उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
क्षेत्र मे दर्जनों पेड़ गिर जाने से आवगमन बाधित.....
26 Aug, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बाराबंकी। बीती रात्रि हवा के साथ हुई बारिश मे क्षेत्र मे दर्जनों पेड़ गिर जाने से आवगमन बाधित रहा। नेशनल हाइवे सहित लिंक मार्गो पर गिरे पेड़ो को शुक्रवार की सुबह वन विभाग की टीम ने हटवा कर रास्ता साफ कराया।बताते चले गुरुवार की रात्रि को तेज बारिश के साथ चली तेज हवा मे लखनऊ अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सफदरगंज चौराहे पर बबूल का पेड़ व बघौरा के निकट शीशम का पेड़ गिर गया जिससे फॉरलेन का हाइवे वनवे हो गया सुबह पहुंची वन विभाग की टीम ने हाइवे पर गिरे पेड़ को हटवा कर राष्ट्रीय राजमार्ग को साफ कराया। वही सफदरगंज बदोंसराय मार्ग पर स्थित इंटर कॉलेज के सामने शीशम का पेड़ गिर जाने से पुरी रात आवगमन बाधित रहा सुबह पेड़ को हटवा कर आवगमन सुचारु किया गया।
राजधानी रांची में मौसम रहेगा साफ....
26 Aug, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आज झारखंड के अधिकतम हिस्सों में मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। राजधानी रांची में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। यहां न्यूनतम 24 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, रामगढ़ में लोग आज थोड़ी गर्मी का सामना कर सकते हैं। यहां न्यूनतम 24 और अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा।
चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है। चाईबासा में न्यूनतम 24 और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। जमशेदपुर में न्यूनतम 25 और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है। इसके अलावा, सरायकेला में न्यूनतम 25.0 और अधिकतम 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा।
कोडरमा और आसपास के इलाकों में मौसम का हाल
वहीं, कोडरमा में भी दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा होगी। अगले दो दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पलामू ,गढ़वा व लातेहार में तापमान में बीते दिनों बढ़ोतरी हुई है। इस कारण लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं। अधिकतम ताममान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।
इन जगहों पर होगी भारी बारिश
चतरा में आज मौसम सामान्य रहेगा। अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी आएगी। अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि आज दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुर, सिमडेगा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी हो सकती है। इसको लेकर यहां के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलने के आसार हैं।
डिलीवरी के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने मचाया हंगामा....
26 Aug, 2023 11:07 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के कोडरमा के डोमचांच में रेफरल अस्पताल डोमचांच में उसकी लापरवाही से एक मासूम बच्चे की मौत का आरोप है। मामला शुक्रवार की शाम को सामने आया है, जिसके बाद स्वजनों ने रेफरल अस्पताल के बाहर जमकर बवाल काटा।
क्या है पूरा मामला
महथाडीह निवासी सुनीता देवी, पति नारायण राम ने बताया कि अपनी बेटी सीमा कुमारी को गुरुवार को दोपहर 12 बजे लेकर आए थे। नर्स के द्वारा चेकअप कर घर भेज दिया गया। प्रसव पीड़ा होने के बाद दोबारा 2 बजे अस्पताल पहुंची थी, जिसके बाद विनीता कुमारी ने कहा कि आपकी बेटी का नार्मल डिलीवरी करवा दिया जाएगा, लेकिन इसके लिए 10 हजार रुपये देने होंगे। इसके बाद मेरी बेटी को प्रसव कक्ष अंदर ले जाया गया और मुझे दवा लेने के लिए भेज दिया गया।
क्या हैं परिजनों के आरोप?
दवा लेकर आने के बाद जीएनएम के द्वारा इंजेक्शन लगाया गया। स्वजनों ने आरोप लगाया कि रुपये के लालच में नार्मल प्रसव के दौरान जीएनएम ने बच्चे को हाथ से खींचकर बाहर निकाला, जिसके कारण बच्चा मृत जन्म लिया। स्वजनों के हंगामे को देखते हुए घटनास्थल पर डोमचांच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे स्वजनों को समझा बुझाकर शांत किया।
तंत्र साधना के लिए तांत्रिक ने प्रेमिका का काटा था सिर....
