छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
मुख्यमंत्री की पहल: धमधा के सांस्कृतिक महत्व के छह प्राचीन तालाबों का लौटा गौरव
12 Jun, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : सांस्कृतिक महत्व के छह प्राचीन तालाबों का गौरव फिर से लौट आया है। धमधा के छह तालाबों की खुदाई की गई ये तालाब वर्तमान में अस्तित्व खो चुके थे। इन पर कब्जा हो चुका था। इन तालाबों के गौरव को फिर से लौटाने की पहल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर की गई। जिला प्रशासन दुर्ग द्वारा जल संरक्षण के इस मुहिम में आमजनों ने भी भरपूर साथ दिया। विलुप्त होते इन तालाबों की उपयोगिता व सौंदर्य को पुनःस्थापित करने का सराहनीय कार्य की प्रशंसा यहां के ग्रामीणजन कर रहे हैं।
दुर्ग जिले का धमधा क्षेत्र छै आगर छै कोरी तरिया
सांस्कृतिक महत्व के धमधा के पुनर्जीवित इन छह तालाबों में विधि-विधान के साथ ताम्रपत्र व काष्ठ स्तंभ की स्थापना भी की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तालाब हमारी संस्कृति और परंपरा को पल्लवित करते हैं। मुख्यमंत्री की पहल पर इन तालाबों के सौंदर्यीकरण और उन्हें सहेजने का कार्य सराहनीय है। धमधा के अन्य प्राचीन तालाबों के जीर्णाेद्धार करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
सांस्कृतिक महत्व के इन तालाबों को जिला प्रशासन की मदद से पुनर्जीवित करने के अभियान में सबसे पहले तालाबों को पाट कर किए गए कब्जे को हटाया गया। कब्जा हटाने के बाद तालाबों की फिर से खुदाई हुई। खुदाई के काम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ गौरवगाथा समिति, हिन्द एथलेटिक्स क्लब, नगर पंचायत, जल संसाधन विभाग के लोगों ने हिस्सा लिया। तालाब बनने के बाद पूरे विधि विधान से सरई लकड़ी का 12 फीट लंबा स्तंभ लगाया गया और शोभायात्रा निकाल कर त्रिमूर्ति महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इन तालाबों का महत्व दर्शाने के लिए इसमें ताम्रपत्र अंकित किया गया। इस ताम्रपत्र में शासकीय तालाब होने, उसके रकबा, खसरा सहित अन्य ऐतिहासिक बातों का उल्लेख किया गया है।
गौरतलब है कि दुर्ग जिले का धमधा क्षेत्र छै आगर छै कोरी तरिया (126 तालाब) के लिए ऐतिहासिक रूप से प्रसिद्ध था। गुजरते समय के साथ ये जल स्रोत विलुप्त होते चले गए और साथ ही लोगों के द्वारा कब्जा करके इसे पाट दिया गया। जिससे 126 तालाबों ने अपना अस्तित्व खो दिया। धर्मधाम गौरवगाथा समिति ने इन तालाबों पर शोध किया और इनकी पूरी पड़ताल करके 126 तालाबों की सूची बनाई, जिसमें रकबा, खसरा नंबर सहित उनके इतिहास को संजोया और एक किताब छै आगर छै कोरी तरिया अऊ बूढ़वा नरवा का प्रकाशन किया, जिस किताब का विमोचन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा किया गया।
ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह हिरासत में.......
12 Jun, 2023 04:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ में कथित दो हजार करोड़ के शराब घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने सोमवार को ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले टीम पूछताछ के आधार पर लगातार उनकी तलाश कर रही थी। इस बीच पता चला कि अरविंद सिंह अपनी मां के अंतिम संस्कार में मुक्तिधाम पहुंचा है। ईडी ने वहीं से उसे पकड़ लिया। ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह को ईडी की गिरफ्त में आए आबकारी विभाग के विशेष सचिव अरुण पति का करीबी बताया जा रहा है।
शराब कारोबारी से पूछताछ के बाद कार्रवाई
दरअसल, प्रदेश में शराब घोटाले को लेकर ईडी की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले पुलिस ने दुर्ग से शराब कारोबारी सूर्यकांत तिवारी को गिरफ्तार किया था। बताया जा रहा है कि उससे हुई पूछताछ के आधार पर ट्रांसपोर्टर अरविंद सिंह भी ईडी की रडार पर आ गया। अरविंद सिंह की भी तलाश शुरू की गई, लेकिन वह फरार हो गया। अरविंद सिंह की मां कलावती देवी का रविवार को निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अरविंद भिलाई के रामनगर मुक्तिधाम पहुंचा था।
अरुण पति का बताया करीबी
भिलाई के खुर्सीपार निवासी अरविंद सिंह के मुक्तिधाम पहुंचने की सूचना पर ईडी ने भी वहां घेराबंदी कर दी। अंतिम संस्कार की विधि पूरी होते ही ईडी ने अरविंद को हिरासत में ले लिया और टीम उसे लेकर अपने साथ चली गई। इस दौरान वहां पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, विधायक देवेंद्र यादव सहित तमाम लोग मौजूद थे। ईडी ने इससे पहले पिछले महीने आबकारी विभाग के सचिव अरुण पति त्रिपाठी को मुंबई से गिरफ्तार किया था। अरविंद सिंह को उनका ही करीबी बताया जा रहा है।
ईडी ने शराब सिंडिकेट चलाने का किया है दावा
इससे पहले ईडी ने दावा किया कि IAS अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर अवैध रूप से शराब सिंडिकेट चला रहे थे। दोनों उस सिंडिकेट के सरगना थे। जांच में यह भी पता चला है कि 2019 से 2022 तक, राज्य में कुल शराब बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत अवैध रूप से की गई। भ्रष्टावार की रकम का इस्तेमाल चुनाव में प्रचार में किया गया। शराब कारोबारी अनवर ढेबर को ईडी ने छह मई को गिरफ्तार किया था। कारोबारी अनवर ढेबर कांग्रेस नेता और रायपुर के मेयर एजाज ढेबर के बड़े भाई हैं।
अनवर के कहने पर CSMCL का प्रबंध निदेशक बना
ईडी ने कहा था कि, छत्तीसगढ़ राज्य विपणन निगम लिमिटेड (CSMCL) को अपने स्टोरों के माध्यम से राज्य में शराब की खुदरा बिक्री की जिम्मेदारी दी गई। मई 2019 में, अनवर के कहने पर अरुणपति त्रिपाठी को CSMCL का प्रबंध निदेशक बनाया गया था। इसके बाद त्रिपाठी को CSMCL की ओर से खरीदी गई शराब पर वसूले जाने वाले रिश्वत कमीशन को अधिकतम करने और निगम की संचालित दुकानों में गैर-शुल्क भुगतान वाली शराब की बिक्री के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का काम सौंपा गया।
दक्षिण-उत्तर छत्तीसगढ़ में एक साथ दस्तक देगा मानसून......
12 Jun, 2023 12:55 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। इस वर्ष मानूसन की रफ्तार पिछले वर्षों की तुलना में तेज आंकी जा रही है, जोकि दक्षिणी हिस्से कर्नाटक, आंध्रप्रदेश सहित पूरे दक्षिण पश्चिमी हिस्से को कवर करते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। वहीं, बंगाल की खाड़ी से भी उत्तरपूर्वी हिस्से को कवर करते हुए मानसून का प्रवेश शुरू हो गया है और बिहार में भी इस बार जल्दी मानसून के पहुंचने के आसार हैं। इसकी वजह से छत्तीसगढ़ में दक्षिण और उत्तर दोनों ही क्षेत्रों में इस बार मानसून का प्रवेश एक साथ होना बताया जा रहा है।
बिपरजाय का छत्तीसगढ़ के उत्तर पश्चिमी हिस्से पर पड़ेगा असर
चूंकि मानसून एक सप्ताह विलंब से आया है, इसलिए इसके छत्तीसगढ़ के उत्तरी और दक्षिणी हिस्से में 19-20 जून के आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, गुजरात में आए तूफान का असर भी छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा और 14 जून से दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में अंधड़ चलने की संभावना भी जताई जा रही है।
प्री मानसून की बारिश शुरू, दंतेवाड़ा में एक सेमी वर्षा की गई दर्ज
इसी बीच प्री मानसून की बारिश बस्तर संभाग में शुरू हो गई है। दंतेवाड़ा में एक सेमी की बारिश रविवार को दर्ज की गई। हालांकि सोमवार और मंगलवार को तापमान में कुछ विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वहीं, प्रदेश में ज्यादातर जगहों पर बादल छाए रहने की संभावना है। साथ ही एक से दो स्थानों में वज्रपात और बारिश होने के आसार हैं।
कोरिया, बिलासपुर, कवर्धा में 14 से अंधड़
गुजरात तट से टकराए बिपरजाय तूफान का असर दक्षिणी पश्चिमी छत्तीसगढ़ में पड़ने के आसार बन रहे हैं। इसकी वजह से कोरिया, कवर्धा, बिलासपुर सहित अन्य कई हिस्सों में 14 जून से अंधड़ चलने की संभावना जताई जा रही है। इसकी वजह से तापमान में गिरावट होने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी।
मध्य में देरी से पहुंच सकता है मानसून
मानसून की रफ्तार वर्तमान में काफी तेज है, लेकिन 16-17 जून से इसकी रफ्तार में कमी आने की आशंका मौसम विभाग द्वारा जताई जा रही है। मौसम विज्ञानी एपी चंद्रा के अनुसार मानसून उत्तर और दक्षिण दोनों ही ओर से आ रहा है। लेकिन बाद में रफ्तार धीमी होने के कारण मध्य छत्तीसगढ़ के हिस्से में उत्तर और दक्षिण की तुलना में विलंब से पहुंचना तय है।
ऐसा रहेगा आज का तापमान
रायपुर 42.0 29.0
बिलासपुर 41.2 29.5
दुर्ग 41.6 26.0
राजनांदगांव 42.0 26.0
जगदलपुर 40.4 27.8
कांकेर में बीएसएफ और डीआरजी जवानों ने मुठभेड़ में एक महिला नक्सली को मार गिराया.......
