छत्तीसगढ़ (ऑर्काइव)
राइस मिल के पास भीषण सड़क हादसा....
8 Jun, 2023 12:58 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बालोद जिले से होकर गुजरने वाले रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर ग्राम चिटौद के पास बरडिया राइस मिल पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। घटना इतनी भायनक थी कि युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए थे। यह घटना अज्ञात वाहन के कुचलने से हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुरूर थाना प्रभारी अरुण कुमार साहू ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद मृतक की शिनाख्त एक शिक्षक के रूप में हुई है।
मोखा का रहने वाला है शिक्षक
थाना प्रभारी अरुण कुमार साहू ने बताया कि मृतक की पहचान श्रवण कुमार ठाकुर पिता केजू राम ठाकुर उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम मोखा थाना भखारा के रूप में की गई है। वर्तमान में मृतक गुजराती कॉलोनी धमतरी में रहता था। दुर्घटना के बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गई। पंचनामा किया गया है। शव का पोस्टमार्टम किया गया है। थाने में मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।
केशकाल में पदस्थ है शिक्षक
थाना प्रभारी अरुण कुमार साहू ने बताया कि मृतक श्रवण कुमार ठाकुर केशकाल विकासखंड के ग्राम बनिया गांव में शिक्षक के रूप में पदस्थ था। वह अपने घर से स्कूल के कम से केशकाल गया हुआ था। जहां से वह वापस आ रहा था। रास्ते में ही राइस मिल के समीप अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी और युवक वहां से गिरकर अज्ञात वाहन के छक्के के नीचे आ गया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
बीजापुर के जंगल में सुरक्षाबलों-नक्सलियों के बीच मुठभेड़....
8 Jun, 2023 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में बुधवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। मामला बीजापुर जिले के गुंडेम के जंगल का है। दरअसल, नक्सलियों ने गश्त पर निकली सुरक्षाबलों की टीम पर गोलीबारी की। हालांकि, सुरक्षाकर्मियों ने गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
नक्सलियों के नहीं मिले शव
बता दें कि सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई के बाद नक्सली मौके से भाग खड़े हुए। बीजापुर एसपी आंजनेय वार्ष्णेय ने दावा किया है कि मुठभेड़ में दो से तीन नक्सली मारे गए या घायल हुए हैं। हालांकि, इनके शव नहीं मिले।
उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में सभी जवान सुरक्षित हैं। जिस जगह मुठभेड़ हुई, वह नक्सलियों का आधार क्षेत्र है। कुख्यात नक्सली कमांडर हिड़मा इसी क्षेत्र में सक्रिय बताया जाता है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि की।
अवैध ड्रग्स तस्करी का भांडा फूटा....
8 Jun, 2023 11:58 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
महासमुंद। छत्तीसगढ़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। उन्होंने अवैध रूप से गांजा की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की है। उन्होंने 1.25 करोड़ रुपये मूल्य का 500 किलोग्राम प्रतिबंधित ड्रग्स बरामद किया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। छ्त्तीसगढ़ पुलिस ने दो लोगो को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया है।
ट्रक में छापेमारी के दौरान बरामद हुआ ड्रग्स
छत्तीसगढ़ पुलिस ने पूरा प्लान तैयार कर इस अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया है। महासमुंद के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें ड्रग्स की अवैध तस्करी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत एक्शन मोड में आ गई। उन्होंने इसका भंडाफोड़ करने के लिए पूरा प्लान तैयार किया। पुलिस टीम ने सिंघोद पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर एक ट्रक को रोका। उन्होंने ट्रक की पूरी तरह से छानबीन की। जिसके बाद ट्रक से अवैध ड्रग्स बरामद हुआ।
दिल्ली के रहने वाले हैं दोनो आरोपी
एसपी ने कहा कि आरोपी ट्रक में छुपाकर ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान पुलिस ने 500 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये है। इस अवैध कृत्य में शामिल आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सुधीर कुमार यादव और रामकुमार शाहशंकर के रूप में हुई है।
ड्रग्स तस्करी में शामिल होने की बताई वजह
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कड़ी पूछताछ की। पूछताछ के दौरान, दोनों ने खुलासा किया कि वे कैब ड्राइवर थे और कोविड-19 महामारी के समय उन्हें नुकसान उठाना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने इस अवैध कारोबार में प्रवेश किया।
रायपुर ले जा रहे थे ड्रग्स
अधिकारी ने कहा कि आरोपी व्यक्ति ने कहा कि वह भारी मात्रा में ड्रग्स को रायपुर ले जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सड़क हादसा: हाइवा ने कई ट्रकों और कार को मारी टक्कर, कई लोग हुए घायल
