2023 08:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । संचालक चिकित्सा शिक्षा (डीएमई) डा. जितेन शुक्ला को हटा दिया गया है। उनकी जगह गांधी मेडिकल कालेज भोपाल के फार्माकोलाजी विभाग के प्राध्यापक डा. एके श्रीवास्तव को डीएमई बनाया गया है। एमबीबीएस द्वितीय और तृतीय वर्ष की हिंदी में पुस्तकें तैयार करने में देरी के चलते चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग उनसे नाराज थे। बीते सप्ताह मंत्री ने पुस्तकें तैयार करने की प्रगति की समीक्षा की थी। समीक्षा बैठक में भी मंत्री ने नाराजगी जताई थी।
वर्ष 2021 में हमीदिया अस्पताल के शिशु रोग वार्ड में आग लगने के बाद उस समय डीन रहे डा. जितेन शुक्ला को हटाया गया था। इसके लगभग दो माह बाद तत्कालीन डीएमई डा. उल्का श्रीवास्तव के सेवानिवृत होने पर डा. शुक्ला को डीएमई बनाया गया था। डीएमई बनाए गए डा. श्रीवास्तव चिकित्सा शिक्षा संचालनालय में संयुक्त संचालक रह चुके हैं। वह हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक और गांधी मेडिकल कालेज भोपाल के डीन भी रहे हैं। राज्य सरकार कुछ मेडिकल कालेज के डीन को भी बदलने की तैयारी कर रही है।
मध्य प्रदेश में 40 भाजपा विधायकों की हालत कमजोर, बदला जाएगा टिकट
4 Apr, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव भले करीब सात महीने दूर है, लेकिन सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी भाजपा की तैयारियों ने खासी गति पकड़ ली है। पार्टी में आंतरिक सर्वे के साथ टिकट बंटवारे को लेकर मानक तैयार किए जा रहे हैं। सर्वे में 40 विधायक फिसड्डी निकले हैं, जिनके टिकट कटेंगे और दूसरे चेहरों को मौका मिलना तय माना जा रहा है। 87 सीटों पर भाजपा विधायकों की स्थिति बेहतर पाई गई है। दरअसल, वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में उतरी भाजपा के पास 165 विधायक थे, लेकिन चुनाव परिणाम के बाद आंकड़ा घटकर 109 रह गया था। हारने वालों में 13 कैबिनेट मंत्रियों के अलावा बड़ी संख्या में विधायक थे। भाजपा सत्ता से बाहर हो गई। हालांकि, करीब डेढ़ साल बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने से भाजपा की सत्ता में वापसी हुई। फिर, उपचुनावों के बाद भाजपा विधायकों की संख्या बढ़कर 127 हो गई। उधर, 2018 में कांग्रेस के 114 विधायक जीते थे। इनमें से कुल 26 विधायकों के इस्तीफा देकर पार्टी छोड़ने के कारण अब संख्या 96 ही बची है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में बिधानसभा की कुल 230 सीटें हैं।
प्रदेश की सियासी तासीर दो दलीय रही है। भाजपा और कांग्रेस की चुनौती अपनी सीट बचाने के साथ प्रतिद्वंद्वी की सीट को सीमित करना रहा है। ऐसे में कमजोर प्रदर्शन वाले विधायक को फिर से मौका देने का नुकसान पार्टी की हार के साथ प्रतिद्वंद्वी की जीत के रूप में सामने आता है। इन तथ्यों को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने अत्यंत गोपनीय तरीके से सर्वे कराया और जिन 40 विधायकों का कमजोर प्रदर्शन पाया गया है, वहां बदलाव को