मध्य प्रदेश (ऑर्काइव)
40 साल बाद इंदौर में जुटेंगे प्रदेशभर के सेवादल के पदाधिकारी, चुनाव को लेकर होगी ट्रेनिंग
23 Apr, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । कांग्रेस की चुनावी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसको लेकर कांग्रेस सेवादल का तीन दिनी प्रशिक्षण शिविर इंदौर में रखा गया है। यहां तीन दिन तक प्रदेशभर के अपेक्षित पदाधिकारी संगठन की गतिविधियों का प्रशिक्षण लेंगे, साथ ही चुनाव में किस तरह से काम करना है, उसको लेकर भी अलग-अलग सत्र में ट्रेनिंग दी जाएगी। ऐसा ही प्रशिक्षण करीब 40 साल पहले इंदौर में हुआ था और अब एक बार फिर आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर में अखिल भारतीय सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई भी मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष योगेश यादव ने इस प्रशिक्षण शिविर की जवाबदारी शहर अध्यक्ष मुकेश यादव को सौंपी है। एक होटल में होने वाले इस प्रशिक्षण शिविर में पूरे प्रदेश से करीब ढाई सौ पदाधिकारियों के भाग लेने की संभावना है। इनमें जिले और शहर के अध्यक्ष सहित प्रदेश पदाधिकारी भी शामिल होंगे। शिविर की खासियत यह होगी कि तीन दिन तक पदाधिकारियों को यहीं रहना होगा और यहां से कोई बाहर नहीं जा सकेगा।
प्रशिक्षण शिविर में राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह भी एक सत्र लेने आएंगे। इसके साथ ही अरुण यादव, सुरेश पचोरी, पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र जोशी, जीतू पटवारी, सज्जनसिंह वर्मा, सत्यनारायण पटेल आदि भी मौजूद रहेंगे।
शिविर में बूथ मैनेजमेंट, आज के परिवेश में कांग्रेस की भूमिका, सेवादल की भूमिका, अनुशासन का महत्व, संगठन निर्माण के साथ-साथ विधानसभा चुनाव को लेकर भी एक सत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
संगठन खड़ा करने पर है कांग्रेस का फोकस
23 Apr, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मप्र कांगे्रस का फोकस अब अपने कमजोर संगठन को मजबूत करने पर है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इसे खुद स्वीकार भी कर चुके हैं। इसी कमजोर संगठन के भरोसे कांगे्रस के नेता प्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने का दावा जरूर कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा के मजबूत संगठन से भिडऩे के लिए कांग्रेस के पास संगठन नहीं है। इसके लिए कमलनाथ ने पार्टी के अलग-अलग विभाग एवं प्रकोष्ठों के प्रमुखों को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक अपना-अपना संगठनात्मक ढंाचा खड़ा करने को कहा है। लेकिन इन नेताओं की समस्या यह है कि उन्हें एक नियुक्ति के भी अधिकार नहीं है। सारे अधिकार कमलनाथ के पास हैं। यही वजह है कि कांग्रेस अपना संगठन खड़ा नहीं कर पा रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी जिलों के अलावा ब्लॉक स्तर पर पदाधिकारी घोषित कर दिए हैं, लेकिन ज्यादातर जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष अभी तक अपनी टीम नहीं बना पाए हैं। जबकि कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए संगठन मजबूत करने का दावा कर रही है। हालांकि पीसीसी में बैठे संगठन के पदाधिकारी लगातार जिलों एवं ब्लॉक पदाधिकारियों से पत्राचार कर रहे हैं, लेकिन यह कार्यक्रम सिर्फ पत्राचार तक सीमित है। इसी तरह सभी प्रकोष्ठों के समन्वय जेपी धनोपिया भी अभी तक सभी जिलों में प्रकोष्ठों की टीम तैयार नहीं कर पाए हैं। धनोपिया की परेशानी यह है कि उन्हें हर नियुक्ति के लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ के पास जाना पड़ता है। पीसीसी चीफ लगातार जिलों का प्रवास कर रहे हैं, ऐसे में उनसे मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता है। हालांकि भोपाल में प्रवास के दौरान रोज शाम को पीसीसी से बुलाकर पदाधिकारियों से फीडबैक लेते हैं।