मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
स्नेह यात्रा में आत्मीयता से मिट रहे हैं असमानता के भाव
20 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : समाज को सद्भावना, प्रेम और समता से जोड़ने वाली स्नेह यात्रा का आज पाँचवां दिन है। 16 अगस्त से प्रांरभ हुई यह यात्रा प्रदेश के 52 जिलों में पूज्य संतों के नेतृत्व में 26 अगस्त तक चलेगी। समाज के सभी वर्गों में आत्मीयता के भाव से असमानता के भाव मिट रहे हैं।
सेवा बस्तियों में प्रवास के समय संत सानिध्य से वैसे तो सभी छोटे-बड़े आनन्दित होते हैं पर मातृशक्ति की आस्था देखते ही बनती है। बस्ती में पहुँचने पर संतजनों के पाँव पखारना, करतल ध्वनि और संकीर्तन से स्वागत और पुष्प-वर्षा से सभी का मन आनंदित हो उठता है। मातृशक्ति की आस्था स्नेह यात्रा को और भी गरिमामय बना रही है।
गाँव-गाँव में बह रही है संत, समाज और सावन की त्रिवेणी
भारतीय परम्परा में आस्था और आध्यात्म की दृष्टि से श्रावण मास का विशेष महत्व है। इस माह में पूजा अनुष्ठानों से देव-स्थलों की चहल-पहल देखते ही बनती है। सेवा बस्तियों में संतजन स्वयं प्रवास कर रहे हैं, जिससे स्नेह यात्रा श्रावण मास को और अधिक महत्वपूर्ण बना रही है। संत, समाज और सावन की ये त्रिवेणी गाँव-गाँव में आस्था और उल्लास की झाँकी प्रस्तुत कर रही है। कलश यात्राएँ निकाली जा रही हैं। पुष्प वर्षा से संतों का स्वागत हो रहा है। जिसके पास जो है वह संतों के चरणों में समर्पित करने हेतु तत्पर हैं।
निरन्तर बढ़ रही जन-सहभागिता
स्नेह यात्रा प्रात: और सायंकालीन सत्रों में लगभग 5-5 बस्तियों में प्रवास करती है। दोपहर और शाम को संकीर्तन और सहभोज होता है। बस्तियों में लोगों के आग्रह पर लघु जन-संवाद भी हो रहे हैं, जिनमें लोगों की सहभागिता बढती ही जा रही है। यात्रा की लोकप्रियता के कारण आस-पास के गाँव के लोग भी संतजनों के दर्शन और यात्रा के सहभाग के लिये बड़ी संख्या में आ रहे हैं। पाँच दिनों में यात्रा के दौरान 511 प्रमुख जन-संवाद एवं 2368 पूरक जन-संवाद आयोजित हुए हैं। यात्रा लगभग 3 हजार किमी से अधिक की दूरी पदयात्रा के रूप में पूरी कर चुकी है। स्नेह यात्रा में लगभग 5 लाख से अधिक लोगों की प्रत्यक्ष सहभागिता हो चुकी है।
भारी बारिश में उमड़ रहा आस्था का जन-सैलाब
इन दिनों प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर चल रहा है। नदी-नाले ऊफान पर हैं। आवागमन भी बाधित हो रहा हैं, पर लगता है स्नेह यात्रा बारिश के प्रभाव से अछूती हैं। बड़ी संख्या में बस्ती के लोग संतजनों के स्वागत और सत्संग-सहभोज में शामिल हो रहे हैं। जरूरत होने पर बस्ती का विद्यालय या पंचायत भवन सामूहिक मिलन के केन्द्र बन जाते हैं। मौसम की प्रतिकूलता के बाद भी स्नेह यात्रा में उमड़ रहा है आस्था का जन-सैलाब।
केन्द्रीय गृह मंत्री शाह का भोपाल आगमन पर स्वागत
20 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज भोपाल प्रवास पर आए। शाह के भोपाल आगमन पर आज स्टेट हैंगर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, महापौर मालती राय, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना, सीआरपीएफ के अधिकारी और अन्य जन-प्रतिनिधियों ने उनका पुष्प-गुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने सारिका इंडिका, कदम्ब और नीम के पौधे रोपे
20 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान ने सारिका इंडिका, कदम्ब और नीम के पौधे लगाए।
इस अवसर पर डॉ. लोकेश शर्मा ग्वालियर, डॉ. राहुल शर्मा, डॉ. ज्ञान प्रकाश साहू और डॉ. प्रदीप भदौरिया ने पौधे लगाए। महा क्विज के प्रतियोगी नितेश मंडावरिया नीमच और आयुष एवं अपूर्वा ने भी पौधा-रोपण किया। जन्म-वर्षगांठ पर प्राची राजपूत और अमित राजपूत ने आज आरक्षक पिता देवेंद्र राजपूत और डॉ. चौरसिया के साथ पौध-रोपण में हिस्सा लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री शाह भोपाल से ग्वालियर के लिये रवाना हुए
