छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
आइटीआइ पास युवाओं की 920 पदों पर होगी सीधी भर्ती
19 May, 2023 11:01 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। अगर आप आइटीआइ पास हैं और नौकरी की तलाश कर रहे हैं तो आपके लिए रोजगार के द्वार खुल गए हैं। दरअसल, छत्तीसगढ़ शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं में प्रशिक्षण अधिकारियों के 920 पदों पर सीधी भर्ती करने जा रही है। इसके लिए परीक्षा तिथि का ऐलान कर दिया गया है। प्रशिक्षण अधिकारियों की भर्ती परीक्षा प्रदेश के 5 संभागीय मुख्यालयों में आयोजित की जाएगी।नियंत्रक, छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशिक्षण अधिकारी इंफारमेशन एण्ड कम्युनिकेशन टेक्नालॉजी सिस्टम मेंटनेंस की परीक्षा 7 जून को सवेरे 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक, प्रशिक्षण अधिकारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट की परीक्षा 7 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 4.15 तक, प्रशिक्षण अधिकारी इलेक्ट्रिशियन की परीक्षा 8 जून को सवेरे 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक, प्रशिक्षण अधिकारी वायरमैन की परीक्षा 8 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 4.15 बजे तक, प्रशिक्षण अधिकारी कारपेंटर की परीक्षा 9 जून को सवेरे 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक, प्रशिक्षण अधिकारी टर्नर की परीक्षा 9 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 4.15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
छत्तीसगढ़ मिलेट मिशन: बढ़ती डिमांड के चलते किसान ले रहे रागी की खेती में रूचि
18 May, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ में शुरू किए गए मिलेट मिशन का सार्थक परिणाम दिखने लगा है। किसान अब धान की खेती के बदले रागी और कोदो, कुटकी की फसल की ओर आकर्षित हो रहे हैं। बेमेतरा जिले में लगभग 500 हेक्टेयर में किसानों ने पहली बार धान के बदले रागी की फसल ली है।
छत्तीसगढ़ देश का इकलौता राज्य है, जहां कोदो, कुटकी और रागी की समर्थन मूल्य पर खरीदी और इसके वैल्यू एडिशन का काम भी किया जा रहा है। कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर 3000 प्रति क्विंटल की दर से तथा रागी की खरीदी 3377 रूपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है। साथ ही धान के बदले अन्य फसल लेने वाले किसानों को राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत इनपुट सब्सिडी भी दी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा धान के बदले खरीफ की अन्य फसलों के साथ-साथ उद्यानिकी की फसल लेने पर 10 हजार रूपए प्रति एकड़ के मान से इनपुट सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।
रागी की बढ़ती डिमांड
बेमेतरा में किसान ले रहे पहली बार रागी की फसल
विकासखण्ड बेमेतरा के ग्राम जिया निवासी श्री घनश्याम वर्मा अपने 5 एकड़ खेत में बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत रागी फसल की खेती कर रहे हैं तथा बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत बीज निगम पथर्रा में पंजीकृत हैं। जिले में पूर्व वर्षाे में मिलेट अंतर्गत रागी फसल का रकबा निरंक था किंतु इस वर्ष राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत जिले में पहली बार 550 हेक्टेयर में रागी फसल की खेती की गई है तथा प्रमाणित बीज उत्पादन कार्यक्रम के तहत् किसानों का पंजीयन भी कराया गया है। इस प्रकार प्रमाणित रागी बीज की उपलब्धता से जिले को आत्मनिर्भर बनाने तथा रागी फसल का रकबा में वृद्धि करने का प्रयास किया गया।
रागी की बढ़ती डिमांड
पोषक तत्वों के कारण मिलेट अनाजों की लगातार डिमांड अचानक से बढ़ रही है। बढ़ती हुई डिमांड को देखते हुए किसान भी इन फसलों को उपजा रहे हैं। रागी, जिसका दूसरा नाम मडुआ भी है, छत्तीसगढ़ में शुरू हुए मिलेट मिशन के तहत किसानों को इन फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। किसानों को उन्नत बीज के साथ अन्य सहायता दी जा रही है। मंडी में रागी की कीमत भी काफी अच्छी मिल रही है और साथ ही इसकी खेती करना ज्यादा कठिन भी नहीं है। यानी रागी की खेती कर किसान कम मेहनत के ही अच्छी कमाई कर सकते हैं।
रागी फसल के फायदे
रागी में कैल्शियम की मात्रा सर्वाधिक पायी जाती है जिसका उपयोग करने पर हड्डियां मजबूत होती है। रागी बच्चों एवं बड़ों के लिये उत्तम आहार हो सकता है। प्रोटीन, वसा, रेशा, व कार्बाेहाइड्रेट्स इन फसलों में प्रचुर मात्रा में पाये जाते है। महत्वपूर्ण विटामिन्स जैसे थायमीन, रिवोफ्लेविन, नियासिन एवं आवश्यक अमीनो अम्ल की प्रचुर मात्रा पायी जाती है जोकि विभिन्न शारीरिक क्रियाओं के लिये आवश्यक होते है। रागी युक्त आहार कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाला होता है। कैल्शियम व अन्य खनिज तत्वों की प्रचुर मात्रा होने के कारण ओस्टियोपोरोसिस से संबंधित बीमारियों तथा बच्चों के आहार (बेबी फूड) हेतु विशेष रूप से लाभदायक होता है।
गोधन न्याय योजना से हो रही है 3 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित
18 May, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : आर्थिक मोर्चे पर तेज विकास के लिए किसी भी कार्यशील आबादी में पुरूषों के साथ महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में काम करना सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दिशा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की योजनाओं से कार्यशील आबादी में महिलाओं का प्रतिशत तेजी से बढ़ा है। गोधन न्याय योजना को ही लें जिसमें खेती के अतिरिक्त आय का जरिया ग्रामीणों को प्राप्त हुआ। इसके भागीदारों में 46 प्रतिशत से अधिक महिलाएं हैं। इस तरह अकेले इसी योजना से एक लाख 71 हजार महिलाओं की आर्थिक स्थिति दुरूस्त हुई है। इस योजना के तहत गोबर बेचने तथा गौठान से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों में 3 लाख से अधिक महिलाओं की सीधी सहभागिता है। ये महिलाएं आर्थिक गतिविधियों जुड़कर प्रदेश की प्रगति में अपना योगदान दे रही है।
गोधन न्याय योजना से छत्तीसगढ़ में विभिन्न वर्गाें को सम्बल मिल रहा है। इस योजना से 3 लाख 41 हजार 713 पशुपालक लाभान्वित हुए हैं, इन सब में विशेष बात यह है कि इनमें 46 प्रतिशत से अधिक महिलाओं की सहभागिता है। महिलाएं गोबर बेचकर एक अच्छी आय अर्जित कर रही है। साथ ही अपने परिवार को सहारा भी प्रदान कर रही है। कहीं उन्होंने गोबर बेचकर अपने लिए दो पहिया वाहन खरीदे, तो कहीं उन्होंने अपने परिवार के लिए मकान बनाने में मदद की है।
इस योजना से जुड़कर महिलाओं में आत्मविश्वास जागा है। यहीं नहीं वे गौठानों में संचालित गतिविधियों में कार्य कर रही है। प्रदेश में 10 हजार 426 गौठान स्वीकृत हैं, जिसमें 10 हजार 206 गौठान का निर्माण किया जा चुका है। इन गौठानों में समुदायिक बाड़ी, मशरूम उत्पादन, मछली पालन, मुर्गी पालन, सब्जी उत्पादन के साथ गुलाल एवं गौ-काष्ठ का निर्माण विभिन्न समूहों द्वारा किया जा रहा है। इन समूहों की सदस्य महिलाएं हैं, जो अपनी आर्थिक गतिविधियों से अतिरिक्त आय अर्जित कर रही है। प्रदेश में 14 हजार 504 स्व-सहायता समूह हैं। जिनमें एक लाख 71 हजार 585 सदस्य विभिन्न गतिविधियों में शामिल हैं। यह सदस्य आर्थिक गतिविधियों से अब तक 131 करोड़ 46 लाख रूपए की राशि कमा चुके हैं। ये महिलाएं प्रसन्न है और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दे रही है।
वर्मी खाद बेचकर महिलाओं ने कमाएं छह लाख रुपए- धमतरी जिले के भटगांव की निवासी टेरिना साहू के समूह में दस सदस्य हैं और वे अनेक आजीविकामूलक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे सभी वर्मी खाद तैयार कर रहे हैं। समूह को विभिन्न गतिविधियों से छह लाख रुपए की आय हुई है। समूह को जैविक दवाई के माध्यम से 56 हजार रुपए तथा मुर्गी पालन से 75 हजार रुपए आय हुई है। समूह की महिलाओं की योजना बकरी पालन की भी है। टेरिना ने मुख्यमंत्री को इस योजना के लिए धन्यवाद दिया है।