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदाधिकारियों ने नियमित तौर पर बैठना जरूर शुरू कर दिया है, लेकिन इनमें से ज्यादातर के पास कोई बड़ा काम नहीं है। चूंकि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए टिकट के लिए दावेदारों का आना-जाना बढ़ गया है। इसलिए पदाधिकारी अपने-अपने कक्ष में जाकर चेहरा दिखाने के लिए बैठे दिखाई दे रहे हैंं। जबकि जिन पदाधिकारियों को पीसीसी में चुनाव और संगठन से जुड़ा काम दे रखा है, उनके बीच बेहतर तालमेल की कमी दिखाई दे रही है।
पीसीसी चीफ कमलनाथ ने यूं तो प्रवक्ताओं की लंबी सूची चौड़ी सूची जारी कर दी है। जबकि पीसीसी चीफ से लेकर प्रदेश कांग्रेस की मीडिया के माध्यम से छवि चमकाने की जिम्मेदारी मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा और कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले के भरोसे हैं। दोनों नेता ही सरकार और भाजपा पर हमलावर बने हुए हंै। जबकि कांग्रेस के ज्यादातर प्रवक्ता ट्वीटर और सोशल मीडिया से आगे नहीं बढ़े हैं। इतना ही नहीं कांग्रेस की मीडिया टीम की बैठक व्यवस्था बदली गई है। कुछ पदाधिकारियों को आधारतल पर बैठने की जगह दे दी है। नई व्यवस्था से मीडिया के कुछ पदाधिकारी मुंह फुलाए घूम रहे हैं।
किरार बाहुल्य सीटों पर कार्तिकेय चौहान ने बढ़ाई सक्रियता
23 Apr, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने समाजों केा साधना शुरू कर दिया है। ऐसे में किरार समाज बाहूल्य सीटों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान भी खासे सक्रिय हैं। खास बात यह है कि कार्तिकेय पार्टी के बैनर तले क्षेत्र में नहीं पहुंच रहे हैं। बल्कि समाज के बीच संपर्क बढ़ा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भोपाल, ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में किरार बाहुल्य सीटों का दौरा किया है।
कार्तिकेय सिंह चौहान ने अभी तक अधिकृत तौर पर भाजपा के मंच पर बड़े नेताओं की उपस्थिति में सभाएं करना शुरू नहीं किया है, लेकिन वे समाज के तौर पर चुनाव क्षेत्रों में पिछले 5 साल से सक्रिय है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी कार्तिकेय सिंह चौहान खासे सक्रिय रहे थे। 2020 के उपचुनाव में कार्तिकेय सिंह चौहान ने ताबड़तोड़ सभाएं की थी। हालांंकि इन संभाओं के मंच भाजपा के बैनर पोस्टरों से सजे थे, लेकिन भीड़ समाज के लोगों की थी। अब चुनाव से पहले कार्तिकेय सिंह चौहान एक बार फिर किरार समाज के बीच पहुंच रहे हैं।
कार्तिकेय सिंह चौहान बुधनी विधानसभा क्षेत्र में खासे सक्रिय रहते हैं। वे हर साल टूर्नामेंट कराते हैं। साथ ही क्षेत्र के लोगों के बीच नियमित रूप से पहुंचते हैं। साथ ही जनसंवाद भी करते हैं। लोगों की समस्याओं का निराकरण भी करवाते हैं।
13 हजार से अधिक किसानों ने नारकोटिक्स को सौंपा अफीम
23 Apr, 2023 05:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मौसम की अनुकूलता और किसानों की मेहनत से जिले की माटी ने इस बार बंपर काला सोना उगला है। इस बार अफीम की क्वालिटी भी बेहतर रही और उत्पादन भी अच्छा हुआ है। अफीम के बेहतर उत्पादन होने से इस बार किसानों के अफीम पट्टे निरस्त होने की गुंजाइश कम लग रही है। मंदसौर में नारकोटिक्स विभाग द्वारा अफीम तोल की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। वहीं सीपीएस पद्धति से डोडा तौल की प्रक्रिया की जा रही है।
मंदसौर जिले में नारकोटिक्स के तीन खंड है। इन तीन खंडों से जिले में 19 हजार से अधिक किसान है जिन्हें नियमित और सीपीएस के पट्टे जारी किए गए थे। इसमें से 13 हजार 111 किसानों ने तीनों खंडों में 88971 किलोग्राम से अधिक अफीम का तौल कराया। नारकोटिक्स विभाग ने किसानों को 9 करोड़ से अधिक का भुगतान किया। विभाग द्वारा खरीदा गया अफीम नीमच की अल्कोलाइड फैक्ट्री भेजा गया है। फेक्ट्री में अफीम की मार्फिन टेस्ट होने के बाद किसानों को बचा हुआ तीसरी भुगतान भी किया जा रहा है। उधर सीपीएस के पट्टेधारी किसानों का तौल तीनों ही केंद्रों पर अंतिम चरण में है।
इस वर्ष जिले के 553 गांवो के 19 हजार काश्तकारों को लांसिंग और सीपीएस पद्धति से अफीम की खेती करने के लिए नारकोटिक्स विभाग ने लाइसेंस जारी किए थे। जिले में लासिंग पद्धत्ति 13209 पट्टे जांरी हुए इनमे 13 हजार 111 किसानों से 88 हजार 971 किलो अफीम नारकोटिक्स विभाग ने खरीदी । इसका 9 करोड़ भुगतान किया गया। पहले खंड में 4565 किसानों ने 32681 किलोग्राम तो दूसरे खंड में 4747 किसानों ने 28749.6 किलोग्राम व तीसरे खंड में 27547.845 किलोग्राम अफीम तोल के दौरान विभाग को दी। तोल की औसत अनुमानित 61.66 किलोग्राम प्रतिहेक्टेयर रही है। वहीं 6142 सीपीएस पट्टेधारी किसानों के अफीम के डोडे का तौल की प्रक्रिया अंतिम चरणों में है।
और महंगा हुआ पुरानी बाइक कार खरीदना- बेचना
23 Apr, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । पुराना वाहन खरीदना- बेचना अब और महंगा हो गया है। सरकार ने इस पर एक और टैक्स लगा दिया है। इसके अलावा बगैर पीयूसी सार्टिफिकेट अब री-रजिस्ट्रेशन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आठ साल पुराने वाहनों को खरीदने बेचने और 15 साल पुराने वाहनों को री रजिस्ट्रेशन कराने पर अब आपको ग्रीन टैक्स की राशि जमा करानी होगी। केवल 10 फीसदी राशि जमा कर अपना वाहन कंडम घोषित करवा कर नए वाहन पर छूट प्राप्त कर सकेंगे।
दोपहिया वाहनों पर 500 रुपए, चार पहिया पर 1000 से 1500 रूपए ग्रीन टैक्स के दायरे में उन वाहनों को लाया गया है, जो 8 साल पुराने है। इन वाहनों को जब आप खरीदेंगे या बेचेंगे तो आपको ग्रीन टैक्स देना होगा। दोपहिया वाहनों पर 500 रुपए, जबकि चार पहिया पर 1000 से 1500 टैक्स लगता है। 15 साल पुराने वाहनों पर 6 हजार टैक्स लगेगा।
अब परिवहन विभाग के ऑनलाइन खाते में वाहन पर होने वाली गणना के हिसाब से जमा करानी होगी ये राशि ,इसके अलावा बगैर पीयूसी सर्टिफिकेट अब री-रजिस्ट्रेशन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। अब परिवहन विभाग के ऑनलाइन खाते में वाहन पर होने वाली गणना के हिसाब से ये राशि जमा करानी होगी। पुराने टैक्स पर 90 प्रतिशत छूट, केवल 10 फीसदी राशि जमा कर अपना वाहन कंडम घोषित करवा कर नए वाहन पर छूट- यदि आप 31 मार्च 2024 तक अपना बरसों पुराना वाहन कंडम घोषित कराने के लिए लाते हैं तो इस पर बकाया ट्रांसपोर्ट टैक्स एवं पेनाल्टी का 90 फ़ीसदी हिस्सा माफ कर दिया जाएगा। इस प्रकार केवल 10 फीसदी राशि जमा कर अपना वाहन कंडम घोषित करवा कर नए वाहन पर छूट प्राप्त कर सकेंगे।
मानव दवा का उपयोग कर गायों को बनाया गर्भवती
23 Apr, 2023 03:04 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
जबलपुर । वेटरनरी विश्वविद्यालय जबलपुर डॉक्टरों ने जानवरों में गर्भधारण की समस्या को दूर करने के लिए शोध शुरू किया। विशेषज्ञों ने इंसानों की दवा का उपयोग जानवरों में करने की नवीन तकनीकी विकसित की। यह प्रयोग सफल रहा।
विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने गायों के बांझपन की समस्या को दूर करते हुए,5 गायों को गर्भवती बनाने में सफलता हासिल की है।
वेटरनरी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने कहा, गाय का पेट कई हिस्सों में होता है। उसके पेट में दवा पहुंचाना आसान काम नहीं था। वैज्ञानिकों ने गाय के रूमन और रेटिकुलम पेट को बाईपास कर आबेशम और ओमेजम पेट के हिस्से तक दवा पहुंचाई गई। यह तरकीब काम कर गई।
वैज्ञानिकों के अनुसार वर्षों पूर्व नीला थोथा का प्रयोग बाँझपन दूर करने के लिए होता था। इस आधार पर ह्यूमन दवा का उपयोग पशुओं में करने का फैसला लिया गया। गाय के वजन के अनुसार मात्रा तय की गई।
इस कार्य में फार्मोकोलॉजी के एचओडी डॉ आरके शर्मा की मदद से डॉक्टर पुष्पेंद्र मरावी, डॉक्टर शामंकर समन, डॉ नितिन बजाज डॉक्टर आदित्य मिश्रा ने मिलकर काम किया। 4 माह में यह असाधारण सफलता दांतों को मिली। विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने कहा, इसके पहले इजरायल में इंजेक्शन से पशुओं के बांझपन को दूर करने पर एक शोध हुआ था। इसके बाद जबलपुर वेटरनरी विश्वविद्यालय ने इस तरीके का शोध किया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने जामुन, आम और सतपर्णी के पौधे लगाए
22 Apr, 2023 09:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज श्यामला हिल्स स्थित उद्यान में जामुन, आम और सतपर्णी के पौधे लगाए। मुख्यमंत्री चौहान के साथ आज किसान मोर्चा के दर्शन सिंह चौधरी, पुरुषोत्तम शर्मा, प्रमोद चौधरी, बृजेश तिवारी, विवेक अहिरवार, महेश मालवीय और आशुतोष जाट ने भी पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान के साथ न्यूज़ 18 न्यूज चैनल के सीनियर एडिटर सुधीर दीक्षित सहित शैलेन्द्र भदौरिया, अनुराग श्रीवास्तव, बासु चौरे, जितेन्द्र शर्मा, रंजना दुबे, अनुमिता, अधीरा दीक्षित, रमाकांत दुबे और सामाजिक कार्यकर्ता प्रार्थना चौहान, दुर्गा चौहान, वंशिका चौहान, आर्यन चौहान ने भी पौध-रोपण किया।
मुख्यमंत्री चौहान ने वीआईपी रोड पर दुर्घटनाग्रस्त युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया
22 Apr, 2023 09:15 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्मार्ट पार्क में पौध-रोपण के बाद लालघाटी कार्यक्रम में जाते समय वीआईपी रोड पर एक युवक को दुर्घटनाग्रस्त होते देखा और उसे तुरंत अस्पताल भिजवाने के लिए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने अपना काफिला रूकवाया और खानूगांव के निवासी युवक साजिब एवं एक अन्य युवक को इलाज के लिए एंबुलेंस द्वारा अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। इसके बाद वे अपने कार्यक्रम के लिए रवाना हुए।
भोपाल के वीआईपी रोड पर आज सुबह लगभग 11 बजे लालघाटी चौराहे से खानूगांव की ओर तेज गति से जा रही कार संतुलन बिगड़ने से सड़क पर पलट गई। कार में दो युवक सवार थे। मुख्यमंत्री चौहान के निर्देश पर तुरंत 100 डायल कर एंबुलेंस से अस्पताल पहुँचाने की कार्रवाई की गई। मुख्यमंत्री खुद पायलट वाहन में बैठ कर घायलों के पास पहुँचे और उनके उपचार की व्यवस्था कर जल्दी स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने इनके उपचार संबंधी निर्देश अस्पताल को भिजवाए। इस दौरान मुख्यमंत्री चौहान ने मौजूद मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई भी दी।
गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन : मुख्यमंत्री चौहान
22 Apr, 2023 09:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। भगवान परशुराम न्याय के देवता थे। उन्होंने आततायियों का नाश करने शस्त्र उठाए थे। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुण्डे, बदमाश और नक्सलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में भगवान परशुराम के जीवन-चरित्र को शामिल करने, संस्कृत और कर्मकांड का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और पुजारियों को मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में आवश्यकता पड़ने पर संस्कृत शिक्षकों को नियुक्त करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की भूमि के संबंध में आवश्यक अधिकार भी रहेंगे। मुख्यमंत्री चौहान आज गुफा मंदिर परिसर भोपाल में बागेश्वर धाम के स्वामी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज जी के सानिध्य में भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर अक्षयोत्सव-2023 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में परशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के कार्य में ब्राह्मणों ने विशेष योगदान दिया है। विभिन्न अवसरों पर आवश्यक कर्मकांड के लिए शिक्षित और दीक्षित ब्राम्हण अपने दायित्व पूरे करते हैं। प्रदेश में 3547 संस्कृत शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। शासकीय विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए और भी नियुक्तियाँ की जाएंगी। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
जन्मोत्सव कार्यक्रम में गुफा मंदिर के महंत रामप्रवेश दास, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, सांसद विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर मालती राय, भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा, शशि भाई सेठ, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री चौहान ने इसके पूर्व लालघाटी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर पहुँच कर अक्षय तृतीया पर पूजा अर्चना की। दुर्गा मंदिर से गुफा मंदिर परिसर तक शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री चौहान का स्वागत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।
कांग्रेस सभी विस क्षेत्रों में चलाएगी परिवर्तन संकल्प अभियान
22 Apr, 2023 08:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में परिवर्तन संकल्प अभियान चलाएगी। इस दौरान आमजन को भाजपा के 18 साल के कथित कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए संकल्प दिलाएंगे। मंडल, सेक्टर और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की जाएंगी। नवंबर में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने अब कमर कस ली है। तत्कालीन कांग्रेस सरकार की उपलब्धि और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ द्वारा सरकार बनने पर किए जाने वाले कार्यों को लेकर जो घोषणाएं की गई हैं, उन्हें प्रचारित किया जाएगा। पार्टी के निष्क्रिय कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें सक्रिय करने और सरकार द्वारा प्रताड़ित कार्यकर्ताओं की जानकारी भी जुटाई जाएगी। प्रत्येक विधानसभा में एक जनसभा होगी। प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव अभियान को लेकर कार्ययोजना तैयार की है। इसमें सर्वाधिक जोर बूथ प्रबंधन पर रहेगा। वरिष्ठ नेता बूथ, मंडलम और सेक्टर समितियों के साथ ही सभी सहयोगी संगठनों द्वारा मतदान केंद्र स्तर पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करेंगे। विधानसभा क्षेत्र के जातीय और सामाजिक समीकरणों को देखते हुए प्रभावशाली लोगों से संपर्क करके उनकी अपेक्षाएं जानी जाएंगी। कार्यकर्ताओं के साथ सरकार के इशारे पर दर्ज हो रहे झूठे प्रकरणों की सूची तैयार की जाएगी। पार्टी ने तय किया है कि मतदाताओं को तत्कालीन कमल नाथ सरकार के समय हुई किसान कर्जमाफी और बिजली की दरों में कमी याद दिलाई जाएगी। आदिवासी क्षेत्र में साहूकारी ऋण से मुक्ति, धार्मिक स्थलों के विकास के साथ अन्य योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। साथ ही सरकार में आने पर महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये महीना सम्मान निधि, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, पुरानी पेंशन की बहाली करने सहित जो अन्य वचन दिए गए हैं, उनका प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्रों में होने वाली सभाओं में प्रमुख स्थानों पर पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य, महाकोशल, मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 16 स्थानों पर बड़ी सभाएं होंगी। परिवर्तन संकल्प अभियान के दौरान वरिष्ठ नेताओं का रात्रि विश्राम भी विधानसभा क्षेत्रों में होगा। इस दौरान वे पार्टी के नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करके बूथ प्रबंधंन पर चर्चा करेंगे। सामूहिक भोज होगा, जिसमें सभी सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा अब दो मई से
22 Apr, 2023 07:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2023 परीक्षा की नई तारीख घोषित कर दी गई है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा घोषित तारीख के अनुसार अब यह परीक्षा दो मई से होगी। पूर्व में यह आनलाइन परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू होने वाली थी।उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 26 अप्रैल तक ग्रुप-2 (सब ग्रुप-4) सहित पटवारी भर्ती परीक्षा चल रही है। ऐसे में शिक्षक पात्रता परीक्षा के उम्मीदवार परेशान थे कि उनकी परीक्षा 25 अप्रैल से शुरू होने वाली थी और प्रवेश पत्र भी जारी नहीं किए गए।जानकारी के अनुसार उम्मीदवारों को माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा-2023 की तिथि बढ़ने से अब काफी हद तक राहत मिली है। मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) के अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को शीघ्र ही प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इस संबंध में मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
सहारा इंडिया का जोनल अधिकारी गिरफ्तार
22 Apr, 2023 06:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । राजधानी के सहारा इंडिया कंपनी के जोनल अधिकारी श्यामलापल्ली अवधपुरी निवासी शिवाजी सिंह (50) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जोनल अधिकारी पर 97 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप है। इस मामले में वह पिछले तीन महीने से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ जनवरी महीने में 55 लोगों ने शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने जोनल अधिकारी समेत आठ अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। केस दर्ज होने के बाद सभी आरोपित फरार चल रहे थे।जोनल अधिकारी की गिरफ्तार के बाद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।थाना प्रभारी सुधीर अरजरिया के मुताबिक फरियादी जगदीश मूलचंदानी (51) निवासी ए-सेक्टर पिपलानी समेत करीब 55 लोगों ने शिकायत की थी। फरियादी ने पुलिस को बताया कि सहारा इंडिया कंपनी की विभिन्न पॉलिसियों और एफडी में पैसा निवेश किया था। सभी आवेदकगणों का लगभग 97 करोड़ रुपए कंपनी द्वारा मैच्योरिटी पूर्ण होने के बाद भी नहीं लौटाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गत 30 जनवरी 2023 को आरोपित शिवाजी सिंह जोनल अधिकारी और सत्यप्रकाश श्रीवास्तव डिवीजन अधिकारी के साथ ही बीके श्रीवास्तव, अलख सिंह, करुणेश अवस्थी, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, ओमप्रकाश श्रीवास्तव और सुब्रत राय (सभी डायरेक्टर) सहारा इंडिया कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया था।
भोपाल के आर्चबिशप ने शहरवासियों को ईद उल फितर की मुबारकबाद दी
22 Apr, 2023 05:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । महाधर्मप्रांत ने मुस्लिम भाईयों और धर्मगुरूओं को ईद उल फितर की मुबारकबाद दी। आर्चबिशप के साथ पी.आर.ओ. फा. मारिया स्टीफन, फा. अल्फ्रेड डिसूजा.,और ईसाई प्रतिनिधियों ने प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरूओं से मिलकर उन्हें त्यौहार की बधाई दी। आर्चबिशप ए.ए.एस. दुरईराज ने अपने संदेश में शहरवासियों को ’ईद-उल-फ़ितर’ की हार्दिक शुभकामनायें देते हुए कहा - ईद का त्यौहार अपने साथ खुशियां और मेल मिलाप का संदेश लेकर आता है। खुशियों का यह त्यौहार सामाजिक एकता को प्रगाढ़ करने के साथ भाईचारे की भावना को विश्व में बढ़ाता है। रमजान मुस्लिम कैलेंडर में महीने का नाम है, जिसके दौरान सभी मुसलमानों द्वारा अनिवार्य उपवास या रोजा रखा जाता है। ’ईद-उल-फ़ितर’ महीने के अंत में नए चंद्रमा के दर्शन मिलने के बाद उपवास तोड़कर पर्व मनाया जाता है।
सीएम शिवराज ने गुफा मंदिर में आयोजित 'अक्षयोत्सव 2023' में पधारे पंडित धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत कर आशीर्वाद लिया
22 Apr, 2023 04:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल | भगवान परशुराम की जयंती पर शनिवार को गुफा मंदिर के कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत हिंदू राष्ट्र बनेगा। वर्तमान के सनातनी को शस्त्र और शास्त्रद्ध दोनों की जरूरत हैं।पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि दादा परशुराम सिर्फ ब्राह्मणों के नहीं है। दादा परशुराम दुनिया में रहने वाले जीवों के हैं। जिन्होंने पूरे विश्व के कल्याण के लिए हाथ में फरसा उठाया। लोग कहते है कि दादा परशुराम ने भूमि को 21 बार क्षत्रिय विहीन की। आज हमने देखा कौन ब्राह्मण, कौन क्षत्रिय, कौन वैश्य, कौन सेवक। आज तो सब सनातनी नजर आ रहे है। यहां एक एक सनातनी हिंदू बैठा है। शास्त्री ने कहा कि दादा परशुराम ने उन क्षत्रीय का वध किया, जो धर्म के विरुध थे।
माता-बहनों पर अत्याचार करते थे। ऐसे आतताईयों का अंत करके धर्म की स्थापना की।उन्होंने कहा कि शास्त्र और शास्त्र में ज्यादा अंतर नहीं है। सिर्फ एक डंडे का अंतर है। रामचरित्र मानस में हनुमान शास्त्र और अंगद शस्त्र हैं। वर्तमान में भारतीय हिंदूओं को भी शस्त्र और शास्त्र दोनों की आवश्यकता है। सनातनियों को भी दोनों की आवश्यकता है। माला और भले की। भाला मारने के लिए नहीं आत्मरक्षा के लिए। हमारे तो देवी और देवता माला और भाला रखते है।
शास्त्री ने कहा कि भोपाल में जल्द ही कथा करेंगे। आप भव्य और दिव्य कथा की तैयारी करो। उन्होंने कहा कि संकल्प वहीं पुराना है। बालाजी ने चाहा और सनातनी जागे तो भारत हिंदू राष्ट्र होगा। आज सर्व समाज के लोगों ने एक साथ आकर परशुराम के दर्शन किए। मध्य प्रदेश में ऐसे की एकता रहे। जाति की वैमनस्ता ना रहे। हम सब हिंदूओं को एक होना पड़ेगा।
ऑनलाइन बुकिंग होगी अब महाकाल के जलाभिषेक के लिए
22 Apr, 2023 04:30 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
भोपाल । दुनिया भर में प्रसिदध् उज्जैन के ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में भगवान महाकाल के जलाभिषेक के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग भी प्रारंभ हो गई है। इसके लिए भक्तों को 750 रुपए का ऑनलाइन टिकट बुक कराना होगा। अब तक दर्शनार्थियों को यह टिकट प्रोटोकाल कार्यालय से आफलाइन काउंटर से मिल रहे थे। दर्शनार्थियों को 24 घंटे पहले टिकट बुकिंग कराना होगी। मंदिर प्रशासक संदीप कुमार सोनी ने बताया भक्तों को प्रतिदिन सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक गर्भगृह से भगवान महाकाल के दर्शन कराए जाएंगे। कोई भी व्यक्ति 750 रुपये का आनलाइन टिकट खरीदकर गर्भगृह से भगवान के दर्शन कर सकता है। यह व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है, इस व्यवस्था से दर्शनार्थियों को घंटों टिकट काउंटरों पर खड़े नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने स्लाट के समय पर मंदिर पहुंचें तथा टिकट चेक कराकर सुगमता से दर्शन कर घर लौटेंगे।दर्शनार्थियों को 24 घंटे पहले आनलाइन टिकट लेना होगा तथा उसकी प्रिंट निकलवाकर मंदिर आना होगा। मंदिर के 4 नं.गेट पर टिकट चेक होने के बाद उन्हें मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा।