मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मप्र फिर आ सकते हैं प्रधानमंत्री
19 Aug, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए सितंबर के अंतिम सप्ताह में आचार संहिता प्रभावी हो सकती है। इसे देखते हुए राज्य सरकार जन आस्था से जुड़े स्थानों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण में तेजी ला रही है।
प्रदेश सरकार सितंबर मध्य तक राम राजा लोक ओरछा, जाम सांवली हनुमान लोक छिंदवाड़ा, पीताम्बरा लोक दतिया और पशुपतिनाथ लोक मंदसौर के लिए भूमिपूजन कर सकती है। इन लोक के जीर्णोद्धार की घोषणा पिछले महीनों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में सागर में संत रविदास लोक के लिए भूमिपूजन किया है। ऐसा करके भाजपा सरकार ने अनुसूचित जाति वर्ग को साधने का प्रयास किया है। बुंदेलखंड क्षेत्र में इस वर्ग के लोग बड़ी संख्या में हैं। अन्य भी प्रदेश के जाने-माने स्थान हैं और इनसे सभी वर्ग के लोग बड़ी संख्या में जुड़े हैं।
उज्जैन में महाकाल महालोक निर्माण के बाद मुख्यमंत्री ने एक के बाद एक लोक के जीर्णोद्धार की घोषणा की है। अभी तक संत रविदास लोक सागर, देवी लोक सलकनपुर और परशुराम लोक जानापाव के निर्माण के लिए भूमिपूजन किया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्जैन में महाकाल महालोक का लोकार्पण किया है, तो संत रविदास लोक की आधारशिला रखी है। संभावना जताई जा रही है कि राम राजा लोक ओरछा या मां पीताम्बरा लोक दतिया के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए एक बार फिर प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश आ सकते हैं।
हरदा पटाखा फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर की मौत, उठे सवाल....? जांच की जरूरत*
18 Aug, 2023 11:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
"बताया जा रहा है काम के दौरान मजदूर को लगा था करंट, यदि फैक्ट्री में काम करता है तो क्या परिजनों को दिया जाएगा पर्याप्त मुआवजा..?"
हरदा । जिले के कुंजर गांव स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में काम कर रहे मजूदर को कम के दौरान करंट लगने पर वहअचेत हो गया। सूचना पर पहुंचे मजदूर की पत्नी ने उसे जिला अस्पताल हरदा लेकर आई थी, यहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुनील झवरे ने बताया कि अनिल रामदयाल झवरे निवासी मोहनपुर तहसील सिराली हरदा हाल मुकाम कुंजन गांव स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। यह फैक्ट्री राजू अग्रवाल हरदा की है । दोपहर वह काम पर गया था । इसी बीच अचानक कुलर हटाने में करंट आ गया। करंट लगने से अनिल अचेत हो गया। वह वहीं पर गिर पड़ा। युवक को करंट लगने की जानकारी होते ही काम कर रहे अन्य मजदूरों में अफरातफरी मच गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला अस्पताल पुलिस चौकी प्रभारी राजेश उईके ने बताया कि मृतक अनिल 45 वर्षीय कुंजन गांव से उनकी पत्नी लेकर आई थी जहां करंट लगने पश्चात् डॉ व्दारा मृत घोषित किया गया है सुबह पोस्टमार्टम पश्चात् लाश परिजनों को सुपुर्द की जायेगी । उन्होंने कहा कि आगे विवेचना पश्चात् मालूम होगा कि करंट कैसे लगा है..?
