मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
सीएम शिवराज आज पूरी कैबिनेट के साथ देखेंगे फिल्म 'द केरला स्टोरी'
16 May, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि जो जेहादी लव को हथियार बनाते है और लव के नाम पर जेहाद करते है। उनके लिए मध्य प्रदेश सरकार ने पहले से ही कानून बनाया है। लेकिन द केरला स्टोरी जो जेहाद पर ही आधारित है। इसको देखने के बाद कई अलग विषय, एंगल और वस्तु सामने आएंगे। और ध्यान भी आकर्षित होगा। इसलिए आज मध्य प्रदेश की पूरी कैबिनेट द केरला स्टोरी फिल्म देखने जाएगी।बता दें प्रदेश सरकार ने फिल्म द केरल स्टोरी को मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री किया।
इसका एलान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा था कि यह फिल्म शिक्षित और जागरुक करती है, बच्चों और अभिभावकों को यह फिल्म जरूर देखना चाहिए। द केरल स्टोरी फिल्म की कहानी लव जिहाद पर केंद्रित है।सीएम ने कहा था कि दे केरल स्टोरी आतंकवाद, मतांतरण और लव जिहाद के घिनौने चेहरे को उजागर करती है। क्षणिक भावुकता में जो बेटियां लव जिहाद के जाल में उलझ जाती हैं, उनकी कैसे बर्बादी होती है, यह फिल्म बताती है। आतंकवादी के डिजाइन को भी यह फिल्म उजागर करती है, यह फिल्म हमें जागरुक करती है।
दमोह : 500 एकड़ जंगल में लगी भीषण आग, सैकड़ों पेड़-पौधे हुए जलकर खाक
16 May, 2023 11:50 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह जिले के सगौनी वन परिक्षेत्र की बनवार बीट में परस्वाहा की टेक पर करीब 500 एकड़ के जंगल में सोमवार शाम आग लग गई। आग से सैकड़ों पेड़, पौधे जलकर खाक हो गए। आग लगने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की मदद से जलती हुई आग को रोकने के लिए पानी की बौछार की गई।
सगौनी रेंजर अखलेश चौरसिया, बनवार चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा सहित वन विभाग एवं पुलिसकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे रहे, लेकिन आग देर रात तक भड़की रही। रेंजर चौरसिया ने बताया कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग कैसी लगी है, हालांकि देर रात काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अभी भी कई जगह से धुआं उठ रहा है, जिससे चिंगारी भड़कने की आशंका बनी हुई है।
किसान के ऋण खाते में भुगतान के दिन से ही जमा मानी जाएगी राशि, ब्याज भी नहीं लगेगा
15 May, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भले नागरिक आपूर्ति निगम किसानों से कटौती की गई ऋण राशि प्राथमिक कृषि सहकारी समिति को देने में कितना भी विलंब करे, अब समर्थन मूल्य पर उपज व्रिकय के बाद किसान को जिस दिन भुगतान होगा, उसी दिन से उसके ऋण खाते में राशि जमा मानी जाएगी। इसका लाभ यह होगा कि किसान के ऋण खाते में बकाया नहीं दिखेगा और ब्याज भी नहीं लगेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए हैं। सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसान समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के साथ ही सहमति के आधार पर भुगतान में से कुछ राशि ऋण में कटवाते हैं। बाकी राशि का भुगतान किसान को खाते में कर दिया जाता है, लेकिन नागरिक आपूर्ति निगम से राशि मिलने में विलंब होता है।
इस कारण किसान के ऋण खाते में बकाया दिखाई देता है और निर्धारित अवधि तक ऋण न चुकाने के कारण ब्याज लग जाता है। मुख्यमंत्री का कहना है कि जब किसान के भुगतान में से राशि काट ली गई तो उसी समय यह ऋण खाते में समायोजित हो जानी चाहिए, ताकि ब्याज न लगे। किसान को शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिलता रहे। इसके लिए अपेक्स बैंक ने सभी जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे यह व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना के लिए सभी पात्र किसानों से आवेदन भरवाए जाएंगे ताकि उन्हें बिना ब्याज के ऋण की सुविधा प्राप्त हो सके।
पशु एम्बुलेंस पहुँचने से गाँवों में खुशी की लहर
15 May, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा 12 मई को भोपाल से रवाना की गई पशु चिकित्सा एम्बुलेंस का अपने गंतव्य तक पहुँचने का सिलसिला जारी हैं। इसी क्रम में पशुपालन एवं डेयरी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बड़वानी और खरगोन जिले के 21 विकासखण्डों के लिये पशु चिकित्सा एम्बुलेंस रवाना की। विकासखण्ड में इन चलित पशु चिकित्सा इकाइयों के पहुँचने से ग्रामीणों में खुशी का आलम है। जहाँ बीमार पशु को डॉक्टर के पास तक ले जाना एक बड़ी समस्या हुआ करती थी, वहीं अब चिकित्सा सुविधाओं के दर पर पहुँचने से मवेशी स्वस्थ रहेंगे और अधिक दूध देंगे। इससे ग्रामीण बेहतर आमदनी के प्रति भी आशान्वित हो चले है।
पशु चिकित्सा एम्बुलेंस के गाँवों में पहुँचने पर जन-प्रतिनिधियों और पशुपालकों ने आरती उतारी और पूजा कर स्वागत किया। जिलों में पहुँची एम्बुलेंस को स्थानीय विधायकों ने हरी झण्डी दिखा कर अपने गंतव्य के लिये रवाना किया। लोगों ने एम्बुलेंस का फायदा उठाना शुरू कर दिया है। बीमार पशु के पालक कॉल सेंटर फोन कर सुविधा का लाभ उठा रहें है और व्यवस्था के लिये शासन को धन्यवाद दे रहें है।
नरसिंहपुर जिले के साईखेड़ा गाँव के अभिषेक सोनी कहते है मेरी गाय ने कल खाना-पीना बंद कर दिया था। गाय को तुरंत चिकित्सा सहायतामिलने से अब स्थिति सामान्य है। पहले यही बीमारी आगे बढ़ जाती थी और दुग्ध उत्पादन में नुकसान झेलना पड़ता था। बागली पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय शर्मा ने कहा कि आस-पास के 40 से 50 कि.मी. के गाँव तक के पशु मालिक इस सुविधा से लाभान्वित होंगे। ग्रामीण क्षेत्रों में पशु एम्बुलेंस पशु-पालकों के लिये आकर्षण का केन्द्र बन रही है।
चलित पशु चिकित्सा ईकाई में उपचार, कृत्रिम गर्भाधान, छोटे ऑपरेशन, गोबर-खून की जाँच, दवाइयाँ और जीपीएस की सुविधा उपलब्ध है। पशु-पालक राज्य स्तरीय टोल फ्री नम्बर 1962 पर कॉल कर सुविधा ले रहे है।
मुख्यमंत्री चौहान ने रावतपुरा धाम परिसर में पौध-रोपण किया
15 May, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज रावतपुरा जिला भिण्ड प्रवास के दौरान पत्नी साधना सिंह के साथ रावतपुरा धाम परिसर में पौध-रोपण किया। इस दौरान रावतपुरा धाम महन्त रविशंकर महाराज भी उपस्थित रहे।
ट्रेनों, बसों में नशीली चाय पिलाकर लूटने वाला भोपाल में गिरफ्तार, 32 लाख के जेवर बरामद
15 May, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
नर्मदापुरम । नर्मदापुरम जिले की पुलिस ने ट्रेनों और बसों में नशीली चाय पिलाकर यात्रियों को लूटने वाले शातिर बदमाश रघुराज पिता चतुर सिंह चौहान निवासी ग्राम अरेड़ी जिला भोपाल को भोपाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 521 ग्राम सोने के जेवर, जिनकी कीमत करीब 32 लाख रुपये है, बरामद किए गए। आरोपित के विरुद्ध भोपाल, बैतूल, झांसी, कटनी और प्रयागराज में आठ मामले दर्ज हैं।
आरोपित ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने कुछ जेवर चित्रकूट (उप्र) के मानिकपुर में भी बेचे हैं। न्यायालय ने आरोपित को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर सौंपा है। एसपी डा. गुरकरन सिंह ने बताया कि माखन नगर निवासी अभिलेंदु पिता सत्यसर सामंत एक-दो मई की दरिमयानी रात भोपाल के सराफा मार्केट से माखन नगर के सराफा व्यापारियों के करीब 600 ग्राम स्वर्ण आभूषण बनवाकर और मरम्मत कराकर बस से माखन नगर आ रहे थे। इस दौरान अभिलेंदु को किसी व्यक्ति ने दोस्ती कर नशीली चाय पिलाई और बेहोश होने के बाद सोने के जेवर लेकर फरार हो गया। भोपाल और नर्मदापुरम के बस स्टैंड की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने रघुराज को गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ कर्नाटक के विद्यार्थियों ने किया पौध-रोपण
15 May, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में रूद्राक्ष, जामुन और पीपल के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री के साथ कर्नाटक से आए विद्यार्थियों के समूह ने भी पौध-रोपण किया। विद्यार्थियों ने कहा कि वे पर्यावरण-संरक्षण का यह संदेश कर्नाटक के नागरिकों को भी देंगे। मध्यप्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए सभी लोग सजग दिखे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में पर्यटन स्थलों पर भी सुविधाएँ हैं। विद्यार्थी नगरों की सुंदरता से भी प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने विद्यार्थियों से महाकाल लोक उज्जैन देखने का आग्रह किया। अधिकांश विद्यार्थी कर्नाटक के सूरथकल नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में अध्ययन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ मेनिट भोपाल के प्रोफेसर अनुराग नगाइच और अन्य प्राध्यापकों ने भी पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने अमर शहीद सुखदेव की जयंती पर नमन किया
15 May, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमर शहीद सुखदेव की जयंती पर मुख्यमंत्री निवास सभा कक्ष में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने उनके योगदान का स्मरण भी किया। सुखदेव का जन्म 15 मई 1907 को पंजाब प्रांत के लुधियाना में हुआ था। उन्हें ब्रिटिश सत्ता द्वारा भगत सिंह और राजगुरू के साथ 23 मार्च 1931 को फाँसी दे दी गई थी।
भारतीय संस्कृति में विवाह समझौता नहीं, आत्माओं का पवित्र बंधन है - मुख्यमंत्री चौहान
15 May, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारतीय संस्कृति में विवाह कोई समझौता नहीं, बल्कि आत्माओं का पवित्र बंधन है। बेटियाँ हमारे लिये देवियाँ हैं, उनका विवाह पवित्र संस्कार है। एक समय था जब बेटियों को दुनिया में आने से रोका जाता था और बेटियों का विवाह बोझ माना जाता था, आज स्थिति बदल गई है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना से नवदम्पतियों को अपनी गृहस्थी चलाने में सहयोग मिल रहा है। राज्य सरकार ने सामग्री के स्थान पर राशि देने की व्यवस्था की है, जिससे नवदम्पति अपनी आवश्यकता के अनुकूल जरूरी सामान खरीद सकें।
मुख्यमंत्री चौहान आज समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास से जनपद पंचायत सीधी एवं बालादी जिला खंडवा में हो रहे मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे। दोनों जिलों में लगभग 300 जोड़े आज विवाह-सूत्र में बंधे। मुख्यमंत्री चौहान ने बेटियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि उनकी कामना है कि बेटियाँ सुखी, निरोगी और प्रसन्न रहें। विवाह से जुड़ रहे दोनों परिवार एक-दूसरे का गौरव और सम्मान बढ़ाने का कार्य करें।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बेटियों के विवाह का क्षण उल्लास और आनंद का क्षण है। लाखों बेटियों का मामा होने के नाते मेरा प्रसन्न होना स्वाभाविक है। प्रदेश में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से बहनों के खाते में हर महीने 1000 रूपए की राशि पहुँचाई जाएगी। बेटियों और बहनों के कल्याण के लिए ऐसी कई योजनाएँ संचालित हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने दोनों जिलों में सामूहिक विवाह समारोह में उपस्थित जन-प्रतिनिधियों और स्थानीय प्रशासन को उनकी सहभागिता और दिए जा रहे सहयोग के लिए बधाई दी।
केवट समाज की प्रगति, विकास और उन्नति में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी : मुख्यमंत्री चौहान
15 May, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भगवान श्रीराम और मैया सीता को निषादराज केवट ने गंगा पार लगाया था। केवट की श्रीराम के प्रति असीम श्रद्धा और भक्ति थी। निषादराज भारतीय समाज के लिए भगवान से कम नहीं है। केवट समाज सरल, मेहनती और साहसी समाज है। केवट समाज ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों को धूल चटा दी थी। मुख्यमंत्री चौहान, मुख्यमंत्री निवास पर केवट जयंती कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। जल संसाधन, मछुआ कल्याण तथा मत्स्य-पालन मंत्री तुलसीराम सिलावट, अध्यक्ष मछुआ कल्याण बोर्ड सीताराम बाथम, पिंटू केवट, राकेश बाथम, प्रेमलाल वर्मन, राजू बाथम, महेश केवट सहित अन्य पदाधिकारी और समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि शासकीय तालाब और जल-संरचनाओं पर पहला हक मछुआरों का है। दबंगों से तालाबों का कब्जा वापस लेकर मछुआरों को दिया जाएगा। प्रदेश में अभियान चला कर केवट समाज को कब्जा देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति बना कर शासकीय सेवा के लिए जाति प्रमाण-पत्र की विसंगति दूर करेंगे। शासकीय सेवा में जो कर्मचारी हैं, उन्हें सेवा से बाहर नहीं किया जाएगा। जहाँ केवट समाज की बहुलता है वहाँ निषादराज स्मारक, भवन बनाएंगे एवं मूर्तियाँ लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केवट समाज के युवाओं को परम्परागत व्यवसाय के अलावा दूसरे व्यवसायों में भी आगे आने की कोशिश करनी चाहिए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में काम-धंधे के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में की जा रही है, जिससे हमारे बच्चे अंग्रेजी के कारण पीछे न रह जाएँ। सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मेडिकल की सीटों में 5 प्रतिशत सीट्स रिजर्व कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि लाड़ली बहना योजना में बहनों के खातों में 1000 रूपए हर महीने डाले जाएंगे। समाज की प्रगति विकास और उन्नति में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। मिल कर सब साथ चलेंगे। पूरी ताकत से आगे बढ़ेंगे।
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि आज का दिन पवित्र अवसर है कि मुख्यमंत्री निवास पर केवट जयंती मनाई जा रही है। केवट जयंती विकास और प्रगति में नींव का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री चौहान केवट समाज का गौरव बढ़ाने, प्रगति और विकास के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। मत्स्य-पालन विभाग पूरे राष्ट्र में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री चौहान और केवट समाज के नागरिकों को जाता है। पूरे प्रदेश में तेजी से मछुआ क्रेडिट कार्ड बन रहे हैं। समाज के विकास के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में सरकार आपके साथ खड़ी है।
अध्यक्ष मछुआ कल्याण बोर्ड सीताराम बाथम ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि हमारे समाज के प्रभु केवट ने भगवान राम को नाव में बैठा कर पार लगाया था। केवट समाज का देश के विकास में बहुत योगदान है। उन्होंने मछुआरों और केवट समाज को अधिकार दिलाने की मांग की। भोपाल में ठहरने के लिए रेस्ट हाउस की मांग रखी। प्रदेश में प्रभु केवट की मूर्तियाँ लगाने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने पुष्प-वर्षा कर केवट समाज के भाई-बहनों का स्वागत किया और केवट समाज की प्रतीक नाव पर सवार होकर नाव भी चलाई। प्रभु श्रीराम, माता सीता और केवट के चित्र पर पुष्पपांजलि अर्पित की। केवट समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान को समाज के पदाधिकारियों ने स्मृति-चिन्ह भेंट किया। केवट जयंती का शुभारंभ कन्या-पूजन और दीप जला कर किया गया।
वनकर्मियों को मिल सकता है एक माह का अतिरिक्त वेतन
15 May, 2023 08:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । वन कर्मचारियों को पुलिस की भांति साल में एक माह का अतिरिक्त वेतन मिल सकता है । इस पर राज्य सरकार द्वारा विचार किया जा रहा है। मैदानी पदस्थापना वाले वनकर्मी इस आशय की मांग लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला था। कल वनमंत्री विजय शाह की मौजूदगी में हुई बैठक में इस पर सहमति बनी है। वन मुख्यालय प्रस्ताव तैयार कर रहा है, जो शासन को भेजा जाएगा। वन कर्मचारियों की हड़ताल पर जाने की चेतावनी के बाद हाल ही में यह बैठक हुई थी, जिसमें 12 मांगों पर सहमति बनी है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक वन कर्मचारी मैदानी पदस्थापना में हैं। जिन्हें दिन-रात जंगल या वन्यप्राणियों की निगरानी करती पड़ती है। ये कर्मचारी अपने काम को पुलिस के समान बताते हैं और कई सालों से साल में एक माह का वेतन अतिरिक्त देने की मांग कर रहे थे। हाल ही में वन कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी तो वन मंत्री ने बैठक बुलाई, जिसमें 12 मांगों पर विस्तार से बात के बाद सहमति बनी है। जिन्हें लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर मंथन शुरू हो गया है।वन समितियों में तैनात सुरक्षा श्रमिकों के पारिश्रमिक में एक हजार रुपये बढ़ाने, श्रमिकों और स्थायीकर्मियों को ईपीएफ व्यवस्था से जोड़ने, उनके बच्चों के लिए पायलट आधार पर छात्रावास सुविधा शुरू करने, उनके आयुष्मान और संबल कार्ड बनाने, नक्सली घटनाओं में मृत्यु होने पर वनकर्मी को बलिदानी का दर्जा देने और वन क्षेत्रपालों को पुलिस निरीक्षक के समान वेतनमान स्वीकृत करने पर सहमति बनी है। ये प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है, जिस पर अंतिम निर्णय सरकार लेगी। वनकर्मियों को पूरी उम्मीद है कि उनकी जायज मांगों पर सरकार अवश्य विचार करेगी।
मप्र सरकार के जिस हेलीकॉप्टर से अनुराधा पोड़वाल हुईं थीं घायल, उसे सवा दो करोड़ रु. में खरीदेगी मुंबई की कंपनी
15 May, 2023 08:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश सरकार के बीस साल से भी अधिक पुराने बेल-430 हेलीकाप्टर को अब मुंबई की डेकन एयरवेज कंपनी खरीदेगी। इस हेलीकाप्टर को खरीदने के लिए कंपनी ने दो करोड़ 36 लाख रुपये की बोली लगाई थी, जो मंजूर हो गई थी। कंपनी ने 25 प्रतिशत राशि 59 लाख रुपये जमा करके एग्रीमेंट कर लिया है। अब शेष राशि वह अगले कुछ दिनों में जमा कर हेलीकाप्टर एवं उसके पाट्स की सुपुर्दगी ले लेगी। इस राजकीय हेलीकाप्टर को वर्ष 2016 से बेचने के प्रयास हो रहे थे। यह लंबे समय से स्टेट हैंगर में पड़ा हुआ है और हवाई सेवा के लिए उपयुक्त नहीं है। इस हेलीकाप्टर से वर्ष 2003 में यात्रा करते समय प्रख्यात गायिका अनुराधा पोड़वाल घायल हो गई थीं। उक्त हेलीकाप्टर को यथास्थिति में बेचने के लिए आठ बार टेंडर जारी हुए हैं। पहले इसकी आफसेट प्राइज दस करोड़ रुपये रखी गई थी।
कीमत ज्यादा रखने के कारण छह बार में भी कोई खरीददार सामने नहीं आया। सातवीं बार निकाले गए टेंडर में इस हेलीकाप्टर की आफसेट प्राइज दो करोड़ 24 लाख रुपये रखी गई थी। भोपाल के एफए इंटरप्राइजेज ने दो करोड़ 37 लाख रुपये की दर दी थी, जो सरकार ने मंजूर कर ली थी, लेकिन वह इसे खरीदने के लिए आगे नहीं आया। इस पर उसकी अमानत राशि करीब ढाई लाख रुपये राजरात कर ली गई। आठवीं बार टेंडर जारी किए गए। इस हेलीकाप्टर को बेचने के लिए पिछले सात साल से प्रयास हो रहे हैं। सात बार टेंडर जारी किए जा चुके हैं। टेंडर प्रक्रिया में बोलीदारों ने करीब साठ लाख रुपये की अमानत राशि जमा कराई थी, जो राजसात कर ली गई है क्योंकि ये बोलीदार टेंडर मंजूर होने के बाद भी निर्धारित राशि जमा कर हेलीकाप्टर उठाने नहीं आए थे।
नहीं लौटाई डाक्टरों से वसूली गई राशि
15 May, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गैस राहत विभाग ने डाक्टरों को अधिक राशि देकर वसूली करने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में दायर अवमानना याचिका का भी पालन नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन गैस राहत विभाग और स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के अधीन कुछ डाक्टरों के मामले में नहीं हुआ है। कोर्ट ने सरकार को वसूली की गई राशि लौटाने को कहा था। मालूम हो कि राज्य सरकार ने 2008 में डाक्टरों को चार स्तरीय वेतनमान देने का आदेश जारी किया था। इसके अनुसार डाक्टरों को वेतनमान दिया गया। इसके बाद वित्त विभाग ने यह कहते हुए आदेश वापस ले लिया कि गलत आदेश जारी हो गया था। डाक्टरों से वसूली भी शुरू हो गई थी। मप्र मेडिकल आफिसर्स एसोसिएशन ने पूरे तथ्य के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने भी यह बात रखी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने भी रिकवरी रोकने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। उनके कहने के बाद भी रिकवरी जारी रही तो डाक्टर सुप्रीम कोर्ट चले गए थे। कोर्ट ने पिछले माह डाक्टरों से रिकवरी की गई राशि लौटाने को कहा था। इस मामले में सिविल सर्जन के अधीन सभी डाक्टरों को राशि लौटा दी गई है। राशि नहीं लौटाने से डाक्टरों में नाराजगी है। वह फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाने की तैयारी कर रहे हैं। एक-एक डाक्टर से दो लाख रुपये से लेकर 16 लाख रुपये तक की रिकवरी की गई थी, जिसे कोर्ट ने लौटाने को कहा था।
विस चुनाव: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रखेंगे तैयारियों पर नजर
15 May, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कर्नाटक विधानसभा चुनाव में सफलता के झंडे गाडने के बाद अब कांग्रेस की नजर मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव पर टिक गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मध्यप्रदेश में भी कर्नाटक जैसा इतिहास दोहराना चाह रहे हैं। इसीलिए अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश में डेरा डालेंगे। यहां नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनावी तैयारियों को गति देने और कार्यक्रमों की निगरानी के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक अर्जुन मोढवाडिया, सुभाष चोपड़ा, कुलदीप सिंह राठौड़, प्रदीप टम्टा के साथ रविवार को प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल ने रविवार को भोपाल में बैठक की। देर शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के साथ भी चर्चा हुई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस द्वारा चुनाव की तैयारी को लेकर उठाए कदमों के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि अब वरिष्ठ नेताओं के प्रदेश में दौरे बढ़ेंगे। अलग-अलग जिलों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिस तरह कर्नाटक में कांग्रेस ने एकजुट होकर मुद्दों को आगे रखकर चुनाव लड़ा, वैसा ही मध्य प्रदेश में भी किया जाएगा। स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और मतदाताओं से संपर्क कर उसे घर-घर पहुंचाया जाएगा। मतदाता सूची का सत्यापन कर गड़बड़ियों को चिह्नित करना और चुनाव आयोग के संज्ञान में लाना भी प्रमुख कार्यों में शुमार किया गया है। इसके लिए जिला इकाइयों के साथ प्रभारी और संगठन मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है। तय हुआ कि कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए जिलों में वरिष्ठ नेता नियमित दौरे करेंगे और बड़े कार्यक्रम में क्षेत्र के सभी नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में चुनाव को लेकर चलाए जा रहे कार्यक्रम, परिवर्तन संकल्प अभियान, मतदाता सूची के सत्यापन, वचन पत्र और आरोप पत्र की तैयारी को लेकर जानकारी दी गई। उधर, प्रदेश प्रभारी जयप्रकाश अग्रवाल और सचिव कुलदीप इंदौरा ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिला कांग्रेस शहर और ग्रामीण इकाई के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। अग्रवाल ने कहा कि कर्नाटक की तरह मध्य प्रदेश में भी जनता कांग्रेस को विजयश्री दिलाएगी। नारी सम्मान योजना को घर-घर लेकर जाएं एवं पंजीयन कराएं। हमारा कार्यकर्ता निडर है और भाजपा सरकार द्वारा बना जा रहे झूठे प्रकरणों से डरने वाला नहीं है। वहीं, कुलदीप इंदौरा ने कहा कि जिला व ब्लाक कांग्रेस ही पार्टी की रीढ़ है। कार्यकर्ता घर-घर तक कांग्रेस का संदेश पहुंचने में जुट जाएं।प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों को पूरी ताकत के साथ उठाना है। इसमें पुलिस और प्रशासन के दबाव की बिल्कुल चिंता नहीं करनी है।
प्रदेश के 10 शहरों में पारा 43 डिग्री के पार
15 May, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के 10 शहरों में रविवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। इन शहरों में लू जैसे हालात बने हुए हैं। गर्म हवाओं के थपेड़े चलने के कारण मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी बरकरार है। अरब सागर से कुछ नमी मिलने के कारण बने बादलों के कारण तापमान में मामूली गिरावट होने से कहीं भी लू नहीं चली। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक दोपहर के बाद छिटपुट बादल आने के कारण अभी दो-तीन दिन तक लू से राहत मिल सकती है। इस दौरान सागर, ग्वालियर, चंबल, भोपाल संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज हवाएं चल सकती है। वातावरण में मामूली नमी आने के कारण कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू कश्मीर पर ट्रफ के रूप में बना हुआ है। हरियाणा पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। हालांकि इन दोनों मौसम प्रणालियों का मध्य प्रदेश के मौसम पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि हवा का रुख पश्चिमी बना हुआ है। अरब सागर में एक प्रतिचक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवा के साथ कुछ नमी आ रही है। इस वजह से पश्चिमी मध्य प्रदेश में दोपहर के बाद कहीं-कहीं बादल भी छाने लगते हैं। बादलों के कारण कहीं-कहीं तापमान में मामूली गिरावट होने से फिलहाल लू से राहत मिली हुई है। इस तरह की स्थिति दो-तीन दिन तक बनी रह सकती है।