मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री चौहान ने भारत रत्न डॉ. अंबेडकर को जयंती पर किया नमन
14 Apr, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सामाजिक न्याय के प्रणेता और भारतीय संविधान के निर्माता, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री चौहान ने निवास कार्यालय स्थित सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज-सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया, श्रमिक, किसान और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री, भारतीय संविधान के जनक एवं भारत गणराज्य के निर्माताओं में से एक थे। उन्होंने कहा था "छुआछूत गुलामी से भी बदतर है"। डॉ. अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को इन्दौर जिले के महू में हुआ था। उनका अवसान 6 दिसम्बर 1956 को दिल्ली में हुआ। वर्ष 1990 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से मरणोपरान्त सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ वरिष्ठ पत्रकार कल्याण संघ के सदस्यों ने पौधे रोपे
14 Apr, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में वरिष्ठ पत्रकार कल्याण संघ के सदस्यों के साथ ,पीपल, नीम और जामुन के पौधे लगाए। संघ के आत्मदीप, हरिमोहन मोदी, वीरेन्द्र सिन्हा, चन्द्रहास शुक्ला, दिनेश जोशी, प्रेम नारायण प्रेमी तथा पुरूषोत्तम सोढानी ने पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान को चंद्रहास शुक्ला ने "पुण्य स्मरण-पत्रकार" पुस्तक भेंट की। यह पुस्तक भोपाल के 123 दिवंगत पत्रकारों पर लेखों का संकलन है। मुख्यमंत्री चौहान ने हरिमोहन मोदी द्वारा संपादित "प्रेरणा विकास डायरी-2023" का विमोचन भी किया। मुख्यमंत्री के साथ पवन पाण्डेय, बालक गौतम गुर्जर और पाटिल ने अपने जन्म-दिवस पर परिजन सहित पौध-रोपण किया। योगेश चौहान और तरूणा चौहान अपनी विवाह वर्षगाँठ पर परिवार सहित पौध-रोपण में शामिल हुए।
भीमराव अंबेडकर जयंती के मौके पर ग्वालियर सेंट्रल जेल से 22 कैदी हुए रिहा
14 Apr, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर ग्वालियर सेंट्रल जेल से 22 कैदियों को आज यानी 14 अप्रैल को रिहा किया गया। सेंट्रल जेल के कैदियों को जब जेल से आजादी मिली तो उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिली।बता दें कि जेल प्रबंधन द्वारा यहां रिहा किए गए सभी कैदियों को उपहार तो भेंट किए ही गए, साथ ही जेल में उनके द्वारा किए गए श्रम का मेहनताना भी दिया गया।
प्रदेश सरकार की विशेष पहल पर अब साल में चार बार जेल से कैदियों को रिहा किया जाता है। इसमें अच्छे चाल-चलन वाले कैदियों को जेल से रिहाई मिली है। जेल से रिहा हुए शिवपुरी निवासी राजेश यादव 302 के अपराध में सजा काट रहे थे। उन्होंने कहा कि जेल से रिहाई के बाद नया जीवन मिला है। जेल में ज्यादा कोई परेशानी नहीं हुई और उन्होंने अलग-अलग काम भी सीखे हैं। लेकिन उन्होंने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपराध न करे, जिससे जेल जाना पड़े।
वहीं अंचल के श्योपुर के रहने वाले फूलबदन के जीवन में भी अंबेडकर जयंती की सुबह आजादी की शोभा लेकर आई है। 302 के अपराध में केंद्रीय कारागार में बंद फूलबदन को अंबेडकर जयंती पर जब रिहाई दी गई तो उनके चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही थी। उन्होंने कहा, जेल में कोई खास परेशानी तो नहीं हुई। लेकिन रिहाई पाकर अच्छा लग रहा है।
अच्छे आचरण के कारण आंबेडकर जयंती पर समय से पूर्व जेलों से रिहा किए गए 154 बंदी
14 Apr, 2023 09:25 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश की जेलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 154 बंदियों को संविधान निर्माता डा.भीमराव आंबेडकर की जयंती पर अच्छे आचरण के कारण समय से पूर्व ही रिहा किया गया। अभी तक 26 जनवरी और 15 अगस्त पर इस तरह बंदियों को रिहा किया जाता था लेकिन नई व्यवस्था के अंतर्गत वर्ष में चार बार रिहाई की जा रही है।
जेल मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि 22 सितंबर, 2022 से दोषसिद्ध बंदियों को 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 14 अप्रैल (आंबेडकर जयंती), 15 अगस्त (स्वाधीनता दिवस) और दो अक्टूबर (गांधी जयंती) को अच्छे आचरण की शर्त पर सजा में छूट देने का प्रविधान किया गया है।
डा.आंबेडकर की जयंती पर पूरे प्रदेश में कुल 164 आजीवन कारावास के बंदियों में से 154 रिहाई के लिए पात्र पाए गए। जिन बंदियों की अपील पर उच्च न्यायालय द्वारा निर्णय दिया जा चुका है, उनसे यह शपथ पत्र लिया गया है कि उनकी ओर से जेल के बाहर से सुप्रीम कोर्ट में अलग से कोई अपील प्रस्तुत नहीं की गई है।
जबलपुर जेल के आठ बंदी अपात्र
केंद्रीय जेल जबलपुर में हत्या के दो प्रकरण में आजीवन कारावास की सजा होने से आठ बंदियों को रिहाई के लिए अपात्र माना गया। इसी तरह केंद्रीय जेल नर्मदापुरम के एक मामले में पाक्सो और देह व्यापार अधिनियम का प्रकरण लंबित होने के कारण रिहाई की अनुशंसा नहीं की गई। केंद्रीय जेल सतना, जिला जेल छतरपुर और नीमच के तीन गैर आजीवन कारावास से दंडित बंदियों को जुर्माना चुकाने और लंबित अपील का निराकरण होने की शर्त पर रिहा किया गया।
किस जेल से कितनी रिहाई
जेल- बंदियों की संख्या
केंद्रीय जेल भोपाल- 15
खुली जेल भोपाल- दो
केंद्रीय जेल इंदौर- 21
खुली जेल इंदौर- एक
केंद्रीय जेल नरसिंहपुर- छह
जिला जेल टीकमगढ़- चार
केंद्रीय जेल सागर- 15
केंद्रीय जेल रीवा- 17
केंद्रीय जेल जबलपुर- 10
केंद्रीय जेल नर्मदापुरम- चार
नवजीवन आश्रम खुली जेल नर्मदापुरम- एक
केंद्रीय जेल बड़वानी- तीन
केंद्रीय जेल ग्वालियर- 25
केंद्रीय जेल सतना- 10
खुली जेल सतना- एक
केंद्रीय जेल उज्जैन- 19
डॉ. अम्बेडकर की जन्म-स्थली महू में बनेगी धर्मशाला :मुख्यमंत्री चौहान
14 Apr, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े पंच तीर्थों, उनकी जन्म-भूमि महू, शिक्षा-भूमि लंदन, दीक्षा-भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण-भूमि दिल्ली तथा चैत्य भूमि मुंबई को मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना से जोड़ा जा रहा है। बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की जन्म-भूमि महू आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महू में सर्व सुविधा युक्त धर्मशाला का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में पौध-रोपण के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर नमन किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राज्य शासन द्वारा महू में डॉ. अंबेडकर का स्मारक निर्मित कराया गया है। महू में धर्मशाला निर्माण की मांग लम्बे समय से थी। बाबा साहब के अनुयाई बड़ी संख्या में महू पहुँचते हैं। यहाँ उनके रूकने की कोई व्यवस्था नहीं थी। राज्य शासन भूमि की व्यवस्था के लिए प्रयासरत थी। अब सेना से साढ़े तीन एकड़ भूमि के लिए अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त हो गया है। यह भूमि डॉ. बाबा साहब मेमोरियल समिति को लीज पर देकर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ की जाएगी।
डॉ. अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को जारी हुई अधिसूचना
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थों को मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में शामिल करने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है। धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग द्वारा 14 अप्रैल को जारी अधिसूचना से अम्बेडकर जन्मस्थली महू, शिक्षा-भूमि लंदन में 10 किंग हेनरीज रोड स्थित स्मारक, दीक्षा-भूमि-डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर ग्रंथालय एवं शोध केन्द्र नागपुर, महापरिनिर्माण भूमि- डॉ. अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक नई दिल्ली, चैत्य-भूमि डॉ. अम्बेडकर स्मारक मुम्बई को मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना नियम 2012 में जोड़ा गया है। अधिसूचना में संत रविदास मंदिर वाराणसी को भी तीर्थ-दर्शन योजना में शामिल किया गया है।
निर्माणधीन, फास्ट फूड, सूने मकान पर चोरो ने बोला धावा
14 Apr, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के अलग-अलग थाना इलाको में बैखौफ बदमशो ने वारदातो को अंजाम देते हुए हजारो का माल उड़ा दिया। अवधपुरी पुलिस ने बताया कि सूरजकुंज ऋशीपुरम फेस-1 अवधपुरी में रहते योगेंद्र सिंह (36) प्रायवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके भाई राजेंद्र सिंह का अभिनव गृह निर्माण समिति अस्सी फीट रोड अवधपुरी में मकान बन रहा है। बीती 11 अप्रैल की रात करीब आठ बजे योगेंद्र उक्त निमार्णाधीन मकान पर ताला लगाकर अपने घर चले गए थे। अगले दिन शाम के समय जब वह वापस पहुंचे तो देखा कि मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर लगे इलेक्ट्रिक वायर चोरी हो गये थे। रात के समय अज्ञात बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। शाहपुरा थानाइ इलाके के लक्ष्मी परिसर में स्थित ऋलभ पाटीदार के गणेश फास्ट फूड से अज्ञात चोर 15 हजार की नगदी चुराकर ले गए। बदमाश रेस्टॉरेंट के रोशनदान से अंदर घूसे थे। उधर मिसरोद थानां इलाके के मेरी गोल्ड राधापुरम रेसीडेंसी में रहने वाले निशांत चौधरी के सूने मकान से चोर सोने-चांदी के जेवरात समेटकर ले गये। वहीं अयोध्या नगर इलाके के न्यू मिनाल रेसीडेंसी में रहने वाले सोनू नंदा के मकान से बदमाश सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान बटोरकर चंपत हो गये। सभी मामलो में पुलिस ने अज्ञात आरोपियो के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी सुरागशी के प्रयास शुरू कर दिये है।
कोरोना वायरस के मप्र में 50 से ज्यादा मामले मिले
14 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को 888 सैंपलों की जांच की गई, जिसमें 51 संक्रमित पाए गए हैं। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन कोरोना के 50 से अधिक मरीज मिले हैं। मंगलवार को 901 सैंपलों की जांच में 52 संक्रमित मिले थे। इसके बाद भी स्थिति यह है कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कोई गाइडलाइन जारी नहीं की गई है। इसके पहले जब भी कोरोना का संक्रमण बढ़ा है, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों का पत्र लिखकर आम लोगों को सतर्क करने के लिए गतिविधियां चलाने को कहा था। स्थिति यह है कि सरकारी आयोजनों में भी न तो लोग मास्क लगा रहे हैं और न ही शारीरिक दूरी रख रहे हैं। यहां तक कि सर्दी, जुकाम और बुखार होने पर भी कर्मचारियों को कार्यालय से छुट्टी नहीं दी जा रही है। इसे सामान्य सर्दी-जुकाम की तरह ही लिया जा रहा है। इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डा. प्रभुराम चौधरी का कहना है कि प्रदेश में स्थिति अभी नियंत्रण में हैं। लगभग 99 प्रतिशत रोगी घर में स्वस्थ हो रहे हैं, इसलिए किसी तरह की बंदिश नहीं लगाई जा रही है। मास्क लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। बुधवार को भोपाल में16, इंदौर में 10, ग्वालियर में 7, राजगढ़ में 5, जबलपुर में 4, सीहोर में 3, उज्जैन में 2, सतना, रायसेन, नर्मदापुरम, दतिया, और आगर मालवा - एक-एक मरीज मिले है। प्रदेश में लगाता कोरोना मरीजों की संख्या बढती जा रही है इसके बावजूद लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं।
सिटी बस में हुए विवाद में महिला और कंडक्टर के बीच जमकर हुई हाथापाई
14 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल में सिटी बस में दो दिन पहले उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला अचानक टिकट चैक करने बस में चढ़ गई। कंडक्टर ने जब महिला का विरोध किया तो महिला ने कंडक्टर को थप्पड़ रसीद कर दिया। इसके बाद गुस्साये कंडक्टर ने भी महिला को तमाचा जड़ दिया। बाद में दोनों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। मारपीट की घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए है। पुलिस का कहना है कि महिला मानसिक रूप से बीमार है, जिसके चलते प्रकरण दर्ज न करते हुए उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल की दोपहर के समय कोच फैक्टरी से कोलार तक चलने वाली सिटी बस में दो महिलाएं चढ़ी। बोर्ड ऑफिस के पास इनमें से एक महिला यात्रियों के टिकट चैक करने लगी। महिला यात्रियों ने उसका विरोध किया। तब कंडक्टर लखन पत्रे ने महिला को रोकते हुए कहा कि आप हमारी अधिकारी नहीं हो। इस पर महिला दुर्व्यवहार करने लगी, और कहासुनी के बीच महिला ने कंडक्टर को थप्पड़ मार दिया। विवाद बढ़ने पर दोनों में झूमाझटकी और मारपीट शुरू हो गई। कंडक्टर ने पुलिस को बताया कि महिला खुद को बीसीएलएल की कर्मचारी बता रही थी। जबकि बीसीएलएल के डिपो में बात करने पर पता चला कि ऐसी कोई महिला कर्मचारी नहीं है। कंडक्टर का कहना है कि महिला के मारपीट शुरू करने पर वह बस को लेकर हबीबगंज थाने गए और महिला को पुलिस के हवाले किया। बताया गया है, कि महिला की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती है। इसलिए आपसी बातचीत के बाद पुलिस ने कोई कार्यवाही न करते हुए उसे परिजनों के हवाले कर दिया।
बाबासाहब से जुड़े पंचतीर्थ मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में शामिल, महू में बनेगी भव्य धर्मशाला
14 Apr, 2023 01:50 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । देश आज संविधान निर्माता डा. भीमराव आंबेडकर की 132वीं जयंती मना रहा है। इस अवसर पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बाबासाहब के अनुयायियों को एक बड़ी सौगात दी। बाबासाहब से जुड़े पंचतीर्थों जन्मभूमि महू, शिक्षा भूमि लंदन, दीक्षा भूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्य भूमि, मुंबई को प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जोड़ दिया गया है। इस संदर्भ में प्रदेश शासन के धर्मस्व विभाग द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा वाराणसी स्थित संत रविदास मंदिर को भी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में जोड़ा गया है। शुक्रवार को अपने नियमित पौधारोपण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान सीएम शिवराज ने बाबासाहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमने यह फैसला किया है कि पंचतीर्थ जन्मभूमि महू, शिक्षाभूमि लंदन, दीक्षाभूमि नागपुर, महापरिनिर्वाण भूमि दिल्ली और चैत्यभूमि जहां अंतिम संस्कार हुआ मुंबई, इन पंचतीर्थ को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जोड़ रहे हैं। पंचतीर्थ में से एक तीर्थ है लंदन, उसे भी इस योजना के तहत जोड़ रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व है कि महू में अगर बाबासाहब का स्मारक बनाने का सौभाग्य मिला, तो हमें मिला।
सीएम शिवराज ने यह भी बताया कि डा. आंबेडकर की जन्मस्थली महू आने वाले श्रद्धालुओं के लिए धर्मशाला निर्माण हेतु आवश्यक जमीन पर सेना की एनओसी मिल गई है। साढ़े तीन एकड़ जमीन को बाबासाहब मेमोरियल समिति को लीज पर देकर श्रद्धालुओं के रुकने, ठहरने समेत अन्य सभी आवश्यकताएं पूरी की जाएंगी। गौरतलब है कि एक साल पहले आज ही के दिन सीएम शिवराज ने महू में आंबेडकर जयंती के कार्यक्रम के मंच से इस आशय की घोषणा की थी, जिस पर अब अमल हो रहा है।
सर्वर डाउन होने की वजह से समग्र आइडी अपडेशन में आ रही समस्या
14 Apr, 2023 01:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लिए पंजीयन का काम तेजी से किया जा रहा है। इसके साथ ही समग्र आईडी अपडेशन, बैंक खाते से आधार लिंक का कार्य भी शिविरों में जारी है।इस दौरान सर्वर ठप होने से कई जगह काम धीमी गति से चल रहा है इसी वजह से पंजीयन करने में काफी समय लग रहा है।जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ज्यादा खराब है, जहां तकनीकि समस्या के चलते ईकेवायसी से लेकर पंजीयन करने में तक समय लग रहा है। इससे पंचायत कार्यालयों में महिलाओं को काफी इंतजार करना पड़ रहा है।
कोलार में कलेक्टर ने कराया समस्या का निराकरण
कलेक्टर आशीष सिंह ने गुरुवार को कोलार तहसील में लग रहे शिविरों का निरीक्षण किया और यहां आ रही समस्याओ का निराकरण कराया। जिससे जल्द से जल्द महिलाओं के पंजीयन और ईकेवायसी का काम किया जा सके। कलेक्टर अकबरपुर बंजारी फेस एक, आंगनबाड़ी केंद्र बांसखेड़ी कोलार एवं बैरागढ़ चिचली स्थित ईकेवायसी केंद्र पहुंचे और यहां खुद अपडेशन और पंजीयन प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
महिलाओं ने बताया नहीं हो रहा डाटा लिंक
शिविर में कलेक्टर को देखते ही लाड़ली बहना योजना का पंजीयन कराने पहुंची महिलाओं ने बताया कि अपडेशन करने और पंजीयन में काफी समय लग रहा है।यहां आधार और समग्र आईडी का डाटा आपस में लिंक नहीं हो पा रहा है। इसी वजह से उनका अपडेशन नहीं हो पा रहा है। साथ ही अब तक केंद्रों पर बायोमेट्रिक डिवाइस तक नहीं रखी गई है, जिससे अपडेशन का काम तेजी से किया जा सके। यह हाल जिले की अधिकतर पंचायतों में लग रहे शिविर पर बना हुआ है।
अब तक हुए पंजीयन की स्थित
नगर निगम - 133000
नगर पालिका बैरसिया- 3946
फंदा जनपद - 30952
बैरसिया जनपद - 33524
मिशन 2023 के लिए भाजपा का माइक्रो लेवल प्लान
14 Apr, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश में मिशन 2023 के लिए भाजपा माइक्रो लेवल पर प्लानिंग कर रही है। मतदाता सूची के हर पेज के लिए बीजेपी देश भर में पन्ना प्रमुख नियुक्त कर रही है। मध्यप्रदेश में केन्द्रीय कार्यालय के इस टारगेट से एक कदम आगे अर्द्धपन्ना प्रमुख नियुक्त किए हैं। बूथ विस्तारक अभियान पार्ट-2 में प्रदेश भर में 11 लाख 38 हजार 720 अर्द्धपन्ना प्रमुख नियुक्त किए हैं। यानी मतदाता सूची के हर पन्ने पर दो अर्द्धपन्ना प्रमुख होंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया कि भाजपा ने बूथ विस्तारक अभियान-2 के तहत प्रत्येक बूथ का डिजिटलाइजेशन कर बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए-2 के साथ बूथ समिति और अर्द्धपन्ना प्रमुख का गठन किया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश के कुल 64,100 बूथों में से 63,005 बूथों में बूथ अध्यक्ष, 61,407 में महामंत्री और 60,407 बीएलए-2 का गठन पूरा हो चुका है।
बीजेपी ने हर बूथ पर बूथ समिति का भी गठन किया है। बूथ समिति में 7 लाख 5 हजार 100 लोगों को शामिल करने का टारगेट तय किया गया था। बूथ समितियों में 9 लाख 7 हजार 530 कार्यकर्ताओं को डिजिटली ऑनलाइन दर्ज किया है। बीजेपी वोटर लिस्ट के एक पेज (दोनों साइड) के 60 वोटर्स को तैनात कर उनके बीच काम करा रही है। इन कार्यकर्ताओं को बतौर पन्ना प्रमुख तैनात किया जा रहा है। मप्र में 9 लाख 62 हजार 111 पन्ना प्रमुख बनाए जाने थे। मप्र भाजपा ने एक कदम और आगे बढ़ाते हुए अर्द्ध पन्ना प्रमुख (वोटर लिस्ट के पेज के एक तरफ के 30 वोटर्स का इंचार्ज) बना रही है। अब तक 11 लाख 38 हजार 720 अर्द्ध पन्ना प्रमुख डिजिटली गठित किए गए हैं। बूथ कमेटियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने बूथ का पिछले दो विधानसभा चुनाव और एक लोकसभा चुनाव के परिणाम के आधार पर ए-बी-सी की कैटेगिरी तय की जा रही हैं। पिछले चुनाव परिणाम के आधार पर बूथ को अपग्रेड करने में यानि वोट शेयर बढ़ाकर उसे सी से बी में बी से ए में अपने बूथ को ले जाने की प्लानिंग बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जिस बूथ पर बीजेपी को 70 से 75 प्रतिशत तक वोट मिले थे, ऐसे बूथ को ए+ बूथ बनाया जाएगा।
संगठन ने कार्यकर्ताओं को यह निर्देश दिए हैं कि वे अपने बूथ को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाएं यानि बूथ में जाति, बिरादरी, मत-पंथ के अनुसार रचना कर सहज संपर्क का प्रयास करें। उन्हें अलग-अलग कार्यक्रमों और अभियानों में जोडऩे की कोशिश करें। अपनी बूथ समिति, पन्ना समिति में महिलाओं की भागीदारी करके उन्हें एक्टिव रखने का प्रयास करें। बूथ समिति, पन्ना समिति के माध्यम से अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सदस्यों को जोडऩे और सक्रिय बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
प्रदेश कार्यालय द्वारा बूथ समिति की जरूरी जानकारी रखने के लिए रजिस्टर भेजा गया है। ये रजिस्टर बूथ पर रहेगा। इसकी एक कॉपी मंडल पर रहेगी। इस रजिस्टर को रेगुलर अपडेट करने और सुरक्षित रहने के निर्देश दिए हैं। बूथ समिति की बैठक करते वक्त कार्यवाही रजिस्टर पर बैठक के निर्णय लिखे जाएंगे। यही नहीं, बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर भी कराए जाएंगे। इस काम की जिम्मेदारी बूथ के अध्यक्ष, महामंत्री की होगी। नए मतदाताओं को पार्टी से जोडऩे के लिए लगातार कार्यक्रम और अभियान चलाए जाएंगे।
अपने बूथ पर दूसरे दलों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संपर्क करके उन्हें बीजेपी से जोडऩे का प्रयास करने को कहा गया है। इसके साथ दूसरे दलों के अच्छे कार्यकर्ताओं को पार्टी से जुडने के लिए उनसे आग्रह पूर्वक प्रयास करने को कहा गया है।
महीने में एक बार घर-घर संपर्क का अभियान बूथ टोली द्वारा चलाने को कहा है। सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के साथ ही उनका नेतृत्व करने को कहा है। इसके लिए बूथ स्तर के सभी सरकारी कर्मचारियों जैसे- पटवारी कोटवार आगनवाड़ी कार्यकर्ता आशा कार्यकर्ता ग्राम सेवक, स्वास्थ्य कर्मी स्कूल शिक्षक पंचायत सचिव आदि से संपर्क रखने के लिए कहा गया है।
बीजेपी ने बूथ लेवल वर्कर्स को ये निर्देश दिए हैं कि समय-समय पर वोटर लिस्ट पर नजर बनाए रखें। सही नाम जुड़वाना, गलत नाम हटवाने के काम भी बूथ के वर्कर्स करेंगे।बूथ के वोटर्स को भी चार कैटेगिरी में बांटा गया है। बीजेपी के 18 साल से सत्ता में होने के चलते एंटी इनकमबेंसी भी बढ़ी है। यही नहीं दूसरे दलों से आए नेताओं, कार्यकर्ताओं को सत्ता में अहम भागीदारी मिलने के बाद बीजेपी के कई सीनियर नेता नाराज हैं। इसलिए चुनाव में कामयाबी हासिल करने के लिए बीजेपी ने बूथ की मजबूती पर टारगेट बना लिया है। ताकि विधानसभा चुनाव के दौरान दलबदल की स्थिति बने तो भी बूथ लेवल पर काम प्रभावित न हो।
Rajgarh:दोपहर 1.30 के बाद नहीं लगेंगे स्कूल, डीईओ ने जारी किया आदेश
14 Apr, 2023 12:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मध्यप्रदेश में बढ़ती गर्मी का असर दिखने लगा है। राजगढ़ प्रदेश में सबसे गर्म शहरों में शामिल है। मौसम में बदलाव को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने नया आदेश दिया है। इसके जिले के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूल दोपहर डेढ़ बजे के बाद नहीं चलेंगे।बता दें कि राजगढ़ जिले में शैक्षणिक सत्र 2022-23 के परीक्षा परिणामों के पश्चात वर्ष 2023-24 के लिए शासकीय व अशासकीय विद्यालय पुनः प्रारंभ हो चुके हैं, जो कि अनुमानित अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक लगाए जाएंगे।
किंतु राजगढ़ जिले में बढ़ते हुए तापमान को दृष्टिगत रखते हुए बच्चों के अभिभावकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से स्कूल के समय मे परिवर्तन को लेकर राजगढ़ कलेक्टर हर्ष दीक्षित से गुहार लगाई थी।राजगढ़ कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी करण सिंह भिलाला ने गुरुवार देर शाम आदेश जारी करते हुए जिले के समस्त अशासकीय व शासकीय विद्यालयों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा कि जिन विद्यालयों में परीक्षा आयोजित की जा रही है उनका समय पूर्व की तरह यथावत रहेगा।
ई-केवाईसी कराकर लौट रही महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, युवती की मौत
14 Apr, 2023 12:11 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | गुरुवार दोपहर श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में लाड़ली बहना योजना की ई-केवाईसी कराकर लौट रहीं तीन महिलाओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और एक अन्य महिला घायल हो गई। जहां हादसा हुआ है, उसके पास ही युवती का पिता पानी वाले नारियल का ठेला लगाता है। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद चार चालक को पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया।पुलिस ने कार जब्त कर चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
श्यामला हिल्स पुलिस के अनुसार निशा यादव पंचमुखी हनुमानमंदिर के पास तलैया क्षेत्र में रहती है। वह लाडली बहना योजना का फार्म भरने के लिए श्यामला हिल्स क्षेत्र में ई-केवाईसी कराने गई थी। उसके साथ उसकी 20 वर्षीय बेटी पायल यादव और पड़ोस में रहने वाली महिला रूबी सोनी भी थी। तीनों दोपहर सवा दो बजे कमला पार्क के पास स्थित मजार के सामने से सड़क पार कर रही थीं। महिलाएं शीतलदास की बगिया की तरफ से कमला पार्क की तरफ जा रही थीं, वहां से फुटपाथ होकर अपने घर जाना था। तभी पॉलिटेक्निक कॉलेज से कमला पार्क की तरफ जा रही कार ने तीनों महिलाओं को टक्कर मार दी। हादसे में युवती पायल यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी मां और पड़ोस में रहने वाली महिला घायल हो गईं।
मप्र की गर्मी ने दिल्ली, राजस्थान-महाराष्ट्र को पीछे छोड़ा
14 Apr, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । गर्मी के लिहाज से मध्यप्रदेश ने दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। राजगढ़ में पारा सबसे ज्यादा है। लगातार तीसरे दिन 42-43 डिग्री के बीच तापमान चल रहा है। मौसम विभाग की माने तो यह देश में सबसे ज्यादा है। इधर, नर्मदापुरम में रात का तापमान पहली बार 25 डिग्री के पार पहुंच गया। बुधवार-गुरुवार की रात रतलाम-सतना समेत 15 शहरों में पारा 21 डिग्री के पार रहा। भोपाल में पहली बार न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को भी सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे हैं।
बुधवार को राजगढ़ का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, दमोह-खजुराहो में 41 डिग्री के पार पारा रहा। नर्मदापुरम, रतलाम, गुना, धार, मंडला, सागर और सतना में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा ही रहा। दिन की तरह ही रात भी गर्म रही। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि अभी न तो पश्चिमी विक्षोप एक्टिव है और न ही कोई ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसलिए आसमान साफ है। सूरज की किरणें सीधे धरती पर आ रही है। जिससे गर्मी का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान चंद्रापुर में 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और रायपुर में पारा 40.6 डिग्री रहा। वहीं, दिल्ली में भी तापमान 39 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। स्पोर्ट कॉम्पलेक्स, प्रीतमपुरा एरिया में 38.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा, जो बाकी इलाकों से सबसे ज्यादा है। राजस्थान के बांसवाड़ा में पारा 42.2 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा है। कोटा, बूंदी, चित्तौड़, टोंक, डूंगरपुर, बाड़मेर, जलौरे में पारा 40 डिग्री से ज्यादा रहा। भुवनेश्वर की बात करें तो वहां पारा 40.7 डिग्री रहा। अन्य शहरों में भी तापमान राजगढ़ जितना नहीं रहा। इसलिए बुधवार को राजगढ़ देश का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया था।
सिंधिया बोले- मोदी के साथ 130 करोड़ लोग
14 Apr, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विपक्ष की एकजुटता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने नौ साल पहले प्रधानमंत्री नहीं बल्कि प्रधान सेवक, प्रधान रक्षक के रूप में काम करने का संकल्प लिया है। उनके साथ देश की 130 करोड़ जनता खड़ी है। ऐसे में विपक्ष में खलबली तो होगी ही। इसी वजह से देर रात तक बैठकें हो रही हैं।
दिल्ली में विपक्ष के नेताओं ने बुधवार को बैठक की थी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव बुधवार को दिल्ली में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मिलने पहुंचे थे। इसे लेकर भाजपा हमलावर है। इसी कड़ी में सिंधिया ने कह दिया कि विपक्ष में खलबली है। तभी तो देर रात को बैठकें हो रही हैं। दिनदहाड़े बैठकें नहीं हो रही हैं, देर रात को बैठकें हो रही हैं। वो करें, जो उन्हें करना है। प्रधानमंत्री जी भारत के तिरंगे को लेकर विश्व पटल पर आगे बढ़ रहे हैं। उनके साथ भारत का एक-एक नागरिक जुड़ा है। एक-एक नागरिक का आशीर्वाद उन्हें मिला हुआ है। पूर्ण रूप से हम प्रधानमंत्री मोदी जी के साथ हैं।
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के इस आरोप पर कि भाजपा में सात लोग मुख्यमंत्री बनने का सपना पाले हुए हैं, सिंधिया ने कहा कि जिनके मन में इतनी आशा है, उस पद ग्रहण करने की, शायद वही यह वक्तव्य दे रहे हैं। उनसे पूछा गया कि दिग्विजय सिंह ने जो नाम लिए हैं, उनमें आपका नाम नहीं है। इस पर उन्होंने कहा कि मैं 20 साल से कह रहा हूं कि सिंधिया परिवार तो सेवा करने आया है। पहले भी कहा है और किया है। मेरी दादी के समय से हमारी भावना यही है और सेवा करते रहेंगे। जो भी जिम्मेदारी राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष देंगे, वह स्वीकार है।