राजभवन में मना सद्भावना दिवस
18 Aug, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राजभवन में सद्भावना दिवस आज मनाया गया। राजभवन के बैंक्वेट हॉल में प्रात: 11 बजे राज्यपाल के उपसचिव स्वरोचिष सोमवंशी ने राजभवन के अधिकारी- कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलायी।
मंत्रालय में सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाई गई
18 Aug, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मंत्रालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क में आज मंत्रालय, सतपुड़ा एवं विंध्याचल भवन के अधिकारी एवं कर्मचारियों को सद्भावना दिवस की प्रतिज्ञा दिलाई गई। सभी ने प्रतिज्ञा की कि वे जाति, संप्रदाय, क्षेत्र, धर्म या भाषा के भेदभाव के बिना भारत के लोगों की भावनात्मक एकता और सद्भावना के लिए काम करेंगे। सभी मतभेदों को हिंसा का सहारा लिए बिना बातचीत और संवैधानिक माध्यमों से सुलझाएंगे। अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री विनोद कुमार और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
18 Aug, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने करुणाधाम आश्रम के पितृ पुरुष परम पूज्य बड़े गुरुदेव बाल गोविंद शांडिल्य जी की 38वीं पुण्य-तिथि पर आश्रम के पीठाधीश्वर गुरुदेव सुदेश शांडिल्य जी महाराज के साथ श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौधा-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ बकतरा के लक्ष्मीनारायण चौहान, श्रीकांत चौहान तथा बालिका पंखुड़ी चौहान ने अपने जन्म-दिवस पर पौधे रोपे, रीवा की बैनिसन हेल्पिंग सोशल वेलफेयर सोसाइटी रीवा की श्लेशा शुक्ला तथा साथियों ने भी पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान ने गुलमोहर, नीम, कदम्ब, मौलश्री, और सारिका इण्डिका के पौधे रोपे। पौध-रोपण में करुणाधाम आश्रम के राजेन्द्र शांडिल्य, राकेश शांडिल्य, ममता शांडिल्य, उषा शांडिल्य, लिपि शांडिल्य, नितिन लालचंदानी, अश्विनी पगारे, सुशील बिल्लौरे तथा साथियों ने भाग लिया। ग्वालियर जिला कराटे खेल संघ के रोहित शर्मा, सौरभ गर्ग, अभय सक्सेना और पंकज पराशर ने भी पौध-रोपण किया।
बेनिसन हेल्पिंग सोशल वेलफेयर सोसाइटी रीवा की प्राची वाजपेई, अमित विश्वास, प्रतिमा शुक्ला, श्रीधर पांडे भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
नई दिल्ली मध्यप्रदेश भवन में फूड फेस्टिवल का शुभारंभ
18 Aug, 2023 08:54 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में फूड फेस्टिवल 18 से 20 अगस्त, 2023 तक किया जा रहा है। 'आजादी का अमृत महोत्सव एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत फूड फेस्टिवल' का आज आवासीय आयुक्त पंकज राग और मीडिया सलाहकार, मुख्यमंत्री आईसीपी केसरी ने शुभारंभ किया।
फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के विशेष व्यंजन जैसे भुट्टे की किस, इंदौरी पोहा, सेव भाजी, बेसन गट्टा, मटर निमोना, दाल बाफला, पिलाफ, मटन सैलाना और भोपाली मुर्ग रेजाला के साथ-साथ मालवा थाली, बुंदेलखंड थाली और मध्यप्रदेश स्पेशल थाली का स्वाद आगंतुक ले सकेंगे। अन्न को बढ़ावा देने के लिए मिलेट खीर, चूरमा लड्डू और रागी हलवा जैसे व्यंजन भी उपलब्ध हैं। सांची के दुग्ध उत्पाद की बिक्री और प्रदेश के हस्तशिल्प और खादी उत्पादों की प्रदर्शनी भी फेस्टिवल में लगाई गई है।
केन्द्रीय पर्यटन मंत्रालय विभिन्न राज्य सरकारों के सहयोग से 'आजादी का अमृत महोत्सव एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत फूड फेस्टिवल' प्रतिभागी राज्यों के नई दिल्ली स्थित राज्य सदनों/भवनों में कर रहा है। इसका उद्देश्य पाक-कला के क्षेत्र में भारत की समृद्ध विविधता का उत्सव मनाना है।
पन्ना जिले तक नर्मदा मैया का जल लाने के प्रयास होंगे - मुख्यमंत्री चौहान