7 Jun, 2023 04:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बलौदाजार जिले में बुधवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया है। भाटापारा बस स्टैंड के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने कई वाहनों की अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा की टक्कर से चार मालवाहक और एक कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। हादसे में कई लोग गाड़ियों के बीच में और नीचे दबे हुए हैं। हादसा होते देख आसपास के लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत गंभीर है।
छत्तीसगढ़ में गर्मी से मिलेगी राहत, बदलेगा मौसम का मिजाज
7 Jun, 2023 12:26 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
अरब सागर में बन रहे चक्रवात के प्रभाव से आने वाले कुछ दिनों में ही छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 10 जून के बाद से देशभर के विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही प्रदेश में भी बारिश के आसार बन रहे है। हालांकि मानसून की रफ्तार अभी भी थोड़ी धीमी है और इसके बाद ही मानसून की सक्रियता में तेजी आ सकती है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में मानसून 20 जून तक प्रदेश करना संभावित है। गौरतलब है कि अभी तक मानसून का प्रवेश केरल में भी नहीं हुआ है।
इन दिनों सुबह से ही सूरज के तेवर तीखे हो जाते है, जो दोपहर तक और ज्यादा बढ़ जाती है। सुबह दस बजे से ही धूप में चुभन शुरू हो गई है,इसके साथ ही गर्म हवाओं ने उमस में बढ़ोतरी कर दी है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।
इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। प्रदेश में सर्वाधिक गर्म सक्ती रहा, एआरजी सक्ती का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस वर्ष मार्च और अप्रैल अपेक्षाकृत राहत भरे रहे,लेकिन मई माह का दूसरा पखवाड़ा आफत भरा रहा और तपिश व झुलसाने वाली गर्मी से लोग हलाकान रहे।
मौसम विज्ञानियों से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से बुधवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की वर्षा के आसार बने हुए है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा।
दूरस्थ इलाकों में नए कालेज खुलने से आसान हुई उच्च शिक्षा की राह
7 Jun, 2023 12:21 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
पहले जिन क्षेत्रों में उच्च शिक्षा पाने के लिए विद्यार्थियों को मीलों चलना पड़ता था, आज वहां नवीन महाविद्यालय के बन जाने से उच्च शिक्षा की राह बेहद आसान हो गई है। आवापल्ली, कुआकोंडा, तोंगपाल जैसे दुर्गम क्षेत्रों में अब महाविद्यालय खुल चुके हैं। राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए महाविद्यालयों में प्रवेश लेने की आयु सीमा समाप्त कर दी है। इससे किसी कारणवश पढ़ाई बीच में ही छूट चुके लोगों को अपनी पढ़ाई पूरी करने के लिए एक अच्छा अवसर मिला है।
महाविद्यालयों में अधोसंरचना का विकास और अध्ययन-अध्यापन के लिए संसाधनों में बढ़ोतरी हो रही है, इससे प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या में भी वृद्धि हो रही है। वर्ष 2018-19 की तुलना में 2022-23 में 48 प्रतिशत छात्र बढ़ गए। कालेज में पढ़ने वाले छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पिछले चार वर्षों में 33 नवीन शासकीय महाविद्यालय खोले गए और 76 अशासकीय महाविद्यालय प्रारंभ हुए। 27 विषयों में 1384 रिक्त पदों के लिए भर्ती जारी की गई थी, जिसमें से 1167 अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए जा चुके हैं।
अधोसंरचना एवं संसाधनों की बढ़ोतरी होने की वजह से राज्य के कालेजों की एक नई पहचान बन रही है। एजुकेशन वर्ल्ड आटोनामस कालेज रैकिंग 2023-24 में छत्तीसगढ़ के छह कालेजों को टाप 100 में जगह मिली है। शासकीय वीवायटी महाविद्यालय दुर्ग टाप 10 में नौवें स्थान पर है। बिलासपुर के शासकीय बिलासा कन्या महाविद्यालय को 14वीं रैंक, ई. राघवेन्द्र राव विज्ञान महाविद्यालय को 19वीं रैंक, शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव को 34वीं रैंक, राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर को 42वीं रैंक और शासकीय नागार्जुन विज्ञान महाविद्यालय रायपुर को 54वीं रैंक प्राप्त हुई है। गौरतलब है कि शैक्षणिक सत्र के दौरान ही सात मार्च को यूजीसी ने नेक ग्रेडिंग के संदर्भ में ट्वीट करके जानकारी दी, जिसमें छत्तीसगढ़ का स्थान पहला है।
उच्च शिक्षा में लड़कियों को प्रोत्साहन देने के लिए किया जा रहा है। वर्ष 2018-19 में जहां 91,982 छात्रों की तुलना में 1,34,391 छात्राओं ने प्रवेश लिया। वहीं 2022-23 में यह संख्या बढ़कर छात्रों की संख्या 1,28,310 एवं छात्राओं की संख्या 2,06,829 हो गई है। जो कि छात्रों की तुलना में छात्राओं की संख्या 61 प्रतिशत अधिक है।
वन विभाग की छापेमारी में छह तस्कर हुए गिरफ्तार....