20 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भोपाल से ग्वालियर के लिये रवाना हुए। केंद्रीय गृह मंत्री शाह के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा भी भारतीय वायु सेना के विमान से ग्वालियर के लिए रवाना हुए।
दलितों को कितना लुभा पाएंगे खडग़े
20 Aug, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहली बार मप्र की धरती पर आ रहे हैं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष
भोपाल । मध्यप्रदेश में भले ही विधानसभा चुनाव को लेकर अभी कुछ वक्त हो, लेकिन विधानसभा चुनाव के पहले दोनों ही दल भाजपा और कांग्रेस बुंदेलखंड में दलित वोट बैंक को साधने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत रविदास मंदिर का भूमि पूजन किया और एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे 22 अगस्त को सागर आ रहे हैं।
सागर जिले के कजलीवन मैदान में खरगे एक जनसभा को संबोधित करेंगे, जिसमें बुंदेलखंड के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस ने कजलीवन मैदान में आम सभा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं, मल्लिकार्जुन खरगे पहली बार मध्यप्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं, वह सागर से विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे 22 अगस्त को सागर आएंगे। पहले खरगे का दौरा 13 अगस्त को तय हुआ था, लेकिन 12 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी के भी सागर आने का प्रोग्राम तय हो गया था। उसके बाद दौरा कैंसिल कर दिया गया था और 22 अगस्त को कार्यक्रम तय किया गया है। एनआईसीसी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी को आधिकारिक सूचना दे दी है।
खरगे 22 अगस्त को सागर से मध्यप्रदेश में चुनावी शंखनाद करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के आने और जनसभा में भीड़ के बाद कांग्रेस के सामने एससी वर्ग को इस आयोजन में जोडऩे की बड़ी चुनौती है। खरगे खुद एससी वर्ग से आते हैं। अध्यक्ष बनने के बाद यह मध्यप्रदेश में उनका पहला दौरा है। उनका कार्यक्रम तय हो गया, करीब डेढ़ घंटे सागर में मल्लिकार्जुन खरगे रुकेंगे। उनके साथ पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। दो हेलीकॉप्टरों के लिए अलग-अलग हेलीपैड बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। लगातार जिला और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी की बैठकों का दौर जारी है। सभा स्थल पर वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में काम चल रहा है।
जन आशीर्वाद यात्रा का रोड मैप तैयार
20 Aug, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भारतीय जनता पार्टी ने जनता तक पहुंचने जन आशीर्वाद यात्रा का रोड मैप तैयार कर लिया है। प्रदेश में भाजपा संभाग स्तर पर पांच जन आशीर्वाद यात्राएं निकालेगी। यात्राओं के लिए मध्य प्रदेश भाजपा ने केंद्रीय टोली के साथ संभागीय टोलियां घोषित कर दी है। इसकी शुरुआत को लेकर तारीख का निर्णय होना अभी बाकी है।
भाजपा प्रदेश में ग्वालियर-चंबल, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर और विंध्य-बुंदेलखंड से जन आशीर्वाद यात्रा निकालेंगी। इसके लिए संभागवार जिलों में नियुक्तियों की गई है। यात्रा के माध्यम से भाजपा केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाएंगी। यात्रा शुरू करने की तारीख को लेकर ग्वालियर में होने वाली कार्यसमिति में निर्णय हो सकता है। इसके बाद पांच अलग-अलग संभागों में यात्राएं भाजपा शुरू करेगी। बता दें इससे पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव से पहले जन आशीर्वाद यात्राएं निकालते थे। वह चुनाव तक प्रदेश की प्रत्येक सीट तक पहुंचकर जनता का आशीर्वाद लेते थे। इस बार भाजपा ने अलग-अलग क्षेत्र के अनुसार यात्राएं निकालने का निर्णय लिया है। इसमें क्षेत्रवार नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्राओं के जिलों में होने वाले कार्यक्रमों में केंद्रीय नेता, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य बड़े नेता शामिल होंगे।
