छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, भगवान शिव पूरी करते हैं मुरादें....
10 Jul, 2023 04:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : सावन के पहले सोमवार यानी 10 जुलाई को रायपुर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। सुबह 5 बजे से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। राजधानी के पूरे शिवालय हर-हर महादेव की जयघोष से गूंज रहे हैं। रायपुर के महादेवघाट स्थित हटकेश्वरनाथ मंदिर में सावन के पहले दिन भारी संख्या में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव की मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हरिद्वार के लक्ष्मण झूला की तर्ज पर यहां बने लक्ष्मण झूला और खारून नदी में नाव की सवारी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। पास में बने गॉर्डन यहां की खूबसूरती में चार चांद लगाते हैं। रायपुर सहित अन्य जिलों के सैलानी यहां बड़ी संख्या पहुंचकर इसका आनंद लेते हैं। शहर की जीवनदायिनी नदी 'खारुन' तट पर स्थित ऐतिहासिक हटकेश्वरनाथ मंदिर का विशेष महत्व है।
कल्चुरी वंश ने कराया था मंदिर का निर्माण
1402 ई में कल्चुरी वंश के राजा रामचंद्र के पुत्र ब्रह्मदेव राय के शासन काल में हाजीराज नाइक ने मंदिर का निर्माण करवाया था। ऐसी मान्यता है कि यहां नंदी महाराज के कानों में जो भक्त फरियाद या मन्नत मांगते हैं, उसकी भगवान शिव मुरादें जरूर पूरी करते हैं। सावन के महीने में यहां रायपुर और प्रदेश के कोने-कोने से लोग पहुंचते हैं। छत्तीसगढ़ के कई जिलों से श्रद्धालु कांवर लेकर पहुंचते हैं। हर साल कांवर पदयात्रा भी निकाली जाती है।
कार ने स्कूटी सवार लड़की को कुचला, बहन की मौत, भाई घायल....
10 Jul, 2023 03:49 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर : नगर निगम के औद्योगिक क्षेत्र वार्ड 40 छावनी में कुछ दिनों पहले बनी सड़क 18 वर्षीय लड़की की मौत का कारण बन गई। तेज रफ्तार कार ने 18 वर्षीय साक्षी साव को अपनी चपेट में ले लिय। वहीं 16 वर्षीय चंदन साव बुरी तरह से घायल हो गया। घायल बच्चे को भिलाई के बीएम शाह हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। साक्षी खुद स्कूटी चल रही थी और उसका भाई पीछे बैठा था। जानकारी के अनुसार पुलिस सीसीटीवी फुटेज को मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान कर रही है। स्थानीय लोगों ने लड़की की मौत पर आक्रोश में ट्रांसपोर्ट नगर सड़क को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिनों पहले सड़क डामरीकरण किया गया है, लेकिन सड़क में पहले से बने हुए ब्रेकर को हटा दिया गया है. जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। वहीं इस भारी वाहनों वाले ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क पर एक भी जगह ब्रेकर नहीं बनाया गया है जिसकी वजह से यहां पर हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगो द्वारा सड़क जाम करने की सूचना पर छावनी सीएसपी आशीष बंछोर और जामुल थाना प्रभारी याकूब मेमन भी दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और अक्रोशित लोगो को शांत कराया।
बस पलटी चालक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल....
