मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
प्रधानमंत्री मोदी आज भोपाल आयेंगे
1 Apr, 2023 09:16 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक अप्रैल, 2023 को भोपाल का दौरा करेंगे। प्रातः लगभग 10 बजे प्रधानमंत्री भोपाल में कुशाभाऊ ठाकरे हॉल में संयुक्त कमांडर सम्मेलन-2023 में सम्मिलित होंगे। उसके बाद लगभग सवा तीन बजे, प्रधानमंत्री भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर भोपाल और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे-भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखा कर रवाना करेंगे।
पीएम मोदी के दौरे से पहले मप्र में भाजपा को बड़ा झटका
1 Apr, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । चुनावी साल में मध्य प्रदेश में दल-बदल का दौर जारी है। बीजेपी को निमाड़ में बड़ा झटका लगा है। खरगोन-बड़वानी लोकसभा के पूर्व सांसद माखन सिंह सोलंकी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने उनको पार्टी की सदस्यता दिलाई।
गौरतलब है कि निमाड़ क्षेत्र में माखन सिंह सोलंकी की पकड़ अच्छी है। आज उन्होंने सैकड़ों की संख्या में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्वाइन की है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने उनको पार्टी का गमझा पहनाकर सदस्यता दिलाई। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को यह झटका तब दिया है, जब अगले दिन यानि 1 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एमपी आ रहे हैं। इससे पहले बीजेपी ने भी कांग्रेस को कुछ दिन पहले झटका दिया था। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में कांग्रेस के बड़े नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली थी।
कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरे, फसलों को हुआ नुकसान
1 Apr, 2023 02:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिले में कल बारिश के साथ ओले गिरे। इससे खेत में खडी फसल को नुकसान हुआ। कई जिलों में चने के आकार के ओले गिरे, वहीं बारिश और तेज हवा से फसल भी आढी हो गई। सागर, विदिशा जिले में शुक्रवार को वर्षा के साथ ही ओले गिरने से खेतों में बची हुई फसलों को नुकसान हुआ है। नर्मदापुरम और हरदा जिले में भी तेज वर्षा से फसलें भीग गईं। सागर जिले के सुरखी, गढ़ाकोटा व सुरखी क्षेत्र में करीब आधा घंटे तक बेर के आकार के ओले गिरे हैं। किसानों ने बताया कि मौसम में गर्मी के कारण ओले जमीन पर गिरकर तत्काल पिघल गए, जिससे फसलों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन खेतों में पककर खड़ी फसलें भीगने के साथ ही दाने गिर गए हैं। अब किसानों को कटाई के लिए इंतजार करना होगा। इधर, विदिशा जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र में लगभग आधा घंटे तक जोरदार वर्षा हुई। साथ ही करीब दस मिनट तक चने के आकार के ओले गिरे, जिससे खेतों में पकी खड़ी गेहूं की फसल की बालियां टूटकर दाने खेत में बिखर गए। खलिहानों में रखा गेहूं और काट कर रखी फसल गीली हो गई। नर्मदापुरम जिले में भी शुक्रवार को एक घंटे तक तेज वर्षा हुई। इसके बाद करीब दो घंटे तक बूंदाबांदी होती रही। बुंदेलखंड के छतरपुर और चंबल के मुरैना जिले में फिर से ओलावृष्टि हुई है। इससे फसल को नुकसान पहुंचा है। छतरपुर जिले के लवकुशनगर में शुक्रवार शाम बारिश हुई और ओले बरसे। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगह 250 ग्राम वजन तक के ओले गिरे हैं। छतरपुर जिले के ही चंदला में भी ओलावृष्टि होने से एक दर्जन से ज्यादा गांवों में नुकसान है। दोनों क्षेत्रों में ओलावृष्टि से गेहूं और दलहनी फसल खेतों में बिछ गई है। एसडीएम निशा बांगरे ने पटवारियों को गांवों में जाकर नुकसान की जानकारी भेजने के लिए कहा है। मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में शुक्रवार की शाम ओलावृष्टि हुई। चने से लेकर अंगूर के आकार के ओले पांच मिनट तक बरसे। इससे गेहूं व सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जिससे खलिहान में रखी कटी फसल भींग गई। खेत में पककर कटने को खड़ी गेहूं की फसल पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई है।हरदा जिले में गुरुवार शाम को बूंदाबांदी हुई। इसके बाद शुक्रवार को सुबह तेज वर्षा हुई। वर्षा से खेतों में खड़ी गेहूं, चना की फसलों को नुकसान हुआ है, जबकि उग चुकी मूंग की फसल को फायदा बताया जा रहा है।
लाड़ली बहना योजना बहनों को करेगी समृद्ध
31 Mar, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल ने कहा है कि लाड़ली बहना योजना बहनों को आर्थिक रूप से समृद्ध करेगी। राज्य मंत्री पटेल ने अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के अनेक ग्रामों का दौरा कर योजना की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
राज्य मंत्री पटेल ने केम्प स्थलों का निरीक्षण कर पंजीयन प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों से योजना के क्रियान्वयन में समर्पण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। राज्य मंत्री पटेल ने न्यू रामनगर के विभिन्न वार्डों में लग रहे केम्पों की भी जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री चौहान ने मृतकों के परिजन से मिल कर ढाँढस बंधाया और शोक संवेदना व्यक्त की
31 Mar, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि इन्दौर में हुई घटना की मजिस्ट्रियल जाँच के निर्देश दिए गए हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। जाँच के आधार पर जिम्मेदारी तय कर दोषियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता रेस्क्यू ऑपरेशन पूर्ण करने की है। शेष प्रभावितों को ढूंढने के प्रयास जारी हैं। राज्य सरकार द्वारा घायलों का नि:शुल्क उपचार कराया जा रहा है। पीड़ित परिवारों की सहायता में किसी भी तरह की कसर नहीं रखी जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजन से चर्चा की तथा ढाँढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य शासन पूरी तरह से उनके साथ है।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार की सुबह अल्प प्रवास पर इन्दौर पहुँचे थे। उन्होंने अस्पताल पहुँच कर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और घटना स्थल पहुँच कर स्थिति का मुआयना भी लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मैं स्वयं भी रात भर रेस्क्यू ऑपरेशन टीम और प्रशासन के संपर्क में रहा। घायलों का अस्पताल में बेहतर इलाज किया जा रहा है। राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की सहायता में कोई कसर नहीं छो़ड़ेगी। पुलिस ने प्रकरण भी पंजीबद्ध कर लिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पूरे प्रदेश में जहाँ भी ऐसे ढँके हुए कुएँ और बावड़ियाँ हैं, उनकी जाँच कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। खुले रह गए बोरवेल की जाँच के भी निर्देश दिए गए हैं। बोरवेल खुले होने पर संबंधितों पर कार्यवाही की जाएगी। गृह मंत्री एवं इंदौर जिले के प्रभारी डॉ. नरोत्तम मिश्रा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इन्दौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ युवा उद्यमी ने पौध-रोपण किया
31 Mar, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में युवा उद्यमियों के साथ बरगद, और कदंब के पौधे लगाए। जबलपुर के आशीष अहिरवार, कमल ठाकुर और नीरज ठाकुर पौध-रोपण में शामिल हुए। युवा उद्यमी आशीष अहिरवार ने मोबाइल चार्जिंग केबल निर्माण इकाई स्थापित करने के लिए एक करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत होने की खुशी में पौधे लगाए। वे आईटी पार्क जबलपुर में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित कर रहे हैं।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन में बैडमिंटन कोर्ट का भूमि-पूजन किया
31 Mar, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज राजभवन स्थित पुलिस बैरक में पुलिस कर्मियों के लिए बैडमिंटन कोर्ट का भूमि-पूजन किया। साथ ही गेती चला कर निर्माण कार्य की शुरूआत की। प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति गौड़ मुखर्जी, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा एवं अधिकारी उपस्थित थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल को बताया गया कि सर्वसुविधायुक्त बैडमिंटन हॉल 212.94 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में बनेगा। इसमें इंडोर हॉल के साथ टॉयलेट व्यवस्था भी होगी। निर्माण कार्य की लागत 1 करोड़ रूपए अनुमानित है।
6 महीने में 6 हाईकोर्ट जज होंगे सेवानिवृत्त
31 Mar, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जजों के कुल 53 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में 22 पद खाली पड़े हुए हैं। 6 माह के अंदर 6 जज सेवानिवृत्त हो जाएंगे। वहीं जज अतुल श्रीधरन को स्थानांतरण में जम्मू एंड कश्मीर हाईकोर्ट में भेजा जा रहा है। जिसके कारण मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में जजों की संख्या काफी कम हो जाएगी।
15 फरवरी 2022 को आखिरी बार जजों की नियुक्ति हुई थी। 1 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी मध्यप्रदेश में नए जजों की कोई नियुक्ति नहीं हुई है। जिसके कारण रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है।
हाई कोर्ट के जो जज सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनमें जस्टिस वीरेंद्र सिंह 14 अप्रैल को,जस्टिस अंजलि पालो 18 मई को, जस्टिस राजेंद्र कुमार वर्मा 30 जून को,जस्टिस अरुण कुमार शर्मा 28 जुलाई को, जस्टिस नंदिता दुबे 16 सितंबर को और जस्टिस दीपक कुमार 20 सितंबर को सेवानिवृत्त हो जाएंगे।
हाईकोर्ट में लंबित केसों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। जबलपुर हाईकोर्ट में 99862 फौजदारी और 160226 सिविल मामले लंबित हैं। इंदौर खंडपीठ में 36959 फौजदारी और 58629 सिविल मामले लंबित हैं। ग्वालियर खंडपीठ में 30,259 फौजदारी तथा 49170 सिविल मामले लंबित हैं। हाईकोर्ट में जजों के स्वीकृत पदों को यदि जल्द नहीं भरा गया, तो आगे चलकर लंबित मामलों की संख्या और भी तेजी के साथ बढ़ेगी। लोगों को न्याय मिलना बड़ा कठिन होगा।
नाराज भाजपा नेताओं को मनाने के लिए पहुंच रहे हैं भाजपा के नेता
31 Mar, 2023 08:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । लगातार दो दशक से मध्य प्रदेश में भाजपा सत्ता में हैं। भाजपा में भी सत्ता का मद दिखने लगा है। जो लोग पदों पर बैठे हैं। वह निष्ठावान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं का लगातार अपमान और उपेक्षा कर रहे हैं। जिसके कारण भाजपा और संघ के कई निष्ठावान नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ने की तैयारी में है,या घरों में निष्क्रिय होकर बैठ गए हैं।
इस वर्ष मध्यप्रदेश विधानसभा का चुनाव है। भाजपा के कार्यकर्ताओं और संघ के निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नाराजगी को देखते हुए,अब चुनाव के पहले संगठन सक्रिय हो गया है। पार्टी के नेता नाराज नेताओं के घर पहुंच कर उन्हें मनाने का काम कर रहे है।
पूर्व सांसद मकनसिंह को मनाने पहुंचे एक मंत्री और दो सांसद
पूर्व सांसद मकनसिंह सोलंकी को मनाने के लिए गुरुवार को कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल तथा सांसद डॉ सुमेर सिंह सोलंकी और सांसद गजेंद्र पटेल,पूर्व मंत्री अंतरसिंह आर्य के साथ उनके घर पहुंचे। 3 घंटे तक शिकवा शिकायत का दौर चलता रहा। लेकिन उनकी नाराजगी खत्म हो गई हो, ऐसा लग नहीं रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सभा के दौरान सोलंकी के कांग्रेस में जाने की खबर थी। इस खबर के बाद भाजपा के उपरोक्त नेता पूर्व सांसद के घर पहुंचे थे। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद सोलंकी ने कहा, उन्हें पार्टी ने कोई भरोसा नहीं दिया है। नाही कोई जिम्मेदारी देने के बारे में आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि वह अभी भाजपा में है। कल क्या होगा इसका पता उन्हें भी नहीं है।
यह बात तो बड़वानी के एक पूर्व सांसद की थी। लेकिन पूरे प्रदेश में सैकड़ों ऐसे भाजपा के स्तंभ है। जिन्होंने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी को खड़ा करने के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उनकी दो और तीन पीढ़ियां पार्टी की सेवा करती रहीं। जीवन में जो कमाया वह पार्टी में लगा दिया था। वर्तमान में भाजपा का नेतृत्व और संघ के पदाधिकारी जिस तरह से उनकी उपेक्षा कर रहे हैं। उसके कारण ऐसे नेताओं के परिवारजन भी उनसे नाराज हैं। उपेक्षा से नाराज अंदर ही अंदर सैकड़ों भाजपा के नेता नाराज होकर पार्टी छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं। जब सत्ता आ गई,तो मलाई खाने के लिए ऐसे-ऐसे लोग आ गए हैं। जिन्होंने कभी कोई काम नहीं किया। उल्टे वह अहंकारी होकर पार्टी के लोगों से ही,ऐसी बात करते हैं। जिसे सहन कर पाना अब संभव नहीं हो पा रहा है। जो लोग मंत्री विधायक और संगठन में पद लेकर बैठे हुए हैं। वही लोग अब पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं और नेताओं को बर्बाद करने का काम कर रहे हैं। जिसके कारण भाजपा संगठन में अंदर ही अंदर बवाल मचा हुआ है। चुनाव के पहले बड़े पैमाने पर भाजपा के निष्ठावान नेता और कार्यकर्ता पार्टी छोड़ सकते हैं। इसका एहसास अब सरकार और संगठन को भी होने लगा है।
विभाजन से पाकिस्तानी भी नाखुश, मानते हैं बड़ी गलती- डा. मोहन भागवत
31 Mar, 2023 08:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । सिंधी समाज के सम्मेलन में सरसंघचालक डा़ मोहन भागवत ने पाक अधिकृत सिंधु प्रांत को लेकर कहा कि ये विभाजन कृत्रिम था। भारत खंडित हो गया, खंडित शरीर को जोड़ना पड़ता है। हमने मन से नहीं छोड़ा। हमको भारत को बसाना है। वह कैसे बसेगा, मैं नहीं जानता। मेरी बात का यह मतलब भी कतई नहीं है कि भारत, पाकिस्तान पर आक्रमण कर देगा। हम उस संस्कृति से हैं जो रक्षा के लिए मुंहतोड़ जवाब देती है। लोगों के ही मन में आएगा और हो जाएगा, जैसे भी होना है। सत्य मेव जयते का देश है, अखंड भारत सत्य है, खंडित दुष्वप्न है, जो धीरे-धीरे जा रहा है। सम्मेलन अमर बलिदानी हेमू कालाणी के जन्मशताब्दी वर्ष में भोपाल स्थित भेल दशहरा मैदान में आयोजित हुआ। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक प्रतिशत प्रीमियम लेकर सिंधी विस्थापितों को कब्जे की भूमि के पट्टे देने, बलिदानियों के सम्मान में संग्रहालय बनाने और मनुआभान की टेकरी पर बलिदानी हेमू कालाणी की प्रतिमा लगाने, सम्राट दाहिर सेन, हेमू कालाणी सहित एक अन्य बलिदानी की जीवनी स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने, सिंधु दर्शन के लिए 25 हजार अनुदान देंगे और सिंधु साहित्य अकादमी का बजट बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये करने की घोषणा की।
डा. भागवत ने कहा कि हमने उस भूमि काे शारीरिक दृष्टि से छोड़ा, पर कोई पूछेगा कि 1947 से पहले वह क्या था, तो बताना पड़ेगा कि भारत था। सिंधु से ही हिंदू कहा जाता है। हम अखंड भारत कहें तो सिंधु सभ्यता को नहीं भूल सकते हैं। ये नाता नहीं तोड़ सकते। ऐसे व्यक्ति से सीमांकन कराया, जिसे जानकारी नहीं थी। उसने जाते समय कहा कि मैंने क्या किया मैं भी नहीं जानता। मैं एक्सपर्ट नहीं हूं, तीन माह समय भी कम था। योगी अरविंद ने कहा था कि इसको जाना पड़ेगा। आज पाकिस्तान के लोग कह रहे हैं कि गलती हो गई। जो भारत से अलग हुए, वे दुखी हैं, जो यहां आए, वे सफल। गलती का सुधार करने की बात करने में क्या लज्जा है। आप तैयार रहिए, कैसे होगा, क्या होगा, मैं नहीं जानता। उन्होंने कहा कि वहां से आए लोगाें को वहां फिर से भारत बसाना पड़ेगा। आप दोनों तरफ का भारत जानते हो, आप बसा सकते हो। डा़ भागवत ने बलिदानी हेमू कालाणी को याद रखते हुए कहा कि जैसे उन्होंने देशहित में सर्वस्व त्याग दिया, वैसे ही छोटे स्वार्थों को छोड़कर वैसा होने का प्रयास करना। सिंध की सभ्यता, परंपरा को मत भूलना। जमीन से उखड़ गए, इसलिए इधर-उधर नहीं जाना, जो यहां पैदा हुए उनका सिंध से लगाव बढ़ाना पड़ेगा।
ये भीख नहीं आपका अधिकार
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जड़ों को छोड़ने का दर्द रहता है। संस्कृति के लिए जमीन छोड़ने पर प्रणाम करता हूं। शून्य से शुरू करके खुद को स्थापित किया। उन्होंने कहा कि एक प्रतिशत प्रीमियम लेकर सिंधी विस्थापितों को कब्जे की भूमि का मालिकाना हक देंगे। यह आदेश आज ही जारी होंगे। यह भीख नहीं आपका अधिकार है।
राज्य में सुरक्षित नहीं है सिंधी समाज
वहीं समाज के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम ने कहा कि राज्य में सिंधी समाज सुरक्षित नहीं है। इंदौर में सिंधी ठिकानों पर हमले पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस ने भी मदद नहीं की, मुख्यमंत्री जी आप देखें। ऐसे ही काशी में गुमठियां उठा लीं पर सरकार का ध्यान नहीं है। हम अपनी जमीन छोड़कर सिंध से हिंद आएं हैं। समाज से कहा-हमें किसी सरकार से नहीं डरना बस एक हो जाएं। तभी बात सुनी जाएगी। विशेष शिविर लगाए जाएंगे : सिंधी विस्थापितों को कब्जे की भूमि का मालिकाना हक देने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। जिनमें निर्धारित प्रीमियम जमा करने पर संबंधित भूमि के पट्टे दिए जाएंगे।
प्रीमियम की नई दरें
भूमि का क्षेत्रफल -- नई दरें -- वर्तमान दरें
45 वर्ग मीटर तक -- निश्शुल्क -- निश्शुल्क
150 वर्ग मीटर तक -- एक प्रतिशत -- पांच प्रतिशत
150 से 200 वर्ग मीटर तक -- एक प्रतिशत -- 10 प्रतिशत
20 वर्ग मीटर तक व्यावसायिक उपयोग के भूखंड -- पांच प्रतिशत -- 25 प्रतिशत
अमर बलिदानी हेमू कालानी जन्म शताब्दी समारोह के संयोजक भगवानदास सबनानी ने बताया कि देश के स्वतंत्र होने के बाद इन 75 सालों में इस प्रकार का यह पहला आयोजन है जिसमें इतनी बड़ी तादाद में सिंधी समाज के भाइयों और बहनों का समागम भोपाल के भेल दशहरा मैदान में हुआ है।
अमित शाह शाह के दौरे से बदला छिंदवाड़ा का सियासी रंग, नकुल नाथ हुए भगवामय
31 Mar, 2023 07:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे ने छिंदवाड़ा का सियासी रंग बदल दिया है। भगवा को लेकर कांग्रेस का अंकुश सिमटने लगा है। हिंदुत्व के जवाब में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ साफ्ट हिंदुत्व की धार तेज कर रहे हैं। वह पहले भी साफ्ट हिंदुत्व को आगे बढ़ाते रहे हैं। उनके पुत्र व सांसद नकुल नाथ रामनवमी पर निकाली गई शोभायात्रा में भगवा अंगवस्त्र के साथ शामिल हुए और राम धुन पर जमकर नृत्य भी किया। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ता भगवा ध्वज लेकर शामिल हुए। आदिवासी समुदाय को हिंदुत्व के रास्ते जोड़ने के भाजपा के प्रयासों की प्रतिक्रिया छिंदवाड़ा में भगवा रंग और गहरा कर सकती है।
चुनाव के धार्मिक ध्रुवीकरण के तमाम आरोपों के बीच भाजपा इसे अपनी रणनीति का हिस्सा बनाती रही है। हिंदुत्व के साथ आदिवासी समुदाय को भी जोड़ने की प्रभावी जमीनी पहल पार्टी ने मध्य प्रदेश में की है। इसका लाभ छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर मिलने की पार्टी ने प्रबल संभावना जताई है, जहां 35 प्रतिशत से अधिक आदिवासी मतदाता हैं। लोकसभा चुनाव के एक साल पहले ही अमित शाह ने यहां महाविजय उद्घोष जनसभा में सवालों के बौछार कर न केवल कमल नाथ को घेरा, बल्कि आदिवासी व गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने के तत्कालीन कमल नाथ सरकार के फैसलों को रेखांकित किया। मध्य प्रदेश में कमल नाथ कांग्रेस के अकेले नेता हैं, जो साफ्ट हिंदुत्व पर चलकर हनुमान चालीसा का पाठ और कांग्रेस कार्यालयों में धार्मिक अनुष्ठान करवाने में पीछे नहीं रहते। उन्होंने छिंदवाड़ा का अपना गढ़ बचाने के लिए साफ्ट हिंदुत्व पर हाथ खोलने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस में कमल नाथ ही हैं, जो हिंदुत्व की तरफ सहजता से रूझान कर लेते हैं। याद होगा कि 2018 में राहुल गांधी ने चित्रकूट में भगवान कामतानाथ के दर्शन किए तो उन्हें रामभक्त बताते हुए पूरे प्रदेश में होर्डिंग्स लगाए गए थे। उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन किए तो उन्हें सबसे बड़ा शिवभक्त बताया गया था। समय-समय पर कांग्रेस रामनवमी पर सुंदरकांड और हनुमान जयंती पर हनुमान चालीसा का पाठ करने का निर्देश भी पार्टी कार्यकर्ताओं को देती है। कांग्रेस कार्यालय में गणेशोत्सव भी मनाया जाता रहा है। विश्लेषकों का मानना है कि अब छिंदवाड़ा में भगवा रंग और गहरा दिखाई देगा।
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट पर सीधी टक्कर
पिछले पांच लोकसभा चुनावों में ही छिंदवाड़ा सीट पर मतदान देखें तो कांग्रेस की लगातार जीत के बावजूद अंतर कम होता जा रहा है। इनमें से चार कमल नाथ तो एक चुनाव नकुल नाथ ने जीता है। 2024 में भाजपा आदिवासी समुदाय को जोड़ते हुए हिंदुत्व का मुद्दा लेकर मैदान में उतरेगी।
वोट शेयर से इसे ऐसे समझें——
वर्ष——— कांग्रेस——— भाजपा——— अंतर
2019——47.8 —— 44.8 ——3
2014 —— 51.7 —— 41 —— 10.7
2009 —— 49.4 —— 34.8 —— 14.6
2004 —— 40.9 ——— 32.5 —— 8.4
1999 —— 64 ——33.8 —— 30.2
(आंकड़े प्रतिशत में)
इनका कहना है
धर्म हमारे लिए आस्था का विषय है। पहले भी हम ऐसे धार्मिक आयोजन में शामिल होते रहे हैं। धर्म- आस्था के विषय को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए।
नकुल नाथ, सांसद- छिंदवाड़ा मप्र
400 साल बाद सिंधी समाज ने छोड़ा गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ
31 Mar, 2023 07:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पूज्य सिंधी समाज के मंदिरों में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ पिछले 400 सालों से हो रहा था। सिंधी समुदाय के लोग इस ग्रंथ का बड़ी श्रद्धा के साथ पाठ करते थे।
कुछ माह पूर्व इंदौर में हथियारबंद निहंग सिख पहुंचे थे। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहब के पाठ को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। निहंग सिख कई सिंधी मंदिरों में जबरिया घुसकर गुरु ग्रंथ साहब की बेअदबी का आरोप लगा रहे थे। गुरु ग्रन्थ साहिब की मर्यादा और मंदिरों से देवी-देवताओं की मूर्तियां हटाने का आदेश निहंग सिख दे रहे थे।
इसके बाद अखिल भारतीय सिंधी संत सम्मेलन,जो अमरावती में हुआ था। उसमें निर्णय लिया गया, अब गुरु ग्रंथ साहब की तर्ज पर सिंधी समाज सनातनी आदि ग्रंथ की रचना करेगा।
अमरावती सम्मेलन से लौटने के बाद समाज के महंत तुलसीदास उदासी जी ने कहा, सिंधी समाज ने अपनी पूजा पद्धति बदलने का फैसला लिया है। लगभग 400 साल के बाद सिंधी मंदिरों से गुरु ग्रंथ साहब को पास के गुरुद्वारों में श्रद्धा के साथ सौंपने की प्रक्रिया भी की गई है।
इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंकिंग खाते खुलना शुरू
31 Mar, 2023 06:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । डाकघर भोपाल संभाग के प्रमुख अधीक्षक ने जानकारी देते हुए कहा, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के जरिए ऑनलाइन खाते खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भोपाल डाक संभाग में 330 कर्मचारी खाता खोलने के लिए तैनात किए गए हैं। यह सभी खाते 0 बैलेंस के साथ खोले जा सकते हैं।
डाकघर द्वारा संचालित इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंकिंग के लिए क्यूआर कोड भी वितरित किए जा रहे हैं। इससे 5 मिनट में मोबाइल और बायोमैट्रिक डिवाइस के माध्यम से कोई भी व्यक्ति द्वारा अकाउंट खुलवाया जा सकता है। खाता खोलने के लिए आधार पंजीयन एवं समग्र आईडी होना जरूरी है। खाता खोलने के लिए मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। जिसके एंटर करते ही खाता खुल जाता है। यदि मोबाइल नंबर आधार के साथ अपडेट नहीं है, ऐसी स्थिति में बायोमेट्रिक के माध्यम से भी खाता खुलवाया जा सकता है।
सिंधी महाकुंभ में उमड़ा जनसैलाब, संघ प्रमुख मोहन भागवत पहुंचे
31 Mar, 2023 02:23 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भेल दशहरा मैदान में भारतीय सिंधु सभा के बैनर तले आज अमर बलिदानी हेमू कालानी का जन्म शताब्दी समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। आयोजकों ने इस समागम में 01 लाख से ज्यादा लोगों के जुटने का दावा किया है। यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में सिंधी समाज के लोग एक जगह एकत्रित हुए हैं। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहनराव भागवत भी शामिल हैं। भागवत दोपहर करीब दो बजे सम्मेलन में पहुंचे। यहां पहुंचकर संघ प्रमुख ने सबसे पहले सिंधी समाज के संत-महात्माओं से मुलाकात की। समारोह में संगीत कार्यक्रम भी पेश किए जा रहे हैं। प्रमुख गायक कलाकार जतिन उदासी ने भी मंच पर संगीत कार्यक्रम पेश किया।
इस समारोह के लिए सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता महेश जेठमलानी, शदाणी दरबार रायपुर के साईं युधिष्ठिर लाल, प्रसिद्ध गायक घनश्याम वासवानी एवं मोहित लालवानी सहित अनेक गणमान्य अतिथि भोपाल पहुंचे हैं। इंदौर में राम नवमी उत्सव के दौरान हुए बावड़ी हादसे के शोक स्वरूप इंदौर सिंधी समाज के प्रतिनिधि इस सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं। इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियाँ हासिल करने वाली 9 विभूतियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही कला, साहित्य, उद्योग, राजनैतिक क्षेत्रों के साथ सिंधी समाज की सेकडों पंचायतों के अध्यक्षों सहित गणमान्य महिला पुरुष शामिल होंगे। ख्याति प्राप्त संतजन भी समारोह में आशीर्वाद देने के लिए विशेष रूप से पधारे हैं। हेमू कालानी जन्म शताब्दी समारोह कार्यक्रम के संयोजक भगवानदास सबनानी ने बताया कि देश के स्वतंत होने के बाद इन 75 सालो में इस प्रकार का यह पहला आयोजन है जिसमें इतनी बड़ी तादाद में सिंधी समाज के भाइयो और बहनों का समागम भोपाल के भेल दशहरा मैदान में हो रहा है।
आयोजन के अन्य आकर्षण
• ख्याति प्राप्त कलाकारों द्वारा पारम्परिक सिन्धी लोक नृत्य तथा छेज के अलावा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
• सिन्ध के प्रमुख नगरों एवं विभिन्न दर्शनीय स्थानों की प्रदर्शनी।
• स्वाधीनता संग्राम में सिन्ध के योगदान पर आकर्षक प्रदर्शनी।
• हेमू कालाणी तथा अन्य क्रांतिकारियों व महापुरुषों आधारित प्रदर्शनी
• सिन्धी व्यंजनों के स्टाल।
• स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित स्मारिका का विमोचन।
नाराज भाजपाइयों को अब मनाएंगे वरिष्ठ नेता
31 Mar, 2023 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे भाजपा ने अपनी गतिविधियों को तेज करने शुरू कर दी हैं। खुद को मजबूत करने में जुटी पार्टी को समझ में आ गया कि वरिष्ठों में खासी नाराजगी है। वे काम पर नहीं लगे तो चुनाव में नुकसान हो सकता है। उन्हें जागृत करने के लिए अनुभवी नेताओं को पार्टी मैदान में उतारने जा रही है जो प्रवास करके सभी से बात करेंगे। भोपाल नगर और जिले की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर को दी गई।
वर्ष के अंत में विधानसभा के चुनाव होने जा रहे हैं, जिसे लेकर भाजपा ने अभी से कसरत करना शुरू कर दी है। भोपाल की सत्ता से दिल्ली तक की सत्ता व संगठन की टीम सर्वे करा रही है, लेकिन सभी की रिपोर्ट जैसी आना चाहिए वैसी नहीं है। उसने पार्टी नेताओं की नींद उड़ा रखी है। असर ये है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के दौरे लगातार तेज होते जा रहे हैं। सर्वे में ये भी खुलासा हुआ कि पार्टी के ही कई नेता असंतुष्ट हैं। हाल ही में एक गोपनीय बैठक राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने ली थी जिसमें प्रदेश के चुनिंदा 14 नेताओं को बुलाया गया था। सभी को जिम्मेदारी दी गई है कि वे अपने प्रभार क्षेत्र में जाकर सत्ता व संगठन के प्रति जिन भी वरिष्ठों की नाराजगी है उन्हें दूर करे। वे ये भी पता लगाने का प्रयास करें कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को अपने लोग नीचे तक ले जा रहे हैं या नहीं? नहीं तो उन्हें सक्रिय करने का आग्रह किया जाएगा। नाराज नेताओं से बात करके उनकी पीड़ा को सुनकर उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में फिर से काम पर लगाना है। सभी से चुनाव में पूरी ताकत से काम पर जुटने का भी आह्वान किया जाएगा। प्रवास करके सभी नेताओं को 15 अप्रैल तक अपनी रिपोर्ट पेश करना है। ये रिपोर्ट भी सीधे शिव प्रकाश ही लेंगे।
इनसे करना है संवाद
14 वरिष्ठ नेताओं को संगठन में राजी-नाराजगी दूर करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो लगातार अब प्रवास करेंगे। उस दौरान वे पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व सांसद व विधायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व महापौर, पूर्व निगम मंडल व प्राधिकरण बोर्ड अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष, पूर्व जनपद अध्यक्ष, पिछले दो बार के नगर पालिका व नगर परिषद के अध्यक्ष से संवाद करेंगे। उनकी बातों को लब्बोलुआब रिपोर्ट में भी जाएगा।
नड्डा की सख्ती का असर
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पिछले दिनों प्रदेश प्रवास पर थे। उन्होंने सत्ता और संगठन को लेकर कई हिदायतें दी है। उन्होंने साफ कर दिया कि अपने ही नेता व कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर किया जाना आवश्यक है। उसका असर वरिष्ठों को जिम्मेदारी के रूप में देखने को मिल रहा है। गौरतलब है कि कई वरिष्ठ नेता पूछपरख नहीं होने की वजह से नए भाजपा कार्यालय के भूमि पूजन में नहीं गए थे।
ये हैं नेताओं की जिम्मेदारी
नरेंद्रसिंह तोमर - इंदौर नगर व ग्रामीण, भोपाल नगर व ग्रामीण और सीहोर।
कृष्णमुरारी मोघे - विदिशा, दमोह, सागर व रायसेन।
कैलाश विजयवर्गीय - जबलपुर नगर व ग्रामीण, रीवा, सतना व धार।
फग्गनसिंह कुलस्ते - झाबुआ, आलीराजपुर और बड़वानी।
राकेश सिंह - नर्मदा पुरम, हरदा, बैतूल, मंडला और डिंडोरी।
गोपाल भार्गव - छिंदवाड़ा, सिवनी व बालाघाट।
लालसिंह आर्य - छतरपुर, पन्ना, टीकमगढ़, निवाड़ी और कटनी।
माखनसिंह - गुना, अशोक नगर, शिवपुरी और श्योपुर।
जयभानसिंह पवैया - उज्जैन नगर व ग्रामीण, देवास, शाजापुर व आगर।
राजेंद्र शुक्ल - सिधी, सिंगरोली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया।
मायासिंह - राजगढ़, दतिया, नृङ्क्षसहपुर।
सुधीर गुप्ता- ग्वालियर नगर व ग्रामीण, मुरैना व भिंड।
प्रभात झा - खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर।
सत्यनारायण जटिया - रतलाम, मंदसौर और नीमच।