गोधन न्याय योजना की मदद से खरीदी स्कूटी - जशपुर जिले के ग्राम डाडंटोली की निवासी कौशल्या भगत ने गोबर बेचकर स्कूटी खरीदी है। अब अपने घर के कामकाज निपटाने के लिए और समूह की मीटिंग में जाने के लिए दूसरों की बाट नहीं जोहती क्योंकि उसने स्कूटी खरीद ली है। कौशल्या ने बताया कि तीन साल पहले वो उन्नति महिला स्व-सहायता समूह चेरिया गौठान से जुड़ी। कौशल्या ने 160 क्विंटल गोबर बेचा। उससे 32 हजार कमाए। समूह ने विभिन्न गतिविधियों की, जिसमें वर्मी कम्पोस्ट बनाया और 180 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट बेचकर एक लाख 43 हजार कमाया। साथ ही बकरीपालन से 45 हजार, मछली पालन से 15 हजार रुपए कमाए।
समूह ने आलू, अदरक की खेती भी की, इससे 32 हजार की आय अर्जित की। समूह को मिनी राइस मिल भी मिला। उससे 18 हजार की आय हुई। इस तरह समूह को 2 लाख 40 हजार की आय हुई। समूह की प्रति सदस्य को 18 से हजार रु से अधिक की आय हुई। कौशल्या को गोबर बेचने से भी ये हुई थी, उसने अपनी तत्कालीन जरूरत के अनुसार स्कूटी खरीद ली। कौशल्या ने मुख्यमंत्री धन्यवाद देते हुए कहा कि यह गोधन न्याय योजना जैसी अच्छी योजना के कारण यह कर पाई।
विधायक देवेंद्र यादव होंगे छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव
18 May, 2023 05:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के नए महासचिव को लेकर जारी जद्दोजहद अब थम चुका है। भिलाई नगर के विधायक देवेन्द्र यादव छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के नए महासचिव होंगे। छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा का इस्तीफा मंजूर हो चुका है। सीएम भूपेश बघेल ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इस संबंध में खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने भारतीय ओलम्पिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा को भी जानकारी भेज दी है।
प्रदेश में केबल टीवी व्यवसाय में एकाधिकार को लेकर एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसमें बातचीत की रिकॉर्डिंग थी। कथित ऑढियो में होरा सीएम भूपेश के नाम का प्रयोग दबाव बनाने के लिए कर रहे थे। इतना ही नहीं इसमें दावा किया गया था कि अफसर उनको रिपोर्ट देते रहते हैं। कलेक्टर और एसएसपी से कौन, क्या बात कर रहा है, ये जानकारी उनको मिलती रहती है।गुरुचरण सिंह होरा ने इस विवादित ऑडियो टेप आने के बाद 20 सितम्बर 2022 को अपना इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उन्होंने इस्तीफे की वजह स्वास्थ्यगत समस्या बताई थी।
दो बाइकों की टक्कर से सड़क पर गिरे नाबालिग को ट्रक ने कुचला, चार घायल, दो गंभीर
18 May, 2023 01:09 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के कोरबा में बुधवार रात हुए सड़क हादसे में एक नाबालिग की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा तेज रफतार दो बाइकों की भिड़ंत के चलते हुआ। इसके बाद एक बाइक पर बैठा नाबालिग सड़क पर जा गिरा और उसे पीछे से आ रहा ट्रक कुचलकर भाग निकला। पूछताछ में पता चला है कि बाइक चालक एक युवक नशे की हालत में था, जिसके चलते हादसा हुआ है। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला बालको थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, भदरापारा, आंबेडकर चौक निवासी कैलाश आदिले बुधवार रात एक युवक साथ बाइक पर जा रहा था। अभी वे बालको-रिस्दी रिंग रोड पर सतनाम नगर के पास पुल पर पहुंचे थे कि सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही कैलाश उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। इसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन चोरी करने वाले आरोपी गिरफ्तार