25 Aug, 2023 05:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
करीब 7 साल पहले पूर्व मेदिनीपुर जिला मुख्यालय तमलुक के गडकिल्ला गांव में पानी के गड्ढे से एक महिला का नग्न शव बरामद हुआ था। घटना की जांच के दौरान एक तांत्रिक और उसकी दो महिला साथियों (पूर्व मेदिनीपुर) को गिरफ्तार किया गया। लंबी सुनवाई के बाद आखिरकार तमलुक फास्ट ट्रैक सेकेंड कोर्ट ने आरोपितों को दोषी करार दिया।
युवती का सिर धड़ से अलग, गुप्तांग में भी गहरी चोटें
न्यायिक प्रक्रिया के बाद न्यायाधीश ने आरोपी तांत्रिक रामपद मन्ना, उसकी सहयोगी पूर्णिमा विश्वास और टुकटुकी सरदार को आजीवन कारावास की सजा का आदेश दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, 15 अक्टूबर 2016 को तमलुक के गडकिल्ला गांव के चंडीचरण मन्ना के पान बैराज में एक युवती के नग्न शव पाए जाने को लेकर काफी हंगामा हुआ था क्योंकि शव काफी वीभत्स हालत में मिला था। युवती का सिर नहीं था और गुप्तांग में गहरी चोट के निशान थे।
सैलून की आड़ में तंत्र-मंत्र का कारोबार
तमलुक थाने की पुलिस शव बरामद कर अपने साथ ले गई, लेकिन सिर नहीं मिला। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने चंडीचरण के बेटे रामपद मन्ना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, उसका कोलकाता के न्यू टाउन में सैलून था। वह वहां तंत्र मंत्र और जड़ी-बूटियों का कारोबार चलाता था। घटना की जांच करने पर पुलिस को पता चला कि वहां वाणी सरदार नाम की बुजुर्ग महिला की नमकीन की दुकान थी। उनका परिवार रामपद से परिचित था। नाई का वृद्धा की विवाहित बेटी बागुईआटी निवासी पार्वती सरकार (31) से अवैध संबंध हो गया । सूत्रों के मुताबिक न केवल पार्वती, बल्कि उनकी विवाहित बहन पूर्णिमा विश्वास और बहू टुकटुकी सरदार से भी रामपद के अवैध संबंध स्थापित हो गए।
सिद्धि लाभ के लिए ले ली बेकसूर की जान
अक्टूबर 2016 में रामपद ने सिद्धि लाभ के लिए पार्वती को मारने की योजना बनाई। इस योजना में पार्वती की बहन पूर्णिमा और बहू टुकटुकी ने उसका साथ दिया। बताया जाता है कि रामपद को पूरी तरह से पाने के लिए महिलाओं ने उसका साथ दिया। योजना के तहत रामपद 14 अक्टूबर की शाम को न्यूटाउन से पार्वती के साथ तमलुक के लिए रवाना हुआ। शाम को मेचेदा स्टेशन पर उतरकर दशकर्म की दुकान से सिंदूर, आलता, धूप, धुना आदि खरीदा । इसके अलावा, हार्डवेयर स्टोर से एक तेज चाकू भी खरीदा।
तांत्रिक को शव के साथ घूमते देखा गया था
अभियोजन पक्ष की दलीलों के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल पर मोबाइल फोन टावर को ट्रैक करके रामपद की संलिप्तता की पुष्टि की। इसके अलावा दो स्थानीय निवासियों ने उसे सुबह-सुबह शव के साथ घूमते हुए देखा था। उन्होंने मामले में गवाही भी दी। इस मामले में सबसे अहम गवाह मृतक पार्वती की दूसरी बहू प्रीति सरदार हैं।उन्होंने अदालत में गवाही दी कि उन्होंने गुप्त रूप से रामपद सहित तीनों की पूरी योजना सुनी थी। अदालत के इस फैसले की जिले में ही नहीं, बल्कि समूचे राज्य में व्यापक चर्चा है।
कुल्हाड़ी से विक्षिप्त युवक को काटकर मौत के घाट उतारा....
