उत्तर प्रदेश
झारखंड से भी आया नीतीश कुमार के इस्तीफे पर रिएक्शन, ये दिग्गज नेता ने दी प्रतिक्रिया; कहा....
28 Jan, 2024 02:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार की सियासत में उठापटक के बीच आखिरकार नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे ही दिया। पिछले दो दिनों से लगातार बिहार की राजनीति में हलचल तेज थी।
कयास यह लगाए जा रहे थे कि नीतीश कुमार कब अपना इस्तीफा देंगे और एनडीए के साथ मिलकर अपनी सरकार का गठन का करेंगे।
भाजपा नेता बाबूलाल ने क्या कुछ कहा
आखिरकार रविवार को उन्होंने महागठबंधन सरकार से इस्तीफा दे दिया। अब इसे लेकर झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब नीतीश कुमार लालू यादव के साथ मिल गए थे।
तब से ऐसा लग रहा था कि जिसके ऊपर भ्रष्टाचार लदे हुए हैं। संयुक्त बिहार में इतने सारे कुछ लूटा। यह लग ही रहा था कि इनके साथ संबंध ज्यादा नहीं चल पाएंगे और आज यह साबित हुआ।
क्योंकि नीतीश कुमार और लालू यादव की देश में अलग-अलग पहचान है, एक नॉर्थ पोल तो दूसरा साउथ पोल है।दोनों का कभी मिलव होगा कभी संभव ही नहीं था। ये दरवाजा जो बंद होता है वह खुलता भी है।
झारखंड के सीएम प्रवर्तन निदेशालय के 10वें समन के बाद दिल्ली हुए रवाना, अधिकारी बोले.....
28 Jan, 2024 02:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। प्रवर्तन निदेशालय के 10वें समन के बाद सोरेन अचानक शनिवार देर रात नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। राज्य के एक अधिकारी की मानें तो सोरेन की नई दिल्ली की यात्रा की कोई योजना नहीं थी। सीएम अगले तीन दिन तक व्यस्त थे। 29 जनवरी को वे चाईबासा, 30 जनवरी को पलामू और 31 जनवरी को गिरिडीह में उनका कार्यक्रम तय था। एक अधिकारी की मानें तो वह कानूनी सलाह के लिए नई दिल्ली गए हैं।
ईडी ने लिखा पत्र
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हाल ही में सोरेन को कथित भूमि घोटाला मामले में पूछताछ के लिए एक चिट्ठी लिखी है। उन्होंने सीएम सोरेन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए 29 या 31 जनवरी को तारीख देने को कहा है। सूत्रों के अनुसार, अन्यथा एजेंसी खुद पूछताछ करने के लिए जाएगी।
हेमंत सोरेन को ईडी ने भेजा दसवां समन
ईडी ने झामुमो अध्यक्ष हेमंत सोरेन को फिर समन जारी किया है। ईडी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को जारी दसवें समन में सोरेन से 29 जनवरी या 31 जनवरी को पूछताछ के लिए हाजिर होने को कहा गया है। ईडी ने पहली बार 20 जनवरी को सोरेन से सात घंटों तक पूछताछ कर बयान दर्ज किया था। उस दिन पूछताछ पूरी नहीं होने पर नया समन जारी किया गया है।
क्या है मामला
झारखंड की राजधानी रांची में बजरा इलाके में 7.16 एकड़ जमीन से जुड़े कथित भूमि घोटाले में हेमंत सोरेन से पूछताछ होनी है। इस मामले में अब तक 14 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। गिरफ्तार हाई प्रोफाइल लोगों में 2011 बैच के आईएएस अधिकारी छवि रंजन, भानु प्रताप प्रसाद, व्यवसायी अमित अग्रवाल और बिष्णु अग्रवाल शामिल हैं।
इस मामले में पूछताछ के लिए ईडी ने हेमंत सोरेन को कई समन जारी किए थे, लेकिन समन जारी होने के बाद भी हेमंत सोरेने पूछताछ के लिए पेश नहीं हो रहे थे। बीते शनिवार को ईडी के अधिकारियों की एक टीम ने हेमंत सोरेन के आवास पर जाकर ही उनसे कई घंटे पूछताछ की।
दो आईएएस अफसरों का तबादला
28 Jan, 2024 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । यूपी में शनिवार को दो आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए गए हैं। आईएएस बी चंद्रकला की तैनाती महिला कल्याण विभाग के सचिव के पद पर की गई है। अभी तक वह कृषि उत्पादक आयुक्त शाखा व सहकारी समितियों में सचिव के पद पर कार्यरत थीं। आईएएस अनुराग यादव को नियोजन विभाग के सचिव के पद पर तैनाती दी गई है। वह अभी तक कृषि विदेश व्यापार तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग में सचिव के पद पर तैनात थे
यूपी में बढ़े 25 लाख से अधिक मतदाता, 57.03 लाख नए नाम जुड़े