12 Jun, 2023 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कांकेर में सोमवार सुबह हुई मुठभेड़ में जवानों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया। मौके पर जवानों ने एक रायफल भी बरामद की है। फिलहाल इलाके में सर्चिंग जारी है। बड़ी संख्या में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर जवान पहुंचे थे। मामला छोटेबेठिया थाना क्षेत्र का है। बस्तर आईजी पी सुंददराज ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।
हथियारबंद नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर रवाना हुए थे जवान
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को छोटेबेठिया क्षेत्र में आरकेबी डिवीजन सचिव, मेंढकी एलओएस कमाण्डर के साथ करीब 20-25 सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीआरजी और बीएसएफ 132 बटालियन के जवानों को संयुक्त रूप से कोटरी नदी के पूर्वी क्षेत्र के ग्राम आमातोला, बिनागुण्डा एवं कालपर की ओर ऑपरेशन के लिए रवाना किया गया।
बीनागुंडा के पास घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग की
गश्त के दौरान जवान आगे बढ़ रहे थे, तभी सुबह करीब 7 बजे बीनागुंडा के पास घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस पर जवानों की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सली जान बचाकर भाग निकले। इसके बाद जवानों ने इलाके में सर्चिंग शुरू की। इसमें एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ है।
इसी इलाके में कुछ दिन पहले नक्सलियों ने की थी आगजनी
वहीं शव के पास जवानों को 303 बोर की एक राइफल भी बरामद हुई है। अभी तक मारी गई महिला नक्सली की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जवान उसका शव लेकर लौट रहे हैं। पांच दिन पहले इसी इलाके में नक्सलियों ने कई वाहनों में आग लगा दी थी। ऐसे में माना जा रहा है कि एक बार फिर यहां नक्सली गतिविधियां बढ़ रही हैं।
सड़क हादसे में घायल युवक ने तोड़ा दम......
12 Jun, 2023 12:41 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जगदलपुर| जगदलपुर में गीदम रोड स्थित टोयाटा शो रूम के पास रविवार की शाम को एक तेज रफ्तार ट्रक व बाइक सवार में भिड़ंत हो गई थी। इस घटना में जहां एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, वहीं दूसरे को गंभीर हालत में मेकाज में भर्ती किया गया था। रात को उपचार के दौरान युवक ने भी दम तोड दिया। जिसके बाद दोनों युवकों का सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया गया।
बताया जा रहा है कि तोकापाल के पटेलपारा में रहने वाला सदा कश्यप व घर से कुछ दूरी में रहने वाले डायमंड मौर्य रविवार की शाम को घर से बाइक पर सवार होकर जगदलपुर की ओर गए हुए थे। शाम को जब घर के लिए वापस आ रहे थे तो बाइक चला रहे डायमंड की सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक से टोयाटा शो रूम के सामने भिड़ंत हो गई।
इस घटना में डायमंड की तो मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सदा गंभीर रूप से घायल होने के कारण परपा पुलिस उसे अपने वाहन में लेकर मेकाज पहुंचे। आपातकाल वार्ड में सदा का प्राथमिक उपचार के बाद उसे दूसरे वार्ड में शिफ्ट करवाया गया। जहां उपचार के दौरान सोमवार की सुबह उसकी भी मौत हो गई। सोमवार की सुबह दोनों युवकों के शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौप दिया गया। युवकों की मौत की खबर का पता चलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन मेकाज पहुंच शव का पीएम के बाद घर ले गए।
छत्तीसगढ़ के हाईकोर्ट में नियमित सुनवाई आज से शुरू.......