यात्रा का जो रोड मैप तैयार किया गया उसके अनुसार जन आशीर्वाद यात्रा में बड़ी सभाएं होंगी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्से से यात्राएं निकाली जाएगी। 55 हजार किलोमीटर यात्रा निकालने का लक्ष्य है। राज्य के साथ केंद्रीय नेतृत्व के वरिष्ठ नेताओं की सभा होंगी। केंद्रीय टोली में मंत्री भूपेंद्र सिंह यादव, राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया, प्रदेश मंत्री लता वानखेड़े, राष्ट्रीय मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, पूर्व मंत्री रामलाल रौतेल, बृजेंद्र सिंह जादोन, भोपाल जिला उपाध्यक्ष अश्विनी राय, देवास सांसद महेंद्र सोलंकी शामिल है।
प्रदेश में संभाग और जिलेवार यात्रा का रोडमैप तैयार किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों को भी यात्रा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अलग-अलग विधानसभाओं में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव और भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी यात्रा में शामिल होंगे। प्रदेश के मंत्रियों की भी विधानसभावार जिम्मेदारी तय की गई है। यात्रा में संघ और संगठन का भी सहयोग लिया जाएगा।
BJP के रिपोर्ट कार्ड पर कमलनाथ ने साधा निशाना, बोले झूठे कामों के बजाए.
20 Aug, 2023 01:10 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा अपने कामों को रिपोर्ट कार्ड जारी कर रही है। इस पर पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने निशाना साधा है। कमलनाथ ने भाजपा के रिपोर्ट कार्ड पर तंज कसते हुए कहा कि झूठे कामों के बजाए असली करतूतों का हिसाब दें। बता दें केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के साढ़े 18 साल के काम का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। इसे गरीब कल्याण का महाअभियान नाम दिया है।
पूर्व सीएम और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने रविवार को सोशल मीडिया पर लिखा कि सुना है, आज भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में किए गए कामों का हिसाब देने वाली है। लेकिन जनता चाहती है कि झूठे कामों का हिसाब देने के बजाय असली करतूतों का हिसाब दिया जाए।
पूर्व सीएम ने लिखा कि 50% कमीशन राज चलाने वाली भाजपा अपने हिसाब पत्र में जनता को बताए इन्वेस्टर सम्मिट का हिसाब। 33 लाख करोड़ की निवेश घोषणाओं का हिसाब।
महिला अपराध में नंबर 1 रहने का हिसाब। बाल अपराध में नंबर 1 होने का हिसाब, बुजुर्ग अपराध में नंबर 2 होने का हिसाब। आदिवासी अत्याचार में नंबर 1 होने का हिसाब, दलित अत्याचार का हिसाब। साढ़े तीन लाख करोड़ के कर्ज का हिसाब। घोटालों का हिसाब। 50% कमीशन का हिसाब। 25000 घोषणाओं का हिसाब। बेरोजगारी का हिसाब। महंगाई का हिसाब। किसान के कर्जदार होने का हिसाब। ओबीसी के साथ अन्याय का हिसाब। गरीबों को अनाज न मिलने का हिसाब। बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था का हिसाब।
सावन की बारिश से किसानों के चेहरे खिले, मुरझाई सोयाबीन में आई जान
20 Aug, 2023 12:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सीहोर: सावन माह में एक बार फिर से मौसम में बदलाव हुआ है। लंबे समय से थमी बारिश फिर से शुरू हुई है। पिछले 24 घंटे से शहर में रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। लगातार बारिश से दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में करीब एक इंच औसत बारिश रिकॉर्ड की गई है।