लेकर कवायद शुरू की जा चुकी है। जिन 87 सीटों पर स्थिति मजबूत दिख रही है, उसे विधानसभा चुनाव तक निरंतर मजबूत बनाए रखने की कवायद भी की जा रही है। बता दें कि पिछले चुनाव में भाजपा ने 55 विधायकों के टिकट काटे थे। इस चुनाव में भाजपा मौजूदा विधायकों में से 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटों पर नए चेहरे उतार सकती है। नए और युवा चेहरों को निकाय चुनाव में अवसर देकर भाजपा ने संतोषजनक परिणाम प्राप्त किए हैं। इसे विधानसभा चुनाव में भी निरंतर बनाए रखने के फायदे और नुकसान पर भी चिंतन किया जा रहा है। भाजपा विधानसभा चुनाव में भी उम्र सीमा और प्रदर्शन को आधार बनाकर ही टिकट देगी।
इनका कहना है
भाजपा लगातार सभी विधानसभा क्षेत्रों की मैदानी हकीकत का आकलन करती रहती है। इसमें मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। समय-समय पर जहां कमजोरी होती है अथवा सुधार की गुंजाइश होती है, वहां उस विधायक से हमारे वरिष्ठ नेता बात भी करते है। जनता का फीडबैक हमारे लिए महत्वपूर्ण है।
डा. हितेष बाजपेयी, प्रवक्ता भाजपा मप्र
मध्य प्रदेश में छह अप्रैल को हर बूथ पर मनेगा भाजपा का स्थापना दिवस
4 Apr, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । छह अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। पार्टी प्रत्येक बूथ पर इसे भव्यता के साथ मनाएगी। इस दिन प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वर्चुअली संबोधित करेंगे। स्थापना दिवस के लिए सामान्य कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि तक पार्टी के लिए दीवार लेखन करेंगे। बूथ विस्तारक अभियान-2 के दौरान जो विस्तारक निकले हैं, वे पांच अप्रैल को बूथों पर पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। छह अप्रैल को सभी बूथों पर भारतमाता के चित्र के साथ पं. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण किया जाएगा एवं पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 1980 में पार्टी की स्थापना हुई। आज यह दुनिया का सबसे बड़ा दल है और 16 राज्यों में उसकी सरकारें हैं। प्रदेश में बूथ सशक्तीकरण अभियान चल रहा है। बूथों को डिजिटल बनाया जा रहा है तो पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों की नियुक्तियां की जा रही हैं। कुछ काम बाकी है, जल्द ही उसे पूरा कर लिया जाएगा।
इस अभियान के माध्यम से पार्टी ने अपने संगठन तंत्र की जो नेटवर्किंग की है, उसका प्रकटीकरण भी स्थापना दिवस पर होगा। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा लगातार युवाओं को जोड़ने के लिए यूथ कनेक्ट की गतिविधियां आयोजित कर रहा है। स्थापना दिवस पर भी युवा मोर्चा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक पंचायत और शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड में युवा चौपाल कार्यक्रम आयोजित करेगा। इन चौपालों में नव मतदाता भाग लेंगे। चौपाल पूरे प्रदेश में एक ही दिन, एक साथ प्रारंभ होगी।
प्रदेश में फिल्मों की रियायतें खत्म करने की तैयारी..