12 Jun, 2023 11:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
समर वेकेशन खत्म होने के बाद अब हाईकोर्ट में आज सोमवार 12 जून से सभी बेंचों में नियमित सुनवाई शुरू की जा रही है। अवकाश बाद अब नियमित बेंच में महत्वपूर्ण और जनहित से जुड़े मामलों के अलावा अन्य लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी।
हाईकोर्ट में मई के दूसरे सप्ताह के खत्म होते ही समर वेकेशन शुरू हो गया था। इस बीच लगातार चार सप्ताह तक यहां अवकाश रहा। इस दौरान हर सप्ताह वेकेशन जजों ने मामलों की सुनवाई की। इनमें अर्जेंट प्रकृति के मामले प्रमुख तौर पर सुने गए। सोमवार और गुरुवार को वेकेशन बेंच में जरूरी मामलों की सुनवाई वेकेशन के दौरान की गई। चीफ जस्टिस के निर्देश पर इस बार सिंगल बेंच के अलावा डिवीजन बेंच भी अवकाश में बैठी। अवकाश के दौरान भी कई महत्वपूर्ण मामलों में हाईकोर्ट ने निर्णय दिया, जिनमें बंदी प्रत्यक्षीकरण व जनहित याचिकाएं भी शामिल थीं।
चीफ जस्टिस ने डिवीजन व सिंगल बेंच के अलावा 6 स्पेशल सिंगल बेंच भी निर्धारित की गई हैं। उनमें एक कैलेंडर ईयर को ध्यान में रखते हुए मामलों की सुनवाई तय की गई है। जिस साल के लंबित मामलों की संख्या ज्यादा है, उस वर्ष के मामले जल्द निपटाने के लिए स्पेशल बेंच बनाई गई है।
ब्लू वाटर खदान में नहाने उतरे चार युवकों में तीन की डूबकर मौत......
12 Jun, 2023 11:10 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के सामने ब्लू वाटर के नाम से चर्चित खदान में रविवार शाम को नहाने गए चार युवक गहरे पानी में डूब गए। एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा। जबकि खदान से तीसरे युवक का शव सोमवार को मिला। यह घटना रविवार शाम साढ़े चार से पांच बजे के बीच की है।
आज फिर से एसडीआरएफ की टीम खदान में उतरेंगी
इसकी जानकारी मिलते ही माना थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। ब्लू वाटर खदान में डूबे युवकों की तलाश में देर शाम तक बचाव दल जुटा रहा। इस बीच दो युवकों का शव निकाल लिया गया जबकि एक का शव दूसरे दिन सोमवार को मिला। सोमवार सुबह फिर से गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ की टीम खदान में उतरी। गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों बाद तीसरे युवक के शव को ढूंढ निकाला। इससे पहले रविवार को अंधेरा होने के कारण बचाव दल खदान से बाहर निकल गया था।
माना एयरपोर्ट की तरफ गए थे घूमने
माना थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीरगांव, गाजीनगर निवासी नदीम अंसारी, शाहबाज अंसारी, फैजल आजम और असगर अली रविवार दोपहर के समय माना एयरपोर्ट की तरफ घूमने गए थे। एयरपोर्ट के सामने स्थित ब्लू वाटर खदान में पानी भरा देखकर चारों नहाने के लिए उतर गए। पानी की गहराई का इन युवकों को अंदाजा नहीं था। चारों नहाते-नहाते गहराई में चले गए।
बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में तीन युवक डूब गए। जबकि असगर पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहा। पानी से निकलने के बाद असगर ने वहां उपस्थित आसपास के लोगों को साथियों के डूबने की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस, एसडीआरएफ के गोताखोरों की टीम पहुंची और खदान में डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद फैजल और नदीम का शव किसी तरह खदान से बाहर निकाला गया जबकि शाहबाज अंसारी का पता नहीं चल पाया था।
अंधेरा होने की वजह से सर्च लाइट की तलाश
जानकारी के मुताबिक शाम छह बजे के करीब गोताखोरों की टीम ने पानी में डूबे युवकों की तलाश शुरू की। शाम सात बजे के बाद अंधेरा होने की वजह से गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके सर्च लाइट की मदद से खोजबीन में टीम जुटी रही।
गूगल से ली जानकारी, फिर पहुंच गए नहाने
पुलिस के मुताबिक असगर और उसके साथी गूगल पर सर्च कर जानकारी जुटाने के बाद ब्लू वाटर पहुंचे। घटना की जानकारी पानी में डूबे युवकाें के स्वजनों को दी गई। जानकारी मिलने के बाद स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए। असगर और उसके साथी छात्र बताए जा रहे हैं, सभी की उम्र 18 से 20 वर्ष के आसपास है।
सीएम भूपेश बोले- भाजपाध्यक्ष को देना चाहिए धरना.......