18 May, 2023 01:02 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । मंदिर हसौद पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के मामले में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रार्थी अशोक वर्मा ने थाना मंदिर हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 मई को उनका पड़कीडीह बलौदा बाजार निवासी रिश्तेदार अपनी दोपहिया वाहन से उसके घर आया था।इसके बाद रात्रि लगभग साढ़े आठ बजे प्रार्थी और उसका रिश्तेदार चंदखुरी कौशिल्या माता मंदिर दर्शन करने गये थे, जहां दोपहिया वाहन को कौशिल्या माता मंदिर के सामने खड़ी कर अपना मोबाइल वाहन की डिक्की में रखकर मंदिर के अंदर दर्शन के लिए गए थे। रात्रि में दर्शन के बाद उन्होंने जब वापस आकर देखा, तब प्रार्थी के रिश्तेदार की दोपहिया वाहन खड़े किए स्थान पर नहीं थी।
इसके बाद टीम के सदस्यों ने अज्ञात आरोपितों की पतासाजी करते हुए प्रकरण में संलिप्त आरोपी मंदिर हसौद निवासी रवि गोंड को पकड़कर घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ की गई। इस दौरान उसने अपने साथी बलदेव यादव के साथ मिलकर चोरी की उक्त घटना को अंजाम देना कबूला। साथ ही दोपहिया वाहन में फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर उपयोग करने की भी जानकारी दी।इस पर पुलिस ने आरोपितों से 50 हजार रुपये की एक बाइक जब्त कर आरोपित रवि गोंड, 22 वर्ष और बलदेव यादव, उम्र 32 वर्ष साल निवासी आमातरिया थाना आजाद चौक रायपुर हाल पता खुड़मुड़ा थाना अमरेश्वर जिला दुर्ग के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।
खाद्य तेलों के दाम में आई भारी गिरावट
18 May, 2023 12:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। खाद्य तेलों की कीमतों में वैश्विक स्तर पर आई गिरावट से इनकी कीमतें अब कोरोना काल के पहले के स्तर पर पहुंच गई है। तीन माह पहले तक 140 रुपये लीटर में बिकने वाला खाद्य तेल इन दिनों 110 रुपये लीटर में बिक रहा है। गौरतलब है कि कोरोना काल के दौरान सप्लाई प्रभावित होने और मांग में बढ़ोतरी से खाद्य तेलों की कीमतों में जबरदस्त तेजी आ गई थी।इन दिनों होलसेल बाजार में फल्ली तेल रिफाइन 2775 रुपये, पामोलीन 1600 रुपये, सोयाबीन 1700 रुपये, गोल्ड लाइन 1700 रुपये, सरसों तेल (लाल गुलाब) 2060 रुपये प्रति टिन बिक रहा है। वहीं चिल्हर में जो खाद्य तेल 140 से 150 रुपये लीटर बिक रहे थे, अभी उनकी कीमत 110 रुपये लीटर पहुंच गई है। यहां तक कि 200 रुपये लीटर तक पहुंच चुके खाद्य तेलों के दाम भी 170-175 रुपये लीटर हो गए है। कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इनकी कीमतों में और गिरावट आ सकती है। कारोबारी मनीष राठौड़ ने बताया कि अभी खाद्य तेलों की कीमतें कोरोना काल के पहले के स्तर पर पहुंच गई है। सितंबर 2019 के दौरान खाद्य तेलों की कीमतें इस स्तर पर थी। उन्होंने अभी खाद्य तेलों की मांग भी बढ़ने लगी है।
Weather: गर्म हवाओं के प्रभाव से दिन के साथ रात भी तपने लगा, अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री दर्ज किया
18 May, 2023 11:29 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। उत्तर पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के प्रभाव से अब दिन की तपिश के साथ ही रात भी तपने लगा है। तीन दिन पहले तक जहां प्रदेश का न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस था,बुधवार को प्रदेश का न्यूूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि गुरुवार को विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है और विभिन्न क्षेत्रों में अंधड़ चलने के साथ ही हल्की बारिश के भी आसार है।इन दिनों सुबह से ही धूप निकलते ही गर्मी का अहसास होने लगता है और दोपहर को तो तेज धूप चुभनी शुरू हो गई है। रायपुर के साथ ही प्रदेश भर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना हुआ है, गर्म हवाओं के चलने के कारण उमस में भी बढ़ोतरी हो गई है। बुधवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, दोनों ही सामान्य रहे। कई वर्षों बाद ऐसा देखने को मिला है कि तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं है, लेकिन उमस और गर्मी में लगातार बढ़ोतरी बनी हुई है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि 22 मई से प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदलने के आसार है और लोगों को गर्मी से भी थोड़ी राहत मिलेगी।
पत्नी ने पति संग मिलकर की प्रेमी की हत्या, हथौड़ी और रॉड से किया वार
18 May, 2023 11:04 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर के तिल्दा से चौंका देने वाली घटना सामने आई है। दरअसल, तिल्दा के शिक्षक कॉलोनी में एक प्रेमी को एकतरफा प्यार की कीमत चुकानी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, एक शादीशुदा महिला ने युवक को अपने घर बुलाकर पति के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, दोनों ने उसका शव सात किमी दूर जलसों रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रेक पर फेंक दिया था।
सोमवार सुबह मालगाड़ी के ड्राइवर ने एक व्यक्ति की लाश रेलवे ट्रैक के बीच होने की जानकारी दी गई। जिसके बाद स्टेशन मास्टर नें इसकी सूचना तिल्दा थाने में दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान के लिए जांच शुरू की, जिसके बाद हत्या के पूरे मामले का खुलासा हुआ। मृतक का नाम अनिल वर्मा था और वह पास ही रहने वाली एक शादीशुदा महिला उषा को पसंद करता था।
दोनों का प्रेम प्रसंग कुछ वक्त तक चला था, लेकिन इसके बाद महिला के पति को इसकी खबर लग गई थी। जिसके बाद महिला ने अनिल से दूरी बना ली थी। इसके बावजूद अनिल नहीं माना और लगातार महिला को परेशान किया करता था। इस बात को लेकर महिला काफी भयभीत थी। इसी बीच महिला ने अपने पति अश्वनी कुमार के साथ मिलकर अनिल को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
पति और पत्नी ने पूरे प्लानिंग के साथ इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने उसे अपने घर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया। पार्टी में मृतक ने अन्य लोगों और महिला के पति के साथ दारू पी। पार्टी के बाद अनिल अपने घर चला गया। कुछ देर बाद उषा ने अनिल को फोन कर घर घर बुलाया तो अनिल ने घर आने के लिए हामी भर दी। उसे मारने के लिए उषा ने मिर्ची-पाउडर को एक कागज में रख लिया साथ ही हथौड़ी और एक लोहे की रॉड और बैट भी निकालकर एक जगह रख ली।
कुछ ही देर में अनील नशे की हालत में उसके घर पहुंचा और उषा ने दरवाजा खोला और जैसे ही अनिल अंदर आया उषा ने उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर उड़ेल दिया। तभी अश्वनी ने पास में रखा बैट उठाकर अनिल के सर पर दे मारी। पत्नी ऊषा ने भी हथौड़ी से प्रेमी अनिल के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया। इस बीच पति ने लोहे की रॉड से भी उस पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ने मिलकर रस्सी से युवक का गला घोंट दिया। प्रेमी ने मौके पर दम तोड़ दिया। शव को रेलवे ट्रैक पर जा कर फेंक दिया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में WiFi जोन का किया शुभारंभ
17 May, 2023 05:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज धमतरी विधानसभा में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान ग्राम अछोटा में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क में जिले के पहले वाई-फाई जोन की शुरुआत की। इससे रूरल इंडस्ट्रियल पार्क में कार्यरत लोगों को एवं गढ़कलेवा में आने वाले लोगों को निःशुल्क इंटरनेट की सुविधा मिलेगी।इसके अलावा स्कूली बच्चे भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। वे यहां पर अध्धयन भी कर सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने इस माह की 5 तारीख को रूरल इंडस्ट्रियल पार्क की गतिविधियों की समीक्षा के दौरान रीपा को वाई-फाई सुविधा से लैस करने की घोषणा की थी। आज यहां वाई-फाई सुविधा के शुभारंभ से रीपा इस सुविधा से लैस जिले का पहला रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बन गया है।इस अवसर पर विधायक सिहावा डॉ. लक्ष्मी ध्रुव, छत्तीसगढ़ राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, नागरिक आपूर्ति निगम के चेयरमैन रामगोपाल अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य मीना बंजारे मौजूद थे।