18 Aug, 2023 08:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पन्ना जिले के गुन्नौर क्षेत्र में नर्मदा जल लाने के लिए तकनीकी परीक्षण करवाया जाएगा। जिले के नागरिकों को नर्मदा मैया का पानी उपलब्ध कराया जायेगा। गुन्नौर के महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएँ प्रारंभ की जाएंगी। साथ ही स्थानीय कन्या विद्यालय के उन्नयन की कार्यवाही भी की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान पन्ना जिले के गुन्नौर में जनदर्शन के पश्चात लाड़ली बहनों और नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने 677 करोड़ रूपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री चौहान ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्यान आकर्षित किए जाने पर कहा कि क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और भितरी मुटमुरू बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।
जन-कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, तीन निकायों को एक-एक करोड़ रूपए
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जन-कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जिले के गुन्नौर, अमानगंज और देवेन्द्र नगर नगरीय निकायों के विकास कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रूपए की राशि दी जाएगी। विभिन्न मांग पत्रों और नागरिकों के सुझावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। क्षेत्र में क्षतिग्रस्त तालाब की मरम्मत और बांध निर्माण का कार्य किया जाएगा।
पूर्व सरकार ने लगाया योजनाओं को पलीता
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पूर्व सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन पर पलीता लगा दिया था। आज मध्यप्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिन-रात जनसेवा में लगे हैं। उन्होंने निर्धन तबके को नि:शुल्क राशन उपलब्ध करवाने का कार्य किया है। मध्यप्रदेश सरकार भी आम जनता के कल्याण के लिए सक्रिय है। यहाँ 600 करोड़ रूपए की राशि से घर-घर तक पाइप लाइन से पानी पहुंचाने का कार्य हुआ है। मेडिकल और इंजीनियरिंग में होनहार विद्यार्थियों द्वारा प्रवेश लिए जाने पर शिक्षण शुल्क देने की पहल की गई है। विद्यार्थियों को चाहे 10 लाख रूपए तक फीस भरनी हो, इसकी व्यवस्था राज्य सरकार करेगी। किसानों के लिए पर्याप्त सिंचाई जल और 6 हजार रूपए पीएम किसान निधि के साथ ही राज्य स्तर पर प्रतिवर्ष 6 हजार रूपए की राशि देने का कार्य किया जा रहा है। किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण भी मिल रहा है। पूर्व सरकार द्वारा बैगा, सहरिया और भारिया परिवारों के लिए आहार अनुदान की राशि का भुगतान, बहनों को मिलने वाली 16 हजार रूपए की प्रसव सहायता राशि, कन्या विवाह योजना और तीर्थ-दर्शन योजना का क्रियान्वयन बंद कर दिया था। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार बुजुर्गों को रेल ही नहीं प्लेन से भी तीर्थों के दर्शन करवा रही है।
लाड़ली बहनाओं को उपहार देने की तिथि आ रही है नजदीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 30 अगस्त को रक्षा-बंधन पर्व है। बहनों को भाई का उपहार मिलने वाला है। आगामी 27 अगस्त को दोपहर 1.00 बजे महत्वपूर्ण फैसला लिया जाएगा। लाड़ली बहनों ने यहाँ पगड़ी पहनाकर मेरा स्वागत किया है, इनका सम्मान कभी कम नहीं होने देंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि फूल बरसाकर स्वागत करने वाली लाड़ली बहनों की राह में कभी कांटे आने दिए जाएंगे। लाड़ली बहनों की जिन्दगी में कभी अंधेरा न आए, यह मेरा संकल्प है। राखी का कच्चा धागा स्नेह का प्रतीक है। बहनों की आँखों में आँसू नहीं रहने दूंगा। हम मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण का इतिहास बनाएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहना योजना का क्रियान्वयन प्रारंभ किया गया है। बहनों का सम्मान इस योजना से बढ़ रहा है। लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 15 हजार करोड़ रूपए का प्रबंध किया है। प्रयास यह है कि विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से बहनों की मासिक आमदनी 10 हजार रूपए तक हो जाए। प्रदेश में दुराचारियों के लिए कठोर सजा और फांसी तक के प्रावधान किए गए हैं। कार्यक्रम में खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद वी.डी.शर्मा और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जनदर्शन में उमड़े नागरिक