12 Jun, 2023 11:02 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत आने वाली एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया एएआइ ने उड़ान 5.0 योजना से लाभान्वित एयरपोर्ट की सूची से बिलासपुर और जगदलपुर का नाम हटा दिया है। इसके बाद से लगातार राजनीति जारी है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उड़ान योजना बंद कर दिया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष साव को अपने लोकसभा क्षेत्र में जाना चाहिए। साव अपने लोकसभा क्षेत्र में उड़ान योजना शुरू कराएं। उनको तो उड़ान शुरू कराने के लिए धरने पर बैठ जाना चािहए। मुख्यमंत्री ने तंज कसा कि क्या साव की पार्टी उनकी सुनती नहीं है? हमने 45 करोड़ रुपये देकर एयरपोर्ट बनाया है।
राज्य सरकार ने नहीं किया सहयोग: साव
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पलटवार कर कहा कि राज्य सरकार ने हवाई सुविधाओं के लिए कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने एयर लाइंस कंपनियों को सहयाेग नहीं किया इसलिए वह छोड़कर भाग रहे हैं।
गौरतलब है कि इस हवाई सुविधा के लिए प्रदेश जन संघर्ष समिति ने नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह को पत्र लिखकर बिलासपुर एयरपोर्ट को उड़ान 5.0 योजना में शामिल करने की मांग की थी। इसके अलावा राज्य के राज्यपाल से भी मिलकर समिति ने इस सुविधा को शुरू करने की मांग की है।
मालती यादव व समूह की महिलाओं के लिए डेयरी व्यवसाय बना लाभ का जरिया
11 Jun, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
धमतरी : छत्तीसगढ़ सरकार के महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी के तहत प्रदेश के सभी जिलों, प्रमुख गांवों में गौठान स्थापित कर ग्रामीणों के आय में वृद्धि कर आत्मनिर्भर बनाने का काम किया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा गौठानों को आजीविका केन्द्र के रूप में विकसित कर उनमें गोबर पेंट निर्माण, गोबर खरीदी, खाद निर्माण, मुर्गी पालन, बकरी पालन, पशुपालन, सब्जी उत्पादन, पोल निर्माण, फैंसिंग तार, आचार, पापड़, बड़ी इत्यादि गतिविधियां संचालित की जा रही है। कुरूद विकासखण्ड के गातापार गौठान में डेयरी इकाई की स्थापना कर समूह की महिलाओं को इस काम से जोड़ा गया है। डेयरी इकाई और पशुपालक आमतौर पर ग्रामीण किसानों और कम पढ़े लिखे पशुपालकों का काम माना जाता था लेकिन अब एसा नहीं है। डेयरी इकाई और पशुपालन में नौकरीपेशा, इंजीनियर, डॉक्टर और एमबीए पेशेवर युवक भी लगातार किस्मत आजमा रहे हैं। डेयरी इकाई के क्षेत्र में कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत गातापार के कामधेनु महिला अभिरूचि स्वसहायता समूह की 11 सदस्य दुग्ध उत्पाद के माध्यम से क्षेत्र में कार्य कर रही है। कामधेनु महिला अभिरूचि स्वसहायता समूह द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत 9.26 लाख रूपये एवं रूर्बन मिशन अंतर्गत 10.77 लाख रूपये की प्रशासकीय स्वीकृति से निर्मित गौठान में डेयरी इकाई स्थापित की गई है। जहां पशुधन विकास विभाग द्वारा साहिवाल, एचएफ, गिल, जर्सी नस्ल की 10 गाय एवं 06 बछड़े दिये गये थे। समूह की माने तो हमेशा कुछ कर गुजरने की प्रबल इच्छा से उक्त स्थापित इकाई को ग्रामीण परिवेश से जोड़कर स्वरोजगार के प्रति जवाबदेही तय की जा रही है।
कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी के निर्देशानुसार तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में जिले के कई गौठानों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। सीईओ रोक्तिमा यादव ने डेयरी इकाई के संबंध में बताया कि-छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी के तहत लगातार गौठान में कामधेनु महिला अभिरूचि स्वसहायता समूहों के सदस्यों के लिए राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना एवं रूर्बन मिशन के अभिसरण से डेयरी इकाई की स्थापना की गई है। वर्तमान में प्रथम चरण में दुधारू पशु की स्थापना कर महिलाओं को दुग्ध व्यवसाय में जोड़ने का प्रयास किया गया है जिसके तहत 65 से 70 लीटर दूध उत्पादन कर दुग्ध सोसायटी में विक्रय किया जा रहा है।
