मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
विट्ठल मार्केट में 10 रुपये में राम रसोई में भरपेट भोजन
18 Jun, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । विट्ठल मार्केट सब्जी बाजार में राम रसोई शुरू है। इसमें 10 रुपये में भरपेट भोजन खिलाया जा रहा है। कोई भी व्यक्ति यहां पर आकर भोजन कर सकता है। जैसे-जैसे राम रसोई में भोजन करने वालों की संख्या बढ़ी। उसके साथ पर्याप्त मात्रा में रोटी बनाना संभव नहीं था। इसको देखते हुए रोटी बनाने के लिए ऑटोमेटिक मशीने गुजरात से मंगाकर यहां पर लगाई गई। मशीनों से आटा गूंथने और रोटी सिककर निकलने की व्यवस्था है। इस रसोई में रोजाना हजारों लोग भोजन प्राप्त कर रहे हैं। आज से मशीनों पर रोटी बनाने का काम शुरू हुआ है। भोजन करने वालों को तुरंत गरम रोटी प्राप्त हो रही है। इस रसोई घर में आरो का ठंडा पेयजल भोजन करने वालों को उपलब्ध कराया जाता है। राम रसोई में रोजाना आसपास और सब्जी मंडी में बाहर से आने वाले और अस्पतालों में इलाज कराने वाले परिजन हजारों की संख्या में रोजाना भोजन कर रहे हैं।
सीनियर सिटीजन सोशल वेलफेयर सोसाइटी भोपाल ने राम रसोई को 5 लाख 30000 रुपये की मशीनें बुलाकर यहां पर इंस्टॉल कराई हैं। विट्ठल मार्केट दशहरा समिति और व्यापारी इस रसोई का संचालन कर रहे हैं।
मशीनों पर पहली बार रोटी बनाने का काम शुरू हुआ। इस अवसर पर एक्सप्रेस समूह के प्रधान संपादक सनत जैन, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौकसे, सचिव अर्जुन रामानी, कोषाध्यक्ष जगदीश अरोरा, सह सचिव संजीव साहनी, श्री डीके कपूर और डीके कोहली इस अवसर पर उपस्थित थे। विधि विधान और पूजन के साथ राम रसोई में मशीनों के माध्यम से रोटी बनाने का काम शुरू हुआ है। इस रसोई घर में स्वैच्छिक संगठन और स्वयंसेवक निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने नगरीय निकायों में विकास कार्यों के लिए विशेष निधि से स्वीकृत किये 431 करोड़ रूपये
17 Jun, 2023 11:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
विशेष निधि से होगा नगरों का सौंदर्यीकरण, स्थापित होंगी शहीदों-महापुरूषों की प्रतिमाएँ
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 356 नगरीय निकायों में अधोसंरचना से जुड़े विविध विकास कार्यों के लिए विशेष निधि मद से 431 करोड़ 6 लाख रूपये की स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि से निकायों की मूलभूत सुविधाओं जिनमें सीमेंट कांक्रीट सड़क, डामरीकृत सड़क डिवाइडर निर्माण, पार्कों का निर्माण, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, शमशान घाट निर्माण जैसे विकास कार्य किये जायेंगे।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया है कि इसमें खास बात यह है कि इस राशि से स्मारकों के निर्माण के साथ शहीदों और महापुरूषों की प्रतिमाऐं भी स्थापित की जायेंगी। इससे भोपाल में टंट्या मामा, शहीद चन्द्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू, अमर बलिदानी हेमू कलाणी, स्व. कैलाश सारंग, पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी की प्रतिमा स्थापित होंगी। साथ ही भारत माता मंदिर स्मारक भी बनाया जायेगा। सागर में अमर बलिदानी महाराणा प्रताप और नगर पालिका सौंसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित की जायेगी। नगर परिषद माखन नगर में राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की मूर्ति स्थापित होगी। समस्त निकायों को निर्देश दिये गए हैं कि स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर सक्षम तकनीकी स्वीकृति के पश्चात निविदा आमंत्रित करने की कार्यवाही जल्द करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने घोषणा से क्रियान्वयन तक की हर पल मॉनिटरिंग
17 Jun, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मात्र 95 दिनों में सवा करोड़ बहनों के खातों में 1209 करोड़ 64 लाख रूपये भेजे गए
मिशन मोड पर त्वरित कार्यवाही से मिल रही मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में सफलता
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना शुरू कर प्रदेश की महिलाओं की जिन्दगी बदल दी है। उनके चेहरे पर मुस्कान है। अब महिलाएँ मजबूर नहीं, मजबूत बन रही हैं। इस योजना की घोषणा के बाद से ही राज्य शासन और जन-प्रतिनिधियों द्वारा मिशन मोड पर कार्य किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा योजनांतर्गत पात्र समस्त महिलाओं को लाभांवित किये जाने के संबंध में 30 बार कलेक्टर एवं मंत्रीगणों से बात की गई। इस प्रकार शासन के अथक प्रयासों से योजना की घोषणा से लेकर अब तक सभी पात्र लाड़ली बहनों की समग्र पोर्टल पर नि:शुल्क आधार ई-केवायसी कराई गई और बैंक खाते आधार लिंक्ड डीबीटी एनेबल्ड कराये गये।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 5 मार्च को इस योजना को लाँच किया। योजना में 30 अप्रैल तक पंजीयन कराया जाना था। मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा घोषणा के मात्र 95 दिनों में 10 जून को एक करोड़ 25 लाख पंजीकृत महिलाओं के खाते में 1209 करोड़ 64 लाख रूपये की राशि अंतरित कर दी गई। अब तक 98.51 प्रतिशत हितग्राही लाड़ली बहनों के खाते में राशि पहुँच गई है। सर्वप्रथम प्रत्येक ग्राम/नगरीय निकाय के वार्ड में समग्र आईडी के आधार पर 23 से 60 वर्ष आयु वर्ग महिला हितग्राहियों की सूची पोर्टल पर प्रदर्शित की गई। इस सूची में जिन महिलाओं की समग्र पोर्टल पर आधार ई-केवायसी नहीं थी, उनको चिन्हांकित किया गया। प्रारंभ में लगभग 20 लाख महिलाओं की ही समग्र पोर्टल पर आधार की ई-केवायसी थी। 