मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
दिल्ली से होगा ‘आप’ के दावेदारों का सर्वे
18 Aug, 2023 08:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भाजपा और कांग्रेस की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी भी प्रत्याशी चयन के लिए सर्वे का सहारा लेगी। ये सर्वे दिल्ली की टीम करेगी। यह सर्वे एक निजी टीम द्वारा करवाया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी ने अपनी प्राथमिकता में सामाजिक तौर पर अच्छी छवि रखने वाले लेागों को टिकट देने का मन बनाया है, वहीं आपराधिक या किसी प्रकार के आरोप वाले लोगों को टिकट नहीं दिया जाएगा। आम आदमी पार्टी प्रत्याशियों का चयन दिल्ली और पंजाब में किए गए सर्वे के अनुसार ही करेगी और इन्हीं बिंदुओं को प्रदेश में भी लागू किया जाएगा। फिलहाल पार्टी उन सीटों पर ध्यान दे रही है, जहां भाजपा और कांग्रेस से लोग नाराज हैं। भोपाल के बाद ग्वालियर में भी केजरीवाल सभा कर चुके हैं और रविवार को वे रीवा में रहेंगे। फिलहाल आप का संगठन रीवा में अरविन्द केजरीवाल की सभा में लगा हुआ है। इस बीच कुछ माह पहले पार्टी की ओर से कहा गया था कि जो चुनाव लडऩा चाहते हैं, वे अपने बायोडाटा दे दें, लेकिन अब बायोडाटा के आधार पर नहीं, बल्कि सर्वे के आधार पर ही टिकट दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने अमर शहीद मदनलाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर किया नमन
17 Aug, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमर शहीद मदन लाल ढींगरा के बलिदान दिवस पर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में अमर शहीद ढींगरा के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।
अमर शहीद स्वतंत्रता सेनानी मदनलाल ढींगरा का जन्म 18 सितंबर, 1883 को पंजाब प्रांत में हुआ। उन्होंने यूनिवर्सिटी कॉलेज, लंदन में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश लिया। लंदन में ढींगरा प्रख्यात राष्ट्रवादी विनायक दामोदर सावरकर एवं श्यामजी कृष्ण वर्मा के संपर्क में आए। वहाँ के सभी देशभक्त खुदीराम बोस, कन्हाई लाल दत्त, सतिंदर पाल और काशी राम जैसे क्रांतिकारियों को मृत्युदंड दिए जाने से क्रोधित थे। परिणाम स्वरूप इंडियन नेशनल एसोसिएशन के वार्षिक उत्सव में ढींगरा ने सर विलियम कर्जन वायली पर गोलियाँ दाग दीं। जुलाई, 1909 को मदनलाल ढींगरा के केस की सुनवाई के बाद 17 अगस्त, 1909 को ब्रिटिश सरकार द्वारा उन्हें फाँसी दे दी गई।
मप्र भाजपा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जनता के सुझावों के आधार पर तैयार करेगी
17 Aug, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का घोषणा पत्र इस बार भाजपा प्रदेश की जनता से सुझाव लेकर तैयार कर रही है। इसके लिए घोषणा पत्र समिति संभागवार बैठकें कर कार्यकर्ताओं के साथ ही आम लोगों के सुझाव ले रही है। विंध्य क्षेत्र से इसकी शुरूआत की गई।
भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की बैठक
16 अगस्त को विंध्य के रीवा और शहडोल संभाग की बैठक के बाद गुरुवार को भाजपा की घोषणा पत्र समिति ने प्रदेश कार्यालय में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की बैठक की। बैठक में दोनों ही संभागों के सभी जिला महामंत्री और पार्टी के मोर्चा पदाधिकारियों को बुलाया गया।
सुझावों को लेकर बनाई कार्ययोजना
मोर्चा पदाधिकारियों के लिए लक्ष्य तय किए गए हैं और अलग-अलग वर्ग से किस तरह से सुझाव लिए जा सकते हैं, इसकी कार्ययोजना बनाई गई। जिलों में सुझाव लेेने के लिए जिला महामंत्रियों से विभिन्न माध्यमों के उपयोग के बारे में चर्चा की गई। सुझाव लेने के लिए भाजपा जगह-जगह सुझाव पेटियां लगाएगी। ई-मेल पर भी सुझाव लिए जाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, घोषणा पत्र समिति के प्रमुख जयंत मलैया, सह प्रमुख प्रभात झा, दीपक विजयवर्गीय और कविंद्र कियावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भोपाल नर्मदापुरम संभाग की बैठक को संबोधित किया।
इंदौर व उज्जैन संभाग की होगी बैठक
घोषणा पत्र समिति के पदाधिकारी शुक्रवार को इंदौर और उज्जैन संभाग की बैठक लेंगे। सुबह उज्जैन संभाग की बैठक ली जाएगी। इसके के बाद दोपहर में इंदौर संभाग के भाजपा जिला महामंत्रियों और मोर्चा पदाधिकारियों के साथ बैैठक होगी। दोनों ही संभागों की वस्तुस्थिति के अनुसार सुझाव के लिए कार्ययोजना बनाई जाएगी। किसान, महिला, युवा, डाक्टर, अधिवक्ता, शासकीय और निजी उपक्रम में कार्यरत कर्मचारी वर्ग सहित अलग- अलग वर्ग से सुझाव लिए जाएंगे।
संभागवार बैठकों के बाद जिलों में लिए जाएंगे सुझाव
घोषणा पत्र समिति के पदाधिकारियों द्वारा संभागवार बैठकें की जा रही हैं। मध्य प्रदेश के रीवा शहडोल संभाग और भोपाल नर्मदापुरम संभाग की बैठक के बाद अब शुक्रवार को उज्जैन व इंदौर संभाग की बैठक की जाएगी। इस सप्ताह ग्वालियर चंबल और जबलपुर संभाग की बैठकें भी की जानी हैं। इन संगठनात्मक बैठकों के बाद घोषणा पत्र समिति जिलों में जाएगी। जिले से लेकर विकासखंड स्तर जनता से सुझाव लिए जाएंगे।
सतना पूरे देश में दिव्यांगजनों को सर्वाधिक मोटराइज्ड ट्रायसिकिल देने वाला जिला बना
17 Aug, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : सतना के बीटीआई ग्राउण्ड में दिव्यांग सहायता के लिये बुधवार को विशाल शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राज्य सरकार और कोल इण्डिया लिमिटेड के सीएसआर मद से जिले के 212 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क मोटराइज्ड ट्रायसिकिल वितरित की गई। शिविर में सतना सांसद गणेश सिंह मौजूद थे।
सांसद सिंह ने कहा कि जिले में एडिप योजना में दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्रायसिकिल वितरित करने का सिलसिला नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि जिले के दिव्यांगजनों को स्व-रोजगार से जोड़ने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास राज्य सरकार की ओर से लगातार किये जाते रहेंगे। सांसद सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को पात्रता अनुसार नि:शुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जायेगा। इनके आयुष्मान कार्ड बनाकर दिये जायेंगे। सतना जिले में पिछले 5 वर्षों में दिव्यांगजनों को 1517 मोटराइज्ड ट्रायसिकिल, 699 हस्त-चलित ट्रायसिकिल, 903 व्हील-चेयर, 1313 श्रवण यंत्र, 1751 कृत्रिम अंग केलीपर्स, 1004 बैसाखी, 463 दृष्टिबाधित स्मार्ट केन और स्मार्ट फोन वितरित किये गये हैं। शिविर के आयोजन में कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को जबलपुर और नार्दन कोल फील्ड सिंगरौली की ओर से एक करोड़ रूपये की राशि की मदद भी दी गई। शिविर में सतना नगर निगम महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल एवं स्थानीय जन-प्रतिनिधि मौजूद थे।
करीमुन निशा को मिली मोटराइज्ड ट्रायसिकिल
राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएँ सभी आयु वर्ग के हितग्राहियों के जीवन को सुगम बनाने में वरदान साबित हो रही हैं। सतना जिले की जनपद पंचायत रामपुर बघेलान के सज्जनपुर की रहने वाली 45 वर्षीय दिव्यांग करीमुन निशा नि:शुल्क मोटराइज्ड ट्रायसिकिल पाकर बेहद खुश हैं। आँगनवाड़ी कार्यकर्ता करीमुन निशा दोनों पैर से दिव्यांग होने के कारण तकलीफ में थीं। मोटराइज्ड ट्रायसिकिल मिलने से उनकी परेशानी दूर हो गई है। पूर्व में उन्हें आँगनवाड़ी केन्द्र और अन्य जगह आने-जाने में कठिनाई होती थी। तकलीफ के बावजूद भी वे स्कूटी नहीं खरीद पा रही थीं। उन्होंने राज्य सरकार की इस योजना के लिये अपनी ओर से धन्यवाद भी दिया है।
रेवीज प्री एक्सपोजर प्रोफाईलेक्सिस टीकाकरण शिविर सम्पन्न
17 Aug, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (म.प्र), राज्य पशुपालन विभाग, भोपाल नगर निगम और पाथ संस्था के समन्वय से गुरुवार को रेबीज प्री-एक्सपोज़र प्रोफ़ाईलेक्सिस टीकाकरण शिविर का आयोजन राज्य पशु चिकित्सालय, भोपाल में किया गया। शिविर में नगर निगम में कार्यरत कर्मचारी, पशुपालन विभाग के कर्मचारी एवं अन्य पशु-प्रेमियों को रेबीज का पहला टीका लगाया गया।
शिविर का शुभारंभ मध्यप्रदेश राज्य पशुपालन एवं डेयरी विभाग के संचालक डॉ. आर.के. मेहिया द्वारा किया गया। आयोजित शिविर में कुल 121 लोगों का टीकाकरण कर रेबीज कार्ड का वितरण किया गया। 7 दिनों के बाद 24 अगस्त को प्रथम डोज़ और 28 दिनों बाद 14 सितम्बर को दूसरे डोज़ का टीका लगाया जायेगा।
कार्यक्रम में नेशनल रेबीज कंट्रोल प्रोग्राम की उप संचालक डॉ. नमिता नीलकंठ, भोपाल नगर निगम के वेटेनरी सर्जन डॉ. एस. के श्रीवास्तव, पशुपालन विभाग से डॉ. अजय रामटेके एवं डॉ. जयंत तपासे और भोपाल जिले की इपिडोमोलॉजिस्ट डॉ. कामिनी सहित पाथ संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री चौहान ने रोपे पीपल, कदम्ब और मौलश्री के पौधे
17 Aug, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पीपल, कदंब और मौलश्री के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ भूपेन्द्र सिंह तथा बालक आर्यन माहाला ने अपने जन्म दिवस पर पौधे लगाए। सर्व दीपक त्यागी, अमित माहाला, आदर्श माहाला, रितिक चौधरी तथा नुपुर सेनगुप्ता व कीर्ति माहाला भी पौधरोपण में शामिल हुईं। मुख्यमंत्री चौहान ने सभी से अपने-अपने क्षेत्र में पौधरोपण के लिए जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का आव्हान किया।
चिकित्सकों का कार्य सामान्य नौकरी या आजीविका से कहीं बड़ा है- मुख्यमंत्री चौहान
17 Aug, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि हम और आप मिलकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐसी स्थिति निर्मित करें कि कोई गरीब और जरूरतमंद इलाज के बिना नहीं रहें। उसका सही उपचार हो और वह स्वस्थ हो। प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था की आश्वस्ति मैं देता हूँ और बेहतर सेवा देने का वचन चिकित्सकों से अपेक्षित है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में 3 करोड़ 60 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए हैं, हम प्रदेश में आयुष्मान भारत का यूनिवर्सल कव्हरेज करेंगे, जो परिवार आर्थिक रूप से संपन्न हैं उन्हें छोड़कर सभी के आयुष्मान कार्ड बनाये जायेंगे। जटिल बीमारियों के उपचार पर बहुत अधिक खर्च होता है, लोगों को यह भरोसा देना जरूरी है कि बीमारी के समय सरकार उनके साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री चौहान लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के नवनियुक्त चिकित्सकों और विशेषज्ञों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए समत्व भवन में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सकों से संवाद कर रहे थे।
83 शिशु रोग , 76 सर्जन विशेषज्ञों तथा 128 दंत शल्य चिकित्सकों को जारी किए गए नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, अन्य अधिकारी तथा नव नियुक्त विशेषज्ञ व चिकित्सक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने आज 83 शिशु रोग तथा 76 सर्जन विशेषज्ञों, 128 दंत शल्य चिकित्सकों का नियुक्ति पत्र जारी किए। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अंतर्गत सहायक माइक्रो बायोलाजिस्ट पद पर 2, सहायक लोक विश्लेषक के 6 तथा सहायक औषधि विश्लेषक 24 अभ्यार्थियों को भी नियुक्ति पत्र जारी किए गए। मुख्यमंत्री चौहान ने नवनियुक्त चिकित्सकों, विशेषज्ञों आदि को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
स्वस्थ शरीर देश, समाज और दुनिया बनाता है
मुख्यमंत्री चौहान ने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि आपका कार्य सामान्य नौकरी या आजीविका अर्जन से कहीं बड़ा है। आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि लोगों का जीवन बचाने और उन्हें रोगों से मुक्त करने का काम आपके हाथों में है। आप अपने कार्य को इस भावना से संचालित करेंगे तो जीवन में सदैव आनंद और प्रसन्नता बनी रहेगी। लोग आपका सम्मान भी करेंगे और पूजेंगे भी। शासकीय चिकित्सालयों में प्राय: गरीब, निम्न मध्यम वर्गीय और मध्यम वर्गीय परिवारों के लोग आते हैं। हमारा प्रयास है कि हम उचित रूप से इलाज की व्यवस्था संचालित करें। स्वस्थ शरीर देश, समाज और दुनिया बनाता है। बिना स्वास्थ्य के व्यक्ति अपने किसी भी संकल्प को पूरा नहीं कर सकता। अत: डॉक्टरों द्वारा की गई सेवा सबसे बड़ी सेवा है। दूसरे की भलाई करने से बड़ा कोई धर्म नहीं है।
मैं राजनीति नहीं आता तो डॉक्टर ही बनता - मुख्यमंत्री चौहान
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मेरे लिए भी मध्यप्रदेश की जनता की सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है। हम कितने भी बड़े अस्पताल या स्वास्थ्य संस्थान खोल लें, लेकिन इन संस्थाओं की आत्मा आप चिकित्सक ही हैं। कोविड काल में शासकीय चिकित्सालयों और चिकित्सकों द्वारा की गई सेवा का सभी ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अगर मैं राजनीति के क्षेत्र में नहीं आता तो निश्चित रूप से डॉक्टर ही बनता।
मुख्यमंत्री चौहान ने डिजिटली जारी किए नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रधानमंत्री मोदी का आयुष्मान भारत योजना के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश में बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान योजना के अंतर्गत सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रसन्नता का विषय है कि 925 और चिकित्सकों का चयन मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा किया गया है। शीघ्र ही चिकित्सकों की समस्याओं व अपेक्षाओं पर चर्चा के लिए डॉक्टर्स पंचायत आयोजित की जाएगी मुख्यमंत्री चौहान ने प्रतीक स्वरूप सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. राजीव कनेरिया, डॉ. नमिता मिश्रा, डॉ. राजेश कुमार कौल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमित्रा वर्शी, डॉ. इंद्रजीत, दंत्त शल्य चिकित्सक डॉ. शिवानी राय, डॉ. धीरज भईया जी दुपारे, डॉ. रितु शर्मा, सहायक माइक्रो बायोलॉजिस्ट अंशुल शर्मा, सहायक औषधि विश्लेषक ममता और सहायक लोक विश्लेषक चंद बैगा को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री चौहान ने शेष अभ्यर्थियों को सिंगल क्लिक से डिजिटली नियुक्ति पत्र जारी किए।
प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है : मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। शासकीय चिकित्सालयों के कायाकल्प, पैथॉलॉजी जांचों की व्यवस्था, पर्याप्त बैड की उपलब्धता से प्रदेश स्वास्थ्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। मंत्री डॉ. चौधरी ने नवनियुक्त चिकित्सकों तथा विशेषज्ञों को नवीन उत्तरदायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
10 साल बाद अवैध हथियार रखने वाले दो आरोपियों को 1-1 साल की जेल
17 Aug, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। जहॉगिराबाद थाना पुलिस द्वारा सिंतबर 2012 में पकड़े गये अवैध हथियार रखने वाले दो आरोपियो को अदालत ने 1-1 साल के सश्रम कारावास सहित जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी भारत सिंह रघुवंशी की कोर्ट ने दिया है। मामले में शासन की ओर से पैरवी सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी प्रियंका उपाध्याय ने की। मिली जानकारी के अनुसार घटना 14 सितंबर 2012 की है। थाना पुलिस को सूचना मिली थी, कि कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार मलिक ( मृतक) अपने साथी आरिफ खान एवं नईम एवं अन्य के साथियो के साथ चार पहिया वाहन में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए अवैध हथियार लेकर के एन प्रधान चैराहा पहुचे हैं। खबर मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनो वाहनो को घेराबंदी कर रोका। पकड़ी गई गाड़ियों की तलाशी लेने पर आरोपी नईम एवं आरिफ से एक पिस्टप मय मैगनीज 3 राउंड भरे हुये और एक तलवार जब्त की गई थी। आरोपियो के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओ में मामला कायम किया गया था। सूनवाई पूरी होने के बाद कोर्ट ने दोनो को दोषी करार देते हुए आरोपी नईम एवं आरिफ को एक-एक साल की जेल सहित एक-एक हजार रुपए के जुर्माना से भी दण्डित किया है।
शादी का झांसा देकर होटल में बनाया हवस का शिकार
17 Aug, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के जहांगिराबाद थाना इलाके में रहने वाली युवती को शादी का झांसा देकर आरोपी युवक ने होटल में ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबध बनाये और फिर लगातार उसका दैहिक शोषण करता रहा। बीते दिनो आरोपी ने युवती के साथ शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़ीता ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करा दिया। कमला नगर थाना पुलिस ने बताया कि जहांगीराबाद इलाके में रहने वाली 28 वर्षीय युवती ने अपनी शिकायत में बताया की मोहल्ले में ही रहने वाले दानिश कुरैशी से उसकी साल 2015 से दोस्ती थी। बाद मे आरोपी ने उससे नजदीकिया बढाते हुए अपने प्रैम जाल में फांस लिया। आरोप है कि दानिश उसे घुमाने के बहाने नेहरू नगर इलाके ले गया और वहॉ एक होटल में ले जाकर जर्बदस्ती उसके साथ शारीरिक संबध बना डाले। उसका विरोध करते हुए जब युवती ने शिकायत करने की बात कही तब आरोपी ने उसे जल्द ही शादी करने की बात कही। इसके बाद लगातार वह पीड़िता का दैहिक शोषण करने लगा। बीते दिनो आरोपी का व्यवहार पीड़िता के प्रति बदलने लगा ओर उसने युवती से दुरिया बनानी शुरु कर दी। उसका बदला बर्ताव देख युवती ने उसपर शादी करने का दबाव डाला तो आरोपी ने उसके साथ शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद युवती ने थाने जाकर मामला दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला कायम कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है।
एनजीटी के निर्णय से हड़कंप, सरकार और बिल्डर सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में
17 Aug, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । एनजीटी ने एक बार फिर राजधानी की कलियासोत नदी के किनारे 33 मीटर के दायरे में आने वाले सभी निर्माण तोड़ने के आदेश दिए हैं। इस क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट और ओपन एरिया के तौर पर विकसित किए जाने के आदेश दिए हैं। ट्रिब्यूनल ने नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई से शपथ पत्र लिया है। वह 2 माह के अंदर सीमांकन कराकर अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। संभावना जताई जा रही है,कि एनजीटी के इस आदेश से लगभग 2000 से अधिक निर्माण प्रभावित होंगे।
एनजीटी सेंट्रल जोन के न्यायमूर्ति सुधीर अग्रवाल और विशेषज्ञ सदस्य डॉक्टर अफरोज अहमद की बेंच ने, सुभाष सी पांडे की याचिका पर यह अंतिम आदेश पारित किया है। प्रमुख सचिव नगरीय निकाय और कमिश्नर नगर निगम दोनों से एनजीटी ने शपथ पत्र ले लिए हैं।
इससे बिल्डरों में हड़कंप मच गया है। कलियासोत नदी के दोनों ओर हजारों निर्माण टूटने की स्थिति में आ गए हैं। ऐसी स्थिति में अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करने की बात कही जा रही है। एनजीटी दो बार पहले भी आदेश जारी कर चुकी थी। लेकिन शासन और प्रशासन ने कोई कार्यवाही नहीं की। जिसके कारण एनजीटी ने अब अधिकारियों से शपथ पत्र लिए हैं।
एनजीटी के इस आदेश से मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हड़कंप मच गया है। कालियासोत नदी के दोनों किनारो पर नियमों का उल्लंघन कर,हजारों निर्माण कार्य पिछले वर्षों में कराए गए हैं। जिनकी लागत अरबो रूपया है। अब यहसभी निर्माण टूटने की कगार पर हैं। इस आदेश के बाद सारे बिल्डर इकट्ठे होकर अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। मंत्रालय में भी इस आदेश के बाद गहन मंथन शुरू हो गया है। सरकार भी एनजीटी के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जा सकती है।
मध्य प्रदेश: हारी हुई सीटों पर भाजपा के 39 उम्मीदवारों का एलान
17 Aug, 2023 04:47 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भाजपा ने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश के 39 और छत्तीसगढ़ के 21 उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। दोनों राज्यों में इस साल ही चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव के एलान से पहले ही पहली सूची की घोषणा कर भाजपा ने अपनी आक्रामक रणनीति साफ कर दी है। इससे पहले भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुधवार को नई दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में आयोजित हुई थी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बैठक के दौरान विचार-विमर्श में भाग लिया था। देर रात तक चली बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत भाजपा के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। इस दौरान मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की चुनाव तैयारियों का जायजा लिया गया था। सीईसी सदस्यों ने आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी की तैयारियों की समीक्षा भी की थी।भाजपा ने दोनों राज्यों में जिन 60 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया है, उन सभी पर पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव यानी 2018 में हार का सामना करना पड़ा था। मध्य प्रदेश की 39 सीटों में से 38 पर कांग्रेस और एक पर बसपा ने जीत दर्ज की थी। इसी तरह छत्तीसगढ़ में 21 में से 20 पर कांग्रेस और एक पर अजीत जोगी को जीत हासिल हुई थी। मध्य प्रदेश की 39 सीटों पर घोषित उम्मीदवारों के नाम:-
उम्मीदवार का नाम विधानसभा सीट
सरला विरेंद्र रावत सबलगढ़
अदल सिंह कंसाना सुमावली
लाल सिंह आर्य गोहद
प्रीतम लोधी पिछोर
प्रियंका मीणा चाचौड़ा
जगन्नाथ रघुवंशी चंदेरी
वीरेंद्र सिंह लंबरदार बंडा
कामाख्या प्रसाद सिंह महाराजपुर
ललिता यादव छतरपुर
लखन पटेल पथरिया
राजेश कुमार वर्मा गुनौर
सुरेंद्र सिंह गहरवार चित्रकूट
हीरासिंह श्याम पुष्पराजगढ़
धीरेंद्र सिंह बड़वारा
नीरज ठाकुर बरगी
अंचल सोनकर जबलपुर पूर्व
ओमप्रकाश धुर्वे शहपुरा
डॉ. विजय आनंद मरावी बिछिया
भगत सिंह नेताम बैहर
राजकुमार कर्राये लांजी
कमल मस्कोले बरघाट
महेंद्र सिंह चौहान गोटेगांव
नानाभाऊ मोहोड सौंसर
प्रकाश उइके पांढुर्ना
चंद्रशेखर देशमुख मुलताई
महेंद्र सिंह चौहान भैंसदेही
आलोक शर्मा भोपाल उत्तर
ध्रुव नारायण सिंह भोपाल मध्य
राजेश सोनकर सोनकच्छ
राजकुमार मेव महेश्वर
आत्माराम पटेल कसरावद
नागर सिंह चौहान अलीराजपुर
भानू भूरिया झाबुआ
निर्मला भूरिया पेटलावद
जयदीप पटेल कुक्षी
कालू सिंह ठाकुर धरमपुरी
मधु वर्मा राऊ
ताराचंद गोयल तराना
सतीश मालवीय घट्टिया
पीओपी से बनी प्रतिमाओं पर लगी रोक !
17 Aug, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पीओपी की मूर्तियां न बनाई जाएं इसको लेकर कलेक्टर की तरफ से धारा-144 में आदेश जारी किया है। जिसमें पीओपी और छह फीट से बड़ी मूर्तियां नहीं बनाने को लेकर साफ लिखा है। इसमें एनजीटी के नियमों का हवाला भी दिया है। इसे लेकर एडीएम हरेंद्र नारायण ने कलेक्टोरेट में मूर्तिकारों के साथ बैठक की।
एडीएम ने बताया कि पीओपी यानि प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं पर रोक के साथ छह फीट से ऊंची प्रतिमा नहीं बना सकते। इस पर मूर्तिकारों में प्रजापति मूर्तिकार माटी कला संघ के अध्यक्ष मोहनलाल प्रजापति ने कहा कि ऑर्डर पर ही अब तक करीब तीन हजार मूर्तियां बनकर तैयार हो चुकी हैं। इसमें से काफी छह फीट से ऊपर की हैं। कई मूर्तियां 12 से 15 फीट तक बनकर तैयार हो चुकी हैं।
बैठक में ही एडीएम ने मूर्तिकारों को बॉन्ड भरने के लिए कहा जिसमें लिखा था कि वह छह फीट से ऊंची मूर्ति भविष्य में नहीं बेचेंगे। पीओपी की मूर्ति नहीं बनाएंगे, अगर कोई संस्था ऐसा करने को कहती है तो उसकी सूचना पुलिस को देंगे। ऐसे एक नहीं छह बिंदु बॉन्ड में थे। इसे देखकर मूर्तिकारों ने इसे भरने से इनकार कर दिया। पुलिस थाना स्तर पर बॉन्डों को भरवाएगी।
साइकिल से भारत यात्रा करने वाली मप्र की बेटी का सीएम शिवराज ने किया सम्मान
17 Aug, 2023 01:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । महिला सुरक्षा और महिला सशक्तीकरण की अलख जगाने के साथ जन-जागरूकता के उद्देश्य से एक नवम्बर 2022 को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर राजगढ़ की रहने वाली आशा मालवीय ने एकल महिला साइकिल यात्रा भोपाल से प्रारंभ की थी। उनकी यह यात्रा 15 अगस्त 2023 को दिल्ली में संपन्न हुई। इस उपलब्धि पर मप्र की इस साहसी बेटी से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को दिल्ली के मध्यप्रदेश भवन में भेंट की। मुख्यमंत्री शिवराज ने इस उपलब्धि के लिए आशा मालवीय को अंग-वस्त्रम भेंट कर सम्मानित कर बधाई दी। उन्होंने मध्यप्रदेश की बेटी आशा के बुलंद हौसले, साहस और यात्रा के उद्देश्य की मुक्त कंठ से सराहना की।
साइकिल से तय किया 25000 किमी का सफर
गौरतलब है कि आशा ने साइकिल से यात्रा कर 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 25 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा के दौरान उन्होंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, अधिकारियों, 5 लाख स्कूली छात्रों से भेंट की। इस साइकिल यात्रा के लिए आशा ने मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदत्त अत्याधुनिक जीपीएस युक्त रोम-2 हाइब्रिड साइकिल का इस्तेमाल किया।
इन राज्यों से होकर गुजरी साइकिल यात्रा
साइकलिस्ट आशा मालवीय की यात्रा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर (सेनापति बॉर्डर), मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, लद्दाख (कारगिल बॉर्डर) और राजस्थान से होते हुए दिल्ली में संपन्न हुई।
मप्र में सोशल मीडिया पर एक-दूसरे को घेर रहे नेता
17 Aug, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस सोशल मीडिया को हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। विपक्षी दल पर हमला करने और अपनी पार्टी की नीतियों का प्रचार प्रसार करने के लिए सोशल मीडिया को बड़ा माध्यम है। इस चुनाव में वोटर और टारगेटेड ग्रुप्स पर पकड़ मजबूत बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने सोशल मीडिया की टीम को खासी ट्रेनिंग दी है। यही नहीं दोनों ही दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेता मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। विपक्षी दलों पर हमला करने के लिए पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट के बजाय थर्ड पार्टी अकाउंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। सोशल मीडिया की टीम में अलग-अलग थीम पर बने पेज और अकाउंट्स से विरोधियों पर हमले किए जा रहे हैं। भाजपा की सोशल मीडिया टीम तीन टाइप के टास्क पर काम करती है। पहला केन्द्र और मप्र की भाजपा सरकार की उपलब्धियों के कंटेंट, वीडियो, फोटो, ग्राफिक्स और लाभार्थिंयों की बाइट को शेयर करना। दूसरा दिग्विजय सिंह की सरकार के दस सालों को दुरावस्था का दौर और मिस्टर बंटाढ़ार जैसे शब्दों के साथ कंटेंट तैयार किया जा रहा है। तीसरा कमलनाथ सरकार बनने के पहले किए गए वादों को पूरा न करने को लेकर गीत, लोकगीत में बनाए गए वीडियो, फोटो ग्राफिक्स को शेयर किया जा रहा है।
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तत्कालीन सीएम बसवराज बोम्मई की फोटो लगाकर पेटीएम की तरह स्कैनर जारी कर भाजपा सरकार पर करप्शन के मुद्दे पर सीधा हमला बोला था। यह कैम्पेन कर्नाटक में प्रभावी रहा। इसी तरह का पोस्टर कैम्पेन एमपी में भी चलाने की तैयारी चल रही थी कि उसके पहले ही 23 जून को भोपाल में कमलनाथ के खिलाफ ही पोस्टर्स लग गए। इन पोस्टर्स को लेकर जमकर राजनीति हुई। लेकिन, भाजपा ने खुलकर इन पोस्टर्स की जिम्मेदारी नहीं ली। बल्कि, कांग्रेस की नीतियों से नाराज लोगों द्वारा पोस्टर लगाने की बात कही। कमलनाथ के खिलाफ पोस्टर लगने के बाद भोपाल से लेकर प्रदेश के दूसरे जिलों में कमलनाथ और सीएम शिवराज के खिलाफ पोस्टर लगाए गए। पोस्टर्स के जरिए एक दूसरे पर सीधे हमले किए गए। लेकिन, भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने इनकी सीधी जिम्मेदारी नहीं ली। आने वाले दिनों में पोस्टर्स की पॉलिटिक्स और ज्यादा तेज होगी। वहीं कांग्रेस के इन्फॉर्मेशन, कम्युनिकेशन और सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के हेड जयराम रमेश ने मप्र सहित इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव वाले राज्यों के सोशल मीडिया टीम की बैठक की। इस बैठक में यह तय हुआ कि आक्रामक रूप से सोशल मीडिया के जरिए कंटेंट शेयर किया जाए। इनमें क्षेत्रीय भाषाओं में बने गीत, लोकगीतों के साथ शॉर्ट वीडियो शेयर किए जाएं। इसके बाद से ही कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार रैप सॉन्ग, लोकगीत, आल्हा की तर्ज पर बने वीडियोज के जरिए शिवराज सरकार पर हमले बोले जा रहे हैं।
एमपी एक्सप्रेस- फेसबुक पर बने इस पेज पर ग्राफिक्स और फोटोज के जरिए शिवराज सरकार पर हमले किए जा रहे हैं। अखबारों में आने वाली खबरों के जरिए इस पेज पर भाजपा की नीतियों को जिम्मेवार ठहराया जा रहा है। इस पेज पर करीब 11 हजार फॉलोअर्स हैं।
मप्र सीएम रिपोर्ट कार्ड- फेसबुक पर बने इस पेज पर करीब एक मिलियन फॉलोअर्स हैं। इस पेज के जरिए मप्र की शिवराज सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं के फोटो, वीडियो शेयर किए जा रहे हैं। इस पेज पर पब्लिक के फीडबैक के वीडियो भी शेयर किए जा रहे हैं। इस पेज का संचालन इंडिपेंडेंट ग्रुप्स द्वारा गुड गवर्नेंस के लिए किया जा रहा है।
कांग्रेस मुक्त मध्यप्रदेश- इस फेसबुक पेज पर करीब 3 लाख 46 हजार फॉलोअर्स हैं। इस पेज पर कांग्रेस नेताओं और दिग्विजय सिंह की सरकार के दौर के वक्त के मध्यप्रदेश की स्थिति को बताते हुए वीडियो और ग्राफिक्स शेयर किए जा रहे हैं। वहीं कमलनाथ सरकार में हुई वादा खिलाफी को भी वीडियो और ग्राफिक्स के रुप में शेयर किया जा रहा है।
कांग्रेस का ‘शक्ति सुपर शी’ कैंपेन शुरू
17 Aug, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस तैयारियों में जुटी हुई है। ऐसे में सीधे महिला वोटर्स से जुडऩे के लिए यूथ कांग्रेस ने 15 अगस्त से शक्ति सुपर शी कैंपेन शुरू कर दिया है। यह अभियान महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने और उनके हक की लड़ाई लडऩे के लिए चलाया जा रहा है।
ग्वालियर में यूथ कांग्रेस के नेताओं ने ‘शक्ति सुपर शी कैंपन के तहत जिले और विधानसभा में यूथ कांग्रेस की ओर से झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन कार्यक्रम में समाज के लिए प्रेरणा बनी महिलाओं को सम्मानित भी किया गया। इसके साथ ही शक्ति क्लब प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा। इसमें हर जिले और विधानसभा क्षेत्र में शक्ति क्लब गठित कर महिलाओं के हक की आवाज उठाने का काम किया जाएगा। साथ ही राजनीति में भागीदारी की इच्छुक महिलाओं को प्रोग्राम से जोड़ा जाएगा।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मितेंद्र सिंह का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भारतीय युवा कांग्रेस ने ‘शक्ति सुपर शी’ हक और हिस्सेदारी कार्यक्रम शुरू किया है। वहीं यूथ कांग्रेस के कार्यक्रम में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्ण अलावुरू भी आए थे। उन्होंने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि युवा कांग्रेस अपनी तरफ से सर्वे कर रही है, जो योग्य युवा होगा उसे सौ फीसदी टिकट दिया जाएगा।