4 Apr, 2023 06:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक मंगलवार को होगी। बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी मिल सकती है। इनमें प्रदेश में शूट होने वाली फिल्मों की रियायत खत्म करने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा। जिसको मंजूरी मिलने के बाद प्रदेश को फिल्मों में प्रमोट करने पर मिलने वाली रियायतें खत्म हो सकती है।
प्रदेश सरकार ने 2020 में मध्य प्रदेश की नई फिल्म पर्यटन नीति लागू की थी। इसमें फिल्मों में प्रदेश को प्रमोट करने पर विशेष रियायतें देने का प्रावधान किया गया गया। इसके अलावा फिल्मों के जरिए कौशल विकास और रोजगार देने पर भी रियायतें दी गई। लेकिन मध्य प्रदेश को प्रमोट किए जाने का प्रावधान का पालन फिल्म और वेबसीरिज निर्माता नहीं कर रहे है। हालांकि उनके द्वारा अनुदान के लिए आवेदन किया जा रहा। वहीं, फिल्मों में स्थानीय लोगों को रोजगार भी नहीं दिए जा रहे। इसलिए सरकार ने विशेष रियायत देने के प्रावधान को खत्म करने जा रही है। कैबिनेट में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद मंजूरी मिलने पर प्रदेश में फिल्म निर्माताओं को विशेष रियायत नहीं मिलेंगी।
सीएम राइज स्कूल के बाद अब प्रदेश सरकार हर जिले में पीएम श्री स्कूल शुरू करने का प्रस्ताव लेकर आएगी। इसको कैबिनट में मंजूरी के बाद पीएम श्री स्कूल पर काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा बुधनी में नवीन चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना के लिए प्रशासकीय अनुमति की स्वीकृति का प्रस्ताव भी कैबिनेट में लाया जाएगा। यहां पांच सौ बिस्तर के अस्पताल के साथ ही साठ सीट क्षता का नर्सिंग कॉलेज और पैरामेडिकल कॉलेज की स्थापना भी होगी।
कैबिनेट में सरकार हेलीकॉप्टर बेल-430 के स्पेयर पार्ट्स और इंजन को बचने का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। वहीं, समर्थन मूल्य पर विक्रेन्द्रीकरण योजना के तहत खाद्यान्न के उपार्जन, पीडीएस और अन्य शासकीय योजनाओं के संचालन और डेफिसिट पूर्ति के लिए नि:शुल्क शासकीय प्रत्याभूमि की स्वीकृति, भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत को इंदौर की मलहारगंज तहसील में दस हजार वर्गफीट शासकीय जमीन रियासती दरों पर आवंटित करेगी।
बुधनी में 100 बिस्तर का मेडिकल कॉलेज खुलेगा..
4 Apr, 2023 05:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें कई अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने 730 पीएम-श्री स्कूल खोलने और बुधनी में 100 बिस्तर का मेडिकल कॉलेज खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।कैबिनेट में 730 पीएम श्री स्कूल की स्थापना का अनुसमर्थन किया गया। प्रदेश के 313 विकासखंडों में 626 प्रत्येक विकासखंड में दो स्कूल और 52 जिलों के नगर निकायों में 104 स्कूलों को पीएम श्री स्कूल के रूप में चिन्हित किया जाएगा। चिन्हित स्कूलों में प्रारंभिक शिक्षा (कक्षा पहली से आठवीं) एवं एक विद्यालय उच्चतर माध्यमिक शिक्षा के लिए संचालित होगा। पीएम श्री स्कूल के लिए 60:40 के अनुपात में केंद्र और राज्य सरकार राशि वहन करेगी।
सभी 730 पीएम श्री स्कूलों में प्रतिवर्ष 277 करोड़ 40 लाख रुपए का खर्चा आएगा।जिसमें से 110 करोड़ 96 लाख रुपए राज्य सरकार देंगी। यह परियोजना पांच वर्ष की है। इस अवधि में 554 करोड़ 40 लाख रुपए का व्यय भार राज्य सरकार पर आएगा। योजना के 5 वर्ष बाद इसका संचालन पूरी तरह राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा। स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता, समानता एवं शिक्षा की सुविधा की पहुंच का समावेश किया जाएगा। देश में 14 हजार 500 पीएमश्री स्कूल की स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
कैबिनेट ने सीहोर जिले की बुधनी तहसील में नवीन मेडिकल कॉलेज के लिए 714 करोड़ 91 लाख रुपए के प्रशासकीय स्वीकृति दी। मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस की सीट होगी और 500 बिस्तर संबंद्ध अस्पताल स्थापित किया जाएगा। साथ-साथ नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिये 60 सीट प्रवेश क्षमता का नर्सिंग महाविद्यालय और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के लिये 60 सीट प्रवेश क्षमता का पैरामेडिकल महाविद्यालय स्थापित किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज खुलने से होशंगबाद, इटारसी, पिपरिया, बैतूल एवं आसपास के जिलों को तृतीयक स्तर की चिकित्सा सुविधाएं पास में और आसानी से मिलेगी।
कैबिनेट ने प्रदेश में समर्थन मूल्य विकेंद्रीकृत योजना के तहत खाद्यान्न की खरीदी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली व अन्य योजनाओं के संचालन एवं डेफिसिट पूर्ति के लिए 29 हजार 400 करोड़ रुपए की राशि को स्वीकृति दी। यह राशि एक अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 की एक वर्ष की अवधि के लिए होगी। शासकीय प्रत्याभूति से उपलब्ध राशि के अलावा बाकी राशि की वित्त व्यवस्था ज्यादा ब्याज दर वाली खाधान्न साख सीमा से की जायेगी।
चार महीने के शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत..