वहीं, बारिश ने फसलों के लिए अमृत का काम किया है। इससे किसानों ने भी राहत की सांस ली है। क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से वर्षा नहीं होने के कारण सोयाबीन फसल में आए फूल मुरझाने लगे थे, जिससे किसानों को फसल के खराब होने का डर सता रहा था। कई किसान फसल की सिंचाई करने की तैयारी में जुट गए थे, लेकिन वर्षा होने के बाद मुरझाई फसल में जान आ गई। पिछले 24 घंटे में सीहोर जिले में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। तहसीलों की बात करें तो जिले के भेरूंदा और बुधनी में पिछले 24 घंटे में डेढ़ डेढ इंच बारिश रिकॉर्ड की गई।
सोयाबीन की नई वैरायटी को होगा लाभ
पिछले 24 घंटे में हुई बारिश से 9560 वैरायटी को अधिक फायदा होगा। वहीं, देर से आने वाली वैरायटी को अभी पानी की दरकार बनी हुई है। बता दें, शुक्रवार को सुबह से ही आसमान पर काले बादल छाए हुए थे, दोपहर 12 बजे के करीब वर्षा का सिलसिला रिमझिम फुहारों के साथ शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे तेज होता चला गया। शनिवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। वर्षा से किसानों ने राहत की सांस ली है। क्योंकि अंचल में किसान कई दिनों से आसमान की तरफ टकटकी लगाकार वर्षा का इंतजार कर रहे थे। इसकी कमी के चलते सोयाबीन सहित अन्य फसलें मुरझा रही थीं।
दमोह में दूषित पानी पीने को लोग मजबूर, गंदे पानी से बीमारियों का बड़ा खतरा
20 Aug, 2023 12:05 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह शहर के लोगों के घरों में इस समय कीचड़ की तरह गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे बीमार होने का खतरा बना हुआ है। आलम यह है कि फिटकरी डालने के बाद भी पानी साफ नहीं हो रहा है। लोग गंदा पानी पीने के लिए मजबूर हैं। यह समस्या नगर पालिका के कई वार्डों में है। लोगों का कहना है कि उनके यहां काफी गंदा पानी आ रहा है, जबकि लाखों रुपये की मशीन नगर पालिका के द्वारा पानी साफ करने के लिए लगाई गई है,
लोगों का मानना है कि मशीन ने काम करना बंद कर दिया है, जिसके चलते अब ऐसा गंदा पानी आ रहा है। समस्या बीते कई दिनों से बनी है, लेकिन अधिकारी इसमें सुधार नहीं कर पा रहे हैं। अब कह रहे हैं कि एक दिन के अंदर इस व्यवस्था में सुधार हो जाएगा, जबकि इस समय बारिश का मौसम चल रहा है और यदि पानी में जरा भी बैक्टीरिया हुए तो बीमारी फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
बता दें, शहरवासियों को प्रतिदिन साफ और शुद्ध पानी उपलब्ध हो सके इसके लिए करोड़ों रुपये की योजना का संचालन होने के साथ ही नए फिल्टर प्लांट का निर्माण करते हुए वहां पानी साफ करने के लिए एक मशीन भी लगवाई गई थी, लेकिन मशीन बंद होने से लोगों को गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पानी का कालापन देखकर ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह पानी बिना फिल्टर किए सप्लाई हो रहा है। इस समय वर्षा का मौसम चल रहा है और यह गंदा पानी लोगों को बीमार कर सकता है।
गृहमंत्री अमित शाह का मध्यप्रदेश दौरा आज, शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड करेंगे जारी
20 Aug, 2023 11:55 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल में मध्य प्रदेश सरकार का ‘रिपोर्ट कार्ड’ जारी करेंगे और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधियाके गृह क्षेत्र ग्वालियर में भाजपा की कार्य समिति की बैठक को संबोधित करेंगे. पिछले डेढ़ महीने के अंदर गृह मंत्री अमित शाह की मध्यप्रदेश की ये पांचवीं यात्रा है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बीजेपी की योजना में मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव कितना अहम है. अमित शाह आज कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में 12.30 बजे मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार के गरीब कल्याण महाअभियान 2003-2023 का रिपोर्ट कार्ड लॉच करेंगे.