28 Jan, 2024 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
लखनऊ । लोकसभा चुनाव के लिए वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन जारी हो गया है। यूपी में 25 लाख से ज्यादा मतदाता बढ़ गए हैं। 57.03 लाख नए नाम जुड़े हैं। 31.19 लाख के नाम कटे हैं। 15.29 करोड़ मतदाता वर्तमान में यूपी की 403 विधानसभा सीटों पर हैं। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में प्रदेश के 403 विधानसभा क्षेत्रों में 57,03,304 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वहीं, मृत्यु होने, शहर छोड़कर जाने या एक से अधिक जगह नाम होने सहित अन्य कारणों से 31,19,121 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। लोकसभा चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची का मंगलवार को अंतिम प्रकाशन किया गया। प्रदेश में अब मतदाताओं की संख्या 15,03,39,879 से बढ़कर 15,29,24,062 हो गई है। इस तरह कुल 25,84,183 मतदाता बढ़े हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद अब कुल 1,62,012 मतदान केंद्र हैं। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 25,77,967 पुरुष, 31,24,901 महिलाएं और 436 तृतीय लिंग के नए मतदाता जोड़े गए हैं। 18-19 वर्ष की आयु के 15.57 लाख मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। इस आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या अब लगभग 20.41 लाख हो गई है। मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के समय लिंगानुपात 867 था (एक हजार पुरुष मतदाताओं के सापेक्ष 867 महिला मतदाता थीं)। मंगलवार को अंतिम प्रकाशन के बाद यह बढ़कर 878 हो गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि 31.19 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इनमें 10.50 लाख मृतकों के नाम शामिल हैं। घर छोड़कर कहीं और चले जाने के कारण 14.14 लाख और मतदाता सूची में दो जगह नाम होने के कारण 6.21 लाख मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं, 7.19 लाख मतदाताओं के नाम, पत्ते, जन्मतिथि में संशोधन किया गया है। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 10.50 लाख है। सीईओ ने बताया कि मतदाता अब भी सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर को मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन भी नाम जुड़वाने की व्यवस्था है। सीईओ ने बताया कि सपा की ओर से झांसी और बबीना विधानसभा क्षेत्र में कई जीवित लोगों के नाम मृतक बताकर मतदाता सूची से हटाने की शिकायत की गई थी। झांसी के जिलाधिकारी से मामले में रिपोर्ट तलब कर शिकायत का समाधान किया गया। उन्होंने बताया कि रालोद की ओर से पुनरीक्षण अभियान की अवधि समाप्त होने के बाद फॉर्म जमा करने की शिकायत की गई। संविधान बचाओ ट्रस्ट ने भी शिकायत की थी। सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया।
मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार, मोटरसाइकिल व अवैध हथियार बरामद
27 Jan, 2024 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नोएडा । पुलिस और बदमाश के बीच बीती देर रात चेकिंग के दौरान मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस पर करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। बदमाश के पास से चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद हुआ है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 26 जनवरी को थाना फेस-2 पुलिस ने फूल मंडी से पुश्ता रोड पर चैकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रूकने का इशारा किया। मोटर साइकिल सवार नहीं रुका और भागने के दौरान उसने पुलिस पार्टी पर फायर भी कर दिया। पुलिस ने उसका पीछा किया जवाबी करवाई में फायरिंग की। इसमें गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। बदमाश आकाश उर्फ योगेश झाझर पूर्वा, जिला औरैया का रहने वाला है। ये फिलहाल नोएडा के छिजारसी सेक्टर 63 में रह रहा है। उसके कब्जे से चोरी की 1 बाइक, 1 तमंचा 315 बोर, 1 जिंदा कारतूस व 1 खोखा कारतूस बरामद हुआ है।
माघ मेले में होंगे 5 शाही स्नान
27 Jan, 2024 06:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
फर्रुखाबाद । यूपी के फर्रुखाबाद में गंगा तट पांचाल घाट पर मेला शुरू हो गया है। पूजन के बाद मेले का उद्घाटन किया गया। यहां गंगा किनारे तंबुओं का शहर बस गया है। ये मेला एक महीने तक चलेगा। इसमें 5 शाही स्नान होते हैं। फर्रुखाबाद में गंगा तट पर स्थित पांचाल घाट पर एक महीने तक चलने वाले मेला रामनगरिया का उद्घाटन विधि विधान के साथ किया गया। प्रयागराज व हरिद्वार के बाद फर्रुखाबाद में गंगा तट पर एक महीने तक माघ मेला चलता है। इसे मिनी कुंभ भी कहा जाता है। इस मेले में प्रदेश के अलग अलग जिलों से आकर लोग कल्पवास करते हैं। यहां गंगा किनारे तंबुओं का शहर बसाया जाता है। मेले में रहने वाले कल्पवासियों के लिए जिला प्रशासन सभी सुविधाएं मुहैया कराता है। एक माह तक लोग कल्पवास कर गंगा स्नान करते हैं।
मेले के सांस्कृतिक पांडाल में हवन पूजन किया गया जिसमें जिलाधिकारी सहित साधु संतों ने आहुति डालकर विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद 51 हजार दीपों से दीपोत्सव किया गया। मेले में गंगा आरती भी की गई। माघ मेले में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से लाखों लोग गंगा स्नान करने आते हैं। एक महीने तक चलने वाले इस मेले में पांच शाही स्नान होते हैं। सुरक्षा के लिए मेले में जल पुलिस से लेकर वॉच टॉवर और थाने तैयार किए गए हैं। पुलिस लगातार जायजा लेती रहती है। मेले में सीसीटीवी लगाए गए हैं जिससे हर पल मेले पर निगरानी की जा रही है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि आज माघ मेले का उद्घाटन पूरे विधि विधान के साथ किया गया है इसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर साधु संतों की उपस्थित रहे। एक माह तक यह मेला चलेगा जिसमें सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। पुलिस व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी कैमरे आदि लगाए गए हैं। साधु संतु एवं कल्पवासियों के लिए सर्दी में अलाव की भी व्यवस्था की गई है।
सड़क हादसा : बाइक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, इलाज के दौरान बाइक चालक ने तोड़ दम
27 Jan, 2024 01:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मऊ जिले के कोपागंज थाना क्षेत्र के हिकमा के पास एक बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जहां इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृत युवक कोपागंज में
ऐसे हुए हादसा
मृतक की पहचान घोसी कोतवाली के हाजीपुर के अनुसूचित बस्ती निवासी दिनेश कुमार (20) पुत्र रामप्रीत के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार मृतक दिनेश कुमार कोपागंज थाना के देवकली विशुनपुर अपने मामा के घर गया था। जहां रात करीब दस बजे भोजन करने के बाद वापस बाइक से अपने घर जा रहा था। अभी वह हिकमा गांव के पास पहुंचा ही था कि सामने से अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुरी तरह घायल हो गया।
घायल होने के बाद मां को फोन पर दी घटना की जानकारी
चोटिल होने के बाद भी युवक ने अपनी मां को फोन किया और अपने घायल होने की सूचना दी, लेकिन हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के चलते वह कुछ देर बाद बेहोश हो गया। इसी बीच उधर से गुजर रहे किसी राहगीर की नजर उसपर पड़ी, उसने पुलिस के साथ एंबुलेंस को फोनकर उसे कोपागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छोटा होने के चलते घर का लाडला था दिनेश
मृतक दिनेश दो भाई थे। उसका बड़ा भाई बाहर काम करता है, जबकि दिनेश घर पर रहता था। हादसे के बाद मृतक की मां मीरा देवी और पिता रामप्रीत का रो- रोकर बुरा हाल है। परिवार के साथ उसके ननिहाल में भी मातम पसरा हुआ है।
कोहरे का प्रकोप जारी; आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी
27 Jan, 2024 01:34 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
यूपी में गलन और कोहरे का प्रकोप जारी है। शनिवार की सुबह राज्य के ज्यादातर जिलों में कोहरे से दिन की शुरूआत हुई। शुक्रवार की रात से कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। ठंडी हवाएं तापमान को और कम करती रहीं। शुक्रवार को कानपुर और सोनभद्र में सबसे पारा तीन डिग्री तक नीचे चला गया। यह यूपी में न्यूनतम रहा।
इसके पहले शुक्रवार को भी मध्य यूपी के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे और गलन बनी रही। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में दृश्यता 50 मीटर से 200 मीटर तक रही।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक ठंड परेशान करने वाली रहेगी। मंगलवार से मौसम में कुछ बदलाव होने की संभावना है। शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। शनिवार को भी अधिकतम तापमान ऐसा ही रह सकता है। चरख धूप निकलने की संभावना अभी नहीं है।
29 तक घने कोहरे और कोल्ड डे जारी रहने के आसार
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, उत्तर पूर्व राजस्थान व आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पछुआ हवाएं चल रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने, घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे कंडीशन बने रहने के आसार हैं।
इन जिलों में दिखेगा ऑरेंज अलर्ट का असर
मुजफ्फरनगर, बागपत, आगरा, एटा, बिजनौर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर, जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
लखनऊ के व्यापारी की पार्टनर ने गोली मारकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
27 Jan, 2024 01:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जानवरों के सीमन का व्यापार करने वाले एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मूलरूप बिहार के रहने वाले व्यापारी लखनऊ में रहते थे, जिनका शव पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट गुरुवार रात पड़ा पाया गया। पास में उनका डाला वाहन भी खड़ा था। पुलिस ने मामले में उनके दो साझेदार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
बिहार प्रांत के समस्तीपुर जिला के मूल निवासी नयन चौधरी वर्तमान में लखनऊ के इंदिरानगर थाना अंतर्गत तकरोही मुंशी पुलिया में परिवार के साथ रहते थे। वह सीतापुर के शैलेंद्र और कुर्सी थाना अंतर्गत रहने वाले राहुल के साथ कंपनी बनाकर जानवरों के सीमन सप्लाई व डालने का काम करते थे।
सिर में गोली मारकर की गई हत्या
बताया जाता है कि गुरुवार को नयन अपने साथी राहुल व शैलेंद्र के साथ हैदरगढ़ की ओर साझे में खरीदे गए डाला वाहन से सीमन डालने गए थे, जिसके बाद देर रात करीब साढ़े 11 बजे बारा गांव के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास नयन का शव डाला के बाहर पड़ा पाया गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तो पता चला कि नयन के सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी।
पुलिस ने राहुल को किया गिरफ्तार
शव की शिनाख्त कर पुलिस ने मृतक की पत्नी जूली से संपर्क कर सूचना दी। जूली ने व्यापार में लेनदेन के विवाद के चलते दो साझेदार पर हत्या का आराेप लगाया है। कोतवाली प्रभारी हैदरगढ़ अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर राहुल को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रथम दृष्टया व्यापार में लेनदेन के विवाद में हत्या की बात सामने आई है। तीनों साझेदार अक्सर लखनऊ में ही रहते थे। वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।
जहानाबाद से प्रशासन की बड़ी लापरवाही आई सामने, एक युवक का तैरता हुआ शव पईन से किया गया बरामद
27 Jan, 2024 12:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिहार के जहानाबाद से प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां एक सप्ताह पूर्व पानी भरे पईन में एक सफारी गाड़ी पलट गई थी. एक सप्ताह बाद एक युवक का तैरता हुआ शव पईन से बरामद किया गया है. मामला नगर थाना क्षेत्र के टेनी बिगहा मोहल्ले का है. जहां शव को देखते ही आस पास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी.