4 Apr, 2023 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उमरिया जिले में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पनपथा बफर एरिया में बिरुहली बीट के कक्ष क्रमांक-406 के पास जुट्टा तालाब के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बाघ के शावक का शव मंगलवार सुबह देखा गया। जबकि शावक की मौत कल ही हो चुकी थी। हालांकि, मृत शावक की अनुमानित उम्र लगभग तीन से चार महीने है।वहीं, पूरे मामले को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का पूरा अमला मौके पर पहुंच गया है।
पनपथा वन परिक्षेत्र अधिकारी एसएस श्रीवास्तव ने बताया, हम लोगों को जैसे ही जानकारी लगी, तत्काल मौके पर पहुंचे। शावक का शव परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ही पूरा पता चल पाएगा। वहीं, प्रथम दृष्टया आपसी लड़ाई का मामला प्रतीत हो रहा है।मामले को लेकर बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र के परिक्षेत्राधिकारी एसएस श्रीवास्तव ने बताया, जहां-जहां बाघ शावक हैं, सभी स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। हाथी पर बैठकर अभी सर्चिंग कराई जा रही है। ताकि सभी लोगों को सुरक्षित किया जा सके।
श्योपुर में अब कूनो सेंचुरी की सुरक्षा करेगी जर्मन शेफर्ड डॉग..
4 Apr, 2023 05:32 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्योपुर | ईलू नाम का जर्मन शेफर्ड डॉग कूनो सेंचुरी एरिया में होने वाले जंगली जीवों के शिकार पर रोक लगाने और उनको पकड़ने में सहायता करेगा। सात महीने की ट्रेनिंग के बाद ईलू डॉग को वन अमले को सौंपा गया है। ईलू के साथ दो वन विभाग कर्मियों को भी ट्रेनिंग दी गई है। ट्रेनिंग करने वाले वन विभाग के कर्मचारियों में नईम राशिद खान शामिल हैं।
डीएफओ प्रकाश वर्मा ने बताया, कूनो वन एरिया में शिकार होते हैं। इससे चीतों को भी खतरा रहता है। अगर कोई घटना हो तो उसे मौके पर ले जाकर तुरंत वहां किसी को पहुंचने नहीं देते हैं। शिकारी की दुर्गंध के आधार पर यह डॉग उसे ढूंढने में मदद करता है। इसको विशेष रूप से स्पेशल ट्रेनिंग दी गई है, ये डॉग काफी मददगार साबित हुए हैं।
डीएफओ के मुताबित, अभी तक कई केस सामने आए, जहां पर यह डॉग थे, वहां पर अपराध नियंत्रण हुए हैं। चूंकि यहां पर चीता प्रोजेक्ट है तो सहायता के लिए एक डॉग की जरूरत थी। इस पर बीच में शासन ने सागर से और जबलपुर से डॉग स्क्वायड भेजा था, जो सेवाएं दे रहे थे। क्योंकि अब कूनो के लिए ईलू डॉग और हमारे कर्मचारी स्पेशल ट्रेंड होकर कूनो की सुरक्षा के लिए आ चुके हैं। अब हम और ज्यादा प्रभावी तरीके से अपराधों पर नियंत्रण कर सकेंगे।
बता दें कि ईलू डॉग के लिए ट्रैफिक इंडिया नाम का एक संस्थान है। यह गवर्नमेंट एजेंसी का ही पार्ट है, जो देश भर में जगह-जगह ऐसे डॉग को देते हैं। उन्होंने ही ईलू नाम के डॉग को दिया है। पंचकूला में इसकी ट्रेनिंग हुई है, यह ट्रेनिंग करीब सात महीने की हुई है और स्टॉफ की भी ट्रेनिंग डॉग के साथ-साथ हुई है। इस डॉग का नाम ईलू है, ईलू डॉग की उम्र 11 महीने बताई गई है, जो अभी कूनो नेशनल पार्क में आ चुका है।
उज्जैन : 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी संभालेंगे कथा स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी..
