मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री चौहान ने नीम, जामुन और करंज के पौधे रोपे
11 Jun, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में नीम, जामुन और करंज के पौधे रोपे। पर्यावरणविद, डॉ. अनिल जोशी ने भी पौध-रोपण किया। डॉ. जोशी हिमालयन पर्यावरण अध्ययन और संरक्षण संगठन के संस्थापक हैं। पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए स्थाई तकनीके विकसित करने में उनका विशेष योगदान रहा है। मुख्यमंत्री चौहान के साथ पौध-रोपण में डॉ. हिमानी राय भी शामिल हुईं।
युवाओं की ऊर्जा और विचार प्रदेश को नई दृष्टि और प्रगति के अवसर प्रदान करेंगे : मुख्यमंत्री चौहान
11 Jun, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि युवाओं की ऊर्जा और विचार मध्यप्रदेश को नई दृष्टि और प्रगति के अवसर प्रदान करेंगे। युवा चिंतन-मनन कर विभिन्न क्षेत्रों में संभावनाओं के देखते हुए कार्य-योजना विकसित करें और उसके क्रियान्वयन में सरकार और समाज के सहभागी बनें। राज्य शासन प्रदेश हित में युवाओं के कल्याण और उनकी ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय समत्व भवन में युवा सलाहकार परिषद की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।
युवाओं के फीडबैक से योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि युवा, शासकीय कार्यक्रमों और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सलाह दें और उसके क्रियान्वयन से भी जुड़ें। युवाओं के कल्याण और प्रोत्साहन के लिए प्रदेश में संचालित योजनाओं की कमियों को चिन्हित कर उनके संबंध में फीडबैक देना आवश्यक है। इससे योजना क्रियान्वयन की कमियों को दूर करने में मदद मिलेगी।
युवाओं से सार्थक संवाद आवश्यक
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेशवासियों में प्रदेश के प्रति श्रद्धा-भाव होना जरूरी है। युवाओं को भावनात्मक रूप से जोड़ने के लिए उनसे निरंतर सार्थक संवाद आवश्यक है। प्रदेश के बाहर रह रहे युवाओं और विदेश में बसे युवाओं से भी संवाद की व्यवस्था विकसित की जाए। युवाओं को प्रदेश की प्रगति से अवगत कराया जाए। प्रदेश के बदलते सामाजिक, आर्थिक परिवेश और भविष्य की कार्य-योजना संबंधी विचार-विमर्श में भी युवाओं को शामिल किया जाए।
नवाचारों के लिए पुरस्कृत होंगे युवा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर जन्मे स्वाधीनता संग्राम के युवा अग्रदूत, चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर 23 जुलाई को युवाओं के लिए प्रदेश में कार्यक्रम होंगे। संभाग स्तरीय यूथ कॉन्क्लेव, युवा प्रतिभाओं को चिन्हित कर उन्हें प्रदेश के युवाओं को मार्गदर्शन देने और प्रेरित करने की गतिविधियों से जोड़ने, युवाओं को शिक्षा, उद्योग, कला, पर्यावरण आदि क्षेत्र में नवाचार के लिए पुरस्कृत करने जैसी गतिविधियाँ होंगी। प्रदेश के लिए यूथ एंथम विकसित किया जाएगा और युवाओं से जुड़ी गतिविधियों पर केंद्रित यूथ कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
युवा सलाहकार परिषद के सदस्यों ने दिए सुझाव
युवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, सचिव सूक्ष्म, मध्यम उद्यम पी. नरहरि, परिषद के सदस्य सूर्यपाल सिंह, प्रतीक संचेती, डॉ. सचिन शर्मा, कार्तिकेय सप्रे, अनुभव दुबे, विनायक लोहानी, आशुतोष सिंह ठाकुर, गजेंद्र सिंह तोमर, सोनू गोलकर, अदिती झवंर शामिल हुईं। डॉ तेजल शाह परूलकर और मेघदीप बोस वर्चुअली जुड़े। सदस्यों ने सुझाव साझा किए।
आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार से बढ़ा कर 13 हजार रूपए होगा: मुख्यमंत्री चौहान
11 Jun, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10 हजार रूपए से बढ़ा कर 13 हजार रूपए किया जाएगा। मानदेय में इंसेंटिव के रूप में 1000 रूपए की वृद्धि प्रतिवर्ष की जाएगी। आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का 1000 रूपए प्रति माह अलग से प्राप्त होगा। मिनी आँगनवाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय भी 6 हजार 500 रूपये प्रतिमाह कर दिया गया है। आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्त होने पर एकमुश्त एक लाख 25 हजार रूपए और सहायिकाओं को एक लाख रूपए उपलब्ध कराए जाएंगे। आँगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं का 5 लाख रूपए का स्वास्थ्य और दुर्घटना बीमा कराया जाएगा। सहायिका से आँगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद पर पदोन्नति के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित होंगे। आँगनवाड़ी कार्यकर्ता को शासकीय कर्मचारी की तरह सुविधा होगी। मुख्यमंत्री चौहान ने यह घोषणा आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के भेल दशहरा मैदान में हुए सम्मेलन में की। मुख्यमंत्री भारतीय मजदूर संघ तथा मध्य प्रदेश आँगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
योजनाओं के क्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका सराहनीय