7 Jun, 2023 12:16 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह वन्य जीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में बाघ की खाल, चार जिंदा मोर तथा बड़ी मात्रा में तेंदुआ, भालू, मोर के अवशेष बरामद किए हैं। इसके अलावा विभाग ने शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार भरमार बंदूक, तीर-कमान, जाली, बरामद भी किए हैं। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़-ओडिशा की बार्डर पर एंटी पोचिंग टीम उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व गरियाबंद एवं वन परिक्षेत्र खरियार ओडिशा के स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से कार्यवाही की गई है।
रेजवानों पर नक्सलियों ने की फायरिंग....
7 Jun, 2023 12:13 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर-सुकमा बार्डर पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर आ रही है। खबरों के अनुसार पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ दो घंटे से जारी है। हालांकि इस मुठभेड़ की अभी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार कोबरा बटालियन के जवान बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर सर्चिंग पर निकले थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। नक्सलियों की ओर से गोलीबारी के जवाब में सुरक्षा बल के जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ अभी भी जारी है।
बतादें कि हाल ही में नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। पोलित ब्यूरो सदस्य कटकम सुदर्शन की हार्ट अटैक से मौत हो गई है, जिसको लेकर नक्सलियों ने एक प्रेसनोट जारी कर जानकारी दी है। कोरोना के बाद से लगभग आधा दर्जन नक्सली नेताओं की अलग-अलग बीमारी से मौत हो गई है। पहले नक्सली नेता रमन्ना की मौत हुई थी फिर अब पोलित ब्यूरो सदस्य सुदर्शन की मौत हो गई है।
नक्सली नेता कटकम सुदर्शन काफी लंबे समय तक तेलंगाना व छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहा। कटकम सुदर्शन पर 17 केस रजिस्टर दर्ज हैं। सूत्रों की माने तो वो ताड़मेटला घटना में भी शामिल था। जिसमें सीआरपीएफ के 76 जवान बलिदान हुए थे। सुदर्शन पिछले कई सालों में अलग-अलग घटनाओं में भी शामिल रहा। सुदर्शन को झीरम कांड का भी सूत्रधार माना जाता है।
पटावारियों की हड़ताल को अधिवक्ताओं का समर्थन, 23 दिनों से जारी है हड़ताल
6 Jun, 2023 04:44 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में चल रही पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में अब अधिवक्ता संघ भी आ गया है। मंगलवार को अधिकक्ता संघ के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और पटवारियों के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही कहा कि, पटवारियों की मांग जायज है। उसे सरकार जल्द से जल्द पूरा करे। पटवारी अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर 23 दिनों से हड़ताल पर हैं।प्रदेश में पटवारियों का हड़ताल 15 मई से जारी है। अधिवक्ता संघ ने पटवारियों की सभी मांगों को जायज बताया है। कहा कि, न्यायालय से संबंधित बहुत सारे प्रकरण हैं, जिन पर पेशियां लंबित है।
पटवारियों का प्रतिवेदन नहीं आने की वजह से उन पर फैसले लटके हुए हैं। अभी स्कूली बच्चों का एडमिशन का समय है। जिसमें जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र की आवश्यकता होती है।अधिवक्ता संघ ने कहा कि, किसानों को खाद बीज ऋण नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रजिस्ट्री या प्रशासनिक कार्य हो वो सभी हड़ताल से लटके हुए हैं। आम जनता परेशान है। सभी का काम रुका हुआ है। ऐसे में शासन को चाहिए कि पटवारियों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करे। बहुत से पटवारी 30 साल से एक ही पद पर पदस्थ हैं। उनका प्रमोशन लंबित है।
आवासीय भवन के 8वें फ्लोर से गिरकर युवती की मौत