4 Apr, 2023 11:34 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उज्जैन के बडनगर रोड पर शिव महापुराण कथा का आयोजन आज यानि चार अप्रैल से शुरू होने जा रहा है, जो कि 10 अप्रैल तक चलेगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए कथा स्थल के साथ ही पूरे शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है, जिनके कंधों पर इस कार्यक्रम की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी रहेगी। बताया जा रहा है कि बडनगर रोड पर 1000 से अधिक पुलिस जवानों की ड्यूटी लगा दी गई है। जो कि एक सप्ताह तक यहां निगरानी रखेंगे।बडनगर रोड पर मल्लापुरा में शिव महापुराण कथा आज से प्रारंभ होगी, यहां मेले जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। कथा सुनने के लिए आए श्रद्धालुओं ने पंडाल में डेरा डाल लिया है और यह श्रद्धालु भजन कीर्तन कर न सिर्फ बाबा महाकाल की भक्ति में रमे हुए हैं बल्कि शिव महापुराण कथा शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
7 दिवसीय शिव महापुराण में अभी तक सेवा देने के लिए 3500 लोगों ने देर शाम तक अपना पंजीयन करा लिया है। इसके अलावा प्रशासन भी यहाँ पिछले 15 दिनों से लगा हुआ है। पूरे बडनगर रोड क्षेत्र में पुलिसकर्मी एवं प्रशासन के अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है।पुलिस प्रशासन ने कथा स्थल पर श्रद्धालुओं को चोर, जेबकतरों, चैन स्नेचरों सहित उठाईगिरों से सुरक्षा के इंतजाम कर लिए हैं और पुलिस जवानों का बल यहां लगाया गया है। मुल्लापुरा, भूखी माता, शिप्रा नदी के घाट सहित चारों ओर से आने वाले वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इस आयोजन के लिए बाहर से भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को बुलवाया गया है।
Corona : फिर बढ़ा संक्रमण, एक्टिव केस की संख्या 100 के पार..
