मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
सागर के युवक ने लड़की को अगवा कर जयपुर ले जाकर किया रेप
5 Jun, 2023 01:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। कमला नगर इलाके में सागर के रहने वाले युवक द्वारा लड़की को अगवाकर दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। आरोपी की मदद भोपाल मे रहने वाली उसकी परिचित महिला ने की थी। किशोरी ने जैसै-तैसै सारी बात फोन पर परिवार वालो को बताई, इसके बाद पुलिस ने लड़की को बरामद करने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार सागर का रहने वाला आरोपी 27 वर्षीय दिनेश अहिरवार पुत्र मोहन अहिरवार मेहनत-मजदूरी करता है। भोपाल की भदभदा सब्जी मंडी में दिनेश की रानी नामक परिचित महिला रहती है। दिनेश उससे मिलने अक्सर भोपाल आता रहता था। रानी के पड़ोस में ही रहने वाली 18 वर्षीय लड़की उसके घर काम के लिए आती थी। इस दौरान दिनेश की नजर उस पर पड़ी और उसने परिचित महिला से उसकी बात करवाने को कहा। 30 मई को रानी ने दिनेश को फोन कर बुलाया और लड़की को बहला-फुसला उसके साथ भेज दिया। इधर लड़की की मॉ ने काफी खोजबीन के बाद बेटी के गायब होने की शिकायत दर्ज करा दी। उधर आरोपी लड़की को बागरोद, अशोकनगर में रहने वाली अपनी बहन के घर लेकर गया। वहॉ उसने उसके साथ जर्बदस्ती शारीरिक सबंध बनाए, और वहॉ उसे लेकर जयपुर चला गया। जयपुर में किराए का कमरा लेकर दिनेश ने लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ ज्यादती की। लड़की ने समझदारी के काम लेते हुए मौका मिलने पर मकान मालिक के फोन से अपनी मां को फोन कर सारी बात बताई। इस बात की जानकारी लगने पर मकान मालिक ने ही राजस्थान पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। वहीं लड़की की तलाश में जुटी भोपाल पुलिस को मां ने थाने जाकर सारी बात बताई। जयपुर पुलिस ने मकान मालिक की सूचना पर लड़की को सकुशल दस्तयाब कर लिया। जिसे भोपाल से पहुंची टीम लेकर आ गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जलाशयों के किनारे ग्रीन बेल्ट को किया गायब, अब सड़क बनाने की तैयारी
5 Jun, 2023 12:24 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । भोपाल विकास योजना 2031 में जलाशयों के किनारे हरितभूमि का गायब कर दिया गया है। बल्कि इनके किनारों पर सड़क बनाने की तैयारी की जा रही है। इससे नदी और नहरों के किनारे ग्रील बेल्ट कम होगा और इनके किनारे परिवहन की वजह से पानी भी दूषित होगा। इस पानी का इस्तेमाल यदि फसलों की सिंचाई के लिए किया जाता है, तो इससे खेतों की उर्वरा शक्ति भी प्रभावित होगी। बता दें कि मास्टर प्लान 2005 में मुख्य नहर के दोनों किनारों पर नौ-नौ मीटर का क्षेत्र और शाखा नहरों के दोनों किनारों पर तीन-तीन मीटर को खुला रखने और उस पर ग्रीन बेल्ट विकसित करने के प्रविधान थे। लेकिन नए मसौदे में नहरों के किनारे अब 15-15 मीटर चौड़ाई की सड़के के निर्माण की बात कही है। पर्यावरणविद् मानते हैं कि नए मसौदे में ग्रीन बेल्ट का उल्लेख ही नहीं है, जो कि भविष्य के लिए खतरनाक होगा। नहरों का पानी वायु प्रदूषण समेत अन्य कारणों से दूषित होगा और खेतों में पहुंचकर भूमि की उर्वरा शक्ति को प्रभावित करेगा। इसका असर वहां पैदा होने वाले अनाज व फल-सब्जियों पर भी पड़ेगा। यही फल, सब्जियां व अनाज आम इंसानों के उपयोग में आएंगी।
हेरिटेज के संरक्षण पर नहीं दिया गया ध्यान
मास्टर प्लान 2005 में हेरिटेज के संरक्षण और उसके निकट की निजी प्रापर्टी के विषय में कोई उल्लेख नहीं था लेकिन नवीन मसौदे में हेरिटेज के संरक्षण के साथ-साथ निजी प्रापर्टी का अधिग्रहण करने संबंधी प्रविधान भी किए जा रहे हैं, जो अच्छा कदम है। लेकिन यह प्रविधान टीडीआर के तहत किया जाना है। जब तक इसमें सस्टेनेबल डेवलपमेंट के प्रविधान को नहीं जोड़ा जाएगा तो न तो हेरिटेज को संरक्षित किया जा सकेगा और न ही शहर में संतुलित हरियाली को बचाया जा सकेगा।
यह भी रही कमियां
1. शहर की आबादी बढ़ रही है। विभिन्न अध्ययनों के मुताबिक प्रति 10 वर्ष में शहर की आबादी पांच लाख से अधिक बढ़ जाती है। इस अनुरूप शहर के तालाबों, नदियों, वन क्षेत्रों के आसपास ग्रीन बेल्ट का क्षेत्रफल बढ़ाना चाहिए। शहर में पार्कों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। शहर वन के प्रविधान किए जाने थे लेकिन ऐसा नहीं किया। मास्टर मास्टर प्लान-2005 में इनकी संख्या जो थी वही संख्या संशोधित मसौदे में है।
2. व्यावसायिक क्षेत्रों में बढ़ती आबादी के अनुरूप पार्किंग के लिए अतिरिक्त स्थानों का प्रविधान करना था जो कि न तो वर्ष 2021 में जारी मसौदे में था और न ही वर्तमान में जारी मसौदे में किया है। यह भविष्य में गंभीर समस्या बनकर सामने आएगी, लेकिन तब तक निर्माण हो चुका होगा।
ऊंचे भवन बनाने के प्रविधान, लेकिन नुकसान भी होंगे
- मास्टर प्लान 2005 में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए फ्लोर एरिया रेसो दिया था संशोधित मास्टर प्लान 2031 के मसौदे में प्रीमियम एफएआर और ट्रांसफरेबल डेवलपमेंट राइट टीडीआर जैसे नवीन प्रविधान किए गए हैं। जिससे अतिरिक्त एफएआर प्राप्त किया जा सकता है। यानी शहर के अंदर वर्टिकल डेवलपमेंट होंगे। एफएआर की सीमा में सबसे अधिक बढ़ोतरी एमपी नगर क्षेत्र में की है, जो 2.5 से बढ़ाकर पांच कर दी है। इसी तरह न्यू मार्केट क्षेत्र में इस सीमा में 2.5 से चार कर दिया है। यानी जितना अधिक एफएआर उतना अधिक खड़ा निर्माण होगा। व्यावसायिक क्षेत्रों में बहु मंजिला भवनों की ऊंचाई बढ़ने से स्थानीय तापमान और वायु प्रदूषण में वृद्धि होगी। यही नहीं, हवा के प्रवाह में भी कमी होगी।