CM भूपेश बघेल - ट्रैफिक पुलिस की तरह हो गई है ईडी, जिसे मन आए नोटिस देकर करते हैं टॉर्चर
17 May, 2023 04:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | छत्तीसगढ़ में चल रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई और उस पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, सड़क पर ट्रैफिक पुलिस खड़ी रहती है चालान बुक लेकर। जो भी आए, उसे पकड़े, चालान काटे और अंदर कर दिए। या बोलते हैं कोर्ट में जाकर पटाओ। इसी तरह से ईडी वाले हैं। नोटिस जेब में रखे रहते हैं। जिसे मन आया, उसके नाम से नोटिस, वहीं खड़े-खड़े दे दिया। मुख्यमंत्री बघेल बुधवार को धमतरी रवाना होने से पहले मीडिया से बात कर रहे थे।
हेलीपैड पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि, अधिकारी, कर्मचारी और आप भी शासकीय सेवक हैं। यहां जो काम कर रहे, वो भी शासकीय सेवक हैं। उनके साथ मारपीट कर रहे हैं, खाना नहीं दे रहे, सोने नहीं दे रहे हैं। ये थर्ड डिग्री टॉर्चर कर रहे हैं वो गलत है। उसके कारण सभी विभागों के काम प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में भाजपा का जो मूल एजेंडा है, उसकी पूर्ति ईडी कर रही है। यहां सरकार अच्छा काम कर रही है। किसान, आदिवासी, महिला, हर वर्ग सरकार से खुश है। हर वर्ग को लगता है, हमारी सरकार है, हमारे लिए काम कर रही है।
वहीं सीजीपीएससी चयन में गड़बड़ी को लेकर भाजपा के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री बघेल ने जवाब दिया। कहा कि, अगर पीएसी के छात्र राजनीतिक परिवार से संबंध रखते हैं, तो ऐसे में उनकी योग्यता पर सवाल उठना दुर्भगायपूर्ण है। उन्होंने कहा कि, अगर चयन में गड़बड़ी है तो तथ्य समाने लाएं, जांच कराई जाएगी। छत्तीसगढ़ के योग्य छात्रों पर सवाल उठाना सही नहीं है। भाजपा शासनकाल में क्या गड़बड़ी होती थी, हर कोई जानता है। भाजपा अब प्रदेश में सिर्फ माहौल खराब करने का काम कर रही है।
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल 10वीं-12वीं की पूरक परीक्षा इस बार जुलाई में
17 May, 2023 01:22 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल इस बार पूरक परीक्षा 2023 का आयोजन जुलाई के आखिरी सप्ताह से करने जा रहा है ताकि अगस्त तक परीक्षा हो सके। वहीं अगस्त के आखिरी सप्ताह में परिणाम निकालने की तैयारी है जिससे की सितंबर में 12वीं के छात्रों को कालेज और 10वीं के छात्रों को कक्षा 11वीं की पढ़ाई करने का मौका मिल जाए। पिछले वर्ष यह परीक्षा सितंबर तक चली थी जिससे परिणाम भी देर से आए थे। 10वीं- 12वीं बोर्ड की परीक्षा में जो परीक्षार्थी फेल हुए हैं या उन्हें किसी न किसी विषय में पूरक की पात्रता मिली है। ऐसे परीक्षार्थी को पास होने का एक और मौका मिलने वाला है। माशिमं जुलाई-अगस्त में पूरक व क्रेडिट योजना परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए जून में निर्देश जारी किए जाएंगे।
10वीं- 12वीं बोर्ड की परीक्षा में जो परीक्षार्थी फेल हुए हैं या उन्हें किसी न किसी विषय में पूरक की पात्रता मिली है। ऐसे परीक्षार्थी को पास होने का एक और मौका मिलने वाला है। माशिमं जुलाई-अगस्त में पूरक व क्रेडिट योजना परीक्षा आयोजित करेगा। इसके लिए जून में निर्देश जारी किए जाएंगे। क्रेडिट योजना के तहत कोई परीक्षार्थी जितने विषयों में पास है उन अंकों की क्रेडिट लेकर वह बाकी विषयों के लिए परीक्षा दे सकेंगे। फेल और पूरक वाले छात्र इन परीक्षाओं में शामिल होकर अपना रिजल्ट सुधार सकेंगे। इसके अलावा ऐसे परीक्षार्थी जो अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं। वह बोर्ड परीक्षा में पुनर्मूल्यांकन-पुनर्गणना करा सकेंगे। इसके लिए 25 मई तक मौका मिलेगा।
मानसून का प्रवेश 13 जून को, सामान्य से चार दिन देरी