कामधेनु महिला अभिरूचि महिला समूह की अध्यक्ष मालती यादव ने बताया कि डेयरी का व्यवसाय अब लाभ का व्यवसाय बन गया है। गौठान में स्थापित 2-3 माह में 22 सौ लीटर दुग्ध उत्पादन कर 61 हजार 824 रूपये में विक्रय किया गया हैं। इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निर्मित गौठान में वर्मी टैंक, नाडेप टैंक, कोटना, बकरी शेड, मुर्गी शेड एसएचजी शेड का निर्माण कराया गया है। साथ ही पशुपालन विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत दुधारू पशुओं के लिए हरा चारा का भी उत्पादन किया जा रहा है। गौठान में स्थापित डेयरी से गाय का शुद्ध ताजा दूध मांग अनुसार लोगों तक पहुंचा रहे हैं। गांव में पहले की अपेक्षा उत्पादित दूध की डिमांड बढ़ रही है। इससे अच्छी आमदनी के साथ समूह में संपन्नता आयी है।
अण्डा उत्पादन का कार्य कर लाखो का आय ज्वाला स्वयं सहायता समूहो के महिलाओं को हो रहा
11 Jun, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सूरजपुर : महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से गौठान में विविध गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभिन्न आजिविका मूलक गतिविधियों से जुड़कर महिलाए आत्म निर्भर हो रही है। ग्रमीण क्षेत्रो में निवासरत महिलाओं की समूह के रूप में गठित कर रोजगार से जोडे जाने की अति महत्वाकांक्षी योजना है। बसदेई गौठान में ज्वाला महिला स्वयं सहायता समूह के द्वारा लेयर बहस पालन कर अण्डा उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। अभी तक कुल 43620 नग अण्डा का विक्रय कर 174480 रुपये का लाभ कमा चुका है, प्रतिदिन 500 से 530 अण्डा का उत्पादन किया जा रहा साथ ही हास्टल, हॉस्पिटल गावं में अण्डा विक्रय कर महिलाएं अतिरिक्त आय कमा रही है और आत्मनिर्भर हो रही है।
बेटियों को शिक्षित व सक्षम बनाती ’मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना’
11 Jun, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का संचालन कर रही हैं। प्रदेश में कई श्रमिक हितैषी योजनाएं भी संचालित है और उसके बेहतर क्रियान्वयन से श्रमिक परिवार लाभान्वित हो रहे है। ऐसी ही मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना है, जो मजदूर परिवार के बेटियों की शिक्षा, रोजगार तथा शादी में सहायता के उद्देश्य से शुरू की गई है।
धमतरी जिले की रहने वाली लोकेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना का लाभ लेकर बीकॉम. में अपनी बेटी का दाखिला कराया। श्रम विभाग के माध्यम से मिले इन पैसों से लोकेश्वरी की बेटी साक्षी अब बिना किसी चिंता के अपनी पढ़ाई पूरी कर रही है।
लोकेश्वरी पेशे से मजदूर है और अपनी पति के मृत्यु के बाद उसके सामने कई समस्याएं खड़ी हुईं। यदि लोकेश्वरी परिस्थिति का डटकर सामना नहीं करती तो बेटियों को पढ़ाने का उसका सपना मानो अधूरा ही रह जाता। लेकिन लोकेश्वरी ने हार नहीं मानी और मां के साथ-साथ एक पिता की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। मजदूरी के दौरान लोकेश्वरी को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण योजना के बारे में जानकारी मिली और उसने आवेदन किया। योजना का लाभ मिलने से अधूरे सपने को पूरा करने की ओर उसके कदम बढे़ और अपनी बिटिया को बी.कॉम में प्रवेश दिलाया।
लोकेश्वरी अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बताती हैं कि उन्होंने अपनी बड़ी बेटी के नर्सिंग की पढ़ाई के लिए जमीन का हिस्सा बेचा। लेकिन अब उसे ऐसा करने की जरूरत नहीं पड़ी और राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं से उसे बड़ा सहारा मिला। लोकेश्वरी को नियमित रूप से विधवा पेंशन भी मिल रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत धमतरी जिले में कुल 04 हजार 112 आवेदन मिले तथा एक हजार 999 हितग्राहियों को कुल तीन करोड़ 99 लाख 80 हजार रूपये की सहायता प्रदाय की गई है।
मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना
इस योजना की मदद से छत्तीसगढ़ के गरीब परिवार की बेटियों को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार तथा विवाह में काफी मदद मिल रही है। प्रदेश के ऐसे श्रमिक जिनके आय का कोई और जरिया नहीं है, उन्हें भी इस योजना से सहारा मिला है।
आवश्यक दस्तावेज-
इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक श्रमिक को छत्तीसगढ़ का स्थाई निवासी और छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत होना अनिवार्य है। इस योजना का लाभ एक परिवार की केवल दो बेटियों को ही मिलेगा। योजना के माध्यम से राज्य के गरीब परिवार की बेटियों को बीस-बीस हजार रूपए की आर्थिक मदद दी जाती है, ताकि इस पैसे का इस्तेमाल बेटियों की पढ़ाई, रोजगार या शादी में किया जा सकें।
प्रथम खेलो इंडिया जनजाति खेल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ को मिला पदक
11 Jun, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : ओडिशा के भुवनेश्वर में प्रथम खेलो इंडिया जनजाति खेल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को विभिन्न स्पर्धाओं में पदक मिले हैं। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर तथा एथलेटिक अकादमी के खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं खेल युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल ने खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। आवासीय तीरंदाजी अकादमी बिलासपुर के कुबेर सिंह को 30 मीटर में सिल्वर मेडल मिला है और ओवरऑल चैंपियनशिप में वे दूसरे पोजीशन में रहे हैं। इसी तरह से आवासीय एथलेटिक अकादमी बिलासपुर की खिलाड़ी कुमारी तर्निका टेटा ने 100 मीटर वीमेन्स स्पर्धा में रजत पदक जीता है। राज्य के प्रशिक्षण केंद्र बिलासपुर में 25 मई को राज्य के विभिन्न खेल विधाओं के खिलाड़ियों का चयन ट्रायल खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित किया गया था।
प्रतियोगिता में आज आयोजित हुए विमेन फुटबॉल सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ की टीम ने त्रिपुरा को 4-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस प्रतियोगिता में बालिका फुटबॉल एकेडमी रायपुर की खिलाड़ी किरण पिस्दा ने तीन गोल किए जबकि बस्तर की पिंकी कश्यप ने एक गोल किया। फाइनल मैच छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच 12 जून को खेला जाएगा। उल्लेखनीय है कि भुवनेश्वर में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में 18 राज्यों के 5000 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं।
कालेज का फर्स्ट डे होगा खास, मिलेगा एंट्री पास....
11 Jun, 2023 12:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबद्ध महाविद्यालयों को प्रवेश संबंधी दिशा निर्देश जारी कर दिया है। शिक्षण सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए छात्र-छात्राएं 16 जून से अपना पंजीयन करा सकेंगे। इस साल 20 हजार सीटों में प्रवेश मिलेगा।
कालेज का फर्स्ट डे इस साल बेहद खास होगा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट को अपडेट कर दिया है। स्नातक, स्नातकोत्तर व डिप्लोमा प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए 16 जून से प्रक्रिया शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक इनमें 20,183 सीटें हैं।
परीक्षा विभाग ने प्रवेश को लेकर वेबसाइट पर स्पष्ट दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। पंजीयन की अंतिम तिथि 27 जून है। प्रथम मेरिट सूची का प्रकाशन 28 जून को होगा। महाविद्यालयों में प्रवेश व शुल्क भुगतान की तिथि तीन जुलाई है। रिक्त सीटों के लिए चार जुलाई को द्वितीय मेरिट सूची का प्रकाश किया जाएगा।
यूटीडी के लिए भी 16 जून से पंजीयन शुरू होगाबाक्सपिछले साल खाली रह गई थीं सीटेंशिक्षण सत्र 2022-21 में 20 हजार सीटों के मुकाबले 16 हजार छात्रों ने प्रवेश लिया था। जबकि चार हजार सीटें खाली रह गई थीं। इसे भरने महाविद्यालयों को काफी जोर लगाना पड़ा था। कोरोना महामारी के कारण अधिकांश विद्यार्थी गांव या आसपास कालेजों में प्रवेश लेना ही उचित समझा।
इस साल सभी परिस्थितियां अनुकूल हैं। यानी कालेजों में बंपर प्रवेश होने की प्रबल संभावना है। बाक्ससीबीएसई छात्रों का रहेगा दबदबान्यायधानी के प्रमुख महाविद्यालय और यूटीडी में सीबीएसई छात्र-छात्राएं और छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड से पास ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने 90 फीसद से अधिक अंक अर्जित किया है उनका दबदबा रहेगा। 12वीं परीक्षा के अंक के आधार पर प्रवेश होने के कारण कई बच्चों को मुश्किल होगा। माना जा रहा है कि इनकी संख्या लगभग आठ हजार से अधिक है।
