मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
किसान परिवार और एजेंट ने भाजपा नेता से की लाखो की धोखाधड़ी
29 Jul, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अशोका गार्डन पुलिस ने एक भाजपा नेता की शिकायत पर किसान परिवार और एजेंट के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपियो ने जमीन बेचने का सौदा तय कर एडवांस के रुप में 24 लाख रुपये ले लिये। बाद में आरोपियो ने बेची गई जमीन का एक हिस्सा अन्य को बेच दिया। पूलिस के मुताबिक फरियादी 45 वर्षीय चैत नारायण सिंह पुत्र बीएस सिंह प्राइवेट काम करते हैं। चैत नारायण सिंह भाजपा झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रह चुके हैं। मई 2022 में उन्होनें पन्ना लाल नाम के व्यक्ति के जरिये किसान अवध नारायण और उनके परिवार के लक्ष्मी नारायण शिव नारायण, घनश्याम, काशी बाई व नारायणी से करीब चार एकड़ जमीन का सौदा तीन करोड़ 97 लाख रुपए में किया था। सौदा तय होने पर दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ और शर्तो के आधार पर चैत नारायण ने जीमन मालिक किसान परिवार को पन्ना लाल के जरिये 24 लाख रुपए एडवांस के दे दिए थे। और बाकी रकम 6 माह में देने की बात तय हुई थी। आरोप है, कि तीन माह बाद अगस्त 2022 में आरोपियो ने बेची गई जमीन में से सात हजार वर्गफिट जमीन अन्य व्यक्ति को बेच दी। इसकी जानकारी लगने पर फरियादी ने अपना पैसा वापस मांगा तब आरोपियों ने पहले तो काफी दिन तक उसे टालते रहे और बाद में रकम देने से मना कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहॉ शिकायत की जॉच के बाद पुलिस ने किसान परिवार के छह सदस्यो के साथ एजेंट के खिलाफ भी धोखाधड़ी का मामला कायम कर लिया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने पीपल, जामुन और गुलमोहर के पौधे रोपे
29 Jul, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्मार्ट उद्यान में पीपल, जामुन और गुलमोहर के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ अपने जन्म-दिवस पर 5 वर्ष के प्रक्षित व्यास, अनीता व्यास, उमाकांत व्यास, अंकित व्यास, वर्षा व्यास ने पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश वाधवानी ने अपनी जन्म वर्षगांठ पर पौधा लगाया। पार्षद एवं एमआईसी सदस्य राजेश हिंगोरानी के साथ ही वासुदेव वाधवानी, हेमा वाधवानी, प्रवीण प्रेमचंदानी, कमल प्रेमचंदानी ने भी पौधे लगाए। अन्य समाजसेवी और पर्यावरण प्रेमी भी पौध-रोपण में शामिल हुए।
मर्यादा में बंधे पुलिस कर्मी मांग-पत्र भी नहीं देते, उनकी तकलीफें देखकर बढ़ाईं सुविधाएं : मुख्यमंत्री चौहान
29 Jul, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अनुशासन के दायरे में रहने और मर्यादा में बंधे रहने के कारण पुलिसकर्मी अपनी समस्याओं से अवगत नहीं करवाते, न ही कोई मांग-पत्र आदि देते हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री जी की शहडोल यात्रा के समय उन्होंने मैदानी पुलिस बल के सदस्यों से चर्चा में उनकी समस्याएं पूछीं तो वे मौन रहे, लेकिन फील्ड में पुलिसकर्मियों की समस्याएं देखने को मिलती हैं। ऐसे में पुलिस जवानों की सुविधाएं बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान की प्रमुख घोषणाएं
1. सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप-निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल-भत्ता प्रतिमाह दिया जायेगा।
2. पुलिसकर्मियों का पौष्टिक आहार भत्ता एक हजार रूपए प्रतिमाह किया जायेगा।
3. आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष 5 हजार रूपए किया जायेगा।
4. राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को पंचम वेतनमान दिया जायेगा।
5. नि:शुल्क भोजन भत्ते की दर 100 रूपए प्रतिदिन की जायेगी।
6. 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जायेगा।
7. सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जायेगा।
8. पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नये आवास बनाये जायेंगे।
9. विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के जवानों के लिए एक हजार रुपये भत्ता राशि स्वीकृत होगी।