23 से 60 वर्ष आयु वर्ग की जिन महिलाओं की समग्र पोर्टल पर ई-केवायसी नहीं थी उनकी ई-केवायसी पूर्ण कराने के लिये प्रत्येक ग्राम/नगरीय निकाय के वार्ड में विशेष कैम्प लगाये गये। इंटरनेट विहीन क्षेत्रों की महिलाओं को शासकीय संसाधनों से निकटवर्ती नेटवर्क क्षेत्र में लाया जाकर उनकी ई-केवायसी कराई गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कामकाजी महिलाओं की दिनचर्या को दृष्टिगत रखते हुए क्षेत्र में कैम्प के आयोजन का समय सुबह जल्दी और शाम को देर रात तक रखा गया। प्रत्येक कैम्प के लिये स्थानीय प्रशासन द्वारा कैम्प प्रभारी नियुक्त किये गये, जिनके द्वारा यह सुनिश्चित कराया गया कि महिलाओं को ई-केवायसी कराने में कोई परेशानी नहीं आये और इसके लिये उन्हें कोई राशि नहीं देना पड़े।
समग्र ई-केवायसी के लिये एमपी ऑनलाइन को प्रति महिला 18 रूपये (टैक्स सहित) का भुगतान शासन द्वारा किया गया। इन कैम्पों में निकटवर्ती बैंक की शाखा के कर्मचारियों द्वारा उपस्थित रहकर महिलाओं के बैंक खाते डीबीटी सक्रिय करने के लिये आवश्यक कार्यवाही की गई। योजनांतर्गत लाभ के लिए पंजीयन के समय तथा पंजीयन के बाद प्रतिदिन पंजीकृत समस्त महिलाएँ जिनकी डीबीटी सक्रिय नहीं थी, उनकी सूची योजना के पोर्टल पर ग्रामवार/नगरीय निकाय वार्ड वार प्रदर्शित की गई। स्थानीय प्रशासन ने महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगरीय प्रशासन विभाग के सहयोग से सूची के आधार पर चिन्हांकित महिलाओं से सम्पर्क कर उनके डीबीटी सक्रिय कराने के आवेदन प्राप्त किये, उन्हें संबंधित बैंक की शाखाओं में जमा किये जाकर उनकी डीबीटी सक्रिय कराई गई। जिन प्रकरणों में महिला खाता धारकों को स्वयं बैंक में उपस्थित होकर कार्यवाही पूर्ण कराई जानी आवश्यक थी, उन महिलाओं को बैंकों में भेज कर डीबीटी सक्रिय की कार्यवाही पूर्ण कराई गई। प्रदेश में संचालित समस्त बैंकों की शाखाओं में योजना की पंजीकृत महिलाओं के डीबीटी सक्रिय करने के लिये विशेष काउंटर लगवाये गये। जिलों में महिला हितग्राहियों को मोबिलाइज करने के लिये एनआरएलएम, एनयूएलएम, जन-सेवा मित्र, जन-अभियान परिषद की मदद से आधार सेवा केन्द्रों को सक्रिय किया गया है।
जिले में सीएससीएस का चिन्हांकन कर उनका ओरिएंटेशन किया गया। जिले तथा प्रत्येक निकाय में कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेन्टर बनाये गये। इसका उद्देश्य मैदानी कार्यकर्ताओं की तकनीकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के साथ सूचना का आदान-प्रदान करना था। जिलों में पलायन करने वाले परिवारों को सूचीबद्ध कर पंचायत सचिव और आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा दूरभाष पर लगातार सम्पर्क कर उन्हें योजनांतर्गत कार्य की पूर्ति के लिये प्रेरित किया गया। दिव्यांग, बीमार, गर्भवती महिलाओं एवं अन्य निशक्तजनों के घर जाकर कार्यवाही की गई। जिलों में कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, आयुक्त नगर निगम, महिला बाल विकास की जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा निरंतर बैंकों से स्वयं सम्पर्क कर डीबीटी कार्य की समीक्षा की गई।
योजना में पंजीकृत पात्र महिलाओं में से लगभग 3 लाख 93 हजार महिलाएँ जिनके खाते डीबीटी सक्रिय नहीं हैं, उनकी सूची तथा उनकी डीबीटी सक्रिय कराने के लिये महिला हितग्राही एवं बैंक शाखा द्वारा क्या कार्यवाही की जानी है, इसकी जानकारी पोर्टल पर हितग्राहीवार प्रदर्शित की जा रही है। इस कार्य को अभियान के रूप में किया जा रहा है और राज्य स्तर से नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है। डीबीटी सक्रिय हुए खातों के हितग्राहियों को क्रमश: 15 जून, 19 जून, 22 जून और 26 जून 2023 को भुगतान के लिए शेडयूल निर्धारित कर भुगतान की कार्यवाही की जायेगी। ऐसी महिलाएँ जिनके बैंक खातों में अभी डीबीटी सक्रिय नहीं है, उनके मोबाइल नंबर पर मुख्यमंत्री की ओर से एसएमएस भेज कर अवगत कराया जा रहा है कि उन्हें खाते को डीबीटी सक्रिय कराने के लिये क्या कार्यवाही की जानी है।
साइंस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल मानव कल्याण के लिए हो-मुख्यमंत्री चौहान
17 Jun, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत वासियों की सोच में साइंस टेक्नोलॉजी, समाज और संस्कृति, आज से नहीं हजारों सालों से है। भारत, दुनिया के कल्याण के लिए एक नई दिशा प्रदान कर रहा है। सारी दुनिया एक ही परिवार है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वन अर्थ, वन फेमिली और वन फ्यूचर की बात कही है, जो भारत का प्राचीन विचार है। भारत में बच्चा-बच्चा कहता है कि 'धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो'। मुख्यमंत्री चौहान ने होटल ताज में जी-20 अंतर्गत साइंस-20 कॉन्फ्रेंस-ऑन "कनेक्टिंग साइंस टू सोसायटी एंड कल्चर" में आए G-20 के सदस्य देशों, आमंत्रित राज्यों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के वैज्ञानिक समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद में यह बात कही।