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका सराहनीय है। लाड़ली लक्ष्मी और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना केक्रियान्वयन में आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहता हैं। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना को लागू करवाने में आँगनवाड़ी की बहनों ने कठिन परिश्रम किया है, जो अभिनन्दनीय है। बहनों ने कम समय में दिन-रात एक कर एक करोड़ 25 लाख पंजीयन कराए, यह बड़ी उपलब्धि है। कुपोषण कम करने के लिए आँगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के सतत प्रयास जारी हैं।मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी सरकार ने आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के परिश्रम और उनके द्वारा समाज के लिए किए जा रहे कार्यों का सदैव सम्मान किया है और समय -समय पर मानदेय में वृद्धि की है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना सामाजिक क्रांति की एक महत्वपूर्ण कड़ी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, मेरे अंतर्मन से निकली योजना है। भारत में प्राचीनकाल में महिलाओं का बहुत सम्मान था, परंतु देश के गुलाम होने के बाद महिलाओं के साथ अन्याय हुआ। ऐतिहासिक कारणों के परिणामस्वरूप घरों में भी महिलाएँ दोयम दर्जे के व्यवहार की शिकार हुईं। अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए भी बहने दूसरों पर निर्भर थीं। उनकी स्थिति में सुधार के लिए ही प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्या विवाह योजना, अन्य प्रोत्साहन गतिविधियाँ और महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाएँ क्रियान्वित की गईं। लाड़ली बहना योजना भी इस सामाजिक क्रांति की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सम्मेलन में भारतीय मजदूर संघ और मध्यप्रदेश आँगनवाड़ी कार्यकर्ता सहायिका महासंघ के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।
साले के गोट कार्यक्रम में शामिल होने गये जीजा की कुऍ में डूबने से मौत
11 Jun, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। बैरसिया थाना इलाके में एक युवक की कुऍ में गिरकर डूबने से मौत हो गई। मृतक साले के गोट कार्यक्रम में शामिल होने ससुराल गया था, वही वो हादसे का शिकार हो गया। घटना की भनक तक किसी को नहीं लगी, बाद मे जब वो नजर नहीं आया तब उसकी तलाश शुरु की गई। थाना पुलिस ने बताया कि टीलाजमालपुरा में रहने वाले 30 वर्षीय धर्मेंद्र विश्वकर्मा पेशे से हलवाई का काम करता था। उसकी ससुराल बैरसिया के ग्राम इमलिया गांव में है। शुक्रवार को नीची ललोई गांव में धर्मेंद्र के साले का मुंडन कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने वह पत्नी के साथ गया था। कार्यक्रम में अन्य लोगो के साथ उसने अधिक शराब पी ली थी। शराब पीने के बाद रात को सभी ने खाना खाया और करीब नौ बजे अपना सामान ले कर घर चले गए। वहीं ससुराल पहुंचने पर पत्नी को धर्मेंद्र नजर नहीं आया, तब उसने उसे फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा था। अन्य रिशतेदारो के फोन पर बात करने पर पत्नी को जानकारी लगी कि पति टीलाजमालपुरा स्थित मायके और ससुराल दोनों ही जगह नहीं पहुंचा है, तब परिवार वालो ने उसकी आसपास के इलाके में उसकी खोजबीन की लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं लगी। अगली सुबह परिवार वाले उसकी तलाश में दोबार नीची ललोई गांव पहुंचे वहॉ उन्हें धर्मेंद्र की लाश कुएं में पड़ी नजर आई। बताया गया है कि जिस कुएं में उसकी लाश मिली है, उसके आसपास सुरक्षा के लिये मुंडेर नहीं थी, और कुआं खेत में बना हुआ है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंपते हुए जॉच शुरु कर दी है। पुलिस का अनुमान है, कि अंधेरे में उसे कुआं नजर नहीं आया जिसके कारण वो उसमें गिरकर उसकी जान चली गई। जॉच में लापरवाही सामने आने पर पुलिस संबधित के खिलाफ मामला दर्ज करेगीं।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर पथराव, 30 कांच चटके
11 Jun, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । असामाजिक तत्वों को वंदे भारत एक्सप्रेस रास नहीं आ रही है। यह वजह है कि मध्यम गति वाली ट्रेन को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है। इस ट्रेन पर एक बार पुन: पथराव किया गया, जिससे उसके 30 कांच चटक गए। असामाजिक तत्वों ने पांच कोचों को निशाना बनाया, इस वजह से दहशत में यात्री दहशत में है।
यह घटना बीते एक हफ्ते में ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन के बीच हुई है। अब भोपाल रेल मंडल इन कांचों को बदलवा रहा है। अभी तक 16 कांच बदल दिए हैं। बाकी के कांच अगले एक सप्ताह में बदले जाएंगे। भोपाल रेल मंडल में तकनीकी टीम से जुड़े एक अधिकारी का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस में लगे कांच मजबूत होते हैं। ये पत्थरों की मार से बिल्कुल नहीं टूटेंगे। इनमें खरोंच आती है। पत्थर की मार पड़ने पर ऐसे दिखते हैं जैसे इनमें दरारें आ गई हों।
भोपाल रेल मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि ट्रैक के किनारे असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जो ट्रेन को नुकसान पहुंचाने की मंशा से पत्थर मारते हैं। इन असामाजिक तत्वों को खोजने के लिए स्थानीय स्तर पर रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) व शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) को सूचित किया है। स्थानीय स्तर पर टीमें लगाईं हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के टूटे हुए कांच को बदलने के लिए भोपाल रेल मंडल ने मुंबई की एक निजी कंपनी को आर्डर दिया है। यहां से कुछ कांच मिल गए हैं और बाकी के कांच में देरी हो रही है।
कांच मिलने में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। इस बारे में भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता सूबेदार सिंह का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर हजरत निजामुद्दीन से आगरा के बीच और ग्वालियर के आसपास बीते सप्ताह पत्थर मारे जाने की घटना हुई थी। जिसकी वजह से पांच कोच के 30 कांच क्षतिग्रस्त हुए थे। उपलब्धता के आधार पर इन्हें बदला जा रहा है। किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। जिन रेलखंडों में ट्रेन पर पत्थर मारे गए हैं, उन रेलखंडों में आरपीएफ व जीआरपी को सूचित कर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है।
एक दिन बाद गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश
11 Jun, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के अधिकतर जिलों में मंगलवार से गरज-चमक के साथ वर्षा भी होने की संभावना है। अभी आज और कल मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने का अनुमान है। उसके बाद तापमान में गिरावट होगी।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर दो मौसम प्रणालियां देश के साथ प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। हवाओं का रुख भी पश्चिमी है। वातावरण में नमी रहने से जहां आंशिक बादल बने हुए हैं, वहीं गर्मी के साथ उमस भी परेशान कर रही है। शनिवार को प्रदेश में सबसे अधिक 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दमोह में दर्ज किया गया। किसी भी जिले में लू के हालात नहीं बने।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। मंगलवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने का सिलसिला शुरू हो सकता है। इससे दिन के तापमान में गिरावट भी होगी। हालांकि वर्तमान में अरब सागर में चक्रवाती तूफान और बंगाल की खाड़ी में म्यांमार के पास कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, लेकिन इन दोनों मौसम प्रणालियों का मप्र के मौसम पर कोई प्रभाव नहीं हो रहा है।
पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में औसतन 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। हवाओं के साथ नमी आने के कारण आंशिक बादल बने हुए हैं। इससे न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने लगी है। इसके साथ ही वातावरण में उमस बढ़ गई है। इस तरह की स्थिति सोमवार तक बनी रह सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है।
मास्टर प्लान को लेकर कांग्रेस ने लगाया आरोप
11 Jun, 2023 12:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जितने का प्लाट उसकी डेढ़ गुनी कीमत में लेनी होगी भवन निर्माण अनुमति
भोपाल । भोपाल का नया मास्टर प्लान बिल्डर माफिया से सांठगांठ का परिणाम है। क्योंकि बिल्डेबल एफएआर के नाम पर गरीबों का तो गला दबा दिया गया है, लेकिन अमीरों को 9 गुना एफएआर मुफ्त दिया गया है। यह आरोप है पूर्व मंत्री एवं विधायक पीसी शर्मा और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता का, उन्होंने पत्रकार वार्ता के माध्यम से भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि राजधानी के जिन नए क्षेत्र को विकास के लिए मास्टर प्लान में जोड़ा गया है उन क्षेत्रों में ही निम्न मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति 400 से 600 रूपये वर्ग फीट की पहुंच में प्लाट उपलब्ध है।
भोपाल में मकान बनाने के लिए गरीब और निम्न मध्यम वर्ग आदमी ही इन्हीं क्षेत्रों में प्लाट खरीदेगा। इसे मास्टर प्लान में आरजी 4 कहा गया है इस आरजी 4 में जो क्षेत्र चिन्हांकित किए गए हैं, उनमें फ्री एफएआर मात्र केवल 0.25 दिया गया है। इसका अर्थ है कि अगर कोई व्यक्ति इन क्षेत्रों में 800 वर्ग फीट का प्लाट खरीदता है तो वह केवल 200 वर्ग फुट निर्माण कर सकता है, अतिरिक्त निर्माण करने के लिए उसे बिल्डेबल एफएआर खरीदने की जरूरत पड़ेगी। जिसकी कीमत बिल्डेबल कलेक्टर गाईडलाइन का आधा होगा । उन्होंने कहा कि भोपाल में प्लाट तो इस क्षेत्र में 400 रुपए में भी उपलब्ध हैं मगर न्यूनतम बिल्डेबल गाईड लाईन 1200 रुपए जितने का वह प्लाट खरीदेगा उसकी डेढ़ गुनी कीमत उसे भवन निर्माण अनुमति के लिए चुकानी पड़ेगी।
करेंगे आपत्ति दर्ज
भोपाल शहर के अन्य दो प्लान एरिया में यही फ्री एफएआर 1.25 यानी प्लाट एरिया का सवा गुना है और यहां पर इतना ही एफएआर अतिरिक्त खरीदा जा सकता है। जो बिल्डर लॉबी है, वह प्राइम एरिया में एफएआर खरीद कर भवनों की ऊंचाई बढ़ाकर तो पैसे कमा सकती है, लेकिन गरीब आदमी बिना पैसा दिए अपना स्वयं का मकान भी नहीं बना सकता । वहीं भूपेन्द्र गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी की कमलनाथ सरकार ने जो ड्राफ्ट मास्टर प्लान बनाया था, शिवराज सरकार ने उसकी हूबहू नकल तो कर ली है, किंतु आर जी 4 में कमलनाथ सरकार द्वारा प्रस्तावित 1.25 फ्री एफएआर को घटाकर एक चौथाई कर दिया है, जिससे स्पष्ट है यह सरकार निम्न मध्यम वर्ग और गरीबों द्वारा अपना स्वयं का भवन निर्माण करने से ज्यादा बिल्डरों के बने बनाये मकानों को खरीदने के लिए प्रोत्साहित करना चाहती है। कांग्रेस पार्टी इस दोहरी नीति का विरोध करती है और विशेषज्ञों के साथ इस मास्टर प्लान पर आपत्ति दर्ज कराएगी। भूपेन्द्र गुप्ता ने कहा कि जब भाजपा ने कमलनाथ सरकार का ड्राफ्ट मास्टर प्लान स्वीकार ही कर लिया है तो उसे अक्षरश: लागू क्यों नहीं करते? जिससे गरीब भी मकान का मालिक बन सकेगा और शहर की बाहरी सीमा को विकसित होने में वहां पर आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी। जिन क्षेत्रों में मात्र .25 एफएआर दिया जाएगा। वहां पर कोई बिल्डर निवेश क्यों करेगा। हमारी मांग है कि कमलनाथ सरकार के ड्राफ्ट मास्टर प्लान के अनुसार आरजी 4 और आरजी 3 में भी फ्री एफएआर सभी प्लान क्षेत्रों के बराबर करे, तभी इन क्षेत्रों में स्वयं भूखंड मालिक एवं बिल्डर निवेश करेंगे। मास्टर प्लान का वर्तमान स्वरूप पूर्व से विकसित क्षेत्रों पर दबाव बढ़ेगा, जिससे सीवेज डिस्पोजल, ट्रेफिक, चिकित्सा, शिक्षा से लेकर अन्य सभी नागरिक सुविधाएं दबाव में आ जाएंगी।
सिहंस्थ के रिजर्व भूमि का क्षेत्रफल भी घटाया
भूपेन्द्र गुप्ता ने दूसरी तरफ उज्जैन के मास्टर प्लान में मंत्रियों और भाजपा के नेताओं की जमीनों को आवासीय बना दिया गया है। यहां तक की सिहंस्थ के लिए जिस सैटेलाइट टाउन की योजना बनाकर भूमि रिजर्व की गई थी, उस क्षेत्रफल को घटा दिया गया है। जिससे ना केवल बढ़ती हुई आबादी के कारण श्रद्धालुओं की आने वाली संख्या को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, बल्कि 2028 का सिंहस्थ आयोजित करने में सरकार को दो-दो पड़ेगी। भाजपा सरकार में जब महाकाल लोक में घोटाला किया जा सकता है तो जमीनों के हेरफेर में घोटाला करना क्या बड़ी बात नहीं है। सरकार भूमि उपयोग परिवर्तन की समीक्षा करें और उज्जैन के उन क्षेत्रों का लैंड यूज यथावत किया जाये। कांग्रेस सिंहस्थ क्षेत्र में दखल बर्दाश्त नहीं करेगी।
25 जून को आप की महारैली
11 Jun, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अरविंद और भगवंत मान होंगे शामिल
भोपाल । मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव के मद्देनजर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में देश में राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा हासिल कर चुकी आम आदमी पार्टी एमपी मिशन 2023 में जुट गई है। दरअसल, आप ने ग्वालियर में महारैली और रोड शो का प्लान तैयार किया है। जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 25 जून को चुनावी शंखनाद करेंगे। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान और आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने बताया कि 25 जून को ग्वालियर में महारैली होगी। आप पार्टी इस महारैली के जरिये शक्ति प्रदर्शन करेगी। इस रैली का आयोजन दोपहर 2 बजे किया जाएगा। जिसमें दिल्ली के सीएम केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान शामिल होंगे। दोनों दिग्गज प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में दौरा करेंगे।
प्रदेश में टू पार्टी सिस्टम
बीजेपी प्रवक्ता नेहा बग्गा ने कहा कि मध्यप्रदेश में टू पार्टी सिस्टम है। केजरीवाल की दाल नहीं गलने वाली। वैसे भी आप पार्टी अब आम नहीं बची है, खास हो गई है। केजरीवाल को 8 करोड़ के पर्दे पसंद हैं। शिक्षा मंत्री शराब घोटाले के आरोपी हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों में गड़बडिय़ां चल रही हैं। आम आदमी पार्टी के शक्ति प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस के पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सिर्फ दो ही पार्टी है, एक बीजेपी और दूसरी कांग्रेस। तीसरे की यहां पर कोई जगह नहीं है। ऐसा कोई भी दल आकर वोट कटवा नहीं बन पाएगा। ऐसे दलों से कोई फर्क नहीं पडऩे वाला है। इनके हिस्से का वोट शेयर भी कांग्रेस को ही मिलेगा। भाजपा अब खत्म हो चुकी है। अब कांग्रेस का समय आने वाला है। प्रदेश में कोई भी आ जाए चुनाव सिर्फ दो पार्टियों के बीच ही होना है।
अमित शाह फिर आएंगे एमपी, 22 जून को करेंगे बालाघाट का दौरा
11 Jun, 2023 10:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सियासी अहमियत से फोकस पर मध्यप्रदेश
भोपाल । मध्यप्रदेश में जैसे जैसे विधानसभा चुनाव पास आ रहे हैं, बीजेपी के केंद्रीय नेताओं की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है। सियासी अहमियत के कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फोकस मध्यप्रदेश के हर बड़े घटनाक्रम पर है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने मध्यप्रदेश को प्राथमिकता पर रखा है जिसके चलते अमित शाह के दौरे भी लगातार हो रहे हैं। अब अमित शाह विशेष जनसंपर्क अभियान में आने वाले हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगभग हर दो महीने बाद मध्यप्रदेश का दौरा कर रहे हैं। आने वाले दिनों में सियासी रणनीति के तहत उनके दौरे और भी बढ़ सकते हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जनसंपर्क अभियान में केंद्रीय नेताओं के दौरे को लेकर मोर्चा संभाला है। अभियान में 16 केंद्रीय मंत्री आएंगे। शाह का दौरा 22 जून को बालाघाट में होगा।
एमपी बीजेपी में व्याप्त असंतोष व विवादों को खत्म कर संगठन को मजबूती दे सकते हैं- अभियान के तहत अमित शाह आदिवासी कार्यक्रम और हितग्राही कार्यक्रम सहित अन्य में भाग लेंगे। साथ ही रणनीतिक बैठक भी करेंगे। इस दौरान वे एमपी बीजेपी में व्याप्त असंतोष व विवादों को खत्म कर संगठन को मजबूती दे सकते हैं।
छिंदवाड़ा सीट का जिम्मा अमित शाह पर ही होने से वे लगातार राज्य का दौरा कर रहे - शाह ने कुछ महीनों में प्रदेश के दौरे किए हैं। 25 मार्च को छिंदवाड़ा, 24 फरवरी को सतना आए थे। इस बार पार्टी ने लोकसभा चुनाव में छिंदवाड़ा सीट हर हाल में जीतने का लक्ष्य तय किया है। छिंदवाड़ा सीट का जिम्मा अमित शाह पर ही होने से वे लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।
किसान कल्याण महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर
11 Jun, 2023 09:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
एक लाख से अधिक हितग्राही होंगे शामिल
भोपाल । राजगढ़ में आगामी 13 जून को मोहमपुरा डैम के सामीप होने वाले किसान कल्याण महाकुंभ की तैयारियां जोरों पर की जा रही है। इसमें एक लाख से अधिक हितग्राहियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। जो किसानों को कई सौगात देंगे। कार्यक्रम के दौरान डिफाल्टर किसानों का ब्याज के पैसे इसी दिन भरे जाएंगे, किसानों के खातों में फसल बीमा की राशि डाली जाएगी। साथ ही किसान सम्मान निधि के 2000 भी डाले जाएंगे। रक्षा मंत्री के दौरे और किसान कल्याण महाकुंभ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। वहीं सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए जाएंगे।
किसान कल्याण महाकुंभ में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों के खातों में छह हजार 500 करोड़ रुपये अंतरित किए जाएंगे। 44 लाख 49 हजार 649 किसानों को दो हजार 933 करोड़ रुपये का फसल बीमा दिलाया जाएगा तो 11 लाख 20 हजार किसानों को दो हजार 200 करोड़ रुपये की ब्याज माफी मिलेगी। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के एक हजार 400 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक के माध्यम से खातों में जमा होंगे। कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2021 में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित खरीफ और रबी फसलों का बीमा एक साथ किसानों को दिया जाएगा। बीमा कंपनियों ने 44 लाख 49 हजार 649 किसानों के दो हजार 933 करोड़ रुपये के दावे मंजूर किए हैं। यह राशि किसानों के खातों में 13 जून को अंतरित की जाएगी। इसके साथ ही प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के 11 लाख 20 हजार अपात्र किसानों को दो हजार 200 करोड़ रुपये की ब्याज माफी देकर पात्र बनाया जाएगा। इसके बाद उन्हें समितियों से खाद-बीज मिलना प्रारंभ हो जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत एक हजार 400 करोड़ रुपये किसानों के खातों में जमा कराए जाएंगे। शिवराज सरकार ने प्रतिवर्ष दो किस्त में किसान को चार हजार रुपये देने की योजना प्रारंभ की थी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में पात्र किसानों को छह हजार रुपये तीन किस्तों में दिए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन की गोरखपुरा परियोजना के 156 ग्रामों में जल-प्रदाय योजना का शुभारंभ, जिले के 40 करोड़ रूपए लागत के कार्यों का ई-लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के लाभार्थियों को अधिकार-पत्र का वितरण होगा। इसमें राजगढ़ सहित गुना, भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, उज्जैन, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा के किसान शामिल होंगे। इसके अलावा अन्य जिलों के किसान वर्चुअली महाकुंभ से जुड़ेंगे।
किसानों को लाने की व्यवस्था करेंगी सहकारी समितियां
सहकारिता विभाग ने सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को निर्देश दिए हैं कि किसान कल्याण महाकुंभ में किसानों को लाने की व्यवस्था वे और सहकारी समितियां स्वयं के व्यय पर करेंगी। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थियों के लिए व्यवस्था कृषि विभाग करेगा। जिस वाहन से उन्हें लाया जाएगा, उस पर योजना का बैनर लगाया जाएगा।प्रतिभागियों के आवागमन, भोजन और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्यू किए जाएंगे।
मोहनपुरा-कुंडालिया पाइप सिंचाई प्रणाली का होगा लोकार्पण
महाकुंभ में मोहनपुरा-कुंडालिया प्रेशराइड पाइप सिंचाई प्रणाली का लोकार्पण भी किया जाएगा। बांध से एक लाख 50 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। खुली नहर की तुलना में भूमिगत पाइप लाइन के माध्यम से राजगढ़ और आगर जिले में अधिक क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बांध का लोकार्पण और भूमिगत नहर कार्यों का भूमिपूजन किया था।
चुनाव लडऩे से पहले ही 3 फाड़ हो गया जयस
11 Jun, 2023 08:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
2018 में मालवा-निमाड़ में कांग्रेस को जिताने में जयस की थी महत्वपूर्ण भूमिका
भोपाल । 2018 में मालवा-निमाड़ में कांग्रेस को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला संगठन जय आदिवासी युवा शक्ति इस बार अकेले चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहा है। लेकिन उससे पहले ही संगठन तीन फाड हो गया है। कभी हीरालाल अलावा, लोकेश मुजाल्दा, आनंद राय जैसे चेहरे एक साथ थे लेकिन अब यह संगठन में अलग-अलग राग और राह पर हैं। हाल में चर्चा है कि आनंद राय सहित पांच लोगों ने तेलंगाना में सक्रिय पार्टी बीआरएस को ज्वाइन कर लिया है। यह पार्टी मध्य प्रदेश में सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके बाद से चर्चा शुरू हो गई है कि असली जयस कौन सा है? संगठन से जुड़े लोगों को दावा है कि मप्र में जयस तीन गुटों में बंट गई है। खास बात है कि इन सभी नेताओं का बैकग्राउंड इंदौर का है। कभी दोस्त रहे ये लोग अब राजनीतिक रूप से दुश्मन बन गए हैं।
एक गुट कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा का है। इस गुट के नेता प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। दूसरा खेमा, भाजपा के डॉ. निशांत खरे का है जो कुछ युवा नेताओं के साथ भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। तीसरे गुट ने बीआरएस पार्टी से दो दिन पहले ही हाथ मिला लिया है।
पहला गुट: लोकेश मुजाल्दा और आनंद राय
डॉ. आनंद राय व्यापमं घोटाले को उजागर होने के बाद चर्चा में आए। सरकार विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें सरकारी डॉक्टर के पद से बर्खास्त कर दिया गया है। राय पिछले कुछ साल से जयस संगठन को खड़ा करने का काम कर रहे हैं। लोकेश मुजाल्दा इस समय जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। वह पेशे से इंजीनियर है। जयस को विक्रम अछालिया, लोकेश मुजालदा, रामदेव काकोडिया ने तैयार किया था। वे जयस के संस्थापक सदस्य है। अभी हालही में बीआरएस से हाथ मिलाने वाले जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा ने कहा कि हम मध्य प्रदेश में तीसरा मोर्चा देने जा रहे हैं। हम मप्र की सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। हम बीआरएस पार्टी को अपना समर्थन दे रहे हैं। प्रदेश के आदिवासियों के मुद्दों को बीआरएस ने अपने मेनिफेस्टो में जगह दी है। हम आरएसएस की तर्ज पर काम करते हुए बीआरएस को समर्थन देंगे। बीआएस पार्टी के वरिष्ठ नेता दासोजू श्रवण कुमार ने कहा कि पार्टी चुनाव की तैयारी कर रही है। लेकिन इसकी ज्यादा जानकारी पार्टी के प्रेसिडेंट ही दे पाएंगे।
दूसरा गुट: विधायक हीरालाल अलावा
डॉ. हीरालाल अलावा पहले दिल्ली एम्स में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी करते थे। 2016 में नौकरी से इस्तीफा देकर सियासी पारी की शुरुआत की थी। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर मनावर से पहली बार चुनावी मैदान में उतरे और जीत हासिल की। कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा गुट का दावा है कि आगामी चुनाव में जयस प्रदेश की 80 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अभी जयस अकेला ही कांग्रेस-बीजेपी को चुनौती दे रहा है। दरअसल कांग्रेस-बीजेपी का आदिवासियों के लिए क्लियर नहीं है। इन दोनों में से जो भी दल के हमारे रुख पर खरा उतरेगा हम उस पार्टी को समर्थन देंगे।
तीसरा गुट: डॉ. निशांत खरे
डॉक्टर निशांत खरे इस समय मध्य प्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष है। संघ की पृष्ठ भूमि से आने वाले खरे इंदौर से महापौर टिकट के लिए भी दावेदारी कर चुके है। खरे सीएम शिवराज के ख़ास बताए जाते है। डॉ. निशांत खरे के साथ भाजपा के लिए काम कर रहे जयस नेताओं का दावा है कि भाजपा ही आदिवासियों की सच्ची हितैषी है। बीते पांच सालों में मप्र में आदिवासियों के कल्याण के लिए कई कार्यक्रम व योजनाएं लागू की गई हैं। जिनका लाभ आदिवासियों को मिल रहा है।
अब आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज...
कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने बताया कि डॉ. आनंद राय को जयस से बाहर कर दिया गया है। वे सिर्फ पांच लोगों को लेकर बीआरएस पार्टी में गए हैं। इनमें से किसी का कोई पॉलिटिकल बैकग्राउंड नहीं है। इन लोगों के जाने से जयस को कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। जयस शुरू से ही स्वतंत्र आदिवासी नेतृत्व की बात करता आया है लेकिन आनंद राय आदिवासी नहीं हैं। वह आदिवासियों के फैसले नहीं ले सकते। अलावा ने आरोप लगाया कि जयस में गुटबाजी फैलाई। बीआरएस में शामिल हुए आनंद राय ने कहा कि अलावा कांग्रेस के नेता है, वह मुझे जयस से नहीं निकाल सकते। मूल जयस मेरे साथ है जो बीआरएस को समर्थन दे रहा है। हीरालाल अलावा जयस की आड़ में अपनी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आदिवासियों के लिए एक काम नहीं किया, सिर्फ़ उनका इस्तेमाल किया है। अलावा 80 सीटों पर चुनाव लढऩे की बात कर रहा है वह पहले ख़ुद की विधानसभा सीट तो बचा लें। जय आदिवासी युवा संगठन (जयस) के संस्थापक सदस्य रहे विक्रम अछालिया ने कहा हमने अलावा से कहा है कि कांग्रेस से इस्तीफा देकर जयस के लिए पूरी तरह से काम करें। कांग्रेस में रहकर काम करने से बीजेपी को आरोप लगाने का मौका मिलेगा कि हम कांग्रेस की बी टीम हैं। तेलंगाना में गांव के लोग हमसे बेहतर इंग्लिश में बात करते हैं। गोल्फ जैसे महंगे गेम में भी आदिवासी इलाके में बढ़ावा दिया जा रहा है। आपको बता दें कि दो दिन बाद प्रदेश के 200 से ज्यादा लोग तेलंगाना जाकर बीआरएस की सदस्यता लेने वाले हैं। जयस के लोकेश मुजाल्दा ने कहा कि हीरालाल अलावा कांग्रेस के विधायक हैं। वे कौन से चुनाव चिन्ह के साथ 80 सीटों पर चुनाव में उतरेंगे, जयस गुटों में नहीं बंटी है। प्रदेश की 47 आरक्षित सीटों सहित 100 अन्य सीटों पर जयस का पूरा होल्ड है। जहां पर चुनाव के दौरान बीआरएस का हम पूरा समर्थन करेंगे।
मुख्यमंत्री चौहान ने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से की सौजन्य भेंट
10 Jun, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में लाड़ली बहनों के साथ पौध-रोपण करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती से उनके निवास पहुँच कर सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री चौहान ने भारती का शॉल और से सम्मान किया। मुख्यमंत्री चौहान को भारती ने तिलक लगाया, मिठाई खिलाई और आशीर्वाद दिया। भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बना कर मुख्यमंत्री चौहान ने बहनों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य किया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने स्मार्ट उद्यान में लाड़ली बहनों के साथ लगाए पौधे
10 Jun, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्यामला हिल्स स्थित स्मार्ट उद्यान में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की बहनों, संभावना कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान ने , पीपल, आँवला, नीम, गुलमोहर, आम, कचनार, बादाम, कदम्ब, जामुन, बरगद और अमरूद के पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राही राधा यादव, कीर्ति केवट, राशिदा खान, रजनी लोधी, हर्षिका केवट, रमा बाई, राजकुमारी, माया पटेल, शबनम, रेखा सिंह, कंचन पांडे सहित अन्य बहनों ने पौध-रोपण किया। मुख्यमंत्री चौहान के साथ हितानंद शर्मा ने भी पौधा लगाया। नीलेश तिवारी ने अपनी जन्म वर्षगाँठ पर पौधा रोपा, उनके परिवारजन मेघा और अलंकृता तिवारी साथ थी। सामाजिक कार्यकर्ता शोभित मिश्रा और रंजीत सिंह चौहान भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
गंगा-जमना पर भाजपा-कांग्रेस में रार, दो सिख नेताओं ने संभाला मोर्चा
10 Jun, 2023 08:48 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । दमोह के गंगा जमना स्कूल में हिंदू छात्राओं को हिजाब, नमाज और कुरान पढ़ाने के मामले में जमकर राजनीति भी शुरू हो गई है। इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस में रार शुरू हो गई है। वहीं मामले में भाजपा और कांग्रेस के दो सिख नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी की ओर से मोर्चा संभाल लिया है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन मंत्री समन्वय गुरमीत सिंह मंगू ने सरकार और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर सवाल दागते हुए पूछा है कि शिवराज सिंह जी आप 18 वर्षो से सो रहे थे क्या? दमोह जिला के जयन्त मलैया 30 वर्ष से विधायक व मंत्री थे, पहलाद पटेल केन्द्रीय मंत्री व 10 वर्ष से सांसद है। 1990 से 2023 लगातार भाजपा के सांसद दमोह में रहे हैं। तब क्या गंगा-जमना स्कूल नहीं दिखा?