17 May, 2023 01:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। मानसून का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी है खबर है। इस वर्ष प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मानसून का प्रवेश 13 जून को संभावित है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून का यह प्रवेश सामान्य तिथि से चार दिन देरी से हो रहा है।वहीं दक्षिण पश्चिम मानसून का केरल में आगमन भी सामान्य तिथि से चार दिन देरी यानि चार जून को संभावित है। मौसम विज्ञानियों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में मानसून का सबसे पहले प्रवेश जगदलपुर में 13जून को संभावित है।
इसके बाद 16 जून को रायपुर में और 21 जून तक अंबिकापुर यानि पूरे प्रदेश में आने की संभावना है। इन दिनों प्रदेश भर में भीषण गर्मी शुरू हो गई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही उमस में लगातार वृद्धि होती जा रही है।मौसम विज्ञानियों का कहना है कि यह पूरा सप्ताह गर्मी से तपाने वाला होगा और अगले सप्ताह यानि 22 मई से थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी। उन दिनों प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलेगा और विभिन्न क्षेत्रों में अंधड़ के साथ हल्की बारिश के आसार है। इसके चलते लोगों को लगातार बढ़ रही गर्मी से थोड़ी राहत भी मिलेगी।
डीआरएम कार्यालय की कैंटीन में आग लगने से मचा हड़कंप
17 May, 2023 11:47 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर। मंगलवार सुबह डीआरएम कार्यालय में पीछे बनी कैंटीन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यहां एक रेल कर्मचारी जमीन पर पड़ा था। बताया जा रहा है कि वह विद्युतकर्मी है और तरंगित तार के संपर्क में आने से वह घायल हुआ है। आग को भी इसी वजह से लगने की बात कही जा रही है।मंगलवार को कोरबा रेलवे स्टेशन यार्ड नंबर 07 पर खड़ी मालगाड़ी के एक वैगन में आग लग गई। सुबह करीब 8.50 बजे लोगो ने यार्ड से धुआं उठते देखा जिससे अफ़र्क तफरी मच गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की सहायता से सुबह 10.00 बजे तक आग को बुझा दिया गया। इव घटना में किसी प्रकार के जन-धन के हानि की कोई खबर नहीं है और न हीं कोई रेल परिचालन प्रभावित हुआ है।
कैंटीन का विद्युतकर्मी मरम्मत कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक उसे करंट लगा और वह जमीन पर गिर पड़ा। कर्मचारी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट पहुंची है, जिसे उपचार के लिए रेलवे केंद्रीय चिकित्सालय मैं भर्ती कराया गया है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। हालांकि आग पर तत्काल अग्निशमन यंत्र से काबू पा लिया गया। अगर तत्काल आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मेडिकल कालेज में MBBS की सीटो में हुआ इजाफा
17 May, 2023 11:32 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर में इस वर्ष एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ी है। शैक्षणिक सत्र 2023-24 से स्नातक चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश संख्या 150 से बढ़ाकर 200 हो गई है। वहीं ईडब्ल्यूएस की सीटों को 30 से बढ़ाकर 50 करने के लिए पत्र लिखा गया है।प्रबंधन ने बताया कि संस्था ने एनएमसी को आवेदन किया था, जिसके परिपालन में एनएमसी के निरीक्षण दल ने महाविद्यालय के फैकेल्टी, अधोसंरचना, अस्पताल और अन्य चिकित्सा शिक्षण आवश्यकताओं का सूक्ष्म निरीक्षण किया था। एमबीबीएस के 200 सीटों के निर्धारित मापदंडों पर इस महाविद्यालय को खरा पाने की स्थिति में एनएमसी ने सीटों में वृद्धि के लिए अनुमति प्रदान की है।
बता दें इन 200 सीटों के अलावा आर्थिक कमजोर वर्ग के (ईडब्ल्यूएस) विद्यार्थियों के लिए 30 सीटें अतिरिक्त होंगे। इसे बढ़ाकर 50 करने के लिए भी एनएमसी को पत्र लिखा गया है।प्रबंधन ने बताया कि वर्ष-1963 में 60 वर्ष पूर्व पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर 60 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश हुआ था। 1976 में यह संख्या 100 हुई थी, जो वर्ष-2009 में बढ़ाकर 150 की गई। 50 सीटों की वर्तमान बढ़ोत्तरी प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों के लिए अवसर है। इससे प्रदेश में चिकित्सकों की कमी दूर होगी।