विज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण के लिए मर्यादित रूप में हो
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रकृति का शोषण नहीं होना चाहिए, मानव कल्याण के लिए उसका सही दिशा में दोहन किया जाए। प्रकृति की पूजा करें। टेक्नोलॉजी मनमानी करने के लिए नहीं है। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और अन्य प्राकृतिक संसाधनों का व्यर्थ दोहन न हो। विज्ञान टेक्नोलॉजी का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है। इसका उपयोग सुशासन के लिए होना चाहिए। विज्ञान का उपयोग समाज के कल्याण के लिए मर्यादित रूप में हो। वैज्ञानिकों का कर्त्तव्य है कि साइंस का उपयोग विनाश के लिए नहीं बल्कि रचनात्मकता के लिए किया जाए। लोगों की समस्याओं के समाधान, उनके कल्याण और आगे आने वाली पीढ़ियों के लिए धरती को रहने लायक बनाने टेक्नोलॉजी का बेहतर उपयोग करें। दुनिया की भलाई के लिए ही टेक्नोलॉजी का उपयोग हो।
पर्यावरण संतुलन बनाए रखना आवश्यक
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भौतिक और नैतिक दोनों का समन्वय करने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करना बेहतर है। लोगों का जीवन स्तर सुधारने और बेहतरी के लिए विज्ञान का उपयोग हो। हमें पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और प्रदूषण फैलने से रोकने के उपाय सुनिश्चित करने होंगे। पेड़-पौधे, कीट-पतंगे तथा जीव-जंतुओं की प्रजातियाँ समाप्त न हों, इस पर भी ध्यान देना होगा। जियो और जीने दो के सिद्धांत पर चलकर सभी के कल्याण के लिए अपना योगदान दें। विज्ञान का अमर्यादित उपयोग न हो। हम सब एक हैं, एक ही चेतना हैं। प्रेम, स्नेह, शांति और आत्मीयता बनाए रखकर एक-दूसरे के लिए सदैव खड़े रहें।
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रांरभ में सम्मेलन में आए प्रतिनिधियों का स्टॉल भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, देश का दिल है। देश के दिल की राजधानी भोपाल में आपका हृदय से स्वागत है। उल्लेखनीय है कि एस-20, जी-20 का भाग है। वैज्ञानिक तरीके से यह लोगों की समस्याओं को समझने और निदान करने के लिए प्रयासरत है। सम्मेलन में साइंस को सोसायटी और कल्चर के साथ जोड़ने के लिए गहन विचार-विमर्श हुआ।
भारत सरकार के परमाणु ऊर्जा आयोग के पूर्व अध्यक्ष तथा पद्मविभूषण से सम्मानित डॉ. राजगोपाल चिदंबरम, इंडोनेशिया के प्रतिनिधि प्रो. अहमद नजीब बुरहानी, ब्राज़ील के प्रतिनिधि प्रो. रुबेन ओलिवन, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन और नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. सचिन चतुर्वेदी, डॉ. आलोक श्रीवास्तव तथा अजय प्रकाश साहनी सहित अन्य वैज्ञानिक प्रतिनिधि मौजूद थे।
योग के साथ सात्विक भोजन का समन्वय, स्वस्थ जीवन का आधार: राज्यपाल पटेल
17 Jun, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि योग के साथ सात्विक भोजन का समन्वय, स्वस्थ और सुखी जीवन का आधार होता है। उन्होंने बच्चों का आहवान किया कि मन को भाने के साथ ही शरीर के माफिक भोजन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि, योग स्वस्थ जीवन शैली के लिए दुनिया को भारत का उपहार है, जो मानवता के कल्याण के लिए है। यही कारण है कि योग को दुनिया भर में हर मत-पंथ, जाति-मजहब के लोग अपना रहे हैं।
राज्यपाल पटेल राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद द्वारा आयोजित राष्ट्रीय योग ओलंपियाड के उद्घाटन समारोह में शामिल देश भर के 26 राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे 640 स्कूली बच्चों, शिक्षकों और योग गुरुओं को रवींद्र भवन में संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय योग ओलंपियाड पहली बार राजधानी दिल्ली के बाहर किसी राज्य की राजधानी में किया गया है।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित और स्वस्थ रखने की आधार शिला विद्यार्थी होते है। विद्यार्थी जीवन, व्यक्ति के जीवन की प्रथम सीढ़ी होता है, जहाँ से उसके संपूर्ण जीवन की नींव पड़ जाती है और व्यक्ति समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझना शुरू करता है। योग इस नींव को मजबूत बनाता है। योग ओलंपियाड योग को बढ़ावा देने, हमारी संस्कृति की नींव को मजबूत करने का सराहनीय प्रयास है। योग एक ऐसी गतिविधि है, जिसे हमारे दैनिक जीवन में शामिल करना स्वस्थ जीवन और संपूर्ण स्वास्थ्य का आश्वासन है। उन्होंने कहा कि छात्रों को योग के महत्व का अनुभव, उन्हें योगाभ्यास के प्रति जागरूक करेगा। स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रशिक्षित करेगा। विद्यार्थियों को भावी जीवन की सांसारिक दुविधाओं का सामना करने में सक्षम बनाएगा। सन्मार्ग भी दिखाएगा और योग की विरासत आगे बढ़ाएगा।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री वैश्विक नेता नरेंद्र मोदी ने योग की सौगात मानवता के कल्याण के लिए सारी दुनिया को देने का अभूतपूर्व कार्य किया है। उन्होंने भारत की जी-20 की अध्यक्षता, आजादी के अमृत काल में वसुधैव कुटुंबकम् विषय पर राष्ट्रीय योग ओलंपियाड 2023 के आयोजन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का प्रण करे। आसपास के लोगों को प्रेरित करें कि वे भी योग के सद् प्रभावों से लाभान्वित होते रहे। परिवार एवं समाज में ऐसा वातावरण बनाये, जिससे वातावरण में फैली वायु के समान ही यौगिक ऊर्जा, इस समस्त सृष्टि के कण-कण में प्रवाहित हो जाये। प्रारंभ में राज्यपाल ने दीप प्रज्ज्वलन कर राष्ट्रीय योग ओलंपियाड का शुभारंभ किया। राज्यपाल का स्वागत पौधा, अंग-वस्त्र और स्मृति-चिन्ह भेंट कर किया गया।
निदेशक राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद प्रो. दिनेश प्रसाद सकलानी ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि योग ओलंपियाड में केंद्रीय, नवोदय, एकलव्य और सी.बी.एस.सी आदि विद्यालय के बच्चे शामिल हुए हैं। अधिष्ठाता समन्वय एन.सी.ई.आर.टी प्रोफेसर गौरी श्रीवास्तव ने ओलंपियाड की यात्रा की जानकारी दी। प्राचार्य क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान भोपाल प्रोफेसर जयदीप मंडल ने आभार माना। कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के वीडियो संदेश का प्रसारण हुआ। डी. एम्. एस और आर.आई.ई के बच्चों ने सरस्वती वंदना की।
बहनों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का लक्ष्य : मुख्यमंत्री चौहान
17 Jun, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बहनों की जिंदगी बदलना मेरी जिंदगी का लक्ष्य है। बहनों को आगे बढ़ाने और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने के अवसर प्रदान करने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण के अद्भुत प्रयास हो रहे हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना इन्हीं प्रयासों में से एक है। प्रदेश में आजीविका मिशन की बहनों की आय कम से कम 10 हजार रूपए महीना करना है, जिससे वे लखपति क्लब में शामिल हो सकें। बहनों की गरीबी दूर कर उन्हें अमीरी की ओर ले जाना है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास कार्यालय स्थित समत्व भवन के सभागार में स्व-सहायता समूह के संकुल स्तरीय संगठनों की अध्यक्ष बहनों से संवाद कर रहे थे।
आजीविका मिशन के माध्यम से बहनों की गरीबी होगी दूर
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आजीविका मिशन बहनों की गरीबी दूर करने की दिशा में सशक्त माध्यम बनकर कार्य कर रहा है। आजीविका मिशन से बहनों में जागृति पैदा हो रही है। आज बहनों में आत्मविश्वास और भरोसा बढ़ रहा है। बहनों की समाज में इज्जत बढ़ी है। जो बहनें आजीविका मिशन से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें भी जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। बहनों को आत्मविश्वास और मेहनत से अपने जीवन को सुदृढ़ बनाना है। लाड़ली बहना सेना से जोड़कर बहनों को संगठित किया जा रहा है। यह सेना बहनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करेगी। साथ ही बहनों पर होने वाले अन्याय को रोकने में भी कारगर बनेगी। लाड़ली बहनें एक परिवार की तरह हैं।
बहनों की मिल रही हैं दुआएँ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के संबंध में आजीविका मिशन की बहनों से संवाद किया। बहनों ने कहा कि - यह योजना हमारे लिए बहुत ही उपयोगी है और हमें मान-सम्मान से जीवन जीने का अवसर दे रही है। लाड़ली बहना योजना के लिए बहनों की ओर से आपको बहुत-बहुत दुआएँ मिल रही हैं।
शराब कारोबारी के एजेंट को बदमाशे ने पिस्टल की नोंक पर लूटा
17 Jun, 2023 01:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। पिपलानी थाना इलाके में शराब कारोबारी के कलेक्शन एजेंट के साथ बदमाशो द्वारा बंदूक की नोकं पर लूट किये जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक अशोका गार्डन निवासी आशीष शिवहरे ने बताया कि वो एक शराब दुकान पर कलेक्शन एजेंट का काम करता है। रोजाना की तरह वो दो दिन पहले पिरिया बिलखिरिया रायसेन रोड की तरफ की शराब दुकान का कलेक्शन करीब एक लाख दस हजार रुपये बैग में रखकर दोपहर करीब तीन बजे दूसरी दुकान पर जा रहा था। जैसै ही वो जंबूरी मैदान की तरफ आया, वहां पर चेहरे पर कपड़ा लपेटे स्कूटी सवार दो बदमशो ने उसे रोकते हुए पिस्टल अड़ा दी और धमकाते हुए नोटो से भरा बैग छीनकर फरार हो गये। बाद में आशीष ने अपने मालिक को फोन कर घटना की जानकारी दी। अपने स्तर पर जानकारी जुटाने पर जब उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली तब मालिक ने कर्मचारी आशीष को पुलिस के पास भेजा। पुलिस ने जॉच के बाद अज्ञात बदमाशो के खिलाफ मामला कायम कर उनकी सुरागशी के प्रयास शुरू कर दिये। सुत्रो के अनुसार घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस फुटेज और फरियादी द्वारा बताये गये हुलिये के आधार पर उनकी पहचान जुटाने के प्रयास कर रही है।
व्यापम महाघोटाला ; पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के मुन्नाभाईयो को सात-सात साल का कठोर कारावास
17 Jun, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। देशभर में हलचल मचा देने वाले व्यापम महाघोटाले में जिला न्यायालय में सीबीआई के विशेष न्यायाधीश नीति राज सिंह सिसोदिया ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में उम्मीदवारो की जगह मुन्नाभाईयो द्वारा पेपर दिये जाने के मामले में फैसला सुनाते हुए पांच आरोपियो को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई है। सीबीआई के लोक अभियोजक मनुजी उपाध्याय ने बताया कि व्यापम द्वारा साल 2013 में मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा 2013 द्वितीय आयोजित की थी। जिसमें परीक्षार्थी जितेंद्र सिंह सेंगर, सत्येंद्र सिंह सेंगर ओर केशव सिंह वडेरिया ने अपने स्थान पर परीक्षा दिलाने के लिए फर्जी ढंग से अमित आलोक, सतीश मौर्य ओर एक अज्ञात को बिठाया। जालसाजी कर जितेंद्र सिंह सेंगर, सत्येंद्र सिंह सेंगर और केशव सिंह वडेरिया परीक्षा में उत्तीर्ण हो गए थे। मामले में सीबीआई ने दूसरे के स्थान पर परीक्षा में बैठने वाले अमित आलोक और सतीश कुमार मौर्य को आरोपी बनाया था। जांच के दौरान तीनों अभ्यर्थी और दोनों प्रतिरूपको को न्यायालय द्वारा दोषी पाया गया। तीनों अभ्यर्थियों के अनुपस्थित रहने के कारण दोनों प्रतिरूपको अमित आलोक और सतीश कुमार मौर्य को आपराधिक षड्यंत्र के लिए धारा 419, 420, 467, 468, एवं 471 सहपठित धारा 120 बी भादवि तथा मध्य प्रदेश मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर सात-सात वर्ष का कठोर कारावास एवं दस हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अन्य तीनों आरोपी परीक्षार्थियों जितेंद्र सिंह सेंगर, सत्येंद्र सिंह सेंगर ओर केशव सिंह बड़ेरिया के सजा सुनाने के दौरान अनुपस्थित रहने के कारण उन्हें फरार घोषित करते हुए उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
अभा कांग्रेस के सचिव मप्र सह प्रभारी संजय दत्त 18 से 20 जून तक खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और हरदा प्रवास पर रहेंगे
17 Jun, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव, सह प्रभारी संजय दत्त 18 से 20 जून तक खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर और हरदा जिले के प्रवास पर रहकर विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि संजय दत्त 18 जून को सुबह 5 बजे खंडवा पहुंचेंगे और सुबह 8 बजे कांग्रेस संगठन के जिला प्रभारी, जिला अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और इंटक के जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। वे खंडवा में ही सुबह 9.30 बजे जिले के पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेगे। श्री दत्त पूर्वान्ह 11 बजे पंधाना विधानसभा, दोहपर 1 बजे हरसूद, दोपहर 3 बजे मांधाता और शाम 5 बजे खंडवा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठकें खंडवा में लेंगे। आप शाम 7 बजे खंडवा में वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। आपका रात्रि विश्राम खंडवा में रहेगा।
श्री दत्त दूसरे दिन 19 जून को सुबह 8 बजे खरगोन पहुंचेंगे। वे सुबह 8 बजे खरगोन जिले के कांग्रेस संगठन के जिला प्रभारी, जिला अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और इंटक के जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। वे खरगोन में ही सुबह 9 बजे जिले के पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करंेगे। श्री दत्त सुबह 10 बजे खरगोन विधानसभा, 11 बजे कसरावद, दोपहर 12 बजे बड़वाह, दोहपर 1 बजे महेश्वर, दोपहर 2 बजे भीकनगांव और अपरान्ह 3 बजे भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठकें खरगोन में लेंगे। आप अपरान्ह 4 बजे खरगोन से प्रस्थान कर शाम 6.30 बजे बुरहानपुर पहुंचेंगे और वहां वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करेंगे। रात्रि 7.30 बजे बुरहानुपर में कांग्रेस संगठन के जिला प्रभारी, जिला अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और इंटक के जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। आपका रात्रि विश्राम बुरहानपुर में रहेगा।
श्री दत्त 20 जून को सुबह 9 बजे बुरहानपुर विधानसभा, 10 बजे नेपानगर विधानसभा के स्थानीय कांग्रेसजनों से चर्चा करेंगे। आप पूर्वान्ह 11 बजे बुरहानपुर से हरदा के लिए प्रस्थान करेंगे। श्री दत्त दोपहर 2 बजे हरदा मंे जिले के कांग्रेस संगठन के जिला प्रभारी, जिला अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों और इंटक के जिला अध्यक्षों से चर्चा करेंगे, अपरान्ह 3 बजे वरिष्ठ नेताओं से चर्चा और अपरान्ह 4 बजे टिमरनी तथा 5 बजे हरदा विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय कांग्रेसजनों से चर्चा करेंगे।
ऊर्जा मंत्री के भाई की हत्या की कोशिश, शराब पार्टी करने से रोका तो गाड़ी चढ़ाने की कोशिश
17 Jun, 2023 11:33 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में प्रदेश के मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के भाई की हत्या की कोशिश की गई है। आरोपित कार में सवार होकर आए थे, इन लोगों ने उन पर गाड़ी चढ़ा कर उसे मारने की कोशिश की। उन्होंने कार सवार युवकों को सड़क पर शराब खोरी करने से रोका था। इस घटना के बाद पूरी रात आरोपितों की तलाश में पुलिस उनके घर से लेकर शहर में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देती रही। पांच आरोपित दबोच लिए गए हैं। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तीन और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने बताया कि पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ऋतुराज होटल के संचालक बबलू तोमर रात को होटल पर मौजूद थे। जोगेंद्र पुत्र महेंद्र सिंह पाल निवासी इंद्रा नगर, चार शहर का नाका होटल पर काम करते हैं। ऋतुराज फैमिली रेस्टोरेंट है। यहां कई परिवार रात को मौजूद थे।
इस दौरान स्कॉर्पियो और एलेंजर कार में सवार युवक बर्थडे पार्टी मना रहे थे और शराब खोरी भी कर रहे थे। बबलू और यहां काम करने वाले स्टाफ ने जब इन्हें रोका तो यह हमलावर हो गए। बबलू पर इन लोगों ने तीन बार कार चलाने की कोशिश की, लेकिन किस्मत से वह बाल-बाल बच गए। आरोपितों के नाम दिलीप राठौर, प्रवीण राठौर, राजेंद्र उर्फ भूरा राठौर, भूरा कंसाना, कुलदीप राठौर, संजय राठौर बताए गए हैं। सभी लोग मुरैना के रहने वाले हैं। इसके बाद तो होटल के आसपास मौजूद लोग भी यहां आ गए। आरोपित यहां से भाग निकले। तुरंत ही लोगों ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाने की फोर्स यहां पहुंच गई। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। रात को दबिश में पुलिस ने 5 आरोपितों को पकड़ लिया।
कमलनाथ की बड़वानी में जनसभा
17 Jun, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कांग्रेस सरकार में मैंने बड़वानी को 1100 करोड़ की राशि नर्मदा सिंचाई योजना के लिये दी थी: कमलनाथ
शिवराजसिंह ने पूरे प्रदेश को चौपट राज बना दिया, प्रदेश में चौपट सरकार है: कमलनाथ
शिवराज ने प्रदेश को महंगाई दी, भ्रष्टाचार दिया, बेरोजगारी दी और महिला उत्पीड़न दिया: कमलनाथ
कांग्रेस सरकार बनने पर बड़वानी जिले को सबसे ज्यादा प्राथमिकता मिलेगी, सड़कें, भरपूर पानी और बिजली मिलेगी: कमलनाथ
पलायन रोकने के लिए नौजवानों को यहीं रोजगार मिलेगा: कमलनाथ
बड़वानी/भोपाल। बड़वानी प्रदेश का नहीं हमारे देश का सबसे पिछड़ा हुआ क्षेत्र माना जाता है। जानकर दुख होता है कि 18 साल भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही,आज क्या हालात है हमारे प्रदेश का यह बड़ी चिंता का विषय है। जब 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी नर्मदा सिंचाई योजना के लिए मैंने बड़वानी को 1100 करोड़ रू. की राशि स्वीकृत की थी, लेकिन शिवराज सिंह ने 18 साल में प्रदेश को चौपट राज बना दिया है। चौपट शिक्षा व्यवस्था, चौपट कृषि व्यवस्था, चौपट शिक्षा व्यवस्था, चौपट उद्योग व्यवस्था, चौपट सुरक्षा व्यवस्था, चौपट राशन व्यवस्था और यह चौपट सरकार है। शिवराज ने प्रदेश को महंगाई दी, बेरोजगारी दी, भ्रष्टाचार दिया और माताओं-बहनों को उत्पीड़न दिया। कांग्रेस की सरकार बनने पर बड़वानी को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जायेगी, सड़कें भी मिलेंगी, पानी भी मिलेगा और नहरें भी बनेंगी। बड़वानी जिला पलायन की राजधानी बन गया है, पलायन को रोकने के लिए उद्योग धंधा लगाकर नौजवानों को यहीं रोजगार मिलेगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज बड़वानी में नर्मदा मैया, संत सिंगाजी महाराज और टंट्या मामा का जयकारा लगाकर विशाल जनसभा को संबोधित करते हुये यह बातें कहीं।
कमलनाथ ने कहा कि आज प्रदेश का हाल यह है कि शिवराज जी रोज घोषणाएं कर रहे हैं, आजकल मुख्यमंत्री नहीं है वह तो आप शिलान्यास मंत्री बन गये हैं। आने वाले समय में शिवराज सिंह का झूठ आप सब समझ जाएंगे। यह चुनाव कोई उम्मीदवार का नहीं, किसी पार्टी का नहीं, 5 महीने बाद जो चुनाव होगा यह हमारे किसान भाइयों, नौजवानों और माताओं के भविष्य का चुनाव है।
कमलनाथ ने कहा कि आप कैसा बड़वानी, कैसा मध्यप्रदेश आने वाली पीढ़ी को सौंपना चाहते हैं, यह चुनाव फैसला करेगा। 15 साल बाद काग्रेस की सरकार बनी थी 2018 में 15 महीने चली, इन्होंने सरकार गिरा दी। मैं भी सौदा कर सकता था लेकिन मैंने सोचा अगर कुर्सी जाती है तो जाए लेकिन मैं सौदा नहीं करूंगा।
कमलनाथ ने कहा कि बड़वानी जिला कृषि प्रबंधन जिला है, मैंने शुरुआत की थी किसानों की कर्जमाफी करके बड़वानी जिले में 62000 किसानों का कर्जा माफ हुआ है। माता बहनों की पेंशन बढ़ायी, 100 रू.में 100 यूनिट बिजली दी। मैंने अपनी नीति और नियत का परिचय दिया इन 11 महीनों में यह सब आप गवाह हैं।
कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी के पास अब बचा क्या है पुलिस, पैसा और प्रशासन, उनके दबाव में मत आईएगा। उल्टा कहें कि हम 5 महीने बाद आपसे हिसाब लेंगे। समय आ गया है आपको तय करना है कि भविष्य कैसे सुरक्षित रखना है। गैस सिलेंडर 500 में दूंगा 15 सो रुपए महिलाओं को देंगे, किसान कर्ज फिर से माफ होगा।
कमलनाथ ने कहा शिवराज सिंह जी घोषणा करते हैं हर 10 महीने एक लाख लोगों को रोजगार का लाभ मिलेगा मैं तो शिवराज सिंह से कहता हूं आप तो अतिथि शिक्षक, संविदा के खाली पदों को ही भर दीजिए। मैं आपको वचन देता हूं कि बड़वानी को सबसे ज्यादा प्राथमिकता मैं दूंगा, 5 महीने बाद कांग्रेस की सरकार बनेगी। नहर, पाइपलाइन, रोड की बात यह सब कोई कठिन काम नहीं है। सबसे कठिन है नौजवानों को रोजगार और उनका भविष्य।
कमलनाथ ने कहा कि अंत में आप सबसे यही कहना चाहता हूं कि इस चुनाव में आप अपने भविष्य को सुरक्षित रखिएगा, नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित रखिएगा। मुझे पूरा विश्वास है, मध्य प्रदेश की यह तस्वीर आपके सामने है और अंत में सच्चाई का साथ देंगे तो बड़वानी जिले की हर सीट का झंडा मध्यप्रदेश की विधानसभा पर लहराएगा।
पूर्व मंत्री बाला बच्चन, विधायक ग्यारसीलाल रावत, चंद्रभागा किराड़े, रामू टेकाम आदि ने भी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर देवेन्द्र सिंह दरवार, योगेन्द्र मीना, महेश पटेल, मुकेश पटेल, लाखनसिंह सोलंकी, जेवियर मेड़ा, रमेश पटेल, राजेन्द्र मंडलोई, मनेन्द्र पटेल, राधेश्याम मुवेल, रेवतीरमन राजूखेड़ी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कांग्रेसजन उपस्थित थे। हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन का सैलाव कमलनाथ जी को सनुने उमड़ा था।
किसान को बाज़ार में ज्यादा दाम मिले तो, कांग्रेस कराहती है : गोविन्द मालू
17 Jun, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। खनिज विकास निगम के पूर्व उपाध्यक्ष, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता गोविन्द मालू ने आज जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि किसान को उपज का उचित मूल्य मिले इसलिए केन्द्र सरकार ने 17 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम एस पी) पर 7%से ज्यादा बढाई,जो किसान हितैषी स्वागत योग्य निर्णय है।
दलहन–तिलहन की आयात निर्भरता कम करने के लिए किसानों ने प्रधानमंत्री मोदीजी व सरकार के आव्हान व कृषि मंत्री नरेंद्रसिंह तोमर के प्रयासों को परिणाम में बदला और देश की ज़रूरत का 90%उत्पादन किया।
सरकार ने किसानों को उचित मूल्य मिले इसलिए एम.एस.पी.बढ़ाई,ज्यादा मूल्य मिले इसलिए किसान बाज़ार में बेचता है और बेच रहा है;दाम भी मिल रहा है।
कांग्रेस एम एस पी पर कम खरीद को लेकर सरकार को घेर रही है,जबकि किसानों को बाज़ार में ज्यादा दाम मिल रहे हैं। तो कांग्रेस को दर्द हो रहा है, वह कराह रही है, शोर मचा रही है।
किसान खुश होता है, तो कांग्रेस दुःखी होती है।
श्री मालू ने कहा यह उलट बांसी है, कांग्रेस किसानो को ज्यादा मूल्य दिलाना चाहती है या कम यह समझ नहीं आता इसलिए कांग्रेस किसान विरोधी है।
कर्मचारियों को बंदर घुडकी दे रहे नाथ-दिग्विजय
17 Jun, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । छिंदवाड़ा में नगर निगम के वार्ड 42 में हुए उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी संदीप चौहान ने 436 वोटों से जीत हासिल की है। इस जीत से बीजेपी उत्साहित है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस जीत पर कहा- पार्षदों के उपचुनाव में बीजेपी ने इतिहास रचा है। छिंदवाड़ा में बीजेपी के प्रत्याशी ने जीत दर्ज कर इतिहास बनाया। मध्यप्रदेश में 2023 के चुनाव का आगाज हो चुका है। प्रियंका, कमलनाथ और मिस्टर बंटाधार को छिंदवाड़ा की जनता ने आईना दिखाया है। 62 प्रतिशत वोट हमारे प्रत्याशी को मिला है। अभी तो ये अंगड़ाई है आगे और लड़ाई है,अमित शाह ने महासंकल्प रैली से आगाज किया था। आज बीजेपी को छिंदवाड़ा की जनता ने सौगात दी है। पहले दिन से एमपी की जनता ने आईना दिखाना शुरू कर दिया है, शुरुआत हो चुकी है, छोटे चुनाव ने बड़ा आईना दिखाने का काम किया है।
पीसीसी चीफ कमलनाथ द्वारा अधिकारी कर्मचारियों पर चर्बी चढऩे वाले बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- कांग्रेस के नेतृत्व ने अपना आपा खो दिया है। मीडिया के मित्रों से कहना चाहता हूं वे(कमलनाथ) मीडिया के लोगों से किस प्रकार से बदतमीजी करते हैं। किस तरह से अवहेलना करते हैं। मैं बड़ी उम्र का होने, उनके इतने समय तक काम करने का सम्मान करता हूं लेकिन, जिस प्रकार का व्यवहार आज कांग्रेस की लीडरशिप का बना है.. चाहे, वह दिग्विजय सिंह हों, या कमलनाथ हों। वे जिस तरह की भाषा बोल रहे हैं। कर्मचारियों को धमकाने का काम कर रहे हैं कर्मचारियों पर गुंडिज्म कर रहे हैं। अब उनको लग रहा है कि मध्यप्रदेश में लाड़ली बहना चल गई और लाडली बहना ने झंडा ले लिया है कि मध्य प्रदेश में तुम्हारा झूठ छल कपट नहीं चलेंगे। मोदी जी की सरकार ने और उनकी गरीब कल्याण की योजनाओं ने लोगों का जीवन बदला है उसमें अल्पसंख्यक भाई भी साथ खड़े हो गए। इस प्रकार के कर्मचारियों को धमकाना यह इनकी गुंडागर्दी की प्रवृत्ति को दर्शाता है जो कांग्रेस के मूल चरित्र में रहा है। धनबल, बाहुबल, गुंडिज्म करना, मैं जिन नेताओं के नाम ले रहा हूं उनके स्वरूप क्या थे? मध्यप्रदेश में इनकी युवावस्था भी देखी है। इमरजेंसी लगाने वाले लोगों के साथ थे। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी आपको जवाब देने के लिए हम कर्मचारी के साथ खड़े हैं।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा- चुनावी हिंदुओं को कर्नाटक में जनता ने जवाब दिया है। धर्मांतरण विरोधी कानून रद्द करने पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने पीसीसी चीफ कमलनाथ से भी सवाल पूछा और कहा- धर्मांतरण विरोधी कानून रद्द करके कांग्रेस का जेहादी चेहरा उजागर हुजा है। सत्ता पाने के लिये कांग्रेस ने हनुमान भक्ति का ढोंग किया। वीडी शर्मा ने कहा जिहादी संस्कृति और जेहाद करने वाले लोगों का समर्थन करने वाली पार्टी कांग्रेस है। हिंदुओं के साथ धोखा देने का काम कांग्रेस ने किया। देशविरोधी तत्त्वों ,जेहादियों के लिए है कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान। मध्यप्रदेश में दिग्विजय सिंह जेहादियों की परिभाषा दे रहे थे , इनको शर्म नही है। कमलनाथ क्या धर्मांतरण विरोधी कानून रद्द करने का समर्थन करते हैं ? अगर समर्थन करते हैं तो आप हिन्दू विरोधी हैं।
मप्र की सियासत में रावण की एंट्री
16 Jun, 2023 11:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सांसद ने कांग्रेस को बताया रावण की पार्टी, कांग्रेस बोली- भाजपा नेताओं के पाप का घड़ा भर चुका
भोपाल । मध्यप्रदेश की सियासत में अब रावण की एंट्री हो गई है। इसी कड़ी में रतलाम सांसद गुमान सिंह डामोर ने कांग्रेस को रावण की पार्टी बताया है। महासंपर्क अभियान के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में सांसद कहते हुए नजर आ रहे हैं कि आपकी कोशिश होना चाहिए कि आपके गांव मोहल्ले और आपके घर में कांग्रेस न घुस पाए। वो आए तो उन्हें घर में घुसने ना दे। ये रावण की पार्टी है, ये लोग रूप बदलकर आते हैं और हमारी माताओं और बहनों का अपहरण करते हैं इन्हें दूर रखना चाहिए। कांग्रेस धोखेबाजों की पार्टी है। उन्होंने हमारी माताओं बहनों का आधार और पेनकार्ड ले लिया, जिससे की क्चछ्वक्क सरकार ने जो हजार रुपए डाले हैं ये वो भी लूट ले।
कांग्रेस के 15 महीने का शासन रामराज्य जैसा
सांसद डामोर के बयान को लेकर कांग्रेस मीडिया उपाध्यक्ष अजय सिंह यादव ने कहा कि- भाजपा के नेताओं के पाप का घड़ा भर चुका है। सतपुड़ा के आग ने दिखा दिया कि जैसे रावण की लंका में आग लग गयी हो। भाजपा के नेता ऊल जलूल बयानबाजी कर रहे हैं। पूरा मध्यप्रदेश जानता है कांग्रेस के 15 महीने का शासन रामराज्य जैसा था। भाजपा की सरकार में जनता केवल परेशान हो रही है इनके नेताओं को कांग्रेस के सबक सिखाएगी।
सब जानते रावण कौन और राम कौन
डामोर के बयान और कांग्रेस के आरोपों को लेकर भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि ये तो सब जानते हैं कि रावण कौन और राम कौन है। नारी सम्मान योजना में कांग्रेस, महिलाओं को ठगने में लगी हुई है। आप सब जानते हैं उनका असली चरित्र क्या है। सबने देखा है सरला मिश्रा और तंदूर कांड और कांग्रेस ने किस तरह से महिलाओं को हमेशा बेइज्जत किया है। कांग्रेस को पहले अपना चरित्र देखना चाहिए फिर दूसरों पर सवाल उठाना चाहिए।
वेतन वृद्धि नहीं पदोन्नति दे सरकार
16 Jun, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री को कर्मचारी मंच ने ज्ञापन सौंपा
भोपाल । राज्य सरकार ने शासकीय कर्मचारियों के प्रथम प्रसूति पर नसबंदी कराने पर अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ देने के आदेश पर लगी रोक को हटाते हुए अब शासकीय कर्मचारी के परिवार में जुड़वा बच्चे भी प्रथम प्रसूति में होते हैं और शासकीय कर्मचारी या उसकी पत्नी नसबंदी कराती है तो भी शासकीय कर्मचारी को अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ देने का निर्णय लिया है। सरकार कर्मचारी की त्याग का सम्मान करें क्योंकि मात्र 100 की वेतन वृद्धि से कर्मचारी संतुष्ट नहीं हैं। इस निर्णय पर मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर पुनर्विचार करने की मांग की है कि राज्य सरकार आदेश में संशोधन करके शासकीय कर्मचारियों को प्रथम प्रसूति पर नसबंदी कराने पर पदोन्नति और दूसरे प्रसूति पर नसबंदी कराने पर अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ देने का आदेश जारी करें।
मध्यप्रदेश कर्मचारी मंच के प्रांत अध्यक्ष अशोक पांडेय ने बताया कि तत्कालीन सरकार ने 11 जुलाई 2019 को आदेश जारी करके शासकीय कर्मचारी के सूट के बाद नसबंदी कराने पर मिलने वाले लाभ पर रोक लगा थी । अब सरकार ने 11 जुलाई 2019 के आदेश को विलोपित करते हुए 9 जून को नयाआदेश जारी किया है कि प्रथम प्रसूति में यदि जुड़वा बच्चे भी होते हैं और शासकीय कर्मचारी नसबंदी कराता है तो भी अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाएगा। कर्मचारी मंच ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सरकार वास्तविक रूप में कर्मचारियों को कम संतान में नसबंदी कराने पर सरकारी लाभ देना चाहती है तो सरकारी कर्मचारी की त्याग का सम्मान करें। कर्मचारियों को पदोन्नति एवं वेतन वृद्धि दोनों का लाभ क्रमवार प्रथम प्रसूति एवं द्वितीय प्रसूति पर देने का काम करें प्रथम प्रसूति पर यदि शासकीय कर्मचारी के पति या पत्नी में कोई भी नसबंदी कराता है तो उसे पदोन्नत का लाभ दिया जाए और द्वितीय प्रसूति पर नसबंदी कराता है तो उसे अग्रिम वेतन वृद्धि का लाभ दिया जाए। यह निर्णय प्रदेश की 7:50 लाख कर्मचारियों के हित में होगा क्योंकि प्रदेश का हजारों महिला पुरुष कर्मचारी प्रतिवर्ष सरकार की नसबंदी योजना को अपना रहा है। लेकिन कर्मचारी को नसबंदी कराने के बाद सरकार से वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है इसलिए सरकार निर्णय पर पुनर्विचार करके कर्मचारी हित में निर्णय लेने का काम करें।