गुरमीत सिंह मंगू का कहना है कि चुनाव आते ही भाजपा को रंग भेद दिखने लगा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा और उसकी सरकार को अब जनता ही जवाब देगी। गौरतलब है कि इस मामले में एआईएमआईएम के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा पर हमला बोला है। हैदराबाद में एक सभा में ओवैसी ने कहा, स्कूल ने प्रचार किया कि हमारी बच्चियां अच्छे नंबर से पास हुईं। बच्चियों ने स्कार्फ पहना था। सीएम (शिवराज) ने कह दिया- हम अपनी भांजियों और भतीजियों को जबरन हिजाब नहीं पहनने देंगे। उस स्कूल पर कार्रवाई कर दी गई। कलेक्टर (दमोह) ने ट्वीट कर कहा कि सब गलत खबरें हैं, ऐसा कुछ है ही नहीं। फिर वहां स्याही फेंक दी गई, बोला गया- तुमने गलत रिपोर्ट दे दी।
उधर, भाजपा की ओर से प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने जवाब देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामला सामने आते ही इसे गंभीरता से लिया है। दमोह के गंगा जमना स्कूल में हिंदू छात्राओं को हिजाब, नमाज और कुरान पढ़ाने का मामला चिंताजनक है। स्कूल के अंदर से मजिस्द जाने के गुप्त रास्ता होने का खुलासा हुआ है। यह स्कूल प्रबंधन मस्जिद जाने के लिए बनवाया। यह रास्ता 20 मीटर लंबा है, जो मस्जिद के सामने खुलता है। स्कूल के अंदर बने गुप्त रास्ते के जरिये स्कूल से मजिस्द आना-जाना होता है। स्कूल में कई जगह पर आयतें भी लिखी हैं। मामला सामने आने के बाद इन्हें पेंट करवाकर छिपाने की कोशिश की गई है। स्कूल में भारत का नक्शा आधा दिखाया है। प्रदेश सरकार ने तत्परता से जिस तरह कार्रवाई की है, वह सराहनीय है।
पन्ना की धरती से निकलने वाले हीरों को मिलेगा जीआई टैग
10 Jun, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के पन्ना जिले की धरती से निकलने वाले हीरों को जीआई टैग मिलेगा। बीते 7 जून को इसके लिए किया गया आवेदन स्वीकृत हो गया है। शीघ्र ही पन्ना से निकलने वाले हीरों को जीआई टैग मिल जाएगा। हीरा अधिकारी पन्ना रवि पटेल ने बताया कि जीआई टैग मिलने से पन्ना के हीरो की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वैल्यू बढ़ेगी। इसकी खूबी बताते हुए श्री पटेल ने कहा कि जीआई (ज्योग्राफिकल इंडिकेशन) यानी भौगोलिक संकेत एक प्रतीक है, जो मुख्य रूप से किसी उत्पाद को उसके मूल क्षेत्र से जोड़ने के लिए दिया जाता है। जिस वस्तु को यह टैग मिलता है वह उसकी विशेषता बताता है।पन्ना के हीरों को जीआई टैग मिले इसके लिए ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी लखनऊ द्वारा चेन्नई स्थित संस्था में आवेदन किया गया था। भारत के वाणिज्य मंत्रालय के तहत काम करने वाली यह संस्था पूरी जांच पड़ताल और छानबीन के बाद जीआई टैग देती है। जीआई टैग मिलने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में उस प्रोडक्ट की कीमत व महत्व बढ़ जाता है। विदित हो कि 2003 में जीआई टैग की शुरुआत के बाद भारत में पहला जीआई टैग दार्जिलिंग की चाय को साल 2004 में मिला था। उसके बाद देश के अलग-अलग राज्यों और क्षेत्र विशेष की पहचान बन चुके अनेकों उत्पादों को जीआई टैग मिल चुका है। इनमें कश्मीर का केसर और पश्मीना शॉल, नागपुर के संतरे, बंगाली रसगुल्ले, बनारसी साड़ी, तिरुपति के लड्डू, रतलाम की सेव, बीकानेरी भुजिया, झाबुआ का कड़कनाथ, चन्देरी साड़ी, महोबा का पान आदि शामिल है। उत्पाद के पंजीकरण और उसके संरक्षण के लिए दिसंबर 1999 में एक एक्ट पारित किया गया था।मालूम हो कि मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की पहचान सदियों से यहां की धरती से निकलने वाले बेशकीमती हीरों के कारण है, यही वजह है की पन्ना को डायमंड सिटी के नाम से भी जाना जाता है। जी आई टैग मिलने से पन्ना के हीरो की चमक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ेगी, जिसका लाभ निश्चित ही पन्ना के हीरा व्यवसाय से जुड़े लोगों को मिलेगा।