सीटबीए 6235बीकाम 4,185बीएससी बायोलाजी 3,468बीएससी गणित 2,187पीजीडीसीए 1,125बीसीए 610डीसीए 813वर्जनशिक्षण सत्र 2023-24 में प्रवेश के लिए आनलाइन पोर्टल खुलने के बाद छात्र-छात्राएं आनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। वेबसाइट पर सीट संख्या से लेकर पूरी जानकारी होगी।
किसी भी प्रकार की समस्या होने पर परीक्षा विभाग से संपर्क कर सकते हैं। नवप्रवेशी छात्र अपना संपूर्ण दस्तावेज प्रमाण पत्र अवश्य रखें।डा तरुणधर दीवान, परीक्षा नियंत्रकअटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय
डीजल चोरी कर भाग रहा युवक स्कार्पियो से गिरकर हुआ घायल
11 Jun, 2023 12:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। ट्रेलर से डीजल चोरी कर भाग रहा युवक स्कार्पियो से गिरकर घायल हो गया। ट्रेलर के ड्राइवर ने घटना की सूचना मस्तूरी पुलिस को देकर घायल युवक को पुलिस के हवाले किया है। मस्तूरी पुलिस उपचार के बाद घायल युवक से उसके साथियों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
राजस्थान के धौलपुर जिला अंतर्गत सामौर साला में रहने वाले सतीश उपाध्याय तार एंफ्रा कंपनी के संचालक हैं। उनकी ट्रकें सीपत एनटीपीसी से धमतरी के लिए चलती हैं। गुरुवार को उनका ड्राइवर ट्रक लेकर धमतरी के लिए निकला था। शुक्रवार की सुबह जयरामनगर के पास उनका ट्रक खराब हो गया। ड्राइवर ट्रक खड़ी कर वहीं पर रुक गया। शुक्रवार की रात करीब एक बजे स्कार्पियो सवार कुछ लोग वहां पर आए।
ड्राइवर को सोता देख वे ट्रक से डीजल निकालने लगे। इसकी जानकारी होने पर ड्राइवर ने फोन पर मालिक को सूचना दी। इस पर मालिक रात में ही वहां पहुंच गए। उन्हें आता देख डीजल निकाल रहे युवक अपने स्कार्पियो से भागने लगे। चलती स्कार्पियो में चढ़ने का प्रयास कर रहा एक युवक गिरकर घायल हो गया। वहीं, उसके साथी मौके से भाग निकले। ट्रक मालिक और ड्राइवर ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
इस पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंच गई। पूछताछ में घायल युवक ने अपना नाम टकेश्वर गोस्वामी(30) निवासी लिमभाठा थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा बताया है। इधर मालिक ने ट्रक के टंकी को जांच की तो 250 लीटर डीजल कम था। उन्होंने चोरी की शिकायत मस्तूरी थाने में की है।
इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर घायल युवक से पूछताछ कर रही है।हाईवे पर सक्रिय हैं डीजल चोरों गिरोह जिले में डीजल चोरों का गिरोह सक्रिय है। हाईवे में डीजल चोरी करने वाले वाहनों में निकलते हैं। सुनसान जगह पर खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए डीजल पार कर देते हैं। कई बार हथियारों के दम पर ड्राइवरों को धमकाकर वाहनों से डीजल निकाल रहे हैं। इसकी शिकायत के बाद भी पुलिस डीजल चोरी करने वाले गिरोह को नहीं पकड़ पा रही है।
दिव्यांग टीचर को शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म....
11 Jun, 2023 12:46 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर । तोरवा क्षेत्र में दिव्यांग टीचर को शादी का झांसा देकर होटल संचालक ने दुष्कर्म किया। इससे टीचर गर्भवती हो गई। अब होटल संचालक शादी से इन्कार करते हुए टीचर को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
पीड़िता ने इसकी शिकायत तोरवा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।तोरवा क्षेत्र में रहने वाली दिव्यांग युवती निजी स्कूल में पढ़ाती हैं। साल भर पहले उसकी जान-पहचान गीतांजली सिटी में रहने वाले नीरज से हुई। युवक दयालबंद में भोजनालय चलाता है।
युवक ने जान-पहचान का फायदा उठाते हुए शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसका शारीरिक शोषण करने लगा। इससे युवती गर्भवती हो गई। युवती ने इसकी जानकारी देकर शादी करने दबाव बनाया। युवती के शादी के लिए कहने पर होटल संचालक मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने लगा।
साथ ही उसने शादी से इन्कार कर दिया। युवती ने घटना की शिकायत तोरवा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर लिया है। इधर थाने में मामला दर्ज होने की जानकारी लगते ही आरोपित अपने ठिकाने से फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।