मुख्यमंत्री चौहान आज समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में उनसे मिलने पहुंचे पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों सहित पुलिस बल के मैदानी अमले को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान द्वारा प्रदेश के पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों के हित में की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं के लिए पुलिस-बल ने आज मुख्यमंत्री निवास पहुँचकर उनका आभार व्यक्त किया। शुक्रवार को मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस-बल के कल्याण की महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस निरीक्षक, कंपनी कंमाडर, उप निरीक्षक और आरक्षकों ने पुष्प-गुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री चौहान का आभार व्यक्त किया। पुलिस कमिश्नर हरि नारायणचारी मिश्रा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित निरीक्षक, उप निरीक्षक, आरक्षक उपस्थित थे।
बच्चों को बनाया अतिथि
मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिसकर्मियों के दो बच्चों को भी मंच पर बिठाया और उन्हें प्यार-दुलार किया। मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस कर्मियों के कक्षा पांचवी में पढ़ने वाले दो बच्चों अव्यान शुक्ला और युवान ठाकुर को मंच पर अतिथियों की तरह साथ बिठाया। दोनों बच्चे काफी देर मुख्यमंत्री चौहान से बातें करते रहे।
परिवार के भाव से कर रहे सरकार का संचालन
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि "आपकी प्रसन्नता देखकर मैं भी प्रसन्न हूं। एक परिवार के भाव से सरकार का संचालन करने में मेरा विश्वास है।" मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के परिवार का हिस्सा पुलिस परिवार है। मेरी कोशिश है कि फील्ड की दिक्कतें समझूं। ये फैसले सिर्फ पुलिसकर्मियों के हित में ही नहीं बल्कि प्रदेश के हित में हैं। अच्छी सुविधाएं प्राप्त कर पुलिसकर्मी अधिक निष्ठा से सेवाएं देंगे। मध्यप्रदेश को पुलिसिंग में भी सर्वश्रेष्ठ बनाएंगे। पुलिस बल से संवाद का यह क्रम आगे भी चलेगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने बढ़ाया मनोबल
डीसीपी भोपाल विनीत कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान द्वारा की घोषणाएं पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी हैं। पोषण-आहार, वर्दी-भत्ता, पेट्रोल-भत्ता जैसे लाभ पूर्व में नहीं मिले। मुख्यमंत्री जी पुलिस बल से रूबरू होकर उनकी तकलीफों के बारे में चर्चा करते हैं। अनुशासन में रहने के कारण पुलिसकर्मी प्रायः अपनी समस्याएं नहीं बताते। लेकिन मुख्यमंत्री जी द्वारा पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने का यह महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस बल बेहतर सेवाएं दे पाएगा। एडिशनल डीसीपी संदीप दीक्षित ने कहा कि पांचवें वेतनमान सहित अन्य कल्याणकारी घोषणाएं पुलिस के हित में हैं। राज्य पुलिस सेवा की यह बहुप्रतिक्षित मांग थी। हम मुख्यमंत्री चौहान के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हैं।
टी. आई. हेमंत श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्व में पेट्रोल-भत्ता प्राप्त नहीं होता था। अब इसका प्रावधान किया गया है जो उपयोगी रहेगा। शहरी क्षेत्र में कॉलोनियों के विकास से कार्य-क्षेत्र में वृद्धि हुई है। पेट्रोल भत्ता मिल जाने से कार्य में आसानी होगी। मुख्यमंत्री जी ने यह महत्वपूर्ण सौगात दी है। इंस्पेक्टर आकांक्षा शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान की घोषणाओं से पुलिस परिवार में प्रसन्नता का वातावरण है।
आरक्षक संजू शर्मा ने कहा कि पुलिस के इतिहास में यह दिन अहम है। अच्छी वर्दी पहनने का सभी को शौक होता है। हमें वीकली ऑफ भी प्राप्त होगा और 5 हजार रुपये वर्दी-भत्ता मिलने से आसानी होगी। इसके पहले वर्दी-भत्ता 24 सौ रुपये था। वरिष्ठ निरीक्षक एन.एस. चौहान ने कहा कि चिकित्सकीय परीक्षण सुविधा से मैदानी क्षेत्र में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को अपना स्वास्थ्य ठीक रखने में आसानी होगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय है। एसएएफ के जवान दीपक रजक ने कहा कि कई बार विषम परिस्थितियों में ड्यूटी करनी होती है। मुख्यमंत्री चौहान ने हमारी मनोदशा समझी और विशेष सशस्त्र बल का भत्ता एक हजार रुपये स्वीकृत किया। कंपनी कमांडर भोजराज पटेल ने कहा कि पौष्टिक आहार के लिए राशि बढ़ाई गई है। इस निर्णय से पुलिसकर्मी गौरवान्वित हैं। इस अवसर पर अनेक पुलिसकर्मियों के परिजन भी आभार-प्रदर्शन के लिए पहुंचे और सरकार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