10 Jul, 2023 03:37 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बिलासपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 में बीती रात उदयपुर के पास दावा में तेज रफ्तार बस और पिकअप की भिड़ंत हो गई। पिकअप से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई बस सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में पिकअप के चालक की मौके पर मौत हो गई एवं पिकअप सवार दिलीप बिल्डकॉन के कर्मी को गंभीर चोटें आई हैं। बस में सवार यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद बस का चालक बस छोड़़कर फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 में स्थित दावा के पास बीती रात करीब डेढ़ बजे दिलीप बिल्डकॉन की पिकअप लखनपुर से शिवनगर की ओर जा रही थी। पिकअप को रायपुर से अंबिकापुर आ रही नवीन बस ने अनियंत्रित होकर सीधे टक्कर मार दी और टक्कर के बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और पलट गई। हादसे में पिकअप चालक सौरभ (22) निवासी ग्राम नारायणपुर, श्रीनगर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप सवार डीबी कंपनी के सुपरवाजर केशव गुप्ता पिता रमेश गुप्ता (22) ग्राम नवानगर गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार यात्रियों को भी चोटें आई।
रायपुर जिले में एक ही परिवार के तीन बच्चों की दर्दनाक मौत....
10 Jul, 2023 01:06 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में एक ही परिवार के तीन बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, यह तीनों बच्चे पेड़ से फल तोड़ते समय कुएं में गिरकर डूब गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार को आरंग थाना क्षेत्र के चरौदा गांव में हुई।
अमरूद तोड़ने गए थे तीनों बच्चे
अधिकारी ने कहा, प्रारंभिक जांच से पता लगता है कि एक आठ साल की बच्ची, उसका पांच साल का भाई और चार साल का उनका चचेरा भाई अपने घर के सब्जी के बगीचे में कुएं के पास एक पेड़ से अमरूद तोड़ रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया। अधिकारी ने कहा, "जब तीनों बच्चे पेड़ पर चढ़ रहे थे, तभी पेड़ की शाखा टूट गई और बच्चे कुएं में गिर गए।
पेड़ की शाखा टूटने से कुएं में गिरे बच्चे
अधिकारी ने कहा, "जब उनकी दादी ने खुले कुएं पर जाल का ढक्कन टूटा हुआ और पेड़ की टूटी हुई शाखा देखी, तो उनके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। उन्होंने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को उसकी जानकारी दी। पूरे परिवार में सबका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है और आसपास में भी मातम पसरा हुआ है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अधिकारी ने बताया कि बाद में तीनों बच्चों के शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और घटना की आगे की जांच की जा रही है।
छत्तीसगढ़ : आज बालोद के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल....
10 Jul, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बालोद जिले के दौरे पर आ रहे हैं। दौरे के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री कल दोपहर 11.30 बजे रायपुर से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर दोपहर 11.55 बजे जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड के ग्राम भरदा पहुंचेंगे। वहां वे दोपहर 12 बजे से एक बजे तक माता बिंदेश्वरी बघेल पार्क का लोकार्पण एवं मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम पश्चात मुख्यमंत्री रायपुर के लिए रवाना होंगे।
देश भर में कामन काउंसलिंग के फेर में फंसा मेडिकल कालेजों....
10 Jul, 2023 11:14 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। देशभर में कामन काउंसलिंग के फेर में मेडिकल कालेजों में प्रवेश फंस गया है। जुलाई के प्रथम सप्ताह में काउंसलिंग की प्रक्रिया आरंभ हो जानी थी, परंतु नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) अब तक शेड्यूल जारी नहीं कर पाया है। चिकित्सा शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय व राज्य कोटे की सीटों पर होने वाली अलग-अलग काउंसलिंग की व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है। इसके लिए जून में एनएमसी ने छत्तीसगढ़ समेत सभी राज्यों के चिकित्सा शिक्षा विभाग को पत्र लिखकर कामन काउंसलिंग को लेकर सहमति मांगी थी। राज्य चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अपनी सहमति दे दी, किंतु अब तक एनएमसी की तरफ से दिशा-निर्देश नहीं आए हैं। ऐसे में इस वर्ष मेडिकल प्रवेश की प्रक्रिया में देरी होना तय है।
राज्य या फिर केंद्र स्तर पर होगी काउंसलिंग प्रक्रिया?
चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य व केंद्र में आरक्षण व्यवस्था अलग-अलग है। ऐसे में प्रश्न है कि कामन काउंसलिंग की व्यवस्था लागू होने पर काउंसलिंग की प्रक्रिया राज्य स्तर पर होगी या केंद्रीय स्तर पर? साथ ही एक व्यवस्था किस तरह बनेगी। इन सभी विषयों पर संशय बना हुआ है। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट कह दिया है कि एनएमसी के दिशा-निर्देश के आधार पर ही प्रवेश प्रक्रियाएं होंगी। चिकित्सा शिक्षा संचालक डॉ. विष्णु दत्ता ने कहा कि कामन कांउसलिंग को लेकर एनएमसी ने पत्र लिखा था। हमने सहमति दी है, लेकिन अब तक दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं। चिकित्सा शिक्षा सचिव पी दयानंद ने कहा कि प्रवेश में आरक्षण को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। शासन को पत्र लिखा गया है। आशा है कि जल्द ही इसपर निर्णय होगा।
भाजपा की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ के दो नेता.....
9 Jul, 2023 01:33 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्यों की नियुक्ति की घोषणा की। इनमें प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक समेत 10 पदाधिकारियों के नाम शामिल हैं। जिन लोगों को कार्यसमिति का सदस्य बनाया गया है उनमें सुरेश कश्यप, डा. संजय जायसवाल, अश्विनी शर्मा, बंदी संजय कुमार, सोमावीर राजू, दीपक प्रकाश, किरोड़ी लाल मीणा और डा. सतीश पूनिया भी शामिल हैं।
देश में कांग्रेस का राज होता तो लग जाता आपातकाल
प्रदेश भाजपा के महामंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा गुजरात उच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखने पर रायपुर में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं के धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। यह कांग्रेस की तानाशाही प्रवृत्ति का ताजा उदाहरण है। कांग्रेस का संविधान, संवैधानिक संस्थाओं और संविधान निर्माता बाबा साहेब अंबेडकर पर न तो विश्वास रहा है और न ये इनका सम्मान करते। कांग्रेस एक परिवार को संविधान से ऊपर समझती है। लोकतांत्रिक व्यवस्था से चलने वाले देश में अधिनायकवाद चलाती रही है।
छत्तीसगढ़ में महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ी पहल.....
9 Jul, 2023 01:29 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ के यात्री बसों में महिलाओं एवं स्कूली बसों में छात्रों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए जीपीएस युक्त पैनिक बटन लगाने की तैयारी तेज हो चुकी है। इसके लिए राजधानी में निर्भया कमांड सेंटर बनाया जा चुका है। जुलाई महीने के भीतर वाहनों में पैनिक बटन लगाने की योजना है। वर्तमान में प्रदेश में कुल 12 हजार बसें संचालित हो रही हैं, जो अलग-अलग रूट से प्रदेश के कोने-कोने तक जा रही हैं। इसी तरह राज्य में लगभग 6000 स्कूल बस भी संचालित है। इसके साथ ही 12 हजार परिवहन विभाग की बसें हैं। बसों में पैनिक बटन और जीपीएस के लगने से बसों की पल-पल की जानकारी मिलती रहेगी।
स्कूल बस, यात्री बसों में अनिवार्य, जुलाई महीने के भीतर लागू होगी योजना
पैनिक बटन दबाने से बस में किसी प्रकार की दुर्घटना, छेड़छाड़ होने पर तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना मिल जाएगी। इसके साथ ही बसों का लोकेशन, स्पीड आदि का भी पता चलता रहेगा। इससे चालकों की मनमानी पर रोक लगने के साथ हादसे की आशंका भी कम हो जाएगी। जीपीएस सिस्टम का कंट्रोल रूम डायल 112 के कार्यालय में बनाया जा चुका है। परिवहन विभाग के सहायक आयुक्त शैलाभ साहू ने बताया कि इस व्यवस्था के शुरू होने से जनता को किसी तरह के खतरे तथा अनहोनी से निपटने में काफी सहूलियत होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा के अनुरूप परिवहन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने सुगम यातायात व्यवस्था के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे है।
स्कूली बसों में रूट मैप