6 Jun, 2023 04:38 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर | राजधानी रायपुर में एक आवासीय भवन के 8वें फ्लोर से गिरकर एक युवती की मौत होने की खबर सामने आ रही है। बिल्डिंग परिसर में युवती का शव मिला है। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मामले में परिजन धक्का दिए जाने की आशंका जता रहे हैं। बहरहाल, यह हादसा है या हत्या ये तो पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना पंडरी थाने क्षेत्र की है।
बताया जाता है कि पॉम विलाजा बिल्डिंग के 8वें माले से युववी गिर गई। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कुछ लोगों का ये भी कहना है कि युवती काम करते वक्त फिसल गई होगी। युवती की पहचान भोली बघेल 24 वर्ष के रूप में हुई है। वह फ्लैट में नौकरानी का काम करने जाते थी। इस घटना को लेकर उसके परिजनों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले में पुलिस से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
खरीफ सीजन में जैविक खाद और कीटनाशक का अधिक से अधिक करें उपयोग : CM भूपेश बघेल
6 Jun, 2023 11:45 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों से आगामी खरीफ सीजन में खेती-किसानी में जैविक खाद और जैविक कीटनाशक का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि गोधन न्याय योजना के तहत गौठनों में जैविक खाद और जैविक कीटनाशक महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे हैं। गौठनों में ये उत्पाद भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। इनके उपयोग से जमीन की उर्वरता बढ़ेगी और खेती की लागत भी कम होगी।
मुख्यमंत्री बघेल सोमवार को अपने निवास कार्यालय में गोधन न्याय योजना के हितग्राहियों को राशि के ऑनलाइन अंतरण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि आने वाले मानसून में ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण करें और अपने गांव, गौठान, खेतों और जंगलों को खूब हरा-भरा बनाएं। मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, कृषि उत्पादन आयुक्त डॉ कमलप्रीत सिंह, नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी योजना के नोडल अधिकारी डॉ अयाज तंबोली, संचालक कृषि रानू साहू भी कार्यक्रम में उपस्थित थीं।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में गोधन योजना के हितग्राहियों के खाते में ऑनलाइन 21.31 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इस राशि में 16 मई से 31 मई तक गौठानों में क्रय किए गए गोबर के एवज में ग्रामीण पशुपालकों 4.91 करोड़ रूपए तथा गौठान समितियों को 8.98 करोड़ एवं स्व-सहायता समूहों को 6.29 करोड़ रुपए की लाभांश राशि और गौठान समितियों ने अध्यक्षों और सदस्यों के मानदेय की 1.13 करोड़ रुपए की राशि शामिल है।
विशेष अदालत ने कोयला घोटाला मामले में ईडी की चार्जशीट पर लिया संज्ञान
6 Jun, 2023 11:40 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर की एक विशेष अदालत ने सोमवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की दो चार्जशीट का संज्ञान लिया। इसमें कोयले, लोहे की छर्रों और अन्य लेखों की आवाजाही पर अवैध उगाही का आरोप लगाया गया था। इस बात की जानकारी एजेंसी की ओर से दी गई है।
ईडी ने कहा, छत्तीसगढ़ के कोयला लेवी उगाही घोटाले में व्यवसायी सूर्यकांत तिवारी और सौम्या चौरसिया के कोयला कार्टेल के खिलाफ जांच की जाएगी।ईडी ने कई जगह तलाशी ली और अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और विशेष अदालत (पीएमएलए) रायपुर में सूर्यकांत तिवारी, सौम्या चौरसिया, समीर विश्नोई आईएएस और अन्य के खिलाफ अभियोजन पक्ष की दो शिकायतें दर्ज की हैं। एजेंसी की ओर से एक अधिकारिक बयान जारी कर बताया गया है।
ईडी के अनुसार, एक जांच के बाद, यह पाया गया है कि इस जबरन वसूली रैकेट में 540 करोड़ रुपये के अपराध की आय अर्जित की गई थी और इसका उपयोग राजनीतिक खर्च, बेनामी संपत्ति के निर्माण और अधिकारियों को रिश्वत देने के लिए किया गया था। ईडी ने 220 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क की थी। फिलहाल, मामले की आगे की जांच चल रही है।
राम वनगमन पर्यटन परिपथ देखने पूरी दुनिया आएगी छत्तीसगढ़: अमरजीत भगत
6 Jun, 2023 11:36 AM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर । सरगुजा जिले के ऐतिहासिक रामगढ़ की पहचान अनेक रूपों में की जाती है। राम वनगमन पर्यटन परिपथ में शामिल रामगढ़ में विश्व की प्राचीन नाट्यशाला है। यहां रामगढ़ की पहाड़ियां महाकवि कालिदास के खंडकाव्य मेघदूत की प्रेरणा हैं। इस प्राचीन स्थल के महत्व को उल्लेखित करने और सुरम्यता का आनंद लेने यहां रामगढ़ महोत्सव मनाया जाता हैं। आषाढ़स्य प्रथमदिवसे यानी आषाढ़ माह के प्रथम दिवस प्रतिवर्ष रामगढ़ महोत्सव मनाया जाता है। इसी कड़ी में 4 जून रविवार को दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कार्पोरेशन अध्यक्ष और लुण्ड्रा विधायक डॉ प्रीतम राम द्वारा की गई।
इस अवसर पर मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि भगवान राम के वनवास के दौरान उनके चरण हमारे छत्तीसगढ़ में पड़े। हमारा सौभाग्य है कि यह भगवान राम का ननिहाल भी है। माता कौशल्या का मायका है। चंदखुरी में उनका मंदिर बनाया गया है। मैं यहां की भूमि को प्रणाम करता हूं। रामगढ़ का महत्व धार्मिक ही नहीं, विश्व की महत्वपूर्ण धरोहर के रूप में भी है। यहां सीताबेंगरा और जोगीमारा की गुफाओं के साथ विश्व की प्राचीन नाट्यशाला भी है। यह महाकवि कालीदास की अद्भुत रचना मेघदूत की यह रचना स्थली है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि शासन द्वारा पुरानी धरोहर को संरक्षित कर स्थापित करने का काम किया जा रहा है। राम वनगमन पर्यटन पथ के विकसित होने के बाद पूरी दुनिया छत्तीसगढ़ को देखने आएगी। उन्होंने रामायण के प्रसंगों का उल्लेख किया। नदी पार करते हुए भगवान राम से केंवट राजा की भेंट और भगवान राम का छोटे भाई भरत के प्रति प्रेम का उल्लेख किया। भगवान राम ने वनवास के दौरान जिस मार्ग से छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया और समय बिताया, वह सीतामढ़ी हरचौका से शुरू होता है और सुकमा तक जाता है। भगवान राम के कदम जहां जहां पड़े, उसे पर्यटन परिपथ के रूप में विकसित किया जा रहा है।
गौठानों में आजीविकामूलक गतिविधियों से जुड़ कर महिलाएं बढ़ रहीं हैं स्वावलम्बन की ओर
5 Jun, 2023 11:00 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
रायपुर : महोरा तथा रजौली गौठान में दीदियों ने मुर्गीपालन कर गढ़ी सफलता की कहानीशासन की महत्वकांक्षी नरवा, गरुवा, घुरवा और बाड़ी योजना के तहत गौठानों में आजीविका गतिविधियों से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में अग्रसर हुई हैं। आज ये महिलाएं घरेलू कामकाज के साथ उत्साह और लगन के साथ आजीविकामूलक कार्यों को भी कर रहीं हैं। कोरिया जिले के गौठानों में विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है, जिनमें मुर्गीपालन का कार्य कर लाभ कमा महिलाएं अपनी सफलता की कहानी गढ़ रही हैं।
जिला प्रशासन के सहयोग से जिले के गौठानों में समूह द्वारा मुर्गीपालन किया जा रहा है। विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के ग्राम गौठान महोरा में स्वयं सहायता समूह की दीदियां मुर्गी पालन कर अण्डा विक्रय से अच्छा लाभ कमा रहीं हैं। समूह की सदस्य इन्द्रमणी दीदी बताती हैं कि एक वर्ष पूर्व आजीविका के रूप में उन्होंने यह कार्य प्रारंभ किया। अभी तक इनके द्वारा कुल 2 लाख रुपए से अधिक का अण्डा विक्रय किया जा चुका हैं जिससे शुद्ध 40 हजार रूपये का लाभ अर्जन हो चुका है और वर्तमान में उनके द्वारा अण्डा उत्पादन का कार्य सतत् रूप से किया जा रहा है।
इन्द्रमणी दीदी प्रेरणा स्त्रोत के रूप में अपने समूह की दीदियों को आजीविका गतिविधि करने हेतु प्रेरित कर रही है और अब खुद सक्षम होने के साथ-साथ अपने परिवार की आय में योगदान दे रही है। इसी प्रकार विकासखण्ड सोनहत के ग्राम गौठान रजौली की ज्वाला महिला स्व सहायता समूह की संगीता दीदी ने गत जनवरी माह से 10 हजार की लागत से गौठान में कड़कनाथ मुर्गी पालन का कार्य शुरू किया था और आज उन्होंने ने 20 हजार से अधिक का विक्रय कर लिया है। उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से सक्षम होना वास्तव में सुखद अनुभूति है, प्राप्त आमदनी को उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में निवेश किया और घर की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में उपयोग किया है।
जून माह के अंत तक सड़कों के संधारण का कार्य पूर्ण किया जाए - लोकनिर्माण एवं प्रभारी मंत्री साहू
5 Jun, 2023 10:45 PM IST | GRAMINBHARATTV.IN
कोरिया : लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आज कोरिया तथा मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि अधिकारी निरंतर जिले का भ्रमण करें शासकीय योजनाओं का जमीनी रूप से क्रियान्वयन की समीक्षा करें। यह प्रयास करें कि आम जनता को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिलें। सड़कों की स्थिति के सम्बंध में पीएमजीएसवाई तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि जून माह के अंत तक सड़कों के संधारण कार्य पूर्ण कर लिया जाए।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कोरिया तथा एमसीबी जिले के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली
प्रभारी मंत्री ने बैठक में कहा कि जिला कलेक्टर प्रत्येक साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा । राजस्व अधिकारी नामांतरण सीमांकन के प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण की कार्यवाही करें। लम्बित प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाएं, जिससे आमजन को लाभ हो। मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान की समीक्षा करते हुए उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। गोधन न्याय योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिले में स्वावलंबी गौठानो की जानकारी ली तथा आजीविका गतिविधियां बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। इसी तरह उन्होंने लोक निर्माण विभाग, खनिज, श्रम, उद्योग, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, पंचायत सहित विभिन्न शासकीय विभागों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कोरिया तथा एमसीबी जिले के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली
प्रभारी मंत्री ने कोरिया मिलेट्स कैफे की कि सराहना,दीदियों का किया उत्साहवर्धन-
इस दौरान प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू कोरिया मिलेट्स कैफे पहुंचे। उन्होंने कैफे में पहुंचते साथ ही कैफे की खूबसूरती की तारीफ करते हुए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कैफे का संचालन कर रही दीदियों से चर्चा की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। मिलेट्स व्यंजनों में उन्होंने किनवा उपमा, कोदो की खीर, रागी का चीला, ज्वार गुलाब जामुन, मिलेट्स लस्सी तथा अन्य व्यंजनों का स्वाद लिया।
मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कोरिया तथा एमसीबी जिले के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली
इस दौरान सरगुजा विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष एवं भरतपुर-सोनहत विधायक गुलाब कमरो एवं मनेन्द्रगढ़ विधायक डॉ. विनय जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रेणुका सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी, नगरनिगम चिरमिरी महापौर कंचन जायसवाल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि, कोरिया जिले के कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, एमसीबी कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा, पुलिस अधीक्षक कोरिया त्रिलोक बंसल, पुलिस अधीक्षक एमसीबी सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ डॉ आशुतोष चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अमले के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।