वहीं सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को पानी से बाहर निकाला. मृतक युवक की पहचान परस बिगहा थाना अंतर्गत रंगुआबिगहा गांव निवासी स्वर्गीय कौलेशर यादव के पुत्र खटला यादव के रूप में की गई है. दरअसल, मामला 19 जनवरी को हुए दुर्घटना से जुड़ा हुआ है. जब एक तेज रफ्तार सफारी गाड़ी अनियंत्रित हो कर इस पानी भरे गड्ढे में पलट गई थी.
आनन फानन में ग्रामीणों ने पानी भरे गड्ढे से गाड़ी का शीशा तोड़कर एक युवक को बाहर निकाला गया था. जबकि बाहर आया युवक ने बताया था कि उसका एक और साथी भी गाड़ी में सवार था, लेकिन उसका कहीं अता पता नहीं चल रहा है. हालांकि पोकलेन मशीन की मदद से पानी भरे गड्ढे से गाड़ी तो निकाली गई थी. लेकिन प्रशासन ने लापरवाही बरतते हुए पानी के अंदर फंसे युवक की तलाश नहीं की. नतीजतन आज युवक का शव पईन से बरामद किया गया.
बताते चलें कि ग्रामीणों की मदद से पानी भरे पईन से गाड़ी निकालने के बाद को एक शख्स चुपके से फरार हो गया था. जिसे ग्रामीणों ने बताया था. ग्रामीणों की मदद से उस समय आंशिक तौर पर छानबीन की गई थी कि आखिर वो दूसरा व्यक्ति कहां गया जो गाड़ी में सवार था, लेकिन उसका कोई अता पता नहीं चल सका.
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि यह शव उसी व्यक्ति का है जो गाड़ी दुर्घटना के बाद से लापता हो गया था. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भागे हुए युवक की निशानदेही पर अगर पुलिस तत्पर हो कर कार्य करती तो दुर्घटना के बाद कीचड़ में फंसे इस युवक को भी निकाला जा सकता था, लेकिन प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है कि युवक की खोजबीन नहीं की गई.
हालांकि पुलिस जांच के बाद यह बात भी सामने आई है कि दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी 18 जनवरी को पटना से चोरी हो गई थी. ऐसी आशंका है कि मृतक भी चोरी की घटना में शामिल था.
हेमंत सरकार का बड़ा फैसला: राजद कोटे के नेता को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
27 Jan, 2024 11:48 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड सरकार, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार तीन लोगों को पिछड़ा वर्गों के लिए राज्य आयोग के सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
इसमें राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण यादव को सदस्य और केशव महतो, रांची को समाज विज्ञानी, किशोर मेहता को सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
झारखंड पिछड़े वर्गों के लिए राज्य आयोग अधिनियम, 2002 की धारा-4 के अधीन इनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी माना जाएगा, जो पदभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्षों की होगा।
मौके पर राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण यादव ने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने जिस उम्मीद और विश्वास जताते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, उस उम्मीद और विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे उपस्थित
इस मौके पर राजद जिला अध्यक्ष रामप्रवेश यादव, जिला प्रधान महासचिव मोहर सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रंजीत यादव, छात्र जिला अध्यक्ष सुशील कुमार, लातेहार प्रखंड अध्यक्ष निजाम अंसारी, बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष प्रीत लाल यादव, विजय यादव, उपेंद्र राम, चंदवा प्रखंड अध्यक्ष अजीत श्रीवास्तव, मोहम्मद मसूक मियां, संतोष यादव, सयुंब अंसारी, उषा देवी, दलित प्राकोट जिला अध्यक्ष पवन कुमार, निर्मल यादव, लातेहार नगर अध्यक्ष प्रवीण दास, शंकर यादव, चंद्रशेखर कुमार, नंदकिशोर यादव समेत दर्जनों राजद के कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है।
झारखंड राज्य पेंशनर समाज के प्रदेश महासचिव, राम नारायण चौधरी का हुआ निधन
27 Jan, 2024 11:35 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
झारखंड राज्य पेंशनर समाज के प्रदेश महासचिव राम नारायण चौधरी का निधन हो गया। उनका निधन 92 साल की आयु में हुआ। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ कर गए। उक्त जानकारी उनके बेटे जवाहर कुमार चौधरी ने दी। वे लगभग 15 सालों तक महासचिव के पद पर काम किए।
इसले अलावा पेंशनर समाज के राज्य परामर्शी डॉ. मोहन सिंह ने बताया कि पेंशनर समाज के पदाधिकारियों ने दिवंगत को उनके आवास हरिहर सिंह रोड पहुंच कर पुष्प गुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
अल्पसंख्यक समुदाय का खास प्लान; राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को ऐतिहासिक बनाया
27 Jan, 2024 11:26 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जननायक राहुल गांधी के झारखंड आगमन को ऐतिहासिक बनाने को तैयारी में गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी के अध्यक्षता में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में बैठक हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश प्रभारी उमैर खान शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन संगठन महासचिव अख्तर अली ने किया। उमैर खान ने कहा कि इस कार्यक्रम को किसी भी परिस्थिति में ऐतिहासिक बनाया जाएगा एवं अधिक से अधिक लोगों को राहुल गांधी से मिलने का अवसर प्रदान दिया जाएगा। कार्यक्रम का अध्यक्षता करते हुए मंजूर अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के स्वागत के लिए जगह-जगह मंच बनाकर अल्पसंख्यक कांग्रेस की ओर से स्वागत किया जाएगा।
मौके पर उपाध्यक्ष दिलीप जान तिग्गा, उपाध्यक्ष अब्दुल करीम अंसारी, एस रिजवी, महासचिव सोहराब अंसारी, मंजूर आलम, गुलाम जावेद, तौकीर अख्तर, शमशेर आलम, गुलरेज अंसारी, गुलाम रब्बानी, रुस्तम अली, गुलाम सरवर आदि उपस्थित थे।
पद्मश्री विजेता पूर्णिमा महतो को आया गृह मंत्रालय का फोन..आंखों से छलके खुशियों के आंसू
27 Jan, 2024 11:11 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोल्हान के लिए गुरुवार का दिन दोहरी खुशी लेकर आया। एक तरफ अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी कोच पूर्णिमा महतो व सरायकेला की पर्यावरण संरक्षण चामी मुर्मू को पद्मश्री पुरस्कार देने की घोषणा की गई। तीरंदाजी के लिए अपना जीवन होम करने वाली पूर्णिमा महतो को सहसा यह विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उन्हें यह सम्मान मिला है।
गुरुवार दोपहर जब वह समाहरणालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची तभी मोबाइल की घंटी बजी। उनसे पूछा गया कि आपके घर का ठिकाना क्या है? उसे कंफर्म कीजिये, वह समझ नहीं पाई। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोबारा उस नंबर पर कॉल बैक की तो बताया गया कि गृह मंत्रालय से आपके आवास का पता लगाने को कहा गया है।
पूर्णिमा ने बताया कि कार्यक्रम में शोरगुल होने के कारण वह समझ नहीं पा रही थी कि आखिर माजरा क्या है। इसके बाद घर लौटी, तो पता चला कि पद्मश्री अवार्ड के लिए नामों की घोषणा हो रही है। तब उनके मन में उत्सुकता बढ़ने लगी। देर रात तक उन्हें कोई सूची नहीं मिली थी। लेकिन, उनके नामों की चर्चा होने लगी।
हालांकि, कहीं से यह पता नहीं चल पा रहा था कि सूची में उनका नाम है या नहीं। रात में जब उन्हें जानकारी मिली तो खुशी के मारे पैर जमीन पर टिक नहीं रहे थे। केंद्र सरकार द्वारा जारी सूची में 70वें नंबर पर अपना नाम देखते हुए वह भावुक हो गई और खुशी के आंसू बहने लगे।
24 वर्षों से कोच के तौर पर काम कर रही पूर्णिमा
पूर्णिमा ने बताया कि सूची में नाम देखकर यह विश्वास हो गया कि मेरे नाम की चर्चा क्यों चल रही थी। उन्होंने बताया कि 1987 से तीरंदाजी का अभ्यास कर रही हूं। 24 वर्षों से कोच के रूप में कार्य कर रही हूं।
उन्होंने कहा कि बचपन में लेडी इंदर सिंह स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ रही थी, तब एक आर्चरी ग्राउंड से होकर स्कूल जाना पड़ता था। तब वह आर्चरी देखने के लिए रूक जाती थी। धीरे-घीरे आर्चरी में रुचि में जगने लगी तो अभ्यास भी करने लगी। कुछ दिनों बाद सफलता हासिल होने लगी और आगे बढ़ती चली गई। पूर्णिमा का पहली बार 1992 में राज्य तीरंदाजी टीम में पहली बार उनका चयन हुआ। वह कई सालों तक राष्ट्रीय चैंपियन रहीं।
पुणे में आयोजित नेशनल गेम्स में 6 गोल्ड हासिल की
1993 में अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी की टीम स्पर्धा में पदक जीतने वाली पूर्णिमा ने 1994 में पुणे में आयोजित नेशनल गेम्स में छह स्वर्ण जीतकर तहलका मचा दिया। 1994 में आयोजित एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली पूर्णिमा ने 1997 में सीनियर नेशनल में रिकार्ड के साथ दो स्वर्ण अपने नाम किए।
1998 कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत हासिल करने वाली बिरसानगर की इस बाला ने 1994 में टाटा तीरंदाजी अकादमी में प्रशिक्षण देना शुरू किया। 2005 में स्पेन में आयोजित भारतीय टीम ने रजत पदक जीता। 2007 में सीनियर एशियाई तीरंदाजी चैंपियनशिप में पुरुष टीम ने स्वर्ण व महिला टीम ने कांस्य पर कब्जा जमाया।
धनबाद में ज्वेलरी दुकान में हुई लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी
27 Jan, 2024 10:56 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद के सरायढेला थाना अंतर्गत सुगियाडीह रघुवर नगर में सानवी ज्वेलर्स में शुक्रवार की देर रात चोरों ने करीब 7 लाख की संपत्ति सटर तोड़कर चोरी कर ली।
ज्वेलर्स दुकान के संचालक सुनील वर्मा ने बताया कि करीब 25 ग्राम सोना एवं करीब सवा किलो चांदी के आभूषण चोरों ने चोरी कर ली। अहले सुबह लोगों को इसकी जानकारी मिली और इसकी सूचना केंदुआ निवासी सुनील वर्मा को दी।
सुनील वर्मा ने सरायढेला थाना को सूचना दी। इसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। केंदुआ निवासी सुनील वर्मा ने दो माह पहले ही रघुवर नगर में दुकान खोला था। मुख्य सड़क किनारे घनी आबादी के बीच चोरी होना कई तरह के सवाल खड़ा कर रहे हैं।