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नवीन व्यवस्था के तहत स्कूल बसों में रूट मैप रहेगा, ताकि निर्धारित रूट के अलावा स्कूली बस कहीं और जाएं तो आटोमेटिक अलर्ट आ जाएं। इसके लिए कंट्रोल रूम में शिफ्ट के हिसाब से चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी जो लगातार सभी बस को मानिटर करते रहेंगे और इमरजेंसी की स्थिति में पुलिस विभाग को सूचित करेंगे।
इसलिए पड़ी जरूरत
दिल्ली में हुए निर्भया प्रकरण के बाद से ही केंद्र सरकार ने महिला सुरक्षा की दिशा में कदम उठाने के निर्देश दिए थे, ताकि इस तरह के प्रकरण की पुनरावृत्ति न हो। इसी के तहत छत्तीसगढ़ राज्य में निर्भया फंड के अंतर्गत सभी यात्री वाहनों को ट्रैक करने के लिए वाहनों में जीपीएस लगा कर व्हीकल ट्रैकिंग प्लेटफ़ार्म के माध्यम से ट्रैकिंग करने का निर्णय लिया गया। व्हीकल ट्रैकिंग साफ्टवेर को चिप्स के माध्यम से बनाया गया है और समस्त गाड़ी के लाइव ट्रैकिंग देखने और त्वरित कार्यवाही करने के लिए सिविल लाइंस रायपुर में स्थित डायल-112 भवन में ही कमांड और कंट्रोल सेंटर भी बनाया गया है।
छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग आयुक्त दीपांशु काबरा ने कहा, महिला यात्री एवं स्कूली छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश में चलने वाली निजी बसों में जीपीएस सिस्टम और पैनिक बटन लगाने का निर्णय लिया गया है। इससे बसों की पल-पल की जानकारी कंट्रोल रूम को मिलती रहेगी।
भाजपा ने किया घोषणा पत्र समिति का ऐलान....
9 Jul, 2023 11:49 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। विधानसभा चुनाव 2023 के मद्देनजर छत्तीसगढ़ भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र बनाने को घोषणा पत्र समिति गठित कर दी है। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने समिति की गठित की है। दुर्ग के लोकसभा सदस्य विजय बघेल को समिति का संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा सह संयोजक के रूप में पूर्व राजसभा सदस्य रामविचार नेताम, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल और विधायक शिवरतन शर्मा को नियुक्त किया गया है। नवंबर-दिसंबर में चुनाव होना है। भाजपा सत्तावापसी के लिए मशक्कत कर रही है। वर्तमान में कांग्रेस के पास 71 सीट है, जबकि भाजपा के पास 13 सीट है।
युवा, पिछड़ा वर्ग को भी जिम्मेदारी
समिति में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत और प्रदेश भाजपा के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष भरत वर्मा को भी शामिल किया गया है। कुल मिलाकर भाजपा ने सभी तरह के जातिगत समीकरणों को साधने की कोशिश की है। प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता को भी जगह मिली है, जो कि सभी विषयों में वाद-विवाद के माध्यम से लगातार राज्य सरकार के खिलाफ हमलावर रहे हैं और नीतिगत बातों को जनता के बीच पहुंचाने में उनकी महती भूमिका रही है। समिति में महिला, युवा सभी के नेतृत्वकर्ता शामिल हैं।
ये होंगे समिति के सदस्य
सदस्यों में प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री लता उसेंडी, चंद्रशेखर साहू, भैयालाल राजवाड़े, महेश गागड़ा, डा. कृष्णमूर्ति बांधी, राजा रणविजय सिंह, मधुसूदन यादव, विधायक रंजना साहू, कमलभान सिंह, कमला देवी पाटले, ओपी चौधरी, चंपा देवी पाटले, संदीप शर्मा, केदार गुप्ता, भरत वर्मा, रवि भगत, विभाग अवस्थी, डा. विजय शंकर मिश्रा, रामलखन सिंह पैकरा, पंकज झा, दीपक साहू, आत्म नारायण पटेल, श्रीरामकृष्ण धीवर, रामकुमार भट्ट, श्रीद्धारिका जायसवाल, टिकेश्वर जैन, विक्रम सिंह शामिल हैं। समिति की नियुक्ति का आदेश प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने जारी किया है।
कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेता हैं विजय बघेल
राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो समिति के संयोजक बने भाजपा नेता विजय बघेल दुर्ग क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के मंत्रियों के प्रभाव को नियंत्रित करने में अहम भूमिका हो सकती है। दुर्ग संभाग से स्वयं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत छह मंत्री हैं। विजय इस क्षेत्र में कुर्मी समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं और प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। विजय पहली बार 2000 में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में भिलाई नगर परिषद के लिए चुने गए थे।
उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार के रूप में पाटन निर्वाचन क्षेत्र से 2003 का विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन भूपेश बघेल से हार गए । फिर उन्होंने 2008 का विधानसभा चुनाव भाजपा उम्मीदवार के रूप में लड़ा और कांग्रेस के भूपेश बघेल को 7,842 मतों के भारी अंतर से हराकर जीत हासिल की और गृहमंत्री ननकी राम कंवर के संसदीय सचिव बने । विजय ने 2013 का विधानसभा चुनाव भूपेश बघेल के खिलाफ लड़ा लेकिन सीट बरकरार रखने में असफल रहे। 2019 के लोकसभा चुनाव में दुर्ग से कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर के खिलाफ चुनाव लड़ा और 3,91,978 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
छत्तीसगढ़ के हड़ताली कर्मचारियों का कटेगा वेतन....
9 Jul, 2023 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के दिन सात जुलाई को हड़ताल पर रहने वाले हजारों नियमित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन कटेगा। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। इसके लिए सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर दिया है।
इसके मुताबिक सात जुलाई को कर्मचारी संगठनों के आह्वान पर कई कर्मचारी कार्यालय से अनुपस्थित रहे और अनुशासनहीनता के खिलाफ कार्रवाई की जाए। सरकार के इस आदेश पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने विरोध किया है। उनका कहना है कि हमने 23 जून को हड़ताल के संबंध में मुख्य सचिव को नोटिस दे दिया था। हमारी मांगें जायज है। सरकार को मांगों पर संवाद करना चाहिए।
स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल उचित नहीं- टीएस सिंहदेव
स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि हड़ताल उचित नहीं है। उम्र सीमा बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं, लेकिन कई ऐसी मांगें हैं, जिसे पूरा करना संभव नहीं है। वे दो महीने की नौकरी में 13 महीने की तनख्वाह देने की मांग कर रहे हैं।
टीएस सिंहदेव ने कहा- मैं नहीं रहूंगा घोषणा-पत्र समिति का अध्यक्ष....
9 Jul, 2023 11:30 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि इस बार वे घोषणा पत्र समिति के अध्यक्ष नहीं रहेंगे। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि अब समय उतना नहीं बचा कि सभी से बात हो सके। मैं समिति में नहीं रहना चाहूंगा, लेकिन सदस्य के रूप में या फीडबैक देने के लिए पार्टी के साथ हमेशा खड़ा रहूंगा।
प्रधानमंत्री दौरे के दौरान सभा में छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो के सवाल पर सिंहदेव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में यदि कार्यक्रम हो रहा है तो छत्तीसगढ़ महतारी की फोटो होनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के घोषणा-पत्र को तैयार करने की अहम जिम्मेदारी टीएस सिंहदेव को मिली हुई थी। वे घोषणा-पत्र समिति के अध्यक्ष थे। घोषणा-पत्र के पहले टीम ने आम लोगों से बात करके फीडबैक लिया था। चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत मिली थी।
स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल उचित नहीं- टीएस सिंहदेव
इधर, स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल पर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि हड़ताल उचित नहीं है। उम्र सीमा बढ़ाने पर विचार कर सकते हैं, लेकिन कई ऐसी मांगें हैं, जिसे पूरा करना संभव नहीं है। वे दो महीने की नौकरी में 13 महीने की तनख्वाह देने की मांग कर रहे हैं।
छत्तीसगढ़ में बारिश और बादल से तापमान में गिरावट.....