रिमोट द्वारा जबलपुर से 145 कि.मी. दूर सिवनी में ऊर्जीकृत हुआ पॉवर ट्रांसफार्मर
29 Jul, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : एम.पी. ट्रांसको (मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने सिवनी जिले के 132 के.व्ही. सबस्टेशन सिवनी में एक 63 एम.व्ही.ए. क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित किया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि जबलपुर से 145 कि.मी. दूर स्थापित इस ट्रांसफार्मर को बिजली कंपनी के मुख्यालय जबलपुर से पावर सेक्टर की एडवांस टेक्नालॉजी के माध्यम से ऊर्जीकृत करने में सफलता हासिल हुई है। लगभग 5 करोड़ रूपये की अनुमानित लागत से स्थापित इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सिवनी जिले की पारेषण क्षमता सुदृढ़ हुई है।
इस ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से सिवनी की 132 के.व्ही. सबस्टेशन की क्षमता बढ़कर 113 एम.व्ही.ए. की हो गई है। इससे सिवनी शहर के अलावा बरघाट, मलारा, केवलारी, कुरई, अरी, कारीरात एवं गोपालगंज ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विद्युत उपभोक्ताओं के साथ सिवनी शहर में पानी की आपूर्ति करने वाले पी.एच.ई. फीडर को काफी फायदा पहुँचेगा। अब उन्हें उचित वोल्टेज पर गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति होगी।
सिवनी क्षेत्र में पहली बार रिमोट से हुआ ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत
जबलपुर से एच.एम.आई (हयूमन मशीन इंटरफेस) तकनीक का उपयोग करते हुये कम्प्यूटर का माउस क्लिक कर 145 किलोमीटर दूर सिवनी में इस ट्रांसफार्मर को ऊर्जीकृत किया गया। सिवनी जिले में ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत करने के लिए इस तकनीक का उपयोग पहली बार किया गया है। इस तकनीक में मानव और कम्प्यूटर मशीनों के तालमेल से सबस्टेशनों के उपकरणों को नियंत्रित और संचालित किया जाता है।
सिवनी जिले की पारेषण क्षमता में बढोत्तरी
म.प्र. पावर ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यपालन अभियंता अरूण कुमार वैद्य ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से सिवनी जिले की कुल ट्रांसफारमेशन क्षमता बढ़कर 883 एम.व्ही.ए. की हो गई है। इसमें 220 के.व्ही. साइड 520 एम.व्ही.ए. तथा 132 के.व्ही. साइड 363 एम.व्ही.ए. की स्थापित क्षमता शामिल है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी सिवनी जिले में अपने 4 सबस्टेशनों के माध्यम से विद्युत पारेषण करती है, जिसमें 220 के.व्ही. के 1 सबस्टेशन तथा 132 के.व्ही. क्षमता के 3 सबस्टेशन क्रियाशील है।
नगर सरकार के नाम पर की जा रही है अवैध वसूली, थाने पहुंची शिकायत
29 Jul, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। भोपाल नगर निगम द्वारा शहर भर में हाथ ठेला और फुटपाथ पर छोटी मोटी दुकानें लगाने वाले दुकानदारों से लिया जाने वाला तहबाजारी शुल्क फिलहाल बंद कर दिया गया है। लेकिन इसके बाद भी निगम की आड़ में अवैध रूप से तहबजारी वसूलने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत ज़ोन नंबर 12 के जोनल अधिकारी ने एमपी नगर पुलिस से की है। जानकारी के मुताबिक अवैध रूप से वसूली की कंप्यूटराइज स्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। जोनल अधिकारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से मिली जानकारी के आधार पर ही लिखित शिकायत आवेदन पुलिस को दिया है। आवेदन में कहा गया है, कि नगर निगम ने हाथ ठेला फुटपाथ पर छोटा मोटा समान बेचने वालो से लिए जाने वाले तहबाजारी शुल्क को बंद कर दिया है। लेकिन तहबाजारी बन्द होने के बाद भी तहबाजारी वसूली की कंप्यूटराइज स्लिप सोशल मीडिया और समाचार पत्रों के माध्यम से सामने आई है। जांच में सामने आया कि यह पर्ची नगर निगम भोपाल कि नहीं है, और पूरी तरह अवैध है। किसी अज्ञात द्वारा अवैध वसूली की जा रही है। जारी है। जानकारी के मुताबिक अवैध वायरल कम्प्यूटरराइज्ड स्लिप जिसमे ज़ोन क्रमक 9 लिखा हुआ और ये वसूली ज़ोन क्रमांक 12 वार्ड 43 में की गई है। पर्ची पर दिनांक 25 जुलाई 2023 लिखा है, ओर 20 रुपये तहबाजारी भी लिखा गया है। जोनल अधिकारी ने एमपी नगर पुलिस को लिखित शिकायती आवेदन देते हुए मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की है।
18 दिन से लापता अधेड़ का कंकाल मिलने से फैली सनसनी, जंगली जानवरों के शिकार की आशंका
29 Jul, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के चूनाभट्टी इलाके में मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद मृतक की शिनाख्त कर ली है, जो 18 दिन से लापता थे। शुरुआती जांच के आधार पर इस बात की आशंका है, कि मृतक का जंगली जानवरों ने शिकार किया होगा। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार शाम के समय गांव में रहने वाली एक महिला लकड़ी बीनने जंगल में गई थी। जहां उसने झाड़ियों के बीच कंकाल को पढ़ा देख गांव वालों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के आसपास मिले कपड़े और अन्य सामान के आधार पर गांव वालों की मदद से उसकी पहचान 57 वर्षीय राजेंद्र सिंह परिहार पिता गोपाल सिंह परिहार निवासी वाल्मीकि परिषद कलियासोत के रूप में हुई जो ड्राइवरी करता था। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे मृतक के परिजनों ने बताया कि 11 जुलाई को राजेंद्र सिंह घर से बिना बताए कहीं चले गए थे। काफी खोजबीन के बाद परिवार वालों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट चुना भट्टी थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने बताया की इस स्थान पर कई जंगली जानवरों का मूवमेंट भी देखा गया है, यहां मगरमच्छ भी बड़ी संख्या में है। जिसके चलते मृतक का शिकार किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मृतक की खोपड़ी और एक हाथ तथा एक पाव की हड्डियां मिली है, लेकिन कंकाल का काफी हिस्सा गायब है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही सामने आ सकेगा फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में आ सकती है कमी
29 Jul, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । ओडिशा पर बने चक्रवात के बंगाल की तरफ बढ़ने और मानसून द्रोणिका के सामान्य स्थित से ऊपर की तरफ बढ़ने के कारण रविवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की भी संभावना है। बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से लगातार मिली रही नमी के कारण प्रदेश में मध्यम स्तर की वर्षा होने का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल के जिलों में मध्यम वर्षा होने की संभावना है। रविवार से मानसून की गतिविधियों में कुछ कमी आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि उत्तरी ओडिशा पर बना कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में कमजोर पड़कर ओडिशा, झारखंड एवं पश्चिम बंगाल पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बन गया है। मानसून द्रोणिका गंगानगर, नारनोल, ग्वालियर,सीधी अंबिकापुर, झारसुगड़ा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। महाराष्ट्र में एक शियरजोन (विपरीत दिशा की हवाओं का टकराव) बना हुआ है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी एवं अरब सागर से नमी आने के कारण रुक-रुककर वर्षा हो रही है। पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण आ रही नमी के कारण शनिवार से पूर्वी मप्र में मानसून की सक्रियता बढ़ेगी। इस वजह से रीवा, शहडोल, सागर संभाग के जिलों में मध्यम स्तर की वर्षा होगी। ओडिशा पर बने चक्रवात के बंगाल की तरफ बढ़ने और मानसून द्रोणिका के सामान्य स्थित से ऊपर की तरफ बढ़ने के कारण रविवार से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की भी संभावना है।उधर शुक्रवार को सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक उज्जैन में 72, सिवनी में 43, पचमढ़ी में 28, शिवपुरी में 26, गुना में 20, रायसेन में 19, सागर में 15, दमोह में 12, रतलाम में 11, इंदौर में 8.8,धार में आठ, भोपाल (शहर) में 4.2, बैतूल में तीन,सीधी में 1.9, जबलपुर, मलाजखंड में 0.6, छिंदवाड़ा में 0.4, नर्मदापुरम में 0.2, भोपाल (ऐयरपोर्ट) में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई।
पिता की राइफल से बेटे की मौत, सफाई करते समय चली गोली
29 Jul, 2023 05:20 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ग्वालियर में थाटीपुर क्षेत्र के दर्पण कॉलोनी में एक युवक की लाइसेंसी रायफल से गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने विवेचना शुरू करते हुए मृतक के शव को पीएम हाउस पहुंचाया है। मौके से राइफल बरामद की है। माना जा रहा है राइफल साफ करते समय गोली चलने से युवक की मौत हुई है।
बताया गया है कि भिंड जिले के लहार क्षेत्र के मूल निवासी और पेशे से पत्रकार एवं मैरिज गार्डन संचालक अभिषेक सक्सेना का दर्पण कॉलोनी में मकान है। मकान का ग्राउंड फ्लोर खाली रहता है और पूरा परिवार सेकेंड फ्लोर पर निवास करता है। अभिषेक अपनी राइफल लेकर ग्राउंड फ्लोर पर आया था और परिवार ऊपर की मंजिल पर था। तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई और परिवार के लोग दौड़कर नीचे आए तो नीचे अभिषेक लहूलुहान हालत में मिला और गोली लगने से उसकी मौत हो चुकी थी।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को मारी टक्कर
29 Jul, 2023 05:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
दमोह जिले के नोहटा थाना अंतर्गत दमोह-जबलपुर स्टेट हाइवे और हरदुआ सड़क के बीच दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर मौत हो गई। दमोह जबलपुर मार्ग पर शुक्रवार रात बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन कुचलता हुआ निकल गया और शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।जिले के नोहटा थाना अंतर्गत दमोह जबलपुर स्टेट हाईवे पर 17 मील और हरदुआ सड़क के बीच दर्दनाक सड़क हादसेदो युवकों की मौके पर मौत हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुल्लू यादव के सिर के टुकड़े-टुकड़े होकर सड़क पर बिखर गए और नारायण सिंह बाइक में फसकर करीब 200 मीटर दूर तक घसीटता चला गया। दर्दनाक हादसे से सड़क पूरी खून में लथपथ हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
785 बाघों के साथ मध्य प्रदेश का टाइगर स्टेट का दर्जा कायम
29 Jul, 2023 04:57 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
केंद्र सरकार ने बाघ गणना के आंकड़े जारी कर दिए हैं। मध्य प्रदेश 785 बाघों के साथ अव्वल रहा है। इस तरह मध्य प्रदेश ने अपना टाइगर स्टेट का दर्जा कायम रखा है। दूसरे स्थान पर कर्नाटक है, जहां 563 बाघ हैं, जबकि उत्तराखंड में 560 और महाराष्ट्र में 444 बाघ मिले हैं।केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शनिवार को बाघ गणना 2022 के राज्यवार आंकड़े जारी किए। वन मंत्री ने ट्वीट कर मध्य प्रदेश को बधाई दी।
उन्होंने लिखा- 'मध्य प्रदेश को बधाई! नई बाघ गणना के आंकड़ों में 785 बाघों के साथ मध्य प्रदेश देश का सबसे अधिक बाघ वाला राज्य बना हुआ है। यह मध्य प्रदेश की बाघों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है। स्थानीय समुदाय की भागीदारी के साथ गहन संरक्षण और निगरानी से ही यह संभव हो सका है।' मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 'अत्यंत हर्ष की बात है कि हमारे प्रदेशवासियों के सहयोग और वन विभाग के अथक प्रयासों के फलस्वरूप, चार वर्षों में हमारे प्रदेश में जंगल के राजा बाघों की संख्या 526 से बढ़कर 785 हो गई है। मैं पूरे प्रदेश की जनता को, वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण में उनके सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद और बधाई देता हूं। आइये हम सब मिलकर अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर भावी पीढ़ियों के लिए प्रकृति संरक्षण का पुनः संकल्प लें।'