इसके बाद अमित शाह दोपहर 2.40 बजे भोपाल एयरपोर्ट से ग्वालियर के लिए रवाना होंगे. शाम 3.55 बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार पहुचंकर पार्टी की वृहद प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करेंगे. अमित शाह शाम 5.20 बजे ग्वालियर में गायत्री नगर के पिन्टो पार्क में संपर्क अभियान में भाग लेंगे. शाम 5.50 बजे वह होटल आदित्याज में आयोजित बैठक में हिस्सा लेंगे. इसके बाद शाम 7.45 बजे अमित शाह ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
जानकारी के मुताबिक ग्वालियर की बैठक में बीजेपी विधायकों, सांसदों, जिला अध्यक्षों और महासचिवों के शामिल होने की तैयारी कर ली गई है. बैठक में लगभग 1,500 पार्टी पदाधिकारियों के शामिल होने की उम्मीद है, जो आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति को अंतिम रूप देगी. यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि मध्य प्रदेश में साल के अंत में होने वाले चुनाव से पहले यह राज्य की कार्यसमिति की अंतिम बैठक है
टिकट को लेकर भाजपा में विरोध
20 Aug, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । छतरपुर में बीजेपी प्रत्याशी ललिता यादव के टिकट घोषणा के बाद से संभावित और दौड़ में रहीं प्रत्यासी अर्चना गुड्डू सिंह के समर्थकों द्वारा सडक़ पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। शहर के छत्रसाल/डाकखाने चौराहे पर बड़ी संख्या में कुछ महिलाओं ने हाथ में चूडिय़ां लेकर महाराजा छत्रसाल की प्रतिमा के कई चक्कर लगाए और फिर सडक़ पर फेंक दीं, तत्पश्चात महिलाओं ने सडक़ पर बैठकर जाम लगा दिया।
दरअसल, यह तमाम महिलाएं बीजेपी से घोषित प्रत्याशी ललिता यादव का विरोध और बीजेपी से ही टिकट की दौड़ में रहीं अर्चना गुड्डू सिंह का समर्थन कर रही हैं। सडक़ पर विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि बीते रोज बीजेपी ने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है, जिसमें से छतरपुर से पूर्व मंत्री ललिता यादव को टिकट दी है। वह उन्हें नहीं अर्चना को मिलनी चाहिए थी, असली हकदार वे ही हैं। प्रदर्शन में मौजूद कुछ महिलाओं का कहना है बीजेपी ने जिन्हें अभी टिकट दी है उन्होंने (ललिता यादव) कभी जनता के बीच काम नहीं किया है। जबकि अर्चना सिंह हमेशा आम जनता के बीच में लोगों के दुख-सुख में शामिल रही हैं। इसमें बीजेपी आलाकमान को एक बार फिर से छतरपुर टिकट को लेकर विचार करना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने अपने हाथों में तख्तियां एवं बैनर पोस्टर ले रखे थे, जिसमे वी स्पोर्ट अर्चना सिंह हमें चाहिए अर्चना सिंह जैसा विधायक लिखा हुआ था। इस बीच प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने अर्चना सिंह के समर्थन में जानकर नारे भी लगाए। इस प्रदर्शन की खास बात यह रही की प्रदर्शन कर रही महिलाओं के हाथों में चूडिय़ां भी थी। महिलाओं का कहना है कि चूडिय़ां कमजोरी का नहीं, बल्कि नारी शक्ति को प्रदर्शन करती हैं। इसीलिए वह हाथों में चूडिय़ां लिए हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान कई महिलाओं ने चूडिय़ां फेंककर भी प्रदर्शन किया।
डाकखाने पर प्रदर्शन कर रही महिलाएं अचानक धरने पर बैठ गईं, जिससे जाम लग गया। इस बीच मौके पर मौजूद पुलिस जाम को खुलवाने और जनता को संभालने में लगी रही। अपने विरोध मामले पर ललिता यादव का कहना है कि पार्टी से दावेदार बहुत होते हैं और सभी को आशा उम्मीद होती है। पर प्रत्याशी का चुनाव हमारी पार्टी और संगठन करता है। उन्होंने कहा, भाजपा में व्यक्ति विशेष नहीं होता पार्टी और संगठन विशेष होता है। विरोध करने वाले सब हमारे अपने हैं। एक-दो दिन में सारे शिकवे गिले दूर हो जाएंगे। फिर चाहे वह अर्चना सिंह हों, गुड्डू सिंह हों, उमेश शुक्ला हों, जिलाध्यक्ष मलखान सिंह हों हम सब मिलकर संगठित होकर जिले की छह विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे और जिले की छह की छह विधानसभा जीतकर लाएंगे।