जनदर्शन में गुन्नौर के नागरिक मुख्यमंत्री चौहान के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। अनेक स्थानों पर मंच बनाकर मुख्यमंत्री का पुष्पहारों से स्वागत किया गया।
विकास कार्यों का लोकार्पण - भूमिपूजन
मुख्यमंत्री चौहान ने 677 करोड़ 49 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। गुनौर विधानसभा क्षेत्र के लिए 677 करोड़ 49 लाख 46 हजार रूपये के 9 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें 60 करोड़ 17 लाख के 3 विकास कार्यों का लोकार्पण और 617 करोड़ 32 लाख 41 हजार रूपये के 9 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन कार्यों में 27-27 करोड़ के बिरवाही, देवेन्द्र नगर वितरण केन्द्र एवं पवई क्षेत्र के ग्राम सिमरिया में 132/33 केवी उप केन्द्रों का निर्माण और 6.17 करोड़ लागत का गुनौर बायपास मार्ग- लंबाई 3.30 कि.मी. शामिल है। मुख्यमंत्री चौहान ने जिन विकास कार्यों के लिए भूमि-पूजन किया, उनमें 506 करोड़ 54 लाख की पवई व्यारमा समूह जल-प्रदाय योजना, 38 करोड़ से शासकीय उत्कृष्ट उमावि, गुनौर का पुनर्विकास कार्य, 31 करोड़ 70 लाख से उत्कृष्ट उमावि ककरहटी का पुनर्विकास, 27 करोड़ 65 लाख की गुनौर की अमृत 2.0 जल-प्रदाय योजना, 12 करोड़ 63 लाख 41 हजार रूपये की लागत से शाहनगर में नवीन शासकीय आईटीआई का निर्माण और 80 लाख से गुनौर नगर परिषद के कार्यालय भवन का निर्माण शामिल है।
कमलनाथ जी आप गरीबों की योजना छीनने के मॉडल हैं
18 Aug, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस के आरोप पत्र पर भाजपा का चौतरफा हमला, शिवराज-वीडी ने कहा
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। 18 साल की भाजपा सरकार के घोटालो की शीट कांग्रेस की तरफ से जारी करने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पलटवार किया है। सीएम शिवराज ने कहा कि हमारी तैयारी युद्ध स्तर पर चल रही है। कांग्रेस बौखला गई है। इसलिए उल जलूल कुछ भी आरोप लगा रही है। लेकिन जनता का जो प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है वह अद्भुत और अभूतपूर्व है। वहीं कमलनाथ के खुद को 2023 का मॉडल बताने पर वीडी शर्मा ने कहा कि आप 2023 के मॉडल तो नही है बल्कि आप सिख दंगो, विदेश को खुफिया जानकारी देने वाले मॉडल जरूर है,आप 15 महीने में गरीबो की योजनाओं को छीनने के जरूर मॉडल है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से मैदान में है। युद्ध स्तर पर हमारी तैयारियां चल रही है। कांग्रेस कह रही थी, कि 1 साल पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे, 6 महीने पहले उम्मीदवार घोषित करेंगे लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने तो अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। हमारे सेनापति अब मैदान में है। सरकार का विकास पर्व चल रहा है। जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है। अलग-अलग करीब कल्याण और जन कल्याण के कार्यक्रम लगातार किए जा रहे हैं।
22 को सीखो और कमाओ योजना का शुभारंभ
मुख्यमंत्री सीखो ओर कमाओ योजना का शुभारंभ 22 अगस्त को होगा। यह जानकारी देते हुए शिवराज ने कहा कि लाडली बहना जैसी कई योजनाएं हम लोग पहले से ही चला रहे हैं। हमारी तैयारी से कांग्रेस परेशान है।
20 को शाह रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 अगस्त को भोपाल में भाजपा सरकार के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। सीएम ने कहा कि हमारे नेता अमित शाह सरकार के द्वारा जो काम किया गया है, उनके बारे में बताएंगे।