25 Aug, 2023 05:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कुचाई प्रखंड के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र गिलुआ गांव के टेंडर टोला में हुए दोहरे हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी है। मंगलवार की देर शाम टेंडरटोला के एक विक्षिप्त युवक ने 13 वर्षीय किशोर की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी, जिसके प्रतिशोध में किशोर के पिता ने भी उसी कुल्हाड़ी से विक्षिप्त युवक को काटकर मौत के घाट उतार दिया।
कमरे में घुसकर विक्षिप्त अचानक से करने लगा वार
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना पर दो दिन बाद पहुंची कुचाई थाना की पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर लिया। कुचाई थाना क्षेत्र के गिलुआ गांव के टेंडर टोला के बुधराम मुंडा के पुत्र चमरू मुंडा (13) अपने दो छोटे भाइयों के साथ अपने घर में बैठकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान बगल के घर में रहने वाला मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति गुरबा मुंडा (30) हाथ में कुल्हाड़ी लेकर बगल के घर में खेल रहे बालकों पर प्रहार करने लगा।
बेटे की मौत पर बौखलाए पिता ने विक्षिप्त को मार डाला
मृतक के दोनों छोटे भाई-बहन वहां से भागने में सफल हो गए, जिससे उनकी जान बच गई। किंतु चमरू मुंडा विक्षिप्त से नहीं बच सका और उसने चमरू की हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने विक्षिप्त व्यक्ति को पकड़ कर बांध दिया और घटना की सूचना मृतक के पिता बुधराम मुंडा की दी। जिसके बाद बुधराम मुंडा ने अपने बेटे के शव को देखकर बेकाबू हो गया और गुस्से में उसने उसी कुल्हाड़ी से विक्षिप्त पर हमला कर दिया, जिसमे विक्षिप्त की जान चली गई। घटना मंगलवा को देर शाम की है। शाम होने के कारण पुलिस को घटना की सूचना अगले दिन बुधवार को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में कर देर रात दलभंगा पहुंची। बुधवार को रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। गुरुवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।
खून से सने कुल्हाड़ी को पुलिस ने किया जब्त
इधर कुचाई पुलिस ने हत्यारोपी बुधराम मुंडा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। कुचाई थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि विक्षिप्त ने किशोर हत्या की, तो किशोर के पिता ने विक्षिप्त की हत्या कुल्हाड़ी से मारकर कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोप में किशोर के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
झारखंड के लगभग सभी इलाकों में छाए रहेंगे बादल....
25 Aug, 2023 02:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पिछले कुछ दिनों में बारिश के कारण झारखंड में लोगों को भीषण गर्मी से बेहद राहत मिली है। अगले दो तीन दिनों तक राज्य में मौसम सुहाना रहने वाला है। झारखंड के अधिकतम इलाकों में लोग भारी बारिश का सामना कर सकते हैं। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि झारखंड के लगभग सभी इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में गरज चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है।
अगले दो तीन दिनों तक मौसम में नहीं होगा बदलाव
मौसम विभाग ने रांची, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, गिरीडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुर, साहिबगंज आदि जिलों के लिए भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि अगले दो तीन दिनों तक इन इलाकों के मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। आज रांची में न्यूनतम 23 और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।
जमशेदपुर, चाईबासा और सरायकेला का मौसम
आज जमशेदपुर,चाईबासा और सरायकेला क्षेत्र में दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है। जमशेदपुर में आज न्यूनतम 25 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। चाईबासा में न्यूनतम 24 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। वहीं, सरायकेला में न्यूनतम 25 और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने के आसार हैं।
पलामू ,गढ़वा व लातेहार का मौसम
पलामू ,गढ़वा व लातेहार में तापमान में मामूली आई गिरवाट से लोग रात में थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं। अधिकतम ताममान में तीन डिग्री सेल्सियस की कमी हुई है तो न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। आज इन इलाकों में न्यूनतम 24 और अधिकतम 29 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। इसके अलावा, चतरा में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे। वर्षा की पूरी संभावनाएं है। अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे, 28 कैदियों को रिहा करने पर बनी सहमति....