एससी वर्ग के मतदाता तय करेंगे ग्वालियर-चंबल की राजनीतिक दिशा
20 Aug, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । ग्वालियर-चंबल अंचल में एक बार फिर एससी वर्ग के मतदाता ही भाजपा-कांग्रेस का खेल बनाएंगे या फिर बिगाड़ देंगे। एट्रोसिटी एक्ट के विरोध में हुए आंदोलन के बाद से एससी मतदाता नाराज हैं। पहले वे भाजपा से नाराज थे और कमल नाथ सरकार बनने के बाद कांग्रेस से भी खफा हो गए। आंदोलन के दौरान इस वर्ग के जिन लोगों पर आपराधिक केस लगे थे, कांग्रेस सरकार ने वादा करने के बाद भी उन्हें वापस नहीं लिया। जबकि, इसी वजह से ग्वालियर-चंबल अंचल में भाजपा की सीटें इतनी कम हुई थीं कि उसे वर्ष 2018 में सत्ता तक गंवानी पड़ी।
पहले एससी वर्ग बसपा का मतदाता हुआ करता था, लेकिन वर्ष 2018 में कांग्रेस के साथ चला गया। अब बसपा फिर अपना वोटबैंक वापस लाने के प्रयास में है तो भाजपा-कांग्रेस दोनों एससी वर्ग को साधने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे। इन्हीं प्रयासों के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संत रविदास मंदिर की आधारशिला रखी। संत रविदास के सर्वाधिक अनुयायी इसी क्षेत्र में हैं। भाजपा को उम्मीद है कि इन प्रयासों का फायदा उसे मिशन 2023 में मिलेगा। इन्हीं परिस्थितियों को भांपकर ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ग्वालियर आ रहे हैं ताकि कार्यकर्ताओं में उत्साह जगा सकें। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक व केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रदेश की राजनीति के एक ध्रुव ज्योतिरादित्य सिंधिया का है इसलिए यह स्वाभाविक अपेक्षा है कि यहां पार्टी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके दूसरे अंचलों के सामने उदाहरण प्रस्तुत करे।
अपनी उपेक्षा से कार्यकर्ता विधायकों व मंत्रियों से नाराज हैं तो जनता भी तमाम दावों-वादों के बावजूद संतुष्ट दिखाई नहीं दे रही है। हालांकि बड़े नेताओं के साथ भाजपा अब तेजी से अंचल में सक्रिय हो रही है। इधर, कांग्रेस धीरे-धीरे महल (ज्योतिरादित्य सिंधिया) की छाया से बचाकर चुन-चुनकर अपने पुराने नेताओं को वापस ला रही है।
अंचल की 34 सीटों में से वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा का सूपड़ा साफ करते हुए 26 सीटों पर जीत दर्ज की थी। ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद यहां 16 सीटों पर उपचुनाव हुए। इनमें भाजपा ने नौ और कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। यह जीत तब थी जब भाजपा सत्ता में रहते हुए चुनाव लड़ रही थी और कांग्रेस विधायक खोकर निहत्थी हो चुकी थी। आज की स्थिति में कांग्रेस कितनी मजबूत है इससे ज्यादा गौर करने वाली बात यह है कि अपने ही विभिन्न धड़ों के बीच भाजपा कितनी मजबूर है। दरअसल सिंधिया के आने के बाद नई और पुरानी भाजपा के बीच तालमेल बैठाना पार्टी के लिए कांग्रेस से मुकाबला करने से कम चुनौतीपूर्ण नहीं है।
ग्वालियर और चंबल, दोनों के संभागीय मुख्यालयों की स्थिति भाजपा के माथे पर चिंता की लकीरें खींच रही है। ग्वालियर की छह विधानसभा सीटों में से भाजपा के पास दो ही हैं। एक सीट से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सिंधिया कोटे से और दूसरी सीट से उद्यानिकी राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह नरेंद्र सिंह तोमर कोटे से माने जाते हैं। फिलहाल दोनों को कड़े संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है। चंबल के मुख्यालय मुरैना में भी स्थिति ग्वालियर जैसी ही है। छह में से चार सीटों पर कांग्रेस जमी हुई है। 2018 के चुनाव में यहां भाजपा खाता भी नहीं खोल पाई थी। डेढ़ साल पहले ही दोनों शहरों के नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा अभूतपूर्व हार का सामना कर चुकी है जो चिंता बढ़ा रही है। भाजपा के लिए बस एक ही सुकून की बात है कि अंचल में कांग्रेस की हालत कैप्टन विहीन जहाज जैसी है, जहां हर विधानसभा सीट पर नेता कई गुटों में बंट गए हैं।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ आए अंचल के चार बड़े नेताओं की कांग्रेस में वापसी से भाजपा के साथ-साथ सिंधिया भी असहज हैं। कुछ समय में कोलारस से धाकड़ समाज के नेता रघुराज धाकड़, शिवपुरी से सिंधिया का चुनाव प्रबंधन देखने वाले राकेश गुप्ता, चंदेरी से जयपाल व रघुराज सिंह यादव और शिवपुरी से बैजनाथ सिंह यादव कांग्रेस में वापसी कर चुके हैं। कारण यही बताया गया कि वे नई पार्टी यानी भाजपा की रीति-नीति से समन्वय नहीं कर पाए।
27 अगस्त को मुख्यमंत्री के साथ रक्षा बंधन मनाएंगी लाड़ली बहना
20 Aug, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लाड़ली बहना की तीसरी किस्त जारी होने के बाद 27 अगस्त को सभी लाडली बहनों को एक और बड़ी सौगात दे सकते हैं। इसके लिए महिला बाल विकास विभाग ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार इस दिन भोपाल में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लाखों की संख्या में लाड़ली बहना पहुंचेंगी और अपने भैय्या सीएम शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधेंगी।
दरअसल सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया है कि 27 अगस्त को बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा मिलने वाला है, इस दिन महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा। जानकारी मिल रही है कि इस दिन सीएम लाड़ली बहनों से संवाद के बाद राशि बढ़ाने के संबंध में कोई बड़ा ऐलान कर सकते हैं या फिर बहनों को दूसरी कोई बड़ी सौगात भी दे सकते हैं। सीएम शिवराज सिहं चौहान 27 अगस्त को जम्बूरी मैदान भोपाल में अपनी सवा करोड़ लाडली बहनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाएंगे। इसके लिए महिला बाल विकास विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आगामी 30 अगस्त को रक्षा-बंधन पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। इस संदर्भ का फैसला 27 अगस्त को दोपहर 1 बजे लिया जाएगा। फूल बरसाकर स्वागत करने वाली लाड़ली बहनों की राह में कभी कांटे आने नही दिए जाएंगे। सीएम ने कहा कि हम मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण का इतिहास बनाएंगे। लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रुपए का प्रबंध किया है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से बहनों की मासिक आमदनी 10000 रुपए तक हो जाए। प्रदेश में दुराचारियों के लिए कठोर सजा और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं।
भोपाल में आयोजित किए जाने वाले इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए इसका एक सर्कुलर जारी कर दिया गया है। इसके तहत हर जिले के कलेक्टर को टारगेट दिया गया है कि सभी बहनों को सुविधा और सम्मान के साथ भोपाल तक पहुंचाएं। प्रत्येक गांव और वार्ड में महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के साथ ही महिलाओं की हितग्राही मूलक योजनाओं के प्रभावी लाभ के लिए लाड़ली बहना सेना का गठन किया गया है। महिला सम्मेलन के लिए महिला एवं बाल विकास आयुक्त ने निर्देश जारी किए हैं कि जिले से प्रतिभागियों और कार्यक्रम के लिए ऐसी महिला प्रतिभागियों का चयन किया जाए जो योजना की हितग्राही तथा लाड़ली बहना सेना की सदस्य भी हों।
विधानसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे सियासत तेज होते जा रही है। चुनाव को लेकर एक बार फिर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को राजधानी भोपाल आ रहे है। कुशाभाऊ ठाकरे सभागृह में अमित शाह शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे।
अद्भुत है फोटोग्राफी की दुनिया - मुख्यमंत्री चौहान
19 Aug, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि फोटोग्राफी की दुनिया, अद्भुत दुनिया है। आज विश्व फोटोग्राफी दिवस है। फोटोग्राफी के कार्य से जुड़े सभी साथियों को हार्दिक बधाई देता हूँ।
मुख्यमंत्री चौहान ने आज पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा की जयंती के अवसर पर रेतघाट स्थित उद्यान में उपस्थित फोटोग्राफर्स को विश्व फोटोग्राफी दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस फोटोग्राफी की कला के प्रति सम्मान व्यक्त करने का दिन है। मुख्यमंत्री चौहान ने अनेक फोटोग्राफर्स के साथ छायाचित्र खिंचवाए और स्वयं भी फोटोग्राफर्स के चित्र कैमरे से क्लिक किए। छायाकार बंधुओं की उपस्थिति में मुख्यमंत्री चौहान ने केक काटकर फोटोग्राफी दिवस मनाया। भोजताल के पास फोटोग्राफर्स के समूह ने अपने कैमरों से आसपास की प्राकृतिक सुंदरता को कैद किया।
मानसून फिर सक्रिय, इन 10 जिलों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट
19 Aug, 2023 10:03 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कम दबाव का क्षेत्र छत्तीसगढ़ के आसपास सक्रिय है। मानसून द्रोणिका भी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके चलते मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुककर वर्षा होने का सिलसिला शुरू हो गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है। विशेषकर रायसेन, छिंदवाड़ा, सिवनी, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, बैतूल, दमोह, हरदा, देवास एवं खंडवा में भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में होगी तेज बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून द्रोणिका के मप्र में आने से मानसून की गतिविधियों में और तेजी आने लगी है। रविवार को शहडोल, रीवा, जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर संभाग के जिलों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। हालांकि कम दबाव के क्षेत्र के कमजोर पड़ने के कारण सोमवार से मानसून की गतिविधियों में कुछ कमी आने लगेगी।
इस समय यह है मौसम का सिस्टम
मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी एसएन साहू ने बताया कि ओडिशा के आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास बना हुआ है। मानसून द्रोणिका भी अब सामान्य स्थित से नीचे आ गई है। वर्तमान में यह गंगानगर, नारनोल, दतिया, सतना से लेकर छत्तीसगढ़ पर बने कम दबाव के क्षेत्र से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इसके अतिरिक्त उत्तर-पश्चिमी मप्र पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बन गया है।
कहां कितनी बारिश दर्ज
शनिवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक सिवनी में 41, नरसिंहपुर में 29, इंदौर में 25.2, उमरिया में 21, खरगोन में 20, खंडवा में 17, धार में 13, छिंदवाड़ा में 12, दमोह में 11, मंडला में नौ, नर्मदापुरम एवं पचमढ़ी में आठ, जबलपुर में 7.4, भोपाल में छह, बैतूल में चार, मलाजखंड एवं उज्जैन में दो, खजुराहो में 1.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। ग्वालियर, गुना, राजगढ़ एवं सागर में बूंदाबांदी हुई।