इनका कहना
भोपाल में एक भी जगह हरितभूमि आरक्षित नहीं किया गया है। जो पहले से ग्रीन है, उसे फिर से ग्रीन लैंड घोषित कर दिया गया। उदाहरण के लिए एकांत पार्क तो पहले से ग्रीन लैंड है, उसे दोबारा ग्रीन लैंड कर दिया जाए तो इसका क्या औचित्य है।
-सुदेश वाघमारे, वन्य प्राणी और पर्यावरण विशेषज्ञ
कलियासोत और केरवा डैम के जंगलों के आसपास की 357.78 हेक्टेयर भूमि को वन विभाग को देने की बात की जा रही है। इसे हरित क्षेत्र घोषत किया गया है। यह तो पहले से हरित क्षेत्र है और 20 वर्ष से वन विभाग के पास है। वहां पर 0.7 और 0.8 डेंसिटी के जंगल हैं।
- सुभााष सी पांडे, पर्यावरणविद
मप्र के सभी जिला अस्पतालों में बनेगी कार्डियक यूनिट
5 Jun, 2023 12:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के जयप्रकाश अस्पताल में स्टेट आफ आर्ट कार्डियोलाजी सेंटर बनाया जाएगा। यह सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं से लेश होगा। इसके अलावा सभी जिला अस्पतालों में कार्डियक यूनिट बनाई जाएगी। यहां ईसीजी, ईको और टीएमटी की सुविधा मिलेगी। इसका संचालन पीपीपी से कराने की तैयारी है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मो़ सुलेमान की अध्यक्षता में पिछले दिनों हुई अधिकारियों की बैठक में यह निर्णय लिया गया है।जेपी प्रदेश का पहला जिला अस्पताल है जहां कार्डियोलाजी सेंटर बनाया जा रहा है। यहां ओपीडी के अलावा एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी, कार्डियक सर्जरी और वाल्व बदलने की सुविधा रहेगी। इसी वर्ष यह केंद्र शुरू करने की योजना है। जेपी अस्पताल परिसर में बनाए जा रहे 200 बिस्तर के नए अस्पताल में कार्डियोलाजी यूनिट बनाई जाएगी।प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में यह सुविधा एम्स, हमीदिया अस्पताल, भोपाल के अलावा कुछ मेडिकल कालेजों में ही है। भोपाल में यह केंद्र बनने से प्रदेश भर के हृदय रोगियों के उपचार की सुविधा हो जाएगी। अभी यह निर्णय लिया जाना है कि सेंटर का संचालन पीपीपी से कराया जाता है तो मशीनें सरकार उपलब्ध कराएगी या निजी कंपनी। इस केंद्र के लिए कार्डियोलाजिस्ट, कार्डियक सर्जन समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी।हृदय संबंधी बीमारियों की जल्दी पहचान और उपचार के लिए सभी जिला अस्पतालों में ईसीजी, ईको, ट्रेडमिल टेस्ट (टीएमटी) की सुविधा निश्शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। अभी ईसीजी छोड़कर किसी जिला अस्पताल में बाकी सुविधाएं नहीं हैं। निजी अस्पतालों में ईको और टीएमटी के लगभग तीन-तीन हजार रुपये लगते हैं। इसी तरह से एंजियोग्राफी 12 हजार से 15 हजार रुपये और एंजियोप्लास्टी एवं दिल की बायपास सर्जरी डेढ़-डेढ़ लाख में होती है। इस बारे में स्वास्थ्य आयुक्त डा. सुदाम खाड़े का कहना है कि जीवन शैली बदलने से गैर संचारी रोग (एनसीडी) बढ़ रहे हैं। हृदय की बीमारियां भी तेजी से बढ़ी हैं, इसलिए सभी जिला अस्पतालों में जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा जेपी अस्पताल में अत्याधुनिक कार्डियोलाजी सेंटर बनाया जाएगा।
चाकूओ से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या का प्रयास करने वाला पति जायेगा जेल
5 Jun, 2023 11:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर थाना इलाके में घात लगाकर पत्नि पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को पुलिस जेल भेजने की तैयारी में है। बताया गया है, कि पू्र्व में हुए पारिवारिक झगड़े के दौरान हुई मारपीट में पति की आंख फूट गई थी। इसी का बदला लेने के लिये पति ने उसपर धारदार हथियार से हमला किया था। थाना पुलिस ने बताया कि 27 वर्षीय दीपा विवाहिता है, और फिलहाल अपने बच्चो के साथ आनंदनगर की शिवनगर कालोनी स्थित अपने मायके में रह रही है। उसकी आठ साल पहले गोपाल यादव से शादी हुई थी। बाद में दोनों के बीच हुए विवाद में झगड़े के दौरान गोपाल की एक आंख फूट गई थी। मामला अदालत पहुंचा और दीपा बच्चो के साथ मायके में रहने लगी। वहीं गोपाल बिलखिरिया में रहने लगा। परिवार के भरण पोषण के लिये दीपा घरों में काम करने जाने लगी थी। वहीं आंख खोने के कारण पति गोपाल उससे रजिंश रखे हुए था, और उससे बदला लेना चाहता था। पति ने पत्नि को धमकी भी दी थी। इसके बाद काम पर जाने के दौरान दीपा के साथ उसका भाई भी जाता था। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे दीपा काम निपटाने के बाद अपने भाई के साथ वापस पैदल घर लौट रही थी। रास्तें में अयोध्या नगर के खाली मैदान में घात लगाकर झाड़ियों में छिपकर बैठे पति गोपाल ने अचानक उस पर चाकू से हमला कर दिया। गोपाल ने चाकू से दीपा के चेहरे पर कई वार किए। चाकू का वार रोकने के प्रयास में महिला के दोनों हाथ भी बुरी तरफ जख्मी हो गए। दीपा के भाई ने उसे बचाने का प्रयास करते हुए शोर मचाया, चीख पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग उस और दौड़े और दीपा को बचाया। पुलिस ने बताया कि हत्या के प्रयास का मामला कायम कर पति गोपाल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की तैयारी है।
मप्र के कई जिलों में आज भी पड सकती है बौछारें
5 Jun, 2023 10:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित नर्मदापुरम, जबलपुर, इंदौर, उज्जैन, सागर,ग्वालियर, चंबल संभाग के जिलों में रविवार को भी गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। अरब सागर से हवाओं के साथ नमी आने के कारण प्रदेश में बादल छा रहे हैं। साथ ही कहीं-कहीं वर्षा भी हो रही है। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के बाद हिमाचल पर मौजूद है।दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे लगे तेलंगाना पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। ईरान के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि इन चार मौसम प्रणालियों के अलावा हवा का रुख भी बार-बार बदल रहा है।वर्तमान में हवा का रुख दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है। बीच-बीच में हवा का रुख पश्चिमी एवं दक्षिण-पश्चिमी होने पर अरब सागर से हवाओं के साथ नमी आने के कारण बादल बनने लगते हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने लगती हैं। रविवार को भी पश्चिमी मध्य प्रदेश के शहरों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान तेज रफ्तार से हवाएं भी चलने के आसार हैं। शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक नर्मदापुरम में तीन, मंडला में एक, मलाजखंड में 0.6, छिंदवाड़ा में 0.4, इंदौर में 0.1 मिलीमीटर वर्षा हुई। भोपाल में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई।प्रदेश में सबसे अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया।
हाई सिक्योरिटी जोन वाले विंध्याचल भवन में फिर चोरी
5 Jun, 2023 09:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। राजधानी के हाई सिक्योरिटी वाले क्षेत्रो में आने वाले विंध्याचल भवन में बैखौफ बदमाशो ने एक ही महीने में दूसरी बार चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अरेरा हिल्स पुलिस के अनुसार विंध्याचल भवन में इन दिनों मरम्मत का काम चल रहा हैं। जिसके लिये बाहरी मजदूरों का आना-जाना लगा रहता है। इसी दिनो के बीच बदमाश विंध्याचल भवन के विभागों में लगे एसी के तार चुराकर ले गये। विंध्याचल भवन की ओर सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बताया कि घटनास्थल की जॉच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपी ने एल्युमिनियम के तार को काटा है। चोरी गये वायर की कीमत करीब पचास हजार के करीब बताई गई है। जॉच के बाद मामला दर्ज कर पुलिस आगे की छानबीन कर जारी है। अज्ञात चोर की सुरागशी के लिये पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाल रही है।
मप्र विधानसभा का मानसून सत्र जुलाई में
5 Jun, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पांच दिवसीय रहेगा सत्र, आज जारी हो सकती है अधिसूचना
भोपाल । मध्य प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र अगले महीने से शुरू होगा। सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा का मानसून सत्र 10 जुलाई से शुरू होगा। इस दौरान सदन में अनुपूरक बजट और विभिन्न विधेयकों की प्रस्तुति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों को रखें जाने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक, एमपी विधानसभा का मानसून सत्र पांच दिवसीय होगा। सत्र 10 जुलाई से शुरू होकर 14 जुलाई तक चलेगा। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सत्र के हंगामेदार होने के आसार है। विधानसभा सत्र के लिए सोमवार तक अधिसूचना जारी हो सकती है। यह 15वीं विधानसभा का आखिरी सत्र हो सकता हैं।
देखभाल के बहाने शातिर बाप-बेटे निकाल रहे थे 70 वर्षीय वृद्वा के एकांउट से रकम
5 Jun, 2023 08:00 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल। बागसेवनिया थाना पुलिस ने 70 साल की बुजुर्ग महिला के एकांउट से धोखाधड़ी कर रकम निकालने वाले बाप-बेटे के खिलाफ जालसाजी का मामला कायम किया है। आरोपी बीते कई सालो से यह चालबाजी कर रहे थे, जिसकी खबर वृद्वा को नहीं थी। थाना पुलिस के अनुसार नारायण नगर, बागसेवनिया में रहने वाली 70 वर्षीय श्यामाबाई ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि वह रेलवे से रिटायर्ड हैं। उनके पति भी रेलवे से सेवानिवृत्त हुए थे। श्यामा बाई को स्वयं की एवं पति की पेंशन भी मिलती है। उनकी कोई संतान नहीं हैं। पति बल्लभदास की मौत के बाद उनके घर दूर के रिश्तेदार रामदास नागले और उसके बेटे मनीष नागले का आना जाना अधिक हो गया था। रिश्तेदार होने के नाते वह उसकी देखरेख का दिखावा करते हुए घर के कामों में उसकी मदद करते थे। महिला के घर का सामान खरीदकर लाना और बैंक से पेंशन निकालकर लाने का काम भी कर देते थे। इसी दौरान आरोपियों की नियत बिगड़ गई और उन्होंने जालसाजीपूर्वक बैंक खाते में श्यामाबाई के नंबर की जगह खुद का नंबर लिखवा लिया। इसके बाद बैंक में होने वाले लेनदेन का मैसेज आरोपियों के मोबाइल नंबर पर आता था, जिससे महिला को इसकी कोई जानकारी नहीं रहती। शातिर आरोपियों ने यूपीआई आईडी बनाई और श्यामाबाई के एकांउट से रकम निकालने लगे। आरेपी साल 2017 से लगातार हेराफेरी कर रहे थे, कोरोना काल में भी आरोपियों ने महिला के एकांउट से रकम निकाली थी। बाद में इसकी जानकारी लगने पर श्यामाबाई ने बैंक जाकर संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें सारी सच्चाई पता चल गई। और उन्होनें पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने उनके एकांउट से सवा लाख का लेनदेन किया है। जांच के बाद पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
कलचुरी समाज का प्रदेश के विकास में अहम योगदान: मुख्यमंत्री चौहान
4 Jun, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज कलचुरी समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए और सहस्त्रबाहु भगवान मंदिर के विकास एवं सामुदायिक भवन का भूमि-पूजन किया। ई-8, अरेरा कॉलोनी वसंत कुंज,भोपाल स्थित मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री चौहान ने पूजा-अर्चना भी की। प्रारंभ में मुख्यमंत्री का समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कलचुरी समाज परिश्रमी समाज है, जिसका प्रदेश के विकास में योगदान है। समाजों के उत्थान से देश और प्रदेश का भी उत्थान होता है। समाज द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप शासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। शिक्षा और व्यवसाय के क्षेत्र में समाज के निर्धन वर्ग के विकास के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। महासभा के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कलचुरी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीप सूर्यवंशी को सम्मानित भी किया।
महापौर मालती राय, सीहोर विधायक सुदेश राय, पूर्व विधायक कोतमा दिलीप जायसवाल सहित डॉ. एल.एन. मालवीय, अरविंद वर्मा, राजेश चौकसे सहित अनेक समाज बंधु उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत पुष्पहार से किया गया। राजाराम ने स्वागत भाषण दिया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौध-रोपण किया
4 Jun, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज स्मार्ट उद्यान में नीम, आम और के पौधे लगाए। सामाजिक कार्यकर्ता आदित्य, पूजा, अंकित, कविता आरोहण, निष्ठा, संदीप सोलंकी आदि ने भी पौध-रोपण किया। बिग एफएम रेडियो की वर्षगाँठ पर आरजे पीहू सहित असलम, सुधीर, विवेक और अनुज ने भी पौधे रोपे।
बेटे-बेटियों की शिक्षा और कोचिंग में सहयोगी बने किरार समाज : मुख्यमंत्री चौहान
4 Jun, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रत्येक समाज को शिक्षा, उद्यमशीलता, पर्यावरण-संरक्षण, नशा-मुक्ति अभियान और बेटियों को सशक्त बनाने के कार्यों में अपना योगदान देना है। किरार-धाकड़ समाज भी इस दिशा में अपनी भूमिका को सक्रिय बनाये। समाज स्तर पर विद्यार्थियों को शिक्षा और कोचिंग के लिए बेहतर सुविधाएँ देकर उनका मनोबल बढ़ाये। समाज-बंधु यह संकल्प लें कि बेटियों का अपमान नहीं होने देंगे। उनके सशक्तिकरण के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि आज समाज स्तर पर निर्धन विद्यार्थियों के लिए बड़े शिक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएँ कर उनके परिश्रम और उनकी प्रतिभा को सार्थक करना है। भोपाल में किरार भवन और छात्रावास निर्माण का कार्य जारी है। समाज के ऐसे बेटे-बेटियाँ जो कमजोर वर्ग के हैं और प्रतिभाशाली हैं, उनके लिये पढ़ने और रहने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान आज भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में अखिल भारतीय किरार, क्षत्रिय महासभा और अखिल भारतीय धाकड़ महासभा के महासंगम-2023 को संबोधित कर रहे थे। अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन भी हुआ, जिसमें किरार, किराड़, धाकड़, नागर और मालव युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज सम्मेलन में मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य प्रांतों से किरार बंधु एकत्र हुए हैं। किरार समाज मुख्य रूप से खेती और उससे जुड़े कार्य करता रहा है। हल धारण करते हुएकिसान के रूप में भारत के अन्न के भण्डार भरने वाले इस समाज के पूज्य आराध्य देव धरणीधर भगवान बलराम हैं। सामाजिक प्रगति के साथ अन्य क्षेत्रों में समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है। कोई भी समाज आगे बढ़ता है तो देश भी आगे बढ़ता है। समाज की प्रगति से देश की प्रगति होती है। अपना हिन्दुस्तान दिनों-दिन आगे बढ़ेगा। अलग-अलग समाज मिलन कार्यक्रम करते हैं, जो उद्देश्यपूर्ण होते हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज समाज की प्रगति के लिए मिल कर कार्य करने की आवश्यकता है। कोरोना काल में सभी लोगों ने परस्पर सहयोग किया। जरूरतमंदों के उपचार के साथ ही निर्धन वर्ग के लिए अन्न (भोजन) की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के नाते अस्पतालों में ऑक्सीजन, औषधियों की व्यवस्था और प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहयोग सुनिश्चित करने में दिन-रात एक किया। सामाजिक संस्थाओं का सहयोग भी मिला। समाज के सशक्तिकरण के लिए एक-एक नागरिक का सहयोग जरूरी है। नशा-मुक्त समाज की रचना, हरियाली बढ़ाने, पानी और बिजली की बचत, बेटियों और बहनों के सम्मान के लिए भी इस भाव से कार्य करना है कि सम्पूर्ण दुनिया एक परिवार है। इस भाव को हर व्यक्ति प्रणाम भी करता है। साथ ही राष्ट्र के लिए अधिक से अधिक योगदान देने का भाव भी और मजबूत होना चाहिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ईश्वर ने मनुष्य को जितना भी जीवन दिया है उसे सार्थक बनाने के लिए लगातार प्रयास करना है। स्वामी विवेकानंद ने भी कहा था कि दुनिया का कोई कार्य असंभव नहीं है। आज मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने के लिए प्रत्येक क्षेत्र में आवश्यक कदम उठाए गए हैं। मध्यप्रदेश की धरती से दस्युओं को समाप्त किया गया। सिंचाई, बिजली, सड़क और पेयजल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया। कृषि क्षेत्र का विकास हुआ। मुख्यमंत्री चौहान ने लाड़ली बहना योजना से परिवारों तक प्रतिमाह पहुँचने वाली राशि को निर्धन परिवारों के लिए वरदान बताया। मुख्यमंत्री चौहान ने सम्मेलन में उपस्थित नागरिक बंधुओं का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री चौहान ने स्वागत न कराते हुए समाज के वरिष्ठजन का स्वयं स्वागत किया।
पर्यावरण-संरक्षण में भी अपना योगदान बढ़ाएँ : चौहान
किरार समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह चौहान ने कहा कि किरार समाज कृषि प्रधान समाज है। आज यहाँ समाज पदाधिकारियों का भव्य स्वागत देखने को मिला है। यह स्वागत भारतीय समाज का संस्कार हैं। आज युवक-युवती परिचय सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान समारोह भी परिणाममूलक रहेगा। गत परिचय सम्मेलन में अनेक जोड़े विवाह-सूत्र में बंधे थे। युवा यह चाहते हैं कि संबंध ऐसे परिवार में हो जहाँ सभी की भावनाओं का ध्यान रखा जाता हो। परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण है। साधना सिंह ने कहा कि हमारा समाज प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। हर क्षेत्र में योगदान दे रहा है। खेल का क्षेत्र हो या शिक्षा का, समाज-सेवा हो या शासकीय सेवा, किरार समाज सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। समाज से डिप्टी कलेक्टर और आईपीएस भी बने हैं। आज यह जरूरी है कि किरार समाज पर्यावरण-संरक्षण में भी अपना योगदान बढ़ाये। उन्होंने विभिन्न खेलों में समाज के खिलाड़ियों द्वारा अनेक मेडल जीतने का उल्लेख करते हुए सफल युवाओं को बधाई और शुभकामनाएँ दी। सिंह ने बताया कि संभावना कोचिंग संस्था से अनेक विद्यार्थियों ने कोचिंग प्राप्त कर यूपीएससी, पीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है। उन्होंने जिन अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई में कमी नहीं रखी, ऐसे सभी अभिभावकों को धन्यवाद। उन्होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र की बेटी हूँ और मध्यप्रदेश की बहू बनी। किरार समाज ने मध्यप्रदेश सहित महाराष्ट्र और अन्य प्रांतों में कोरोना काल में नागरिकों की सराहनीय मदद की। सिंह ने कहा कि समाज के लोग रोज पौधा लगाएँ। अपनी जन्म वर्षगाँठ, विवाह की सालगिराह और पूर्वजों की स्मृति में पौधे लगाये जाये। साथ ही धरणीधर भगवान बलराम की प्रतिमा घरों में लगाएँ।
प्रतिभाओं का सम्मान
किरार-धाकड़ महासंगम और अखिल भारतीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन में अनेक प्रतिभाओं का सम्मान किया गया है। वर्ष 2020 से 2023 में यूपीएससी में चयनित युवाओं और राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाले समाज के विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इनमें यूपीएससी परीक्षा में वर्ष 2020 में चयनित डिप्टी कलेक्टर विशाल धाकड़ धार, वर्ष 2021 में चयनित आईपीएस उर्वशी सेंगर ग्वालियर, सिविल जज सीमा धाकड़, विदिशा, प्राची चौधरी, सिविल जज जबलपुर, शिवम धाकड़ (आईपीएस) ट्रेनिंग- हैदराबाद, कृष्णपाल धाकड़ (फर्स्ट क्लास आफिसर) डिप्टी मैनेजर (एनएचएआई), बलराम धाकड़(सहायक आयुक्त, एम.पी.जी.एस.टी) मंडीदीप, जिला रायसेन, अनवि धाकड़(सिविल जज) मुरैना, जिला न्यायालय जबलपुर, पंकज राजपूत, मधुबाला सोलंकी(जज के लिए चयनित), जियो साइंटिस्ट दुर्गेश चौरे और आदर्श चौहान असिस्टेंट कमांडेंट के साथ ही खेल के क्षेत्र में प्राची यादव, ग्वालियर और अन्य प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। प्राची यादव ने वर्ष 2022 में पोलैंड में भारत के लिए कांस्य पदक प्राप्त किया था। अन्य खिलाड़ियों में जितेन्द्र धाकड़ श्योपुर, आशीष धाकड़, मुरैना, संगीता राजपूत ग्वालियर, रामकृष्ण बरकोरिया किरार, छिंदवाड़ा, सुमित महादुले, गोंदिया, महाराष्ट्र, तनुरी नागर सीहोर, हर्ष नागर, राजगढ़ और बालमुकुंद ठाकुर सिवनी शामिल हैं। सफल विद्यार्थियों में से जो उपस्थित नहीं थे उनके परिजन ने सम्मान प्राप्त किया।
लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेश धाकड़, पूर्व निगम अध्यक्ष राम किशन चौहान, पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, किरार महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवाजी पटेल, सुरजीत सिंह चौहान, सार्वजनिक उपक्रमों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में किरार समाज के नागरिक उपस्थित थे। प्रारंभ में रामस्वरूप पटेल ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदीप चौहान द्वारा सम्पादित विशेष स्मारिका का विमोचन किया। प्रतिभा सम्मान समारोह का संचालन ब्रजेन्द्र चौहान ने किया।
मप्र में राखी से पहले मनेगी दिवाली!
4 Jun, 2023 08:56 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
1 करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचेगी राशि, सीएम करेंगे ट्रांसफर
भोपाल । राखी का त्योहार आने में अभी समय है, लेकिन मध्य प्रदेश में राखी से पहले दिवाली मनने जा रही है। 10 जून की शाम प्रदेश के सवा लाख से अधिक परिवारों में दीये जलाकर जश्न मनाया जाएगा। चुनावी साल में प्रदेश की आधी आबादी को साधने के लिए बीजेपी सरकार के इस मास्टर स्ट्रोक के बाद कांग्रेस सरकार में आने पर महिलाओं को एक हजार के बजाय पंद्रह सौ रुपये देने का दावा कर रही है। दस जून 2023 ये वो तारीख है, जिस दिन मध्य प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख महिलाओं के खातों में बारह सौ पचास करोड़ की राशि पहुंचेगी। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बटन दवाएंगे और सिंगल क्लिक से बाहर सौ पचास करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में पहुंचेंगे। दरअसल, ये राशि लाडली बहना योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराने वाली महिलाओं के खातों में पहुंचेगी।
10 जून का दिन ऐतिहासिक
मध्यप्रदेश की एक करोड़ से अधिक लाडली बहनों के लिए 10 जून का दिन ऐतिहासिक होगा। इस दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दिल से उपजी मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना का लाभ उन्हें मिलना शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने योजना में प्रावधान किया है कि गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार की पात्र बहनों के खाते में जून माह से एक-एक हजार रुपये अंतरित किए जाएंगे। बहनों को यह राशि प्रतिमाह मिलेगी। योजना में पंजीयन कराने के अंतिम दिन तक एक करोड़ 25 लाख 33 हजार 145 बहनों ने पंजीयन करवाया। इसमें से अब तक एक करोड़ 12 लाख 57 हजार 65 बहनों के डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) इनेबल किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना अंतर्गत 30 मई तक समस्त प्रकार की आपत्तियों का निराकरण जिलों द्वारा किया गया एवं योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं की अंतिम सूची 31 मई को जारी कर दी गई है। अंतिम सूची न केवल पोर्टल पर उपलब्ध है, बल्कि जिले के समस्त निकायों द्वारा प्रत्येक ग्राम एवं वार्ड में सूची को चस्पा किया गया है। प्रदेश में लगभग 12506184 महिलाएं पात्र पाई गईं, जिनके खाते में 10 जून को 1000 की राशि प्राप्त होगी। इन्हीं महिलाओं को प्रत्येक माह 1000 रुपये मिलेंगे।
जिलेवार डीबीटी इनेबल
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना में अब तक भोपाल संभाग के भोपाल जिले में 2 लाख 78 हजार 133, रायसेन में 2 लाख 18 हजार 280, राजगढ़ में 2 लाख 63 हजार 651, सीहोर में 2 लाख 13 हजार 311 और विदिशा जिले में 2 लाख 42 हजार 758 डीबीटी इनेबल हो चुके हैं। चम्बल संभाग के भिण्ड जिले में 2 लाख 71 हजार 673, मुरैना में 2 लाख 92 हजार 179 और श्योपुर जिले में 96 हजार 266, ग्वालियर संभाग के ग्वालियर जिले में 2 लाख 73 हजार 82, अशोकनगर में एक लाख 38 हजार 918, दतिया में एक लाख 30 हजार 668, गुना में 2 लाख 2 हजार 784 और शिवपुरी जिले में 2 लाख 46 हजार 734 डीबीटी इनेबल किए जा चुके हैं। नर्मदापुरम संभाग के नर्मदापुरम जिले में एक लाख 86 हजार 979, बैतूल में 2 लाख 42 हजार 532, हरदा जिले में 81 हजार 607, इंदौर संभाग के इंदौर जिले में 3 लाख 91 हजार 443, अलीराजपुर में एक लाख 11 हजार 672, बड़वानी में 2 लाख 17 हजार 284, बुरहानपुर में एक लाख 14 हजार 354, धार में 3 लाख 32 हजार 307, झाबुआ में एक लाख 82 हजार 174, खण्डवा में एक लाख 89 हजार 782 और खरगोन जिले में 2 लाख 81 हजार 362 डीबीटी इनेबल किये जा चुके हैं। जबलपुर संभाग के जबलपुर जिले में 3 लाख 48 हजार 695, बालाघाट में 3 लाख 29 हजार 440, छिंदवाड़ा में 3 लाख 54 हजार 686, डिण्डोरी में एक लाख 17 हजार 7, कटनी में 2 लाख 14 हजार 268, मण्डला में एक लाख 83 हजार 232, नरसिंहपुर में एक लाख 92 हजार 905 और सिवनी जिले में 2 लाख 44 हजार 523 बहनों के डीबीटी इनेबल किये जा चुके हैं। रीवा संभाग के रीवा जिले में 3 लाख 61 हजार 265, सतना में 3 लाख 23 हजार 483, सीधी में एक लाख 82 हजार 121 और सिंगरौली जिले में एक लाख 71 हजार 64 डीबीटी इनेबल किये जा चुके हैं। सागर संभाग के सागर जिले में 3 लाख 62 हजार 903, छतरपुर में 2 लाख 82 हजार 253, दमोह में 2 लाख 22 हजार 552, निवाड़ी में 69 हजार 644, पन्ना में एक लाख 55 हजार 893 और टीकमगढ़ जिले में एक लाख 85 हजार 760, शहडोल संभाग के शहडोल जिले में एक लाख 68 हजार 428, अनूपपुर जिले में एक लाख 15 हजार 726 और उमरिया जिले में 94 हजार 713 डीबीटी इनेबल किये गये हैं। उज्जैन संभाग के उज्जैन जिले में 3 लाख 2 हजार 117, आगर-मालवा में 99 हजार 797, देवास में 2 लाख 45 हजार 455, मंदसौर में 2 लाख 37 हजार 421, नीमच में एक लाख 42 हजार 2, रतलाम में 2 लाख 26 हजार 378 और शाजापुर जिले में एक लाख 54 हजार 20 बहनों के डीबीटी इनेबल किए जा चुके हैं।
परशुराम जयंती पर मप्र में रहेगी सरकारी छुट्टी
4 Jun, 2023 07:53 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
ब्राह्मण महाकुंभ में मुख्यमंत्री ने की घोषणा
पुजारियों को हर महीने 5 हजार रु. देंगे