2006 में बाघ संरक्षण प्रयासों को गति दी गई थी। इसके बाद से लगातार बाघों की संख्या बढ़ ही रही है। 2006 में 300 बाघों के साथ मध्य प्रदेश सबसे अधिक बाघों वाला राज्य था। इसके बाद 2010 में यह घटकर 257 हो गए और तब मध्य प्रदेश का टाइगर स्टेट का दर्जा कर्नाटक ने छीन लिया था। 2014 में मध्य प्रदेश में 308 बाघ थे और 2018 में 526 बाघ। 2018 में मध्य प्रदेश ने सिर्फ दो बाघ अधिक होने की वजह से कर्नाटक से एक बार फिर टाइगर स्टेट का दर्जा छीन लिया था। इसके बाद मध्य प्रदेश ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। चार साल में प्रदेश में 259 बाघ बढ़े, जबकि कर्नाटक में सिर्फ 39 बाघ। अब मध्य प्रदेश और कर्नाटक का अंतर 2018 के दो बाघ से बढ़कर 2022 में 222 का हो गया है।
मैं जिंदगी में कुछ बनना चाहती थी, लेकिन हार गई
29 Jul, 2023 04:08 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सिविल जज की तैयारी कर रही एक छात्रा ने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा ने यह कदम उठाने से पहले एक सुसाइड नोट लिखकर कमरे की दीवार पर चिपका दिया था। उसके मकान मालिक ने पुलिस को बताया है कि वह रात में रो भी रही थी।सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा है कि मैं जिंदगी में कुछ बनना चाहती थी, लेकिन मैं जिंदगी से हार गई। मम्मी-पापी मुझे माफ कर देना।
पुलिस की प्र्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिविलि जज की परीक्षा के दो प्रश्नपत्र उतीर्ण कर वह साक्षात्कर तक पहुंची थी। उसका परीक्षा छात्रा के पक्ष में नहीं था, इस कारण वह परेशान थी।मिसरोद पुलिस ने सुसाइड नोट जब्त कर लिया है। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मिसरोद थाना प्रभारी आरबी शर्मा ने बताया कि मूलत: गंजबासौदा निवासी नीलम ठाकुर (29) यहां कृष्णा इनक्लेव केंद्रीय विद्यालय के पास किराए का कमरा लेकर रहती थी।
वह एलएलएम करने के बाद सिविल जज की तैयारी कर रही थी। शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि नीलम ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो नीलम पंखे से फांसी के फंदे से झूल रही थी। उसने दुपट्टे से फंदा बनाया था।
पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भिजवाया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि नीलम मेधावी छात्रा थी, सिविल जज का साक्षात्कार दे चुकी थी, चह दोबारा से जज की तैयारी में करने में जुटी थी,लेकिन इस दौरान सिविल जज परीक्षा को लेकर नए नियम के कारण कुछ परेशान थी।हाई कोर्ट का आदेश आया की जिसके रजिस्ट्रेशन के तीन साल होगे और लॉ में 70% होंगे वही सिविल जज की परीक्षा में बैठ सकता है । इस आदेश के बाद नीलम टूट गई थी ।
कंजक्टिवाइटिस के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी
29 Jul, 2023 01:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । इन दिनों सर्दी-जुखाम, बुखार, उल्टी-दस्त के साथ आई फ्लू, यानी कंजक्टिवाइटिस के मरीज भी तेजी से बढ़े हैं, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने जहां शिविर का आयोजन किया, वहीं एक गाइडलाइन भी जारी की है, ताकि संक्रमण से बचा जा सके। शहर के नेत्र रोग विशेषज्ञों के यहां आई फ्लू पीडि़त मरीजों की जहां भीड़ बढऩे लगी तो दूसरी तरफ मेडिकल स्टोर पर आई ड्रॉप की बिक्री में भी इजाफा हो गया है। वहीं स्कूलों ने भी पालकों के लिए नोटिस भिजवाए हैं कि अगर उनके बच्चे संक्रमण का शिकार हैं तो स्कूल न भेजें। वहीं सीएमएचओ ने छात्रावासों में भी मेडिकल टीम भेजकर बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए हैं, क्योंकि बच्चों में संक्रमण तेजी से फैलता है।
बारिश के दिनों में कंजक्टिवाइटिस रोग फैलता है। हालांकि इस बार बीते कुछ वर्षों की तुलना में इसका असर अधिक देखा जा रहा है। यही कारण है कि नेत्र रोग विशेषज्ञों के पास बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं तो आई ड्रॉप की बिक्री में भी बीते 10-15 दिनों में जबरदस्त इजाफा हुआ है, क्योंकि इस बीमारी के लिए सिर्फ आई ड्रॉप ही इलाज है और चश्मा लगाने, आंखों को साफ करने से लेकर अन्य कई हिदायतें भी दी जा रही हैं। रुमाल-बिस्तर शेयर न करें। कांटेक्ट लैंस का उपयोग न करें। आंखों की सौंदर्य सामग्री का उपयोग न करें। स्विमिंग पूल का उपयोग न करें। संक्रमित व्यक्ति से दूर रहें। संक्रमित व्यक्ति अपने आपको आइसोलेट करें। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है तथा अपने आप को आइसोलेट नहीं कर पात हैं, इसलिए उनमें संक्रमण तेजी से फैलता है। संक्रमण होने पर तुरंत चिकित्सक को दिखाएं एवं चिकित्सक की सलाह से आई ड्रॉप का उपयोग करें। उन्होंने पालकों एवं विद्यालय प्रबंधन, प्रबंधकों से अनुरोध किया है कि संक्रमित बच्चों को घर पर आइसोलेट करें, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