4 Apr, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | मध्य प्रदेश में कोरोना का संक्रमण फिर बढ़ने लगा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 26 नए संक्रमित मिले है। एक्टिव केसों की संख्या 101 पहुंच गई है। राजगढ़ सांसद रोडमल नागर कोरोना पॉजिटिव मिले हुए है।प्रदेश सरकार की तरफ से सोमवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार 1496 जांच में 26 कोरोना संक्रमित मिले है। पॉजिटिविटी दर 1.7 प्रतिशत पहुंच गई है। सात मरीज ठीक हुए है। एक्टिव मरीजों की संख्या 101 है। राजगढ़ सांसद रोडमल नागर कोरोना संक्रमित हो गए है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दी। नागर ने कहा कि स्वास्थ्य खराब होने पर अपना कोरोना टेस्ट कराया था, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
पिछले एक सप्ताह में मेरे संपर्क में आने वाले लोग अपनी कोविड जांच करा लें।सोमवार की रिपोर्ट के अनुसार भोपाल में 14, इंदौर में 5, जबलपुर में 4 और ग्वालियर में तीन संक्रमित मिले है। प्रदेश में अब तक 10 लाख 55 हजार 173 लोग संक्रमित हो चुके है। इनमें से 10 लाख 44 हजार 295 ठीक हो चुके है। कोरोना के कारण सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 10 हजार 777 लोगों की जान जा चुकी है।स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ते संक्रमण के बीच केंद्र सरकार अप्रैल माह में पेन इंडिया मॉक ड्रील का आयोजन कर रही है। इसके तहत प्रदेश में भी 10-11 अप्रैल को स्वास्थ्य संस्थाओं की सुविधाओं को लेकर मॉक ड्रिल की जाएगी।
प्रभारी मंत्री सिलावट और कृषि मंत्री पटेल ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी
3 Apr, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : हरदा जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी राम सिलावट और कृषि मंत्री कमल पटेल ने सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।
लाड़ली बहना योजना और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी ग्रामीणों को
कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि यह प्रचार वाहन राज्य सरकार की गत 3 वर्षों की उपलब्धियों तथा लाडली बहना योजना संबंधी जानकारी ग्रामीणों को वीडियो फिल्म के माध्यम से देगा। वाहन में एलईडी टीवी लगा हुआ है। प्रचार वाहन जिले के विकासखंड टिमरनी, हरदा और खिरकिया के ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में बताएगा।
विधायक टिमरनी संजय शाह, जिला पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र शाह, नगर पालिका अध्यक्ष भारती राजू कमेडिया, अमर सिंह मीणा, कलेक्टर ऋषि गर्ग, पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन, वन मंडल अधिकारी अंकित पांडे तथा जिला पंचायतके सीईओ रोहित सिसोनिया सहित जन-प्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
संकट के समय किसानों के साथ खड़ी है राज्य सरकार
3 Apr, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल ने कहा है कि राज्य सरकार संकट के समय पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है। उन्होंने राजस्व अमले को जल्द से जल्द क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिये। राज्य मंत्री पटेल ने रविवार को असामयिक वर्षा से प्रभावित सतना जिले के रामनगर क्षेत्र का दौरा किया।
राज्य मंत्री ने किसानों के खेतों में जाकर प्रभावित फसलों को देखा। उन्होंने किसानों को बताया कि राजस्व विभाग का अमला ओला-वृष्टि के बाद लगातार सर्वे कार्य कर रहा है। किसानों को शीघ्र राहत पहुँचाने के प्रयास किये जा रहे हैं। सतना जिले के कुछ क्षेत्रों में असामयिक वर्षा से गेहूँ, सरसों और अन्य फसलों को नुकसान पहुँचा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सर्वे से कोई भी प्रभावित किसान वंचित न रहे। सर्वे का कार्य वास्तविक और जमीनी स्तर पर हो।
भारत सरकार के सचिव ने देखे मातृछाया शिशु गृह और वनस्टॉप सेंटर
3 Apr, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय नई दिल्ली के सचिव इन्दीवर पाण्डेय ने रविवार को सतना जिले के महिला-बाल विकास द्वारा संचालित कार्यालयों का निरीक्षण किया।
केन्द्रीय सचिव ने सतना जिला मुख्यालय में सेवा भारती द्वारा संचालित मातृछाया शिशु गृह और ग्राम धवारी स्थित वन स्टॉप सेंटर (सखी) का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों केन्द्रों की व्यवस्थाओं पर संतुष्टि व्यक्त की। केन्द्रीय सचिव ने विजिटर बुक में संस्थाओं के कुशल संचालन पर सराहना कर टिप्पणी दर्ज की। जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह ने बताया कि मातृछाया शिशु गृह और वन स्टॉप सेंटर को कार्य की गुणवत्ता के आधार पर आईएसओ प्रमाण-पत्र भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्य-तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की
3 Apr, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक, वीरता के प्रतीक, छत्रपति शिवाजी महाराज की पुण्य-तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।