9 Jul, 2023 11:19 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी तंत्र पूरी तरह से सक्रिय है और आने वाले पांच दिनों तक भी मौसम का मिजाज नहीं बदलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकतम तापमान में बदलाव के आसार नहीं है। साथ ही बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा होगी। बादल व बारिश के चलते मौसम में भी ठंडकता बनी रहेगी।
रायपुर का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम
शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा हुई। इसके चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के साथ ही गली मुहल्लों में भी जलभराव की स्थिति है। साथ ही मौसम में भी ठंडकता बनी रही और अधिकतम तापमान भी गिर गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम है।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम का मिजाज अभी ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका के प्रभाव से रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बिजली भी गिर सकती है। अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव नही होगा।
इन क्षेत्रों में हुई वर्षा
कोटा 8 सेमी, तमनार 5 सेमी, मरवाही 5 सेमी, दरभा 4 सेमी, पेंड्रा रोड 4 सेमी, रामानुजनगर 3 सेमी, बैकुंठपुर 3 सेमी, मनेंद्रगड़ 3 सेमी, तखतपुर 3 सेमी, पखांजुर 3 सेमी, भानुप्रतापपुर 3 सेमी, जशपुर नगर 3 सेमी वर्षा हुई। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई।
छत्तीसगढ : फेडरेशन ने मांगे पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया....
8 Jul, 2023 05:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ कर्मचारी व अधिकारी फेडरेशन ने डी ए, गृह भाड़ा भत्ता, विभिन्न विभागों की वेतन विसंगति, प्रथम नियुक्ति तिथि से पुराना पेंशन, पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को एक दिवसीय धरना देकर मुख्य सचिव के नाम तहसीलदार डीआर ध्रुव को ज्ञापन सौंपा। वहीं फेडरेशन ने मांगे पूरी नहीं होने की स्थिति में आगामी 1 अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने का अल्टीमेटम दिया है। छत्तीसगढ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला सचिव कैलाश रामटेके ने बताया है कि विभिन्न मांगो को लेकर आज मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा है। डीए, गृह भाडा, वेतन विसंगति, प्रथम नियुक्ति तिथि से पुराना पेंशन एवं पदोन्नति हमारी प्रमुख मांगें हैं। कैलाश रामटेके ने बताया है कि पिंगुआ रिपोर्ट की अध्यक्षता में वेतन विसंगति के लिए गठित समिति की रिपोर्ट को सरकार सार्वजनिक करें। उन्होने बताया है कि राज्य के कर्मचारियो को अभी भी केंद्र से 4 प्रतिशत मंहगाई भत्ता कम मिल रहा है। विभिन्न मांगो को लेकर कर्मचारी औक अधिकारी फेडरेशन ने सात जुलाई को काम बंद आंदोलन किया है। सरकार द्वारा अनिर्णय की स्थिति में एक अगस्त से अनिश्चितकालीन आंदोलन करने की बात कही है। जिला मुख्यालय में समस्त विभागों के कर्मचारियों ने अंबेडकर मंगल भवन मे धरना प्रर्दशन किया। एस डी एम द्वारा रैली की अनुमति नहीं दी गई। धरना प्रर्दशन को डी एस राम, राजेश मिश्रा, भोला राम अमान, प्रिंयका भारद्वाज, लोकेश रेड्डी, गौरी हुसैन, गनपत गुरला, के डी राय, बी आर नरवरिया कैलाश रामटेके ने संबोधित किया।
छत्तीसगढ़ : रिसाव को लेकर पेट्रोल पंप की कंपनी को शिकायत दर्ज....