ग्वालियर में कार्यसमिति की बैठक
सीएम ने कहा कि हमारे विस्तारित कार्यकारिणी की बैठक 20 अगस्त को कही ग्वालियर में होने वाली है। हमारे चुनाव के पहले विधानसभा के सम्मेलन चल रहे हैं, जन दर्शन चल रहे हैं, अलग-अलग कार्यक्रम चल रहे हैं। हम लोग विजय के संकल्प और विश्वास के साथ मैदान में है।
2023 के बाद 2024 में भी सभी 29 सीटें जीतेगी
सीएम शिवराज ने कहा कि जनदर्शन में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। जल्द ही हमारी कई यात्राएं प्रारंभ होने वाली है। इसी को देखकर कांग्रेस परेशान है। भारतीय जनता पार्टी फिर से भारी बहुमत से 2023 का विधानसभा चुनाव जीत कर सरकार बनाने वाली है। 2024 में लोकसभा की 29 की 29 सीटें भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
कांग्रेस ने झूठ पत्र जारी किया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि आज भी कांग्रेस ने झूठ पत्र जारी किया है। वीडी शर्मा ने 50 प्रतिशत कमीशन के वायरल पत्र जारी करने वाले ज्ञानेंद्र अवस्थी को लेकर कमलनाथ से सवाल किया कि आज तक आप जवाब नहीं दे पाए कि ज्ञानेंद्र अवस्थी कौन है। आपने अपने आला कमान को झूठा साबित कर दिया।
कांग्रेस है करप्शन की दुकान
वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस करप्शन की दुकान है। उन्होंने कहा कि 15 महीने की सरकार में 15 हजार करोड़ के घोटाले आपने किए। वेयरहाउस घोटाला, कृषि उपकरण घोटाला आपके पूर्व ओएसडी के दफ्तर में छापेमारी में करोड़ों रुपए मिले थे। शर्मा ने कहा कि आपकी सरकार में आपके मंत्री आरापे लगाते थे कि पैसा ऊपर तक जाता है। यह आरोपनहीं है बल्कि प्रमाणित है। आगस्ता वेस्टलैंड घोटाला आपके रिश्तेदार रतूल पूरी ने किया था।
आपने ट्रांसफर उद्योग चलाया
शर्मा ने कांग्रेस की 15 महीने की सरकार में ट्रांसफर उद्योग चलाने का आरोप लगाया। वीडी शर्मा ने कहा कि यह अपने आप में इतिहास है। 15 हजार से अधिक ट्रांसफर आपकी सरकार में हुए। शर्मा ने कई घोटाले गिनाते हुए आरोप लगाया कि आपके समय वल्लभ भवन घोटाले का अड्डा बन गया था।
राजगढ़ : प्रदीप मिश्रा की कथा से पहले निकलेगी कलश यात्रा
18 Aug, 2023 02:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजगढ़ जिला मुख्यालय में 19 अगस्त से 23 अगस्त तक पंडित प्रदीप मिश्रा के द्वारा सुनाई जाने वाली शिवमहापुराण कथा से पूर्व राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में एक भव्य कलश यात्रा का आयोजन 18 अगस्त को किया जाएगा, जिसमें लगभग 51 हज़ार मातृशक्तियां शामिल होंगी। आयोजन समिति ने कलश यात्रा की तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। वहीं कोतवाली पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए हैं।
कोतवाली पुलिस ने प्रेसनोट के माध्यम से कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाओं से सोने के आभूषण पहनकर न आने की अपील की है। कोतवाली पुलिस द्वारा जारी किए गए प्रेसनोट में लिखा है कि 18 अगस्त को राजगढ़ में आयोजित विशाल-भव्य कलश यात्रा में सम्मिलित हो रहीं सभी माताओं एवं बहनों से आग्रह है कि यात्रा में सोने-चांदी के आभूषण पहनने से बचे व अपने गहने हार आदि कीमती समान घर में सुरक्षित रख कर आये।
यात्रा के दौरान ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। भीड़ के बीच सादे कपड़ों में पुलिस के जवानों को तैनात किया जाएगा। यात्रा के आगे/पीछे, दाये/बाये पुलिस के जवान तैनात रहेंगे, संपूर्ण यात्रा के दौरान CCTV कैमरों द्वारा सतत निगरानी रखी जाएगी। सावधानी ही सर्वश्रेष्ठ बचाव है इस वाक्य को ध्यान में रखते हुए निवेदन है कि बिना सोने चांदी के आभूषण पहनकर कलश यात्रा में शामिल हों और धार्मिक आयोजन का बेफिक्र होकर आनंद लें। आपको यदि अपने आसपास कोई संदिग्ध या बदमाश व्यक्ति दिखे तो पुलिस को सूचित करें।