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण महाकुंभ में ऐलान करते हुए कहा, भगवान परशुराम जयंती के दिन मप्र में सरकारी छुट्टी रहेगी। संस्कृत विद्यालय के 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को 8 हजार रुपए, 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को 10 हजार रुपए प्रदान किए जाएंगे। जिन मंदिरों के पास कृषि भूमि नहीं है, वहां के पुजारियों को 5 हजार रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
रविवार को महाकुंभ भोपाल के जंबूरी मैदान में हुआ। प्रदेशभर से समाज के लोग इसमें जुटे। मुख्यमंत्री ने आगे कहा, यह हम पहले तय कर चुके हैं कि पाठ्य पुस्तकों में भगवान परशुराम जी की गाथा पढ़ाई जाएगी। मंदिरों की कोई जमीन अब कलेक्टर नीलाम (कोली/बटिया) नहीं करेगा, पुजारी जी करेंगे। ब्राह्मण आयोग के गठन की मांग पर कहा, कोई दिक्कत नहीं है। इसके लिए डिस्कस करेंगे। भोपाल में ब्राह्मण समाज के बच्चों के लिए छात्रावास की मांग पर बोले, उपलब्धता के आधार पर जमीन की व्यवस्था की जाएगी। गरीब परिवार के मेधावी विद्यार्थी की पढ़ाई चाहे मेडिकल की हो, इंजीनियरिंग की हो, फ्री में कराई जाएगी।
समाज के लोगों को टिकट की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये अध्यक्ष जी जानें। लेकिन, पर्याप्त नेतृत्व रहे, इस बात की चिंता मैं भी करूंगा। मुख्यमंत्री ने मंदिरों के सर्वे कराने की मांग भी स्वीकार की। वे लव जिहाद पर भी सख्त दिखे। कहा कि मप्र में लव तो चल सकता है, लेकिन जिहाद किसी भी कीमत पर नहीं चलने दिया जाएगा। इस तरह की हरकत करने वाले नेस्तनाबूद कर दिए जाएंगे। यह मैं वचन देता हूं। ऐसी चीजें हम मप्र की धरती पर नहीं होने देंगे।
सरकार को मंदिरों पर शासन का अधिकार नहीं
ब्राह्मण महाकुंभ में द्वारिकापीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती महाराज ने कहा, मंदिरों पर शासन करने का अधिकार सरकार को नहीं है। धर्मनिरपेक्ष सरकार किसी भी मंदिर का अधिग्रहण कैसे कर सकती है। ब्राह्मणों में अनेकता होने के कारण दूसरे लोग आप पर शासन करते हैं। जिस समाज में सभी नेता बन जाते हैं, वो समाज उत्थान नहीं कर पाता। ब्राह्मण हर पार्टी में चला गया है। अब दलगत राजनीति से ऊपर उठकर अपने समाज का उत्थान करें। धर्म परिवर्तन पर बात रखते हुए जगद्गुरु ने आगे कहा, जिस जाति से आपके माता-पिता हैं, वह जाति कभी परिवर्तित नहीं की जा सकती। इसलिए किसी को भी धर्म परिवर्तन करने की आज्ञा प्रदान नहीं की जाती है। उन्होंने कहा, जिस धर्म में हम पैदा हुए हैं, क्या उसके गुण-दोष जानते हैं? जिस धर्म का त्याग कर रहे हैं, उसमें क्या कमी है या क्या गुण और दोष हैं? और जिस धर्म में जा रहे हैं, उसके गुण या दोष जानते हैं? गुण और दोष का निर्णय करने में बौद्धिक समझ है क्या? इसी अज्ञानता के कारण लव जिहाद जैसे षड्यंत्र किए जा रहे हैं। इस बात का ख्याल रखिए कि राम हमारे आराध्य हैं, आराध्य थे और रहेंगे। कुछ लोग चाहते हैं कि तुमसे भगवान छीन लिए जाएं, लेकिन परमात्मा हमसे दूर नहीं जा सकता और हम उसके बिना नहीं रह सकते।
लव जिहाद पर गंभीरता से मंथन की जरूरत
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, ब्राह्मण समाज कमजोर नहीं है। इस देश में शासन व्यवस्था को दिशा देने का काम ब्राह्मण ने किया है। लव जिहाद के बारे में गंभीरता से मंथन करने की जरूरत है। धर्म संस्कृति के लिए हमें अपने परिवारों को संभालने की जरूरत है। ऐसे आतातायी लोग, जो समाज के अंदर इस प्रकार की चीजें करते हैं, ब्रह्म समाज के लोगों को इसके लिए ताकत के साथ खड़ा होने की जरूरत है। नहीं तो हम केवल भाषण देते रहेंगे, नीचे जमीन खत्म हो जाएगी। भोपाल की हुजूर सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, हिंदुस्तान की बेटी, बाबर-अकबर के यहां नहीं ब्याही जाएगी। अब राम-श्याम के यहां ब्याही जाएगी। अभी तो राम का मंदिर बनना शुरू हुआ है, चिंता मत करो, हर मंदिर बनेगा। भोपाल दक्षिण-पश्चिम से विधायक पीसी शर्मा ने कहा, राम के साथ सीता को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले गरीब बच्चों की फीस सरकार को भरनी चाहिए।
चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस ने किए बड़े वादे
4 Jun, 2023 06:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । चुनावी साल वाले मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्ष में बैठी कांग्रेस दोनों ही मुफ्त की योजनाओं के सहारे वोटरों को साधने में जुट गए हैं। भाजपा की सरकार जहां लाडली बहना योजना के जरिए आधी आबादी के वोटों पर नजरें गड़ाए हुए है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी नारी सम्मान योजना और मुफ्त बिजली का पिटारा खोलकर चुनावी नैया पार लगाने की कोशिश शुरू कर दी है।
राजनीतिक दलों को चुनावों में जीत के लिए सरकारी योजनाओं से कहीं ज्यादा मुफ्त की योजनाओं पर ज्यादा भरोसा है। शायद यही वजह है कि चुनावी साल वाले मध्यप्रदेश में दोनों प्रमुख दल यानी कांग्रेस और भाजपा वोटरों को मुफ्त की योजनाओं के जरिए लुभाने में लग गए हैं।
भाजपा की आधी आबादी के वोट पर नजर
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने जन्मदिन के मौके पर महत्वाकांक्षी लाडली बहना योजना को लॉन्च किया था, जिसके तहत महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 1000 रुपये की राशि डाली जाएगी। इसी महीने की 10 तारीख से मध्य प्रदेश की महिलाओं के बैंक खाते में 1000 रुपये आने शुरू हो जाएंगे और हर महीने की 10 तारीख को रकम उनके बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। 1 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल की गलियों में निकले और उन्होंने घर-घर जाकर कई हितग्राही महिलाओं को बकायदा लाडली बहना योजना के स्वीकृति पत्र भी सौंपे।
कांग्रेस ने भी लगाई चुनावी वादों की झड़ी
चुनावी साल में महिलाओं को साधने की योजना आई तो जाहिर है सियासत होनी ही थी और हुई भी। कांग्रेस ने योजना में मिलने वाली राशि कम होने का आरोप लगाते हुए घोषणा की है कि अगर कांग्रेस की सरकार बनी, तो महिलाओं को हर महीने एक हज़ार नहीं, बल्कि 1500 रुपये दिए जाएंगे। कांग्रेस ने भी मुफ्त के वादों का पिटारा जनता के सामने खोल कर रख दिया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि अगर मध्य प्रदेश में उनकी सरकार बनीं तो वह नारी सम्मान योजना की शुरुआत करेंगे। नारी सम्मान योजना में हर पात्र महिला को 1500 रुपये प्रतिमाह के साथ 500 रुपये में गैस सिलेंडर भी दिया जाएगा। यही नहीं, कमलनाथ ने ऐलान किया है कि कांग्रेस की सरकार बनी तो 100 यूनिट तक बिजली का बिल माफ कर दिया जाएगा। जबकि 200 यूनिट तक बिजली का बिल आधा कर दिया जाएगा।
किस पर भरोसा करेगी जनता
राजनीतिक दल भले ही मुफ्त की घोषणाओं से जनता को लुभाने में लगे हों, लेकिन मध्य प्रदेश की राजनीति को समझने वाले विशेषज्ञों के मुताबिक सरकारी योजनाओं का खोखलापन ही राजनीतिक दलों को मुफ्त की योजनाओं की ओर ले जाता है, लेकिन यह भी शत-प्रतिशत जीत की गारंटी नहीं है। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में किसान कर्ज माफी का ऐलान किया था, जिसका उसे जबरदस्त फायदा हुआ था और 15 साल बाद मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने में सफल हो सकी थी। अब देखना ये है कि इस विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के किस मुफ्त चुनावी वादे पर जनता अपनी मुहर लगाती है।
चुनावी साल में भाजपा फिर यात्रा के भरोसे
4 Jun, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्य प्रदेश की राजनीति में राजनीतिक यात्राओं भी बड़ी भूमिका रही है। कई बार यह गेम चेंजर भी साबित होती है।दोनो ही प्रमुख राजनीतिक दल चुनाव से पहले यात्रा के बहाने मतदाता की नब्ज टटोलते है। प्रदेश सरकार ने चार माह पहले ही हर विधानसभा में विकास यात्राएं निकाली थी। जिसमें अफसरों के शामिल होने पर कांग्रेस ने बड़ा हल्ला मचाया था। चुनाव से पहले भाजपा ने फिर जन आशीर्वाद यात्रा निकालने की रणनीति बनाई है। यह यात्रा कब से निकलेगी इसका खुलासा नहीं हुआ है।
भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस कहा कि यात्रा के कारण जनता से रुबरु मिलने का मौका मिलता है। इस साल भाजपा जन आशीर्वाद यात्रा निकालेगी और जनता के बीच सरकार की नीतियों के काम पहुंचाए जाएंगे।
नर्मदा परिक्रमा ने पलट दी थी सत्ता
पिछले विधानसभा चुनाव के पहले दिग्विजय सिंह ने नर्मदा परिक्रमा की थी। इस यात्रा में उन्होंने प्रदेश की 100 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को एकजुट करने का काम किया। इस यात्रा का सबसे ज्यादा फायदा कांग्रेस को मालवा निमाड़ में मिला था। यहां कांग्रेस की झोली मेें भाजपा से ज्यादा सीटें आई थी उसकी वजह से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। खरगोन जिले में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुल पाया था। इस बार भी कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा से उम्मीद है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मालवा निमाड़ की 30 विधानसभा सीटों से इस यात्रा के दौरान गुजरतेे थे और तब कांग्रेस एकजुट नजर आई थी। इनमें से ज्यादातर आदिवासी सीटें है। अब देखना होगा कि उसका विधानसभा चुनाव में कितना फायदा मिलता है।
मप्र में राजनीतिक यात्राओं के मायने
इस साल प्रदेेश में 5 से लेकर 25 फरवरी तक विकास यात्रा निकली। हर विधानसभा में जनप्रतिनिधि अफसरों को साथ लेकर घुमे। यात्रा के दौरान रहवासियों ने समस्याएं भी सुनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले विधानसभा चुनाव में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली थी। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों से यह यात्रा गुजरी थी। इसके बाद दो साल पहले भाजपा ने पूरे देश में जन आशीर्वाद यात्रा निकाली। जिसमें मोदी सरकार के 39 मंत्रियों ने देशभर के 200 से ज्यादा लोकसभा क्षेत्रों का दौरा किया था। इंदौर में तब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आए थे। पिछले साल नवंबर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश में 12 दिन रहे और 380 किलोमीटर पैदल चले। राहुल गांधी की यात्रा मालवा-निमाड़ की 26 सीटों से गुजरी। इन सीटों पर पिछले विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया है। इस बार भी कांग्रेस को इन सीटों फोकस है। कांग्रेस ने पिछले विधानसभा चुनाव में धिक्कार यात्रा प्रदेश भर में निकाली थी। कमल नाथ ने इस यात्रा के दौरान किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस रखा था, जिसका फायदा उसे चुनाव में मिला।