8 Jul, 2023 04:51 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जांजगीर चांपा जिले के जिला मुख्यालय लिंक रोड स्थित जगनी पेट्रोल पंप से डीजल पेट्रोल का रिसाव हो रहा है। जिसका असर पीने के पानी पर पड़ रहा है। 7, 8, 16 के वार्डो में पेट्रोल डीजल वाली पानी पीने के लिए वार्ड के लोग मजबूर हैं। कलेक्टर को भी शिकायत की गई है। मगर अब तक किसी प्रकार की पहल नहीं की गई है। बड़ी संख्या में वार्ड के लोग पहुंचे और पेट्रोल पंप को बंद करने या रिहायसी इलाके से दूर खोलने की बात कही है। मिली जानकारी अनुसार, जिला मुख्यालय के वार्ड नबर 7 लिंक रोड में शहरी पेट्रोल पंप खोला गया है। इस जननी पेट्रोल पंप के आसपास 7, 8, 16 वार्ड के दर्जनों घर हैं। पिछले 6 से 7 माह से पेट्रोल का रिसाव हो रहा है। यह समस्या बनी हुई है। पेट्रोल के रिसाव को बंद करने के लिए पेट्रोल पंप के मालिक तपन अग्रवाल को बोला गया। मगर अब तक किसी प्रकार की मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया है। इससे लोग अभी भी परेशान हैं। 3 नवंबर 2022 को पेट्रोल पंप से रिसाव की शिकायत पर जिला प्रशासन ने यह पेट्रलो पंप को बंद किया था।
पेट्रोल पानी पीने से हो रही बीमारी
वहीं पेट्रोल पंप के रिसाव के कारण से पीने का पानी प्रदूषित हो गया है। जिसे पीने पर अनेक प्रकार की बीमारी शरीर में रेड खुजली होना, गैस बनाना, सांस लेने में तकलीफ, पेट दर्द जैसे बीमारी हो रही हैं। जगनी पेट्रोल पंप के संचालक तपन अग्रवाल का कहा है कि रिसाव को लेकर पेट्रोल पंप की कंपनी को शिकायत दर्ज कराई गई है। फिलहाल, पेट्रोल पंप को बंद कर दिया गया है। अभी टंकी में एक हजार लीटर पेट्रोल, डीजल है। जिसे खाली कराकर टंकी की जांच की जाएगी।
प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना....
8 Jul, 2023 04:31 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश हो रही है। आज सुबह से ही प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। यह पिछले दो दिनों से बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के इलाकों में ज्यादातर बारिश हुई है। वहीं कई जगहों में हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ भर में अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में गिरावट होने की कोई संभावना नहीं है। पूरे प्रदेश में पिछले कई दिनों से भरी बारिश हो रही है। वहीं बीते 24 घंटे में छत्तीसगढ़ के 20 से 24 जगहों पर बारिश हुई है। प्रदेश के निचले सतह से पश्चिमी नमी हवा आने के कारण बारिश की मौसम बने रहने की संभावना है।
अगले 7 दिनों में 68.5 मिमी वर्षा
प्रदेश में सबसे बारिश बस्तर इलाके में हुई है। जहां 103 मिमी. वर्षा दर्ज की गई है। 65 मिमी. वर्षा रायपुर दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक जुलाई महीने के शुरुआत से 7 तारीख तक रायपुर में 68.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं मौसम विभाग ने कल के लिए अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के एक दो स्थानों में गरज-चमक के साथ वज्रपात होने की संभावना है। कई जगहों में हल्की बारिश और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने के भी संभावना है।