भोपाल के राहुल KBC की हॉट सीट पर पहुंचे , बीमारी के रिसर्च के लिए डोनेट करेंगे जीत की राशि
18 Aug, 2023 02:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
राजधानी भोपाल के राहुल नेमा अमिताभ बच्चन के कौन बनेगा करोड़पति कार्यक्रम में 3 लाख 20 हजार रुपये जीत गए हैं। शुक्रवार रात बिग बी ने उनसे 6 लाख 40 हजार रुपये के लिए अगला प्रश्न करेंगे। भोपाल के मध्यप्रदेश ग्रामीण विकास बैंक में राहुल असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर हैं। 31 वर्षीय राहुल 90 प्रतिशत दिव्यांग हैं। वह बचपन से ऑस्टियोजेनेसिस इंपरफेक्टा बीमारी से पीड़ित है। तीन फीट के राहुल मूवमेंट नहीं कर सकते। राहुल का कहना है कि डॉक्टरों के अनुसार ऑस्टियोजेनेसिस इंपरफैक्टा बीमारी का अभी कोई इलाज नहीं है। वह केबीसी में जीती राशि का उपयोग अपने आप को सेल्फडिपेंडेट बनाने डिवाइस बनाने और इस बीमारी के रिसर्च और डेवलपमेंट पर खर्च करेंगे।
20 अगस्त को गृहमंत्री अमित शाह करेंगे मध्य प्रदेश का दौरा
18 Aug, 2023 01:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 अगस्त को भोपाल में शिवराज सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करेंगे। इसमें शिवराज सरकार द्वारा किए गए कार्यों का लेखा-जोखा रहेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा सहित मंत्री व पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री चौहान ने पिछले दिनों कहा था कि हम जनता के सामने अपने कामों का रिपोर्ट कार्ड रखेंगे।
इसको लेकर सभी विभागों से 2003 के बाद से लेकर अब तक किए गए कार्यों का लेखा-जोखा तैयार करवाया गया है। सूत्रों के मुताबिक रिपोर्ट कार्ड में महिला, युवा, किसान सहित अन्य वर्गों के उत्थान के लिए किए गए कार्य को विस्तार से जनता के सामने रखा जाएगा।साथ ही यह भी बताया जाएगा कि भाजपा सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से प्रदेश आज विकास की मुख्यधारा में आ चुका है। अधोसंरचना विकास के लिए पूंजीगत व बढ़ाया गया तो निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए कई नीतिगत परिवर्तन किए गए हैं।
बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी का गिराया गया घर
18 Aug, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश के सतना जिले में पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी का आज यानी शुक्रवार को घर गिराया गया। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस फोर्स मौजूद है। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है।नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी समेत कई धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने आरोपी को मानसिक रूप से बीमार बताया।इससे पहले, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।इस संबंध में सतना के कलेक्टर से बात की गई है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से दस्तावेज व जांच रिपोर्ट मांगी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।पीड़िता की हालत नाजुक है।
उसे गंभीर हालत में रीवा के मेडिकल कॉलेज के संजय गांधी अस्पताल में भेजा गया है। आरोपी दुष्कर्म के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने बच्ची को टॉफी देने का लालच देकर अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। लोगों ने उसे बच्ची को गोद में उठाकर ले जाते हुए देखा, जिस पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी और बच्चों को थाने ले गई।
ग्वालियर में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 20 अगस्त को
