मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन करने पहुंची अनुपमा फेम एक्ट्रेस निधि शाह
18 Apr, 2023 07:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बाबा महाकाल के दरबार में रोजाना ही वीआईपी भक्तों का तांता लगा रहता है। सोमवार टीवी कलाकार निधि शाह अपने परिवार समेत बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंची खास बात ये रही कि वह अपने साथ भगवान विष्णु की प्रतिमा लेकर मंदिर पहुंची थी। एक्ट्रेस ने सपरिवार बाबा के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुई साथ ही भगवान विष्णु को भी बाबा महाकाल के दर्शन कराए।सोमवार सुबह विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल के दरबार में टीवी धारावाहिक अनुपमा में किंजल की भूमिका निभाने वाली निधि शाह ने अपने परिवार के साथ बाबा महाकाल के दर्शन किए। इस दौरान वह अपने साथ भगवान विष्णु को बाबा महाकाल से मिलवाने के लिए साथ लेकर आई थीं। निधि शाह ने नंदी हाल में बैठकर भस्मआरती के दर्शन किए।
आरती के बाद बाबा महाकाल का पूरे परिवार ने जलाभिषेक किया। भस्म आरती में शामिल होने के बाद निधि शाह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती के बहुत अच्छे दर्शन हुए हैं। भस्म, पंचामृत अभिषेक और आरती देख रोम रोम भक्ति मय हो गया। आरती में शामिल होकर बहुत खुश हुं। मैं भगवान महाकाल के दर्शन करवाने के लिए विष्णु को साथ लेकर आई थी, सभी ने भगवान के साथ दर्शन किया हैं। निधि ने कहा कि बाबा महाकाल का धन्यवाद जिन्होंने मुझे और मेरे परिवार को इतने अच्छे दर्शन दिए। उन्होंने यह भी बताया कि अनुपमा में अच्छा काम कर रही हूं। आने वाले दिनों में वेब सीरीज और अन्य धारावाहिकों में काम करूंगी।
एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बोले, सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
18 Apr, 2023 02:27 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि शांति के टापू मध्य प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। खंडवा में अशफाक पर रासुका की कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता मध्य प्रदेश में दिवास्वप्न देख रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं मान रहे कमल नाथ की बात
विधायकों की बगावत के चलते ही प्रदेश में पहले कांग्रेस की सरकार चली गई और आज भी वहां भगदड़ के हालात हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 'वचन पत्र' नहीं 'वोट वचन' बना रही है। मध्य प्रदेश में अब बूथ पर कांग्रेस का कार्यकर्ता ही नहीं बचा है, तो बूथ मजबूत कैसे होगा? कांग्रेस के कार्यकर्ता कमलनाथ का कहना ही नहीं मान रहे हैं, इसलिए पार्टी को सर्कुलर जारी करना पड़ रहा है।
मप्र की धरती पर तेलुगु भाई-बहनों का मुख्यमंत्री ने किया भव्य स्वागत
18 Apr, 2023 01:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारत दर्शन यात्रा के मुख्यमंत्री निवास पहुंचने पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री, मुख्यमंत्री, प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री ने किया भव्य स्वागत
एक भारत-श्रेष्ठ भारत योजनांतर्गत समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को साझा करने की पहल
मुख्यमंत्री निवास पर हुआ तेलुगु संगमम कार्यक्रम
भोपाल । भारत की अतिथि देवो भव: की परंपरा रही है। मध्यप्रदेश की धरती पर तेलुगु भाई-बहनों का हमेशा स्वागत है। सांस्कृतिक रूप से भारत सदैव एक था, एक है और एक रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज वैभवशाली, गौरवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। मध्यप्रदेश की विकास दर निरंतर आगे बढ़ रही है। कृषि के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। प्रदेश की साढ़े आठ करोड़ जनता की ओर से मैं “एक भारत-श्रेष्ठ भारत योजना“ में भारत दर्शन यात्रा के दौरान मध्यप्रदेश पधारे तेलुगु भाई-बहनों का स्वागत करता हूँ। आत्मीयता और स्नेह से मध्यप्रदेश की धरती पर आप हमेशा पधारें। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने तेलुगू संगम संस्था की भारत दर्शन यात्रा के मुख्यमंत्री निवास पहुंचने पर उनका स्वागत करते हुए कही। भोपाल पहुंचने पर इस यात्रा का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया।
प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुष्प-वर्षा कर तेलुगु भाषी भाई-बहन का स्वागत किया। कार्यक्रम में 30 कलाकारों के दल द्वारा तेलुगु नृत्य एवं गायन की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गई। अतिथियों का स्मृति-चिन्ह और स्टॉल भेंट कर तेलंगाना और मध्यप्रदेश राज्य की कला-संस्कृति अनुसार अभिनंदन किया गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मैं पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव जी का आभार व्यक्त और धन्यवाद देना चाहता हूं क्योंकि ’’एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की कल्पना को साकार रूप देने का आपने काम किया है। चार धाम, द्वादश ज्योतिर्लिंग, 52 शक्तिपीठ, 4 महाकुंभ, देश के अलग-अलग हिस्सों में है और सांस्कृतिक रूप से भारत सदैव एक रहा है। राजनीतिक रूप से भले ही अलग-अलग राज्यों का उदय हो गया हो लेकिन सांस्कृतिक रूप से भारत एक था, एक है और एक रहेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश और तेलंगाना राज्य में कई समानताएँ हैं। मध्यप्रदेश हीरों की खान है। यहाँ सतपुड़ा, पेंच, कान्हा जैसे कई टाइगर रिजर्व हैं। प्रदेश आज सड़क, बिजली, सिंचाई सहित अनेक क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ रहा है। यह आपका अपना ही प्रदेश है, अपने आपको कभी अलग नहीं समझना। सांची के स्तूप के प्रवेश द्वार में आपको तेलंगाना के प्रतीक चिन्ह काग की तोरणम की छवि दिखाई देगी, बुरहानपुर में कुंडी भंडारा बुरहानपुर के कुंडी भंडारे की तरह ही गोलकुंडा का किला अपने अनोखे जल प्रदाय तंत्र के लिए दुनिया में विख्यात है।
पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि 12 प्रकार की रामायण की रचना तेलुगु भाषा में हुई है। भगवान राम जी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं लेकिन उनके बारे में ग्रंथ की रचना वह भी 12 अलग-अलग कवियों ने की एक तेलुगु भाषा में की इसका मतलब है राम हमें जोड़ते हैं। भगवान राम जी उत्तर से दक्षिण गए हम सबको मालूम है। उत्तर में अयोध्या है वैसे ही तेलंगाना में दक्षिण की भद्राचलम है। भगवान वनवास के कालखंड में भद्राचलम के अंदर रुके और इसलिए राम उत्तर से दक्षिण जोड़ते हैं। हम सबके हृदय के अंदर राम बैठे हैं, इसलिए हम सब एक हैं। इसी तरह भगवान कृष्ण भी हम सभी को जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि दूसरी बात भगवान शिवजी कैलाश में बैठे हैं ,वह महाकाल में भी है,श्रीशैलम में गोदावरी के किनारे मल्लिकार्जुन सहित संपूर्ण ब्रह्मांड में भी समाए हैं। पूरे विश्व के अंदर 52 शक्ति पीठ हैं। यह 52 शक्तिपीठ बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, तिब्बत सहित देश के अनेक स्थानों पर हैं। यह शक्तिपीठ भी हम सबको जोड़ने का काम करते हैं। क्योंकि हम मां के उपासक हैं इसलिए हम सब एक हैं। हनुमान जी ने अपना संपूर्ण जीवन भगवान श्री राम के सेवा में अर्पित कर दिया लेकिन जन्में तिरुपति के पास की पहाड़ी अंजनी गिरी में। हनुमान जी आंध्र में जन्मे और अयोध्या की सेवा में लग गए।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में तेलुगु से सभी भाई-बहन आज मध्यप्रदेश की यात्रा पर है भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पूरे मध्यप्रदेश कक जनता आनंद का अनुभव कर रही है। हम गौरवान्वित हैं कि प्रदेश में तेलुगु भाषी भाई-बहन भारत दर्शन यात्रा में भोपाल पधारे हैं। मैं आप सभी का हृदय से स्वागत करता हूँ। आज मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आप सबका आतिथ्य किया है। आप लोगों का यात्रा के माध्यम से मध्यप्रदेश को समझने का यह प्रयास बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि मैं जब विद्यार्थी परिषद में राष्ट्रीय महामंत्री था तब तेलंगाना राज्य की मांग उस समय चल रही थी। तेलंगाना को लेकर विद्यार्थी परिषद का लगभग एक लाख लोगों का आंदोलन में स्वर्गीय श्रीमती सुषमा जी के साथ मैं भी सहभागी हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक भारत-श्रेष्ठ भारत की पहल की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधकर भारत को ’’एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ बनाने का कार्य कर रहे हैं। काशी के अंदर भी जो उन्होंने प्रयास किए। आज श्री मुरलीधर राव जी के प्रयासों के कारण से तेलुगु संगम संस्था की भारत दर्शन यात्रा एक भारत श्रेष्ठ भारत को साकार रूप देने का प्रयास है। भोपाल के अंदर रहने वाले हमारे सभी तेलुगु भाई और बहन जो आज इस कार्यक्रम के कारण यहां पर एकत्रित हुए हैं तो यह भी हमारे लिए मध्यप्रदेश के लिए एक बहुत सौभाग्य का अवसर है।
पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी व तेलुगु संगमम् के संस्थापक श्री मुरलीधर राव ने कहा कि राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है, बनारस और काशी में कॉरिडोर का निर्माण हुआ उसी तर्ज पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महाकाल में दुनिया भर के हिंदू आते हैं अब महाकाल लोक के उद्धार होने के बाद ऐसा लग रहा है वैभव का पूरा प्रकाश पूरे दुनिया में छा रहा है। राष्ट्रवाद के समर्पित सुशासन करने वाले सरकार और नेता होते हैं। हमारा देश शिक्षकों, किसानों, पूरी दुनिया के लिए अन्नपूर्णा बना हुआ देश है। जैसे विश्व गुरु हैं वैसे ही अन्न दान करने वाला देश हुआ है। मध्यप्रदेश ऐसा प्रदेश जो बीमारू राज्य से संपन्न प्रदेश के रूप में स्थापित किया तो लगातार किसान की प्रगति और किसान के उत्पादन कृषि की उत्पादकता और किसानों की आमदनी बढ़ाने का अवार्ड लगातार जीतने का वाला प्रदेश है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश 23 प्रतिशत ग्रोथ रेट हासिल करने वाला प्रदेश है। जिस देश और प्रदेश में गरीबों का कल्याण होता है वही देश और प्रदेश दुनिया के लिए मार्गदर्शक बनता है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीब कल्याण के लिए ऐसे कई कल्याणकारी कार्यक्रम जनता के लिए दिए हैं। राष्ट्रवाद का मतलब केवल एक पहलू नहीं संपूर्ण विकास ही राष्ट्रवाद है।
श्री आई.वाय.आर. कृष्णाराव ने कहा कि सांस्कृतिक एकता भारत की पहचान है। भारत ने अपनी सांस्कृतिक एकता की विदेशों में भी अमिट छाप छोड़ी है। भारत में सांस्कृतिक एकता बहुत पहले से थी और आगे भी रहेगी। मध्यप्रदेश शासन ने सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उज्जैन में श्री महाकाल लोक का निर्माण कराया है।
सिटी बस ने मारी स्कूटर सवार को टक्कर, बुजुर्ग की मौत
18 Apr, 2023 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कोहेफिजा क्षेत्र में हलालपुर और बैरागढ़ के बीच तेज रफ्तार सिटी बस ने एक स्कूटर सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। हादसा सोमवार शाम करीब सवा छह बजे ईसाई कब्रिस्तान के पास घटित हुआ। इस हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई थीं। घायल बुजुर्ग को राहगीरों की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टर ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। बुजुर्ग का शव पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है। कोहेफिजा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रामचंद्र हसवानी (74) न्यू बैरागढ़ क्षेत्र में रहते थे। सोमवार शाम वह ईसाई कब्रस्तान के पास कट पाइंट पर स्कूटर टर्न कर रहे थे, तभी बीआरटीएस लेन से गुजर रही तेज रफ्तार सिटी बस ने उनकी स्कूटर को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगने से बुजुर्ग रामचंद्र को सिर समेत शरीर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कांग्रेस ने उठाई जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी करने की मांग
18 Apr, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस ने जातिगत जनगणना का मुद्दा उठाया है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने 2011 में हुई जातिगत जनगणना के आंकड़े जारी करने के साथ 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को समाप्त करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनगणना के साथ जातिगत जनगणना भी कराई थी। इसके आंकड़े अब तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। देश में 56 प्रतिशत से अधिक आबादी पिछड़ा वर्ग की है लेकिन उसे न्याय नहीं मिल रहा है। यादव ने मंगलवार को भोपाल में आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जनता से जुड़े इस मुद्दे को उठाया है। प्रधानमंत्री पिछड़ों की बात तो करते हैं पर वास्तव में किया कुछ भी नहीं है। कांग्रेस के समय जो जातिगत जनगणना कराई गई थी, उसके आंकड़े सार्वजनिक करने पर रोक लगाकर रखी है। अब तक जारी नहीं किए हैं। आखिर इसमें समस्या क्या है। इसे क्यों छुपाया जा रहा है। 50 प्रतिशत आरक्षण की सीमा को समाप्त क्यों नहीं किया जा रहा है। देश में पिछड़ों की आबादी 56 प्रतिशत से अधिक है, इनके लिए सरकार को एजेंड़ा क्या है, वह तो बताया जाए।
वहीं, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कहा कि देश में किस वर्ग की कितनी आबादी है, यह जानना हमारा अधिकार है। कांग्रेस ने 27 प्रतिशत आरक्षण पिछड़ा वर्ग को दिया लेकिन इसका लाभ किसी को नहीं मिला। मध्य प्रदेश में इस वर्ग से तीन-तीन मुख्यमंत्री बने लेकिन केवल पिछड़ा वर्ग के अधिकार छीनने का काम किया।27 प्रतिशत आरक्षण का मामला कोर्ट-कचहरी में ही उलझा हुआ है। इसके कारण प्रतियोगी परीक्षाएं अटकी हुई हैं।बेरोजगार परेशान हो रहे हैं। पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव में भी आरक्षण को अटकाने का काम भाजपा ने किया और आरोप कांग्रेस पर लगाया जाता है। पिछड़ा वर्ग को 14 प्रतिशत हो या फिर 27 प्रतिशत आरक्षण देने का काम कांग्रेस सरकार ने किया था।
दिग्विजय सिंह के खिलाफ दायर मानहानि के केस में आज भी प्रतिपरीक्षण
18 Apr, 2023 12:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर । विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उस मानहानि के दावे मंगलवार को सुनवाई होगी, जिसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भिंड में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगा रहे थे। परिवादी का प्रति परीक्षण किया जाएगा। जो आरोप लगाए हैं और परिवादी को दावा पेश करने का अधिकार है या नहीं। इस पर भी सवाल किए जाएंगे। गत दिवस न्यायालय में दिग्विजय सिंह के बयानों की सीडी चलाकर देखी गई, जिसमें वे पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते दिख रहे हैं। सीडी चलने के बाद अधिवक्ता अवधेश सिंह भदौरिया का प्रतिपरीक्षण किया गया। मंगलवार को भी इस मामले की सुनवाई होगी और भदौरिया का प्रति परीक्षण किया जाएगा।
ज्ञात है कि सन 2019 में दिग्विजय सिंह ने भिंड में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल पर आरोप लगाया था कि लोग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ से रुपये लेकर भारत की जासूसी करते हैं। इस बयान को लेकर अवधेश सिंह भदौरिया ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है। इस पूरे मामले में परिवादी के प्रति परीक्षण शुरू हो गए हैं। दिग्विजय सिंह ने हाई कोर्ट में भी याचिका दायर की है। इस याचिका में मानहानि के केस को चुनौती दी गई है। जबलपुर में यह याचिका लंबित है। दिग्विज सिंह ने मानहानि के परिवाद पर रोक लगाने की मांग की है। क्योंकि परिवादी को परिवाद दायर करने का अधिकार नहीं है। क्योंकि संगठन का जिम्मेदार व्यक्ति ही इसे लगा सकता है। हालांकि दिग्विजय सिंह को इसमें राहत नहीं मिली है।
न्यायालय ने दिग्विजय सिंह के दिए बयान की सीडी चलाकर देखी
विशेष न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उस मानहानि के दावे की सोमवार को सुनवाई की, जिसमें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भिंड में भाजपा कार्यकर्ताओं पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप लगा रहे थे। न्यायालय में दिग्विजय सिंह के बयानों की सीडी चलाकर देखी गई, जिसमें वे पत्रकारों से चर्चा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाते दिख रहे हैं। सीडी चलने के बाद अधिवक्ता अवधेश सिंह भदौरिया का प्रतिपरीक्षण किया गया। मंगलवार को भी इस मामले की सुनवाई होगी और भदौरिया का प्रति परीक्षण किया जाएगा। ज्ञात है कि सन् 2019 में दिग्विजय सिंह ने भिंड में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल पर आरोप लगाया था कि लोग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ से रुपये लेकर भारत की जासूसी करते हैं। इस बयान को लेकर अवधेश सिंह भदौरिया ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि का दावा पेश किया है। इस पूरे मामले में परिवादी के प्रति परीक्षण शुरू हो गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोरोना पाजिटिव
18 Apr, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कोरोना पाजिटिव हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। सिंधिया ने ट्वीट में लिखा है कि डॉक्टरों के परामर्श पर कराई गई कोविड-19 की जांच में मेरी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उन्होंने कहा-आप सभी से मेरा अनुरोध है कि पिछले कुछ दिनों में जो भी मेरे सम्पर्क में आएं हैं, वो सभी सावधानी बरतें या निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जांच करवायें।
उल्लेखनीय है कि केन्द्रीय नागरिक विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर से दिल्ली पहुंचे थे। वहां डाक्टरों ने उन्हें कोरोना की जांच करवाने की सलाह दी थी। जांच के बाद सोमवार शाम सिंधिया की कोविड जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में कोविड संक्रमण बढ़ रहा है। वहां सोमवार को 10 कोरोना संक्रमित मिले हैं। शहर में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 28 हो गई है।
मुख्यमंत्री चौहान ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पौध-रोपण किया
17 Apr, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व अन्तर्गत चूरना जोन में बरगद, आम और पीपल के पौधे लगाए। क्षेत्र संचालक, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व एल. कृष्णमूर्ति सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी पौध-रोपण में शामिल हुए।
चालू साल में 17 जिला अस्पतालों में तैयार होगी लैब
17 Apr, 2023 08:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों में कोरोना, स्वाइन फ्लू, डेंगू, जीका वायरस जैसी संक्रामक बीमारियों के लिए जिम्मेदार वायरस का पता लगाने के लिए लैब तैयार की जा रही हैं। पहले चरण में इस वर्ष के अंत तक 17 जिला अस्पतालों में लैब शुरू करने की तैयारी है। योजना के पहले चरण में जिन जिलों में लैब बनना है उनमें भोपाल, रायसेन, सिंगरौली, बालाघाट, विदिशा, बैतूल, उज्जैन, छतरपुर, खंडवा, दमोह, बड़वानी, शिवपुरी, गुना, झाबुआ, जबलपुर, सिवनी और टीकमगढ़ शामिल है। इनमें छह को पिछले वर्ष और बाकी को इस वर्ष चिन्हित किया गया है। वर्ष 2024-25 तक प्रदेश के 35 जिला अस्पतालों में पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री बनाई जाएंगी। एक लैब बनाने में सवा करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह लैब तैयार होने के बाद जिला अस्पतालों में पहली से चल रही लैब को भी इसमें मिलाकर एकीकृत लैब बनाई जाएगी। अभी कई जिला अस्पतालों में पैथोलाजी, माइक्रोबायोलाजी, बायोकेमेस्ट्री आदि लैब अलग-अलग स्थान पर हैं। इसका रोगियों को यह नुकसान होता है कि उन्हें अलग-अलग जांच के लिए कई बार सैंपल देना होता है। एकीकृत लैब होने पर यह दिक्कत दूर हो जाएगी। इन लैब में जांच की गुणवत्ता बेहतर रखने के लिए न्यूनतम क्षेत्र, कर्मचारियों की संख्या, मशीनों के लिए मापदंड तय किए गए हैं। कम से कम चार हजार वर्गफीट क्षेत्र की जगह रहेगी। इन लैब में माइक्रोबायोलाजी की जांचें भी अच्छी गुणवत्ता के साथ हो सकेंगी। इससे यह पता करना भी आसान हो जाएगा कि जीवीणुओं पर एंटीबायोटिक दवाओं का असर किस तरह से कम हो रहा है। कल्चर टेस्ट हो सकेंगे, जिसमें यह पता चलेगा कि रोगी के शरीर में मौजूद बैक्टीरिया के संक्रमण में कौन सी दवा बेहतर ढंग से प्रभावी होगी और कौन सही नहीं होगी।
यादव समाज के प्रतिनिधियों को टिकट देंगे: कमलनाथ
17 Apr, 2023 07:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस विधानसभा चुनाव में यादव समाज के जनप्रतिनिधियों को टिकट देगी। साथ ही सत्ता में आने पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। यह घोषणा की है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने इस वर्ग को आरक्षण दिया भी था, पर भाजपा सरकार ने इसे समाप्त करा दिया। कमलनाथ राजधानी के मानस भवन में कल हुए यादव समाज के जनप्रतिनिधि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यहां नाथ को फिर मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। कमल नाथ ने स्व़ मुलायम सिंह यादव, सुभाष यादव और शरद यादव का स्मरण करते हुए कहा कि समाज के इन नेताओं ने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी। कांग्रेस की स्पष्ट मांग है कि केंद्र सरकार को जातिगत जनगणना करानी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि कमल नाथ ने हमेशा ओबीसी वर्ग और यादव समाज का सम्मान किया है। एक ही बार आग्रह करने पर उन्होंने भोपाल के अपेक्स बैंक भवन का नाम सुभाष यादव भवन रख दिया। कोई और नेता होता तो ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने को प्रचारित करने के लिए प्रदेश में बड़े कार्यक्रम करता, लेकिन कमल नाथ ने पूरी शालीनता से आरक्षण दिया था। कार्यक्रम में 42 जिलों के सरपंच, जनपद, जिला पंचायत सदस्य, पार्षद और निकायों के अध्यक्ष शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि जातिगत समीकरण पर टिकट वितरण नहीं होना चाहिए। जो काबिल हैं उन्हें मौका मिलेगा। मजबूत को टिकट मिलेगा तो पार्टी भी मजबूत होगी।पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि विधानसभा हो या लोकसभा चुनाव यादवों को उनकी संख्या बल के आधार पर ही टिकट मिलना चाहिए। समाज के राष्ट्रीय महासचिव दामोदर यादव ने कहा कि प्रदेश में 46 सीट यादव बाहुल्य हैं। 20 से 25 सीटों पर यादव समाज के जनप्रतिनिधियों को टिकट दिया जाए। विधायक संजय यादव ने कहा कि सिर्फ खानापूर्ति के लिए जातिगत आधार पर टिकट वितरण न हो। अहीर रेजीमेंट के गठन पर भी कुछ नहीं हुआ।
जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग में हो सकती है बूंदाबांदी
17 Apr, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । अलग–अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के असर से प्रदेश में हवाओं के साथ नमी आ रही है। इस वजह से प्रदेश के अधिकतर जिलों में आंशिक बादल छाए हुए हैं। देर शाम को भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के कुछ जिलों में बूंदा-बांदी हुई हालांकि बौछारें दर्ज नहीं की गई। आगामी 24 घंटे में इसके असर से जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है।मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। राजस्थान में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात अभी भी मौजूद है। झारखंड से लेकर केरल तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है। इसके अतिरिक्त उत्तर–पश्चिमी मध्य प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बन गया है। प्रदेश में मौसम के मिजाज में जो परिवर्तन आया है उसके असर से अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे। प्रदेश में रविवार को अधिकतम तापमान खजुराहो में 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। हवाएं उत्तर पश्चिमी हैं। हवाएं राजस्थान से आ रही है लेकिन वहां भी तापमान ऊंचा नहीं है, ऐसे में पश्चिमी हवाएं होने के बावजूद तापमान नहीं बढ़ रहा है। जबकि उड़ीसा, झारखंड में कई जगहों पर लू के हालात बन रहे हैं। वर्तमान में बनी मौसम प्रणालियों सहित इस पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतर स्थानों में बादल छाएं रहेंगे, इससे अधिकतम तापमान में लगातार हो रही बढ़त थमेगी। मौसम विभाग के पूर्व वरिष्ठ विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि, अरब सागर से आ रही नमी के चलते बादल बने हुए लेकिन यह बादल मध्यम और उंचाई पर बने हैं, इसके असर से तापमान में गिरावट नहीं आ रही है। ऐसे में हो यह रहा है कि अप्रैल माह के दूसरे पखवाड़े लिहाज से बढ़त होनी चाहिए वह नहीं हो रही है। तापमान करीब-करीब स्थिर बने हुए है वहीं एक- दो डिग्री का ही बढ़त हो रही है।
चुनाव की तैयारी के लिए आयोग ने मांगे अधिकारी-कर्मचारी
17 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश में नवंबर में विधानसभा और मई में होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी निर्वाचन आयोग ने प्रारंभ कर दी है। मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन के बाद अब राज्य सरकार से अधिकारियों-कर्मचारियों की सेवाएं मांगी गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर अतिरिक्त, संयुक्त, उप और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद के लिए अधिकारी देने के लिए कहा है। साथ ही सभी कलेक्टरों से कहा गया है कि वे चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का डाटा तैयार करें। इसके लिए अधिकारियों की पदस्थापना करने की मांग की गई है। वहीं, जिलों में निर्वाचन कार्य के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को चिन्हित करने के लिए कहा गया है। सितंबर-अक्टूबर में इनका प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिलों में पांच से दस प्रतिशत तक अतिरिक्त कर्मचारी चुनाव कार्य के लिए रखे जाएंगे ताकि चुनाव कार्य किसी भी सूरत में प्रभावित न हो। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि जुलाई-अगस्त में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य होगा। चुनाव से पहले यह सबसे महत्वपूर्ण गतिविधि पूरे प्रदेश में संचालित की जाएगी। इसी सूची के आधार पर चुनाव कराए जाएंगे। इसके अलावा निर्वाचन से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी अब तेज होंगी।
चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की नब्ज टटोलने आए संघ के पूर्व सरकार्यवाह भय्याजी जोशी
17 Apr, 2023 05:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । सात माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह भय्याजी जोशी पिछले तीन दिनों से राजधानी भोपाल में हैं। इस दौरान उन्होंने समाज के अलग अलग वर्ग के साथ कार्यक्रम किए और संवाद किया। महिलाओं का कार्यक्रम “ मात्रशक्ति संवाद” और प्रौढ़ लोगों के सम्मेलन में भी शामिल हुए। प्रबुद्धजनों से भी बातचीत की। भय्याजी का यह प्रवास प्रदेश की नब्ज टटोलने से जुड़ा माना जा रहा है। इससे पहले जोशी नर्मदांचल यात्रा के जरिये नर्मदा किनारे के क्षेत्र के लोगों से भी संवाद कर चुके हैं। इंदौर में संघ के प्रमुख नेताओं के साथ भाजपा नेताओं की बैठक के ठीक बाद जोशी के भोपाल प्रवास से राजनीतिक क्षेत्र में सरगर्मी बढ़ गई है।
नवंबर में होने हेाने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिग्गज नेताओं के मध्य प्रदेश में दौरे बढ़ गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अप्रैल महीने में ही दूसरी बार रीवा दौरे पर आ रहे हैं, इससे पहले वे तीन अप्रैल को कमांडर कांफ्रेंस में शामिल होने भोपाल आए थे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी निरंतर प्रवास हो रहे हैं। इस बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सरकार्यवाह भय्याजी जोशी के भोपाल प्रवास ने भी राजनीतिक क्षेत्र में सरगर्मी बढ़ा दी है। जोशी वैसे तो भोपाल में आरोग्य भारती के एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे लेकिन पिछले तीन दिनों के दौरान समाज के कई वर्गों के साथ उन्होंने संवाद किया। इस कवायद को चुनाव से पहले नब्ज टटोलने जैसा माना जा रहा है।
मल्टीमॉडल हब में और देरी अब तक नहीं मिली जमीन
17 Apr, 2023 01:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पीथमपुर में भारतमाला परियोजना के तहत बनने वाले मल्टीमॉडल हब का निर्माण शुरू होने में अभी कम से कम महीनेभर का वक्त और लगेगा। फरवरी में अफसरों ने उम्मीद जताई थी कि महीनेभर में हब के लिए जमीन मिल जाएगी और उसके बाद काम शुरू करने का रास्ता साफ हो जाएगा। दावे के विपरीत अब तक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई है और धार जिला प्रशासन मध्यप्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआईडीसी) को जमीन नहीं सौंप पाया है।
पीथमपुर के अलावा देश में नागपुर, बंैगलुरु और चेन्नई में पहले चरण में मल्टीमॉडल हब बनाए जा रहे हैं और अफसरों का दावा है कि पीथमपुर में जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया सबसे तेजी से हो रही है। मल्टीमॉडल हब के लिए जमीन अधिग्रहित कर उसे नेशनल हाईवेज लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लि. (एनएचएलएमएल) को सौंपने का जिम्मा प्रदेश सरकार ने एमपीआईडीसी को दिया है। हब के लिए पीथमपुर सेक्टर-पांच और छह के पीछे स्थित 112.60 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की गई है। जमीन अधिग्रहण के लिए राज्य सरकार ने लगभग 65 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। हब में व्यावसायिक गतिविधियों के अलावा खुले वेयरहाउस, कवर्ड वेयरहाउस और कोल्ड स्टोरेज आदि बनाए जाएंगे। इसके अलावा होटल, लॉज, रेस्त्रां आदि की सुविधाएं भी होंगी। इसे मल्टीमॉडल हब नाम इसलिए दिया गया है, क्योंकि यह सड़क के अलावा रेल और एयरपोर्ट से भी जुड़ा होगा। इधर, एनएचएलएमएल हब निर्माण शुरू करने की तैयारी पूरी कर चुका है। उसने 985 करोड़ रुपए में इसका काम जीआर इन्फ्रा प्रोजेक्ट्स कंपनी को सौंप दिया है।
एमपीआईडीसी सूत्रों ने बताया कि धार जिला प्रशासन ने जमीन अधिग्रहण की ज्यादातर प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब अंतिम दौर की कार्रवाई हो रही है। महीनेभर में जमीन एमपीआईडीसी को मिल जाएगी, जिसे औपचारिक रूप से एनएचएलएमएल के सुपुर्द किया जाएगा। इससे आगे का सारा काम एनएचएलएमएल के ही जिम्मे है।
तीन मई से 10 हजार डाक्टर करेंगे हड़ताल, नर्सिंग स्टाफ भी देगा साथ
17 Apr, 2023 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के लगभग 10 हजार से अधिक डाक्टर तीन मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। इसमें उनका साथ नर्सिंग स्टाफ भी देगा, ऐसे में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं बिगड़ना तय है। दरअसल अपनी मांगे पूरी न होने से प्रदेशभर के डाक्टर नाराज चल रहे हैं इससे वह फिर से आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं। इसकी रूपरेखा तैयार करने के लिए रविवार को इंदौर शासकीय स्वशासी चिकित्सक महासंघ में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी 52 जिला अस्पतालों, 19 मेडिकल कालेजों के लगभग 110 प्रतिनिधि शामिल थे और 70 प्रतिनिधियों ने आनलाइन हिस्सा लिया।
बैठक में महासंघ के सचिव डा. राकेश मालवीय ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति के प्रतिवेदन के आदेश निकालने में शासन के अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। इसी वजह से महासंघ द्वारा फिर से आंदोलन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि डाक्टरों द्वारा 17 फरवरी 2023 मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के कहने पर यह आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। उसी दिन निर्मित उच्च स्तरीय समिति को एक महीने में अपना प्रतिवेदन मुख्यमंत्री को देना था तत्पश्चात उच्च स्तरीय समिति के प्रतिवेदन पर त्वरित शासन के आदेश निकालने की बात पर आंदोलन स्थगित किया गया था लेकिन दो महीने बाद भी कोई आदेश नहीं निकले गए हैं। हालांकि महासंघ ने प्रतिवेदन को लागू कर आदेश निकालने के लिए शासन को दो सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने बताया कि सोमवार से प्रतिदिन वादा स्मरण दिवस मनाया जाएगा और कार्य बंद आंदोलन की दिनांक प्रशासन को बताई जाएगी।