25 Aug, 2023 01:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की 29वीं बैठक हुई। इस बैठक में झारखंड के विभिन्न जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 28 कैदियों को रिहा करने पर सहमति बनी है।
जेल से रिहा होकर मुख्यधारा से जुड़ेंगे कैदी
बैठक में कुल 41 कैदियों की रिहाई के बिंदु पर समीक्षा के बाद पर्षद में यह सहमति बनी है। समीक्षा के क्रम में अदालतों के आदेश, संबंधित जिलों के एसपी, जेल अधीक्षक व प्रोबेशन पदाधिकारियों के मंतव्य को भी देखा गया और विचार-विमर्श के बाद पर्षद ने उन्हें रिहा करने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि रिहा होने वाले कैदियों का सामाजिक पुनर्वास करें। संबंधित विभाग के अधिकारी एक बेहतर कार्य योजना बनाकर इन कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करें। जेल से रिहा होने वाले ऐसे कैदियों की गतिविधियों की निरंतर ट्रैकिंग और उनकी मानीटरिंग की व्यवस्था करें।
जानें किन कैदियों की रिहाई पर बनती है बात
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-समय पर इन कैदियों की काउंसिलिंग भी की जाए। जेल से निकलने के बाद इन कैदियों के जीवन-यापन में सामाजिक रूप से कोई बाधा न पहुंचे तथा आर्थिक समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए इन्हें स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य भी आवश्यक रूप से हो। राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक में वैसे कैदियों की रिहाई पर विचार होता है, जो जाने-आनजाने में या आवेश में आकर किसी की हत्या कर देते हैं। इसका उन्हें पछतावा होता है। वैसे कैदी जो जेल में कम से कम 14 साल की सजा काट चुके होते हैं। जेल में सजा काटने के दौरान उनका आचरण बहुत बढ़िया रहता है, जेल की समिति ऐसे कैदियों के व्यवहार की समीक्षा करती है, जिसके बाद उनकी रिहाई की बात आगे बढ़ती है।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ अपर मुख्य सचिव गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव सह विधि परामर्शी विधि (न्याय) विभाग नलिन कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, न्यायिक आयुक्त अरुण कुमार राय, कारा महानिरीक्षक उमा शंकर सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
गोरखनाथ मंदिर परिसर में ड्रोन दिखते ही पुलिस कर्मियों में मचा हड़कंप
25 Aug, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर शहर के गोरखनाथ मंदिर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने के साथ ही फोटो-वीडियो शूट करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ के बाद युवक पर आईपीसी की धारा 188 और ड्रोन अधिनियम 10 तथा 10ए के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन, ड्रोन, हार्डडिस्क भी जब्त कर ली है।
गोरखनाथ इलाके के नथमलपुर निवासी मयंक बरनवाल 21 अगस्त की शाम सात बजे गोरखनाथ मंदिर के ऊपर ड्रोन उड़ा रहा था। वह ड्रोन के जरिए मंदिर परिसर और आसपास का फोटो-वीडियो भी शूट कर रहा था। इस बीच गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में तैनात जवानों की नजर ड्रोन पर पड़ी। यह देख मंदिर की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अफसरों को इसकी जानकारी दी।
पुलिस कर्मियों ने ड्रोन नीचे उतरवाया और उड़ाने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान गोरखनाथ इलाके के नथमलपुर निवासी मयंक बरनवाल के रूप में हुई। उसने पुलिस को बताया कि वह सिर्फ ड्रोन से फोटो-वीडियो शूट कर रहा था, लेकिन उसके पास मंदिर परिसर में ड्रोन उड़ाने की अनुमति नहीं थी।
पुलिस ने ड्रोन, हार्ड डिस्क और मयंक का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि गोरखनाथ मंदिर परिसर के आसपास ड्रोन उड़ाना अपराध है, इसलिए उससे अनजाने में गलती हो गई। इस मामले में गोरखनाथ पुलिस ने सब इंस्पेक्टर रुपेश कुमार पॉल की तहरीर पर मयंक पर केस दर्ज किया है।
आगरा में टैंकर ने सवारियों से भरे ऑटो को रौंदा, दो महिलाओं की मौत, चार लोग घायल
25 Aug, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां हाथरस हाइवे पर बगल घूंसा के समीप सवारियों से भरे ऑटो में टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क किनारे पलट गया। ऑटो सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
मौके पर जुटी राहगीरों की भीड़ ने बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर जब तक पुलिस पहुंची, तब तक ऑटो सवार दो महिलाओं ने दम तोड़ दिया। वहीं चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बिजनौर में कांवड़ियों का वाहन पलटने से 14 लोग घायल, एक की हालत गंभीर
25 Aug, 2023 12:40 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे बरेली के कांवड़ियों की गाड़ी बिजनौर के कोतवाली देहात में गौसपुर तिराहे के पास पलट गई। दुर्घटना में 14 कांवड़िये घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी नगीना में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत देखते हुए एक व्यक्ति को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
बरेली के थाना नवाबगंज के गांव कंडरा कोटी के लोग निजी गाड़ी से हरिद्वार जल लेने गए थे। जब वह हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी कोतवाली देहात में गौसपुर तिराहे के पास पलट गई।
वहीं, मौके पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी नगीना में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में अजय (15) पुत्र श्यामलाल, अरुण (12) पुत्र छत्रपाल, धर्मेंद्र (21) पुत्र श्यामलाल, बिट्टू (38), बबलू (19), रेणु देवी (35), सागर (15), मनोज, बाबू, विजय, गोपाल, गौरव आदि घायल हो गए। सभी को सीएचसी नगीना में भर्ती कराया गया। गंभीर हालत देखते हुए बिट्टू को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
युवती का अपहरण कर तीन दिन तक किया सामूहिक दुष्कर्म....
25 Aug, 2023 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
आदिवासी युवती का अपहरण कर तीन दिन तक सामूहिक दुष्कर्म करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिनों तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जलडेगा के क्वाॅर्टर में रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया आरोपित युवक
गिरफ्तार आरोपितों में एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का ड्रेसर नीलकमल सिंह भी शामिल है। पीड़िता बानो थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह शनिवार को जलडेगा थाना क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदार के यहां आई थी। सोमवार को बनजोगा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार घूमने गई थी वापस लौटने के क्रम में सूरज नायक ने युवती को अपने ऑटो में बैठा लिया एवं बहला-फुसलाकर अपने साथ पतिअंबा पंचायत के बस्तीटोली ले गया। यहां पर आरोपित सूरज नायक ने अपने एक अन्य साथी विक्की नायक के साथ मिलकर गांव में एक खाली पड़े मकान में युवती के साथ दुष्कर्म किया।
मेडिकल क्वाॅर्टर में बारी-बारी से सभी करते रहे दुष्कर्म
अगली सुबह सूरज और विक्की ने जलडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बतौर ड्रेसर के रूप में कार्यरत नीलकमल सिंह को लड़की के संबंध में जानकारी दी। नीलकमल ने युवती को मेडिकल क्वार्टर में ले जाकर रखा। यहां पर सुमित लुगुन सहित एक और साथी को इसकी जानकारी दी। मंगलवार एवं बुधवार तक सभी चारों आरोपियों ने मेडिकल क्वाॅर्टर में बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद आरोपितों ने युवती को गुरुवार सुबह विलियम चौक के निकट छोड़ भाग गए।
रास्ते में एक आरोपित को देख युवती ने मचाया हल्ला
सामूहिक दष्कर्म के बाद बदहवास युवती जलडेगा थाना गेट के पास एक होटल में बैठी थी। इसी बीच आरोपित सुमित लुगुन अपने साथी की बाइक लेकर होटल से कुछ खरीदने आया। युवती ने आरोपित सुमित लुगुन को देखकर शोर मचाया। कहने लगी- इन लोगों ने मेरे साथ दुष्कर्म किया है। इतना सुनते ही सुमित बाइक को छोड़कर भाग गया। आसपास भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग युवती को लेकर थाना पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
पुलिस की गिरफ्त में सभी चार आरोपित
युवती ने एसआई बीरेंद्र शर्मा और धीरज उरांव के सामने अपना बयान दर्ज कराया। पुलिस लड़की को अपने साथ लेकर घटनास्थल गई और लड़की की निशानदेही पर अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर सभी चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितो की पहचान 24 वर्षीय नीलकमल सिंह, ग्राम लम्बोई तिलईजारा, 24 वर्षीय विक्की नायक, 23 वर्षीय सूरज नायक, ग्राम पतिअम्बा और 25 वर्षीय सुमित लुगून, जलडेगा जामटोली के रूप में की है। एसआई बीरेंद्र शर्मा ने कहा कि चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उमेश पाल हत्याकांड: अतीक अहमद के बहनोई और नौकर को कोर्ट से झटका, जमानत अर्जी हुई खारिज
25 Aug, 2023 12:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
प्रयागराज: जिला न्यायालय की विशेष अदालत (एससीएसटी) अनिरूद्ध तिवारी ने उमेश पाल हत्याकांड के दो आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। इसमें अतीक का बहनोई अखलाक अहमद उर्फ एखलाक अहमद और डाईवर मो. कैश शामिल हैं। न्यायालय ने कहा कि दोनों पर गंभीर प्रकृति के आरोप हैं। लिहाजा, वे जमानत पाने के हकदार नहीं है। याचियों की ओर से कहा गया कि वह निर्दोष हैं। उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। उनका नाम इस केस की विवेचना के दौरान शामिल किया गया है। जबकि, उनका कोई लेना देना नहीं है।
पुलिस उन्हें इसलिए फंसा रही है कि वह अतीक के रिश्तेदार और दूसरा ड्राइवर है। अतीक के बहनोई के अधिवक्ता ने कहा कि वह मेरठ में सरकारी चिकित्सक हैं। उनका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। न ही वह कभी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहें। कोर्ट ने तर्कों को सुनने के बाद कहा कि अपराध की प्रकृति और सजा की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपी जमानत पाने के हकदार नहीं है।
उमेश पाल की हत्या 24 फरवरी 2023 को अतीक अहमद के बेटे सहित उसके गुर्गों ने कर दी थी। मामले में धूमनगंज थाने में 302 सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस अब तक इस मामले में कई आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल हो गया है। कोर्ट ने उसका संज्ञान लेते हुए कार्रवाई भी शुरू कर दी है। एखलाख और मो. कैश दोनों जेल में बंद हैं।
कंपनी में घुसकर ठेकेदार पर फायरिंग और हत्या के मामले....
25 Aug, 2023 12:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरायकेला-खरसावां जिले के आरआइटी थाना की पुलिस ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के रामदाना मिनरल्स कंपनी में घुसकर रंगदारी मांगने और गोली मारने के प्रयास मामले में राजा सिंह से पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस मामले में अधिकारिक रूप से कुछ बयां नहीं कर रही है। राजा सिंह की तलाश टाटानगर रेल थाना की पुलिस को टाटानगर स्टेशन पार्किंग के ठेकेदार नीरज दुबे पर फायरिंग और टेल्को सबुज कल्याण संघ के सामने अमरनाथ सिंह के गुर्गे रंजीत सरदार की हत्या मामले में टेल्को थाना की पुलिस को रही है। ठेकेदार पर फायरिंग मामले में जेल में बंद अपराधियों ने पुलिस को बताया था कि नीरज दुबे पर राजा सिंह ने भी गोलियां चलाई थी।
गोरखपुर में झूम कर बरसे बादल, मौसम हुआ सुहाना, उमस से मिली राहत
25 Aug, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गोरखपुर: अगस्त माह में मानसून ने अपना रंग दिखाया और अब तक औसत से करीब 20 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। लगातार तीन दिन से हो रही झमाझम बारिश से मौसम खुशगवार हो गया है। अगस्त माह में औसतन 319.4 मिमी बारिश होती है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार अब तक 380 मिमी बारिश हो चुकी है।
जून और जुलाई माह में औसत से काफी कम बारिश होने से लोग निराश थे। इससे पहले वर्ष 2021 व 2022 में भी जून-जुलाई में औसत से कम बारिश हुई थी, लेकिन अगस्त व सितंबर में मेघ झूम कर बरसे थे। अन्य वर्षों की तरह इस बार भी सारी उम्मीदें अगस्त माह में बारिश पर टिकी हुई थी।
उम्मीद के मुताबिक अगस्त माह में अब तक करीब 380 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो औसतन बारिश से करीब 60 मिलीमीटर अधिक है। लगातार हुई बारिश के चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।
गुरूवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा।
काली बीवी को नापंसद करता था पति, साजिश रच कर मार डाला
24 Aug, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मेरठ । यूपी के मेरठ में एक पति ने पत्नी का रंग काला होने के कारण उसके साथ साजिश रचकर पत्नी को मार डाला। जानकारी के अनुसार उन दोनों की शादी को अभी साल भर भी नहीं हुआ है। पत्नी के रंग को लेकर शादी के महज साल भर में ही पति ने अपनी पत्नी को कई बार प्रताड़ित किया। पति का प्रताड़ना से मन नहीं भरा तो पत्नी को मार कर फांसी के फंदे पर लटका दिया। हैरानी की बात है कि पहले पुलिस भी वारदात को सुसाइड मान रही थी, लेकिन मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने इस मामले में दहेज व हत्या का मुकदमा दर्ज किया और पति को जेल भेज दिया है। हालांकि परिजन अभी बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। यह मामला मेरठ के परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खजूरी गांव का है। यहां इशरत नाम की महिला की एक साल पहले शादी हुई थी। इशरत की मौत से ठीक पहले उसके पति ने सड़क पर उससे मारपीट की थी। यह घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी।
इशरत की मौत के कुछ दिन बाद अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस के हाथ जैसे ही वीडियो लगा तो इशरत की मौत के राज पर से पर्दा उठ गया। पुलिस की मानें तो पति ने ही इशरत को प्रताड़ित कर के फांसी के फंदे पर लटकाया गया और इस पूरे घटनाक्रम को सुसाइड का रंग दिया गया। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।