छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव की तैयारियां पूरी,अरण्य कांड की थीम पर सज रहा मंच
31 May, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : रायगढ़ के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय रामायण महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में है। युद्धस्तर पर चलने वाली प्रशासनिक तैयारियों के साथ ही आम जनता में भी महोत्सव को लेकर गजब का उत्साह नजर आ रहा है। आयोजन की सबसे खास बात यह है कि इसका थीम रामायण के अरण्य कांड पर आधारित है। इसके चलते मंच को भी अरण्य कांड की थीम पर ही सजाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ
तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विशिष्ट आतिथ्य और संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत की अध्यक्षता में 1 जून को दोपहर 3 बजे होगा। मुख्यमंत्री बघेल की पहल पर आयोजित इस महोत्सव में अरण्य कांड पर आधारित रामकथा की प्रस्तुति राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय दलों द्वारा होगी। अरण्य कांड तुलसीदास कृत रामचरितमानस और वाल्मीकि रामायण का ऐसा हिस्सा है जिसमें भगवान श्रीराम के वनवास के दिनों का वृतांत है जिसमें माता सीता और भ्राता लक्ष्मण ने भी उनके साथ वनवास किया था।
छत्तीसगढ़ में ऐसी 9 पुण्यभूमि हैं जो राम-वन-गमन परिपथ में शामिल हैं, जिस पथ से श्रीराम गुजरे थे। दंडक वन में हुई इन घटनाओं को वाल्मीकि रामायण और इसके बाद अनेक भाषाओं में लिखी गई रामायण में अंकित किया गया है। साथ ही विभिन्न कलारूपों में भी यह शामिल हैं। महोत्सव में इंडोनेशिया और कंबोडिया के रामायण दलों द्वारा मंचन भी होगा। कंबोडिया के अंकोर वाट मंदिर और इंडोनेशिया के जावा के मंदिरों में रामायण के रूपों का अंकन किया गया है। इसी के साथ इन्हें ललित कलाओं में भी प्रस्तुत किया गया। रामायण महोत्सव के दौरान दक्षिण पूर्वी एशिया के इन देशों में रामायण के प्रचलित रूपों की झलक मिलेगी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ
अंतरराज्यीय रामायण मंडलियों के मध्य होगी प्रतिस्पर्धा
रामकथा की बहुत सुंदर प्रस्तुति भारत के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग कलारूपों में होती है। विभिन्न राज्यों में कुछ रामायण मंडलियों ने अपनी खास प्रस्तुति से अपना अलग ही मुकाम बनाया है। अरण्य कांड पर इनकी भव्य प्रस्तुति आयोजन की सबसे खास विशेषता होगी। पहले दिन अरण्य कांड पर उत्तराखंड, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ राज्यों में प्रतियोगिता होगी। दूसरे दिन झारखंड, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, असम, हिमाचल प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ राज्य के बीच प्रतियोगिता होगी। समापन समारोह पर विजेता दलों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 1 जून को करेंगे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ
कंबोडिया और इंडोनेशिया के दल देंगे प्रस्तुति
महोत्सव के दौरान रामकथा का विस्तृत फलक देखने दर्शकों को मिलेगा। सागर पार इंडोनेशिया और कंबोडिया में फैले राम कथा के विविध रूपों की झलक दर्शकों को मिलेगी। रामकथा इन देशों के कलाकारों ने अपने खास कलारूपों में प्रस्तुत करते हुए अपनी धरोहर को अब तक कायम रखा है। रामायण महोत्सव के दौरान इन कलारूपों को देखना दर्शकों के लिए चकित करने वाला अनुभव होगा।
सामूहिक हनुमान चालीसा का होगा पाठ
महोत्सव के दौरान तीनों दिन सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ होगा। समापन समारोह के दिन केलो महाआरती और दीपदान का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम के औपचारिक शुरूआत के पश्चात हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। हनुमान चालीसा का पाठ स्थानीय कलाकारों एवं पुरोहितों के द्वारा किया जाएगा। इस मौके पर विदेशी एवं अंतरराज्यीय कलाकारों द्वारा मार्च पास्ट भी किया जाएगा।
दिग्गज कलाकार लेंगे हिस्सा
राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज कलाकार कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। समारोह के पहले दिन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त इंडियन आइडल कलाकार शण्मुख प्रिया तथा सारे गामा के कलाकार शरद शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के दूसरे दिन बाबा हंसराज रघुवंशी तथा लखबीर सिंह लक्खा भजन संध्या की प्रस्तुति करेंगे। समापन समारोह के दिन मैथिली ठाकुर भजन संध्या की प्रस्तुति करेंगी। अंतिम कार्यक्रम कुमार विश्वास का अपने-अपने राम म्यूजिक नाइट होगा।
कोरबा : जिला अस्पताल के महिला वार्ड में घुसा कोबरा, मरीजों में मचा हड़कंप
31 May, 2023 04:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में बुधवार सुबह एक कोबरा घुस गया। महिला वार्ड में बेड के नीचे फन फैलाए कोबरा को देखकर हड़कंप मच गया। इसके बाद सूचना सर्प मित्र का दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कोबरा को रेस्क्यू किया और वहां से निकालकर ले गए। इसके बाद मरीजों ने राहत की सांस ली।
दरअसल, मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण एक बार फिर सांपों के निकलने की संख्या में बढ़ोतरी हो गई है। इस बार जिला अस्पताल के महिला वार्ड में कोबरा पहुंच गया। इस दौरान कई मरीजों के परिजन जमीन पर सो रहे थे। किसी की नजर कोबरा पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। इसके बाद मरीज और उनके परिजन वार्ड से बाहर भागने लगे। सांप पहले कूलर के पीछे बैठा था, फिर बेड के किनारे तक पहुंच गया।
इस बीच किसी ने सर्प मित्र को कॉल किया तो वे मौके पर पहुंचे और कोबरा को रेस्क्यू कर बाहर ले गए। इसके बाद उसे जंगल में ले जाकर छोड़ा गया। सर्पमित्र जितेन्द्र सारथी ने बताया कि नाग महिला वार्ड में बेड के नीचे कूलर के पास सांप फन फैलाए बैठा हुआ था। समय रहते हैं मरीजों की नजर पड़ी, जिसके चलते उसे रेस्क्यू कर लिया गया। मेडिकल कॉलेज में मरीज के परिजन जमीन पर भी सोते हैं। ऐसे में हादसा हो सकता था।
तालाब में नहाते वक्त डूबने से दो मासूम बच्चियों की मौत
31 May, 2023 12:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भाटापारा | भाटापार के पलारी थाना अंतर्गत गांव कोसमंदी में मंगलवार रात करीब नौ बजे नहाते समय दो मासूम बच्चियों को डूबने से मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक बच्चियों की पहचान मृतक नम्रता वर्मा (7) और पायल सायतोड़े (7) के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है।
टेंट हाउस में देर रात लगी भीषण आग से मची अफरातफरी
31 May, 2023 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के श्यामनगर गुरुद्वारे के सामने नवीन टेंट हाउस गोदाम में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। आग की वजह से इलाके में अफरातफरी मच गई। आग लगने की वजह बरात में आतिशबाजी से बताया जा रहा है। तेलीबांधा थाना इलाके में आग लगी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम पहुंच गई। आग बुझाने में दो घंटे लगे। हालांकि किसी तरह के हताहत की सूचना नहीं है।
गुटखा फैक्ट्री में खाद्य विभाग ने मारा छापा, नकली गुटखा बरामद
31 May, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद इलाके में खाद्य विभाग ने मंगलवार देर रात एक गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री में दबिश देकर लगभग एक करोड़ से ज्यादा गुटखा बरामद किया है। इस फैक्ट्री में कई बड़े ब्रांडेड कंपनियों का गुटखा तैयार किया जा रहा था। खाद्य विभाग के अफसरों को फैक्ट्री में नकली गुटखा बनाया जा रहा था।खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में सैकड़ों बंडल जर्दा युक्त गुटखा और उसे बनाने वाला सामान, सुपारी और पाउच जब्त किए गए हैं। इसे बनाने के लिए यहां रखी गई 23 मशीनों को भी जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों को शक है कि यहां लंबे समय से नकली गुटखा बनाने का काम चल रहा था।
सीएम आज जारी करेंगे बेरोजगारी भत्ते की राशि
31 May, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राज्य सरकार की बेरोजगारी भत्ता योजना के अंतर्गत प्रदेश के एक लाख से अधिक युवाओं के बैंक खाते में 31 मई को 32 करोड़ 35 लाख 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी। इस महीने 24 हजार 15 युवा अतिरिक्त जुड़े हैं, जिनका आवेदन स्वीकृत किया गया है। पिछली बार बेरोजगारी भत्ते की पहली किश्त के रूप में 66 हजार 185 युवाओं को 16 करोड़ 54 लाख 62 हजार 500 रुपए की राशि अंतरित की गई थी। इस बार इन्हें दूसरी किश्त दी जा रही है। इसे मिलाकर एक लाख 5 हजार 395 युवाओं के खाते में 48 करोड़ 89 लाख 87 हजार 500 रुपए की राशि अंतरित हो जाएगी।
जिन युवाओं के खाते में राशि अंतरित की जानी है उनमें महिलाओं की संख्या 64 हजार 25 है, जो कि कुल युवाओं की संख्या का 39 प्रतिशत है। इसी तरह एख लाख 509 पुरुष हैं, जो कुल युवाओं का 61 प्रतिशत है। शहरी युवा 27 हजार 970 जो कुल युवाओं की संख्या का 17 प्रतिशत है। इसी प्रकार ग्रामीण युवाओं की संख्या एक लाख 36 हजार 564 हैं, जो कुल युवाओं की संख्या का 83 प्रतिशत हैं।
कोरबा : अचानक ब्रेक लगाने से तेज रफ्तार ट्रक में लगी आग
31 May, 2023 09:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कटघोरा में अंबिकापुर में नेशनल हाईवे पर बीती रात जबरदस्त सड़क हादसा हुआ। यहां दो ट्रक आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिस वजह से पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक में रखा सिलेंडर ब्लास्ट हो गया, जिससे एक ट्रक में आग लग गई। वहीं एक वाहन का चालक केबिन में फस गया। जिसे घंटों मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।बांगो थाना क्षेत्र में चोटिया के समीप यह हादसा हुआ है। जहां हादसे के बाद राहगीरों की भीड़ एकत्रित हो गई और इसकी सूचना 112 और दमकल वाहन को भी दी गई। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छत्तीसगढ़ में मल्टीनेशनल कंपनियों को टक्कर दे रहे गोबर से बने पेंट, बढ़ी डिमांड
30 May, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में गोबर से बने पेंट देश के मल्टीनेशनल कंपनियों को टक्कर दे रहे हैं। अपनी विशेष खासियत की वजह से इनकी बाजार में काफी डिमांड है। प्राकृतिक जुड़ाव के साथ ही पर्यावरण के अनुकूल होने से लोग गोबर के पेंट को काफी पसंद कर रहे हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के सभी सरकारी भवनों में प्राकृतिक पेंट से पुताई की जा रही है। गोबर का पेंट दीवारों को गर्म होने से बचाता है। साथ ही तापमान को भी नियंत्रित करता है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में प्रदेश के लोग गौठानों में गोबर से विभिन्न उत्पादों को बना रहे हैं। प्राकृतिक पेंट और पुट्टी के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। इससे गांव के लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं। गौठानों से गांव के लोगों को रोजगार के साथ ही उनकी तरक्की के लिए राज्य सरकार नए-नए अवसर दे रही है। गौठान में डिस्टेंपर, इमल्शन पेंट और पुट्टी भी बनाए जा रहे हैं। सीएम बघेल गोबर पेंट की उपयोगिता और गुणवत्ता को जन-जन तक पहुंचने के लिए सभी शासकीय विभाग, निगम, मंडल पर गोबर पेंट का उपयोग किया जा रहा है।
उनके निर्देश का पालन करते हुए रायपुर नगर निगम भवनों की पुताई भी प्राकृतिक पेंट से की गई है।
ये रही खासियत
यह पेंट भारत सरकार की संस्था राष्ट्रीय प्रशिक्षण शाला की ओर से प्रमाणित भी किया गया है। साथ ही यह एंटी बैक्टीरिया, एंटीफंगल, इको-फ्रेंडली, नॉन टॉक्सिक है। इस पेंट में हैवी मेटल्स का उपयोग नहीं किया गया है। साथ ही गोबर से बनने की वजह से यह नेचुरल थर्मल इन्सुलेटर की तरह काम करता है। यह पेंट पर्यावरण के अनुकूल है साथ ही इसकी कीमत बाजार में उपलब्ध प्रीमियम क्वालिटी के पेंट की तुलना में 30 से 40 फीसदी कम है। यह बड़ी मल्टीनेशनल कम्पनियों के पेंट की तरह लगभग 4 हजार रंगों में भी उपलब्ध है।
छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने दी अगले 3 घंटे तेज आंधी-तूफान चलने की चेतावनी
30 May, 2023 03:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई है। बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और कोंडागांव में इसका असर देखने को मिल सकता है। दोपहर 2 से शाम 5 तेज हवाएं चल सकती हैं। आने वाले 2 दिनों में कई जिलों में भी तेज आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मंगलवार को शाम होते-होते तेज धूप से तेज हवाएं राहत देंगी। कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने के आसार जताए गए हैं।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव नहीं हुआ है। राजधानी रायपुर में मंगलवार को भी मौसम में बड़े बदलाव की आशंका कम है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक रायपुर में गर्मी 1 से 2 डिग्री बढ़ सकती है। रायपुर शहर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 2 दिनों में प्रदेश के कुछ जिलों में के मौसम में बदलाव आएगा। मंगलवार को कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जसपुर महासमुंद, धमतरी, गरियाबंद कोंडागांव, बस्तर , दंतेवाड़ा सुकमा , बीजापुर, नारायणपुर जैसे जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं ।
दंतेवाड़ा में ट्रक ड्राइवर को शराब पीकर ट्रक चलाना पड़ा भारी, 15 हजार रुपये का लगा जुर्माना
30 May, 2023 02:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दंतेवाड़ा : शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस दंतेवाड़ा द्वारा कार्रवाई की गई। दरअसल, रविवार को यातायात पुलिस को जानकारी मिली की एक ट्रक ड्राइवर लापरवाही से गाड़ी चला रहा है। जिसके बाद उसका पीछा कर रोका गया।
जांच में पता चला की ट्रक ड्राइवर भीमसेन कडती पिता मंगलू राम उम्र 37 वर्ष निवासी कुम्हाररास शराब के नशे में था। पुलिस द्वारा वाहन को जब्त किया गया और 29 मई को माननीय सीजीएम न्यायालय में पेश किया गया। माननीय न्यायालय ने आरोपी वाहन चालक पर 15 हजार का अर्थदंड लगाया है।
जगदलपुर में दस्तावेज लेकर गायब हुआ बर्खास्त पटवारी गिरफ्तार
30 May, 2023 02:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर : दो साल से दस्तावेज लेकर फरार होने वाले बर्खास्त पटवारी पर पुलिस ने सोमवार को एफआईआर दर्ज की और तत्काल गिरफ्तार भी कर लिया है। मामले में पुलिस ने पटवारी के पास से राजस्व संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि तत्कालीन तहसीलदार पुष्पराज पात्रा ने थाने में एक शिकायत दी थी। इस शिकायत में उन्होंने लिखा था कि पटवारी प्रेमकांत पांडे राजस्व विभाग से संबंधित दस्तावेज को लेकर गायब है। तहसील कार्यालय जगदलपुर से पटवारी प्रेमकांत पाण्डे को निलंबन पश्चात् शासकीय दस्तावेज धरमपुरा पटवारी हल्का नं.30 का राजस्व अभिलेख नक्शा खसरा तथा बी-1 आदि दस्तावेज को नव पदस्थ पटवारी को चार्ज दिलाने हेतू कई बार संपर्क स्थापित करने की कोशिश की गई लेकिन वह नहीं मिला।
इसके बाद पटवारी के खिलाफ धारा 409 आईपीसी के तहत की गई और उसे गिरफ्तार किया है। पटवारी से राजस्व विभाग से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पटवारी की गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
अंबिकापुर में प्यार में पड़े युवक ने पानी टंकी पर चढ़कर किया हाईवोल्टेज ड्रामा
30 May, 2023 01:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सरगुजा जिले के बतौली में एक सिरफिरा युवक फिल्म शोले के वीरू की तर्ज पर पानी टंकी पर चढ़ गया। युवक अपनी प्रेमिका से नाराज था और वह आत्महत्या के इरादे से पानी टंकी पर चढ़ा था। युवक के पानी टंकी पर चढ़ने की सूचना पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह समझाकर युवक को नीचे उतारा। युवक के टंकी से नीचे उतर जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।
मामला बतौली थानाक्षेत्र के ग्राम पहाड़ चिरगा का है। बतौली अंतर्गत ग्राम गोविंदपुर निवासी युवक श्याम लाल कोरवा का पहाड़ चिरगा निवासी युवती से प्रेम संबंध है। सोमवार को वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए ग्राम पहाड़चिरगा पहुंचा था। वहां उसका प्रेमिका से किसी बात को लेकर विवाद हो गया और वह पहाड़चिरगा में पानी सप्लाई के लिए बने हाईराइज पानी टंकी पर चढ़ गया। युवक को पानी टंकी पर चढ़ा देख लोग सकते में आ गए। इसकी सूचना डायल 12 को दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम एवं लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की। युवक फिल्म शोले के वीरू की तरह टंकी से कूद जाने की धमकी दे रहा था। डायल 112 की टीम ने युवक की प्रेमिका को भी मौके पर बुलाया। पुलिस एवं प्रेमिका की समझाने के बाद युवक पानी टंकी से उतरने के लिए तैयार हुआ। युवक के पानी टंकी से उतरने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया
दंतेवाड़ा में नग्न अवस्था में घर से 100M दूर मिला महिला का शव..
30 May, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में एक शादीशुदा महिला का शव नग्न हालत में मिला है। महिला का शव उसके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर पड़ा हुआ था। लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि महिला के साथ बलात्कार के बाद हत्या की गई है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, हाउरनार ग्राम की रहने वाली 25 साल की महिला का शव मिला। महिला शाम को कुएं से पानी भरने के लिए गई थी। इसके बाद वह रात तक नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने तलाश शुरू की, पर कुछ पता नहीं चला। काफी देर बाद करीब 100 मीटर दूर उसका शव मिला।
परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने सोमवार को पंचनामा कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है की महिला की तीन वर्ष पहले ही शादी हुई थी।
मुख्यमंत्री बघेल ने CM हाउस में लोगों से की मुलाकात, चखाया देहाती बड़ा, कढ़ी भिंडी, और दाल का स्वाद
29 May, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान जिन-जिन लोगों के यहां पहुना बनकर भोजन किया था। आज सोमवार को उन्हें सीएम हाउस में बुलाकर भोजन कराया। इस क्रम में सरगुजा संभाग के लोगों को सीएम हाउस में दावत पर बुलाया। मुख्यमंत्री ने सरगुजा संभाग के दौरे में जिन ग्रामीणों के यहां भोजन किया था, उन्हें सपरिवार भोजन के लिए मुख्यमंत्री निवास में न्योता दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने निवास में आए मेहमानों का बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनके लिए स्वागत में पारम्परिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन मूंग दाल का देहाती बड़ा, कढ़ी वाली भिंडी, लौकी चना दाल, मूंग भाटा आलू, टमाटर चटनी के जायके के साथ पेश किया गया। सभी मेहमानों को सीएम ने पहुना की तरह बैठाकर खुद एक आम आदमी की तरह उनके साथ खड़े रहे। सीएम खुद भोजन की टेबल पर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछते रहे।
मुख्यमंत्री ने सभी मेहमानों का अपने निवास पर स्वागत करते हुए कहा कि मैंने आप सबके घर भोजन किया था। जिस स्नेह और अपनत्व से आप लोगों ने मेरा स्वागत सत्कार किया था, उससे मैं अभिभूत हूं। आपने तेंदू सहित कई फल, तरह-तरह की भाजियां जो सरगुजा और जशपुर जिले में हैं। उसे अब तक नहीं खाया था। आज मुझे भी आप लोगों को अपने निवास पर आमंत्रित कर स्वागत सत्कार करने का अवसर मिला। आपके साथ परिवार के लोग और बच्चे पहली बार सीएम हाउस आए हैं। आप सभी का तहे दिल से स्वागत है। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के पास जाकर उनसे बड़ी ही आत्मीयता के साथ मुलाकात की।घर-परिवार, खेती-बाड़ी आदि पर चर्चा की।
इस दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम साय सिंह टेकाम, संसदीय सचिव अम्बिका सिंहदेव और डॉ. विनय जायसवाल, विधायक रामपुकार सिंह, खेलसाय सिंह, गुलाब कमरो, पारसनाथ राजवाड़े भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। साथ में संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, संसदीय सचिव, क्षेत्र के विधायकगण मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ में नौतपा के 5वें दिन छाए बादल, विभाग ने जारी किया अलर्ट
29 May, 2023 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बाद आज सोमवार को लोगों को बेहत ही खुशनुमा मौसम देखने का मिला। आज नौतपा के 5वें दिन मौसम में आए बदलाव से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। आज सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कहीं-कहीं पर हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिल रही है। ठंड हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। सोमवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं कुछ जगहों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ के साथ वज्रपात की भी संभावना है। प्रदेश की तापमान की बात करें, तो सबसे ज्यादा पारा पहले नंबर पर धमतरी में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरे नंबर पर रायपुर का पारा 40.2 डिग्री रहा। 42.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रायगढ में दर्ज किया गया। अन्य जिलों की बात करें, तो महासमुंद में 41.7, बीजापुर में 41.3, दंतेवाड़ा में 41.4 और राजनांदगांव में 41 डिग्री पारा दर्ज किया गया है।