18 Aug, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । मध्य प्रदेश में विधानसभा की तैयारी में भाजपा का शीर्ष नेतृत्व जुट गया है। केंद्रीय नेतृत्व लगातार प्रदेश में बैठक की जा रही है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 20 अगस्त को ग्वालियर में होगी। बुधवार को कार्यसमिति की बैठक की तारीख तय हो गई है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर, चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव भी शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश कार्यक्रम समिति में सांसद, विधायकों, जिलाध्यक्षों, प्रभारियों को भी बुलाया गया। इस बैठक में 1200 पदाधिकारियों के शामिल होने की बात कही जा रही है।
2018 के चुनाव में भाजपा को मालवा, महाकौशल और ग्वालियर-चंबल में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। इसके चलते भाजपा सत्ता में वापसी नहीं कर पाई थी। पिछले चुनाव में भाजपा को ग्वालियर-चंबल में 34 सीटों में सिर्फ 7 सीटें मिली थी। वहीं, बसपा एक सीट पर जीती थी। बाकी 26 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। हालांकि सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद भाजपा ने दोबारा सरकार बना ली। जबकि 2013 में भाजपा को अंचल में 20 सीटों पर जीत मिली थी।
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा विधायकों और दावेदारों की कुंडली तैयार करने केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर चार राज्यों के विधायकों की टीम 20 अगस्त से फील्ड में एक्टिव हो जाएगी। ये सभी विधायक 18 अगस्त तक भोपाल आ जाएंगे और 19 अगस्त को इन्हें उन विधानसभा क्षेत्रों में रवाना कर दिया जाएगा जहां एक हफ्ते तक रुककर उन्हें बीजेपी का रिपोर्ट कार्ड तैयार करना है। इसके लिए प्रदेश भाजपा की ओर से हर बाहरी विधायक को एक गाइड भी दिया जाएगा। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में गुजरात, महाराष्ट्र, यूपी और बिहार के भाजपा विधायकों को सात दिन तक रुककर बीजेपी का रिपोर्ट कार्ड तैयार कराने का फैसला किया है। इन विधायकों को बुलाकर पार्टी द्वारा एक दौर की ट्रेनिंग दी जा चुकी है और बताया जा रहा है कि गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात और उनके प्रबोधन के बाद ये विधायक एमपी के लिए रवाना किए जाएंगे।
बीच चुनाव में कांग्रेस को लग सकते हैं ‘भागीरथी’ झटके
18 Aug, 2023 10:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए ‘जीतने’ वाली रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। पार्टी के रणनीतिकार प्रमुख विपक्षी दल कांगे्रस को लेकर भी मंथन कर रहे हैं। उन नेताओं के संपर्क में हैं, जो दल बदलना चाहते हैं। जिनमें से कुछ ऐसे नेता भी हैं जो कांग्रेस से टिकट के दावेदार हैं। भाजपा अपनी रणनीति में सफल रही तो प्रत्याशी घोषित होने के बाद बीच चुनाव में दो-चार नेताओं को पार्टी में शामिल कराकर कांग्रेस को ‘भागीदारी’ झटका दे सकती है।
खासकर बात यह है कि भाजपा की ओर से ग्वालियर-चंबल, महाकौशल और मालवा-निमाड़ क्षेत्र के लिए इस तरह की गोटियां फिट की जा रही है। इसको लेकर भाजपा संगठन के कुछ नेता विरोधी दल के नेताओं से लगातार संपर्क में हैं। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के दो मौजूदा विधायकों की भाजपा के रणनीतकारों के साथ दिल्ली में मुलाकात की खबरें हैं। हालांकि इसकी किसी पुष्टि नहीं की गई है। इसी तरह कांगे्रस महासचिव प्रियंका गांधी की 12 जून को जबलपुर की सभा के बाद भाजपा महाकौशल में सक्रिय हो गई। मालवा-निमाड़ में संघ के अनुषंागिक संगठन इस काम में भाजपा का सहयोग कर रहे हैं। खबर है कि भाजपा के रणनीतिकारों ने कांगे्रस के आदिवासी, अनुसचित जाति वर्ग के नेताओं से संपर्क साधा है। जिसमें कुछ जयस पृष्ठभूमि के नेताओं के नाम की भी चर्चा है। भाजपा इस काम को मिशन 2023 के तहत बेहद गोपनीय तौर पर अंजाम देेने में जुटी है। हालांकि इसमें कितनी सफल हो पाती है, यह अभी तय नहीं है। उल्लेखनीय है कि 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान भिंड से कांग्रेस प्रत्याशी तय होने के बाद भागीरथ प्रसाद भाजपा में शामिल हो गए थे।
भाजपा मौजूदा स्थिति में महाकौशल, ग्वालियर-चंबल में कांग्रेस की अपेक्षा बेहद कमजोर है। जबकि मालवा-निमाड़ में दोनों-बराबरी पर हैं। चुनाव के बीच यदि इन क्षेत्रों में एक-एक कांगे्रस नेता को भाजपा में शामिल करा लिया जाता है तो इससे भाजपा को चुनाव में सियासी लाभ मिल सकता है।
चार राज्यों के 230 भाजपा विधायक आज आएंगे भोपाल
18 Aug, 2023 09:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। मध्य प्रदेश में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने मैदानी जानकारी जुटाने के लिए गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और बिहार के 230 विधायकों की ड्यूटी लगाई है। ये सभी शुक्रवार को भोपाल पहुंचेंगे। यहां इन्हें शनिवार को प्रशिक्षण देकर विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा। प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय संगठन ने विधानसभावार विधायकों की ड्यूटी लगाई है। इन्हें आवंटित विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की मैदानी स्थिति का आकलन करना है और संभावित दावेदारों को लेकर संगठन को रिपोर्ट देंगे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में इन्हें बताया जाएगा कि क्षेत्र के प्रवास के दौरान क्या-क्या करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्टी राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा विष्णुदत्त शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। उधर, मप्र विधानसभा चुनाव को लेकर बुधवार को दिल्ली में बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा शामिल हुए। पार्टी नेताओं के अनुसार केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक थी, जो पहली बार चुनाव से पहले हुई है। इसमें प्रारंभिक तौर पर चुनावी तैयारियों का लेखा-जोखा लिया गया। टिकट के क्राइटेरिया को लेकर भी गंभीरता से चर्चा हुई। इसमें किसे टिकट देना है, परिवारवाद और वंशवाद जैसे मुद्दे पर कठोरता से गाइडलाइन बनाने की बात कही गई।
चार राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा अपनी रणनीति के तहत दूसरे राज्यों के विधायकों को संगठन की रिपोर्ट लेने भेज रही है, जहां चुनाव है। इन विधायकों को 21 अगस्त से अपनी रिपोर्ट हर दिन भोपाल और दिल्ली भेजना होगी। दिल्ली से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इस दौरान विधायक किसी दावेदार के साथ नहीं रहेंगे। उन्हें केवल संगठन की मजबूती परखना है। उस हिसाब से भाजपा चुनाव में अपनी रणनीति बनाएगी। ये सभी विधायक 19 को भोपाल तो 20 को संबंधित विधानसभा में पहुंच जाएंगे, जहां की जवाबदारी इन्हें दी गई है। इन्हें भोपाल से मिनट टू मिनट शेड्यूल दिया जाएगा। स्थानीय नेताओं के बतौर केवल विधानसभा प्रभारी और चुनाव की दृष्टि से बनाए गए संयोजक इनके साथ रहेंगे। इस दौरान न तो कोई दावेदार अपनी दावेदारी जताएगा और न ही ऐसा कोई काम करेगा, जिससे ऐसा लगे कि वह विधायकों को प्रभावित कर रहा है। हर दिन की रिपोर्ट बनाकर इन्हें भोपाल और दिल्ली कार्यालय को मेल करना होगी, जहां पूरे प्रदेश की समीक्षा की जाएगी और फिर चुनाव में किस तरह से काम किया जाए, इसको लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
सरकार की योजना से फायदा लेने वाले हितग्राहियों का एक सम्मेलन भी इस दौरान रखा जाएगा, वहीं कार्यकर्ता और उस विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले वरिष्ठ नेताओं की सूची भी इन्हें दी गई है, जिनसे ये बातचीत करेंगे। सभी 230 सीटों पर एक जैसे बिंदुओं पर संवाद किया जाएगा।
इन विधायकों को 7 दिन का कार्यक्रम दिया गया है, जिसमें सामाजिक संगठनों से भी मिलने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही किस सीट पर जातिगत वर्चस्व किसका है, उनके साथ भी ये मीटिंग करेंगे। इसके साथ ही कौन-सी सीट पर किस तरह की परेशानी आ सकती है, इसको लेकर भी अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे।