मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
वंदे भारत ट्रेन को एक माह पूरा, 76 प्रतिशत सीटें खाली
29 Jul, 2023 09:17 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल।इंदौर से भोपाल के बीच चलने वाली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत में सभी आधुनिक सुविधाएं हैं, लेकिन ट्रेन को पर्याप्त यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। महंगे किराये के कारण यात्रियों ने इस ट्रेन से दूरी बना रखी है। इस ट्रेन में 76।32 प्रतिशत सीटें खाली रही। एक माह में इंदौर से भोपाल के बीच 26 दिन चली वंदे भारत ट्रेन में 3262 यात्रियों ने ही सफर किया। इसमें एसी चेयर कार श्रेणी (सीसी) में 3037 और एक्जीक्यूटिव चेयर कार श्रेणी (ईसी) में 225 यात्रियों रवाना हुए। वंदे भारत में दोनों श्रेणी में 530 सीटें हैं। इसके अनुसार 13780 यात्रियों को सफर करना था। भोपाल से भी करीब 3400 यात्री इंदौर के लिए रवाना हुए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 जून को भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से इंदौर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन का शुभारंभ किया था। 28 जून से इंदौर से नियमित ट्रेन का संचालन शुरू हुआ। ट्रेन को शुरुआत से ही यात्रियों का टोटा है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों की दूरी महंगे किराये के कारण है। इंदौर से भोपाल के बीच सीसी श्रेणी में 810 रुपये और ईसी श्रेणी में 1510 रुपये किराया है। इसमें नाश्ता भी शामिल है। भोपाल से इंदौर में खाने के साथ किराया सीसी में 910 और ईसी में 1610 रुपये है। इंदौर से वंदे भारत सुबह 6।30 बजे और पांच मिनट बाद 6।35 बजे इंटरसिटी रवाना होती है। इंटरसिटी में सीसी का किराया 365 और सामान्य में 100 रुपये किराया है।
इस माह किराये में कमी संभावना
रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत ट्रेन में यात्रियों की कमी को देखते हुए सभी रेलवे जोन को किराया कम करने का निर्णय करने के अधिकार दिए हैं। पश्चिम रेलवे द्वारा वंदे भारत ट्रेन के किराये की समीक्षा की जा रही है। संभावना है कि इस माह किराये में कमी आ सकती है। 20 से 25 प्रतिशत किराये में कटोती हो सकती है।
चुनावी साल में सरकार पर दबाव की रणनीति
29 Jul, 2023 08:15 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
सतपुड़ा भवन में कर्मचारी संगठन ने किया काम बंद हड़ताल
भोपाल।मध्य प्रदेश में आने वाले विधानसभा चुनाव के पहले कर्मचारी संगठन अपने किसी भी मांग को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं है। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, वैसे वैसे कर्मचारी संगठन सरकार पर दबाव की रणनीति के तहत काम कर रहे हैं। लगातार लामबंद होकर प्रदर्शन कर रहे हैं। तकरीबन दर्जन भर से ज्यादा प्रदेश के कर्मचारी संगठन पूरी तरीके से सरकार के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर एकजुट हो चुके हैं।
वह समूचे प्रदेश में सिलसिलेवार तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले कई महीनों से अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन एक दिवसीय धरना रणनीति पर काम करने वाले कर्मचारी संगठन अब काम बंद हड़ताल के मूड में है। जिसका आगाज आज उन्होंने 4 घंटे काम बंद कर किया। प्रदेश के सतपुड़ा भवन पर अपनी 17 सूत्रीय मांगों को लेकर जुटे प्रदेश के सभी बड़े कर्मचारी संगठनों के नेता धरने पर बैठे रहे। भोजन अवकाश के बाद ही कर्मचारी संगठन अपनी मांगों पर प्रदर्शन करते नजर आए।
कांग्रेस कर्मचारियों को भडक़ाने में लगी है
अब कर्मचारी संगठनों की मांगों को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दल कर्मचारियों को अपने पाले में लाने में लगे हुए हैं। बीजेपी प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा की मानें तो कांग्रेस कर्मचारियों को भडक़ाने में लगी हुई है। सरकार ने कर्मचारियों को भरपूर दिया है और आगे भी देगी, लेकिन भडक़ाने की राजनीति कांग्रेस की चलने वाली नहीं है। दूसरी ओर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता केके मिश्रा की माने तो सरकार कर्मचारियों के साथ हमेशा छलावा करती है। उन्हें सरकार कुछ भी देने के मूड में नहीं है। हम उनके साथ है सरकार आने पर हम उनके लिए सभी मांगों पर काम करेंगे।
ये है कर्मचारियों की मांगें
इन सबके बीच में कर्मचारी जिन मांगों को लेकर आन्दोलनरत है, उनमें वह वेतन विसंगतियां, महंगाई भत्ता, पदनाम बदलने, ग्रेड पे समेत दर्जन भर से ज्यादा मांग सरकार से मनवाने में लगे हुए।
विकास पर्व के दौरान प्रदेश में लगभग 19 हजार 207 करोड़ 37 लाख के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण
28 Jul, 2023 11:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : प्रदेश में चलाए जा रहे विकास पर्व के दौरान 27 जुलाई तक लगभग 19 हजार 207 करोड़ 37 लाख 12 हजार रूपये लागत के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन/लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 27 जुलाई को जिला कटनी में विकास पर्व पर 313 करोड़ 16 लाख के भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। प्रदेश के सभी जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन का क्रम जारी है।
प्रदेश में विकास पर्व के बारहवें दिन 27 जुलाई को कुल 336 करोड़ 99 लाख 42 हजार रूपये के विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया गया। सतना जिले में 35 लाख 55 हजार, कटनी जिले में 313 करोड़ 16 लाख, नीमच जिले में 6 करोड़ 27 लाख, डिण्डोरी जिले में 1 करोड़ 26 लाख 95 हजार, रतलाम जिले में 41 लाख 69 हजार, गुना जिले में 7 करोड़ 34 लाख 9 हजार, शहडोल जिले में 1 करोड़ 51 लाख 38 हजार, इंदौर जिले में 6 करोड़ 10 लाख 38 हजार, झाबुआ जिले में 14 लाख 99 हजार, अलीराजपुर जिले में 20 लाख और आगर मालवा जिले में 20 लाख 58 हजार विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किये गये।
प्रदेश की प्रगति का पर्व है विकास पर्व
28 Jul, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रामखेलावन पटेल ने कहा है कि प्रदेश में 16 जुलाई से 14 अगस्त तक आयोजित विकास पर्व प्रगति का पर्व है। इस पर्व के माध्यम से अधिक से अधिक जन-भागीदारी को सुनिश्चित किया जा रहा है। राज्य मंत्री पटेल गुरूवार को सतना जिले के रामनगर विकासखण्ड के ग्रामों में विकास पर्व समारोह को संबोधित कर रहे थे। राज्य मंत्री पटेल ने ग्राम कालडिहा, बडखोरा, ग्राम गंगासागर में 35 लाख 55 हजार रूपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके निवारण के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।
राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि अमरपाटन क्षेत्र में बिजली की स्थिति में सुधार के लिये तेजी से कार्य किया जा रहा है। किसानों की आर्थिक स्थिति और सुदृढ़ हो सके इसके लिये राज्य सरकार किसान हितैषी योजनाओं के माध्यम से तेजी से कार्य कर रही है।
आजादी की शताब्दी वर्ष में विश्व का भरण-पोषण राष्ट्र बनेगा भारत: मंत्री परमार
28 Jul, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में भारत अमेरिका सहित अनेक देशों में खाद्य सामग्री भेजने में समर्थ हो गया है। शताब्दी वर्ष 2047 तक भारत विश्व का भरण पोषण करने वाला राष्ट्र होगा। स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार ने यह बात आज समन्वय भवन में राजपत्रित पशु चिकित्सक संघ मध्यप्रदेश के प्रांतीय अधिवेशन की अध्यक्षता करते हुए कही।
परमार ने कहा कि कृषि प्रधान देश भारत में किसानों की अतिरिक्त आय का साधन पशुपालन है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में पशु चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारत की बढ़ती कृषि आय में पशु चिकित्सकों का अपरोक्ष रूप से महत्वपूर्ण योगदान शामिल है। उन्होंने कहा कि देशी गाय पालन को बढ़ावा दें। प्राचीन सुसमृद्ध, शिक्षित विश्वगुरू भारत की तरह 2047 के भारत को गढ़ने का काम करोड़ो लोगों के समन्वय से जारी है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज विश्व का 25 प्रतिशत दुग्ध उत्पादन भारत में हो रहा है। भारत की आर्थिक उन्नति में इसकी बड़ी भूमिका है। जिसमें पशु चिकित्सकों का सर्वाधिक महत्वपूर्ण स्थान है। जिन राज्यों में कृषि के साथ पशुपालन किया जा रहा वे राज्य आर्थिक तंगी के दौर से नहीं गुजरते। प्रधानमंत्री ने इस दिशा में काफी प्रयास किये हैं। आज देश 36 करोड़ और मध्यप्रदेश के एक करोड़ 36 लाख लोग गरीबी रेखा से मुक्त हो चुके है। उन्नत ग्रामीण समाज निर्माण में पशु चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
प्रमुख सचिव पशुपालन गुलशन बामरा ने कहा कि 'वन हेल्थ कॉन्सेप्ट' आ रहा है। इसमें पशु चिकित्सकों की भूमिका अति महत्वपूर्ण होगी। प्रदेश की जीडीपी में कृषि का एक तिहाई योगदान है। जिसमें से 10 प्रतिशत पशुपालन से आता है। उन्होंने कहा पशुचिकित्सकों का वेतन पदोन्नति अन्य चिकित्सकों के बराबर है। इंटर्नशिप, स्टायपेंड भी बराबर हो जाएगा। वेटनरी थ्री टियर को विकसित करने का प्रयास जारी है। चलित पशु एम्बुलेंस योजना में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर मिले हैं।
भारतीय चिकित्सा परिषद के डॉ. उमेश चंद्र शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश के एकजुट पशु चिकित्सकों ने जिस तरह प्रदेश को अग्रपंक्ति तक पहुँचाया है, वह दूसरे राज्यों के लिये भी प्रेरणास्पद है। एक समय था जब अमेरिका मिल्क पाउडर भारत भेजता था, आज भारत सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश है। चलित पशु चिकित्सा इकाई संचालन में मध्यप्रदेश मॉडल लोकप्रिय हो रहा है। भारत में 32 करोड़ परिवारों की आजीविका साधन पशुपालन है। जिसमें पशु चिकित्सकों का सहयोग सराहनीय है। कोरोना काल भी पशु चिकित्सकों ने पूरे देश में अपनी जान की परवाह न करते हुए पशु और मानव की जो सेवा की वह प्रशंसनीय है। इस दौरान देश के लगभग 400 पशु चिकित्सकों ने अपने प्राण भी खोए। कार्यक्रम को संचालक डॉ. आर.के. मेहिया ने भी संबोधित किया।
आईवीए (महिला विंग) की अध्यक्ष लक्ष्मी सहित अधिवेशन में प्रदेश के सभी जिलों के संयुक्त संचालक और उप संचालक मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन उप संचालक डॉ. प्रियकांत पाठक और आभार प्रदर्शन संघ के महा सचिव डॉ. अनुपम अग्रवाल ने किया।
हेपेटाइटिस से बचाव ही सबसे बेहतर उपचार : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी
28 Jul, 2023 10:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा है कि हेपेटाइटिस से बचाव ही इस बीमारी का सबसे अच्छा इलाज है। हेपेटाइटिस से बचाव के लिये शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में नि:शुल्क टीकाकरण किया जाता है। मंत्री डॉ. चौधरी वर्ल्ड हेपेटाइटिस-डे पर के.एन. काटजू अस्पताल में हेपेटाइटिस-बी से सुरक्षा के लिये जागरूकता और जाँच शिविर को संबोधित कर रहे थे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. चौधरी ने कहा कि हेपेटाइटिस-बी संक्रमित माँ से गर्भस्थ शिशु में पहुँचने की संभावना होती है। इसलिये गर्भवती महिलाओं की हेपेटाइटिस-बी की जाँच अनिवार्य रूप से की जा रही है। माँ के संक्रमित होने पर बच्चे को एच.बी. इम्यूनोग्लोबिन लगाई जाती है। स्वास्थ्य संस्थाओं में ट्रिपल टेस्टिंग शुरू की गई है। बच्चों को इस संक्रमण से बचाने के लिये जन्म के समय हेपेटाइटिस का टीका लगाया जाता है। शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में हेपेटाइटिस की जाँच और उपचार नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
वरिष्ठ गेस्ट्रोएण्ट्रोलॉजिस्ट एण्ड हेपेटोलॉजिस्ट डॉ. संजय कुमार और डॉ. सारांश जैन ने हेपेटाइटिस-बी के लक्षण और बचाव के उपाय सहित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हेपेटाइटिस-बी का संक्रमण, असुरक्षित इंजेक्शन, संक्रमित खून, गोदना, नाक अथवा कान को छेदने में संक्रमित सुई के इस्तेमाल आदि से फैल सकता है। हेपेटाइटिस-ए और ई का संक्रमण दूषित खाने से होता है। हेपेटाइटिस-सी का प्रसार संक्रमित रक्त से होता है।
हेपेटाइटिस-बी के मरीजों में वर्षों तक कोई लक्षण प्रगट नहीं होते। हेपेटाइटिस-बी होने पर शरीर में दर्द, पीलिया, पेट में पानी भर जाना, लीवर में दर्द होना, खून की उल्टियाँ होना, भूख न लगना, पेट में सूजन आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। क्रॉनिक हेपेटाइटिस की स्थिति में लीवर सिरोसिस और लीवर कैंसर जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। कार्यक्रम में ओएसटी सेंटर से उपचारित व्यक्तियों ने अनुभव साझा किये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2018 में राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस कंट्रोल कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इसका उद्देश्य वर्ष 2030 तक हेपेटाइटिस-सी का उन्मूलन करना है। साथ ही हेपेटाइटिस-बी और सी से संबंधित लोगों की स्वास्थ्य जटिलताओं और मृत्यु दर को कम करना है।
दिव्यांगों के चिन्हाकन के लिए शिविर लगाएँ : निशक्तजन आयुक्त रजक
28 Jul, 2023 10:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : दिव्यांगजनों को प्राथमिकता से शासकीय योजनाओं का लाभ तथा सुविधाएँ मिले, इसके लिए जरूरी है कि उन्हें योजनाओं की जानकारी हो और वे पात्रता के अनुसार लाभ उठा सकें। निशक्तजन कल्याण आयुक्त संदीप रजक ने यह बात आज अनूपपुर में एडवोकेसी बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
आयुक्त रजक ने कहा सभी दिव्यांगों का स्पर्श पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ यूडीआईडी कार्ड बनाएँ। दिव्यांगों के चिन्हांकन का कार्य पुन: शुरू करें। उन्होंने जिले के चारों विकास खंडों में सभी 21 प्रकार के दिव्यांगों के चिन्हांकन के निर्देश दिए। प्रचार-प्रसार में जन-अभियान परिषद का भी सहयोग लें, जिससे दिव्यांगजन शासकीय योजनाओं का पात्रता के अनुसार अधिक से अधिक लाभ उठा सकें।
दिव्यांगों के लिए समन्वित विभागीय शिविर आयोजित
आयुक्त आयुक्त रजक ने एडवोकेसी बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिव्यांगों के हितार्थ विकासखंड स्तर पर विभागीय योजनाओं की जानकारी देने समन्वित विभागीय शिविर का आयोजन कर शासकीय योजनाओं से दिव्यांगों को लाभान्वित करने के कार्यक्रम करने के निर्देश दिए। दिव्यांगों को सहज सरल तरीके से स्वास्थ्य सुविधाएँ तथा मेडिकल प्रमाण-पत्र की उपलब्धता हो। स्थाई दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर भी बल दिया। विभिन्न अवसरों पर आयोजित किए जाने वाले प्रदर्शनी या मेले में दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था की जाए।
दिव्यांगों की मतदान में हो सक्रिय सहभागिता
आगामी विधानसभा 2023 सहित सभी मतदान में प्रत्येक दिव्यांगों की सहभागिता आवश्यक है। दिव्यांग मतदाता प्रजातंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदान जरूर करें जिले में दिव्यांग आईकान नियुक्त करने तथा दिव्यांगों के लिए मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा दिव्यांगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की बात कही। निर्वाचन के दौरान दिव्यांगों के माध्यम से मतदान की अपील भी जारी की जाए।
थानों में दिव्यांग जनों के केस की प्राथमिकता से हो सुनवाई
दिव्यांगजनों के पुलिस थाना में दर्ज प्रकरणों की प्राथमिकता से सुनवाई तथा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम का भी पालन सुनिश्चित हो। रजक ने कहा कि समय पर समग्र पेंशन का भुगतान सुनिश्चित हो। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को नवीन भवन के निर्माण में दिव्यांगों के बाधारहित रैंप के निर्माण की अनिवार्यता पर बल दिया। सभी शासकीय कार्यालयों में भी दिव्यांगों के लिए रैंप, रेलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पुराने सभी कार्यालयों तथा पुलिस थानों में दिव्यांगों को प्रदाय सुविधाओं की जानकारी का फ्लेक्स बोर्ड लगाने तथा उनके साथ हुई घटनाओं को जानने के लिए विशेषज्ञों की मदद लेने की बात कही गई।
बसों में दिव्यांगों के लिए सीट के आरक्षण के साथ ही 50% की दी जाए छूट
निशक्तजन कल्याण आयुक्त ने दिव्यांगजनों के लिए यात्री बसों में सीटों के आरक्षण तथा दिव्यांग जनों के लिए किराए में 50% की छूट दिए जाने के निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बसों में इस संबंध में लेख भी कराया जाए। परिवहन आयुक्त द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं जिसका परिवहन विभाग जिले में पालन सुनिश्चित कराएं।
मुख्यमंत्री चौहान ने किया पौध-रोपण
28 Jul, 2023 10:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में बरगद, कदम्ब और महुआ के पौधे रोपे। मुख्यमंत्री चौहान के साथ हरियाणा के सुभाष चंद्र विश्नोई ने पौधे लगाए, जो भूमिगत जल को बचाने का संदेश देने साइकिल यात्रा पर निकले है। विश्नोई अब तक 22 राज्यों में 23 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी करते हुए भोपाल पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री चौहान के साथ पवन शर्मा, आनंद शर्मा और शकुंतला कुशवाहा ने अपने जन्मदिवस पर पौधे रोपे। पौधरोपण में इनके परिजन भी शामिल हुए।
महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए उन्हें सुरक्षित वातावरण देना जरूरी : मुख्यमंत्री चौहान
28 Jul, 2023 09:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आधी आबादी के साथ न्याय के बिना न देश आगे बढ़ सकता है न समाज। बहन बेटियों की झिझक टूटे, उनका आत्मविश्वास और सम्मान बड़े इसी उद्देश्य से पुलिस बल में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह जैसी योजनाएं और कार्यक्रम आरंभ किए गए। जब तक हम बहन-बेटी को समाज में बराबरी पर लाकर नहीं खड़ा कर देते, तब तक हम चैन की सांस नहीं लेंगे। इसमें महिला सुरक्षा सबसे अहम है। अपराधियों में भय पैदा करने महिला हेल्प डेस्क को वाहन उपलब्ध कराकर गतिशील बनाने और महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने के लिए आरंभ किया गया "अभिमन्यु अभियान", महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री चौहान प्रदेश के थानों में काम कर रही उर्जा महिला हेल्प डेस्क की महिला पुलिस कर्मियों को दोपहिया वाहन प्रदान करने के लिए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने 250 महिला पुलिस कर्मियों की स्कूटर रैली को फ्लैग ऑफ किया। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के प्रति पुरुषों को जागरूक करने तथा महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से संचालित अभिमन्यु अभियान की पुस्तिका "अभिमन्यु" का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
बहन-बेटियों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ेगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बेटा-बेटी में भेद और घरेलू हिंसा की विकृत सोच को बदलने की जरूरत है। पुलिस में 30% महिलाओं की भर्ती से पीड़ित महिलाओं को थानों में अपनी व्यथा बयान करने और उस पर कार्रवाई कराने में मदद मिली है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम क्रूर नहीं हैं, किंतु प्राय: यह देखा गया है कि बुरी प्रवृत्ति के लोग कड़ी कार्यवाही के बिना मानते नहीं है, अपराधियों में भय पैदा करना आवश्यक है। मुख्यमंत्री चौहान ने महिला पुलिस कर्मियों का आव्हान किया कि वे आंतरिक देवत्व को जागृत कर दुर्जनों पर कार्यवाही करें और बहन बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोगी बने। इससे बहन-बेटियों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ेगा और पुलिसकर्मियों की यश और कीर्ति का विस्तार होगा।
महिला सुरक्षा के लिए संचालित अभियानों को निरंतर चलाना जरूरी
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान जैसे महिला सुरक्षा के लिए संचालित किए जाने वाले अभियानों को निरंतर चलाने की आवश्यकता है। अभिमन्यु अभियान महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने और बच्चों व युवाओं में संस्कार विकसित करने में सहायक होगा।
संकल्प को धरातल पर उतारना कहलाता है सिद्धि - गृह मंत्री डॉ. मिश्रा
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि संकल्प को धरातल पर उतारना सिद्धि कहलाता है। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं के सशक्तिकरण का जो संकल्प लिया है उसे लगातार वे धरातल पर उतारते जा रहे हैं। जब वे मुख्यमंत्री नहीं थे तब से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिये कार्य कर रहे हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना से लेकर लाड़ली बहना तक महिलाओं के आत्मबल को बढ़ाने के लिये जो कार्यक्रम किये जा सकते हैं, वे सभी उन्होंने किये है। प्रदेश में महिलाओं को नौकरियों में आरक्षण के साथ पंचायती राज संस्थाओं में सहभागिता भी सुनिश्चित की है। बेटियों के मान सम्मान के साथ प्रदेश के वातावरण को उनके लिये सुरक्षित बनाने के सभी प्रयास किये जा रहे हैं। जब बेटियों के हाथ में डंडा होता है, तो बाकी मौजूद बेटियाँ स्वयं को सुरक्षित समझती हैं, उनका आत्मबल भी बढ़ता है। महिला पुलिस की उपस्थिति में शक्ति मिलती है। मध्यप्रदेश में ही महिला अपराधों को नियंत्रित करने के लिये दुष्कर्मियों को फाँसी की सजा का प्रावधान किया गया है। प्रदेश में "ऊर्जा महिला हैल्प डेस्क" की बेटियों को प्रदाय की गई स्कूटियाँ निश्चित ही महिला अपराध रोकथाम में सहायक होंगी।
पुलिस बैंड की धुनों पर किया 250 दोपहिया वाहनों को फ्लैग ऑफ
मुख्यमंत्री चौहान ने पुलिस बैंड पर बज रही "मध्यप्रदेश पुलिस हैं हम", "यह भारत देश है मेरा" और "सारे जहां से अच्छा हिंदुस्ता हमारा" गानों की धुन पर 250 दोपहिया वाहनों की रैली को फ्लैग ऑफ किया। कार्यक्रम के आरंभ में पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने निर्भया फंड के माध्यम से महिला थानों में स्थापित हेल्प डेस्क की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री चौहान और गृह मंत्री डॉ. मिश्रा को स्मृति-चिन्ह भी भेंट किया। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा शाखा) प्रज्ञा ऋचा ने सभी का आभार माना।
चिकित्सा व्यवस्था की आत्मा हैं डॉक्टर : मुख्यमंत्री चौहान
28 Jul, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि डॉक्टर, चिकित्सा व्यवस्था की आत्मा हैं। अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों जैसी चिकित्सा अधो-संरचना का संचालन चिकित्सकों से ही संभव है। उनकी उपस्थिति और सक्रियता से ही कोई स्थान निरोगधाम बन जाता है। डॉक्टर का कार्य का एक मिशन के समान है। वे मरीज का दर्द दूर करने में अपने दिन-रात खपा देते हैं। उनके द्वारा किये गये अथक परिश्रम से ही वे भगवान के समान दर्जा पाते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान निवास कार्यालय स्थित समत्व भवन में मेडिकल कॉलेज सतना के नव-नियुक्त चिकित्सा शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र प्रदान कर संवाद कर रहे थे। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा मोहम्मद सुलेमान तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने 35 नव नियुक्त चिकित्सा शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
नव नियुक्त चिकित्सा शिक्षक, लोगों को स्वस्थ भी करेंगें और शिक्षा देने का कार्य भी करेंगे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारी संस्कृति में निरोगी काया को उत्तम सुख माना गया है। लोग स्वस्थ्य रहें, इसमें चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। नव नियुक्त चिकित्सा शिक्षक, लोगों को स्वस्थ भी करेंगे और शिक्षा देने का कार्य भी करेंगे। आप सब प्रदेश के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। इसलिये दायित्व ग्रहण करने से पहले आपको संवाद के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चिकित्सा संस्थानों का लगातार विस्तार हो रहा है। वर्ष 1965 के बाद प्रदेश में मेडिकल कॉलेज वर्ष 2006 में सागर में आरंभ किया गया। प्रदेश में जनसंख्या के अनुपात में डॉक्टरों की संख्या बहुत कम है। प्रदेश में चिकित्सा अधो-संरचना के विस्तार के साथ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। दवाओं और उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध है। शासकीय चिकित्सा व्यवस्था लगातार उन्नत हो रही है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमने तय किया है कि प्रदेश में मेडिकल की पढा़ई में भाषा को बाधा नहीं बनने देंगे, जो विद्यार्थी हिन्दी माध्यम से मेडिकल की पढ़ाई करना चाहते हैं, वे हिन्दी में अध्ययन कर सकते हैं।
चिकित्सा शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में प्रदेश स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है। मुख्यमंत्री चौहान ने जब पदभार ग्रहण किया था, तब प्रदेश में केवल 5 चिकित्सा महाविद्यालय थे, जो अब बढ़ कर 14 हो गए हैं। प्रदेश में 12 प्रायवेट मेडिकल कॉलेज हैं और लगभग 10 मेडिकल कॉलेज प्रक्रिया में है। सारंग ने नव नियुक्त चिकित्सा शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संवेदना मानव की मौलिक प्रकृति : राज्यपाल मंगुभाई पटेल
28 Jul, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि कमजोर के प्रति संवेदना और सहयोग मानव की मौलिक प्रकृति है। वसुधैव कुटुम्बकम् विश्व को एक परिवार मानना और सबको साथ लेकर चलना भारतीय संस्कृति की प्रमुख विशेषता है। शोषण और अत्याचार मानवीय विकृतियां है, जिन पर नियंत्रण की प्रेरणा और प्रोत्साहन देना, सभ्य समाज का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विमुक्त जनजातियों की महिलाओं की छोटी-छोटी चुनौतियों को समझकर समाधान के निर्णायक प्रयासों के लिए समाज को आगे आना होगा। वंचित वर्ग के प्रति सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव के लिए भी कार्य किया जाना चाहिए।
राज्यपाल पटेल आज आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा रेस लैब के सहयोग से आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। संगोष्ठी का विषय "विमुक्त जनजाति महिलाओं की चुनौतियाँ" था। कार्यक्रम के प्रारम्भ में राज्यपाल पटेल ने दीप प्रज्ज्वलन कर संगोष्ठी का शुभारम्भ किया।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि परिवार की जिम्मेदारियों का केन्द्र महिलाएं होती है। महिलाओं की पारिवारिक, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझ कर, उनके समाधान के प्रयास जरुरी हैं। उन्होंने जनजाति कल्याण कार्य के सभी हितधारकों से कहा कि समुदाय के बीच जाएं, चुनौतियों को समझें और अपने ज्ञान और प्रतिभा से समाधान के प्रयास करें। छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव के प्रेरक बनेंगे। उन्होंने जेल के बंदियों से हुई चर्चा के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि वंचित समाज के सदस्य जो राहत, बचाव के प्रावधानों से अनजान, असमर्थ है, अत्यंत मामूली अपराधों में उन्हें निरुद्ध करने की दृष्टि और दृष्टिकोण पर चिंतन किया जाना चाहिए। उन्होंने एक विद्यार्थी द्वारा फीस के अभाव में आत्महत्या की घटना का उल्लेख किया और पूछा कि क्या सभ्य समाज में ऐसी घटना होनी चाहिए।
राज्यपाल पटेल ने शिक्षित समुदाय से आहवान किया कि वह वंचितो की जरूरतों को पूरा करने में सहयोग के लिए आगे आए। समाज के दृष्टिकोण परिवर्तन में सहयोगी हो। स्वयंसेवी सस्थाओं से कहा कि योजनाओं के लाभ समुदाय के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचायें। क्रियान्वयन की दृष्टि और दिशा में संवेदनशीलता, सहृदयता का होना जरुरी है। इसके लिए समुदाय के साथ जीवंत संवाद और सम्पर्क बनाएं। शिक्षा, प्रगति की मौलिक आवश्यकता है। शिक्षा के प्रसार के साथ ही ड्राप-आऊट की चुनौतियों के समाधान के कारगर प्रयास करें। सभी व्यक्तियों को सम्मानपूर्ण जीवन समाज में मिले, संगोष्ठी इस दिशा में चिंतन करे। आवश्यक चुनौतियों और समाधान के सुझावों को संकलित करना, संगोष्ठी की सफलता होगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि विमुक्त जनजाति समुदाय विशेष कर महिलाएं उनके प्रति पक्षपाती सामाजिक सोच, जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों की पहुँच में अंतराल, स्थाई निवास आदि की चुनौतियों का सामना कर रही है। भोपाल की कार्यशाला पहली है, जिससे सामाजिक दृष्टिकोण में बदलाव और विकास के लिए आयोग ने वैचारिक स्तर पर शोध और अनुसंधान की पहल की है। उन्होंने कहा कि समुदाय के विकास के लिए भावी पीढ़ी को शिक्षा और कौशल के साथ बड़ा करने के प्रयास जरुरी हैं।
राज्य मानवाधिकार आयोग के सदस्य राजीव टंडन ने कहा कि विमुक्त जनजाति की महिलाओं की प्रमुख चुनौती समाज और विकास एजेंसियों का दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए प्रेरक का आग्रह और हितग्राही की ग्राह्यता महत्वपूर्ण कारक होते हैं। दोनों के रवैये में परिवर्तन के प्रयास आवश्यक हैं।
अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने कहा कि समुदाय की महिलाओं की चुनौतियों का समाधान, सशक्तिकरण और आर्थिक स्वावलंबन है। कौशल विकास के साथ रोजगार और स्व-रोजगार उपलब्ध कराने के कार्य किए गए हैं। स्व-रोजगार के लिए 25 प्रतिशत अनुदान पर बैंकों से ऋण और 6 से 8 प्रतिशत के ब्याज राहत के साथ पूँजी की उपलब्धता कराई जा रही है।
स्वागत उद्बोधन रेस लैब के निदेशक डॉ. वीरेन्द्र मिश्रा ने दिया। उन्होंने बताया कि संगोष्ठी की चर्चा का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। कार्यक्रम की संयोजिका मालविका ने आभार माना।
ड्राइवर को मजाक करना पड़ा महंगा, आरोपी ने डंडा मारकर सिर फोड़ डाला