ग्वालियर में सिंधिया बोले-मप्र में पूर्ण बहुमत से बनेगी भाजपा सरकार
29 Jul, 2023 12:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ग्वालियर पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस सरकार पर किसानों से वादाखिलाफी करने के आरोप लगाए। वहीं मध्य प्रदेश में भाजपा द्वारा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी में आने के बाद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया दूसरी बार आज ग्वालियर संघ कार्यालय पहुंचे। यहां केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अखिल भारतीय साहित्य परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्रीधर पराडक़र से मुलाकात की। करीब 15 मिनट तक उन से चर्चा के बाद संघ कार्यालय से बाहर आए सिंधिया ने कहा कि श्रीधर जी से मुलाकात करने की मेरी काफी दिनों से इच्छा थी। उन्होंने समाज सेवा के पथ पर चलकर जो कार्य किया है। उससे हम सब प्रेरित हैं और ऐसे व्यक्ति से मुलाकात करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है। मेरे परिवार का उनसे पुराना संबंध रहा है कोविड- काल में उन से पहली बार मुलाकात हुई थी। इसके बाद आज उनसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह के मध्य प्रदेश दौरे पर सिंधिया ने कहा कि अमित शाह छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान के लिए लगातार दौरे कर रहे हैं। उनके दौरों से हम सब प्रेरित हैं और पूरी पार्टी एक होकर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियों में जुटी हुई है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 18 साल के शिवराज सिंह के शासनकाल में जो विकास कार्य हुए हैं। उससे हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश में हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। कांग्रेस पार्टी द्वारा मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर किसान कर्ज माफी के नए वायदे पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की और झूठे वादे किए उस पार्टी को दोबारा हमारी प्रदेश का अन्नदाता देखने को तैयार नहीं है।
अमित शाह के सम्मेलन में विजयवर्गीय 50 हजार कार्यकर्ता जुटाएंगे
29 Jul, 2023 11:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । इंदौर से प्रदेश में भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज करने आ रहे देश के गृहमंत्री अमित शाह के कार्यकर्ता सम्मेलन में संभाग की सभी विधानसभाओं से 50 हजार लोगों को जुटाने का टारगेट रखा गया है। बड़े नेताओं के निरीक्षण के बाद यहां डोम बनाने का काम शुरू हो गया है और शनिवार तक वह तैयार भी हो जाएगा। सारी कमान विधायक रमेश मेंदोला के हाथ में दी गई है। भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने भी कल कार्यकर्ताओं की एक बैठक में स्पष्ट कहा कि सम्मेलन में लाने के लिए हमें कार्यकर्ताओं के घरों तक जाना है न कि सोशल मीडिया पर अपील करना है।
बुधवार रात 2 बजे भोपाल में तय हुआ था कि मध्यप्रदेश के चुनावी प्रचार अभियान का श्रीगणेश इंदौर से होगा। इसके पहले अमित शाह जब जिले के बारे में पूछ रहे थे तो भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि इंदौर जिला तीन दिन में सारी व्यवस्थाएं जुटा लेगा। इस पर शाह ने सहमति दी और विजयवर्गीय पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे आयोजन की तैयारी में जुट जाएं और यह ऐतिहासिक आयोजन होना चाहिए। इस दौरान संभाग प्रभारी राघवेन्द्र गौतम भी मौजूद थे। इसके बाद विजयवर्गीय गुरुवार को अलसुबह इंदौर आए और वरिष्ठ नेताओं के साथ सुबह ही मैदानों का दौरा कर लिया, उसके बाद आईटीआई के पास कनकेश्वरी गरबा मैदान का चयन कर लिया गया। चिमनबाग भी देखा गया, लेकिन वहां कीचड़ था और शहर में ऐसा कोई इंडोर स्टेडियम नहीं था, जहां इतनी भीड़ जुटाई जा सके। दोपहर में भाजपा कार्यालय में उन्होंने प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। आयोजन स्थल की कमान मेंदोला के हाथ
आयोजन स्थल की कमान मेंदोला के हाथ में रहेगी। वहां रात से ही डोम बनाने का काम शुरू हो गया है। विजयवर्गीय ने कल बैठक में कहा कि मेंदोला बहुत कम बोलते हैं और उन्होंने सिर हिलाकर जवाबदारी लेने की हामी भर दी है। आयोजन में आने वाले सभी लोगों के लिए वे भोजन उपलब्ध कराएंगे। हालांकि संख्या हमें बता दी जाए तो हम पहले से उन्हें व्यवस्था करने का बोल दें।
अमित शाह ने इंदौर के मामले में कहा कि वहां ऐतिहासिक कार्यक्रम होते हैं, इसलिए हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि ये कार्यक्रम भी ऐतिहासिक हो और पूरे देश में चर्चा होना चाहिए कि भाजपा आ गई। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत भी दी कि नेगेटिविटी छोडक़र काम करो, हमारी सरकार बन रही है।
उन्होंने विधानसभा प्रभारियों से कहा कि हमें घर-घर जाकर कार्यकर्ताओं को लाना है, क्योंकि इस सम्मेलन में कार्यकर्ता की ही भूमिका है। सभी को एक-सा टारगेट दिया गया है, लेकिन इंदौर से बूथ की टोली शामिल होगी और बाहर के जिलों से आने वाले केवल बूथ के अध्यक्ष रहेंगे और उसके ऊपर त्रिदेव भी रहेंगे, जिन्हें बूथ विस्तारक अभियान-1 के तहत नियुक्त किया गया था।
भोपाल में तेज बारिश, बड़वानी में नर्मदा खतरे के निशान से 7 मीटर ऊपर; बैतूल के मुलताई में चैक डैम फूटा
29 Jul, 2023 10:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश के कुछ जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। राजधानी भोपाल में शुक्रवार सुबह से धूप-छांव की आंख-मिचौली चलती रही। दोपहर तीन बजे के बाद तेज बारिश हुई। बड़वानी में नर्मदा नदी खतरे के निशान से 7 मीटर ऊपर बह रही है। नर्मदा के तटीय गांवों में डूब का खतरा मंडराने लगा है। राजघाट का पुराना पुल डूब चुका है। घाट के ऊपर बने दत्त मंदिर के अंदर तक पानी पहुंच गया है। जिला प्रशासन व एनवीडीए (नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण) विभाग भी अलर्ट है द्य बैतूल जिले के मुलताई ब्लॉक में वर्धा के 6 और चन्दोरा डैम के सभी आठ गेट खोल दिए गए हैं। इससे पहले जिले के सिलादेही गांव में गुरुवार रात तेज बारिश के बाद शुक्रवार सुबह चैक डैम फूट गया। ग्रामीणों ने बताया कि रात में ही डैम से रिसाव शुरू हो गया था, लेकिन सुबह होते-होते डैम का एक बड़ा हिस्सा टूट गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। तेज बारिश के चलते सडक़ से 2 फीट ऊपर पानी बह रहा है।
वहीं, पारसडोह डैम के दो गेट को दो मीटर तक खोल दिया गया है। सीईओ मनीष शेंडे ने बताया कि तेज बारिश के कारण डैम के बहने की बात सामने आई है। ताप्ती नदी उफान पर है। इसकी वजह से ताप्ती सरोवर भी ओवरफ्लो होकर बह रहा है। सरोवर के ओवरफ्लो होने पर लोगों ने ढोल की थाप पर नाचकर खुशी मनाई। मुलताई में अंभोरा नदी भी उफान पर है। यहां पट्टन में घाट-अमरावती के बीच पडऩे वाली पुलिया का आधा हिस्सा बह गया। पानी कई फीट ऊपर से बह रहा है। आवागमन पूरी तरह से बंद है। मौके पर फिलहाल प्रशासन का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौजूद नहीं है। ग्रामीणों ने ही लोगों की आवाजाही रोक दी है।
मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में अगले 2 से 3 दिन तक मानसूनी सिस्टम एक्टिव रहेगा। दक्षिण-पूर्वी हिस्से में भी बारिश का दौर चलेगा। इससे ग्वालियर, चंबल, शहडोल, जबलपुर, रीवा और सागर संभाग में कहीं-कहीं तेज पानी गिर सकता है। इसके बाद प्रदेशभर में मौसम खुल जाएगा। कुछ दिन के लिए बारिश पर ब्रेक लग सकता है। 5 अगस्त से फिर प्रदेश में तेज बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को डिंडौरी और मंडला में मध्यम से तेज बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, मंदसौर, गुना, शिवपुरी, भिंड, दतिया, श्योपुरकलां, अनूपपुर, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी तेज बारिश हो सकती है।