उत्तर प्रदेश (ऑर्काइव)
गंगा ने दिखाया रौद्र रूप, आया इस साल का सबसे ज्यादा पानी....
15 Aug, 2023 12:39 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गंगा का रौद्र रूप दिखाई दे रहा है। सोमवार को इस साल का सबसे ज्यादा पानी भीमगोड़ा से छाेड़ा गया। बिजनौर बैराज पर गंगा खतरे के निशान से सटकर बह रही है। मंडावर और जलीलपुर क्षेत्र के कई गांवों में गंगा का पानी घुस गया। शिवालिक की पहाड़ियों में लगातार हाे रही बारिश की वजह से भीमगोड़ा बांध से रविवार की रात्रि 2.03 लाख और सोमवार की सुबह आठ बजे 3.13 लाख क्यूसेक और शाम तीन बजे 3.70 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
आबादी तक पहुंच गया पानी
गंगा की धार मंडावर खादर के ग्राम मिर्जपुर, सीमली में आबादी तक पहुंच गया है। वहीं जलीलपुर खादर क्षेत्र के ग्राम खानपुर खादर समेत एक दर्जन गांवों मेें पांच-पांच फुट पानी भरा हुआ है। इसके अलावा मालन नदी भी पूरे उफान है। रावली-शहजादपुर के बीच रपटे पर चार से पांच फुट और ग्राम ब्रह्मपुरी में पांच-पांच फुट पानी भरा हुआ है। उधर प्रभारी दैवीय आपदा/एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद सिंह ने तहसीलदार अनुराग सिंह और राजस्व विभाग की टीम के साथ बाढ़ प्रभावित गांव रावली और ब्रह्मपुरी का दौरा किया।
सीमली समेत कई गांवोंं में घुसा गंगा का पानी
गंगा का जलस्तर सोमवार को तेजी से बढ़ रहा है। जहां गंगा की धार ग्राम सुक्खापुर, कुंदनपुर, फतहपुर सभाचंद, कोहरपुर, राजारामपुर नजदीक बह रही है। वहीं ग्राम चाहड़वाला, डैबलगढ़ से होती हुई सीमली में गंगा का पानी घुस गया। इन गांवों में ढाई से तीन फुट पानी भरा हुआ है। ग्र्रामीण सोनू, जगदीश कुमार, भागवत, राजेश आदि का कहना है कि ग्राम मिर्जापुर और चंद्रभानपुर किशोर के निकट कटान रोकने के लिए लगाए वायरक्रेट और जियो ट्यूब के बीच से होते हुए पानी इन गांवों में गया है। गांव के मुख्य रास्ते पर जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को गंगा में आए उफान ने वर्ष 2013 में आए उफान की याद दिला दी।
उफान पर मालन, ब्रह्मपुरी में घुसा पानी
गंगा और मालन नदी सोमवार को पूरे उफान पर है। शहजादपुर और रावली के बीच स्थित रपटे पर चार से पांच फुट पानी बह रहा है। वहीं नई बस्ती ब्रह्मपुरी में पांच फुट पानी भरा हुआ है। शहजादपुर समेत कई अन्य गांव के ग्रामीण रपटे पर पानी चलने की वजह से नाव से आवाजाही कर रहे है।
कतरास में तेज आवाज के साथ बना गहरा गोफ....
15 Aug, 2023 12:18 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धनबाद में कतरास के जोगता 11 नंबर बस्ती में सोमवार की देर रात जोरदार आवाज के साथ गोफ बन गया। करीब दो सौ मीटर की परिधि में बीस फीट गोफ बना, जिसमें बजरंगबली मंदिर सहित एक ही परिवार के तीन लोग समा गए।
तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है
स्थानीय लोगों ने दिलेरी व साहस का परिचय देते हुए रस्सी के सहारे तीनों को बाहर निकाला, जिसमें पिता श्याम भुइयां, पुत्र अरूण कुमार और तरुण शामिल हैं। लोग जान पर खेलकर उन्हें बचाने में कामयाब रहे। जख्मियों को आनन-फानन में लोग निचितपुर नर्सिग होम ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया। जहां तीनों स्थिति गंभीर बनी हुई है।
देर रात जोरदार आवाज के साथ बना गोफ
इस दौरान पांच घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जमीन में दरारें पड़ गई हैं, जिनमें से धुंआ निकल रहा है। गोफ बनने के बाद पूरे इलाके में दहशत व्याप्त है। सोमवार देर रात को बस्ती के लोग अपने-अपने घरों में सोये हुए थे। इसी बीच करीब 2:15 बजे जोरदार आवाज हुई, जिसे सुनकर अनहोनी की आशंका से लोग घरों से बाहर निकल गए। श्याम भुइयां तथा उसके स्वजन के चिल्लाने की आवाज लोगों को सुनाई दी। लोग गोफ के पास पहुंचे।
कई लोगों के घर हुए बर्बाद
रस्सी गोफ के अंदर फेंककर पहले श्याम भुइयां, फिर उनके 11 वर्षीय पुत्र अरूण कुमार तथा नौ वर्षीय पुत्र तरूण कुमार को निकाला गया। घटना में पिता-पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस घटना में कारू भुइयां, रामबहादुर भुइयां , घनपत भुइयां, रामप्रवेश भुइयां आदि का भी निजी आवास पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। जमीन में दरारें पड़ी हैं। घटना के बाद से यहां अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान....
15 Aug, 2023 12:07 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सुबह से धूप-छांव के बीच उमस भरी गर्मी अपना असर दिखाती रही। दोपहर बाद मौसम ने रंग बदल लिया। घने काले बादल छाए और बारिश शुरू हो गई। कहीं तेज तो कहीं हल्की वर्षा हुई। घंटे भर की बारिश से मौसम सुहाना हो गया।
आज कुछ ऐसा रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग ने 15 अगस्त को लेकर स्पेशल बुलेटिन जारी किया है। मंगलवार को राज्य के ज्यादातर भागों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। कहीं-कहीं गर्जन के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। मौसम केंद्र रांची के विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 से 18 अगस्त के बीच राज्य के ज्यादातर हिस्से में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। गर्जन और वज्रपात का भी खतरा हो सकता है। कुछ जगहों पर भारी बारिश भी होने का अनुमान है। उसके बाद 19 और 20 अगस्त को भी कई स्थानों में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
कल से दो-तीन डिग्री नीचे लुढ़केगा पारा
सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री के आसपास रहा। मंगलवार को इसमें एक डिग्री की गिरावट आ सकती है। उसके बाद अधिकतम तापमान अगले कई दिनों तक 30 डिग्री पर रह सकता है। बारिश की गतिविधि बढ़ने से तापमान में थोड़ी गिरावट की संभावना है। हालांकि, न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं आएगा।
कोल्हान जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर किया हमला....
15 Aug, 2023 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान बलिदान हो गए हैं। यह मुठभेड़ सोमवार की देर शाम करीब 7:00 बजे टोंटो थाना अंतर्गत तुमबाहाका और सरजमबुरू के रास्ते में होने की बात कही जा रही है।
मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो जवान शहीद
मुठभेड़ के बाद पांच जवानों के लापता होने की बात भी सामने आ रही थी, मगर मुठभेड़ खत्म होने के बाद रात में करीब 12:00 बजे तीन जवान सुरक्षित बरामद कर लिए गए। जबकि झारखंड जगुआर के दो जवान मृत पाए गए इनमें से एक झारखंड जगुआर के एसआई हैं और दूसरे सिपाही हैं। शहीद जवान का नाम अमित तिवारी, सब इंस्पेक्टर (2012 बैच) और गौतम कुमार, हवलदार है। एसआई को मुठभेड़ में सात-आठ गोली लगी है, जबकि सिपाही को दो से तीन गोलियां लगी हैं। शहीद एसआई पलामू के रहने वाले थे। तीन दिन पहले ही उन्हें बेटा हुआ था और वह नक्सल अभियान खत्म होने के बाद छुट्टी लेकर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। दोनों बलिदानी जवानों के शव चॉपर के माध्यम से रांची ले जाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, टोंटो थाना क्षेत्र के तुम्बाहाका से लेकर सरजमबुरु तक रास्ता क्लियर करने के लिए सीआरपीएफ और झारखंड जगुवार की टीमों की तैनाती इलाके में की गई है।
करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़
सोमवार को यह टीम में रास्ता क्लियर करने का काम कर रही थी। इसी क्रम में रात करीब 7 बजे पहले से घात लगाकर बैठे एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा के दस्ते ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। जवान अपने आप को बचाने के लिए जंगलों की आड़ में छुप गए। कुछ जवानों ने भी अपनी पोजीशन लेते हुए जवाबी फायरिंग की। करीब एक घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सली मौके से भाग निकले। इस बीच 5 जवान नहीं मिल रहे थे। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने की वजह से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था।
11 अगस्त को मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हुई थी मुठभेड़
देर रात सीआरपीएफ के अन्य कैंप से अतिरिक्त फोर्स मुठभेड़ स्थल भेजी गई। इसके बाद रात में ही पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान झारखंड जगुआर के दो जवानों का शव जंगल में बरामद हुआ। तीन जवान सुरक्षित मिल गए। मालूम हो कि 11 अगस्त को इसी इलाके में एक करोड़ की इनामी नक्सली मिसिर बेसरा दस्ते के साथ मुठभेड़ हुई थी। इसमें एक जवान सुशांत कुमार बलिदान हो गए थे। इसके साथ ही पुलिस ने इस इलाके में नक्सलियों के 11 बंकर ध्वस्त कर दिए थे।
अमित कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या....
15 Aug, 2023 11:12 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोयले के अवैध खनन को लेकर वर्चस्व की लड़ाई में जीतपुर अस्पताल कालोनी निवासी 25 वर्षीय अमित कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उस पर धारदार हथियार से भी वार किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची।
हत्या में किसी महिला के शामिल होने की भी आशंका
जोड़ापोखर थाना क्षेत्र की लक्ष्मी कालोनी में शिवमंदिर के पास रविवार की रात लगभग एक बजे यह घटना हुई। घटनास्थल से युवक की बाइक व दो जोड़ी चप्पल बरामद की गई। उसके पिता सेवानिवृत्तकर्मी अशोक सिंह ने सात को नामजद किया है। आरोपितों में जगदीश पासवान, विशाल नोनिया, शिवा, सोनकमल, जिशू सिंह, दो अन्य व 10 अज्ञात हैं। उन्होंने हत्या में किसी महिला के भी शामिल होने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अवैध कोयला खनन को लेकर था दो गुटों में विवाद
भूलन बरारी पंखा घर के समीप एक अवैध खदान में खनन कराने को लेकर अमित और उसके साथियों के साथ लक्ष्मी कालोनी के एक अवैध कोयला खनन करने वाले गुट का एक पखवाड़े से विवाद था। दोनों गुटों ने दहशत फैलाने के लिए दो बार हवाई फायरिंग भी की थी। इसके बाद उनमें समझौता हो गया। रविवार की रात करीब 12.30 बजे मंदिर के समीप अमित अपने साथियों के साथ था। वहां दूसरे गुट का जगदीश अपने साथियों के साथ पहुंचा। इस दौरान पुराने मामले को लेकर फिर बहस हो गई और मारपीट होने लगी। जगदीश गुट के किसी सदस्य ने हवा में फायरिंग की। गोली चलते ही अमित के साथी फरार हो गए। उसके बाद जगदीश के साथियों ने अमित की हत्या कर दी। पुलिस घटनास्थल के एक किलोमीटर के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरे से सुराग लेने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अमित रोज मंदिर में बैठकी करता था। उसकी कनपटी में गोली मारी गई। हालांकि, पुलिस पुष्टि नहीं कर रही है। पुलिस का कहना था कि खोखा बरामद नहीं हुआ है। इधर अशोक सिंह का कहना था कि फोन पर किसी के बुलाने पर रात लगभग 11 बजे पुत्र घर से निकला था। जिसने बुलाया, उसी ने हत्या करवाई। अमित की हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है। हत्या में तलवार या धारदार हथियार का प्रयोग किया गया है। गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घटना में मुहल्ले के कुछ लोगों के शामिल होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री योगी ने किया रुद्राभिषेक....
14 Aug, 2023 03:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सावन महीने के छठवें सोमवार को गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में रुद्राभिषेक किया। उन्होंने भगवान भोलेशंकर से सभी नागरिकों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति की प्रार्थना की।
सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में सीएम योगी ने भोलेनाथ को विल्व पत्र, कमल पुष्प आदि अर्पित करने कर बाद दूध, फल के रस व जल से अभिषेक किया।
मठ के मुख्य पुरोहित आचार्य रामानुज त्रिपाठी व अन्य आचार्य एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया।
रुद्राभिषेक के बाद उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन व आरती की। विधि विधान से पूर्ण हुए अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री ने चराचर जगत के कल्याण तथा प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की। रुद्राभिषेक अनुष्ठान के अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ, काशी से आए महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा आदि भी उपस्थित रहे।
सामूहिक दुष्कर्म व हत्या में शामिल 5 महिलाएं समेत 9 गिरफ्तार....
14 Aug, 2023 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के थरवई के हेता पट्टी में छह अगस्त को चौकीदार की हत्या, नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट करने वाले बद्दीक मारवाडी घुमंतू गिरोह के चार अपराधियों को पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद पकड़ा। इनमें से दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गोली लगी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डकैतों के लिए रेकी करने वाली पांच महिलाओं को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि बद्दीक मारवाड़ी गिरोह के बदमाशों ने थरवई कांड अंजाम दिया था। यहां चौकीदार की हत्या और कारोबारी के घर डकैती में सात अपराधी शामिल थे।
तीन बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी तलाश हो रही है। बदमाशों के पास बैग में लूटी गई नगदी, आभूषण, आधार कार्ड समेत अन्य कागजात मिले हैं। हमले में इस्तेमाल रंभा, राड, पेचकश समेत कई औजार बरामद हुए। इनके साथ गिरफ्तार महिलाओं ने स्वीकार किया कि शाहजहांपुर से आकर वे कई दिन से हेता पट्टी बाजार में चटाई और खिलौने बेचने के बहाने रेकी कर रही थीं।
बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग
अपराधियों की तलाश में लगी पुलिस को रविवार घुमंतू गिरोह के लालगोपालगंज रेलवे स्टेशन के पास होने की सूचना मिली। नवाबगंज पुलिस और एसओजी ने बदमाशों को घेरा तो वो फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश धीरेंद्र उर्फ लड्डू व कुशलपाल उर्फ कृष्णा घायल हो गए।
पुलिस ने भाग रहे दयाराम और जयराम उर्फ नन्हें को भी दबोच लिया। इनसे पूछताछ के बाद मनीलाल का इनारा गांव के पास बेलावती, शांति देवी, वेदवती, गंगा देवी और लीलावती को पकड़ लिया। सभी शाहजहांपुर के निगोहीं के इशापुर व मिलकिया गांव के हैं।
कानपुर में रात 12 बजे तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, जाने डायवर्जन....
14 Aug, 2023 01:01 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
श्रावण मास के छठवें सोमवार पर श्रद्धालुओं और आम शहरियों के लिए यातायात पुलिस ने मार्ग परिवर्तन और पार्किंग की व्यवस्था की है। रविवार रात 12 बजे से यह व्यवस्था लागू हो गई और सोमवार रात 12 बजे तक इसका पालन होगा। वहीं, परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर धाम के पास वाहनों की पािर्कंग के लिए अलग से व्यवस्था की है। लोगों से सहयोग की अपील की गई है।
यह होगा मार्ग परिवर्तन
बिल्हौर की ओर से आने वाले मध्यम और भारी वाहन चौबेपुर से मंधना चौराहा की ओर नही जा सकेंगे। ये चौबेपुर क्रांसिंग से शिवली होते हुए जाएंगे।
मंधना चौराहा से कोई भी मध्यम और भारी वाहन कल्यानपुर क्रासिंग की ओर नही जा सकेंगे। इन्हें गंगाबैराज से होकर गुजारा जाएगा।
ब्लू वर्ड तिराहा से कोई भी मध्यम और भारी वाहन बिठूर की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें भी गंगा बैराज की ओर से गुजारा जाएगा।
गंगा बैराज से कर्बला चौराह की ओर कोई भी मध्यम और भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। ऐसे वाहन मंधना होते हुए या शुक्लागंज होकर जाएंगे।
बीमा चौराहे से सिद्धनाथ घाट की ओर से कोई भी मध्यम और भारी वाहन नही जा सकेंगे। इन्हें जेके चौराहा से गुजारा जाएगा।
शिवराजपुर से फतेहपुर चौरासी की ओर कोई भी मध्यम और भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
यश कोठारी चौराहा से सिंहपुर कल्याणपुर और यश कोठारी चौराहा से बिठूर कस्बा की ओर कोई भी मध्यम व भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को मधना या गंगा बैराज से निकाला जाएगा।
कंपनी बाग की ओर से आने वाले वाहन ग्वालटोली कट वीआइपी रोड से दाहिने मुड़कर ग्वालटोली चौराहा-कर्नलगंज की ओर से नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को टैफ्को चौराहा से आगे मर्चेन्ट्स चैम्बर तिराहा से दाहिने सिलवर्टन तिराहा होकर निकाला जाएगा।
कंपनी बाग चौराहा की ओर से आने वाले वाहन टैफ्को तिराहा से दाहिने मुड़कर मछली वाला कट ग्वालटोली की तरफ नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को टैफ्को तिराहा से आगे मर्चेन्ट्स चैम्बर तिराहा से दाएं होते हुए गुजारा जाएगा।
लाल इमली चौराहा-सिलवर्टन की ओर से आने वाले वाहन मछली वाला कट तिराहा से दाहिने टैफ्को चौराहा वीआइपी रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें ग्वालटोली चौराहा से आगे खलासी लाइन की ओर से तथा ग्वालटोली चौराहे से बाएं मुंडकर शनिदेव मंदिर तिराहा कर्नलगंज की ओर से गुजारा जाएगा।
लाल इमली चौराहा-सिलवर्टन की ओर से आने वाले वाहन ग्वालटोली चौराहा से दाएं मुढ़कर ग्वालटोली कट वीआइपी रोड की ओर नहीं जा सकेंगे। इन वाहनों को ग्वालटोली चौराहा से आगे खलासी लाइन की ओर तथा ग्वालटोली चौराहा से बाएं शनिदेव देव मंदिर तिराहा कर्नलगंज की ओर निकाला जाएगा।
ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था
टैफ्को की तरफ से आने वाले दर्शनार्थी रैन बसेरा और आवासीय पार्किंग में अपने वाहनों को पार्क करेंगे।
ग्रीनपार्क की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग शराब गद्दी तिराहा से ग्रीन पार्क चौराहा तक सड़क के दोनों ओर होगी।
नरौरा बैराज पर गंगा का जलस्तर हाई फ्लड की तरफ, गांवों में अलर्ट....
14 Aug, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार वर्षा से गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ी क्षेत्र में हो रही बरसात और हरिद्वार व बिजनौर गंगा बैराज से छोड़े गए पानी के चलते नरौरा के चौधरी चरण सिंह बैराज पर गंगा का जलस्तर हाई फ्लड की ओर बढ़ रहा है।
सोमवार की सुबह नरौरा के गंगा बैराज पर गंगा के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह छह बजे नरौरा बैराज की डाउनस्ट्रीम में पानी की उपलब्धता 178.53 मीटर दर्ज की गई, जो खतरे के निशान से 0.235 मीटर नीचे है। सुबह छह बजे नरौरा गंगा बैराज की अप स्ट्रीम में कुल 224278 क्यूसेक पानी की उपलब्धता दर्ज की गई, जबकि नरौरा गंगा बैराज से गंगा की डाउन स्ट्रीम में 209090 क्यूसेक प्रति सेकेंड की दर से पानी की निकासी की जा रही है। जिसके चलते गंगा का जलस्तर हाई फ्लड की ओर बढ़ रहा है। जिससे रामघाट थाना क्षेत्र के ग्रामों में गंगा किनारे के खेतों में जलभराव होने लगा है। वहीं राजघाट में गंगा का जलस्तर बढ़ने से घाटों पर बनी अस्थाई दुकानें भी जल मग्न हो गई।
श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ रही
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार जल स्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर पानी बढ़ने से गंगा किनारे रहने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ रही है।
अनूपशहर के लाल महादेव मुहल्ले में ट्रीटमेंट प्लांट के एसटीपी में नालियों के माध्यम से जाने वाले गंदे पानी का जाना बंद हो गया
पानी नालियों के पानी को रोक रहा है
ट्रीटमेंट प्लांट का एसटीपी प्रभावित हो रहा है।
लाल महादेव पर लगभग 60 मीटर सड़क पर अंदर तक पानी घुसा हुआ है
जाहन्वी प्लेट फार्म पर भी काफी अंदर पानी भरा हुआ है।
जाहन्वी प्लेट फार्म पर प्रसाद बेचने की कई दुकानें बंद हो गई है।
गंगा किनारे बसे गांव अहार, मुबारिकपुर, हसनपुर, कल्याणपुर, सिरोरा, तोरई, बच्चीखेड़ा, शेरपुर, रूढ़बांगर आदि में लेखपालों द्वारा ग्रामीणों को गंगा किनारे पशुओं को नहीं ले जाने की चेतावनी दी गई है।
एसडीएम ने बताया कि बाढ़ के पानी पर लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए गंगा किनारे गांव के स्कूलों में पीड़ितों को ठहराने की व्यवस्था को लेकर चर्चा कर ली गई है। एसडीएम ने स्वयं भी गंगा तट पर जाकर स्थिति का अवलोकन कर आला अधिकारियों को अवगत कराया है।
शिव मंदिर में मांस फेंके जाने से माहौल तनावग्रस्त....
14 Aug, 2023 12:52 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गुमला सदर प्रखंड के टोटो स्थित शिव मंदिर में मांस फेंके जाने से माहौल तनावग्रस्त हो गया है। सोमवार को जब श्रद्धालु मंदिर पूजा करने पहुंचे तब मंदिर में मांस का टुकड़ा देख वापस लौट गए और ग्रामीणों को सूचना दी।
मंदिर में सुरक्षा बलों की तैनाती
घटना आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज कुमार टोटो पहुंचकर मंदिर को साफ कराया। इसके बाद मंदिर में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई। इधर घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने टोटो चौक को जाम कर दिया। गुमला लोहरदगा रोड से वाहनों का आवागमन ठप हो गया। लोग सड़क पर ही दरी बिछाकर बैठ गए। लोग आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
टोटो बनी गौ तस्करी की राजधानी
लोगों का कहना था कि पूरे गुमला जिले में सबसे अधिक गौकशी टोटो में ही होता है। गौ तस्करी की यह राजधानी बन गई है। यह सब प्रशासन की नजर के सामने होता है। इसे रोकने में प्रशासन विफल है। यही कारण है कि इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। यहां कई गतिविधियां चलती रहती हैं। धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ ग्रामीणों को नहीं बर्दाश्त ग्रामीण राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी से इसकी जांच कराए जाने की मांग कर रहे थे। आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नही थे। एक स्वर में लोगों का कहना था कि धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नही हो जाती सड़क जाम रहेगा। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर काफी संख्या में वाहनों का कतार लग गया। इससे पहले जमशेदपुर के कदमा से एक ऐसी घटना सामने आई थी। इसके तहत कदमा शास्त्रीनगर ब्लाॅक संख्या तीन में पीपलधारी जटाधारी मंदिर से कुछ दूरी पर रामनवमी वाले दिन स्ट्रीट लाइट पर महावीरी झंडा बांधा गया था। इसे लेकर खूब हिंसा भड़की थी।
जहरीली खुखड़ी खाने से छह बच्चों समेत 14 लोग बीमार....
14 Aug, 2023 12:36 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गढ़वा जिला अंतर्गत डंडा थाना क्षेत्र की भिखही पंचायत अंतर्गत पपरवा गांव में रविवार की दोपहर जहरीली खुखड़ी खाने से छह बच्चों समेत 14 लोग बीमार हो गए।
घायल लोगों में ये हैं शामिल
बीमार लोगों में डंडा के प्रखंड प्रमुख आशा देवी के पति चंदन चौधरी, उनका 10 वर्षीय पुत्र प्रणव कुमार व सात वर्षीय रोहित कुमार तथा पुत्री 13 वर्षीय खुशबू कुमारी, गिरधारी चौधरी पिता स्व. खेला चौधरी, उनकी पत्नी पचिया देवी, पुत्र बिरजू चौधरी, पतोहू धनपति देवी, पोती 10 वर्षीय सुप्रिया कुमारी पिता बिरजू चौधरी, सात वर्षीय साक्षी कुमारी पिता सुनील कुमार चौधरी, सुकनी देवी पिता रामचंद्र चौधरी, रामलाल चौधरी की पत्नी सुषमा देवी एवं छह वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार एवं छठनी देवी पति मुखा चौधरी शामिल हैं।
सभी ने मिलकर खाई खुखड़ी की सब्जी
सभी बीमार लोगों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बीमार लोगों के स्वजनों ने बताया कि रविवार की सुबह गिरधारी चौधरी के घर के बच्चे बांसवाड़ी में उगी खुखड़ी को लेकर आए थे। इसके बाद उक्त खुखड़ी की सब्जी बनाई गई, जिसे गिरधारी चौधरी के परिवार के सभी सदस्यों ने तो खाया ही, अपने पड़ोस के एक-दो लोगों को भी खुखड़ी की सब्जी खाने के लिए दी।
सब्जी खाने के बाद सभी करने लगे उल्टी
रविवार के दिन करीब 11 बजे सभी लोगों ने खाने के साथ सब्जी खायी। भोजन करने के करीब डेढ़ घंटे बाद धनपति देवी को उल्टी होना शुरु हुआ। इसके बाद एक-एक कर 14 लोगों को उल्टी होने लगी। तब आसपास के लोगों की मदद से सभी बीमार लोगों को आनन-फानन में सदर अस्पताल में लाकर भर्ती कराया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डा.अमित कुमार ने बताया कि बीमार लोगों का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। आवश्यक जांच कराई जा रही है। गौरतलब है कि खुखड़ी मशरूम की ही एक प्रजाति है। यह चिकन, मटन से भी महंगी बिकती है। इसकी कीमत लगभग 1200 रुपये प्रति किलो है। जंगलों में उगने वाले खुखड़ी को लोग मसालों के साथ खूब भुनकर चावन या रोटी के साथ खाते हैं।
आज है अधिक मास का अंतिम सोमवार....
14 Aug, 2023 12:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मलेमास की अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन पूरी तरह से चौकस है। सुलझ व शांतिपूर्ण जलार्पण के लिए प्रशासन द्वारा सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार को एक बार फिर से कावड़ियाे की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
सोमवार को 80 हजार कावड़ियाें के बाबाधाम पहुंचने की उम्मीद
मलेमास व बंगला सावन के अंतिम सोमवारी को लेकर करीब 80 हजार कावड़ियाें के बाबाधाम पहुंचने की उम्मीद है। उपायुक्त विशाल सागर, आरक्षी अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग ने पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। सभी पदाधिकारियों व कर्मियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। रविवार रात से ही मेला क्षेत्र में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। भीड़ नियंत्रण पर फोकस किया जा रहा है। कतार को तेजी से बढ़ाने व मंदिर में जल्दी से जल्दी ज्यादा से ज्यादा लोगों को जलार्पण कराने को कहा गया है।
रविवार के मुकाबले सोमवार को दोगुनी हो जाएगी भक्तों की संख्या
रूटलाइन में तैनात पुलिस कर्मियों को मुस्तैद रहने को कहा गया है। इसके साथ सभी क्यूआरटी को भी एक्टिव मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है। जानकारी हो कि रविवार को अन्य दिनों की तुलना में कावंरियों की संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी नजर आई। करीब 40 हजार लोगों ने भोले बाबा का जलार्पण किया। हालांकि, सोमवार को ये संख्या दोगुनी हो जाने की उम्मीद है। कावड़ियां पथ में भी रविवार देर शाम से कांवरियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बोल बम का नारा तेज हो गया है। कांवरियों की संख्या बढ़ने के साथ ही यहां के पुरोहित वर्ग, दुकानदारों व कारोबारियों के चेहरे पर एक बार फिर से उम्मीद की मुस्कान छा गई है। जानकारी हो कि मलमास के मौके पर सोमवारी को छोड़कर बाजार में मायूसी छाई रही। कहने को इस बार श्रावणी दो माह का था, लेकिन मलेमास में कांवरियों की संख्या काफी कम रही। हालांकि, 17 अगस्त के बाद पूर्णिमा तक फिर से एक बार फिर से कांवरियों की भीड़ बढ़ने की उम्मीद है। उम्मीद है कि इस दौरान हर दिन काफी संख्या में कावड़ियां बाबा भोले का दर्शन करने बाबाधाम पहुंचेंगे। कांवरियों के आने से मेला क्षेत्र में भी रौनक बढ़ेगी। प्रशासन ने इसको लेकर भी तैयारी पूरी कर ली है।
दुमका के बासुकीनाथ में भी जुटी भक्तों की भीड़
इधर दुमका के बासुकीनाथ मंदिर में रविवार को त्रियोदशी तिथि पर खुशनुमा मौसम के बीच भोलेनाथ के करीब 76 हजार भक्तों ने बाबा का जलाभिषेक किया। सुबह कांवरियों की कतार संस्कार मंडप, क्यू काॅॅमप्लेक्स से लेकर शिवगंगा के पूर्वी तट के समीप तक लगी रही। घंटों कतार में रहने के बावजूद भी कावड़ियां जब गर्भगृह पहुंचे तो भोलेनाथ के शिवलिंग का स्पर्श पूजन व जलाभिषेक से सारी थकान मिट गई। भोलेनाथ के जयकारे से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कड़ी सुरक्षा व निगरानी के बीच भक्तों ने अनुशासित होकर दर्शन किया। जलार्पण काउंटर के माध्यम से पांच हजार से अधिक भक्तों ने जलार्पण किया।
शिव की उपासना में लीन नजर आई राम की नगरी....
14 Aug, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सावन के 6वें सोमवार पर राम नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। राम नाम से गूंजने वाली अयोध्या शिव की उपासना में लीन नजर आ रही है। अयोध्या में उमड़े भक्तों ने सबसे पहले सरयू में डुबकी लगाई। इसके बाद रामनगरी के प्राचीन शिवालय नागेश्वर नाथ में जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लग गया।
नागेश्वर नाथ में पूजन के लिए करीब 1 किलोमीटर तक लंबी लाइन लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन द्वारा जत्थे में भक्तों को दर्शन पूजन कराया जा रहा है। यहां से पूजन के बाद भक्तों का रेला अन्य शिवालयों में भी श्रद्धा अर्पित करने निकल रहा है।
शिवालयों के अलावा श्रीराम जन्मभूमि कनक भवन व हनुमानगढ़ी में भी दर्शन पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी हुई है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रामनगरी में यातायात डायवर्जन लागू किया है। सीसीटीवी से मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 200 मीटर लंबे तिरंगे के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा....
14 Aug, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
हर जगह स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगे युवा। देश भक्ति के जोश से लबरेज हजारों लोग। कदम-दर-कदम भारत माता के जयघोष। हर घर तिरंगा की कड़ी में रविवार को शहर में यात्रा निकली। इस शानदार तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के तराने गूंजते रहे।
जगह-जगह जोरदार स्वागत
इसका जगह-जगह जोरदार स्वागत होता रहा। हाथों में तिरंगा व जुबां पर वंदेमातरम, भारत माता की जय आदि नारे गूंजते रहे। कहीं पर सुरक्षा बल के जवान तो कहीं पर स्कूली छात्र-छात्राएं तिरंगा लेकर जोश से निकले। 200 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर यात्रा सुरेश्वर महादेव मंदिर से 11 बजे दिन में निकली। शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में जाकर समाप्त हुई। आइटीबीपी के अधिकारियों व जवानों ने सुकुरहुट्टू गांव में तिरंगा यात्रा निकाली। इसके अलवा एचईसी सेक्टर-2 में महिलाएं व राष्ट्रीय युवा शक्ति की ओर से मोरहाबादी आक्सीजन पार्क से यात्रा निकाली गई।
पानी भरे तालाब व गड्ढे में डूबकर छह बच्चों की मौत....
14 Aug, 2023 11:20 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दुमका के सरैयाहाट और गोड्डा के महागामा क्षेत्र में रविवार को पानी भरे तालाब व गड्ढे में डूबकर छह बच्चों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं से संबंधित परिवारों और आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा है। वहीं, दोनों घटनाओं पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक प्रदीप यादव तथा दीपिका पांडेय समेत क्षेत्र के अन्य लोगों ने गहरा दुख जताया है। पहली घटना दुमका के सरैयाहाट प्रखंड के चरकापाथर पंचायत के पिंडरा गांव की है, जहां पोखर में नहाते वक्त चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में 12 वर्षीय कुंदन कुमार पिता श्याम यादव, 10 वर्षीय रेखा कुमारी पिता सुबोध मांझी 12 वर्षीय ज्ञानगंगा कुमारी पिता छविकांत मांझी और 10 वर्षीय नंदनी कुमारी पिता संतोष मांझी शामिल हैं। इस घटना में जान इस हादसे में जान गंवाने वाली तीन लड़कियां आपस में चचेरी बहनें हैं जबकि 12 वर्षीय कुंदन यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। सुबोध मांझी, छविकांत मांझी और संतोष मांझी तीनों भाइयों ने अपनी एक-एक बेटी खो दी। वहीं श्याम यादव के घर का इकलौता चिराग बुझ गया। उधर, दूसरी घटना में गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर-कोगाटाड़ बहियार में रविवार को पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर से बकरी चराने निकले थे। इसी क्रम में वह पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों बच्चों को गड्ढे से निकालकर रेफरल अस्पताल महागामा लाया गया, जहां डाक्टर ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। जान गंवाने वालों में मोहनपुर निवासी रहीम अंसारी का आठ वर्षीय पुत्र रेहान अंसारी और अताउल अंसारी का आठ वर्षीय पुत्र तौफीक शामिल हैं। यहां बीते माह तालाब में डूबने से तीन बच्चों सहित एक युवक की मौत हो गई थी। दुमका के सरैयाहाट में रविवार को स्कूल में अवकाश की वजह से तीनों बच्चियां और अपने हमउम्र एक लड़के के साथ बाहर खेल रही थीं। इस बीच अपनी दादी को कपड़ा लेकर पथरिया पोखर की ओर जाते देख बच्चियां भी उनके पीछे-पीछे स्नान करने चल दीं। साथ में खेल रहा कुंदन कुमार भी साथ-साथ पहुंचा। पोखर पहुंचने पर दादी कपड़ा साफ करने लगी। वहीं बच्चे स्नान करने के लिए तालाब में उतर गए। तालाब की गहराई अधिक होने और पानी भरा होने के कारण सभी डूब गए।