28 Jul, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में एक ड्राइवर को अपने साथी से मजाक करना महंगा पड़ गया। उसके मजाक से नाराज युवक ने विवाद करते हुए सिर पर डंडा मारकर उसे घायल कर दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुभाष कॉलोनी में रहने वाले 27 वर्षीय नितिन मालवीय पिता कमल मालवीय ने अपमी शिकायत में बताया कि वह लोडिंग वाहन चलाता है। दो दिन पहले उसने अपने लोडिंग वाहन के पास खड़े परिचित गोपीचंद से मजाक करते हुए उसके कूल्हे पर हाथ मार दिया था। इस बात को लेकर गोपीचंद गुस्सा हो गया और विवाद करते हुए गाली गलौज करने लगा। नितिन ने जब उसका विरोध किया टैब गाली-गलौज मारपीट में बदल गई। इसी दौरान गोपीचंद पास ने पास पड़ा डंडा उठाकर नितिन के सिर पर दे मारा। चोट लगने से नितिन के सिर से खून निकलने लगा उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि आरोपी गोपीचंद का साथ कुलदीप और रंजीत यादव ने भी दिया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
परिवार के सामूहिक खुदकुशी करने का मामला
28 Jul, 2023 08:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
गिरोह को खाता किराए पर देने वाला जयपुर से गिरफ्तार मैकेनिक रिमांड पर
भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना इलाके में रहने वाले भूपेंद्र विश्वकर्मा ने बीती 12-13 जुलाई को अपनी पत्नी ऋतु और दो बच्चों सहित सामूहिक रूप से खुदकुशी कर ली थी। सुसाइड नोट में सामने आया कि उन्होंने ऑनलाइन कंपनी से लोन लिया था। ऑनलाइन कंपनी वाले लोन वसूली के लिए उन्हें प्रताड़ित कर रहे थे। उनकी प्रताड़ना से तंग आकर भूपेंद्र ने दिल दहला देने वाला कदम उठाया था। सनसनी के घटना में एसआईटी ने एक आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार किया है। पेशे से मैकेनिक आरोपी खलील के अकाउंट में
विश्वकर्मा के खाते से पैसे जमा हो रहे थे। पुलिस ने उसे जयपुर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर ले लिया है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ में सामने आया है, उसने निजी बैंक में खुलवाया गया अपना अकाउंट गिरोह के मुख्य आरोपी को किराये पर दिया था, इसके लिए उसे दस हजार रुपये मिलते थे। उसकी गिरफ्तारी की भनक लगते मुख्य आरोपी गायब हो गया है। पुलिस ने जब पकड़े गए आरोपी खलील की बैंक डिटेल खंगाली तब सामने आया कि उसके अकाउंट से बीते 2 महीने में करीब दो करोड़ का लेनदेन हुआ है। आरोपी के बैंक डिटेल के आधार पर पुलिस का मानना है, कि गिरोह ने कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है, जिसका खुलासा पूछताछ में होगा। साइबर अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में निजी बैंक को भी आरोपी बनाया जाएगा कि कैसे केवायसी की है। खाते में एक व्यक्ति के खाते दो माह में दो करोड़ का लेनदेन हुआ और निजी बैंक ने कोई कदम नहीं उठाया।
कछुआ पालने वाले को वन विभाग ने जेल भेजा
28 Jul, 2023 07:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । वन विभाग ने रेस्टोरेंट के संचालक को अपने रेस्टोरेंट में कछुआ रखने के आरोप में जेल भेज दिया है। रेस्टोरेंट संचालक ने वन विभाग से कछुए पालने के लिए वन विभाग की अनुमति नहीं दिखा पाया। वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी, कि बैरागढ़ के बेहटा गांव स्थित सनशाइन रेस्टोरेंट में एक कछुआ रखा गया है। वन विभाग के एसडीओ आरएस भदोरिया के अनुसार जयकुमार सबनानी के पास, कछुआ को रखने के वैध दस्तावेज नहीं थे। जिसके कारण उस पर प्रकरण बनाकर न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सावन सोमवार को मंदिरों में रुद्राभिषेक कराएगी कांग्रेस
28 Jul, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष और सभी प्रकोष्ठ प्रभारी जेपी धनोपिया ने, अपने सभी प्रकोष्ठ के साथ बैठक की। बैठक में हर त्योहार पर धार्मिक अनुष्ठान के आयोजनों की पूरी रूपरेखा तैयार की है। प्रकोष्ठ की बैठक में निर्णय लिया गया है, कि कांग्रेस,सावन माह में आने वाले प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक का कार्यक्रम आयोजित करेगी। मध्य प्रदेश के सभी जिलों के सभी शिव मंदिरों में रुद्राभिषेक,मंगलवार को हनुमान मंदिरों में सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित कराया जाएगा। भव्य कावड़ यात्रा भी निकालने के बारे में निर्णय लिया गया है। गुरुवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस धर्म एवं उत्सव प्रकोष्ठ की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।